केतार में 36 घंटे से ब्लैकआउट, आक्रोश व्यक्त करते स्थानीय दुकानदार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप चंद्रवंशी

केतार – झारखण्ड
प्रखंड में आये दिन बिजली की आंख मिचौली से ग्रामीण जनता परेशान है. यहां स्थानीय दुकानदार से लेकर छात्र एवं किसान बिजली की किल्लत से जूझ रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों मे ग्रामीणों को बिजली कट की समस्या से हमेशा जूझना पड़ता है. मंगलवार के सुबह से ही बिजली आपूर्ति बाधित है. इसके कारण प्रखंड क्षेत्र में पिछले 36 घंटों से ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है. यहाँ विद्युत उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है. स्थानीय दुकानदार चंदन कुमार, मुन्ना चंद्रवंशी, इंदल कुमार पटेल, नवीन कमलापुरी, राहुल कमलापुरी, प्रदीप वर्मा, राहुल चंद्रवंशी, सोनू ठाकुर, अभिमन्यु विश्वकर्मा, रविंद्र मेहता आदि ने बताया कि पिछले दो दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण मोबाइल चार्ज करना भी दुर्लभ हो गया है. ऐसे में बारिश के मौसम में दो- दो दिन तक लगातार विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण एक तरफ जहां छात्रों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है. वही शाम ढलते ही हम सब ढिबरी युग में जीने को विवश हो जाते हैं. स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि हम सबों को शहरों की अपेक्षा कम बिजली मुहैया कराई जाती है. वहीं साधारण सी फाल्ट दूर करने में काफी देर तक आपूर्ति बाधित कर दी जाती है. इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता महादेव महतो ने बताया कि भागोडीह में पावर ट्रांसफार्मर ट्रिप कर गया है. इसे दुरुस्त कर जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जायेगी.।

Leave a Comment