20 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) दुद्धी पुलिस ने मंगलवार को एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अब्दुल्लाह को विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के कोन तिराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ दुद्धी थाने में मु0अ0सं0 250/2026, धारा 8/18/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। अब्दुल्लाह पुत्र अली मोहम्मद अंसारी, निवासी गड़गांव, थाना पांकी पिपराटांड़, जनपद पलामू (झारखंड) पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय सोनभद्र भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक श्यामजी यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

जंगली सुअर के हमले में महिला का पैर फैक्चर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली टोला टहरिया खौली गांव में मंगलवार सुबह शौच के लिए गई महिला पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में महिला का बायां पैर फैक्चर हो गया। परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महुली टोला टहरिया खौली निवासी चांदमुन्नी (55) पत्नी स्व. कामेश्वर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घर से शौच के लिए गई थीं। लौटते समय सड़क पार करने के दौरान जंगली सुअर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और जंगल की ओर भाग गया। हमले से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
परिजनों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी में समुचित व्यवस्था न होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

माँ काली सेवा समिति दुद्धी की नई कार्यकारिणी का गठन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

प्रखर व्याहुत बने अध्यक्ष, विवेक अग्रहरि को मिला महामंत्री का प्रभार

दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा स्थित शक्तिपीठ माँ काली मंदिर परिसर में माँ काली सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजन कार्यक्रम को लेकर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति के मुख्य संरक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार ने की। इस दौरान आगामी दुर्गा पूजा कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य बनाने का संकल्प लिया गया।
सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर प्रखर व्याहुत को पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रमेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष पद पर प्रदीप शर्मा और महामंत्री पद पर विवेक अग्रहरि का मनोनयन किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर पंकज व्याहुत और सृजन अग्रहरि, संगठन मंत्री पद पर पीयूष कुमार अग्रहरि (एड०) को कमान दी गई। कानूनी सलाहकार के रूप में आदर्श जायसवाल (एड०), अंशुमान राय (ए०ड) और राकेश अग्रहरि (एड०) को चुना गया।
सह कोषाध्यक्ष पद पर आशीष जायसवाल, आय व्यय निरीक्षक (ऑडिटर) पर सुजीत अग्रहरि (एड०), प्रधान पूजा प्रभारी पद पर आलोक अग्रहरि और पूजा प्रभारी व पंडाल प्रभारी पद पर विशाल जायसवाल और राहुल अग्रहरि का चयन हुआ।
सजावट प्रभारी पद पर महेश अग्रहरि, सूचना मंत्री पद पर अंश केशरी और कार्तिक कुमार चंद्रवंशी को जिम्मेदारी मिली। मंत्री पद पर अभिषेक अग्रहरि, अंकीत कुमार, आदित्य जायसवाल, गौरव अग्रहरि, नितेश जायसवाल और अनुराग कुमार का चयन हुआ।
सह मंत्री पद पर शाश्वत अग्रहरि, सामर्थ कुमार, शनि जायसवाल और शनि रावत को शामिल किया गया। मीडिया प्रभारी पद पर सृजन अग्रहरि, राकेश कुमार, विशाल केशरी और सत्यम चंद्रवंशी का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
इस अवसर पर समिति के पूर्व पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने मामूली फेरबदल के बाद बनी नई कार्यकारिणी को बधाई दी और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में दर्जनों लोग मौजूद रहे।

छात्राओं ने दौड़ प्रतियोगिता में दिखाया दमखम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। इनर व्हील क्लब दुद्धी की ओर से मंगलवार को स्थानीय टाउन क्लब क्रिकेट मैदान में छात्राओं के लिए खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ कराई गई। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब दुद्धी की अध्यक्ष लीना जायसवाल, सचिव माधवी जायसवाल, तारा जायसवाल, विनीता मसीह, मनोरमा जायसवाल और संचिता श्रीवास्तव समेत क्लब की अन्य सदस्याएं व छात्राएं मौजूद रहीं।

अनियंत्रित टैंकर पलटा, बाल-बाल बचा ट्रैक्टर चालक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दीघुल में मंगलवार की दोपहर पानी से भरा ट्रैक्टर टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान की क्यारी में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और करीब आधे घंटे तक फंसा रहा। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और चालक को निकालने के प्रयास में लग गए।
इसी दौरान नहर निर्माण कार्य में लगी एक कंपनी के कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दो जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को उठवाया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर बुलाई गई 108 एंबुलेंस टीम के ईएमटी विजय बहादुर मौर्या और चालक चंद्रशेखर ने घायल अनिल भारती (38) पुत्र धर्मजीत निवासी ग्राम अमवार को तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। चालक की स्थिति सामान्य पाए जाने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना के दौरान 112 पुलिस के कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से व्यक्ति की मौत,बाइक सवार दोनों युवक घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जाबर एनएच-39 पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में घायल हुए दोनों बाइक सवारों का सीएचसी दुद्धी में इलाज चल रहा है।पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना शाम करीब 7 बजे जाबर गांव मेन रोड पुराने बैरियर के पास की बताई गई । प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू (45) पुत्र डोमन निवासी जाबर अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान महुली की ओर से दुद्धी की ओर आ रहे दो युवकों ने अपनी बाइक से उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ सुनील ने उन्हें जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया।वहीं बाइक सवार दोनों युवक दिलीप (20) पुत्र सुरेश और सुधीर (17) पुत्र असरफी निवासी पतरिहा थाना विंढमगंज के बताए गए है । दोनों का सीएचसी दुद्धी में इलाज चल रहा है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह अपनी टीम के साथ सीएचसी दुद्धी पहुंचे और आगे की विधिक प्रक्रिया में जुट गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि मृतक वीरेंद्र कुमार के दो पुत्र तीन पुत्री है जिसमें बड़ी पुत्री विवाहित है।वे सब्जी मंडी में पल्लेदारी करके अपना गुजारा करते थे।घटना से परिजनों में चीख पुकार मच गई है।

बीजपुर से बकरिहवा तक मौत की वजह बनी 22 KM की मुख्य सड़क

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

सोनभद्र(सोनभद्र)बीजपुर से बकरिहवा तक जाने वाली लगभग 22 किलोमीटर की मुख्य सड़क इन दिनों एनटीपीसी की राखड़ (Fly Ash) से लदे वाहनों के कारण मौत की सड़क बनती जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रिहंद नगर स्थित एनटीपीसी से राखड़ लेकर बकरिहवा क्षेत्र की ओर जा रहे ओवरलोड और मानक विहीन ट्रकों में भरी गीली राख पूरे दिन सड़क पर गिरती, टपकती और उड़ती रहती है। खुला परिवहन होने से सड़क पर चलने वाले राहगीरों, बाइक सवारों और दुकानदारों का सांस लेना दूभर हो गया है। राख के कारण आंखों में जलन और सांस की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
सड़क पर कई-कई जगहों पर राख की मोटी परत जम गई है, जिससे फिसलन बढ़ गई है और आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। कई दुकानों और घरों में राख घुस रही है।
एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुसार राख परिवहन में वाहनों को पूरी तरह से तिरपाल से ढकना, पानी का छिड़काव और निर्धारित समय पर परिवहन अनिवार्य है, लेकिन इसका खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। न तो गाड़ियां ढकी जा रही हैं और न ही कोई छिड़काव।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी परिवहन पर कोई अंकुश नहीं लगा है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति बकरिहवा, इंजानी, सेवकामोड़, जरहा, चेतवा, नेमना और सिरसोती तक है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से ओवरलोड और खुले राख परिवहन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ताखे की सफाई के दौरान महिला को करैत ने डसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। ताखे की सफाई के दौरान करैत सर्प के डसने से एक महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्सी कदवा गांव निवासी तरेगनी देवी (47) पत्नी रामवतार भुइयां सोमवार की शाम करीब चार बजे अपने कच्चे घर में बने ताखे (खिड़की)की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान ताखे में छिपे करैत सर्प ने उनके दाएं हाथ में डस लिया।
परिजन बिना समय गंवाए उन्हें सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में महिला का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

दुद्धी में दो बाइकों की आमने सामने टक्कर, चार घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा रामनगर में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रामीण बैंक के समीप एक अपाची और एक बजाज सिटी 100 बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार अपाची बाइक पर सवार तीन युवक गुलालझरिया से दुद्धी की ओर आ रहे थे। अपाची बाइक पर संजय कुमार गौड़ (18) पुत्र सीताराम निवासी धुरकी (झारखंड), सुरेश (23) पुत्र बासदेव निवासी रन्नू और प्रसिद्ध (23) पुत्र राम देव निवासी तुमिया थाना कोन सवार थे, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
इसी दौरान सामने से आ रहे बजाज सिटी 100 बाइक सवार चंदन (40) पुत्र शिवमूर्त निवासी रेनुकूट से टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के तेज आवाज से आसपास के लोगों के भारी भीड़ जुट गई ।
हादसे में बजाज सिटी 100 सवार चंदन के बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अपाची बाइक सवार तीनों को हल्की चोटें आईं। परिचितों ने बताया कि चंदन ग्राम झारो के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र पाल के यहां आरो की मरम्मत के लिए जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी विजय बहादुर मौर्या और चालक चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर विनोद सिंह की देखरेख में उनका इलाज जारी है।वहीं घटना के जानकारी पर डायल 112 पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर जानकारी रिकॉर्ड दर्ज कर ली है और पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा में चोरों का धावा, दो बड़ी बैटरियां ले उड़े चोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

कंटीली तार काटकर बाथरूम के रास्ते परिसर में घुसे चोर, सीसीटीवी से बचने को बाल्टी से ढका चेहरा; कैमरे के तार भी काटे

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली-पोलवा स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार की देर रात चोरों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय की बाउंड्री पर लगी कंटीली तार काटकर परिसर में दाखिल हुए और इन्वर्टर एवं सोलर सिस्टम में लगी दो बड़ी बैटरियां चोरी कर फरार हो गए। वारदात के दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए बाल्टी से अपना चेहरा ढक लिया और बाद में कैमरों के तार भी काट दिए। घटना का पता सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर चला, जिसके बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 12 बजे के आसपास चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाया। बाउंड्री पर लगी कंटीली तार को काटकर चोर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद बाथरूम की ओर से विद्यालय परिसर में पहुंचे। चोरों ने पहले विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने का प्रयास किया। बताया गया कि कैमरे के सामने आते समय उन्होंने बाल्टी से अपना चेहरा ढक लिया, जिससे फुटेज में उनका चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे सका।
इसके बाद चोरों ने सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और इन्वर्टर एवं सोलर सिस्टम में लगी दोनों बड़ी बैटरियों को निकालने में जुट गए। बैटरियों को अलग करने के लिए बोर्ड के तार काटे गए। दोनों बैटरियां निकालने के बाद चोर उन्हें लेकर विद्यालय परिसर से फरार हो गए। घटना के कारण विद्यालय की विद्युत व्यवस्था भी बाधित हो गई।
सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर कर्मचारियों ने देखा कि विद्यालय की पूरी विद्युत आपूर्ति बंद है। जब इसकी जांच की गई तो इन्वर्टर की दोनों बड़ी बैटरियां गायब मिलीं। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के तार कटे हुए और बाउंड्री की कंटीली तार क्षतिग्रस्त मिली। इसके बाद चोरी की घटना की जानकारी विद्यालय प्रबंधन को दी गई।
सूचना मिलते ही विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी लेने के बाद तत्काल विंढमगंज पुलिस को सूचना दी।
विद्यालय प्रबंधन की सूचना पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने बाउंड्री की कटीली तार, सीसीटीवी कैमरों के टूटे तार, बैटरी रखने वाले स्थान सहित परिसर के विभिन्न हिस्सों की जानकारी ली।
विद्यालय के कोऑर्डिनेटर राजेश प्रसाद ने विंढमगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की गतिविधियों और पहचान से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।
हालांकि चोरों ने कैमरे के सामने बाल्टी से चेहरा ढककर अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस घटना के समय की फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करते हुए चोरी हुई दोनों बैटरियां बरामद कराने और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दुद्धी में समोसा विक्रेता ट्रेन इंजन की चपेट में आया, हालत गंभीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के इंजन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बचाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब 30 वर्षीय गोविंद कुमार पुत्र उमाशंकर, निवासी रामनगर, रोज की तरह दुद्धी हॉस्पिटल मोड़ के पास ठेले पर समोसा व अन्य खाद्य सामग्री बेचकर घर लौट आया था। कुछ देर बाद वह घूमने के इरादे से रेलवे स्टेशन की ओर चला गया और इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर जा रहे ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और दौड़कर युवक को सुरक्षित किया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से घायल को तुरंत सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहाँ डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कर लिया गया है।
जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

देर रात भरभराकर गिरा विधवा का कच्चा मकान, दो बच्चों के साथ परिवार बेघर; सामान और राशन दबकर हुआ खराब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर। सिरसोती ग्राम सभा में रविवार देर रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने के दौरान परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा टीवी, कूलर, घरेलू सामान और राशन मलबे में दबकर खराब हो गया।

बताया गया कि यह मकान स्वर्गीय गंगाराम की पत्नी मुन्नी का था। पति की मृत्यु के बाद मुन्नी अपने दो बच्चों के साथ आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में जीवन-यापन कर रही हैं। ऐसे में मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतों का भी संकट खड़ा हो गया है।

रविवार देर रात अचानक मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मकान का मलबा गिरने से घर में रखा घरेलू सामान और खाद्य सामग्री भी बर्बाद हो गई, जिससे परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विधवा महिला और उसके दो बच्चों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा परिवार को सुरक्षित आवास की सुविधा दिलाई जाए।

मौके पर फूल कुमारी, देवमती, रवि, हनुमान और आशु सहित आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे।

दुद्धी में सपा महिला सभा की बैठक में 2027 के चुनाव और वोटर लिस्ट पर मंथन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। रविवार दोपहर समाजवादी पार्टी की महिला सभा की नगर इकाई की बैठक कस्बा डीसीएफ कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन में आहुत की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला सभा की नगर अध्यक्ष कौशल्या देवी ने की।
बैठक में विधान परिषद चुनाव, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पर्यावरण संरक्षण तथा वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट का मिलान करने और नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही गई।बैठक के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिए कार्ययोजना तैयार करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में महिला सभा की जिला सचिव आशा रावत, नगर अध्यक्ष कौशल्या देवी, नगर सचिव शाहिदा खातून के अलावा शीला देवी, रानी देवी, कमला चौरसिया, लालो देवी सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चंद्रमा के रहस्यों पर शोध करेंगी दुद्धी की जीवंतिका, पेकिंग विश्वविद्यालय में ग्रह विज्ञान विषय से पीएचडी के लिए हुआ चयन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी की बेटी जीवंतिका कुमारी चंद्रवंशी अब चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों और क्रेटरों के रहस्यों पर शोध करेंगी। चीन के प्रतिष्ठित पेकिंग विश्वविद्यालय बीजिंग में ग्रह विज्ञान विषय से पीएचडी के लिए उनका चयन हुआ है। चीन सरकार ने उन्हें पूर्ण छात्रवृत्ति दी है।
जीवंतिका ने 30 अगस्त की शाम चीन के लिए प्रस्थान किया और 31 अगस्त की सुबह पेकिंग विश्वविद्यालय पहुंचकर पीएचडी में प्रवेश लिया। उनका शोध चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों, वहां स्थित क्रेटरों और रडार डेटा के अध्ययन पर आधारित होगा। चंद्र रिमोट सेंसिंग और ग्रह विज्ञान के क्षेत्र में शोध कर वह अंतरिक्ष अनुसंधान को नई दिशा देने की इच्छुक हैं।
जीवंतिका ने प्रारंभिक शिक्षा दुद्धी के योरर्स इंग्लिश स्कूल से प्राप्त की। कक्षा चार में उन्होंने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने केसरी देवी कनोडिया रेनुकूट कॉन्वेंट स्कूल, जेम्स इंग्लिश स्कूल दुद्धी और डीसी लुईस मेमोरियल स्कूल, मुरधवा रेनुकूट से शिक्षा प्राप्त की।
वर्ष 2021 से 2023 तक उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भू-विज्ञान में बीएससी की। वर्ष 2024-25 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू-विज्ञान विभाग से एमएससी पूरी की।
एमएससी के दौरान जीवंतिका की रुचि रिमोट सेंसिंग और जीआईएस के जरिये ग्रहों की सतह के अध्ययन में बढ़ी। उन्होंने चंद्रमा के रॉबर्टसन क्रेटर के भू-आकृतिक और खनिजीय अध्ययन पर शोध किया। इस शोध पर आधारित उनका एक शोधपत्र ‘एडवांसेज इन स्पेस रिसर्च’ जर्नल में प्रकाशित हो चुका है। दूसरा शोधपत्र पीयर रिव्यू की प्रक्रिया में है।
उन्होंने गेट-2026 जियोलॉजी एंड जियोफिजिक्स में ऑल इंडिया रैंक 133 हासिल की है। वर्ष 2025 में शोधपत्र प्रकाशित होने के बाद उन्होंने विदेशों में पीएचडी के लिए आवेदन किया था।

जीवंतिका के पिता जीवन राम चंद्रवंशी अधिवक्ता और माता ज्योति देवी गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई जीवांशु कुमार ने एकेटीयू से बीटेक किया है और उनका टीसीएस में कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। छोटे भाई जिज्ञांशु कुमार कानपुर के भीमराव आंबेडकर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक कर रहे हैं।
जीवंतिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने अपने शोध मार्गदर्शक डॉ. अश्वनी राजू और बीएचयू के शिक्षकों के प्रति आभार जताया। उनकी उपलब्धि से दुद्धी क्षेत्र में खुशी है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

विंढमगंज पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को पकड़ा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विंढमगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26 लीटर 280 एमएल अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में विंढमगंज पुलिस ने 26 सितंबर 2026 को यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 48 बोतल 180 एमएल रॉयल स्टैग, 24 बोतल 375 एमएल रॉयल स्टैग तथा 48 बोतल 180 एमएल स्टर्लिंग रिजर्व बी7, कुल 26 लीटर 280 एमएल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुरारी राम पुत्र लगन राम निवासी ग्राम संध्या,थाना बिशुनपुरा, जनपद गढ़वा(झारखंड) तथा सुरेंद्र राम पुत्र ललन राम, निवासी वार्ड नंबर-14, ग्राम संध्या, थाना बिशुनपुरा, जनपद गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने बरामद शराब व वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना विंढमगंज के उपनिरीक्षक रामधनी सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र पांडेय, कांस्टेबल राजसोनकर तथा कांस्टेबल आयुष्मान सिंह शामिल रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का प्रसाद कुंवर अस्पताल दुद्धी में आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।रविवार को सेवा संकल्प अभियान पखवाड़ा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन श्रम विभाग के पहल पर किया गया । जिसका आयोजन प्रसाद मानव सेवा आश्रम ट्रस्ट द्वारा संचालित प्रसाद कुंवर हॉस्पिटल दुद्धी में श्रमिकों का निः शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण डॉक्टर लवकुश प्रजापति एवं जयवर्धन कुमार द्वारा किया गया । जिसमें शुगर, ब्लड , प्रेशर एवं सामान्य जांच और दवाइयां वितरित की गई । इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज शर्मा एवं राजेश शर्मा तथा शिवम अग्रवाल एवं अस्पताल के कर्मचारी दुर्गा यादव मानती गौड़ ,आरती सिंह ,लैब टेक्नीशियन दीपक कुमार ,विनय कुमार सिंह तथा अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जन्मजयंती पर भव्य काव्य संध्या, नवांकुर देशभर के कवियों ने बांधा समां

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जन्मजयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार की रात्रि कस्बा स्थित होटल ग्रीन स्टार में पंडित दीन दयाल उपाध्याय विचार मंच के तत्वाधान में भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. दिलीप कृष्ण भारद्वाज जी महाराज ने मां सरस्वती पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का शुभ आरम्भ वन्देमातरम गीत सरस्वती वंदना व अन्य प्रस्तुति प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल के कलाकारों द्वारा विभिन्न संगीत कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर लोगों को संगीत में बांधे रखा। तत्पश्चात माल्यार्पण अंग वस्त्रम द्वारा आतिथ्य सत्कार उपरांत डॉक्टर वीर अभिमन्यु( मनु जी) द्वारा वायलिन वादन भज गोविन्द से प्रभु की स्तुति व साधना का पथ पथ कठिन हैं कि शानदार प्रस्तुति की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. लवकुश प्रजापति ने किया तथा संचालन जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में ‘विश्व वैदिक सनातन न्याय भारत’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष सिंह व डॉक्टर सुमन राव द्वारा पंडित दीनदयाल के जीवन यात्रा एवं एकात्म मानववाद की विकसित भारत के प्रासंगिकता पर व्याख्यान दिया । उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन उनके संघर्ष तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक के उत्थान के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।
काव्य संध्या में देश के विभिन्न अंचलों से आए प्रख्यात कवियों और शायरों ने अपनी शानदार रचनाओं से समां बांध दिया। आदित्य नायक ने ‘सवेरे ही तुम्हें एहसास होगा ये, तुम्हारे पास मौका रात भर का था’ पंक्तियों से श्रोताओं को विचार करने पर मजबूर कर दिया। हिमांशु सिंह सनातनी ने ‘महामाया के पावन बगिया, राष्ट्र धर्म की रीत लिखी है, दीनदयाल के अंत्योदय से भारत की हर जीत लिखी है’ कहकर पंडित दीनदयाल के विचारों को सराहा।
आकाश आगम ने ‘इतनी सी अरदास की बाबा ग्रहण न आए उसके हिस्से, हमें अमावस्या देकर आया जिसके हिस्से चाँद हमारा’ पंक्तियों से सबका दिल जीत लिया। अमर भगोरिया की ‘यह तो तोहीन-ए-इश्क है जाना, तेरे होते हुए खुदा देखूं’ पंक्तियां श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर गईं। वैभव अवस्थी ने ‘100 करोड़ हिंदू हैं लेकिन हिंदुस्तान नहीं दिखता’ कहकर सामाजिक यथार्थ को उजागर किया।
यथार्थ विष्णु ने ‘नेहा की उसके संभव नहीं माप है, पुत्र से प्रेम करता तो चुपचाप है, न उपमा कोई बाप के प्यार की, बाप का प्यार हर प्यार का बाप है’ पंक्तियों से पिता के प्रेम को नमन किया। कौशल्या कुमारी चौहान ने ‘जय हिंद, वंदे मातरम का जो करते सम्मान नहीं, वे भारत माता के दुश्मन उनका हिंदुस्तान नहीं’ कहकर देशभक्ति का संदेश दिया।
डॉ. नंद जी नंदा (भोजपुरी, बलिया) ने ‘एकता, अखंडता, उत्थान चाहिए, न्याय चाहिए तो संविधान चाहिए’ कहकर समाज में एकता और न्याय का आह्वान किया। सूर्यकांत जायसवाल ने ‘होली में अली बसे राम बसे रमजान, ऐसा है मेरा हिंदुस्तान, ऐसा है मेरा हिंदुस्तान’ पंक्तियों से सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। धर्मराज ठाकुर ने ‘देखते देखते कथा से कथा हो गया, जो गुनहगार था देखा ही गया’ कहकर कथा के माध्यम से जीवन दर्शन प्रस्तुत किया। डॉक्टर लखन राम जंगली द्वारा ” नेतन के लागल बाजार वोट के के देबो नन दो” डॉक्टर लव कुश प्रजापति द्वारा “सोशल मीडिया पर घुटन हो रही प्रीत तुम बस एक पाती लिखना द्वारा भी काव्य पाठ किया गया । मुख्य अतिथि पंडित दिलीप कृष्ण भारद्वाज जी महाराज द्वारा काव्य संध्या कार्यक्रम की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजन के लिए सदैव तत्पर रहते हुए राष्ट्रीय जागरण के कार्य पर जोर दिया । आशीर्वचनों के बीच युवाओं कवि के काव्य पाठ की सराहना के बीच आशीर्वाद दिया।
आयोजन सफल बनाने में प्रमुखों की भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में विचार मंच के संरक्षक रामेश्वर राय, मनोज सिंह (बबलू), उपाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार श्रीवास्तव, एडवोकेट नंदलाल अग्रहरि, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, महामंत्री जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी , मंत्री विंध्यावासिनी प्रसाद गुप्त तथा कोषाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार गुप्ता सहित सभी पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक रविंद्र कुमार जायसवाल, दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे एडवोकेट,भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह , नगर संघ चालक अमरनाथ जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच के अध्यक्ष डॉक्टर लवकुश प्रजापति ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

शराफा व्यापारी ने सीएचसी दुद्धी में मनाया बेटे का 5वां जन्मदिन, मरीजों को बांटे फल व मिठाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में शुक्रवार को एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। स्थानीय शराफा व्यापारी अवधेश सोनी ने अपने पुत्र शिवांश सोनी का पांचवां जन्मदिन केक या घर की भव्य पार्टी के बजाय सीएचसी दुद्धी में भर्ती मरीजों के बीच मनाया।
जन्मदिन के इस अवसर पर अवधेश सोनी ने अस्पताल परिसर में उपस्थित सभी लोगों का मुंह मीठा कराया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को फल, मिठाई और ब्रेड वितरित किए। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. ऐमन और डॉ. मनोहर ने मासूम शिवांश को फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
व्यापारी अवधेश सोनी ने बताया कि वे अपने बेटे को छोटी उम्र से ही दूसरों की मदद करने और खुशियां बांटने की सीख देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाज करा रहे जरूरतमंद मरीजों के बीच खुशियां बांटने से जो मानसिक संतोष मिला है, वह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
सीएचसी में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों ने भी इस प्रेरणादायक अनूठी पहल की खुले दिल से प्रशंसा की और बच्चे के उज्जवल भविष्य की कामना की ।
इस अवसर पर गुड्डू गुप्ता, विकास अग्रहरि,राजा अग्रहरि,नीतीश ,अमन अग्रहरि, सूदन सोनी और कंचन सोनी सहित अन्य उपस्थित रहे।

दुद्धी को जिला बनाओ को लेजर संघर्ष समिति व अधिवक्ताओं का कचहरी गेट पर प्रदर्शन, सरकार पर वादे न निभाने का आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। “दुद्धी को जिला बनाओ” की मांग को लेकर शनिवार दोपहर करीब एक बजे कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर चुनावी वादे न निभाने का आरोप लगाया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा दिया था। उन्होंने मांग की कि इस वादे को पूरा कर दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित किया जाए ताकि क्षेत्र का विकास हो सके।
पदाधिकारियों ने कहा कि पूरा क्षेत्र विकास की राह देख रहा है, लेकिन विकास कहीं दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रहा। लोगों के हाथों में काम नहीं है, बेरोजगार होकर घूम रहे हैं।
संघर्ष समिति का कहना था कि दुद्धी पिछले कई दशकों से जिला बनाने की मांग कर रहा है और सभी मानदंड पूरे करता है। इसके बावजूद भारी राजस्व देने वाले इस क्षेत्र को जिला का दर्जा नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर जितेंद्र श्रीवास्तव, सत्यनारायण यादव, रामपाल जौहरी, रामजी पांडे, जवाहर लाल, सुरेन्द्रदंत उपाध्याय, छोटेलाल, सूर्यकांत तिवारी, दिनेश चंद्र, अमरावती देवी, सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र, आदर्श कुमार, आशीष, राकेश अग्रहरि सहित काफी संख्या में संघर्ष समिति के लोग व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

पंखा का कनेक्शन जोड़ते समय करंट लगने से बर्तन व्यापारी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में शनिवार शाम पंखे का कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से एक 42 वर्षीय बर्तन व्यापारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में रोना पिटना मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, झारोखुर्द निवासी लालबिहारी सोनी उर्फ नागेंद्र (42) पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र शनिवार शाम लगभग साढ़े 7 बजे अपने घर में स्टैंड पंखे का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे। उसी दौरान वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विनोद सिंह ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक पेशे से बर्तन के व्यापारी थे। उनके निधन से पत्नी का रो रो कर बुराहाल है ।वहीं मृतक के चार बच्चों तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। सभी बच्चे अभी नाबालिग हैं। अस्पताल के मेमो के जरिए घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी दुद्धी पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

सीबीएसई नेशनल में रेफरी बनकर सोनभद्र के रवि सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, पंजाब पुलिस के हेड कोच शिव कुमार ने किया सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)जनपद के रेनुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह ने सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप-2026 में नेशनल रेफरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाकर जिले का नाम रोशन किया है। हरियाणा के पानीपत स्थित बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, जटल में 19 से 24 सितंबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान रवि सिंह ने निष्ठा, निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ नेशनल रेफरी की भूमिका निभाई तथा मुकाबलों के निष्पक्ष संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चैंपियनशिप के सफल आयोजन एवं समापन में ऑब्जर्वर शिव कुमार, पंजाब पुलिस के हेड कोच एवं महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी, की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिव कुमार एशियन गेम्स एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उन्होंने नेशनल रेफरी रवि सिंह को मंच पर सम्मानित कर उनके निर्णायक कार्य की सराहना की। इसी अवसर पर डॉ. जोसेफ लिम, चेयरमैन, 9 डैन कुक्कीवोन इंडिया नॉर्थ ब्रांच एवं सीनियर एडवाइज़र, कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया, ने भी मंच पर रवि सिंह से हाथ मिलाकर उन्हें सम्मानित किया। दोनों प्रतिष्ठित खेल हस्तियों से मिले सम्मान को रवि सिंह ने अपने लिए गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी क्षण बताया। चैंपियनशिप के सफल संचालन में सीबीएसई स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर निखिल हंस, सीबीएसई नेशनल ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी रवि कादयान तथा टूर्नामेंट डायरेक्टर सौरभ शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। रवि सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच हरप्रीत सिंह और राकेश कुमार को दिया गौरतलब है कि रवि सिंह विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप में भारत के लिए रजत पदक जीत चुके हैं तथा कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे एनआईएस कोच, नेशनल रेफरी एवं 4 डैन ब्लैक बेल्ट हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी के रूप में जिम्मेदारी निभाना उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रवि सिंह की इस उपलब्धि पर हिण्डालको रेनुकूट, सोनभद्र सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नया ट्रांसफार्मर आने से बीड़र गांव में लौटी रौशनी, ग्रामीणों में खुशी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बीड़र के गिद्धमरवा टोले में एक सप्ताह पूर्व ट्रांसफार्मर जलने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया था। टोल फ्री नंबर पर शिकायत के बाद शुक्रवार शाम करीब 5 बजे 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर पहुंचा, जिससे ग्रामीणों और युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार, बीड़र गांव के गिद्धमरवा टोले में करीब एक हफ्ते पहले ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसके बाद से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। लगातार अंधेरे से परेशान ग्रामीणों ने तत्काल प्रभाव से टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी।
नया ट्रांसफार्मर आने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा समय पर कार्रवाई करने पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव जसवंत कुशवाहा, संजय कुशवाहा, निशांत पटेल, सुमंत पटेल, मंगल कुशवाहा, बलदेव गोंड, राकेश कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, श्याम जी, सत्यप्रकाश, सूर्यप्रकाश सहित अन्य उपस्थित रहे।

बरैया के झुंड के हमले में एक ही परिवार के सात लोग घायल,एक गंभीर सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोन थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव में शुक्रवार को बरैया (बिरनी) के झुंड के हमले में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। घायलों में लीलावती देवी (55) पत्नी बीगन यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, सभी लोग शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में बकरियों के लिए चारा लेने गए थे। इसी दौरान पत्तों के बीच छिपे बरैया के झुंड पर गलती से कुल्हाड़ी लग गई। इसके बाद बरैया ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
हमले में लीलावती देवी के अलावा पूजा देवी (30) पत्नी अवधेश यादव, निर्जला यादव (12) पुत्री अवधेश यादव, अमित (7) प्रियंका (14), पुष्पा (11) तीनों पुत्र-पुत्री शिवमुनि, और शिवानी (7) पुत्री विनोद यादव घायल हो गए। सभी घायलों को परिजन निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।

फंदे से लटकता मिला वन निगम के डीएलएम का शव, रेनुकूट के निजी गेस्ट हाउस में हुई मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।पिपरी थाना क्षेत्र के रेनुकूट स्थित हिंडाल्को के निजी गेस्ट हाउस में गुरुवार रात वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) सत्यपाल प्रसाद (40) का शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।देवरिया जिले के भरहे चौरा गांव निवासी सत्यपाल प्रसाद मिर्जापुर डिवीजन में डीएलएम पद पर तैनात थे। उनके पास करीब डेढ़ वर्ष से पिपरी डिवीजन का अतिरिक्त प्रभार भी था। वह विभागीय कार्य से रेणुकूट आए थे और चालक अशोक के साथ गेस्ट हाउस में ठहरे थे।बताया गया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे सत्यपाल प्रसाद की पत्नी रानी ने चालक अशोक को फोन कर बताया कि पति काफी देर से फोन नहीं उठा रहे हैं। इस पर चालक उनके कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर सत्यपाल प्रसाद गमछे के सहारे पंखे से लटके मिले। चालक ने इसकी सूचना पत्नी, गेस्ट हाउस प्रबंधन और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही चल सकेगा।
सत्यपाल प्रसाद की पत्नी रानी और दो नाबालिग बच्चे मिर्जापुर में रहते हैं।पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दुद्धी-विंढमगंज पर चेचिस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, हेलमेट होने के बावजूद नहीं बची जान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोलिनडूबा में दुद्धी-विंढमगंज नेशनल हाईवे-39 मार्ग पर मेदनीखांड लैम्पस के सामने शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे चेचिस और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अगस्त कुमार पुत्र राजेंद्र राम निवासी धनराडीह, मकड़ी, भवनाथपुर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक हेलमेट पहने हुए था, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी जान नहीं बच सकी।
टक्कर के बाद चेचिस चालक प्रिंस कुमार वाहन लेकर फरार हो गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 पर पकड़ लिया गया। कोलिनडूबा निवासी बंधु राम ने बताया कि चेचिस और बाइक दोनों विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रहे थे। वह सड़क किनारे मवेशियों को चारा दे रहे थे, तभी तेज आवाज सुनाई दी और वे मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति सड़क पर गिरा मिला।
चेचिस चालक प्रिंस कुमार का कहना है कि बाइक पहले कार से टकराई, फिर फिसलकर चेचिस के पिछले पहिये की चपेट में आ गई। पुलिस ने बाइक संख्या यूपी64एवी2936 को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी भेजा गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो चचेरे भाई घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हुमेलदोहर पकरी गांव निवासी दो चचेरे भाई शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से दुद्धी आ रहे थे। कनहर पुल से पहले कन्हरेश्वर शिव मंदिर के सामने एनएच -39 मार्ग पर कार की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए।
घायलों की पहचान शिवम (18) पुत्र जगदीश और गोविंद (22) पुत्र अवधेश प्रसाद के रूप में हुई है। हादसे की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि शिवम के पैर में गंभीर चोट की आशंका है। सीएचसी में एक्स-रे की व्यवस्था नहीं होने के कारण जांच कराने की बात कही गई। वहीं गोविंद को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार चल रहा है।

दो हजार से अधिक के यूपीआई भुगतान पर एमडीआर शुल्क लगाने का विरोध,व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगाए जाने के निर्णय का व्यापारियों ने विरोध किया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल कमेटी दुद्धी के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।
व्यापार मंडल कमेटी के अध्यक्ष अमरनाथ ने कहा कि दो हजार रुपये से अधिक के सभी यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क लगाने का निर्णय 15 अक्तूबर 2026 से लागू किया जाना प्रस्तावित है। इससे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा और इसका भार अप्रत्यक्ष रूप से आम जनता को भी उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कारोबार बढ़ने के बावजूद व्यापारी पहले से ही विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान कर रहे हैं। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगने से व्यापारियों की लागत बढ़ेगी और कारोबार के लिए अधिक पूंजी की जरूरत पड़ेगी। आमदनी में वृद्धि न होने से व्यापारी आर्थिक रूप से कमजोर होंगे।
व्यापारियों ने आशंका जताई कि शुल्क लागू होने से यूपीआई के प्रति लोगों का विश्वास कम हो सकता है और नकद लेनदेन को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने सरकार से निर्णय में संशोधन कर व्यापारियों को राहत देने की मांग की। इस दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल व सचिव जसवंत मौर्या, गणेश सोनी सहित अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दुद्धी में पं० दीनदयाल उपाध्याय के 110वीं जन्म दिवस पर भव्य काव्य संध्या 25 को

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। अंत्योदय के प्रणेता महान दार्शनिक पं. दीनदयाल उपाध्याय के 110वीं जन्म जयंती पर आगमी 25 सितंबर दिन शुक्रवार को कस्बा डीसीएफ कॉलोनी स्थित होटल ग्रीन स्टार में रात्रि 8:00 बजे से भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया गया हैं। जिसके मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज जी की पावन गरिमामयी उपस्थिति होगी । जबकि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ संतोष सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्व वैदिक सनातन न्यास, वाराणसी एवं प्रबंध संपादक संपन्न भारत राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र वाराणसी एवं डॉ सुमन राव प्रधान संपादक संपन्न भारत राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र वाराणसी होंगे। शानदार अभूतपूर्व काव्य संध्या की महफिल में काव्य पाठ आमंत्रित कविगण में डॉक्टर लखन राम जंगली,कौशल्या कुमारी,कौस्तुभ राज यादव,यथार्थ विष्णु , सोमेश चंद्र पीयूष , धर्मराज ठाकुर,अमन भदोरिया,आकाश अगम आदि कवि/कवयित्री होंगे। इस शानदार कार्यक्रम का संयोजन पं.दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच दुद्धी अध्यक्ष डॉक्टर लवकुश प्रजापति महामंत्री जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी , संरक्षक कमलेश मोहन नगर पंचायत अध्यक्ष दुद्धी, एडवोकेट नंदलाल अग्रहरि , उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद राय , मनोज सिंह उर्फ बबलू , डॉ विनय कुमार श्रीवास्तव ,मंत्री विंध्यवासिनी प्रसाद गुप्त कोषाध्यक्ष डॉ संजय कुमार गुप्त एवं सम्मानित सदस्यगण उपेंद्र कुमार तिवारी पत्रकार एड. जगदीश्वर प्रसाद जायसवाल , डॉक्टर हर्षवर्धन प्रजापति , डॉक्टर के के चौरसिया , एड. उमेश चंद गुप्त , एड. जवाहर लाल अग्रहरि, एड. शिव शंकर प्रसाद गुप्त, डॉ. जयवर्धन कुमार , संतोष जायसवाल , डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह (मनु जी) एड. प्रेमचंद यादव ,डॉ राज बहादुर सिंह , निरंजन जायसवाल , राकेश कुमार आजाद , एड.विष्णु कांत तिवारी , भोलानाथ गुप्त , एड. अजय धनेन्द्र जायसवाल, उमाशंकर प्रजापति ,सत्यव्रत प्रजापति ,रितु सोनी ,श्वेता सिंह आदि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय विचार मंच परिवार होंगे। इस कार्यक्रम में नगर क्षेत्रवासी सादर आमंत्रित है ।

दो मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित, शिक्षा और रोजगार पर हुई चर्चा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। समाजवादी पार्टी छात्रसभा की ओर से कटौली गांव में पीडीए, छात्र एवं नौजवान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, युवा भागीदारी और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली दो मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है।
छात्र नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानीं। वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष पवन पटेल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ओबरा हिमांशु यादव, छात्रसभा दुद्धी के विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव, अखिलेश यादव जिज्ञासु, जगत नारायण यादव, अभिषेक यादव, स्वाति भारद्वाज, दीप्ति, पूजा और कविता सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं व युवा मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के बीच संवाद बढ़ाना तथा उन्हें शैक्षणिक एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना है।

7 साल तक की सजा वाले मामलों में जेल भेजना ही पहला रास्ता नहीं!

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फिर याद दिलाया — अब आंकड़े भी मांगे जा रहे हैं।

रजिस्ट्रार जनरल, हाईकोर्ट ऑफ जुडिकेचर एट इलाहाबाद की ओर से 19 सितम्बर 2026 को प्रदेश के सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को पत्र भेजा गया है।

विषय कोई सामान्य प्रशासनिक सूचना नहीं है।

विषय है—“7 वर्ष या उससे कम की सजा वाले अपराधों में आरोपी के जेल में रहने की जानकारी।”

पत्र में सुप्रीम कोर्ट के Satender Kumar Antil v. CBI, निर्णय दिनांक 07.10.2021 का स्पष्ट संदर्भ दिया गया है।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार 7 वर्ष या उससे कम सजा वाले अपराधों की Category-A में आने वाले मामलों में जमानत आवेदन पर आरोपी को अनावश्यक रूप से शारीरिक हिरासत में लेने की आवश्यकता नहीं है। पत्र में विशेष रूप से कहा गया है कि ऐसे मामलों में जमानत आवेदन पर appearance के आधार पर निर्णय किया जा सकता है अथवा जमानत आवेदन के निर्णय तक interim bail दी जा सकती है।

अब महत्वपूर्ण बात देखिए—

हाईकोर्ट ने जिला न्यायालयों से ऐसे आरोपियों से संबंधित डेटा मांगा है जो 7 वर्ष या उससे कम सजा वाले अपराधों में जेल में बंद हैं।

और इसकी सूचना DISHA Portal के माध्यम से 21.09.2026 तक उपलब्ध कराने को कहा गया।

नीचे संबंधित न्यायालय में आदेश भी अंकित है—

“Seen. Statement Clerk to comply.”

यानी अब सवाल सिर्फ कानून की किताब में लिखे सिद्धांत का नहीं है।

सवाल यह है कि जमीन पर उसका पालन कितना हो रहा है?

क्या 7 वर्ष या उससे कम सजा वाले अपराधों में हर आरोपी को जेल भेजना आवश्यक है?

नहीं।

हर गिरफ्तारी के बाद जेल—और हर जमानत के लिए पहले हिरासत—यह अपने-आप में कानून का नियम नहीं है।

Satender Kumar Antil का निर्णय इसी पूरी व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण है।

अब हाईकोर्ट द्वारा मांगा गया यह डेटा यह देखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा कि—

कितने लोग ऐसे अपराधों में जेल में हैं, जहां कानून और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर अलग दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए था?

यह पत्र केवल एक प्रशासनिक पत्र नहीं है।

यह आंकड़ा मांगने का आदेश है।
और आंकड़े जब सामने आएंगे, तब तस्वीर भी सामने आएगी।

जमानत कोई एहसान नहीं।
व्यक्तिगत स्वतंत्रता संवैधानिक अधिकार है।
और कानून का पालन पुलिस से लेकर न्यायालय तक—हर स्तर पर होना चाहिए।

Source: Registrar General, High Court of Judicature at Allahabad — Letter No. 12198/Admin G-II, dated 19.09.2026

Satender Kumar Antil v. CBI — Supreme Court judgment dated 07.10.2021

तेज़ रफ़्तार बोलेरो की टक्कर से 65 वर्षीय पैदल यात्री घायल, चालक फरार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में सोमवार शाम करीब 7 बजे कादल चौराहा से आगे ब्रह्मदेव के घर के समीप रेणुकूट की ओर से दुद्धी की ओर आ रही एक तेज़ रफ़्तार बोलेरो ने पैदल चल रहे 65 वर्षीय राजकुमार महतो पुत्र स्व. बाउल महतो निवासी कादल, को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन सहित चालक मौके से भाग निकला।
टक्कर लगने के बाद राजकुमार महतो सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार, घायल के दाएं हाथ में फ्रैक्चर की आशंका है और उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे रेफर किया जा सकता है।परिजनों ने बताया कि राजकुमार महतो अपने मझौली स्थित नए घर से पुराने घर कादल आ रहे थे और पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज़ रफ़्तार बोलेरो ने टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने यह भी बताया कि जहां यह घटना घटी है, वहीं कल रविवार भी एक सड़क हादसा हुआ था जिसमें दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई थी। रविवार को दोपहर बाद अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार सूरज गोंड (25)निवासी कटौली और मनोज गोंड (24) निवासी मझौली ,की मौत हो गई थी।

झाड़ू लगा रही महिला को कोबरा ने डसा, गंभीर हालत में भर्ती, वन विभाग ने पांच फीट के सांप का किया रेस्क्यू

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव में सोमवार तड़के अपने घर में झाड़ू लगा रही एक महिला को कोबरा सांप ने डस लिया। घायल महिला का इलाज सीएचसी दुद्धी में चल रहा है।
बीड़र गांव निवासी बद्री सिंह पटेल ने बताया कि सोमवार की तड़के उनकी 35 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी,आंगन में बने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान लगभग पांच फीट लंबा कोबरा सांप घर में घुस आया और महिला के दाहिने पैर में डस लिया।
घटना की जानकारी जब परिवार के अन्य सदस्यों को हुई तो उन्होंने बिना समय गंवाए महिला को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ विनोद सिंह ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया।
परिजनों ने तुरंत डायल 112 और वन विभाग की टीम को सूचित किया। मौके पर पहुंचे वन दरोगा सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पांच फीट के कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर डब्बे में पैक किया और हाथीनाला के जंगल में छोड़ दिया।
वन दरोगा सुरेंद्र कुमार ने कहा कि गर्मी और गंदगी के कारण सांप अक्सर आबादी की ओर आ जाते है, इसलिए घरों और नालियों में साफ-सफाई बनाए रखें।
उन्होंने आगे कहा कि यदि घर में सांप दिखाई दे तो स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें और तुरंत वन विभाग या डायल 112 पर सूचना दें।

खेत जाते वक्त आकाशीय बिजली के चपेट में आने से किसान की मौत,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली रेलवे स्टेशन निवासी 35 वर्षीय ओम प्रकाश शर्मा की रविवार दोपहर तेज बारिश और गर्जन के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना रविवार की दोपहर लगभग दो बजे की बताई जा रही है। ओम प्रकाश शर्मा पुत्र श्रीचन्द्रमणि शर्मा अपने खेत के पाही पर जा रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम बदला और तेज गर्जन के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली के चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर विंढमगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि ओम प्रकाश शर्मा अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती करके अपना एवं परिवार का गुजारा चलाते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं, जो सभी अविवाहित हैं। परिवार में उनकी अचानक हुई मौत से परिजनों सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

तेज रफ्तार ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार दो मित्रों की मौत,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दुद्धी-रेनुकूट मार्ग पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए दोनों युवक हिंडालको में प्लंबर का काम करते थे और गहरे दोस्त थे।
प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार दुद्धी-रेनुकूट मार्ग के कादल गांव के पास दोपहर करीब 3 बजे रेणुकूट से रजखड़-दुद्धी की ओर जा रहे खाली ट्रक (JH02 BN 3908) ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कटौली निवासी सूरज गौड़ (25) पुत्र स्व. जीत सिंह गौड़ और मझौली निवासी मनोज कुमार गौड़ (24) पुत्र जयकरण गौड़ के रूप में हुई है। दोनों हिंडालको में एक साथ प्लंबर का कार्य करते थे और आपस में गहरे दोस्त थे।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि सूरज गौड़ तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और उनके दो बहनें हैं।दोनों युवकों की अचानक हुई मौत से उनके गांवों और परिवारों में मातम छा गया है।

भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही शराब से लदा ट्रक पलटा,रजखड़ घाट पर बिखरीं शराब की बोतलें, पुलिस ने 277 पेटियों में 15,680 बोतलें की बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र में एनएच 39 स्थित दुद्धी-हाथीनाला मार्ग के रजखड़ घाट पर शनिवार की रात करीब ढाई बजे धान की भूसी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में धान की भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप का खुलासा हुआ। शराब बिहार और झारखंड ले जाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
ट्रक पलटने के बाद भूसी हटने से शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। बोतलों को उठाने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शराब की पूरी खेप कब्जे में ले ली।
सीओ विनय प्रभारक साहनी के अनुसार,घटना के सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपने टीम के साथ पहुंचे ।ट्रक के भीतर धान की भूसी की बोरियों के बीच अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही थी। मौके से कुल 277 पेटियों और 100 बोरियों में रखी 15,680 बोतलें बरामद की गईं, जिनमें करीब 4,297 लीटर शराब है। बरामद अवैध शराब और ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये आंकी गई है।
दुर्घटना के कारण एनएच-39 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने जेसीबी की मदद से पलटे ट्रक को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।

अवैध गतिविधियों पर होगी सख्ती, पीड़ितों के लिए हमेशा खुले रहेंगे थाने के दरवाजे – प्रभारी निरीक्षक बीजपुर

पत्रकार वार्ता में स्थानीय समस्याओं की ली जानकारी, निष्पक्ष कार्रवाई का दिया भरोसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर / सोनभद्र

बीजपुर थाने के नवागत प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने रविवार को थाना परिसर में स्थानीय पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं पत्रकार वार्ता किया । इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेते हुए पत्रकारों से सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने सबसे पहले अपना परिचय देते हुए उपस्थित पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रमुख समस्याओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बारे में जानकारी लिया । उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार के समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान में मदद मिलती है।

मूल रूप से जौनपुर जिले के रहने वाले हँसमुख एवं मिलनसार स्वभाव के निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह बीजपुर थाने की जिम्मेदारी संभालने से पहले जनपद सोनभद्र के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पूर्व वह जुगैल, म्योरपुर एवं ओबरा थाने में तैनात रह चुके हैं।

उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के साथ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को उसकी पहचान या प्रभाव के आधार पर कानून से अलग नहीं माना जाएगा।

प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि थाना परिसर पीड़ितों और फरियादियों के लिए हमेशा खुला है। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर थाने आने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध कार्य की सूचना पुलिस को देने की अपील किया । पत्रकारों ने भी क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया तथा पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही।

“दुद्धी को जिला बनाओं ” को लेकर संघर्ष समिति,पदाधिकारियों व नागरिको का प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।”दुद्धी को जिला बनाओ विकास कराओ ,चुनावी वादा पूरा करो “के बैनर तले दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर करीब एक बजे कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर चुनावी वादे न निभाने का आरोप लगाया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा दिया था। उन्होंने मांग की कि इस वादे को पूरा कर दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित किया जाए ताकि क्षेत्र का विकास हो सके। कहां की पूरा क्षेत्र विकास की राह देख रहा है लेकिन विकास की राह कहीं दूर दूर तक दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों के हाथों में काम नहीं बेरोजगार होकर घूम रहे हैं।
पदाधिकारियों का कहना था कि दुद्धी पिछले कई दशकों से जिला बनाने की मांग कर रहा है और सभी मानदंड पूरे करता है। इसके बावजूद भारी राजस्व देने वाले इस क्षेत्र को जिला का दर्जा नहीं मिला। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ,रामपाल चौधरी ,सत्यनारायण यादव ,अशोक गुप्ता ,संतोष कुमार ,दिनेश कुमार ,हरनाम सिंह ,अमरावती देवी ,जीवनराम सहित काफी संख्या में संघर्ष समिति के लोग व स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

दुद्धी में चार को काटा अज्ञात सर्प/जहरीले जंतु, तीन का इलाज जारी, एक को परिजन ले गए अन्यत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। क्षेत्र में शनिवार को चार अलग अलग घटनाओं में दो महिलाओं, एक किशोर और एक युवक को अज्ञात सर्प/ जहरीले जंतु ने काट लिया। तीन मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक महिला को परिजन बीच उपचार से ही उठाकर अन्यत्र के लिए ले गए।
पहली घटना कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कुडूवा तूमिया निवासी चिंता देवी (40)पत्नी संकटाप्रसाद को शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर के बाहर टहलते समय किसी अज्ञात सर्प ने दाएं पैर में काट लिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तुरंत निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
हालांकि, उपचार के दौरान ही परिजन अपने जिद से मरीज को बिस्तर से उठाया और अन्यत्र ले गए। चिकित्सकों ने बताया कि सर्पदंश के बाद बीच में उपचार छोड़ना या मरीज को ले जाना जानलेवा हो सकता है, क्योंकि विष शरीर में तेजी से फैलता है,परिजन अपने जिद पर मरीज को ले गए ।
दूसरी घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जाताजुआ निवासी मालती देवी (45)पत्नी रामगुलाब यादव शनिवार दोपहर करीब 1 बजे धान के खेत में खाद डालने गई थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात जहरीले जंतु ने उनके दाएं पैर में काट लिया।
घटना की सूचना पर 108 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज और चालक बंशी यादव मौके पर पहुंचे और मरीज को सीएचसी दुद्धी ले आए।जहां डॉ. मनोहर सिंह की निगरानी में उनका उपचार किया गया और फिलहाल स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
तीसरी घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बघाडू निवासी अंकुश (10)पुत्र संजय सिंह को आज ही अपराह्न करीब 3 बजे घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर अपने दोस्तों के साथ खेलते समय किसी अज्ञात सर्प ने बाएं पैर में काट लिया। परिजन अंकुश को तुरंत निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में उसका भी इलाज जारी है ।
चौथी घटना कस्बे से लगे धनौरा गांव के एक युवक को भी शाम 4 बजे किसी अज्ञात जहरीले जंतु ने काट लिया। उसका भी इलाज सीएचसी दुद्धी में डॉ विनोद सिंह के देखरेख में चल रहा है।

दुद्धी तहसील दिवस में तहसीलदार की अध्यक्षता में आए 71 मामले,पांच का निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील सभागार में शनिवार को तहसीलदार अंजनी गुप्ता की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस आयोजन में फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं से जुड़ी कुल 71 शिकायतें दर्ज कराईं।
तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि एक मामले के निस्तारण के लिए टीम भेजा गया ,सभी पांच मामलों का निस्तारण किया गया वहीं शेष 66 मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभरुणवाल,सीओ विनय प्रभारक साहनी दुद्धी, पिपरी के अलावा तहसील स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

नमामि गंगे हर घर जल योजना के तहत तहसील दिवस में विधानसभा अध्यक्ष ने सौंपा प्रार्थना पत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील दिवस के अवसर पर शनिवार को अपना दल (एस) के विधानसभा दुद्धी अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने नमामि गंगे हर घर जल योजना के तहत विभिन्न गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू कराने और अधूरे पाइपलाइन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
प्रार्थना पत्र में मल्देवा, जाबर, खजूरी, बीडर और पिपरडीह समेत क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
निरंजन जायसवाल ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों पर कार्य में शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए योजना की ग्रामवार स्थलीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही से सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना की प्रभावशीलता और छवि प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकता पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
इस अवसर पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय, दिलीप पांडेय, सोनू जायसवाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

बीमारी के बाद तबीयत बिगड़ने से युवक की मौत,सीएचसी दुद्धी से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कचनरवा टोला लकवाखाड़ी निवासी 35 वर्षीय लल्लू पुत्र स्व. जवाहिर की शनिवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।बताया गया कि वह पिछले लंबे समय से अपने ससुराल ग्राम जोरूखाड़ में रह रहे थे।
परिजनों और ग्राम प्रधान विमल यादव के अनुसार ,लल्लू यादव टीबी की बीमारी से पीड़ित थे। छह महीने का दवा कोर्स पूरा करने के बाद उन्होंने दवा खाना बंद कर दिया था और हाल फिलहाल तक उनका स्वास्थ्य ठीक था। हालांकि, बीते दो तीन दिनों से उनकी तबीयत अचानक फिर से बिगड़ने लगी।
आज शनिवार सुबह परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे।जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद परिजन शव को वापस सीएचसी दुद्धी लाए, जहां डॉ. मनोहर सिंह ने जांच के बाद लल्लू को मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही सीएचसी परिसर में परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया और चीख पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पांच बच्चों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान विमल यादव ने दुखी परिजनों को सांत्वना दी और हर सहयोग में जुटे रहे।

ओबरा की सीवेज समस्या पर बड़ा वार: 22 करोड़ से बनेगा 6.7 एमएलडी एसटीपी, नाला डायवर्जन का भी श्री गणेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा, सोनभद्र। नगर की सीवेज और जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। स्वच्छ भारत मिशन-2.0 के तहत आदर्श नगर पंचायत ओबरा में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से 6.7 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और नाला डायवर्जन परियोजना का विधिवत भूमि पूजन किया गया। समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम के साथ ही परियोजना के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया।
नगर में दोपहर करीब दो बजे आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में वैदिक विधि-विधान के साथ परियोजना का शुभारंभ किया गया। नगर अध्यक्ष चांदनी देवी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभासदों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जल निगम के अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
6.7 एमएलडी क्षमता का होगा अत्याधुनिक एसटीपी
परियोजना के तहत ओबरा नगर में 6.7 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से नगर क्षेत्र से निकलने वाले सीवेज के उपचार की व्यवस्थित और वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य है। परियोजना पूरी होने के बाद सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही नगर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नाला डायवर्जन का महत्वपूर्ण कार्य भी कराया जाएगा। इससे मौजूदा जल निकासी तंत्र को व्यवस्थित करने और सीवेज प्रबंधन की समस्या को कम करने में सहायता मिलने की उम्मीद जताई गई है।
गीतांजलि पेट्रोल पंप से थर्मल पावर प्रोजेक्ट के नाले तक होगा डायवर्जन
परियोजना के प्रोजेक्ट इंचार्ज वीर पाल सिंह के अनुसार नाला डायवर्जन का कार्य गीतांजलि पेट्रोल पंप के समीप स्थित नाले से थर्मल पावर प्रोजेक्ट के नाले तक कराया जाना प्रस्तावित है। इसी परियोजना के अंतर्गत 6.7 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण भी किया जाएगा।
परियोजना का कार्य उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय, मिर्जापुर की कार्यदायी संस्था के माध्यम से कराया जाना सुनिश्चित किया गया है। निर्माण कार्य का जिम्मा अयोध्या की मैसर्स पवन कुमार सोनी संस्था को मिला है।स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
एसटीपी के निर्माण को नगर की स्वच्छता व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। सीवेज के वैज्ञानिक उपचार की सुविधा विकसित होने से नगर में निकलने वाले अपशिष्ट जल के प्रबंधन को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। वहीं नाला डायवर्जन से जल निकासी को व्यवस्थित करने में सफल मदद मिलने की उम्मीद है।स्वच्छ भारत मिशन-2.0 के तहत संचालित इस परियोजना को नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद ओबरा में सीवेज प्रबंधन और जल निकासी व्यवस्था को एक नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
मंत्री की मौजूदगी में हुआ भूमि पूजन
भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड रहे। उन्होंने परियोजना के महत्व पर जोर देते हुए नगर की स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए ऐसे विकास कार्यों को आवश्यक बताया। नगर अध्यक्ष चांदनी देवी के मार्गदर्शन में नगर पंचायत की ओर से कार्यक्रम की व्यवस्थाएं की गईं।
इस मौके पर जल निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार चौधरी, सहायक अभियंता राज कुमार पटेल और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार यादव समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में श्रवण पासवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, उमेश सिंह पटेल, राम निवास तोमर, मनोज सिंह, सतीश पाण्डेय, सुनील मिश्रा, विकास सिंह, दशरथ शुक्ला, सरिता सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजेश यादव, अजीत कन्नौजिया, आदर्श सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी शिशिर शर्मा की भी मौजूदगी रही।भूमि पूजन के साथ शुरू हुई इस परियोजना को लेकर नगरवासियों में भी उत्सुकता देखी गई। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना पूरी होने के बाद ओबरा में सीवेज उपचार और जल निकासी की व्यवस्था को आधुनिक आधार मिलने की उम्मीद है।

गणेशोत्सव की महफिल में गूंजी कविता की गूंज, पार्थ के गांडीव की टंकार से देर रात तक झूमे श्रोता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

शाहगंज, सोनभद्र। गणेश पूजनोत्सव समिति शाहगंज के तत्वावधान में गुरुवार की रात आयोजित विराट कवि सम्मेलन में कविता, हास्य-व्यंग्य, देशभक्ति और भक्ति रस का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा पंडाल देर रात तक तालियों और जयघोष से गूंजता रहा। देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं ने जहां श्रोताओं में उत्साह भरा, वहीं हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों ने लोगों को जमकर गुदगुदाया। कवियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वाणी वंदना के साथ हुआ। कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से कवि सम्मेलन का आगाज किया। उनकी देशभक्ति से जुड़ी पंक्तियों ने माहौल में राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया। इसके बाद मंच पर पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकार, देशप्रेम, समरसता, मानवीय संवेदनाओं और वर्तमान व्यवस्था से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. लोकपति सिंह पटेल रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ कवि दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ ने की। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन प्रद्युम्न कुमार त्रिपाठी एडवोकेट, निदेशक शहीद स्थल प्रबंधन ट्रस्ट करारी ने किया।
कवि दयानंद दयालू ने मोबाइल और बदलते दौर से जुड़ी हास्य रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को खूब हंसाया। धर्मेश चौहान ने देशभक्ति गीत से माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। अशोक तिवारी ने अपनी रचना के माध्यम से सामाजिक और धार्मिक सरोकारों को स्वर दिया।
इसके बाद मंच पर आए प्रद्युम्न कुमार त्रिपाठी एडवोकेट ने “पार्थ के गांडीव की टंकार है कविता, समरसता सद्भाव प्यार है कविता” जैसी ओजपूर्ण पंक्तियों से पूरे वातावरण में ऊर्जा भर दी। उनकी प्रस्तुति पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने कविता के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
हास्य-व्यंग्य के कवि एवं संयोजक सुनील ‘चऊचक’ ने अपनी चुटीली रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। उनकी स्थानीय बोली की हास्य प्रस्तुति पर लोग देर तक ठहाके लगाते रहे। वहीं कवि दिलीप सिंह ‘दीपक’ ने देश और व्यवस्था से जुड़े विषयों को अपनी रचनाओं में पिरोते हुए श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति “तुम सब कुछ बेच दो लेकिन हिंदुस्तान मत बेचो” पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।शायर विवेक चतुर्वेदी ने अपनी शायरी और गजल से कार्यक्रम में भावनात्मक रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुति “तुम मुझको नजरअंदाज कर नहीं सकते” ने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं ओज के कवि प्रभात सिंह चंदेल ने देशभक्ति से सराबोर रचना “तुम मेरे मस्तक पर हिंदुस्तान लिख देना” सुनाकर माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से भर दिया। उनकी प्रस्तुति के बाद पंडाल में देर तक वंदेमातरम के उद्घोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम में सुशील मिश्रा ‘सोन संगीत फाउंडेशन’ ने भगवान शिव और गणेश की सस्वर वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गणेशोत्सव के अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में भक्ति और साहित्य का यह संगम श्रोताओं को विशेष रूप से पसंद आया।
मुख्य अतिथि डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने अपने संबोधन में जनहित, सामाजिक सद्भाव, आपसी प्रेम और आम आदमी की पीड़ा को साहित्य एवं सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने कवियों से समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली रचनाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कवि दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ ने हास्य रचनाओं के माध्यम से इंसानियत और सामाजिक व्यवहार का संदेश दिया। उनकी हास्य प्रस्तुति “बरवा कटा के कट कौवा, बीए पढ़े लागल बा बेटवा” ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। पंडाल में देर तक हंसी और तालियों का दौर चलता रहा।कवि सम्मेलन में साहित्य और समाज के प्रति योगदान देने वाले सभी कवियों का आयोजन समिति की ओर से विशेष सम्मान किया गया। कवियों को अंगवस्त्र पहनाकर, माल्यार्पण कर, लेखनी, पुस्तिका और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। सम्मान पाकर कवियों ने आयोजन समिति का आभार जताया।
गणेश पूजनोत्सव समिति शाहगंज के इस आयोजन में साहित्य प्रेमियों और क्षेत्रीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कविता, गीत, गजल, हास्य-व्यंग्य और देशभक्ति की प्रस्तुतियों का सिलसिला देर रात से लेकर भोर तक चलता रहा। श्रोता अपनी जगह पर डटे रहे और प्रत्येक प्रस्तुति पर तालियों के साथ कवियों का उत्साह बढ़ाते रहे।
इस अवसर पर आयोजक आलोक पटवा के साथ रिंकू श्रीवास्तव, शीतला प्रसाद वर्मा, विमर्श सिंह पटेल, धर्मेंद्र सोनी, ओम प्रकाश सोनी, अनिल पांडेय, अनमोल, समर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, साहित्य प्रेमी एवं सैकड़ों श्रोता मौजूद रहे।

अधिवक्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी की दुर्व्यवस्था पर जताई नाराजगी, अधीक्षक ने सुधार का दिया भरोसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी बार एसोसिएशन दुद्धी के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचा और अधीक्षक डॉ. वरुण निधि से मुलाकात कर अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की।इस दौरान अधिवक्ताओं ने मरीजों के इलाज में हो रही दुर्व्यवस्था, अस्पताल के बेड से लेकर चारों तरफ फैली गंदगी शौचालय में दुर्गंध बेड पर चादर नहीं तथा गंभीर मरीजों का कोई इलाज नहींऔर ऐसे मरीजों को रेफर कर दिया जाता है के अलावा अन्य तमाम समस्याओं को लेकर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने इन समस्याओं की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ से भी करने की बात कही।अस्पताल की बदहाली से रूबरू हुए अधीक्षक डॉ. वरुण निधि ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर अस्पताल की दुर्व्यवस्था में सुधार कर दिया जाएगा।
इस मौके पर प्रेमचंद्र यादव, जितेंद्र श्रीवास्तव, आनंद कुमार, पीयूष अग्रहरि, प्रमोद गुप्ता कृष्ण मुरारी अग्रहरि प्रेमचंद गुप्ता सुनील द्विवेदी राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूक हुए दुद्धी की नारियां, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत शुक्रवार को महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को नारी शक्ति से जुड़ी हेल्पलाइन नंबरों तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपदा और अपराध की स्थिति में काम आने वाले हेल्पलाइन नंबरों- 1090, 1076, 112, 181, 102, 108, 1098 और 101 के बारे में बताया। साथ ही, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, ग्रामीण आवास योजना, निराश्रित महिला पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी स्कीमों की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा लैंगिक अपराध, बालश्रम, बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
मौके पर उपस्थित महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना बताया गया।
इस मौके पर बृज राज यादव, जसवंत सिंह, महिला कांस्टेबल आकांक्षा मिश्रा और स्वीटी पांडे सहित पूरी टीम मौजूद रही।

20 हजार का इनामी आरोपी मुर्धवा मोड़ से गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी आरोपी को रेनूकूट के मुर्धवा मोड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवम शुक्ला पुत्र त्रिभुवन शुक्ला निवासी बालपुरवा थाना धानेपुर जनपद गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार थाना दुद्धी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 में शिवम शुक्ला धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने नौ सितंबर 2026 को 20 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवम शुक्ला अपने नाना चंद्रिका प्रसाद शुक्ला के घर रेनूकूट आया हुआ है और मुर्धवा मोड़ के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का वर्तमान पता मुर्धवा मोड़, हाईटेक रेनूकूट, थाना पिपरी बताया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभरुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, निरीक्षक अंगद प्रसाद तिवारी, कांस्टेबल नंदेश कुमार सिंह और कांस्टेबल राहुल बिंद शामिल रहे।

आदिवासी इलाके में शिक्षा का हाल बेहाल,पूर्वांचल यात्रा दुध्दी पहुंची, डिग्री कॉलेज में किया संपर्क

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।आदिवासी बाहुल्य दुद्धी के क्षेत्र में शिक्षा का हाल बेहाल है। मात्र एक सरकारी डिग्री कॉलेज के बूते लाखों की आबादी को पढ़ाया जा रहा है। स्थिति इतनी बुरी है कि बच्चों विशेषकर लड़कियों को सरकारी शिक्षा के अभाव में बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ देनी पड़ती है और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान का सपना अधूरा रह जाता है। इसलिए दुद्धी में तीन सरकारी डिग्री कॉलेज विशेषतौर पर लड़कियों के लिए आवासीय डिग्री कॉलेज व पर्याप्त इंटर कॉलेज खोलना व प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। यह मांग आज पूर्वांचल यात्रा के दुद्धी डिग्री कॉलेज में किए जनसंपर्क में वक्ताओं ने उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि इस क्षेत्र का विकास अवरुद्ध है। स्वास्थ्य सुविधाएं बेपटरी हो चुकी है। रोजगार के अभाव में नौजवान लड़के और लड़कियों को पलायन करना पड़ रहा है। यहां की पलायन हो रही पूंजी को यहीं पर लगाया जाए और महिला स्वयं सहायता समूह व नौजवानों को सस्ते दर पर कर्ज दिया जाए तो बड़े पैमाने पर लघु कुटीर उद्योग भी विकसित होंगे और लोगों को रोजगार मिलेगा। यात्रा में सभी से 20 सितंबर को वाराणसी में आयोजित नई पीढ़ी संवाद में शामिल होने की अपील की गई।
यात्रा में आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान पूर्वांचल यात्रा की सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, सविता गोंड, राजेंद्र प्रसाद गोंड, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड, खुशबू यादव, पूनम, शहनाज, खुशी यादव, राबिया, श्वेता, संस्कृति, आयुषी, राज मौर्या आदि लोग शामिल रहे।

पिकअप में क्रूरतापूर्वक लादे गए 11 गोवंश बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार,आरोपी को न्यायालय भेजा गया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। गोवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 11 गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर शाहनी के कुशल निर्देशन में दुद्धी पुलिस को गोवंश तस्करी की सूचना मिली।
17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पिकअप वाहन में 11 गोवंशों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक लादकर बीजपुर/लिलासी की ओर से आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कर्चा टोला मधुवन जंगल के पास चेकिंग शुरू कर दी।
बताया गया कि पुलिस चेकिंग देखकर पिकअप चालक वाहन को जंगल की ओर ले गया और गोवंशों को वाहन से उतारकर बांध दिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 11 गोवंशों को बरामद कर लिया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीद अंसारी पुत्र सफीक अंसारी निवासी चिनिया थाना चिनिया गढ़वा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 263/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम, 1960 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, व उ0नि0 संजय सिंह, उ0नि0 श्यामानंद यादव, का0 धीरज पटेल, का0 राहुल बिन्द एवं म0का0 पूजा देवी शामिल रहे ।

चेयरमैन ने नगर के पांच वार्डों में आरओ वाटर कूलर सिस्टम का किया शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी / सोनभद्र

विश्वकर्मा पूजनोत्सव पर नगर के विभिन्न वार्डों में गुरुवार को चेयरमैन कमलेश मोहन ने नगरवासियों को शुद्ध पेयजलापूर्ति हेतु आरओ वाटर कूलर सिस्टम का शुभारंभ किया।इससे स्थानीय रहवासियों में हर्ष का माहौल है।
इस मौके पर चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि सरकार के मंशा के अनुरूप शुद्ध पेयजलापूर्ति योजना के तहत नगर के सभी वार्डों में सोलर आरओ वाटर कूलर सिस्टम की स्थापना की जा रही है। जिसमें आज विश्वकर्मा पूजनोत्सव के अवसर पर नगर के दो, तीन, पांच,दस व ग्यारह कुल पांच वार्डों में आरओ वाटर कूलर सिस्टम का शुभारंभ कर, नगरवासियों को सौंप दिया गया। शेष अन्य वार्डों में भी कार्य जारी है।शीघ्र ही उन वार्ड के रहवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य धनौरा जुबेर आलम, सभासद सरोज आनंद अग्रहरि, शाहनवाज खां, मोनू सिंह, धीरज जायसवाल,आमेश सिंह,शाहिद आलम,अंका कुमार,मोहित अग्रहरि, अन्नू, विकास मद्धेशिया,पीयूष कसेरा आदि लोग उपस्थित रहे।

दुद्धी में सूखे सागौन के पांच मोटे पीस चोरी, पुलिस ने नहीं की रपट दर्ज

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। थाना कोतवाली दुद्धी क्षेत्र के ग्राम निमियाडीह में एक वकील के खेत में रखे सूखे सागौन के इमारती लकड़ी के पांच मोटे पीस रात में चोरी हो गए। पीड़ित कैलाश कुमार गुप्ता एडवोकेट ने 13 सितंबर को घटना की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा रपट दर्ज नहीं किए जाने पर उन्होंने आज 17 सितंबर को मीडिया को जानकारी दी।
कैलाश कुमार गुप्ता पुत्र स्व० सरजू राम मूल निवासी ग्राम निमियाडीह और वर्तमान निवासी वार्ड नं0 4 (अमवार रोड)कस्बा दुद्धी ने बताया कि उनके ग्राम निमियाडीह, परगना व तहसील दुद्धी स्थित भूमिधरी आराजी में सागौन सहित कई इमारती लकड़ी के पेड़ लगाए गए थे।
इनमें से कुछ सागौन के पेड़ सूख गए थे, जिन्हें कटवाकर 6.5 से 7 फीट लंबे टुकड़ों में बनाकर उक्त खेत में ही रखा गया था।
घटना 13 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे की है। जब प्रार्थी को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे और पाया कि बीती रात में उनके द्वारा रखे गए सूखे लकड़ी के बोटों/पीसों में से पांच पीस चोरी हो गए।
चोरी हुए लकड़ी के पीसों की मोटाई लगभग 3 से4 फीट और लंबाई करीब 6.5-7 फीट बताई गई है।
पीड़ित कैलाश कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने चोरी की घटना के बाद आस-पास के काफी लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरी हुई लकड़ी का कोई पता नहीं चला।
उन्होंने 13 सितंबर को थाना कोतवाली दुद्धी में प्रार्थना पत्र देकर रपट दर्ज कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी।
लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा न तो रपट दर्ज की गई और न ही कोई कार्रवाई की गई।
इस पर निराश होकर पीड़ित ने 17 सितंबर को मीडिया के माध्यम से अपनी व्यथा रखी और पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चोरी की घटना में देरी होने से आरोपियों के पकड़े जाने की संभावना कम हो जाती है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुए लकड़ी को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।