तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय तक घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दे सकी। मामला तब सामने आया जब पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी परिजनों को हुई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस से शिकायत की गई।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी भरतलाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में ओबरा पुलिस ने ग्राम परसोई टोला गाड़ापाथर में दबिश देकर आरोपी भरतलाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।






