तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप पाल
हनुमानगढ़ – राजस्थान
पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में जिला कलक्टर नथमल डिडेल अपने निवास से साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। जिला कलेक्टर ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि कोरोना की प्रथम और द्वितीय लहर के दौरान ये आवश्यकता महसूस हुई कि लोगों का शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा होना जरूरी है। फेफड़े भी मजबूत होने चाहिए। इसके लिए शारीरिक व्यायाम जरूरी है। लिहाजा वे खुद सोमवार से शुक्रवार तक एक से डेढ़ घंटा पैदल घूमते हैं और शनिवार और रविवार को साइकिल चलाते हैं ताकि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहा जा सके। जिला कलेक्टर ने बताया कि इतनी शारीरिक मेहनत से प्रशासनिक कार्य भी दक्षता के साथ कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो भी साइकिल से ऑफिस आते हैं। कलेक्ट्रेट या जिले के अन्य प्रशासनिक स्टाफ को साइकिल से ऑफिस आने या अन्य निर्देश को लेकर उन्होंने बताया कि स्टाफ को हम फोर्सफुली नहीं कह सकते लेकिन धीरे-धीरे लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रहे हैं।






