तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – नंदकिशोर गुप्ता
विंढमगंज। दुद्धी ब्लाक के धोरपा ग्राम पंचायत में केरवा नाला पर स्थापित पेयजल संयंत्र से पानी सप्लाई होने वाली पाइपलाइन का लीकेज न बनने से शनिवार को ग्रामीणों का ग़ुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पानी टंकी पर पहुंचकर अन्य पाइपलाइनों में होने वाली पेयजल आपूर्ति भी रोक दी और कहा कि बिना लीकेज ठीक कराये कोई पाइपलाइन में सप्लाई नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि करीब एक महीने पहले खेत की जुताई करने के दौरान धोरपा चौराहा एवं हुमेलदोहर की ओर जाने वाली पाइपलाइन टूट गई। इसके वजह से सैकड़ों घरों में पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र पानी की विभीषिका से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं जिम्मेदारों के द्वारा समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने से महीने भर से क्षेत्र के उपभोक्ता पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।जल निगम कर्मी विनोद गिरि ने बताया कि एक महीने पहले धोरपा चौराहे से गुजरने वाली पेयजल पाइपलाइन बीच में ही ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने के दौरान टूट गया। इसकी जानकारी भी विभागीय अधिकारियों को दिया गया लेकिन इसे आज तक ठीक नहीं किया जा सका।गिरि ने कहा कि सामग्री उपलब्ध कराये बिना इसे कैसे ठीक किया जा सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि स्थानीय इलाका छत्तीसगढ़ व झारखंड की सीमा से सटा हुआ अंतिम छोर पर स्थित है। यहां तसला और बाल्टी में दूर से पानी ढोने की परंपरा आज भी कायम है। करीब दो वर्ष पूर्व बिछाई गई नयी पाइपलाइन में केवल एक दिन ही पानी मिला। अत्यधिक कमजोर होने से पाइप पानी का दबाव नहीं झेल सका और इसमें लीकेज ही लीकेज बन गए। बाद में इसे मरम्मत कराने के बजाय इस ओर होने वाली पेयजल आपूर्ति ही बंद कर दिया गया। रामवचन गोंड़, अखिलेश यादव, राजेन्द्र यादव, अशरफी, शेषमन यादव,धन्नू, सुखेन्द्र आदि ग्रामीणों ने पाइपलाइन में हुई सभी लीकेज शीघ्र ठीक कराने की मांग की है।






