एनटीपीसी प्रबंधन ने महुआबारी में चस्पा किया नोटिस, 7 दिन में जवाब का निर्देश; पुनर्वास के मुद्दे पर गरमाई बहस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

प्रभावित परिवारों ने सुरक्षित पुनर्वास के बिना मकान खाली करने से किया इनकार, प्रशासन से न्यायोचित समाधान की मांग ।।

बीजपुर (सोनभद्र) एनटीपीसी रिहंद द्वारा अधिग्रहित भूमि पर बने कथित अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। मंगलवार को सिरसोती गावँ के महुआबारी में कई मकानों पर एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से नोटिस चस्पा कर संबंधित लोगों को नोटिस प्राप्त होने की तिथि से सात दिनों के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नोटिस में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।

नोटिस चस्पा होने के बाद महुआबारी में लोगों के बीच असमंजस और चिंता का माहौल है। मौके पर पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में एनटीपीसी के लॉ अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि फिलहाल संबंधित लोगों से सात दिनों के भीतर अपना लिखित जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, जब उनसे प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने इस विषय पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इससे प्रभावित परिवारों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे किसी भी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन बिना उचित पुनर्वास और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराए अपने आशियाने छोड़ना उनके लिए संभव नहीं है। उनका कहना है कि दशकों से रह रहे परिवारों के भविष्य को सुरक्षित किए बिना बेदखली की कार्रवाई मानवीय दृष्टि से उचित नहीं होगी ।
प्रभावित परिवारों ने बताया कि वे पहले भी एनटीपीसी प्रबंधन के सामने अपना पक्ष रख चुके हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी से भी हस्तक्षेप कर न्यायसंगत समाधान की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी रिहंद द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि ग्राम महुआबारी स्थित अधिग्रहित भूमि पर किए गए कथित अवैध निर्माणों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं हटा लिया जाए। अन्यथा एनटीपीसी प्रबंधन नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
नोटिस चस्पा होने से महुआबारी में विस्थापन और पुनर्वास का मुद्दा चर्चा के केंद्र में आ गया है। अब लोगों की नजरें प्रशासन और एनटीपीसी प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं। प्रभावित परिवारों को उम्मीद है कि अंतिम निर्णय से पहले उनकी समस्याओं और पुनर्वास की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

बिजली संकट से बेहाल दुद्धी: आधे घंटे का आश्वासन फेल, दिनभर अंधाधुंध कटौती जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)। प्रदेश सरकार द्वारा शेड्यूल जारी होने के बावजूद दुद्धी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अनियोजित ढंग से बाधित बनी हुई है। सोमवार की देर रात दर्जनों लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग जाम कर दिए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हल्की बूंदाबांदी में भी कस्बा सहित आस-पास के क्षेत्रों में बिजली 36 से 40 घंटे तक नहीं रही, जिससे लोग बेहाल हो गए हैं।
सूचना मिलने पर एसएसआई संजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बात की और बिजली विभाग के स्थानीय कर्मियों से स्थिति का जायज़ा लिया। लोगों को आश्वस्त करते हुए एसएसआई संजय सिंह ने आधे घंटे में बिजली बहाल करने का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम खोल दिया।
लेकिन एसएसआई के आधे घंटे के आश्वासन के बाद भी बिजली नहीं आई। बिजली देर रात 12 बजे के बजाए तड़के सुबह आई और लगभग एक घंटे बाद फिर चली गई। उसके बाद पूरे दिन अंधाधुंध कटौती जारी रही, जिससे लोगों की परेशानियाँ बढ़ती रही।
भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इन दिनों गर्मी और उमस बढ़ी हुई है और विभाग द्वारा बिजली की अंधाधुन कटौती की जा रही है। जब शिकायत की जाती है तो फाल्ट का हवाला दिया जाता है या रोस्टर की बात कही जाती है। दिन में बिजली कटती ही रहती है, लेकिन रात के समय कटौती और बढ़ जाती है और इससे नींद अधुरी रह जाती है। लगातार कटने से पंखे-कूलर न चल पाने के कारण बच्चों और बुजुर्गों की तकलीफ बढ़ गई है।इसके अलावा जलकल की मोटरें बंद रहने से नलों पर पानी नहीं आता, लोग पानी के लिए दूर जाना मजबूर हैं।
छोटे दुकानदारों ने कहा कि फ्रिज व डीप फ्रीज़र बंद रहने से सामान बर्बाद हो रहा है और रोज़ाना की आमदनी घट गई है। ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवेल व पम्प सेट पर्याप्त समय नहीं चल पाने से खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रहे है। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि बिजली कटौती के कारण दुकानों को रोज़ाना आर्थिक झटका लग रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के फोन उठते ही नहीं और शिकायतों का कोई त्वरित निवारण नहीं हो रहा। कई बार फोन करने पर केवल आश्वासन मिलता है लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी रहती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र समाधान न हुआ तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन व अधिकारियों के घेराव की कार्रवाई करेंगे ।

सोनभद्र में दो माह बाद एक जुलाई से पुनः चलेगी नियमित कोर्ट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

•इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में एक मई से 30 जून तक चल रही थी प्रातःकालीन कोर्ट

दुद्धी सोनभद्र। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सोनभद्र की अदालतों में दो माह मार्निंग कोर्ट चल रही थी, लेकिन अब पुनः नियमित कोर्ट चलेगी। एक जुलाई बुधवार से सुबह 10 बजे से कोर्ट का संचालन शुरू हो जाएगा। जिसकी वजह से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं वादकारियों के नित्य क्रिया में एकबार फिर से परिवर्तन करना पड़ेगा जिससे शुरुआत में परेशानी होगी।
बता दें कि सोनभद्र जिले की भौगोलिक स्थिति अन्य जिलों से भिन्न है। जिसके चलते दो महीने मई और जून माह में भयंकर गर्मी पड़ती है। सोनभद्र बार एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त प्रस्ताव पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सोनभद्र में दो माह अर्थात एक मई से 30 जून तक के लिए मार्निंग कोर्ट संचालित करने का निर्देश दिया था। जिसकी वजह से प्रातः 6:30 बजे से दोपहर बाद 1:30 बजे तक मार्निंग कोर्ट चल रही थी। यह आदेश जनपद न्यायालय सोनभद्र व अधीनस्थ न्यायालयों, वाह्य न्यायालय अनपरा स्थित ओबरा, दुद्धी व ग्राम न्यायालय घोरावल पर लागू था। लेकिन अब एक जुलाई बुधवार से पुनः पहले की तरह सुबह 10 बजे से नियमित कोर्ट का संचालन होगा। इससे एकबार फिर से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व वादकारियों को अपने दिनचर्या में बदलाव करना पड़ेगा, जिससे शुरुआत में कुछ दिनों तक परेशानी होगी, बाद में सुचारू रूप से चलने लगेगा।

एनएच-39 किनारे पटरियों पर अतिक्रमण उठा, प्रशासन ने कराया अतिक्रमण मुक्तीकरण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। उपजिलाधिकारी निखिल यादव के नेतृत्व में आज कस्बे में एनएच-39 के किनारे स्थित सार्वजनिक पटरियों व नालियों पर चल रहे अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला कर अतिक्रमण हटवाया गया। नगर पंचायत कर्मचारी और कोतवाली पुलिस बल की मौजूदगी में कचहरी रोड व अन्य मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे रखे गए सामान व ठेलों को हटवाया गया।
एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि पटरियों पर कब्जा कर रहे दुकानदारों को पहले से सूचित किया गया था और उन्हें स्वयं अपने सामान हटाने के लिए कहा गया था। चेतावनी के बावजूद नहीं हटाने पर नगर पंचायत कर्मचारियों ने कार्रवाई कर सामान हटवाया। कब्जा करने वालों को फार्म भरवाकर चालान तथा आगे कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
निखिल यादव ने कहा कि नगर सीमा के भीतर सार्वजनिक मार्ग व नाली स्थल पर किए गए अवैध कब्जों को समाप्त किया गया है और यह कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने अपील की कि जो लोग सड़क और पटरियों पर अवैध रूप से कब्जा किए बैठे हैं, वे अपने आप उसे हटवा लें ताकि सड़क पर जाम और दुर्घटनाओं की घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में विस्तृत और सख्त कार्यवाही की जाएगी यदि लोग नियम नहीं मानते हैं।
कोतवाली पुलिस ने भी अभियान के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखी और आवश्यक वैधानिक नोटिस व चेतावनियाँ दीं।

दुद्धी में संयुक्त टीम की छापेमारी में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल;दो निजी अस्पताल सील

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।नगर में मंगलवार को स्वास्थ्य व्यवस्था की मौलिक किल्लतें उजागर हो गईं जब जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक कई निजी संस्थानों की औचक जांच की। जांच के बाद दो निजी अस्पतालों को आवश्यक मानकों का पालन न करने पर सील कर दिया गया।
बता दे कि पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों को तब सजग होना पड़ा जब बीते दिनों नगर में एक घायल मरीज को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे मृत अवस्था में सरकारी अस्पताल लौटाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए लगातार निजी अस्पताल की जांच और कार्रवाई जारी है ।इसी क्रम में आज मंगलवार को एसडीएम निखिल यादव, नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।
टीम ने सबसे पहले रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित समृद्धि अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां पर पाए गए हालात के मुताबिक अस्पताल पड़ोस के मरीजों को अस्थायी तौर पर इलाज दे रहा था। स्टाफ से पूछताछ के बाद कुछ लोगों को थाने ले जाया गया है और मामले की आगे जांच चल रही है।इसके बाद टीम बढ़नीनाला लौवा नदी रोड सड़क किनारे स्थित सेवा सदन अस्पताल व शिवा अस्पताल की भी कड़ी तलाशी ली गई।टीम शिवा अस्पताल पहुंची जहां कई मरीज भर्ती मिले, पर प्रशासन ने अस्पताल से किसी भी प्रकार की शिफ्टिंग या बदलाव के बारे में सूचना न मिलने पर नाराज़गी व्यक्त की। ओपरेशन थिएटर में आवश्यक मानकों की कमी पाए जाने पर ओटी को सील कर दिया गया। जांच के दौरान इंडियन बैंक के सामने स्थित एक अनधिकृत अस्पताल भी सामने आया। बाहर से ताला लगा मिला। टीम ने ताला तोड़कर अंदर जाने पर एक बच्चा भर्ती होने की जानकारी पाई। अस्पताल के अनदेखेपन पर टीम ने उस संस्थान को भी सील कर दिया।वहीं उस गरीब आदिवासी बच्चे की मां रो उठी; बच्चे को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया। एसडीएम निखिल यादव ने कहा कि सीएचसी अधीक्षक को बच्चे के बेहतर इलाज का निर्देश दे दिया गया है।
जांच दल में सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम, एसआई अमित कुमार सिंह,बीपीएम संदीप सिंह, तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी अस्पतालों में आवश्यक मानकों की समीक्षा कर नई गाइडलाइन लागू की जाएंगी ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताएँ रोकी जा सकें।

बालिका गृह में हाईकोर्ट के निर्देश पर औचक निरीक्षण 51 बालिकाओं का जाना हाल मिशन शक्ति और कचरा प्रबंधन पर चला जागरूकता अभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
राबर्ट्सगंज, माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र ने मंगलवार को बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशन में गठित निरीक्षण समिति ने राबर्ट्सगंज स्थित पूर्वासी ग्रामीण उत्थान विकास सेवा समिति द्वारा संचालित बाल गृह (बालिका) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बालिकाओं की रहन-सहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, शिक्षा और कानूनी अधिकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।निरीक्षण टीम में अपर जनपद न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) ओमकार शुक्ला तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सी.डी.) राहुल शामिल रहे। बाल गृह की अधीक्षिका नीलम सिंह एवं अन्य कर्मचारी भी निरीक्षण के समय मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बाल गृह में कुल 51 बालिकाएं आवासित हैं। इनमें 28 बालिकाएं सोनभद्र, 19 मिर्जापुर, 3 भदोही, 1 शाहजहांपुर की हैं, जबकि परिसर में 2 नवजात शिशु भी मौजूद हैं। समिति ने बालिकाओं से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि बाल गृह में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक है तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। समिति ने बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों एवं उनके अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें पॉक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, गर्भ का चिकित्सीय समापन अधिनियम, मातृत्व लाभ अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानून, पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पीसीपीएनडीटी) अधिनियम, समान पारिश्रमिक अधिनियम, हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम सहित महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े अनेक कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया।
निरीक्षण के साथ ही “मिशन शक्ति” अभियान के छठे चरण के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षिका एवं स्टाफ को निर्देशित किया गया कि बालिकाओं को समय-समय पर उनके कानूनी अधिकारों, पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह निषेध, गिरफ्तारी के दौरान महिलाओं के अधिकार तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्ययोजना 2026-27 के तहत राबर्ट्सगंज स्थित काशीराम आवास परिसर के पास कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता विषय पर भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। चीफ एल.ए.डी.सी. शमशेर बहादुर सिंह सहित लगभग 50 लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि स्वस्थ समाज ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वच्छता को अपनी आदत बनाए और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करे। लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डिब्बों में रखने की जानकारी दी गई। हरे डिब्बे में रसोई का जैविक कचरा, नीले डिब्बे में प्लास्टिक और कागज, लाल डिब्बे में बैटरी व इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट, पीले डिब्बे में मेडिकल व बायोमेडिकल कचरा तथा काले डिब्बे में धूल-मिट्टी और अन्य अनुपयोगी सामग्री डालने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि कचरे का सही प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के लिए कितना आवश्यक है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, कानून का सम्मान करें और समाज में स्वच्छता, सुरक्षा तथा महिला सम्मान को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएं। यह संयुक्त अभियान न केवल बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि आमजन को स्वच्छ और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दे गया।

जन चौपाल में पढ़ी जा रही आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की पात्रता सूची, ग्रामीणों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की पात्रता सूची जनपद सोनभद्र की ग्राम पंचायतों में जन चौपाल के माध्यम से सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई जा रही है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश के क्रम में संचालित इस प्रक्रिया का उद्देश्य योजना के अंतर्गत पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन सुनिश्चित करना है। जन चौपाल के दौरान ग्रामवासियों के समक्ष पात्रता सूची प्रस्तुत की जा रही है, जिससे प्रत्येक नागरिक सूची का अवलोकन कर सके तथा सूची में शामिल किसी भी नाम के संबंध में तथ्यात्मक आपत्ति होने पर उसे दर्ज करा सके। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जन चौपाल की कार्यवाही पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए तथा ग्रामीणों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जन चौपाल में सक्रिय सहभागिता करें तथा यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा आपत्ति हो तो उसे समयबद्ध रूप से दर्ज कराएं, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत यह पहल पारदर्शी प्रशासन, जनभागीदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

खेत जुताई में ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी। विंढमगंज थाना क्षेत्र के केवाल गांव में सोमवार को खेत मे जताई करते समय अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गई। जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक के पिता अजमेरूद्दीन अंसारी ने बताया कि मेरा बेटा बाहर काम करता था। मुहर्रम पर्व पर गांव में आया हुआ था। गांव के ही एक युवक ने अपने खेत में धान की नर्सरी के लिए जुताई करने के लिए ले गया। खेत जुताई के समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हुई और खेत में ही पलट गई। जिसमें ट्रैक्टर में दबकर मेरा मझला बेटा मुस्तफा अंसारी 35 वर्ष को कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर हटाकर निकाला गया। ग्रामीणों की मदद से युवक को सीएचसी दुद्धी लाया जहाँ चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक के पिता अजमेरूद्दीन अंसारी ने बताया कि मुस्तफ़ा के अहमद रजा9, तुफैल अंसारी7, तमन्ना 5 तीन बच्चे हैं। खेत जुताई करते समय जब ट्रैक्टर पलटा था। उस समय खेत व टैक्टर स्वामी भागा नही होता तो शायद जान बचैबीज सकती थी।

आकाशीय बिजली के चपेट में आने से महिला हुई गंभीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के नगवां गांव में सोमवार की शाम आकाशीय बिजली के चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जाता है कि सुनीता 42 पत्नी संतोष अपने घर ही काम कर रही थी। उसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने पर अचेत हो गई। परिजनों ने एम्बुलेंस से सीएचसी दुद्धी में भर्त्ती कराया जहाँ चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।

स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही सच्ची उन्नति का आधार-सीजीएम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन द्वारा भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान’ के अंतर्गत कॉलोनी परिसर में प्रत्येक रविवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कॉलोनी स्थित हाथी पार्क में सुबह सात बजे से परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक इं. अजय कुमार कटियार के नेतृत्व में वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक इं. अजय कुमार कटियार ने स्वयं श्रमदान कर कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्लांट एवं कॉलोनी परिसर को स्वच्छ,सुंदर एवं रोगमुक्त बनाना तथा नागरिकों को साफ सफाई के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने ने अधिक से अधिक लोगों से अभियान में सहभागिता करने की अपील की है।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता इं इं ज्ञानेंद्र सिंह,इं रामज्ञान सिंह,इं वेदप्रकाश विश्वकर्मा,सहायक अभियंता इं अजय सिंह,इं पंकज पांडेय,इं त्रियुगी नारायण,संगठनों के पदाधिकारियों में वीके आनंद,अभिषेक सिंह,मुकेश जायसवाल,राजकुमार सिंह,सीलियम मसीह,जितेंद्र जायसवाल,राजकुमार,प्रभाकर सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।

विंध्य‑कैमूर की “प्रभवा” में दुर्लभ वनऔषधि: दुद्धी में भव्य संगोष्ठी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।पंडित दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच के तत्वावधान में शनिवार देर शाम होटल ग्रीन स्टार, दुद्धी में “वन औषधि (जड़ी‑बूटियाँ) के संरक्षण और मानव जीवन में इसकी उपयोगिता तथा औद्योगीकरण के पर्यावरणीय प्रभाव” विषयक भव्य संगोष्ठी आयोजित की गई। मंच का संचालन महामंत्री जितेन्द्र कुमार चंद्रवंशी ने किया।
मुख्य वक्ता कन्हैयालाल अग्रहरि और वक्ता डॉ. लखन राम जंगली, डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह ने कहा कि जनपद सोनभद्र विंध्य‑कैमूर पर्वत श्रृंखला के अंतर्गत वनऔषधि उत्पादों का एक अनूठा क्षेत्र है। यहां शतावर, मूसली, अश्वगंधा, हर्रा, बहेड़ा, चिरौंजी, गोखरू सहित अनेक दुर्लभ जड़ी‑बूटियाँ प्रचुर मात्रा में पायी जाती हैं, जिनका संवर्धन राज्य स्तर पर आवश्यक है।
वक्ताओं ने जंगलों में कटान और हजारों पेड़ों के नुकसान पर दुख व्यक्त किया और वन विभाग से सख्त निगरानी व संरक्षण की मांग की। साथ ही कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय वैद्य और अनुसंधानकर्ताओं की मदद से इन वनऔषधियों की पहचान और सूची तैयार की जानी चाहिए।
पर्यावरण पर आधारित रचनाओं में रुचि रखने वाले डॉ. लखन राम जंगली व डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह ने काव्यपाठ कर पर्यावरणीय ज्ञान और अनुभव साझा किये। अध्यक्षता कर रहे डॉ. लवकुश प्रजापति ने विंध्य‑कैमूर पर्वत श्रृंखला के “प्रभवा” परिक्षेत्र का वर्णन करते हुए ऋग्वेद के श्लोकों के माध्यम से उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन और अधिवक्ता नंदलाल अग्रहरि ने नंदनवन के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की और सुप्रीम कोर्ट तथा एनजीटी द्वारा दिए गए पर्यावरण संबंधी निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया। प्रेम चंद्र यादव (अधिवक्ता) ने सोनभद्र से जुड़े निकटवर्ती जिलों में समुचित विकास व जनजागरूकता की आवश्यकता बताई। निरंजन जायसवाल ने विद्यालयों में बच्चों को “एक पेड़, माँ के नाम” जैसे अभियानों के माध्यम से पेड़ लगाने पर बल दिया।
प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल के अध्यापक बलवंत कुमार ने बताया कि जनपद सोनभद्र में वन क्षेत्र सर्वाधिक (29%) है और इसलिए संरक्षण की विशेष आवश्यकता है। उन्होंने अपने विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने का आश्वासन दिया। दिल्ली दूरदर्शन से सेवारत इसहाक अहमद ने जनहित उदाहरण के रूप में डेनिया पहाड़ के पास 35 हेक्टेयर में शासकीय पहल से की गई भव्य सुरक्षा खाई और वृक्षारोपण के पत्राचार का जिक्र किया।
संगोष्ठी में रामेश्वर प्रसाद राय, विंध्यवासिनी प्रसाद, डॉ. संजय गुप्ता, शिवशंकर प्रसाद सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन व धूप निर्वचन से की गई। मौके पर अजय धनेंद्र जायसवाल, उपेंद्र कुमार तिवारी, सुशांत क्षेत्री, रेश्मा सुब्बा, भोलनाथ अग्रहरि, डॉ. कृष्णकुमार चौरसिया, राहुल गुरूंग, हेमंत कुमार सहित दर्जनों प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

शिक्षा जगत के गौरव: डॉ. अमर सिंह को मिला ‘ग्लोबल शिक्षा रत्न सम्मान’नई दिल्ली में हुए सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को नई दिशा देने वाले राजकीय हाई स्कूल, बहेराडोल (दुद्धी), सोनभद्र के प्रधानाचार्य डॉ. अमर सिंह को प्रतिष्ठित “ग्लोबल शिक्षा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 27 जून 2026 को देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देशभर से चयनित शिक्षाविदों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
डॉ. अमर सिंह को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण के निर्माण, विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास के लिए किए गए अभिनव प्रयासों तथा शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और नवाचार को भी विशेष प्राथमिकता दी है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध हो रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अमर सिंह ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षा विभाग के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा तथा वे शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

डॉ. अमर सिंह को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से दुद्धी एवं पूरे जनपद में हर्ष का वातावरण है। शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जनपद के लिए गर्व का विषय बताया। लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में और भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त होंगी तथा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित होगा।

छत्तीसगढ़ जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलटी,दो गंभीर रूप से घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में शनिवार अपराह्न लगभग 3 बजे द रजखड़ घाट पर एक निजी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में सवार विकास यादव (24) पुत्र रामप्रसाद यादव निवासी गाज़ीपुर और छोटू (27) पुत्र अज्ञात निवासी गाज़ीपुर (चालक) छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि हाथीनाला की ओर से पहले मोड़ पर एंबुलेंस ने संतुलन खो दिया और दो-तीन पटकनी खाने के बाद पलट गई।
हादसे में एंबुलेंस (वैन ईको) क्षतिग्रस्त हो गई और चालक व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से घायल वाहन को वापस खड़ा किया गया और उसी एंबुलेंस से दो घायल खुद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचे ।
चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि दोनों घायलों के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।आवश्यक प्राथमिक उपचार व निगरानी जारी है।

कटौली में कोयला लोड ट्रक पलटी,चालक गंभीर रूप से घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव के खदीवा नाले के पास आज शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।झारखंड नम्बर की अशोक लेलैंड ट्रक पर कोयला लोड था। हादसे में ट्रक चालक संतोष (34) पुत्र नन्हक चन्द निवासी मिर्जापुर घायल हो गए, जबकि एक अन्य सवार (खलासी) सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी पाकर स्थानीय ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस 102 की ईएमटी कुसुम और चालक अजीत मौके पर पहुँचे और घायल चालक को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां सीएचसी चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद संतोष की स्तिथि स्थिर रहने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। डॉक्टरों ने बताया कि चालक को सीने व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं, जिनका इलाज किया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और कोयले की स्थिति को देखा तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

महुली नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल, बरियारमेजबान आरबीएस क्लब ने 7 विकेट से जीता खिताब, टिन्नी बने ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विकास खंड दुद्धी के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 जून 2026 की रात्रि 9 बजे बेहद रोमांचक माहौल में खेला गया। फाइनल मैच शिवाजी तालाब दुद्धी और मेजबान आरबीएस क्लब महुली के बीच खेला गया, जिसमें मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शिवाजी तालाब दुद्धी की टीम आरबीएस क्लब महुली के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर टीम केवल 87 रन ही बना सकी।
88 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान आरबीएस क्लब महुली की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर 4 गेंद में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल मुकाबला 7 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मेजबान टीम के धाकड़ बल्लेबाज शुभम चौबे ने मात्र 27 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने गेंदबाजी में भी एक विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए भोला भवनाथपुरी को ‘बेस्ट बॉलर’ तथा शिवाजी तालाब दुद्धी के उत्कृष्ट खिलाड़ी टिन्नी को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट (सीरीज)’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मानसिंह गोड़ (ब्लॉक प्रमुख, म्योरपुर) तथा विशिष्ट अतिथि जुबेर आलम (जिला पंचायत सदस्य) रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल अनुशासन, भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराने का आह्वान किया।
किन्हीं आवश्यक कारणों से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के कार्यक्रम से प्रस्थान करने के बाद मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि के रूप में सत्यनारायण कन्नौजिया (जिला स्काउट कमिश्नर, सोनभद्र) तथा विशिष्ट अतिथि के प्रतिनिधि के रूप में कुंदन कुमार कन्नौजिया (लेखपाल) एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल (ग्राम प्रधान, महुली) ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सत्यनारायण कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। खेल मैदान में सीखे गए अनुशासन, समर्पण और संघर्ष की भावना जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाती है।”
वहीं कुंदन कुमार कन्नौजिया ने कहा कि “ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से प्रतिभाओं को नई पहचान मिलती है। प्रशासन और समाज को ऐसे आयोजनों में हरसंभव सहयोग करना चाहिए, ताकि खिलाड़ी आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।”
आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मैच में नंदकिशोर कन्नौजिया एवं जसवंत कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि आर्यन ने स्कोरर तथा आसू गोस्वामी ने शानदार कमेंट्री कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के अंत में आरबीएस क्लब महुली के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी के सहयोग और उत्साह के कारण ही यह टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। भविष्य में इससे भी बेहतर आयोजन किए जाएंगे।”
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राकेश कुमार कन्नौजिया (पत्रकार एवं प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली) ने किया।
इस अवसर पर राजनाथ गोस्वामी, मुकेश कुमार कन्नौजिया, मनोज कुमार कन्नौजिया, अंकित कुमार, सूरज कुमार, चंद्रभूषण सहित सैकड़ों खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

रामनगर का नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल तीसरी बार सील,संचालक के खिलाफ मुकदमा, एक युवक हिरासत में

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बा रामनगर स्थित निजी नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल को आज शुक्रवार को उपजिलाधिकारी व CMO के निर्देश पर राजस्व विभाग और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तीसरी बार सील कर दिया। छापेमारी के दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ शाह आलम बताया कि रामनगर स्थित निजी नेशनल हेल्थ केयर अस्पताल अवैध तरीके से संचालित हो रहा था। इससे पहले 23 जून को यह अस्पताल सील किया जा चुका है और उसके पहले भी एक बार सीलिंग हुई थी। 23 जून की कार्रवाई के बाद ताला तोड़कर फिर से अस्पताल संचालित करने की शिकायत मिलने पर सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया था।
सीलिंग से पहले अस्पताल के एक मरीज को कुछ दूर दूसरे मकान में शिफ्ट किया गया था, जहाँ संयुक्त टीम ने मरीज को पाया। मरीज की पहचान विजय शंकर निवासी रजमिलान थाना बीजपुर के रूप में हुई,जिसे परिजन अपने साथ ले गए ।छापे में नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, लेखपाल भूपेंद्र कुमार और अन्य अधिकारी शामिल रहे ।
चिकित्साधिकारी ने बताया कि अस्पताल को सील कर दिया गया है ।उन्होंने यह भी बताया कि टीम के पहुँचते ही अस्पताल पर मौजूद चंदौली निवासी वेद प्रकाश नामक व्यक्ति ने अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और गालियाँ देते हुए धमकाने का प्रयास किया। जब उसे पता चला कि यह आधिकारिक जांच टीम है तो वह भागने का प्रयास कर माफी मांगने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
इस मामले पर एसडीएम निखिल यादव ने अस्पताल संचालक पर मनमानी करने और नियमों की अवहेलना का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि सिंह का हुआ भव्य सम्मान, पूर्व मुख्यमंत्री ने दी एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले सोनभद्र के होनहार खिलाड़ी रवि सिंह की ऐतिहासिक उपलब्धि पर समाजवादी पार्टी कार्यालय राबर्ट्सगंज में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवि गोंड बड़कू द्वारा रवि सिंह को सम्मानित किया गया।
रवि सिंह ने यूरोप के देश रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक जीतकर देश, उत्तर प्रदेश एवं सोनभद्र जिले का गौरव बढ़ाया। इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे क्वान की डो खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इससे पूर्व भी उन्होंने ताइक्वांडो में थाईलैंड में ब्रॉन्ज मेडल तथा नेपाल में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है सम्मान समारोह के दौरान रवि सिंह को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप एक लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया गया। यह चेक समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवि गोंड बड़कू, सोनभद्र के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व विधायक राबर्ट्सगंज अविनाश कुशवाहा , घोरावल के पूर्व विधायक रमेश दुबे सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में भेंट किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, श्याम बिहारी यादव, परमेश्वर यादव, विजय शंकर जायसवाल , जिला महासचिव सईद कुरैशी, पवन पटेल, सूर्यकांत द्विवेदी , रेणुकूट नगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी परिवार के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर रवि सिंह को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। रवि सिंह ने इस सम्मान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रोत्साहन उन्हें आगे भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। रवि सिंह की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

दुद्धी में कड़ी सुरक्षा के बीच पारंपरिक मोहर्रम जुलूस निकला, देर रात ताजियों को बढ़नीनाला कर्बला पर सुपुर्दे-खाक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे में शुक्रवार को नगर व आसपास के ग्रामीण इलाक़ों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर परंपरागत मोहर्रम जुलूस निकाला गया। शांतिपूर्ण रूप से संपन्न इस जुलूस में समुदाय की एकता और सांस्कृतिक धरोहर की झलक देखने को मिली।
जुलूस में ताज़िये, सिप्पड़ और कई अखाड़े शामिल थे। ढोल-ताशे की गूँज के बीच लोगों ने “या अली, या हुसैन” के नारे लगाकर मातम और श्राद्ध की परंपरा को बनाए रखा। जुलूस देर शाम संकटमोचन मंदिर तिराहे पर स्थित अखाड़े में समापन हुआ, जहाँ घंटों तक अखाड़ा प्रदर्शन चला। कलाकारों ने पारंपरिक कौशल विशेषकर लाठी-डंडे के हैरतअंगेज प्रदर्शन दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि व विशिष्ट आगंतुकों द्वारा नगद इनाम व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जुलूस के दौरान विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने जगह‑जगह खिचड़ी और जलपान की व्यवस्था की, जिसका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी और केंद्रीय अखाड़ा कमेटी ने आयोजन में शांति बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। मुस्लिम समाज के अनेक लोगों ने भी जुलूस के सुचारू संचालन में सहयोग किया।
जुलूस सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम के बीच निकाला गया। नगर व मार्गों पर पुलिस व प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही। मौके पर सीओ राजेश कुमार राय,प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, एएसआई संजय सिंह ,एसआई अमित कुमार , श्यामजी यादव मौजूद रहे तथा उन्होंने सुरक्षा व मार्ग संचालन का जायज़ा लिया, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।
देर रात निकले ताज़ियों को बढ़नी नाला स्थित कर्बला पर सुपुर्दे-खाक किया गया।
कार्यक्रम में नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, केंद्रीय अखाड़ा समिति के अध्यक्ष मुजीब खान, सचिव मैनुद्दीन खलीफा, जामा मस्जिद के सदर कल्लन खान, तालिब खान,राकेश आजाद, मुख्तार अन्सारी, अहमद अली, कलीमुल्लाह खान, निजामुद्दीन, रफी खां, इब्राहिम खां, राकेश आज़ाद, सेराज खान, फिरोज खलीफा, टुन्नू खान, रौशन अली, महबूब खान, नेहाल खलीफा, मन्नू खान व बड़ी संख्या में नगरवासी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

गरीब सब्जी विक्रेताओं की रोज़ी-रोटी बचाने के लिए उठी आवाज़, व्यापार मंडल व सेवा ही संकल्प टीम ने अधिकारियों से की वार्ता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – राकेश केसरी

ओबरा / सोंनभद्र

पिछले एक सप्ताह से ओबरा मार्केट में छोटे सब्जी विक्रेताओं की दुकानें बंद होने के कारण सैकड़ों गरीब परिवारों के सामने रोज़ी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। वर्षों से रेहड़ी-पटरी पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले मेहनतकश लोगों की आजीविका ठप होने से उनके घरों में आर्थिक तंगी गहराती जा रही है।इस गंभीर समस्या को लेकर व्यापार मंडल के प्रतिनिधि गौरव जैन,अभिषेक तथा सेवा ही संकल्प टीम के राकेश केशरी ने ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों से मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को गरीब सब्जी विक्रेताओं की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए मानवीय एवं न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की, ताकि उनकी दुकानें पुनः संचालित हो सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह केवल दुकान लगाने का मामला नहीं है, बल्कि सैकड़ों परिवारों की आजीविका, उनके बच्चों की शिक्षा और दो वक्त की रोटी का प्रश्न है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो अनेक परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।बैठक में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा गरीबों, मजदूरों एवं छोटे व्यापारियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही जनहितकारी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सरकार की मंशा किसी गरीब की रोज़ी-रोटी छीनने की नहीं हो सकती। शासन की भावना के अनुरूप स्थानीय स्तर पर भी ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए, जिससे व्यवस्था भी बनी रहे और गरीबों का रोजगार भी सुरक्षित रहे।सेवा ही संकल्प टीम ने स्पष्ट कहा कि गरीब, मजदूर और छोटे व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। जब तक सब्जी विक्रेताओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उनकी आवाज़ बुलंद की जाती रहेगी।इस दौरान सुलोचना गुप्ता, नौसाद, ममता, शंकर, कृष्णा, दया, दीपक, संदीप, मोहित, अनस, सोनू, भिखारी, रामधारी तथा सरोज सहित अनेक सब्जी विक्रेता उपस्थित रहे। सभी ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखते हुए प्रशासन से गरीब परिवारों की आजीविका बचाने की अपील की।गरीब का सम्मान, उसकी मेहनत और उसकी रोज़ी-रोटी की रक्षा करना ही सच्ची जनसेवा है। एक संवेदनशील व्यवस्था वही है जो समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों का हाथ थामकर उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दे।

रोमांचक फाइनल में बनारस को हरा पूर्वांचल आर्मी अनपरा बना चैंपियन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय क्षेत्र में क्रिकेट के महाकुंभ कहे जाने वाले डोडहर प्रीमियर लीग रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-2 का गुरुवार को भव्य समापन हो गया। देर रात तक चले बेहद रोमांचक और कांटे के फाइनल मुकाबले में पूर्वांचल आर्मी अनपरा ने गैरेज इलेवन बनारस को हराकर खिताबी जीत अपने नाम की।इस महामुकाबले को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शकों की भारी भीड़ जमी रही।प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला साईं बाबा क्रिकेट क्लब वाड्रफनगर बनाम गैरेज इलेवन बनारस के बीच खेला गया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाड्रफनगर की टीम बनारस की घातक गेंदबाजी के आगे ताश के पत्तों की तरह ढह गई और महज 24 रनों पर सिमट गई।जवाब में गैरेज इलेवन बनारस ने 3.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए बनारस के अमरेंद्र पाठक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।दूसरा सेमीफाइनल मैच एमसीसी इलेवन और पूर्वांचल आर्मी अनपरा के बीच खेला गया।पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वांचल आर्मी ने निर्धारित 8 ओवरों में 74 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी इलेवन की टीम अनपरा की सटीक गेंदबाजी के सामने बेबस नजर आई और 8 ओवरों में केवल 34 रन ही बना सकी।बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए मुकेश पाल को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।खिताबी भिड़ंत में पूर्वांचल आर्मी अनपरा का सामना गैरेज इलेवन बनारस से हुआ।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बनारस की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 73 रन बनाए।74 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वांचल आर्मी अनपरा ने बेहद रोमांचक मोड़ पर 8 ओवर 5 गेंदों में 3 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।टीम की इस ऐतिहासिक जीत में 22 गेंदों में 23 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलने वाले विशाल गुप्ता को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।इससे पहले फाइनल मुकाबले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि वन क्षेत्र अधिकारी जरहा सुधीर कुमार सिंह,मानसिंह गोंड और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामबरन बैंस ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष मसरूर हसन और मुख्य आयोजनकर्ता धनंजय शर्मा ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इलाज के अभाव में दम तोड़ती जिंदगी: वाराणसी से लौटने के बाद महिला की दुद्धी सीएचसी में मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

आयुष्मान कार्ड एक्टिवेट न होने और आर्थिक तंगी के कारण समय पर नहीं मिला सही इलाज, अनाथ हुए तीन बच्चे

दुद्धी (सोनभद्र)। सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के दावों के बीच जमीनी हकीकत आज भी बेहद कड़वी है। इसका एक दर्दनाक उदाहरण आज दुद्धी क्षेत्र में देखने को मिला, जहां आयुष्मान कार्ड एक्टिवेट न होने और आर्थिक तंगी के कारण समय पर सही इलाज न मिल पाने से एक बेबस महिला ने दम तोड़ दिया। क्षेत्र के मझौली गांव निवासी राजकुमारी (40)पत्नी स्वर्गीय हरिकिशुन पनिका की गुरुवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके तीन बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 5 दिन पूर्व राजकुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। आनन-फानन में परिजन उन्हें रात में ही गांव के ही एक निजी अस्पताल ‘नगीना मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल’ ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी जब हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति गंभीर होने लगी, तो डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल और फिर वहां से एक अन्य अस्पताल ले गए।
वाराणसी के अस्पताल में दो दिनों तक भर्ती रहने के बाद भी महिला के स्वास्थ्य में कोई सकारात्मक सुधार नहीं दिख रहा था। वहीं दूसरी ओर, निजी अस्पताल का भारी-भरकम खर्च परिजनों के बजट से बाहर हो रहा था। परिजनों ने बताया कि उनके पास सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘आयुष्मान भारत’ का कार्ड तो था, लेकिन तकनीकी कारणों से वह एक्टिवेट नहीं था। कार्ड एक्टिवेट न होने के कारण उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिल सकी। एक तरफ बीमारी का बढ़ता प्रकोप और दूसरी तरफ कंगाली की मार, आखिरकार बेबस परिजन पैसे के अभाव में महिला को वापस घर ले आए।
गुरुवार शाम करीब 4 बजे महिला की हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी। परिजन बिना समय गंवाए उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचे। वहाँ मौजूद डॉक्टर मनोहर सिंह ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन अभी एम्बुलेंस की व्यवस्था कर जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि शाम करीब 5 बजे अस्पताल परिसर में ही राजकुमारी ने दम तोड़ दिया।
महिला की अचानक हुई इस मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आयुष्मान योजना के जमीनी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कॉर्पोरेट पर टैक्स लगा सुनिश्चित हो संवैधानिक अधिकार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। जनगणना में आदिवासी धर्म कोड को शामिल करने समेत 8 सूत्रीय एजेण्डा पर जारी रोजगार-सामाजिक अधिकार यात्रा बभनी पहुंची। जहां बभनी बाजार, घघरा, चौवना, एकदरी, रंदह आदि तमाम गांव में संपर्क और संवाद किया गया।
संवाद में वक्ताओं ने कहा कि कॉर्पोरेट घरानों की संपत्ति पर टैक्स लगाकर हर नागरिक के संविधान में प्रदत्त रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और सामाजिक अधिकारों को सुनिश्चित किया जा सकता है। देश में संसाधनों की कमी नहीं है। अगर सरकार इच्छाशक्ति दिखाएं और देशी-विदेशी कॉरपोरेट्स पर टैक्स लगाने का साहस करें तथा काली पूंजी की अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करें तो मौजूदा बजट के आकार को दुगना किया जा सकता है और जनकल्याण पर खर्च बढ़ाया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि यह पूरा क्षेत्र विकास के मामले में सरकारी उपेक्षा का शिकार है। बड़े पैमाने पर रोजगार के अभाव में पलायन हो रहा है। माइक्रोफाइनेंस कंपनियों महिलाओं के लूट में लगी है और नॉन बैंकिंग कंपनियां लोगों की जमा पूंजी लेकर भाग जा रही है। पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य के मामले में कोई प्रगति नहीं हुई है। आदिवासी समाज के स्वतंत्रता संग्राम नायकों का भी सम्मान करने और उनकी याद में स्मारक बनाने के लिए सरकार तैयार नहीं है। इन सब प्रश्नों को इस यात्रा में उठाया जा रहा है। जिसको बड़ा समर्थन मिल रहा है।
यात्रा में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, जिला सचिव इंद्रदेव खरवार, मंगरु प्रसाद श्याम, सविता गोंड, रूबी सिंह गोंड, ललित गोंड, गुलशन गोंड, देव कुमार खरवार, राम विचार, समरजीत गोंड, महावीर गोंड, भगवान दास गोंड, श्यामाशंकर यादव शिवसागर खरवार आदि शामिल रहे।

प्रेम प्रसंग में पड़ी विवादित युवती की हत्या का खुलासा, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित अभियुक्त पकड़ा गया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।थाना बीजपुर पुलिस टीम ने बुधवार सुबह हत्या के फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त लाला भैया उर्फ लाले पनिका पुत्र स्व. बाल गोविन्द निवासी सिसवाँ झापर थाना बभनी को घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई थाना बीजपुर पर दर्ज हत्या के मुकदमे की जांच के क्रम में की गई।
सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि 30 मई 2026 को थाना बीजपुर अंतर्गत मोटकी पहाड़ी पर एक नर कंकाल बरामद हुआ था। कंकाल के पास से साड़ी, चप्पल और महिला का पायल भी मिले थे। इन वस्तुओं की पहचान करायी जाने पर मृतका की मां ने उसे अपने पुत्री पार्वती को म्योरपुर निवासी के रूप में शिनाख्त कराई थी। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी दुद्धी, बीजपुर और थाना म्योरपुर की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
सीओ राय ने आगे बताया कि टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर बकरिहवाँ चेतवा मार्ग पर चेतवाँ मोड से 300 मीटर पहले आज सुबह 08:49 बजे लाला भैया को मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार कर कहा कि उसके और मृतका के बीच प्रेम प्रसंग था। मृतका शादी करने का दबाव बना रही थी जबकि अभियुक्त पहले से विवाहित था। दबाव से पीछा छुड़ाने के लिये उसने सुनियोजित ढंग से उसे बाइक पर बैठाकर मोटकी पहाड़ी ले जाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले अभियुक्त के एक अन्य सह-आरोपी सुरेश को थाना बीजपुर टीम ने दिनांक 20 जून 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आज गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त के जुर्म कबूलने के बाद घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी बरामद कर ली गई है।
थाना बीजपुर के टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उ0नि0 सुरेन्द्र कुमार सिंह, हे0का0 भानू प्रताप यादव तथा का0 राहुल गौड़ शामिल रहे। सीओ ने बताया कि समस्त विधिक प्रक्रिया पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा जा रहा है।

अजब सरकार का गजब खेल ? बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे : टोल-माफियाओं का गजब खेल..!333 करोड़ का ठेका और स्टाम्प महज़ 100 रुपये का.!.?

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

13.34 करोड़ की राजस्व चोरी का बड़ा खुलासा

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली के नाम पर सरकारी खजाने को चूना लगाने का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) और निजी ठेकेदारों के बीच हुए 333.65 करोड़ रुपये के भारी-भरकम ठेके की कागजी औपचारिकता महज सड़क किनारे बिकने वाले 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर निपटा दी गई। बांदा के स्टाम्प एवं निबंधन विभाग ने इस अंधेरगर्दी को पकड़ते हुए 13.34 करोड़ रुपये की स्टाम्प चोरी का पर्दाफाश किया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिम्मेदार महकमों और ठेकेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
यूपीडा और ‘मेसर्स दातार सिक्योरिटी सर्विस ग्रुप इन कंसोर्टियम विद मेसर्स श्री साई एंटरप्राइजेज’ के बीच 10 अक्टूबर 2024 को निष्पादित हुए एग्रीमेंट की पड़ताल के दौरान मामला स्टाम्प ड्यूटी की चोरी सामने आयी।
इस दो वर्षीय अनुबंध के तहत ठेकेदार कंपनी को पूरे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर स्थित समस्त टोल प्लाजा से टोल वसूलने का एकाधिकार सौंपा गया है।

डाला क्रशर क्षेत्र में मानव नरकंकाल मिलने से मची सनसनी पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – रीना राय

सोनभद्र के डाला चौकी इलाके में उस वक्त हड़कंप मंच गया,,, जब एक स्टोन क्रशर प्लांट के पीछे नाले की झाड़ियों में क्षत-विक्षत अवस्था में नर कंकाल मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस कंकाल की शिनाख्त में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार डाला चौकी अंतर्गत बाड़ी स्थित हरियाणा स्टोन क्रशर प्लांट के पीछे,,, कौवा नाला की झाड़ियों में नर कंकाल के अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पशु चरा रहे एक चरवाहे की नजर,,, झाड़ियों के बीच पड़े क्षत विक्षत अवशेषों पर पड़ी,,, जिसके बाद उसने इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी।

देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर डाला चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची,,, और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। किन परिस्थितियों में इस व्यक्ति की मौत हुई और कंकाल की स्थिति बन गई इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है,,, कंकाल की पहचान सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल में जुटी हुई है,,, और अवशेषों की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन एसडीएम को सौंपा मांग पत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – रीना राय

सोनभद्र के ओबरा तहसील क्षेत्र के खैरटिया ग्राम सभा स्थित डी.एस. माइनिंग खनन पट्टे को बंद कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने अवैध खनन, पेयजल संकट और वन अधिकार पट्टा समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी ओबरा के नाम नौ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की। खनन पट्टे की वजह से स्थानीय ग्रामीणों के आवास पर ब्लास्टिंग का पत्थर जाने से रहवासियों को जान का खतरा बना हुआ है जिसको लेकर एक दिन का सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर चेतावनी दी गई कि भविष्य में मानक विपरीत ब्लास्टिंग की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खैरटिया स्थित डी.एस. माइनिंग के खनन पट्टे को तत्काल बंद कराने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में खनन गतिविधियों से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही अवैध खनन की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी नौ सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन को मांग पत्र सौंप दिया गया है और अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

वही कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम राज गोंड ने आरोप लगाया कि जनता के समस्याओं से अधिकारियों का कोई लेना देना नहीं है, अधिकारी एसी रूम में बैठकर जनता से मिलकर केवल रस्म अदायगी कर रहे हैं । खैरेटिया गांव के पास खनन पट्टा दे दिया गया है जो लोगों के लिए मुसीबत बन गया है, हैवी ब्लास्टिंग से पत्थर लोगो के आंगन और छत पर गिर रहा है जिससे स्थानीय लोगों को जान का खतरा बना हुआ है, हमारी अन्य मांगे है कि “हर घर जल-नल योजना” को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, पात्र लोगों को वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा दिया जाए, क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं को अधिकारी जल्द दूर करें नहीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामराज गोड़ ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री और ओबरा विधानसभा के विधायक संजीव गोंड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन अवैध खनन और जनसमस्याओं के मुद्दे पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर संबंधित अधिकारी अवैध खनन पर कार्रवाई करने के बजाय मौन क्यों हैं।

नगर पंचायत ओबरा में विकास कार्यों के नाम पर वित्तीय अनियमितता,भ्रष्टाचार से लोगो मे आक्रोश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – रीना राय

डाला / सोंनभद्र

ओबरा सोनभद्र जनपद के नगर पंचायत ओबरा में विकास कार्यों के नाम पर भारी वित्तीय अनियमितताओं और गंभीर भ्रष्टाचार का मामला गर्माता जा रहा है। क्षेत्र में चल रहे सड़क और नाली निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिससे स्थानीय करदाताओं और नागरिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। हालात को देखकर अब सीधे तौर पर यह सवाल उठने लगा है कि नगर पंचायत प्रशासन जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए काम कर रहा है या फिर यह सब केवल सरकारी बजट की बंदरबांट और कमीशनखोरी का जरिया बन चुका है। क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत तकनीकी रूप से बेहद चौंकाने वाली है। सड़क निर्माण में समतलीकरण का कोई ध्यान नहीं रखा गया है कहीं सड़क को अत्यधिक नीचे बना दिया गया है, तो कहीं आगे जाकर अचानक हिस्सा ऊंचा कर दिया गया है। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि यदि सड़कों को समतल नहीं किया गया और नालियों का ढलान सही नहीं हुआ, तो आने वाले मानसून में पूरा इलाका टापू बन जाएगा और घरों में गंदा पानी घुसना तय है। सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि यह पूरा क्षेत्र शक्ति नगर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आता है, जहाँ नियमत हर निर्माण कार्य जनसुविधा और व्यवस्थित जल निकासी के कड़े मानकों के अनुरूप होना चाहिए। इसके बावजूद, सड़कों पर जमे रसूखदार कब्जाधारियों के अतिक्रमण को हटाने की हिम्मत नगर पंचायत नहीं दिखा पा रही है। जनता पूछ रही है कि आखिर किस राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में आकर अधिकारी कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरतते हुए कई जगहों पर मकान मालिकों की निजी बाउंड्री वॉल का सहारा लेकर मिट्टी की भराई की जा रही है, जो भविष्य में बड़े विवाद और हादसों का कारण बन सकती है। कई इलाकों में तो बिना नाली का प्रावधान किए ही आनन-फानन में सीधे सड़क बिछा दी गई है। नगर पंचायत की कार्यशैली पर सबसे गंभीर सवाल योजना के चयन को लेकर उठ रहे हैं। जिन क्षेत्रों में अभी कोई आबादी नहीं है और सिर्फ खाली व्यावसायिक या निजी प्लॉट पड़े हैं, वहाँ ठेकेदारों को फायदा पहुँचाने के लिए नियम विरुद्ध तरीके से चमचमाती सड़कें और नालियां खड़ी कर दी गई हैं। इसके विपरीत, जहाँ घनी आबादी है और लोग वर्षों से कीचड़ व जलभराव की मार झेल रहे हैं, उन वास्तविक ज़रूरत वाले स्थानों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, तो करोड़ों रुपये के इस संगठित भ्रष्टाचार का एक बड़ा भंडाफोड़ हो सकता है। इतनी गंभीर शिकायतों और जमीनी विसंगतियों के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की रहस्यमयी चुप्पी कई तरह के संदेहों को जन्म दे रही है। जब इस संबंध में हमारे संवाददाता द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों से लिखित और मौखिक रूप से संपर्क साधा गया, तो जमीनी कार्रवाई के बजाय केवल कागजी नियम-कानूनों का पाठ पढ़ाकर मामले को टालने का प्रयास किया गया। मौके पर मानकों के विपरीत हो रहे घटिया निर्माण को रोकने के लिए कोई भी जिम्मेदार अधिकारी आगे नहीं आया। अब ओबरा की जनता सीधे प्रशासन से जवाब मांग रही है। क्या नगर पंचायत का वास्तविक उद्देश्य जनहित में विकास करना है या फिर अव्यवस्थित निर्माण के जरिए मोहल्लेवासियों को आपस में लड़ाकर विवाद पैदा करना है। क्या जनता की गाढ़ी कमाई का टैक्स और सरकारी धन सिर्फ कागजों पर ऑल इज वेल दिखाने और अधिकारियों-ठेकेदारों की जेबें भरने का माध्यम मात्र रह गया है। स्थानीय निवासियों ने चेताया है कि यदि इस घटिया निर्माण को तुरंत रोककर मानकों के अनुसार काम शुरू नहीं कराया गया और अतिक्रमण नहीं हटा, तो वे मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर जिला मुख्यालय तक उग्र आंदोलन और शिकायत दर्ज कराने को बाध्य होंगे।

फरार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, न्यायालय में भेजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बभनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बभनी पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकदमा संख्या 118/2026 में वांछित आरोपी राजू भारती, 26 वर्ष, पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ग्राम मनरूटोला, थाना बभनी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बुधवार तड़के लगभग 4:25 बजे बभनी तिराहे के पास से उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक कृष्णानन्द सिंह, कांस्टेबल सुरेश कुमार और आरक्षी सुमित शुक्ला शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ियों का आरोप, दुद्धी के ग्राम प्रधानों ने प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड दुद्धी के ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सर्वे एवं सत्यापन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक विस्तृत प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी सोनभद्र के माध्यम से प्रेषित किया है। ग्राम प्रधान संघ दुद्धी के बैनर तले भेजे गए इस ज्ञापन में क्षेत्र के हजारों गरीब, आदिवासी, वनवासी एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना के लाभ से वंचित किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि दुद्धी विधानसभा क्षेत्र (403) उत्तर प्रदेश का अंतिम, अति पिछड़ा, वनांचल एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। ऐसे परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने वाली एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके बावजूद हाल ही में कराए गए सर्वे एवं सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में वास्तविक पात्र परिवारों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए अथवा अंतिम सूची से बाहर कर दिए गए हैं।
ग्राम प्रधानों का कहना है कि विकास खंड दुद्धी की कई ग्राम पंचायतों में 10 से लेकर 100 से अधिक ऐसे परिवार हैं, जो पूरी तरह पात्र होने के बावजूद योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। इससे गरीब, मजदूर, आदिवासी और वनवासी समुदाय में निराशा और असंतोष का माहौल व्याप्त है। ग्रामीण लगातार अपने जनप्रतिनिधियों से जवाब मांग रहे हैं, जिससे ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दुद्धी क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियां प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भिन्न हैं। यहां आज भी बड़ी संख्या में लोग कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने को विवश हैं और स्वयं पक्का मकान बनवाने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में यदि पात्र परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिलता है तो सरकार की गरीब कल्याण की मंशा प्रभावित होगी तथा अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।
ग्राम प्रधान संघ ने प्रधानमंत्री एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि दुद्धी विधानसभा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत हुए सर्वे एवं सत्यापन की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही छूटे हुए सभी पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
ग्राम प्रधानों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यदि शासन स्तर पर संवेदनशीलता के साथ इस मामले पर कार्रवाई की जाती है तो हजारों गरीब, आदिवासी एवं वंचित परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंच पाएगा।
ज्ञापन पर ग्राम प्रधान संघ दुद्धी की अध्यक्ष गुंजा कुशवाहा सहित विकास खंड के अनेक ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
मुख्य मांगो में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सर्वे और सत्यापन की उच्चस्तरीय जांच।छूटे हुए पात्र परिवारों का पुनः सत्यापन।
सभी वास्तविक लाभार्थियों को योजना में शामिल करने की कार्रवाई।
आदिवासी, वनवासी एवं गरीब परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराना।”दुद्धी के गरीबों को मिले उनका अधिकार, पात्र परिवारों तक पहुंचे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ” के मांग के साथ ग्राम प्रधान संघ ने शासन और प्रशासन का ध्यान इस महत्वपूर्ण मुद्दे की ओर आकर्षित किया है।

रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर दुद्धी में श्रद्धांजलि, जनगणना में आदिवासी धर्म कोड लागू करने की माँग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सनभद्र)। आदिवासी वीरांगना रानी दुर्गावती की बलिदान दिवस समारोह आज बुधवार को दुद्धी विकास खंड के ग्राम मलदेवा स्थित रानी दुर्गावती स्मारक स्थल पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। बावन गढ़ सतावना परगना के देवी-देवताओं का आवाहन एवं प्रकृति शक्ति की स्मृति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि किन्नर अखाड़ा दुद्धी की महामंडलेश्वर किरन नंदन गिरी ने अपने संबोधन में आदिवासी समुदाय से एकजुट होकर नशे से दूर रहने तथा शिक्षा पर विशेष जोर देने का आवाहन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम का संचालन फौजदार सिंह परस्ते और अध्यक्षता अशर्फी सिंह परस्ते ने की।
समारोह में नारी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया और रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर समाज के लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि व्यक्त की।
समारोह के दौरान समुदाय ने जोरदार रूप से मांग उठाई कि आगामी जनगणना में आदिवासी धर्म कोड को लागू किया जाए, ताकि आदिवासी पहचान व सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। सभा में यह भी उद्घोष किया गया कि “हम बनवासी नहीं, आदिवासी हैं ‘जल, जंगल, जमीन हमारी है।”
कार्यक्रम में भाग लेने वाले वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर लगातार काम किया जाएगा। समारोह के बाद स्थानीय लोगों ने सामाजिक सौहार्द्र का संदेश फैलाया और रानी दुर्गावती के बलिदान को याद कर समर्पण तथा आत्म-सम्मान का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल, रामनाथ श्याम, हरे कृष्णा, हरी लाल, सीताराम राम, लखन, हीरामणि, मनबस देवी, अनीता देवी, शकुंतला, चिंता, चंद्रकला, गीत, आशा, भुनेश्वर, शिव शंकर (एडवोकेट), रामलखन, रामकिशन, रामबहादुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।इसके अलावा स्थानीय हाई स्कूल की इंटर महिला फुटबॉल खिलाड़ी गीता, आँचल, कुमारी शांति, अनीता , प्रमिला इत्यादि भी कार्यक्रम में शामिल रहीं और समारोह को विशेष उत्साह प्रदान किया।

दुद्धी में कोचिंग-लाइब्रेरी पर संयुक्त छापेमारी, दो डिजिटल लाइब्रेरी सील

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर आज दुद्धी स्थित कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था के मानकों की गहन जांच की गई। लखनऊ में हाल में कोचिंग सेंटर में हुई घटना और सूबे के मुखिया की सख्ती के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया है।
बुधवार को एसडीएम निखिल यादव के नेतृत्व में फायर टीम के सब-इंस्पेक्टर करन सिंह यादव तथा दुद्धी थाने के इंस्पेक्टर डी.के. सिंह ने कई कोचिंग और लाइब्रेरी सेंटरो का निरीक्षण व छापेमारी की। टीम सबसे पहले जाया डिजिटल लाइब्रेरी पहुंची जहाँ कई छात्र पढ़ते हुए मिले। वहां निकास मार्ग और हवादार खिड़की आदि की व्यवस्थित सुविधा न होने पर कड़ी फटकार लगाते हुए सेंटर को सील कर दिया गया।
इसके बाद सत्येश कोचिंग सेंटर पर पहुंची टीम ने संस्थान संचालक को मौके पर पाया। संचालक को चेतावनी देते हुए कहा गया कि संबंधित कागजात पूर्ण रूप से प्रस्तुत न करने तक कोचिंग बंद रखी जाए; अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने डीसीएफ स्थित सक्सेस लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया, जहां कई छात्र पढ़ रहे थे। वहां फायर एनओसी नहीं मिलने व भवन उपयोग के प्रकार के संदर्भ में अनियमितताएँ पाई गईं, इसलिए एसडीएम ने उक्त लाइब्रेरी को भी सील कर दिया।
एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि दुद्धी क्षेत्र में संचालित कोचिंग एवं लाइब्रेरी संस्थानों का विस्तार से निरीक्षण किया गया। जिन संस्थानों को मानक के विपरीत पाया गया, उन पर कड़ी कार्रवाई की गई है। वर्तमान में दो डिजिटल लाइब्रेरी जाया डिजिटल एवं डीसीएफ स्थित सक्सेस लाइब्रेरी को सील किया गया है, जबकि अन्य कई कोचिंग संस्थानों को मानकों के पालन के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। यदि भविष्य में उन्हें मानक के अनुरूप नहीं पाया गया तो उनके विरुद्ध बीएनएस की धारा के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, दो बच्चे गहरे पानी में डूबे, तलाश जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

चोपन/सोनभद्र

महिलाओं के साथ नहाने गए थे दोनों बच्चे, सूचना पर पुलिस और गोताखोर जुटे
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी, एनडीआरएफ को भी दी गई सूचना

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में मीतापुर ग्राम पंचायत में सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। परिवार की महिलाओं के साथ नदी में नहाने गए दो बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। डूबने वालों में 16 वर्षीय बोल बम केवट पुत्र लोधी केवट तथा 10 वर्षीय दीपक केवट पुत्र भगवान दास केवट शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे नदी की तेज धारा में बह गए। साथ मौजूद महिलाओं ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की लगातार तलाश की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को भी सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और गम का माहौल है, जबकि परिजन बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

सोनभद्र से बहुत ही दुःखद ख़बर
सोन नदी में अवैध और अनियंत्रित खनन के कारण बड़े-बड़े कृतिम गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो अब जानलेवा तालाबों का रूप ले चुके हैं। आजीविका की तलाश में नदी में जाने वाले मछुआरा एवं निषाद समाज के लोगों को इन कृत्रिम गड्ढों की गहराई का सही अनुमान नहीं हो पाता, जिसके कारण आए दिन दुःखद दुर्घटनाएँ हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। आज भी तीन लोगों की डूबने से मृत्यु हो गई, जो इस गंभीर समस्या की भयावहता को दर्शाता है।
नदी की प्राकृतिक धारा और स्वरूप को गंभीर क्षति पहुँची है। प्रदेश में खनन विभाग स्वयं मुख्यमंत्री जी के पास होने के बावजूद सोन नदी का जिस प्रकार चीरहरण किया गया है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
इस गंभीर समस्या को लेकर निषाद समाज द्वारा कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपकर धरना-प्रदर्शन भी किया गया था तथा अवैध खनन पर रोक लगाने और नदी को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई गई थी। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार न होना चिंता का विषय है। इस गंभीर मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।

दुद्धी में संयुक्त टीम ने एमके व नेशनल हॉस्पिटल सीज किए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय कस्बा स्थित एमके हॉस्पिटल और रामनगर स्थिति नेशनल हॉस्पिटल को स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आज सीज कर दिया। इस कार्रवाई को जिलाधिकारी के निर्देश पर अंजाम दिया गया।
कार्यवाही में नायाब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार, अपर सीएमओ नोडल डॉ. गुलाब शंकर यादव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी और कोतवाली पुलिस की टीम शामिल थी। डॉ. गुलाब शंकर यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित निजी अस्पतालों की सूची मिली थी और उसी के आधार पर निरीक्षण कर सील किया गया।
बताया गया है कि एमके हॉस्पिटल में पिछले दिनों एक युवक की मौत हुई थी; इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच चल रही है। वहीं नेशनल हॉस्पिटल के संचालक के खिलाफ दलाली के आरोप से जुड़ी पहले से ही प्राथमिकी दर्ज थी और पुलिस ने उस मामले में कार्रवाई की थी। दोनों अस्पतालों पर अवैध तरीके से संचालन करने और दलाली करने के आरोपों के चलते सील की कार्रवाई की गई है।
पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पिता-पुत्र के विवाद ने लिया खूनी मोड़, कलयुगी बेटे पर हत्या का आरोप; आठ घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के पकरी गांव में कल रात एक घरेलू विवाद खूनी रूप ले लिया। ग्राम निवासी स्व. श्रीनाथ (52) और उनके पुत्र सोनू के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई। तीव्र मतभेद के दौरान क्रुद्ध पुत्र ने घर में रखे लकड़ी के उड़ड़े (आला कत्ल) से पिता के सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल श्रीनाथ को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी दुद्धी की निगरानी में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा तकनीकी व स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे में मामला सुलझा लिया। आज 22 जून 2026 को आरोपी पुत्र सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि विवाद के दौरान आवेश में आकर उसने अपने पिता पर हमला किया था। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का उड़ड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू पुत्र स्व. श्रीनाथ, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम पकरी, थाना विंढमगंज, जनपद सोनभद्र है। उसके विरुद्ध विंढमगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 87/2026, धारा 105 BNS के अंतर्गत अभियोजन किया जा रहा है।
टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, कांस्टेबल तरुण वर्मा, कांस्टेबल आलोक कुमार और कांस्टेबल फिरोज अहमद का विशेष योगदान रहा। स्थानीय लोग पुलिस की त्वरित कार्यवाही की सराहना कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि जनपद में अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों ने यह घटना पारिवारिक विवादों को संवाद के माध्यम से ही सुलझाने का संदेश देते हुए दुःख व्यक्त किया और कहा कि एक क्षण का गुस्सा पूरे परिवार की खुशियाँ छीन ले गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास दवाइयों को खुले में जलाने से लोगों में रोष

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में स्थित घनी आबादी वाले क्षेत्र में मंगलवार को बड़ी मात्रा में दवाइयों को जलाए जाने से आसपास के लोगों में नाराजगी देखी गई। दवाइयों के जलने से उठे घने धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्वास्थ्य केंद्र परिसर के समीप दवाइयों का ढेर लगाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। आग लगने के बाद काफी देर तक धुआं उठता रहा। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि आबादी के बीच इस प्रकार दवाइयों को जलाना जनस्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
घटना के दौरान कई स्थानीय लोगों ने धुएं और दुर्गंध पर आपत्ति जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि चिकित्सा अपशिष्ट एवं अनुपयोगी दवाइयों के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
दवाइयों को किस कारण से और किसके निर्देश पर जलाया गया, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

सोनभद्र के खिलाड़ी रवि सिंह ने वर्ल्ड क्वान की-डो में रजत जीता; लखनऊ में अखिलेश यादव ने किया सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में सम्मानित किया। समारोह में डॉ. रवि गोंड बड़कू (प्रदेश अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ, समाजवादी पार्टी एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, ओबरा) भी मौजूद रहे और उन्होंने रवि को बधाई दी।
रवि सिंह ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर पूरे देश, उत्तर प्रदेश और सोनभद्र जिले का नाम रोशन किया। इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। रवि उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे क्वान की-डो खिलाड़ी बने, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीता।
रवि ने इससे पहले ताइक्वांडो में थाइलैंड में ब्रॉन्ज मेडल और नेपाल में गोल्ड मेडल भी जीता है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और हिण्डालको प्रबंधन — समीर नायक (मुखिया), जसबीर सिंह (क्लस्टर एचआर हेड) और अजय सिन्हा (एचआर हेड) को दिया।

समारोह के दौरान अखिलेश यादव ने रवि को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि वे इसी तरह मेहनत, लगन व समर्पण से देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहें। रवि की यह सफलता सोनभद्र जिले के खेल जगत के लिए गर्व और स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है।

दुद्धी में बाइक हादसे में छात्र की मौत, साथी घायल,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी से बीडर की ओर जा रहे एक छात्र की सड़क दुर्घटना में देर शाम दर्दनाक मौत हो गई; वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना आज मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे कस्बा स्थित बढ़नीनाला तालाब नाईं टू नाइन होटल के समीप हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विष्णु पनिका (18) अपने साथी शिशु के साथ मोटरसाइकिल से दुद्धी के तरफ जा रहा था। सामने से आ रही दूसरे मोटरसाइकिल से हल्की टक्कर के बाद उनकी बाइक दाहिनी ओर गहरे गड्ढे में जा गिरी जबकि दूसरा बाइक सवार घटना के भाग निकला । वहीं बाइक सवार विष्णु का बाइक नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि विष्णु ने हेलमेट नहीं पहना था और वह सीधे पत्थरों से जा टकराया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। साथी शिशु को मामूली चोटें आई, जो सुरक्षित बताया गया ।
घटना के समय पास में मुस्लिम समुदाय का मोहर्रम त्यौहार को लेकर कार्यक्रम चल रहा था और वहां पुलिस व सुरक्षा गार्ड तैनात थे। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक सुनील ने विष्णु को अस्पताल में देखने के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि विष्णु घर में सबसे बड़ा बेटा था। उसने हाल ही में इंटर की परीक्षा दी थी और आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन किया था। उसके पिता की एक वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। बड़े बेटे की अचानक मौत से मां बिल्कुल बुरी तरह टूट गई हैं ।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक अमित कुमार व श्यामजी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधि कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है। आगे की पड़ताल व दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) द्वारा कुल 08 कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच हेतु मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान 08 कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों का निरीक्षण किया गया, जिनमें—

1. युवा डिजिटल लाइब्रेरी, रॉबर्ट्सगंज
2. शिफ्ट कम्प्यूटर क्लासेस, रॉबर्ट्सगंज
3. पूनम तनेजा मेमोरियल क्लासेस, ओबरा
4. स्काई कोचिंग सेंटर, ओबरा
5. भाभा कोचिंग सेंटर, ओबरा
6. द विजडम लाइब्रेरी, दुद्धी
7. जया डिजिटल लाइब्रेरी, दुद्धी
8. सक्सेस लाइब्रेरी, दुद्धी का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य अग्नि सुरक्षा उपायों की जांच की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा सभी संचालकों को निर्देशित किया गया कि आपातकालीन निकास द्वार सदैव खुले एवं अवरोधमुक्त रखें तथा अग्निशमन उपकरणों को क्रियाशील एवं उपयोग हेतु तत्पर अवस्था में बनाए रखें।

इसके अतिरिक्त संस्थान संचालकों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित बचाव एवं सुरक्षा उपायों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने हेतु जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा जनप्रतिनिधियो के साथ मासिक समन्वय गोष्ठी सम्पन्न

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

शासन की मंशा के अनुसार पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा पुलिस लाइन चुर्क स्थित पुलिस कार्यालय में जनपद के जनप्रतिनिधिगण के साथ मासिक समन्वय गोष्ठी आयोजित कर विभिन्न जनहित एवं कानून-व्यवस्था संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

गोष्ठी के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध गतिविधियों की रोकथाम, जनसुनवाई तथा पुलिसिंग व्यवस्था से संबंधित सुझाव एवं अपेक्षाएं प्रस्तुत की गईं। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान संभव है तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आमजन की समस्याओं एवं सुझावों को समय-समय पर पुलिस प्रशासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया।

गोष्ठी में सांसद छोटेलाल खरवार सोनभद्र, सदर विधायक भूपेश चौबे तथा विधायक घोरावल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बघाडू में शराब के नशे में बाइक चालक ने माँ-बेटे को कुचला, 3 घायल,सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के बघाडू में सोमवार की रात करीब 8 बजे विनोद मोड़ के समीप एक शराब के नशे में धुत बाइक चालक ने पैदल चल रही सीमा देवी (35) और उनके पुत्र शिवम (5) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक चालक भी गिरकर घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी, जिसके बाद 108 एम्बुलेंस के ईएमटी पंकज और चालक अजीत ने तीनों घायलों को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया।
सीमा के परिवार के मुताबिक, सीमा अपनी मां रूपमन देवी के साथ अमवार पुलिस चौकी शिकायत दर्ज कराने जा रही थी। सीमा के पति वीरचंद के साथ परिवारिक विवाद के चलते उन्होंने शिकायत देने का निर्णय लिया था। सीमा की मां रूपमन निवासी चपकी थाना बभनी ने बताया कि वे और सीमा तथा नातिन अमवार पुलिस चौकी जा रहे थे, तभी पीछे से तेज़ रफ्तार व नशे में धुत बाइक ने पहले शिवम को टक्कर मारी और फिर सीमा पर चढ़ा दिया । दोनों मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राथमिक उपचार सीएचसी दुद्धी में डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में चल रहा है। खबर लिखे जाने तक चिकित्सकीय रिपोर्ट और घायलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। बाइक चालक की पहचान किशुन दयाल (30) पुत्र जैत सिंह गौड़ निवासी बघाडू के रूप में हुई है। ग्रामीणों के आरोप हैं कि किशुन किसी काम से जा रहा था और नशे में था।
घटना की सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है ।

पूंजी पलायन रोक लगा किया जाए रोजगार सृजन ,रोजगार-सामाजिक अधिकार यात्रा जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।जनगणना में आदिवासी धर्म कोड शामिल करने समेत 8 सूत्रीय एजेण्डे पर जारी रोजगार सामाजिक अधिकार यात्रा म्योरपुर के नवाटोला, बलियरी, सुपांचुआ, लौबन, फाटपखना गांव में पहुंची। जहां ग्रामीणों के साथ संवाद किया गया।
संवाद में कहा गया कि यदि सोनभद्र जनपद से बैंकों में जमा पूंजी के 60 प्रतिशत पलायन को रोक दिया जाए और इसे महिलाओं और नौजवानों को सस्ते दर पर ऋण के रूप में दिया जाए तो बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा। माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की लूट पर बोलते हुए वक्ताओं ने कहा कि इनके द्वारा 30 प्रतिशत से ज्यादा ब्याज वसूली के कारण महिलाओं का जीवन बेहाल हो गया है। तमाम नॉन बैंकिंग कंपनियां आम आदमी की गाढी कमाई का जमा पैसा लूट कर भाग जा रही है। इनकी लूट पर लगाम लगाने के लिए कानून बनाना आज बेहद जरूरी है।
वक्ताओं ने कहा कि आदिवासियों की पहचान खत्म करने की कोशिश हो रही है और उन्हें वनवासी कहकर संबोधित किया जा रहा है। ऐसे में पूरे देश में उठ रही आदिवासी धर्म कोड को जनगणना में शामिल करने की मांग बेहद महत्वपूर्ण है जिसे सरकार को पूरा करना चाहिए।
यात्रा में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, जिला प्रवक्ता मंगरु प्रसाद श्याम, रामविचार गोंड, समरजीत गोंड, महावीर गोंड, राम लखन गोंड, राजेंद्र प्रसाद गोंड, रामस्वरूप, राम अवतार पनिका, झांझरिया देवी, ललित कुमार गोंड, रामदास गोंड, काशी चेरो, ओम प्रकाश बैगा आदि लोग शामिल रहे।

दुद्धी बार एसोसिएशन की पहल पर हिंडाल्को व CSR टीम ने मुंसिफ कोर्ट परिसर का मुआयना किया, पक्की छत का आश्वासन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी बार एसोसिएशन की पहल पर सोमवार को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड व कंपनी की सीएसआर टीम मुंसिफ कोर्ट परिसर पहुंची और अधिवक्ताओं व वादकारियों के बैठने की असुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने टीन शेड हटाकर आरसीसी लेंटर की पक्की छत बनवाने पर सकारात्मक रुख दिखाई और अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।
मौके पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, रामपाल जौहरी, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित अधिवक्ता मण्डल मौजूद रहा। अधिवक्ताओं ने बारिश व मौसम की मार से होने वाली परेशानियों और बैठने की असुविधाओं के बारे में टीम को विस्तार से बताया।
हिंडाल्को के मैनेजर (मेंटेनेंस) सुरेश त्रिपाठी और सीएसआर प्रतिनिधि सचिन सिंह ने अधिवक्ताओं की बात गंभीरतापूर्वक सुनी।उसके बाद स्थल का निरीक्षण कर टीन शेड हटाकर आरसीसी लेंटर की छत सुसज्जित रूप में निर्माण कराने पर चर्चा की। टीम ने कहा कि आवश्यक अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा ताकि धन का आवंटन हो सके।
दुद्धी बार के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने इस पहल पर प्रसन्नता जताई और आशा व्यक्त की कि निर्माण जल्द शुरू होकर कोर्ट में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

कुएँ में गिरने से वृद्ध गंभीर, सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव में सोमवार सुबह एक वृद्ध अनियंत्रित होकर घर के पास बने कुएँ में गिर गए। परिजन व ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बचाई राम कुशवाहा पुत्र सरजू कुशवाहा सुबह करीब 4 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। अंधेरी सुबह में उनके पैर फिसलने के कारण वे घर के समीप ही बने कुएँ में गिर गए। उनकी पत्नी पास ही खड़ी थीं, जिन्होंने गिरते देख तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूझबूझ से बचाई राम को कुएँ से बाहर निकाला।
बचाई राम का उपचार फिलहाल सीएचसी दुद्धी में चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है।

पुत्र ने पिता पर लाठी डंडे से किया हमला ,मौत, जांच में जुटी पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पकरी में रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे हुए घरेलू विवाद के दौरान एक पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात घर में पिता और पुत्र के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पुत्र सोनू ने डंडे से अपने पिता के सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले गए, जहाँ चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि घायल करने के आरोप में पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधिकारीयों ने कहा कि घटना से संबंधित साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है और परिवार को शांति बनाए रखने तथा कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए कहा गया है।
स्थानीय ग्रामवासियों ने बताया कि मृतक अक्सर बेरोजगार पुत्र को काम करने के लिए कहता था और इसी बात पर दोनों के बीच बहस होती रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात भी यह विवाद इसी कारण हुआ था; कुछ लोगों ने कहा कि पिता ने पुत्र को चार-पाँच थप्पड़ भी मारे, जिसके बाद पुत्र ने गुस्से में आकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोपी की पत्नी लगभग चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जबकि मृतक का एक और विवाहित पुत्र बाहर कार्यरत है और पुत्रवधू मायके में है।
घटना के बाद मृतक की पत्नी और परिवार गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में शोक की लहर है।

मुहर्रम पर्व मनाने को लेकर केतार थाना में शान्ति समिति की बैठक आयोजित।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रदीप चंद्रवंशी

केतार आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर दिन सोमवार को केतार थाना परिसर में थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी की उपस्थिति में बिडीओ प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने सभी सदस्यों एवं ग्रामीणों से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोग मुहर्रम पर निकलने वाले ताजिया जुलूस की निर्धारित तिथि से पूर्व रूट चार्ट जमा कर दें।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीजे जब्त करने एवं डीजे मालिक पर भी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई। इस दौरान यदि कोई उपद्रवी व्यक्ति शांति भंग करने का प्रयास करता है तो वैसे लोगों को चिन्हित करने के लिए जुलूस का वीडियो बनाकर रखें, ताकि उपद्रवी व्यक्ति की पहचान की जा सके। वहीं बिडीओ प्रशांत कुमार ने कहा की
यदि कोई व्यक्ति शांति भंग करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपस्थित लोगों एवं सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम समिति आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए व शांति व्यवस्था कायम रखते हुए कार्यक्रम सम्पन्न कराएंगे। थाना प्रभारी ने कहा की जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तत्काल थाना को देने को कहा गया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सुरेश कुमार, मुकुंदपुर मुखिया मूंगा साह,मनोरंजन प्रसाद, दीनदयाल गुप्ता,बिक्रमा सिंह,इम्तियाज आलम, समाजसेवी राम विचार साहू,जसमुद्दीन अंसारी, हकीमुद्दीन अंसारी,अल्ताभ अंसारी,अली हुसैन अंसारी, अनीश गुप्ता,पीरमोहम्मद अंसारी,रेयाज अंसारी, मेराजुद्दीन अंसारी

दुद्धी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: रामलीला मैदान, नोवा हॉस्पिटल और कोतवाली में सामूहिक योग कार्यक्रम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को दुद्धी में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी और पुलिसकर्मी बढ़-चढ़ कर शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं और विद्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग को समुदाय में व्यापक रूप से प्रचारित कर लोगों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करना था।
नगर पंचायत के सहयोग से रामलीला खेल मैदान में आयोजित भव्य योग शिविर में अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का समन्वय नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने किया जबकि पतंजलि योगपीठ के सोनभद्र जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी और डॉ. अरुण कुमार विश्वास ने शिविर का सफल संचालन किया। आयोजकों ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया। पतंजलि योगपीठ की ओर से अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र और योग संबंधी पुस्तकें देकर किया गया।

इसी दिन नोवा हॉस्पिटल में आयोजित योग सत्र में अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी व नागरिकों ने भाग लिया। नोवा हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. मिथलेश कुमार ने कहा कि योग मात्र व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है और नियमित अभ्यास से शरीर व मन में सकारात्मक ऊर्जा आती है। इनरव्हील क्लब दुद्धी की अध्यक्ष राखी जायसवाल अपने सदस्याएँ के साथ योग शिविर में भाग लिए व पतंजलि परिवार के योगगुरु वीरेंद्र चौधरी तथा उनकी टीम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
दुद्धी कोतवाली परिसर में तैनात पुलिस जवानों ने भी सुबह संयुक्त योगाभ्यास कर शारीरिक फिटनेस व मानसिक सतर्कता बनाए रखने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि इन कार्यक्रमों ने समुदाय में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन अपनाएँ।

ट्रक ने दिव्यांग को मारी टक्कर, मौके पर मौत, परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।नेशनल हाईवे-39 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय दशरथ राम की मौत हो गई। घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलैयाडीह के पास, दुद्धी-विंढमगंज मार्ग के कोन मोड़ के समीप लगभग सुबह 9 बजे हुई। इससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मृतक दशरथ राम (40), पुत्र स्व. रामदेव राम निवासी सलैयाडीह थे। ग्रामीणों के अनुसार दशरथ अपने नए घर से पुराने घर जा रहे थे और इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल चला रहे थे, तभी दुद्धी की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी,जिससे दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी ट्राइसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया।
सूचना पाते ही विंढमगंज थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया । पुलिस मामले की जांच कर रही है । फरार चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है।
ग्रामीणों ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त स्थान के आसपास बड़े वाहन अक्सर मार्ग के एक किनारे खड़े रहते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और पैदल चलने वालों व छोटे वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में पुलिस प्रशासन को कई बार शिकायत की गई, पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
परिजन व स्थानीय निवासी बताते हैं कि दशरथ दोनों पैरों से दिव्यांग थे। उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब और कठिन हो गई है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मांग किया है कि मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर तुरंत लगाम लगाई जाए और सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

टेंडर पूरा, काम नहीं हुआ शुरू : खजुरी मार्ग में हादसे का खतरा बढ़ा,ग्रामीणों में रोष

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। रीवा–राँची राजमार्ग एनएच-39 से जुड़ा खजुरी संपर्क मार्ग लगभग 3 किलोमीटर लंबाई में कई स्थानों पर गहरे गड्ढों में बदल गया है, जिससे राहगीर व बाइक-स्कूटी सवार अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं। यह मार्ग काशीराम आवास के बगल से शुरू होकर खजुरी स्कूल तक बनना है।
जानकारी के अनुसार इस सड़क निर्माण का टेंडर पहले ही हो चुका है, लेकिन ठेकेदार ने अब तक कार्य शुरू नहीं किया है।
भारतीय जनता पार्टी के नेता सुरेंद्र अग्रहरि ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हुए एक माह गुजर जाने के बावजूद काम न शुरू होना लोक निर्माण विभाग की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रास्ते में जगह-जगह गड्ढे हैं, रात में अंधेरे के कारण राहगीर भी गिर जाते हैं। कई बार स्कूटी और बाइक सवार चोटिल हो चुके हैं।
अग्रहरि ने चेतावनी दी कि अगर दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो गांववाले धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे और उसके लिए विभाग जिम्मेदार होगा।

बीजपुर पुलिस को बड़ी सफलता, टॉप टेन अपराधी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीजपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए जिला स्तरीय टॉप-टेन अपराधी एवं आर्म्स एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिली है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी दुद्धी एवं थानाध्यक्ष बीजपुर के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक दीना नाथ राम एवं आरक्षी हरिश्चंद्र ने रविवार सुबह ग्राम डोड़हर स्थित पंचायत भवन के पास से वांछित अभियुक्त राजू भारती पुत्र कृष्णकान्ति भारती (27 वर्ष) निवासी ग्राम डोड़हर, थाना बीजपुर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त न्यायालय अपर सिविल जज (जू0डि0)/न्यायिक मजिस्ट्रेट दुद्धी में विचाराधीन मु0 नं0- 5040/16, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त जिला स्तर की टॉप-टेन अपराधी सूची में भी शामिल था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक दीना नाथ राम एवं कांस्टेबल हरिश्चन्द्र शामिल रहे ।

लापता विवाहिता की हत्या का पर्दाफाश: जंगल में मिले कंकाल मामले में बीजपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) कुछ दिनों पूर्व बीजपुर थाना क्षेत्र स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगलों में मिले महिला के कंकाल की गुत्थी को सुलझाते हुए बीजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल किया है। रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद किया गया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में व थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बीजपुर पुलिस टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया ।

जानकारी के अनुसार थाना म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम छानी पाथर काचन निवासी विनोद कुमार गौड़ की पत्नी पार्वती देवी 10 मई 2026 को घर से म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी दौरान मृतका की सास ने बताया कि उन्होंने गांव के ही लाले पनिका और सुरेश को मोटरसाइकिल पर पार्वती देवी को बैठाकर ले जाते हुए देखा था।
परिजनों की तहरीर पर 29 मई को थाना म्योरपुर में गुमशुदगी दर्ज की गई। अगले ही दिन ग्रामीणों और परिजनों को सूचना मिली कि मोटकी मुकुट पहाड़ी, धरतीडाड़ के जंगलों में एक महिला का कंकाल पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे पति और सास ने कंकाल के पास मिले कपड़ों एवं चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान पार्वती देवी के रूप में किया । इसके बाद शव के अवशेषों का पोस्टमार्टम बीएचयू वाराणसी में कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर 20 जून को थाना बीजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार सुबह जरहा मंदिर मोड़ के पास से सुरेश पुत्र मानिकचंद्र (23 वर्ष), निवासी सिसवा झापर, थाना बभनी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मटमैला-सफेद गमछा भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी भानुप्रताप यादव, आरक्षी राहुल गोड़ एवं आरक्षी साहिल श्रीवास्तव शामिल रहे।
बीजपुर पुलिस द्वारा किए गए इस खुलासे को क्षेत्र में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि जंगल में मिले कंकाल की पहचान से लेकर हत्यारे तक पहुंचने में पुलिस ने महत्वपूर्ण कड़ियों को जोड़ते हुए मामले का पर्दाफाश किया है।