खाना बनाते वक्त मिर्गी का दौरा पड़ने से महिला की दर्दनाक मौत डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के बाड़ी कोल बस्ती में छाया मातम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत के बाड़ी कोल बस्ती में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जिसमें खाना बनाते समय एक महिला की आग में झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, बाड़ी कोल बस्ती निवासी सविता देवी (पत्नी कृष्णा प्रसाद कोल) रोज की तरह सुबह अपने घर के रसोईघर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ गया। दौरे की वजह से वे चूल्हे के पास गिर पड़ीं और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गईं। घरवालों ने चीख-पुकार सुनकर दौड़कर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक सविता देवी बुरी तरह झुलस चुकी थीं।घटना की सूचना तत्काल डाला पुलिस चौकी और 108 एंबुलेंस को दी गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सविता देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही डाला पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, सविता देवी पिछले कई वर्षों से मिर्गी की बीमारी से जूझ रही थीं। परिवार में इस हादसे के बाद कोहराम मच गया है। ग्राम प्रधान और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment