पीएम सूर्य घर योजना को लेकर बर ग्राम पंचायत में जागरूकता संगोष्ठी, ग्रामीणों को सोलर ऊर्जा अपनाने का आह्वान

IMG-20260314-WA0007

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

घोरावल (सोनभद्र)। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को लेकर घोरावल विकास खंड के ग्राम पंचायत बर में सोमवार को एक प्रभावशाली जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन तेजस्वी किसान मार्ट के तत्वावधान में किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं, ग्रामीणों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के महत्व, योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी तथा इससे होने वाले आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों के प्रति जागरूक करना था। संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने ग्रामीणों को बताया कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली की बढ़ती लागत से राहत दिलाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कुंज बिहारी ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद ई. प्रकाश पाण्डेय, संस्थापक तेजस्वी संगठन न्यास ने उपस्थित ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से आम लोगों को अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप लगवाने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार सोलर पैनल लगाने पर आकर्षक सब्सिडी दे रही है, जिससे कम लागत में स्वच्छ और सस्ती बिजली प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि घरों में स्थापित सोलर पैनल से अतिरिक्त बिजली उत्पन्न होती है, तो उसे विद्युत ग्रिड में भेजकर आय भी अर्जित की जा सकती है। इससे ग्रामीणों को दोहरा लाभ मिलेगा—एक ओर बिजली बिल में भारी कमी आएगी और दूसरी ओर अतिरिक्त आय का स्रोत भी विकसित होगा।
ई. प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि तेजस्वी किसान मार्ट के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को योजना की पूरी जानकारी देने, आवेदन प्रक्रिया में सहायता करने तथा सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने गांव को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।
संगोष्ठी में मौजूद वक्ताओं ने सौर ऊर्जा के उपयोग से होने वाले दीर्घकालिक लाभों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पूरी तरह स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का स्रोत है, जिससे पर्यावरण प्रदूषण कम होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर प्रभास द्विवेदी, कोषाध्यक्ष तेजस्वी संगठन न्यास, चंद्रावती देवी, सोलर सखी तेजस्वी संगठन न्यास, प्रमोद कुमार मिश्रा, निर्देशक धृतिसन एनर्जी, मनोज जायसवाल, दीपक गुप्ता तथा संतोष कुमार सिंह, निर्देशक जिला सहकारी बैंक मीरजापुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों को योजना की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा सोलर पैनल स्थापना से होने वाले दीर्घकालिक आर्थिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। संगोष्ठी के अंत में ग्रामीणों ने योजना के प्रति उत्साह दिखाते हुए सौर ऊर्जा को अपनाने का संकल्प लिया।

About the Author

Leave a Reply