तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप चंद्रवंशी
केतार – झारखण्ड
केतार प्रखंड क्षेत्र के केतार स्थित पंचायत सचिवालय में संचालित एकमात्र आधार कार्ड सेंटर पिछले दो माह से बंद पड़ा है. जिसके कारण यहां के सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पंचायत सचिवालय में संचालित इकलौता आधार कार्ड केंद्र बंद हो जाने के कारण दूरदराज से प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में आये बच्चे, महिलाएं एवं आम लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है. साथ ही पुनः आधार कार्ड बनाना कब शुरू होगा, इसकी जानकारी नहीं होने के कारण प्रखंड के दूरदराज के क्षेत्र से प्रतिदिन लोगों के पंचायत सचिवालय पहुंचने का सिलसिला जारी हैं. इधर आधार कार्ड बनवाने, आधार कार्ड अपडेट कराने, जन्मतिथि एवं नाम सुधार करने के लिये लोगों को प्रखंड क्षेत्र से बाहर जाना पड़ रहा है. इस संबंध में पूछने पर आधार ऑपरेटर सुशील कुमार ने बताया कि यूआईडीएआई के नई पॉलिसी के तहत डॉक्यूमेंट इरर बताने के कारण यूआईडीआई की तरफ से हमारी आईडी बंद कर दी गई है तथा स्पष्टीकरण पूछा गया है. जिसका जवाब दिया जा चुका है. इधर यूआईडीआई के डीपीओ गिरीश्वर सिंह ने कहा कि केतार ऑपरेटर का यूआईडीआई के तरफ से डॉक्यूमेंट इरर के कारण आईडी इन एक्टिवेट किया गया था. एक सप्ताह के भीतर पुन: आईडी को एक्टिवेट कर आधार कार्ड बनाना प्रारंभ करवाया जायेगा.






