नशे की हालत में छत से गिरा युवक,सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रजखड़ गांव में शनिवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। शराब के नशे में धुत 45 वर्षीय देवनारायण कुशवाहा पुत्र रामनिवाज अपने छत की सीढ़ियां चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज कुमार और चालक अजीत ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
चिकित्सकों के मुताबिक देवनारायण के दाएं पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। अत्यधिक नशे की हालत में होने के कारण प्राथमिक उपचार और इलाज करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फिलहाल सीएचसी में उनका इलाज जारी है, और स्थिति का अवलोकन करने के बाद आगे के इलाज या रेफर करने पर फैसला लिया जाएगा।

चार दशक सेवा के बाद कनहरेश्वर के पुजारी बाबा राम केवल दास का निधन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कनहरेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी श्री श्री 1008 बाबा राम केवल दास (80)का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे लगभग चार दशकों से शाहपुर (दुद्धी) स्थित कनहर नदी के तट पर बसे इस मंदिर से जुड़े हुए थे।
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस शनिवार को शाहपुर एन एच -39 मार्ग स्थित कनहरेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित उनके आवास पर सुबह अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति चिंताजनक पाते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में डाला के पास हृदय गति रुकने के कारण बाबा राम केवल दास का निधन हो गया। परिजनों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर पैतृक क्षेत्र अहरौरा दर्शन के लिए ले जाया गया। परिजनों ने बताया कि बाबा के अंतिम इच्छा के अनुसार उन्हें कनहर नदी मंदिर तट के आस पास मिट्टी में समाधि दी जाएगी।
मंदिर के श्रद्धालु और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। जिन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की उनमें कुलभूषण पांडे (एडवोकेट व दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष), कन्हैया लाल चंद्रवंशी, लाल बाबू अग्रहरि, जितेन्द्र कुमार चंद्रवंशी, शनि कुमार, विवेक कुमार, श्याम सुंदर अग्रहरि, राजू आढ़ती, अनमोल अग्रहरि आदि शामिल हैं।

डीएवी में मनाया गया भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – श्रीकांत सिंह

बीजपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ शिक्षक डॉ. आर. के. झा द्वारा मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री राजकुमार जी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुआ। इसके पश्चात प्राचार्य ने विद्यालय परिसर में स्थित विशाल गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गांधीजी को नमन किया। तत्पश्चात देश की आन-बान-शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के उपरांत एनसीसी कैडेट्स एवं परेड में शामिल विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। मुख्य अतिथि प्राचार्य राजकुमार ने अपने संबोधन में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज की कक्षाओं के बैंचों पर भारत का भविष्य बैठा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन एवं संपूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आप जैसा बनेंगे, देश वैसा हीं बनेगा। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। तत्पश्चात
विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन रिद्धि सिंह ने किया। वहीं विद्यार्थियों की ओर से ध्रुव भारद्वाज एवं प्रकृति श्रीवास्तव ने अपनी ओज पूर्ण प्रभावशाली वाणी से सम्पूर्ण वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत बना दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक विजय कुमार तिवारी, डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव, अनन्त मोहन, एस. पी. तिवारी, जय सिंह, डी सी शुक्ला, समता सिंह, रंजना सिंह, मीना सिंह, नीरज गुप्ता, शगुफ्ता शबनम,शुभम, कृति सिंह, श्रेया पाठक, कंचन, पूजा सिंह, नम्रता चौधरी,अलीशा सिंह, संदीप दुबे
सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पूर्ण मनोयोग से सहभागिता की। शिक्षक मनोज पाण्डेय के निर्देशन में विद्यार्थियों ने जोशीले एवं देशभक्ति से परिपूर्ण नारों का उद्घोष किया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल बना दिया।

दुद्धी में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों ने निकाली भव्य प्रभात फेरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दुद्धी कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में आजादी का अमृत महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई।
प्रभात फेरी में हाथों में तिरंगा थामे और भारत माता की जय का उद्घोष करते नन्हे-मुन्ने बच्चे कस्बे के बस स्टैंड,संकटमोचन मंदिर तिराहा,अमवार रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे। रैली सोनांचल इंटर कॉलेज, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पं. दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय और रामनगिन फार्मेसी कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों से निकाली गई। रामनगिन फार्मेसी कॉलेज के छात्रों द्वारा निकाली गई भारत माता की मनमोहक झांकी और विशाल तिरंगा यात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
प्रभात फेरी के उपरांत विभिन्न संस्थानों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, डीएलसी पब्लिक स्कूल में प्रबंधक श्रवण कुमार, डीपीएस पब्लिक स्कूल रामनगर में प्रबंधक कृष्ण कुमार,सोनांचल इंटर कॉलेज में प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव और प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में प्रबंधक डॉ लवकुश प्रजापति द्वारा ध्वजारोहण किया गया, इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों में प्रबंधक मुख्य अतिथियों के द्वारा ध्वजारोहण संपन्न किया गया ।इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से वीर जवानों की शहादत को नमन किया गया। तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, मुंसिफ कोर्ट में सिविल जज (जूनियर डिविजन) शिवानी सिंह, दुद्धी बार संघ में अध्यक्ष कुलभूषण पांडे और सिविल बार में रामलोचन तिवारी ने ध्वजारोहण किया। कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, सीओ कार्यालय में सीओ विनय प्रभाकर साहनी, खंड विकास कार्यालय में बीडीओ ,सीएचसी में पूर्व विधायक हरिराम चेरो तथा नगर पंचायत परिसर में अध्यक्ष कमलेश मोहन ने तिरंगा फहराया। वहीं गोंडवाना भवन में सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव सहित विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी और राजनीतिक कार्यालयों में झंडारोहण किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यापकों द्वारा बच्चों में मिष्ठान का वितरण किया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर मक्तब जब्बारिया पब्लिक स्कूल में भव्य कार्यक्रम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

दुद्धी/ सोनभद्र
मक्तब जब्बारिया पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के सदर जनाब रहीम बख्श खान, मक्तब के प्रबंधक मो0 आसिफ खान, सचिव जनाब सरफराज आलम एवं प्रधानाध्यापिका सादिया जाफरी व अन्य कई लोग मौजूद रहे ।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया। प्रधानाध्यापिका सादिया जाफरी ने बच्चों को नई शिक्षा प्रणाली एवं पढ़ाई की आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी। साथ ही देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद किया गया और बच्चों को देश के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

दुद्धी में बारिश के दौरान महुआ पेड़ के पास गिरी आकाशीय बिजली, मैच खेलकर लौट रहा 24 वर्षीय युवक चपेट में,इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरडीहा गाँव में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 24 वर्षीय युवक अचेत गया। आनन-फानन में ग्रामीणों और दोस्तों की मदद से युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरडीहा निवासी रामविकास (24) पुत्र मुकुल शुक्रवार शाम मैच खेलकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मौसम का मिज़ाज बिगड़ा और तेज गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। रास्ते में एक महुआ के पेड़ के समीप पहुंचा ही था, तभी अचानक वह आकाशीय बिजली के चपेट में आ गया, जिससे वह मौके पर ही अचेत हो गया।
घटना की जानकारी युवक के साथियों ने तुरंत परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों की सहायता से युवक को तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुँचाया गया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ विनोद सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर है। हालांकि युवक को चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया है और इलाज चल रहा है।

सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्धा महिला गंभीर रूप से घायल,सीएचसी दुद्धी से जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 39 दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया है। महुली बाजार से पहले शनिचर बाजार के समीप पुलिया के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने आगे चल रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चला रहे उनके पुत्र को मामूली चोटे आई ।मिली जानकारी के अनुसार महुली निवासी इन्द्रमणि देवी (70) पत्नी स्व. बच्चा राम विश्वकर्मा, अपने पुत्र चंदन विश्वकर्मा (25) के साथ शुक्रवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे जोरूखाड़ गांव से दवा लेकर बाइक से वापस घर लौट रही थीं।
जैसे ही वे एनएच-39 पर महुली बाजार से पहले शनिचर बाजार पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात अपाचे बाइक चालक ने तेज रफ्तार लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से अपनी बाइक समेत फरार हो गया।
हादसे में बाइक चालक चंदन को हल्की चोटें आईं, जबकि पीछे बैठीं उनकी मां इन्द्रमणि देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद चंदन ने परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्धा को टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान इन्द्रमणि देवी के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर और शरीर के अन्य भोगो में आई गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

राजकीय आवासीय भूमि पर अवैध पक्के निर्माण के खिलाफ ज्ञापन एसडीएम को सौंपा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विण्ढमगंज बूटभेड़वा स्थित राजकीय आवासीय भूमि के 23 बीघा हिस्से पर व्यावसायिक उद्देश्य के लिए पक्के निर्माण व अवैध कब्जे के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में मुन्ना, कामेश्वर, विजय पासवान, कमलेश, सुरेश राम, अमरेश, अशोक कुमार और अजय कुमार आदि शामिल थे।
ज्ञापन में बताया कि विनोद अग्रवाल और इस्लाम नामक व्यक्तियों द्वारा उक्त सरकारी भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि हेतु पक्का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि पहले भी इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट में इसे भवन खाते की जमीन बताया गया, जो उनके अनुसार गलत है। वहीं, कुछ समय पूर्व क्षेत्रीय लेखपाल ने भी यही भूमि अवैध निर्माण वाली बताई थी, जिससे ग्रामीणों में असंतोष है।
ज्ञापन में स्थानीय लोग अपील करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा और निर्माण को हटाया जाए। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने मौके पर आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

दुद्धी में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मनाया अखंड भारत संकल्प दिवस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल प्रखंड दुद्धी जिला रेनुकूट काशी प्रांत के तत्वावधान में शुक्रवार शाम 7 बजे कस्बा स्थित श्री संकट मोचन मंदिर परिसर में ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता बजरंग दल के प्रखंड अध्यक्ष मनोज पांडे द्वारा की गई।
इस दौरान विशेषकर कार्यकर्ताओं ने 14 अगस्त 1947 को हुए भारत के विभाजन के ऐतिहासिक संदर्भों और इसके पीछे के षड्यंत्रों पर गंभीर चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विभाग सहमंत्री सोनभद्र वीरेंद्र सोनी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि 14 अगस्त 1947 को भारत का विभाजन देश के इतिहास की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति थी। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत अखंड भारत के टुकड़े कर पाकिस्तान का निर्माण किया गया, जिसका दर्द आज भी देश महसूस करता है।
इसके साथ ही उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सतत प्रयासों से भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ है, उसी तरह समाज में सांस्कृतिक चेतना और एकजुटता बनाए रखना अनिवार्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता व संचालन के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और अधिवक्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राकेश तिवारी जिला सत्संग प्रमुख,सहदेव तिवारी प्रखंड अध्यक्ष म्योरपुर,पीयूष कुमार एडवोकेट जिला सहमंत्री रेनुकूट,संदीप गुप्ता प्रखंड अध्यक्ष दुद्धी,सोनू जायसवाल प्रखंड सहसंयोजक बजरंग दल ,कुलभूषण पांडे अध्यक्ष दुद्धी बार एसोसिएशन,रितेश जौहरी नगर कार्यवाह,मनोज मिश्रा वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जिला कार्य समिति सदस्य भाजपा,राज कुमार अग्रहरि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष इसके अलावा दिलीप एडवोकेट, मनीष जायसवाल, सुमित सोनी, राकेश श्रीवास्तव, विवेक सिंह समेत परिषद एवं दल के समस्त कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

दुद्धी में बिजली संकट पर वकीलों का हल्लाबोल, एसडीएम और सीओ से जताई नाराजगी, उग्र आंदोलन की चेतावनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)दुद्धी तहसील क्षेत्र में लगातार गहराते बिजली संकट और लचर आपूर्ति व्यवस्था से नाराज अधिवक्ताओं का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। बुधवार को दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकीलों ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर चरमराई विद्युत व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कचहरी परिसर से एकजुट होकर निकले अधिवक्ताओं के दल ने जुलूस के रूप में तहसील तिराहे स्थित बिजली बिल भुगतान केंद्र का रुख किया। बिजली केंद्र के सामने पहुँचकर वकीलों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं का दल तहसील मुख्यालय पहुँचा, जहाँ उन्होंने उपजिलाधिकारी एसडीएम अशोक कुमार और क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी से मुलाकात की। वकीलों ने अधिकारियों के सामने अपनी कड़ी नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में बिजली कटौती से आ रही समस्याओं की शिकायत की और व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो अधिवक्ता समाज चुप नहीं बैठेगा और बाध्य होकर उग्र आंदोलन की राह चुनेगा।
जुलूस में प्रेमचंद यादव जितेंद्र श्रीवास्तव रामपाल जौहरी रामजी पांडे सतनारायण यादव पीयूष आशीष गुप्ता अभिनव जायसवाल सहित काफी संख्या में अधिवक्ता रहे ।

दुद्धी में उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में निकली हर घर तिरंगा यात्रा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को जन जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज बुधवार को कस्बे में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में निकली इस रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्राओं ने भारी संख्या में भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ सुबह लगभग 11 बजे ब्लॉक परिसर से हुआ। हाथों में राष्ट्रध्वज थामे और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए प्रतिभागियों का जुलूस ब्लॉक परिसर से निकलकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। पूरे नगर भ्रमण के पश्चात जुलूस पुनः ब्लॉक परिसर पहुँचकर संपन्न हुआ।
यात्रा में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव तथा युवा कल्याण विभाग से धर्मेंद्र कुमार समेत ब्लॉक के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। इसके अलावा ग्राम प्रधानों, पीआरडी जवानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बढ़ चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

दो नाबालिग बच्चियों से लैंगिक अपराध के दोषी को उम्रकैद व 73 हजार अर्थदंड

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। नाबालिग बच्चियों के साथ गंभीर लैंगिक अपराध के मामले में सोनभद्र की पॉक्सो अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए अभियुक्त अली फैयाज उर्फ फैज पुत्र सलीमुद्दीन अंसारी निवासी अनपरा सोनभद्र को दोषसिद्ध कर शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने अभियुक्त पर विभिन्न धाराओं में कुल 73,000 का अर्थदंड भी लगाया है।
अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट सोनभद्र ओमकार शुक्ला की अदालत ने यह महत्वपूर्ण निर्णय थाना अनपरा के मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 में सुनाया।
अभियोजन के अनुसार अभियुक्त ने दो नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर उनके साथ लैंगिक अपराध किया था। मामले में अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 65(2), 75(1)(i), 351(3) तथा पाक्सो एक्ट की धारा 5(एम)/6, 5L/6, 9L/10 एवं 9एम/10 के तहत आरोप विरचित किए गए थे।
सुनवाई के दौरान अभियोजन ने पीड़िताओं के महत्वपूर्ण बयानों के साथ-साथ चिकित्सकीय साक्ष्य, जन्मतिथि संबंधी दस्तावेज, पुलिस विवेचना एवं अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उपलब्ध साक्ष्यों का समग्र परीक्षण करने के बाद अदालत ने अभियुक्त को दोषी पाया। अदालत ने पॉक्सो एक्ट के गंभीर अपराधों के लिए अभियुक्त को आजीवन कारावास अर्थात उसके शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक कारावास की सजा सुनाई। इसके अतिरिक्त कुल 73,000 अर्थदंड भी अधिरोपित किया गया। अर्थदंड जमा न करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास भुगतने का आदेश दिया गया है।
सजा के प्रश्न पर न्यायालय ने उच्चतम न्यायालय के विभिन्न निर्णयों का उल्लेख करते हुए अपराध की प्रकृति, उसकी गंभीरता, पीड़िताओं पर पड़े प्रभाव तथा समाज पर उसके प्रभाव को दंड निर्धारण में महत्वपूर्ण माना।
न्यायालय ने मामले की परिस्थितियों और अपराध की गंभीरता को देखते हुए माना कि कठोर दंड दिया जाना आवश्यक है।
इस फैसले की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि अभियुक्त पर आरोप विरचित होने के बाद महज 4 माह 4 दिन में सुनवाई पूरी कर उसे दोषसिद्ध करते हुए सजा सुना दी गई। पॉक्सो जैसे गंभीर अपराध में त्वरित सुनवाई के माध्यम से पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले में राज्य की ओर से सरकारी वकील दिनेश प्रसाद अग्रहरि एवं नीरज कुमार सिंह ने बहस किया।

समाजवादी पार्टी की बैठक पिंडारी में

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। समाजवादी पार्टी और पीडीए के संयुक्त कार्यक्रम के तहत म्योरपुर ब्लॉक के पिंडारी गांव में 12 अगस्त को विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सभा के बारे में जानकारी देते हुए पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री रामाश्रय विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लेंगे।
अवधनारायण यादव ने कहा कि जिले, तहसील, सेक्टर और बूथ स्तर के सभी पदाधिकारी तथा अन्य सम्बंधित पदाधिकारी सम्मेलन में शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर व्यापक रूप से विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अनिवार्य रूप से सम्मेलन में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।

दुद्धी में बीजेपी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा,हाथों में तिरंगा लेकर गूंजे देशभक्ति के नारे, दिखा राष्ट्रभक्ति का उत्साह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कस्बे में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर 11 अगस्त को भाजपा मंडल दुद्धी के द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। घर-घर तिरंगा पहुंचाने और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।रामलीला मैदान से शुरू हुई यात्रा संकट मोचन मन्दिर होते हुए काली मन्दिर तिराहे से वापस रामलीला मैदान पर आकर समाप्त हुई पहुंची। रास्तेभर हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।यात्रा की अगुवाई दुद्धी विधानसभा निवर्तमान प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड़ ,दुद्धी मण्डल प्रभारी विशाल पांडे ,नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने की। इस दौरान सोनांचल इंटर कॉलेज के छात्र छात्राएं और नंन्हे मुन्ने बच्चों एवं कार्यकर्ताओं तथा अन्य लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे वंदेमातरम के नारे लगाए ।इस अवसर पर श्रवण सिंह गोंड़ ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान और संघर्ष को याद करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह व तिरंगा यात्रा मण्डल संयोजक मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी के आवाहन पर विगत कई वर्षों से तिरंगा यात्रा प्रत्येक गांव शहर में निकाली जा रही है, उसी क्रम में आज दुद्धी मण्डल में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई है ,इसे घर-घर पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और वीरों के बलिदान से परिचित कराना भी है, ताकि युवा मातृभूमि के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।इस अवसर पर मुख्यरूप से दिलाप पांडे सुमित सोनी पंकज अग्रहरि उर्फ बुल्लू जितेन्द्र चन्द्रवँशी राजेश्वर श्रीवास्तव प्रेमनारायण मोनू सिंह धीरज जायसवाल धनंजय रावत अंशुमान रॉय हिमांशु चौरसिया अजय चंद्रवंशी धर्मेंद्र पाल आनंद अग्रहरि मोहित अग्रहरि निरंजन गुप्ता विकाश सोनी अनुरोध आमेश सिंह सत्यम कश्यप प्रवीण जायसवाल गौरव अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहें।

सर्पदंश से वृद्धा की हालत बिगड़ी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के दीघुल गाँव में मंगलवार सुबह सर्पदंश की एक दुखद घटना सामने आई है। खेत की तरफ गई एक 50 वर्षीय महिला को अज्ञात विषैले सांप ने डस लिया। परिजनों की सूझबूझ से महिला को समय पर अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीघुल निवासी चंपा देवी (50) पत्नी देवकुमार मंगलवार सुबह खेत की ओर गई हुई थीं। इसी दौरान घास में छिपे किसी अज्ञात विषैले सर्प ने उन्हें काट लिया। सांप के काटने के तुरंत बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी।
घटना के बाद परिजनों ने बिना समय गंवाए 102 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज कुमार और चालक विजय राजभर मौके पर पहुँचे और पीड़िता को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया।जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में महिला का इलाज चल रहा है।चिकित्सक ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुँच जाने के कारण पीड़िता का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है।

विशेष न्यायाधीश ने 2019 के पॉक्सो मामले में अभियुक्त को दोषी करार दिया, तीन वर्ष की सजा व ₹20,000 जुर्माना

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र /दुद्धी।विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) ओमकार शुक्ला ने वर्ष 2019 में हुई एक नाबालिग बालिका से जुड़ी संगीन घटना के मामले में अभियुक्त लालबाबू निवासी रजमिलान थाना बीजपुर को दोषी करार देते हुए उसे तीन वर्ष के कठोर कारावास एवं ₹20,000 के अर्थदंड से दंडित किया है। यह निर्णय विशेष सत्र परीक्षण संख्या-28/2020, राज्य बनाम लालबाबू में सुनाया गया।
पुलिस और अभियोजन के अनुसार, वर्ष 2019 में आरोपी ने जंगल में नाबालिग पीड़िता के साथ अश्लील हरकत और लैंगिक उत्पीड़न किया था। मामले की जांच के पश्चात पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल किया और मामला न्यायालय में चला। मुकदमे के दौरान अभियोजक पक्ष ने पीड़िता, उसके परिजनों, चिकित्सक, विवेचक तथा अन्य गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए।
न्यायालय ने प्रस्तुत साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अभियुक्त को धारा 354-ख आईपीसी तथा धारा 8 पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत दोषसिद्ध पाया। न्यायालय ने कहा कि साक्ष्य मजबूत और विश्वसनीय हैं, जिससे आरोपी की आपराधिक जिम्मेदारी सिद्ध होती है। साथ ही अदालत ने अर्थदंड की राशि पीड़िता को नियमानुसार देने का आदेश भी जारी किया।
राज्य की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्री दिनेश प्रसाद अग्रहरी एवं श्री नीरज कुमार सिंह ने मामले की पैरवी की। अभियुक्त के वकील ने सुनवाई में अपनी दलीलें प्रस्तुत कीं, पर न्यायालय ने उन्हें खारिज कर दिया।
न्यायालय के इस निर्णय को स्थानीय सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा के मामलों में कड़ा संदेश माना जा रहा है। पीड़िता को दी जाने वाली अर्थदंड की राशि के विषय में जिला प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।

दुद्धी में नई सीसी सड़क का भूमि पूजन , करीब ₹82 लाख में बनेगी सड़क

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।नगर पंचायत दुद्धी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए जेम्स स्कूल गेट से महावीर मोहाल होते हुए राजमन गुप्ता के घर तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। लगभग ₹82 लाख की अनुमानित लागत से बनने वाली इस सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया।
चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि नगर क्षेत्र में बेहतर सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नई सीसी सड़कों के बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और बरसात के दिनों में कीचड़ व जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।इस अवसर पर पंकज अग्रहरि उर्फ बुल्लू, दीपक शाह, वार्ड सभासद निरंजन, धीरज, शाहिद आलम, सोनू, सुमित सोनी, प्रेम नारायण उर्फ मोनू, धनंजय रावत ,राकेश आजाद तथा नगर पंचायत दुद्धी ब्रांड एम्बेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।स्थानीय लोग इस विकास कार्य का स्वागत कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि सड़क निर्माण समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के निवासियों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके।

छात्र नेताओं ने दी चेतावनी, खेल ग्राउंड न मिला तो होगा व्यापक आंदोलन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय के मौजूदा खेल मैदान पर हेलीपैड निर्माण के विरोध में गुरुवार को छात्र नेताओं ने प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर नाराजगी जताई और प्रशासन को चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन द्वारा शुरू किए जा रहे निर्माण कार्य के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राएं खेल गतिविधियों से वंचित हो गए हैं, जिससे उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है ,यह बाते प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहीं।
प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वैकल्पिक खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा नए क्रीड़ा स्थल का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि बिना खेल सुविधाओं के शिक्षा का समग्र उद्देश्य प्रभावित होगा और विद्यार्थियों के अधिकारों के साथ अन्याय होगा।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष श्रेयांशु अग्रहरि ने बताया कि खेल प्रत्येक विद्यार्थी का मौलिक शैक्षणिक अधिकार है और नया हेलीपैड बनाने के नाम पर खेल मैदान छीनना नई शिक्षा नीति व उच्च शिक्षा के उद्देश्यों के खिलाफ है। छात्र नेता करन प्रताप सिंह, आदित्य जायसवाल, एकलव्य प्रताप सिंह (वंश, कप्तान कॉलेज क्रिकेट टीम), करन चौधरी, कार्तिक प्रताप सिंह तथा उज्ज्वल प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी कि प्रशासन तथा संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र नया खेल मैदान न बनवाया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से हस्तक्षेप कराने पर मजबूर होंगे।
छात्र नेताओं ने यह भी मांग की कि हेलीपैड के निर्माण के साथ-साथ विद्यार्थियों के उपयोग के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस नया ग्राउंड विकसित किया जाए, ताकि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और भविष्य प्रभावित न हो। ज्ञापन सौंपते समय छात्रों ने कहा कि उनका संघर्ष पूरी तरह छात्र हित एवं महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए है और वे प्रशासन को सकारात्मक निर्णय लेने के लिए कुछ समय दे रहे हैं।छात्रों नेताओं ने कहां की इस मामले में अगर प्रशासन की ओर से जल्द समाधान नहीं निकला तो छात्र अपनी चेतावनियों को गति दे सकते हैं,जिसकी पूरी जिम्मेदारी कालेज प्रशासन और संबंधित प्रशासन की होगी।

ठेमा नदी तट स्थित मंदिरों में लगी हाईमास्ट व विद्युत लाइटें, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन के पहल से ठेमा नदी स्थित काली जी मंदिर, शंकर जी मंदिर एवं पीपल स्थान पर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विद्युत उपकरणों एवं लाइटिंग की व्यवस्था कराई गई।
धार्मिक स्थलों पर की गई इस पहल से अब शाम एवं रात्रि के समय दर्शन पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे मंदिर परिसर अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
इस अवसर पर धनंजय रावत, दुलारे, उमेश अग्रहरि, अमरनाथ तथा वीरसिंह गोंड सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कुएं में मृत पड़े चूहे को निकालने जा रहे किसान को रास्ते में कोबरा ने डसा , परिवार में मचा कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा गांव में बृहस्पतिवार को एक विषैले जंतु के काटने से एक किसान की मौत हो गई।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धूमा निवासी नागेन्द्र यादव (42) पुत्र कैलाश यादव बृहस्पतिवार दोपहर लगभग 12 बजे अपने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित खुद के कुएं में पहले से मृत पड़े चूहे को निकालने के लिए वह जा रहे थे कि बीच रास्ते में एक अत्यधिक विषैले सर्प (कोबरा) ने उनके दाएं पैर में डस लिया।
सर्प दंश के बाद परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में सीएचसी दुद्धी पहुँचाया, जहाँ चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया ।
सीएचसी में मौजूद परिजनों ने बताया कि मृतक किसान नागेंद्र यादव के परिवार में पत्नी ,एक पुत्र और दो विवाहित पुत्रियाँ है ।
पुत्र काम के सिलसिले में अन्य प्रदेश गया हुआ है ।अस्पताल के मेमो के सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम हाउस रखवा दिया है ।वहीं विंढमगंज पुलिस घटना की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

माता पिता के साथ धान रोपाई में गई 5 वर्षीय मासूम बच्ची बंधी में डूबी,मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में खेत के पास स्थित बंधी में डूबने से 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना मंगलवार शाम की बतायी जा रही है, लेकिन बच्ची का शव बुधवार सुबह बंधी के पास मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौडीहा गांव निवासी रामदास अपनी पत्नी सहित धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। उनकी 5 वर्षीय पुत्री पार्वती भी अपने माता पिता के साथ खेत में मौजूद थी। परिवार खेत में काम में व्यस्त था और खेत से लगभग 200 मीटर दूरी पर बंधा स्थित है। खेलते‑खेलते पार्वती परिजनों की निगाहों से ओझल हो गई और कब वह बंधी तक पहुंच गई,इसकी खबर किसी को नहीं रही ।परिजनों ने मंगलवार शाम से देर रात तक बच्चे की खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला । बुधवार सुबह जब खोजबीन के दौरान परिजन बंधी के पास पहुंचे तो पार्वती का शव पानी में पड़ा मिला। परिजन बच्ची को पानी से निकालकर बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजन घटना की सूचना बीडीसी प्रदीप को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की औपचारिकताएँ पूरी कर ली गई हैं और आगे की जांच जारी है।
मृतक के पिता ने बताया कि परिवार में कुल छह बच्चे हैं तीन पुत्र और तीन पुत्रियों में पार्वती तीसरे नंबर व अपनी बहनों में दूसरे नंबर पर थी। इस हृदयविदारक घटना से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है ।परिवार सहित पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

मासिक बैठक में प्रदेश में 5 वीं बार बसपा की सरकार बनाने के लिए बूथ मजबूती पर जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।बहुजन समाज पार्टी दुद्धी विधानसभा की मासिक बैठक तुलसी निकेतन धर्मशाला में संपन्न हुई । मुख्य अतिथि मिर्जापुर मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी राम विचार गौतम एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा प्रभारी नंदू प्रसाद गौतम एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष संदीप भारती ने किया ।मुख्य अतिथि ने बताया कि हमें अपने बुथ कमेटी को मजबूत करना है, जिससे आने वाला चुनाव मजबूती से लड़ सके और बहुजन समाज पार्टी की पांचवीं बार सरकार उत्तर प्रदेश में बन सके, मुख्य अतिथि द्वारा कई बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया जिसमें महंगाई बेरोजगारी एवं बढ़ते डीजल पेट्रोल के दामों पर अंकुश न लगने के कारण इसका असर जनता पर पड़ रहा है,आज किसान यूरिया डीएपी के लिए परेशान है उसको समय पर खाद बीज नहीं मिल पा रहा है जिससे जनता को खेती किसानी करने में दिक्कत हो रही है, उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हमें एकजुट होकर के आने वाला चुनाव मजबूती से लड़ना है जिससे हम अपना विधायक और सरकार बना सकें, कार्यक्रम मुख्य रूप से विधानसभा उपाध्यक्ष मोहम्मद वकील शेख, विधानसभा महासचिव संतोष खरवार, विधानसभा सचिव लक्ष्मण पनिका, विधानसभा कोषाध्यक्ष मनीष दुबे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मनोज कुमार, पुर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजू कुमार गुप्त, पूर्व विधानसभा सचिव मोहनलाल पनिका, जोन इंचार्ज रामलाल गोड़, रमेश कुमार,सेक्टर अध्यक्ष क्रमशः अरुण कुमार,सुरेंद्र कुमार,जगजीवन भारती, गोपाल भारती, इंद्रदेव गौतम, अनिल कुमार, देहाती, राजकुमार, मुखदेव गौतम,जयनाथ खरवार, उत्कर्ष गुप्ता,‌जयन्त कुमार, इस मणी पनिका, इस्लामुद्दीन,आदि बूथ एवं सेक्टर के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उत्तरप्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत बालिकाओं को पुस्तकें वितरित, शिक्षा व कौशल विकास पर ज़ोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। उत्तरप्रदेश कौशल विकास मिशन के सहयोग से पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी में बुधवार को स्कूली छात्राओं को शैक्षिक पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अध्ययन हेतु आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना तथा उनके ज्ञान व व्यावहारिक कौशल के विकास को प्रोत्साहित करना बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्राओं को गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान तथा भाषा विषयों सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की पुस्तकें प्रदान की गईं। पुस्तकों की प्राप्ति से छात्राओं में उत्साह दिखा और उन्होंने आगे के अध्ययन की इच्छा व्यक्त की। मौके पर उपस्थित अधिकारियों व शिक्षकों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने और शिक्षा के साथ साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कौशल विकास मिशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगारपरक व व्यावसायिक कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से न केवल शैक्षिक स्तर में सुधार होगा, बल्कि भविष्य में रोजगार व स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कार्यक्रम आयोजित करने में सहयोग करने वाले संबंधित विभाग व अधिकारीगण का आभार व्यक्त किया और छात्राओं से पुस्तकों का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य प्राप्ति हेतु निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं, संबंधित विभाग के प्रतिनिधि तथा छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ किया गया।
इस मौके पर कौशल विकास मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के दिनेश गुप्ता व दीपक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समाजवादी पार्टी की बैठक पार्टी को मजबूत करने नरेंद्र सिंह गोंड को आगामी चुनाव में विजय दिलाने पर गहन चर्चा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कस्बा स्थित डीसीएफ कॉलोनी में आज बुधवार को गोंडवाना भवन में समाजवादी पार्टी की महीने की पहली बैठक आयोजित की गईl बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने कियाl बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाई गई ।इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित किया ।पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके पद चिन्ह पर चलने का संकल्प लियाl समाजवादी पार्टी की बैठक में क्षेत्र की तमाम समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया और समस्याओं को प्रभावी और कारगर तरीके से समाधान करने के दिशा में रणनीति तैयार किया गयाl पर्यावरण संरक्षण और मतदाता सूची में नाम बढ़ाने विश्व आदिवासी दिवस पर चर्चा मजबूती लाने के पहल किया गया l आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के मजबूत प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गौड़ विजय दिलाने के पूरे विधानसभा में युद्ध स्तर पर बैठकें में पार्टी के लोगों से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गईl समाजवादी पार्टी दुद्धी विधानसभा के प्रभावी प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गोंड ने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता और छात्र पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं सरकार के द्वारा छात्रों के साथ अन्याय किया जा रहा है पेपर लीक कर करके छात्रों की भविष्य खिलवाड़ किया जा रहा है l देश प्रदेश में आम लोग महंगाई भ्रष्टाचार जैसे समस्याओं से जूझ रहे हैं किसने की फसल के दौरान खाद भी नहीं मिल पा रहा है ,उसमें भी भ्रष्टाचार का बोलबाला है बेरोजगारी जंगल जमीन आदिवासियों की समस्याएं बनी हुई है ।सरकार और प्रशासन के द्वारा कोई समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा हैl उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और समस्याओं बेरोजगारी से तंग आ चुकी है और सरकार को इस बार जनता बाय-बाय करने वाली हैl बैठक में विनोद सिंह गोंड जगदीश प्रसाद यादव कल्याण खान नागेंद्र यादव हरिशंकर यादव अजय यादव गौस मोहम्मद खान राजकुमार रामलाल अनवर अली प्रेमसागर पांडे गोविंदा विश्वकर्मा कौशल्या देवी आशा रावत सोना बेगम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे l

किसान की घर पर करंट लगने से मौत, परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।बभनी थाना क्षेत्र के ग्राम बरवाटोला मैरहवा निवासी नागवंत (35) नामक युवक की घर पर अचानक करंट लगने से मृत्यु हो गई। परिजनों ने मंगलवार को थाना बभनी में सूचना दी। पुलिस के अनुसार घटना 3 अगस्त को दोपहर लगभग 2 बजे घटित हुई।
बताया गया कि खेत से धान रोपाई करके घर लौटने के बाद नागवंत ने घर के अंदर लगे बिजली बोर्ड का स्विच ऑन किया, तभी अचानक करंट लग गया। शोर सुनकर उसकी पत्नी पूनम देवी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार हेतु परिवारजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन ने थाना बभनी में शिकायत देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया है ।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है ।

बीड़र गांव में 24 घंटे से अधिक बिजली गुल, ग्रामीणों में आक्रोश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक के बीड़र गांव में लगभग 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में रोशनी के साथ-साथ नाराजगी भी फैल गई है। आज मंगलवार सुबह 10 बजे समाजसेवी कार्तिक पटेल और उनके साथियों ने दुद्धी पावर हाउस पहुंच कर बिजली विभाग के कर्मचारियों से जवाब मांगा और तत्काल बिजली बहाल करने की मांग की।
घटना की जानकारी के अनुसार, कार्तिक पटेल के नेतृत्व में छोटे पटेल, अशोक कुमार, रामनरेश पटेल, शिवाकांत कुशवाहा, अनुराज पटेल, जावेद अहमद, अंकित पटेल सहित कई युवा पावर हाउस पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय कर्मचारियों से बिजली आपूर्ति के बंद रहने के कारणों के बारे में पूछा। विभाग के कर्मचारी राजेश पटेल ने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल खेती-बाड़ी का सीजन चल रहा है और विद्युत खपत बढ़ने के कारण लोड बढ़ गया है, जिससे कुछ तकनीकी कठिनाइयाँ आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समस्या को विभाग द्वारा जल्द ही सुधारा जा रहा है और बिजली बहाल कर दी जाएगी।
इसी के साथ पावर हाउस पर मौजूद जेई राकेश कुशवाहा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति तत्काल चालू कर दी जाएगी। बावजूद इसके स्थानीय समाजसेवी कार्तिक पटेल ने चेतावनी दी कि यदि बिजली जल्द बहाल नहीं हुई तो वे और उनके साथियों द्वारा प्रदर्शन और धरना-प्रदर्शन की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दिनों भी आवर्ती कटौती से आपाधापी का सामना करना पड़ा है और कृषि तथा घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने विभाग से स्थायी समाधान और समय पर सूचना देने की मांग की है।

सूपाचुआ में बिजली का करंट लगने से युवक की मौत,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।थाना म्योरपुर क्षेत्र के सूपाचुआ गांव निवासी राजेश (33) पुत्र रामखेलावन की मृत्यु मंगलवार को घर में बिजली का कनेक्शन जोड़ते समय करंट लगने से हो गई। घटना की जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 11 बजे वे अपने घर के बोर्ड में नया कनेक्शन जोड़ रहे थे तभी अचानक करंट का संपर्क आने से वे चपेट में आ गए और अचेत हो गए।
परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी म्योरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मेमो के माध्यम से म्योरपुर थाने को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्यवाही की और शव को कब्जे में लेकर औपचारिकताओं और पोस्टमार्टम के लिए शव को दुद्धी भेज दिया गया।
पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है ।

राज्य स्तरीय खेल संगठन में शैलेंद्र कुमार मिश्रा को मिली अहम जिम्मेदारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश में मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश जीत कुने-डो एसोसिएशन ने खेल के प्रचार-प्रसार एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शैलेंद्र कुमार मिश्रा को संगठन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में एसोसिएशन के महासचिव मुकेश मिश्रा द्वारा आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।
नियुक्ति पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि शैलेंद्र कुमार मिश्रा उत्तर प्रदेश में जीत कुने-डो खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने, नई प्रतिभाओं की खोज, प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन तथा संगठन के विस्तार के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। साथ ही उन्हें खेल की गरिमा बनाए रखते हुए एसोसिएशन की नीतियों एवं नियमों के अनुरूप प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
एसोसिएशन ने अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया है कि शैलेंद्र कुमार मिश्रा के अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं खेल के प्रति समर्पण से उत्तर प्रदेश में जीत कुने-डो खेल को नई पहचान मिलेगी। उनके नेतृत्व में अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ने, खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने तथा प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
यह नियुक्ति एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगी, जिसे उनके कार्यों एवं उपलब्धियों के आधार पर आगे भी बढ़ाया जा सकता है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही खेल जगत, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। अनेक खेल प्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने शैलेंद्र कुमार मिश्रा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश जीत कुने-डो एसोसिएशन नई उपलब्धियां हासिल करेगा और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए एसोसिएशन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले तक जीत कुने-डो खेल को पहुंचाना, युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों के सहयोग से उत्तर प्रदेश को जीत कुने-डो के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।

₹25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर नहीं, घायल होकर गिरफ्तार! सर्राफा व्यापारी लूटकांड का सनसनीखेज खुलासा, लाखों के आभूषण बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनीसोनभद्र। जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर लंबे समय से पुलिस की नजर थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश सर्राफा व्यापारी से हुई लाखों रुपये की लूट का मुख्य आरोपी है। उसकी निशानदेही पर लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर जैसे गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफलता से सर्राफा व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी से व्यापारियों में व्याप्त भय का माहौल समाप्त होगा और लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा और बढ़ेगा। पुलिस ने बरामद माल की विधिक कार्रवाई पूरी कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बेकाबू रफ्तार का कहर: आधी रात ट्रेलर बना मौत का पैगाम, तीन दुकानें और मकान रौंदा, पूर्व प्रधान का बेटा गंभीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा स्थित मारकुंडी में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार खाली ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तीन दुकानों और एक मकान में जा घुसा। तेज धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। गहरी नींद में सो रहे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हादसे में पूर्व प्रधान के 45 वर्षीय पुत्र रामलखन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन दुकानों और एक मकान को भारी क्षति पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार इस दुर्घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर तेज गति से मारकुंडी घाटी की ओर से आ रहा था। अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे सड़क किनारे बने प्रतिष्ठानों को तोड़ते हुए मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकानों के शटर, दीवारें और अंदर रखा सामान पूरी तरह बिखर गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के दौरान घायल हुए रामलखन यादव को स्थानीय लोगों ने तत्काल मलबे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। समय रहते आसपास के लोग बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि दुर्घटना के समय दुकानों पर भीड़ होती, तो जनहानि और भी अधिक हो सकती थी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि मारकुंडी क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों का संचालन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। कई बार प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और सख्त निगरानी की मांग की जा चुकी है, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
सूचना पर पहुंची चोपन थाना पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलाने, घायल के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने तथा मारकुंडी मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सेवा का संकल्प स्वास्थ्य का उपहार अभाविप ने गोठानी में लगाया विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक मरीजों को मिला इलाज और दवा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा/सोनभद्र। सामाजिक सरोकारों को मजबूत करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनभद्र ने एक बार फिर सेवा कार्यों की मिसाल पेश की। ओबरा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गोठानी में परिषद की ओर से आयोजित विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे 100 से अधिक मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
सुबह से ही स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर, बुखार, सामान्य रोगों सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की। गंभीर मरीजों को आगे के उपचार के लिए आवश्यक सलाह भी दी गई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को काफी हद तक दूर करते हैं।
इस अवसर पर अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन निषाद ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र हितों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़े होकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग देना है। भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।
उन्होंने युवाओं से भी समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य कर रहा है।
शिविर के दौरान अभाविप के कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण, मरीजों की व्यवस्था, दवा वितरण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने परिषद के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की मांग की।
कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना से ओत-प्रोत रहा।

एक तरफा मारपीट में घायल झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष फूल कुमारी से पूर्व मंत्री ने जाना हाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार. केतार थाना क्षेत्र के ताली गांव निवासी एवं झामुमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष फूल कुमारी देवी, जो इन दिनों सदर अस्पताल गढ़वा में इलाजरत हैं. उनसे सोमवार को पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान उनके साथ सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कनेडी भी मौजूद थे. उल्लेखनीय है कि करीब एक सप्ताह पूर्व फूल कुमारी देवी पर गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनके घर के दरवाजे पर लाठी-डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल गढ़वा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. मारपीट में उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि माथे, पेट एवं शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं. घटना के संबंध में फूल कुमारी देवी ने केतार थाना में छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुये एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हालांकि मुख्य आरोपी सहित अन्य अभियुक्त अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. इसे लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है. झामुमो महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. इस दौरान पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने फूल कुमारी देवी को आश्वस्त किया कि मामले के दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जायेगा और सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. मौके पर शनि चंद्रवंशी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे.

कर्ज का शिकार हुआ युवक कीटनाशक दवा खा कर किया आत्महत्या।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार।थाना क्षेत्र के ताली दक्षिणी टोला निवासी उजागिर साह के तीस वर्षीय पुत्र सुरजन साह ज्यादा कर्ज होने के तनाव में आकर सोमवार की सुबह करीब ढाई बजे कीटनाशक दवा खा कर सो गया।तभी उसकी पत्नी को आशंका हुआ कि मेरे पति का तबियत अचानक खराब हो रहा है।तभी पत्नी पूजा देवी परिजनों को सूचना दी।परिजनों ने आनन फानन में गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखकर चिकित्सा शुरू किया।परंतु अधिक समय हो जाने के कारण सुरजन की स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो पाया।अंतोगत्वा सुबह सात बजे उसका मौत हो गया।

सुरजन ने अपने पीछे दो पुत्र चार वर्ष का एक मासूम रितेश एवं एक वर्ष का मासूम ऋतिक और भरे परिवार को जीवन भर का दुख देकर दुनिया से चला गया।जैसे ही गांव में सुरजन की मौत की खबर मिली तो गांव में मानो जैसे सन्नाटा पसर गया।मौत की सूचना मिलते ही युवा समाजसेवी पंकज कुमार सिंह,मुखिया मूंगा साह,बीडीसी प्रतिनिधि इम्तियाज अंसारी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।पंकज सिंह ने कहा कि आज के युवाओं को आत्महत्या बिना सोचे समझे कर लेते है जो उनकी परिवार को आजीवन दुखों का सामना करना पड़ता है,जो काफी चिंताजनक है।मुखिया मूंगा साह ने परिजनों की घर जाकर ढाढस बंधाया।उन्होंने कहा कि आज के पढ़े लिखे युवा भी अपने जिंदगी सोच समझ कर नहीं जी पा रहे हैं,जिसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ रहा है।

शीशटोला लूटकांड का खुलासा, 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश पंकज साह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से लूटा गया चांदी के आभूषणों से भरा बैग, अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह वारदात 18 जुलाई 2026 को हुई थी। चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर घर लौट रहे थे, तभी शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर उन्हें रोककर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में थाना बभनी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी ने बताया कि सोमवार तड़के बभनी पुलिस, एसओजी, म्योरपुर और दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम अरझट पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर वे भागने लगे। बारिश के कारण बाइक फिसलने पर दोनों झाड़ियों की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में पंकज साह ने स्वीकार किया कि उसने संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर पहले व्यापारी की रेकी की और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया बैग बरामद कर लिया, जिसे पीड़ित ने मौके पर ही पहचान लिया। बैग से 7 हसुली, 38 जोड़ी पायल, 7 जोड़ी पाजेब, 3 जोड़ी पहुंची, एक जोड़ी बेरवा और 25 फॉक्स चेन समेत बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, फायरशुदा खोखे और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार पंकज साह का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ सोनभद्र तथा मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि सोनभद्र में अपराध करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

दुद्धी पुलिस की त्वरित साइबर कार्रवाई से पीड़ित के खाते में वापस आए 50,300

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन में थाना दुद्धी की साइबर टीम ने तेज कार्रवाई कर एक युवक के खाते से गलती से स्थानांतरित हुई 50,300 की राशि वापस करवाई। क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही से पीड़ित ने राहत की सांस ली है ।
कस्बा वार्ड नंबर-02 दुद्धी निवासी अभिषेक कुमार पुत्र गुड्डू कुमार ने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से क्यूआर स्कैनर के माध्यम से यूपीआई द्वारा गलती से 50,300 एक अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट एनसीआरपी पर भी दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद थाना दुद्धी की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ट्रांजैक्शन की गई राशि को होल्ड कराया। टीम ने संबंधित खाते व मोबाइल नंबर का पता लगाकर संपर्क किया और आवश्यक कानूनी व बैंकिंग कार्रवाई कराते हुए पूरी राशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करवाई।
राशि वापस मिलने के बाद पीड़ित अभिषेक कुमार ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक थाना दुद्धी तथा साइबर टीम का आभार व्यक्त कर उनकी सराहना की।
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, कांस्टेबल मंतोष, महिला कांस्टेबल संध्या यादव तथा साइबर हेल्प डेस्क की टीम शामिल रही।

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।सावन के पवित्र महीने के पहले सोमवार पर आज पूरा नगर शिव भक्ति में लीन नजर आया। तड़के से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। नगर के प्राचीन शिवालय मंदिर,श्री कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, श्री हीरेश्वर नाथ शिव मंदिर लौवा नदी,कैलाश कुंज द्वारा मल्देवा और प्राचीन शिवाजी तालाब स्थित शिवालय सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
सुबह से ही शिव मंदिरों के बाहर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया।साथ ही भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, फूल और फल अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
माना जाता है कि इस दिन सच्चे मन से शिवजी का जलाभिषेक करने और बेलपत्र चढ़ाने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
विशेष रूप से प्राचीन शिवाला , श्री कन्हरेश्वर महादेव मंदिर,श्री हीरेश्वर नाथ शिव मंदिर लौवा नदी,कैलाश कुंज द्वारा मल्देवा और शिवाजी तालाब स्थित शिवाला पर सुबह से ही पूजा अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
दिनभर चले इस पूजा अर्चना के क्रम से पूरा नगर शिवमय और भक्तिमय बना रहा।

रेणुकूट हिण्डालको के कर्मचारी रवि सिंह भारत देश के लिए जीता ब्रॉन्ज़ मेडल 32 देशों के बीच लहराया तिरंगा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।जनपद के रेणुकूट निवासी रवि सिंह, पुत्र स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह, रवि सिंह जो हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के विभाग ब्वायलर को-जेनरेशन में कार्यरत हैं, ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। रवि सिंह ने पुरुष वर्ग के अंडर 58 किलो भार में थाईलैंड के पटाया शहर में आयोजित 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप 2026 (31 जुलाई और 2 अगस्त 2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर भारत, उत्तर प्रदेश, सोनभद्र और रेणुकूट का मान बढ़ाया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनियाभर के 32 देशों के खिलाड़ी शामिल हुए थे रवि सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता टीम कोच हरप्रीत सिंह और राकेश कुमार एवं रंजीत सूरज वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों को देते हुए कहा आपके सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास की वजह से मैं थाईलैंड में इंटरनेशनल प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज़ मेडल जीत सका। रवि की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और रेणुकूट हिण्डालको इंडस्ट्रीज के पूरे स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सावन सोमवार से पहले शिवाजी तालाब शिवालय में विशेष पूजा और भव्य सजावट, हरिकीर्तन से गूंजा परिसर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।पवित्र सावन माह की शुरुआत से ठीक पहले रविवार को कस्बा स्थित प्राचीन शिवाजी तालाब शिवालय परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और हरि कीर्तन का आयोजन बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ किया गया।
मंदिर के पुजारी रुद्र शंकर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सावन की पहली सोमवारी से पूर्व आज रविवार को मंदिर प्रांगण में माताओं और बहनों द्वारा विशेष पूजन-अर्चना एवं भव्य हरिकीर्तन का आयोजन किया गया है। इस पावन अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर को अत्यंत आकर्षक एवं भव्य रूप से सजाया गया है, जो पूरे सावन भर श्रद्धालुओं के लिए अलौकिक छटा बिखेरती रहेगी और भक्तों को आकर्षित करेगी।
आयोजन के दौरान स्थानीय माताओं और बहनों द्वारा प्रस्तुत मधुर हरिकीर्तन व शिव भजनों की तान से पूरा मंदिर प्रांगण शिवभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा। भक्ति भाव में सराबोर श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
विशेष पूजा अर्चना ,कीर्तन और आरती के संपन्न होने के पश्चात उपस्थित सभी माताओं, बहनों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय शिवभक्त उपस्थित रहे और देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दुद्धी में चालाक ठग फरार, आवास के नाम पर वृद्धा की चांदी की हसुली गायब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा स्थित डीआर होटल के सामने पुल के पास रविवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे 65 वर्षीय इंजोरा देवी पत्नी बुधराम निवासी ग्राम बबनडीहा म्योरपुर के साथ ठगी की घटना सामने आई है। महिला ने थाना दुद्धी में तहरीर दी है कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर गया और कहा कि उन्हें ग्रामीण आवास का पत्र मिल चुका है या नहीं। घरवालों ने मना किया तो वह व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर इंजोरा देवी का फोटो लेने के लिए बुलाया और आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने दुद्धी लेकर आया।
पुल के पास मौजूद होटल डीआर पैलेस के सामने महिला के पास मौजूद बच्ची सहित एक अन्य महिला भी थी। शिकायत के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि अधिकारी के पास फोटो खिंचवाते समय चांदी का मोटा हसुली पहनना ठीक नहीं होगा, वरना आवास रद्द हो सकता है। इसके बाद उसने जबरन महिला की चांदी की हसुली अपने मोटरसाइकिल की डिग्गी में डाल दी और कहा कि वह आधार कार्ड लेकर आता है। फिर वह मौके से फरार हो गया। इंजोरा देवी के विरोध के बावजूद आरोपी ने हसुली ले ली।
पीड़िता ने डायल 112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों की सलाह पर वह थाना दुद्धी पहुंची और घटना की तहरीर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने तहरीर मिलने व कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त है।

आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में अभाविप का सदस्यता अभियान संपन्न

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
सैकड़ों विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ ग्रहण की सदस्यता

दुद्धी (सोनभद्र)।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दुद्धी जिला इकाई द्वारा शनिवार को आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में भव्य सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं छात्र हितों के प्रति समर्पण का संकल्प लेते हुए अभाविप की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “जहाँ युवा जागते हैं, वहीं राष्ट्र का भविष्य संवरता है। सदस्यता नहीं, यह राष्ट्र सेवा का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित ऐसा संगठन है जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संगठन की कार्यशैली, उद्देश्यों एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्रीय गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें “शिक्षा जीवन के लिए, जीवन वतन के लिए” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
अभियान का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अमन कुमार जायसवाल ने किया। उन्होंने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य युवाओं के जागरूक, शिक्षित और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित होने पर निर्भर करता है। परिषद का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी में राष्ट्र प्रथम की भावना का विकास करना है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन, संस्कार, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रभक्ति का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा अर्जित कर देश और समाज की उन्नति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे अभियान के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ अभाविप की सदस्यता ग्रहण की।

संपूर्ण समाधान दिवस में भाजपा ने सौंपा ज्ञापन,शमशान घाट सड़क निर्माण , बस स्टैंड , टेढ़ी बंधा व डिग्री कॉलेज सड़क निर्माण की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला अधिकारी चर्चित गौड़ को ज्ञापन सौंपा। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने श्मशान घाट जाने वाले जर्जर मार्ग का निर्माण व स्टेट की खाली पड़ी भूमि पर बस स्टैंड बनाए जाने की मांग संदर्भित ज्ञापन सौंपा ।जबकि प्रबुद्ध प्रकोष्ठ मंडल संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने टाउन दुद्धी से मल्देवा, बराईडाड़, जाबर, शाहपुर, पीपरडीह को जोड़ने वाली टेढ़ी बंधा मार्ग का सुचिता पूर्वक नक्शे में पैमाइश उपरांत पक्की सड़क निर्माण कर सैकड़ो वर्ष के गांव से शहरों को जोड़ने वाले प्राचीन मार्ग को अतिक्रमण मुक्त /बहाल करने की मांग रखीं । जिपर जिलाधिकारी सोनभद्र ने जनहित के मांग पर त्वरित कार्यवाही का निर्देश दिया। सभासद एवं मंडल महामंत्री प्रेम नारायण सिंह ने सब्जी मंडी से डिग्री कॉलेज तक जर्जर सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग संदर्भित ज्ञापन सौंपा। पीयूष कुमार कसेरा द्वारा नगर पंचायत दुद्धी शहरी क्षेत्र में 25 दिन कि बजाए ग्रामीण अंचल क्षेत्र के तर्ज पर 45 दिन में इंडियन गैस बुकिंग संदर्भित शोषण का मांग रखा । मुक्त जनहित संदर्भित सभी मांगों को गंभीरता पूर्वक जिला अधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ ने सुना और क्रमशःसभी का निस्तारण करने का निर्देश दिया । इस मौके पर भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुमित सोनी ,पूर्व मंडल महामंत्री मनीष जायसवाल ,प्रिंस कुमार अग्रहरी , पीयूष कुमार आदि लोग मौजूद रहें।

जिलाधिकारी का स्कूलों का अचानक निरीक्षण,अधिवक्ताओं ने कचहरी के मुद्दे उठाए, अधिकारियों को दिए निर्देश, छात्रावास, प्रयोगशाला और हेलीपैड का भी लिया जायजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर दुद्धी पहुंचे जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने तहसील आवासीय परिसर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, ट्रांजिट हॉस्टल और निर्माणाधीन हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचहरी परिसर, शैक्षणिक संस्थानों और निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत कचहरी परिसर के मालखाने से हुई, जिसकी जर्जर स्थिति देखकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी हैरान रह गए। इसके बाद दुद्धी बार संघ के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, जितेंद्र श्रीवास्तव, दिलीप पांडे सहित अन्य अधिवक्ताओं ने बाउंड्री, परिसर की व्यवस्थाओं और तहसील के सामने खाली सरकारी प्लॉट को पार्किंग के लिए उपलब्ध कराने जैसी मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत बने भवन, निर्माणाधीन इमारत, पुराने प्रयोगशाला भवन और छात्रावास का निरीक्षण किया गया। परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। बाद में भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बन रहे हेलीपैड का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय परिसर की सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने, प्रतिदिन प्रगति की निगरानी करने तथा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों से बातचीत कर पठन-पाठन, आवास, भोजन और शौचालय जैसी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के सुरक्षित और सहज रहने के अनुरूप ही निर्माण कार्य होने चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, कॉलेज के प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बच्चों की शिक्षा पर मंडराया खतरा,डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता, बीएसए को तत्काल शिक्षक तैनाती के दिए निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत फुलवार स्थित जूनियर हाईस्कूल फुलवार एवं प्राथमिक विद्यालय सुइचट्टन में शिक्षकों की भारी कमी के चलते शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में दोनों विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है, जिससे करीब 220 छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और बेसिक शिक्षा अधिकारी को दोनों विद्यालयों में शीघ्र शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम की इस त्वरित कार्रवाई से अभिभावकों और ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था सामान्य होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जूनियर हाईस्कूल फुलवार में लगभग 100 छात्र-छात्राओं का नामांकन है, लेकिन विद्यालय का संचालन केवल अनुदेशकों के भरोसे किया जा रहा है। वहीं प्राथमिक विद्यालय सुइचट्टन में करीब 120 विद्यार्थियों का नामांकन होने के बावजूद पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी मात्र एक अध्यापिका के कंधों पर है। ऐसे में सभी कक्षाओं का प्रभावी संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना लगभग असंभव हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र और समाज के विकास की आधारशिला होती है। यदि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा ही प्रभावित होगी तो आगे चलकर उनकी उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुरूप नियमित शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ द्वारा त्वरित संज्ञान लेने की सराहना करते हुए कहा कि यदि शीघ्र शिक्षक तैनात कर दिए जाते हैं तो बच्चों की पढ़ाई फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सकेगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान दिनेश यादव, पप्पू यादव, अशोक श्रीवास्तव, अनूप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

जिला अधिकारी चर्चित गोड़ ने तहसील समाधान दिवस में 89 शिकायतें सुनी, 8 का निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में विभिन्न मामलों से जुड़े 89 शिकायतें पंजीकृत हुईं। इनमें से मौके पर 7 शिकायतों का निस्तारण किया गया जबकि 1 मामले में संबंधित स्थान पर टीम भेजकर तत्काल कार्रवाई कर कुल 8 मामलों का समाधान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता जिला अधिकारी चर्चित गोड़ ने की। मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, डीपीआरओ, जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार, तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता सहित तहसील व जिले के कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित फरियादियों के आवेदन पत्र एक एक कर सुने और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का न सिर्फ समयबद्ध बल्कि गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला अधिकारी चर्चित गोड़ ने बताया कि आज के समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान ही सुशासन की पहचान है और अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अनपरा तापीय परियोजना ने पौधारोपण कर स्वच्छ तथा स्वस्थ पर्यावरण सृजन व संरक्षण का दिया संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत बीस हजार दो सौ पौधे रोपकर रचा हरित इतिहास

दुद्धी(सोनभद्र)।उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को और गति देते हुए ऊर्जविभाग के उच्च प्रबंधन के मंशानुसार शुक्रवार को अनपरा तापीय परियोजना में सीजीएम इं अजय कुमार कटियार के नेतृत्व में विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डी परियोजना परिसर में तकनीकी भवन के सामने खाली पार्क में सैकड़ों फलदार व औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख इं अजय कटियार,महाप्रबंधक प्रशासन इं. एसएन मिश्र, महाप्रबंधक (द ताप) इं. प्रशांत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (ब ताप) इं. चंद्र प्रकाश, महाप्रबंधक (अ ताप) इं. डी.के. सिंह, महाप्रबंधक सिविल इं. निशीथ शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधरोपण कर किया जिसमें विभिन्न प्रजाति के कलमी आम जैसे आम्रपाली,मल्लिका,चौसा,थाई बनाना,एप्पल बेर,थाई अमरूद,जामुन,आंवला,बेल,नीबू,बहेड़ा,अशोक के पौधे लगाए गए।
सीजीएम ने पौधारोपण कर रोपे गए पौधों के संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और समृद्ध बनाना है तो हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग से बचने, जल संरक्षण और बिजली की बचत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया।महाप्रबंधक प्रशासन इं. एसएन मिश्र ने बताया कि विशेष अभियान के तहत इस माह वन विभाग के सहयोग से वन भूमि पर 20000 पौधे तथा परियोजना परिसर में जगह जगह कुल लगभग पांच सौ फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया है।उन्होंने कहा कि हरित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता इं. विमलेंद्र सिंह, इं.चन्द्रविजय, इं राणा प्रताप मल्ल, इं अजय अग्रवाल उप महाप्रबंधक (लेखा) एसपी यादव अधिशासी अभियंता इं आरके सिंह,इं अदालत वर्मा,इं मनोज यादव,इं अशोक कुमार,इं बृजेंद्र सिंह,इं प्रमोद यादव, इं सौदान सिंह लेखाधिकारी अशोक चौधरी,सहायक अभियंता इं राजेश पांडेय,इं अभय कुमार,इं विजय कुमार,इं अजय सिंह,इं वीर प्रताप, इं प्रिंस कुमार, इं अजय मौर्या, इं एसपी सिंह,पंकज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

दुद्धी में पुरानी रंजिश को लेकर बुजुर्ग का कान कटा, आरोपी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक बुजुर्ग पर लोहे की रॉड से बर्बर हमला हुआ, जिसमें पीड़ित का कान कट गया। घटना जाबर गांव के पास बुधवार को हुई।
जानकारी के अनुसार, जाबर गांव निवासी मानजीत (72)पुत्र देवी शरण कोर्ट जाने के लिए राहुल की दुकान पर बैठे थे। उसी दौरान शाहपुर निवासी अजीत कुमार उर्फ भटवा पुत्र नंदू बनिया वहां आया और मानजीत से पुरानी रंजिश को लेकर बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास खड़ी पवन केशरी की दुकान से लोहे की रॉड उठाकर मानजीत पर हमला कर दिया। हमले में मानजीत का कान कट गया और आरोपी ने कमर पर भी प्रहार किया। आरोपित ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और लात घूंसों से मारपीट कर फरार हो गया।
घायल ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक धाराएँ लगाई जा रही हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

दुद्धी में बैंक को जीवंत बनाने वाले शाखा प्रबंधक रामनरेश रावत को भावभीनी विदाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, जिसका उद्देश्य किसानों व कास्तकारों को गांव-गांव जोड़कर सहकारिता को मजबूत करना है, ने दुद्धी शाखा के शाखा प्रबंधक रामनरेश रावत के सेवानिवृत्ति अवसर पर कस्बा स्थित होटल ग्रीन स्टार में विदाई समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश कुमार मिश्र (निदेशक) ने अपने सम्बोधन में कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य सहकारिता को गांव-गांव तक पहुँचाना है ताकि अन्नदाता व किसान सस्ते दर पर ऋण पाकर विकास की मुख्य धारा से जुड़े।
राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी दुद्धी जैसे क्षेत्र में बैंक को सक्रिय और जीवंत बनाने के लिए सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक रामनरेश रावत ने अतुलनीय प्रयास किए। एक वर्ष में 80 लाख रुपए तक के लोन का वितरित कर बैंक की कार्यक्षमता बढ़ाने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने आगे कहा कि रावत सेवानिवृत्ति के बाद सहकार भारती से जुड़ने का प्रयास करेंगे, जिससे उनका अनुभव सहकारिता क्षेत्र को लाभ पहुँचा सकेगा।
विशिष्ट अतिथि शैलेंद्र सिंह (आरएम, एलडीबी बैंक) ने उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहकारिता की भूमिका अहम है। सरकार की कृषि समृद्धि लोन योजना के तहत महज 6 प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास जारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने कहा कि बैंक को कठिन स्थिति से बाहर लाने में रामनरेश रावत के अथक परिश्रम का विशेष योगदान रहा। विंध्यवासिनी प्रसाद व अन्य वक्ताओं ने भी रावत के कार्य और व्यवहार की खुले दिल से प्रशंसा की।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावुक होते हुए रामनरेश रावत ने कहा कि उन्हें कभी-कभी कठिन परिस्थितियाँ झेलनी पड़ीं, पर निष्ठा और ईमानदारी से काम कर उन्होंने बैंक को आगे बढ़ाने में सफलता पायी। उन्होंने दुद्धी सहकारिता के परिवार, बैंक कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद आसिफ जमाल (प्रदेश कर्मचारी संघ महामंत्री) ने किया। मुख्य अतिथि ने सभी सहकारी सहयोगी संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ मंडल संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, अजय कुमार मिश्र (वरिष्ठ प्रबंधक), शशि भूषण सिंह (शाखा अध्यक्ष, रॉबर्ट्सगंज), मोहन प्रसाद (प्रबंधक, डीसीबी), राम अचल, घनश्याम कुशवाहा, प्रमोद यादव, दिलीप तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मौत से जंग लड़ रहे घायल के लिए रुका डीएम-एसपी का काफिला, दिखाई इंसानियत की मिसाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनीसोनभद्र। जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब शनिवार को दुद्धी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा का काफिला गुरमुरा के समीप पहुंचा। इसी दौरान सड़क किनारे दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में पड़ा दिखाई दिया।
घायल को देखकर अधिकारियों ने बिना समय गंवाए अपना काफिला रुकवाया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने घायल की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सूचना देकर एंबुलेंस मौके पर बुलवाई। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक टीम की मदद से घायल को सुरक्षित एंबुलेंस में बैठाकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया, ताकि उसे समय रहते उपचार मिल सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि घायल को कुछ और देर तक इलाज नहीं मिलता, तो उसकी स्थिति और गंभीर हो सकती थी। अधिकारियों की तत्परता और त्वरित निर्णय के कारण घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सकी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मौके पर अधिकारियों का स्वयं रुककर मदद करना आमजन में विश्वास पैदा करता है।
इसके बाद दोनों अधिकारी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत दुद्धी पहुंचे, जहां उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई की और संबंधित विभागों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता केवल शिकायतों का निस्तारण ही नहीं, बल्कि आमजन के जीवन और सुरक्षा से जुड़े हर विषय पर तत्काल कार्रवाई करना भी है।
घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद कर प्रशासन ने यह संदेश दिया कि संकट की घड़ी में शासन-प्रशासन आम नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

तीन महीने तक पुलिस को देता रहा चकमा, आखिर कचहरी गेट से दबोचा गया चेन लुटेरा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए शातिर बदमाश को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन महीने तक चली पड़ताल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी को दबोचते हुए उसके कब्जे से चेन बेचकर प्राप्त ₹42,170 नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 की सुबह डाला निवासी प्रभा देवी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान वीरवल के घर के पास बाइक सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गया। महिला के शोर मचाने के बावजूद सुबह का समय होने के कारण तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर चोपन थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के साक्ष्य जुटाए, संदिग्धों से पूछताछ की और लगातार निगरानी रखी। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मामले का वांछित आरोपी रॉबर्ट्सगंज कचहरी चौक के पास मौजूद है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर खुर्शीद आलम उर्फ कोर्शीद आलम (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹42,170 नकद बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत निरुद्ध किया गया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी, माल बरामदगी और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाओं में सक्रिय रहा है।
इस कार्रवाई को चोपन पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। लगातार प्रयास और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने न केवल चर्चित चेन स्नैचिंग की घटना का पर्दाफाश किया, बल्कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की दिशा में भी अहम कदम उठाया। क्षेत्र के लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मगरमच्छ के जबड़ों से जंग जीतकर लौटा जिंदगी का योद्धा: ग्रामीणों की बहादुरी से 65 वर्षीय मछुआरे की बची जान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

चोपन (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव स्थित सोन नदी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मछली पकड़ने गए एक वृद्ध मछुआरे पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। कुछ ही पलों में नदी का शांत माहौल चीख-पुकार से गूंज उठा। मगरमच्छ ने 65 वर्षीय लल्लू केवट को अपने शक्तिशाली जबड़ों में जकड़ लिया और गहरे पानी की ओर खींचने लगा। मौत सामने देख वृद्ध लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे।
चीख सुनते ही आसपास मौजूद ग्रामीण बिना अपनी जान की परवाह किए लाठी-डंडे लेकर नदी किनारे दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मगरमच्छ पर लगातार हमला किया और शोर मचाया। ग्रामीणों के आक्रामक तेवर देखकर मगरमच्छ ने आखिरकार वृद्ध को छोड़ दिया और नदी के गहरे पानी में वापस चला गया।
मगरमच्छ के चंगुल से छूटने के बाद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल लल्लू केवट को तत्काल नदी से बाहर निकाला। उनके शरीर पर मगरमच्छ के जबड़ों के गहरे निशान पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना के बाद करगरा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सोन नदी में पिछले कुछ समय से मगरमच्छों की मौजूदगी बढ़ती जा रही है, जिससे मछुआरों, किसानों और नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों की जान पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने, निगरानी बढ़ाने तथा मगरमच्छों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण समय पर मौके पर नहीं पहुंचते, तो वृद्ध मछुआरे की जान बचाना संभव नहीं हो पाता। पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों की बहादुरी की चर्चा हो रही है। वहीं प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।