
तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। जनपद के बिल्ली स्टेशन रोड क्षेत्र में रविवार की देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब नशे में धुत एक युवक ने देसी शराब भट्टी के पीछे स्थित बंद पड़ी गहरी खदान में अचानक छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में इधर-उधर लड़खड़ाते हुए घूम रहा था। इसी दौरान वह बंद पड़ी खदान के पास पहुंच गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसकी हरकतें देखीं तो उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, युवक अचानक खदान की ओर दौड़ा और गहरी खाई में छलांग लगा दी। युवक के नीचे गिरते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डायल 112 की टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। रात का अंधेरा और खदान की गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती बनी रही। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियां, टॉर्च और अन्य संसाधनों की व्यवस्था कर युवक की तलाश शुरू कराई।
बताया जा रहा है कि खदान काफी पुरानी और गहरी है, जिसके कारण नीचे उतरने में भी टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पूरे इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही। आसपास के लोग लगातार घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना के बाद प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि बिल्ली स्टेशन रोड के आसपास कई बंद पड़ी खदानें खुली हालत में मौजूद हैं, जहां सुरक्षा के नाम पर कोई इंतजाम नहीं है। रात के समय यहां असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने मांग की है कि बंद खदानों के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस युवक की पहचान, उसकी मानसिक स्थिति और घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर डटे रहे।






