तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र में शनिवार को समाधान दिवस के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जन समस्याओं की सुनवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने थाना चोपन में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने थाना पन्नूगंज में जनता की शिकायतें सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण किया जाना प्राथमिकता है।पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर जनता की समस्याओं की सुनवाई की। कई विवादों का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।आज आयोजित समाधान दिवस के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर कुल 99 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें पुलिस से संबंधित 12 और राजस्व से संबंधित 88 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 10 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए 12 संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।






