तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा, सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी की बंगाल, असम और पांडिचेरी में प्रचंड जीत की गूंज अब ओबरा तक सुनाई दी, जहां जीत का जश्न कुछ अलग ही अंदाज में मनाया गया। ओबरा मण्डल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऐसा उत्साह दिखाया कि पूरा क्षेत्र ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूम उठा।
मण्डल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य रोड शो में समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। वीआईपी गेस्ट हाउस से सुभाष तिराहे तक निकाले गए विजय जुलूस में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में झंडे लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय श्रीराम” के नारों से माहौल को जोश से भर दिया। जुलूस का सबसे खास और चर्चित पल तब देखने को मिला, जब सुभाष तिराहे पर डीजे की धुन पर खुद मंत्री संजीव गौंड थिरक उठे। उनके ठुमकों ने कार्यकर्ताओं में दोगुना उत्साह भर दिया और पूरा माहौल जश्न में डूब गया। यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
मंत्री ने इस मौके पर कहा कि भाजपा की यह जीत देश की जनता के विश्वास का प्रतीक है और आने वाले चुनावों में भी पार्टी पूरे देश में कमल खिलाने का काम करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर एनडीए पूरे देश में विजय पताका फहराएगा।
मिठाइयां बांटकर जताई खुशी
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे रोड शो के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
शपथ ग्रहण समारोह भी बना खास
इसी अवसर पर राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासदों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। एसडीएम ने उमेश सिंह पटेल, सतीश पाण्डेय और मनोज सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्री संजीव गौंड ने सभी नव-निर्वाचित सभासदों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस आयोजन में आलोक भाटिया, विशाल गुप्ता, हेमलता, सुनीता पाण्डेय, पंकज गौतम, संदीप सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विकास सिंह, सुनील सिंह, सरिता सिंह, दशरथ शुक्ला, अमित मित्तल, उमेश शुक्ला और मीडिया प्रभारी शिशिर शर्मा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






