तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –
उन्नाव/ब्यूरो महेंद्र राज शुक्ल
विजय रथ यात्रा की शुरुआत करने जा रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ से कानपुर तक कार से गए। उन्नाव बनी पुल से लेकर आजाद मार्ग चौराहा तक एक दर्जन स्थानों पर स्वागत के लिए कार्यकर्ता खड़े थे लेकिन चमरौली व जाजमऊ को छोड़ अखिलेश ने अपना काफिला कहीं नहीं रोका। कार का शीशा उतार कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर आगे बढ़ते गए।
अखिलेश का काफिला जिले में लगभग 10.45 पर प्रवेश किया। सपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह यादव कार्यकर्ताओं के साथ सोहरामऊ बनी पुल से उनके काफिले के साथ हो लिए। सोहरामऊ, टोल प्लाजा और नवाबगंज में सपाई उनके स्वागत के लिए फूल-माला लिए हाईवे किनारे खड़े थे लेकिन अखिलेश हाथ हिलाते आगे निकलते गए। चमरौली में सपा नेता अरुण पटेल को देख काफिला रुका और कार में बैठे-बैठे ही पटेल के सिर पर हाथ रखने के बाद आगे बढ़ गए। दही चौकी में रामबहादुर, मंडी परिषद के सामने सपा नेता सोनी सिंह परिहार अजीत सिंह बाबी, राजेश मिश्र, सदस्य विधान परिषद डा. राजपाल कश्यप, सदस्य विधानपरिषद उदयवीर सिंह, युवजन सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ब्रजेश यादव ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं रुके। जितेंद्र कुशवाहा आदि गदनखेड़ा चौराहा खड़े रह गए। आजाद मार्ग चौराहा पर स्वागत की खासी तैयारी थी लेकिन यहां भी काफिला नहीं रुका। जाजमऊ में अखिलेश ने कुछ कार्यकर्ताओं से फूल माला लीं और आगे बढ़ गए। करीब 11.35 पर उनका काफिला जाजमऊ पुल पार कर गया। इससे पार्टी नेता और कार्यकर्ता निराश दिखे। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को कानपुर पहुंचना था। देर होने की वजह से वह सीधे चले गए।
इस दरम्यान राजमार्ग पर भीषण़ जाम की स्थिति बनी रही व जनसामान्य को आवागमन संबंधी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।






