फ़्लोरोसिस बेल्ट में ‘हर घर नल’ बेदम! बूंद-बूंद को तरसे गांव, सड़कों पर उतरे ग्रामीण—भ्रष्टाचार के आरोपों से गरमाया सोनभद्र

IMG-20260323-WA0010

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

कोन/सोनभद्र।
जनपद के नवसृजित विकास खंड कोन में केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना ज़मीनी हकीकत में पूरी तरह दम तोड़ती नजर आ रही है। फ़्लोरोसिस प्रभावित कचनरवा और कुड़वा समेत दर्जनों गांवों में “हर घर नल” योजना अब लोगों के लिए राहत नहीं, बल्कि परेशानी और आक्रोश का कारण बन चुकी है।
वर्षों पहले पाइप लाइन बिछी, टंकियां बनीं, कनेक्शन दिए गए—लेकिन आज तक कई घरों में एक बूंद पानी नहीं पहुंचा। नतीजा यह है कि ग्रामीण आज भी नदी, नाले और दूषित स्रोतों का पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
सड़कों पर उतरे ग्रामीण, लगे मुर्दाबाद के नारे
सोमवार को कुड़वा गांव में समाजसेवी सोमारु यादव की अगुवाई में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने जल निगम और कार्यदायी संस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद न तो जलापूर्ति शुरू हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।
“नल लगे, पानी गायब”—ग्रामीणों का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार:
आधार कार्ड के आधार पर कनेक्शन तो दे दिए गए, लेकिन नलों से कभी पानी नहीं आया
पाइपलाइन की गुणवत्ता बेहद खराब है, कई जगहों पर मानकों की अनदेखी
सड़क किनारे पाइप ढककर खानापूर्ति की गई, लेकिन गांव के अंदर पानी नहीं पहुंचा
कचनरवा के असनाबांध वार्ड-3, बागेसोती के सिंगा टोला और बड़ाप गांव जैसे कई इलाके आज भी जलापूर्ति से वंचित हैं, जबकि ये क्षेत्र जलशोधन संयंत्र (WTP) के नजदीक हैं।
फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर लोग
फ्लोरोसिस प्रभावित इन इलाकों में साफ पानी की कमी ने हालात और गंभीर कर दिए हैं।
समाजसेवी बिहारी प्रसाद यादव और जवाहिर उरांव का कहना है कि—
“लोग आज भी नदी-नाले और चुहाड़ का दूषित पानी पी रहे हैं, जिससे बीमारी और मौत का खतरा बढ़ गया है।”ग्रामीणों का दावा है कि कई लोग फ्लोरोसिस की चपेट में आ चुके हैं और कुछ की जान भी जा चुकी है। “करोड़ों की योजना बनी शोपीस”—गंभीर आरोप
ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कुमार जायसवाल ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी पानी टंकी सिर्फ शोपीस बनकर रह गई
निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और धन का बंदरबांट हुआ
बार-बार शिकायत के बावजूद जांच नहीं हुई
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ट्रांसफार्मर हटाने पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कचनरवा WTP पर लगा 2500 KVA ट्रांसफार्मर हटाकर दूसरी जगह ले जाया गया, जिससे जलापूर्ति और बाधित हो गई।
हालांकि, संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सुदर्शन विंद का कहना है कि ट्रांसफार्मर “अंडर कैपेसिटी” होने के कारण हटाया गया है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इंटेकवेल (सोर्स) पर पानी की कमी है और प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
अधिकारी संपर्क से बाहर
इस पूरे मामले पर जल निगम के अधिशासी अभियंता अरुण सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
बड़ा सवाल—गर्मी में मिलेगा पानी या फिर वादों का सूखा?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि भीषण गर्मी के इस दौर में क्या इन गांवों को पीने का पानी मिल पाएगा, या फिर करोड़ों की यह योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ती रहेगी?
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

About the Author

Leave a Reply