जंगल की पहाड़ी पर मिली रहस्यमयी महिला की लाश चोपन में मचा हड़कंप पहचान अब तक बनी पहेली

IMG-20260404-WA0017

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब जंगल की एक सुनसान पहाड़ी पर अज्ञात महिला का शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई। इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।सूचना मिलते ही चोपन पुलिस तत्काल हरकत में आई। थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके में गहन छानबीन की, लेकिन शुरुआती जांच में मृतका की पहचान से जुड़ा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
बताया जा रहा है कि जहां शव मिला, वह इलाका काफी सुनसान और जंगलों से घिरा हुआ है, जिससे यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण को लेकर अलग-अलग पहलुओं पर पड़ताल जारी है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कोई इसे आपराधिक वारदात बता रहा है तो कोई इसे किसी साजिश से जोड़कर देख रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ठोस साक्ष्य के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि मृतका की पहचान हो सके। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें।

About the Author

Leave a Reply