तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)
-कोन ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था बदहाल, लोगों में नाराजगी
कोन(सोनभद्र)।कोन ब्लॉक के अति पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल इंडिया को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगाए गए बीएसएनएल मोबाइल टावर अब लोगों की परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है, जिससे संचार व्यवस्था ठप हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार स्थिति बिल्कुल वैसी हो जाती है जैसे तेज हवा में डीटीएच का सिग्नल बाधित होने पर टीवी स्क्रीन पर “नो सिग्नल” दिखाई देता है। नेटवर्क बाधित होने से ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग सेवा, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा इंटरनेट आधारित कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि चांची कला, चांची खुर्द, नकतवार, रानीडीह, पोखरिया, पिंडारी, चन्नी और चकरिया गांवों में बीएसएनएल के मोबाइल टावर लगाए गए हैं, लेकिन नेटवर्क की गुणवत्ता बेहद खराब है। कई बार घंटों तक कॉल और इंटरनेट सेवा बंद रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा डिजिटल इंडिया का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर नेटवर्क व्यवस्था कमजोर होने से यह सपना अधूरा नजर आ रहा है। लोगों ने बीएसएनएल प्रशासन से टावरों की तकनीकी जांच कर नेटवर्क व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर बीएसएनएल एसडीओ सोनभद्र से सेलफोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ बता रहा था, जिससे उपभोक्ताओं में और अधिक नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित विभाग के खिलाफ सामूहिक शिकायत और प्रदर्शन किया जाएगा।






