थाना प्रभारियों का बड़ा फेरबदल, एसपी अभिषेक वर्मा ने सख्ती के साथ की कार्रवाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस व्यवस्था में चुस्ती-फुर्ती लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कई थाना प्रभारियों व निरीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।जुगैल थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह को माची थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि डायल 112 प्रभारी अविनाश सिंह को जुगैल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, ट्रैफिक इंस्पेक्टर विनोद यादव को घोरावल का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन तबादलों से पुलिस प्रशासन में हलचल मची हुई है। सूत्रों का कहना है कि इस फेरबदल के पीछे उद्देश्य पुलिस तंत्र को अधिक जिम्मेदार और सक्रिय बनाना है।एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और जन शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में सक्रिय अपराधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए।जानकारी के अनुसार, जिले में कई थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों की कार्यशैली पिछले कुछ समय से पुलिस कप्तान की विशेष निगरानी में है। कुछ अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। यही कारण है कि पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थागत सुधार के लिए यह व्यापक फेरबदल किया है।पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह तो पहला चरण है, आने वाले दिनों में और भी तबादले संभव हैं। पुलिस महकमे में चर्चा है कि एसपी अभिषेक वर्मा जल्द ही प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में और बदलाव कर सकते हैं। प्रशासनिक स्तर पर की गई इस सख्त कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में सजगता बढ़ी है और आम जनता में उम्मीद जगी है कि जिले में कानून-व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।

Leave a Comment