प्राथमिक विद्यालय बीजपुर कॉलोनी में शिक्षिका की उपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)
बीजपुर शांतिनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय बीजपुर कॉलोनी में शनिवार सुबह शिक्षिका की उपस्थिति को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय का निर्धारित समय सुबह 9 बजे है, लेकिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक शिक्षिका प्रियंका विद्यालय नहीं पहुंची थीं।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में तैनात दो शिक्षिकाओं में नंदनी अवकाश पर थीं, जबकि दूसरी शिक्षिका प्रियंका निर्धारित समय के बाद विद्यालय पहुंचीं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में समय से पहुंचने को लेकर समस्या लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि विद्यालय के आसपास रहने के बावजूद शिक्षिका समय पर नहीं पहुंचती हैं।
जब शिक्षिका प्रियंका से देरी से पहुंचने का कारण पूछा गया तो उन्होंने बारिश होने की वजह से देर होने की बात बताई। हालांकि ग्रामीणों का सवाल है कि बारिश के दौरान बच्चे विद्यालय कैसे पहुंचे, जबकि शिक्षिका के देर से पहुंचने का कारण बारिश बताया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में शिक्षिका के आने-जाने का समय नियमित नहीं रहता है, जिससे पढ़ाई और विद्यालय की व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था नहीं होने और नियमित निगरानी की कमी को भी ग्रामीण समय पालन में लापरवाही का कारण मान रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से विद्यालय में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

Leave a Comment