तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप पाल
हनुमानगढ़ – राजस्थान
पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर में ढाई सौ औषधीय पौधे लगाए
जिला कलेक्टर और नगर परिषद चेयरमैन के मुख्य आतिथ्य में हुआ पौधरोपण कार्यक्रम
जिला कलेक्टर नथमल डिडेल और नगर परिषद चेयरमैन गणेश राज बंसल के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर में ढाई सौ औषधीय पौधे लगाए गए। इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन ने एक समर्सिबल वहां लगाने की घोषणा की ताकि पौधों को पानी दिया जा सके।
जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि संत निरंकारी मंडल हनुमानगढ़ शाखा के सहयोग से यह पौधरोपण किया गया है। जिसकी सार संभाल अगले 3 वर्ष तक संत निरंकारी मंडल की टीम के द्वारा किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि पौधरोपण अभियान के अंतर्गत जिले में प्रत्येक व्यक्ति अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। पौधों की संतान के समान देखभाल करने पर हमें इसके भविष्य में परिणाम देखने को मिलते हैं। इससे शुद्ध वातावरण मिलता है। जिला कलेक्टर ने जिले वासियों को अधिकतम पौधरोपण करने और पौधों को बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जिला कलेक्ट्रेट के कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल ने बताया पुरानी जिला कलेक्ट्रेट भवन के पीछे स्थित खाली स्थान पर जिला कलेक्टर नथमल डिडेल और नगर परिषद चेयरमैन गणेश राज बंसल के आतिथ्य में शनिवार सुबह निरंकारी सत्संग मंडल हनुमानगढ़ के सहयोग से करीब ढाई सौ औषधीय पौधे लगाने की शुरुआत की गई। इसमें सभी पौधे 6 फीट से ऊंचे लिए गए। सभी पौधे औषधीय लगाए जा रहे हैं जिनमें अर्जुन छाल, कचनार,आंवला, मोलश्री, अमलतास, हारसिंगार, गुड़हल, अकेसिया, बेलतर, करौंदा, जामुन, नीम, करंचपापड़ी, गूलर आदि के पौधे शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर नथमल डिडेल और नगर परिषद चेयरमैन गणेश राज बंसल के अलावा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल,निरंकारी सत्संग मंडल के देवराज छाबड़ा, संयोजक नारायण जीत सिंह, दलजीत दलसिंह, अशोक सोनी, दर्शन सिंह, मदनलाल, परमजीत, देवीलाल, ममता, मनदीप कौर सहित सेवादल के करीब दो दर्जन से ज्यादा वॉलिंटियर्स उपस्थित थे।






