सरकारी अस्पताल की जगह निजी क्लिनिक पहुंची प्रसूता, ऑपरेशन के बाद मौत से बवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। कोन क्षेत्र में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया। जांच में एक निजी अस्पताल के बिना वैध अनुमति संचालित होने की पुष्टि होने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया, जबकि संचालक के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना सिंगा गांव निवासी सीमा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर पहले कचनरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां से चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन रेफर किया गया। आरोप है कि रास्ते में एम्बुलेंस कर्मियों द्वारा उन्हें निर्धारित सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और उपचार के बीच उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले के तूल पकड़ने पर अस्पताल से जुड़े चिकित्सकीय कर्मी मौके से अनुपस्थित पाए गए।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और वैध पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की गई।प्रशासन ने अस्पताल संचालक नसीम अहमद के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में बिना अनुमति संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment