तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – नंदकिशोर गुप्ता
विंढमगंज/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के डूमरा गांव में शुक्रवार को दोपहर में करीब एक बजे साठ वर्षीय महिला का शव देखे जाने के बाद सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक डूमरा गांव निवासी कबूतरी देवी ( 60 वर्ष ) पत्नी राम लखन भुइंया गुरुवार को दोपहर में किसी काम से बाहर निकली थी। शाम तक महिला वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने अपने आसपास उसका पता लगाया किंतु कोई भी उसके बारे में कुछ नहीं बता सका। शुक्रवार को दोपहर में मलिया नदी में मछली मारने गए कुछ युवकों ने पानी में एक महिला का शव देखा और इसकी जानकारी ग्राम प्रधान रामनाथ को दी। ग्राम प्रधान के साथ मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान डूमरा निवासी कबूतरी देवी पत्नी राम लखन भुइंया के रूप में किया। मृतक महिला के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं पाए गए। मौके पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। थाने के उपनिरीक्षक अरशद खान ने बताया कि परिजनों की ओर से इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।





