ध्वनि प्रदूषण और नियमों को चुनौती देने वालों पर पुलिस का बड़ा प्रहार

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के बाद जनपद में यातायात माह नवम्बर-2025 के दौरान एक बड़े स्तर पर सड़क सुरक्षा को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई में उन वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी गई जो यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़क पर खतरा और शोर का वातावरण पैदा कर रहे थे।अभियान के दौरान विशेष फोकस उन बुलेट मोटरसाइकिलों पर रहा जिनमें तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा था। पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को चिन्हित किया और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया।पुलिस की इस मुहिम के परिणामस्वरूप कुल 68 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। इन सभी को आज दिनांक 30 नवम्बर 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बढौली चौराहे पर जेसीबी द्वारा विधिवत नष्ट कराया गया। साइलेंसरों को नष्ट करने की यह प्रक्रिया जनता के बीच संदेश देने के उद्देश्य से खुले रूप में की गई, ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करने के महत्व को समझ सकें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कठोर कार्रवाई के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना,आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना।जनपद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वाहन में अनावश्यक मॉडिफिकेशन करना न केवल अवैध है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी बनता है। भविष्य में भी ऐसे वाहनों और चालकों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।सोनभद्र पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनधिकृत बदलावों से बचें, और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

नियम तोड़ने वालों को गुलाब और माला पहनाकर समझाया, सीओ राजेश राय की अनोखी पहल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जिले के दुद्धी में नवंबर के अंतिम सप्ताह के अवसर पर मनाए गए सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान पुलिस ने सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एक अनोखा और सकारात्मक प्रयोग किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चालान करने या किसी तरह की निंदा करने के बजाय स्थानीय पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी (सीओ) दुद्धी राजेश राय ने सम्मानित किया।सीओ राजेश राय ने स्वयं इस पहल की अगुवाई की, जिसमें उन्होंने नियम तोड़ने वालों को गुलाब का फूल और माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया। इस पहल के पीछे पुलिस का मकसद केवल दंडित करना नहीं, बल्कि लोगों के मन में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना था।सीओ राय ने बताया, “सड़क सुरक्षा सप्ताह का कार्य सिर्फ चालान काटना या सख्त कार्रवाई करना नहीं है, हमें लोगों में यह समझ बनानी है कि सफर के दौरान नियमों का पालन करना क्यों जरूरी है। जब हम उन्हें सम्मान देते हैं तो वे शर्मिंदा होने या डरे बिना खुद से सुधार करना चाहेंगे।”इस दौरान पुलिस ने नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जरूरी सावधानियों पर चर्चा की गई। इस पहल को स्थानीय जनता ने खुले दिल से स्वीकार किया है और इसे एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।स्थानीय निवासी अखिलेश मानते हैं, “पुलिस की इस तरह की पहल से वाहन चालक गलतियां सुधारने को मजबूर होते हैं। फिल्मी तरह सजा देने की जगह सम्मान मिलने पर लोग सोच-समझ कर नियमों का पालन करते हैं।”इस सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंत में पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल एक सप्ताह के लिए नहीं, बल्कि हर दिन जरूरी है। दुद्धी पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह की पहल जारी रखने का आश्वासन दिया है ताकि सड़क दुर्घटनाओं और हादसों को कम किया जा सके।यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में कारगर साबित हो रही है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे का नया सेतु भी गढ़ रही है। सुरक्षा और सम्मान के इस संगम से उम्मीद है कि दुद्धी की सड़कों पर नियम पालन की संस्कृति और मजबूत होगी।

बकरिहवा नेमना बीजपुर पिण्डारी रजमिलान में इस दिन लगेगा बिजली बिल राहत कैम्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – श्री कांत सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)सरकार के बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत नधिरा और बीजपुर उपकेंद्र से पोषित ग्रामीण क्षेत्र में 3 दिसम्बर को नेमना 5 दिसम्बर को बकरिहवा 6 दिसम्बर को नधिरा 9 दिसम्बर को बीजपुर 16 दिसम्बर बीजपुर उपकेन्द्र 20 दिसम्बर नधिरा 23 दिसम्बर रजमिलान 25 दिसम्बर खम्हरिया और 30 दिसम्बर को पिण्डारी में बिजली बितरण निगम के अधिकारियों ने राहत कैम्प कैम्प का आयोजन किया है।इस दिन सम्बन्धित उपकेंद्र के अवर अभियंता टीजीटू लाईनमैन कैम्प में मौजूद रहेंगे।उपखण्ड अधिकारी म्योरपुर शिवम गुप्ता ने बताया कि बिजली बिल बकायेदारों के लिए यह सुनहरा अवसर है।छूट योजना के अंतर्गत कैम्प में मूल बकाए पर 25% की छूट के साथ सरचार्ज और ब्याज में सम्पूर्ण माफी किया जाएगा।योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है।बकायेदार किस्तों में भी सुविधा नुसार बिल जमा कर सकते हैं।ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के समय कुछ निर्धारित धनराशि जमा कर उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेने से न चूके अन्यथा योजना के समाप्त होने पर कनेक्शन विच्छेदन के साथ बकाए बिल की वसूली के लिए अभियान चलेगा तो उपभोक्ताओं को अनावश्यक कानूनी परेशानी भी उठानी पड़ सकती है।