तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा, सोनभद्र। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अपने अदम्य साहस और देशभक्ति की मिसाल कायम करने वाली वीरांगना उदा देवू पासी के शहादत दिवस पर रविवार को अखिल भारतीय पासी समाज द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ विविध सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर समाज के लोगों ने शहीद वीरांगना को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का आयोजन सोनभद्र जिले के पासी समाज के जिलाध्यक्ष प्रभा शंकर सरोज के नेतृत्व में किया गया। समाजसेवी भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में गरीब, निराश्रित एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच कड़ाके की ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण किया गया। साथ ही छोटे बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रेरित करने हेतु कॉपी, पेंसिल, रबर, टॉफी और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।जिलाध्यक्ष प्रभा शंकर सरोज ने कहा कि वीरांगना उदा देवू पासी ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने पराक्रम से 36 अंग्रेज सिपाहियों को मौत के घाट उतारकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका बलिदान न केवल पासी समाज बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज तभी प्रगति कर सकता है जब हम अपने इतिहास और नायकों के योगदान को याद रखते हुए सेवा और एकता की भावना से कार्य करें।कार्यक्रम में मौजूद सम्मानित नागरिकों जय प्रकाश पासवान, मोहम्मद इसराइल, समेत कई समाजसेवियों ने वीरांगना की शहादत को श्रद्धाश्रुंजलि अर्पित की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकता के सूत्र में पिरोते हैं तथा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का काम करते हैं।कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने वीरांगना उदा देवू पासी के पदचिह्नों पर चलने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और उपस्थित जनों ने भारत माता व वीरांगना उदा देवू पासी अमर रहें के जयकारे लगाए।






