सोनभद्र में ‘नशे की काली दुनिया’ का पर्दाफाश! महिला तस्कर रंगे हाथ धराई, 1.2 किलो गांजा जब्त

रेनुकूट में नशे का बड़ा धमाका: ‘गांजा गैंग’ से जुड़ी महिला गिरफ्तार, पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र/पिपरी
जनपद सोनभद्र में नशे के खिलाफ चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच पिपरी पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा किया है। रेनुकूट इलाके में चल रहे अवैध गांजे के धंधे पर पुलिस ने जोरदार प्रहार करते हुए एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद महिला की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। तलाशी लेने पर जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान मंजू देवी (40 वर्ष), निवासी चाचा कॉलोनी रेनुकूट के रूप में हुई है। उसके पास से एक सफेद झोले में छिपाकर रखा गया करीब 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी।
पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इस अवैध नेटवर्क के बड़े खिलाड़ियों तक पहुंचा जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का सख्त संदेश:
अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रोगों पर वार करने को तैयार प्रशासन! अप्रैल में चलेगा ‘ऑपरेशन सफाई’, गांव-गांव पहुंचेगी टीम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद सोनभद्र में बढ़ते संचारी रोगों को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अप्रैल माह को ‘बीमारियों के खिलाफ जंग’ के रूप में बदलते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा, जबकि 10 अप्रैल से ‘दस्तक अभियान’ के जरिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस महाअभियान की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें सभी विभागों को साफ शब्दों में चेतावनी दे दी गई—इस बार कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। अभियान को जमीनी स्तर पर पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।
सफाई से लेकर फॉगिंग तक सख्त आदेश
प्रशासन ने नगर निकाय और पंचायत विभाग को साफ-सफाई, जल निकासी और कचरा निस्तारण को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान नियमित रूप से चलाने के आदेश जारी हुए हैं। हर गतिविधि की फोटो रिपोर्ट भी अधिकारियों को भेजनी होगी, जिससे निगरानी और सख्त हो सके। स्कूलों में भी ‘हेल्थ अलर्ट’ बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए स्कूलों को भी अलर्ट कर दिया गया है। प्रार्थना सभा में रोजाना हाथ धोने की सही तकनीक, बुखार और संक्रमण से बचाव के उपाय सिखाए जाएंगे। सभी स्कूलों में हैंडवॉश और मेडिकल किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
खतरनाक बीमारियों पर प्रशासन की नजर
जिले में स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पायरोसिस जैसे खतरनाक रोगों के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। पशुपालन और कृषि विभाग को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हर विभाग की तय जिम्मेदारी
जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक सभी अधिकारियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का साफ संदेश है—इस बार अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धरातल पर असर दिखेगा।

कुएं में मिली लाश का राज खुला! पति-पत्नी निकले कातिल अदालत ने सुनाई 10-10 साल की सजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र करीब साढ़े तीन साल पहले हुए चर्चित रामसेवक उर्फ काशी हत्याकांड में आखिरकार न्याय का पहिया घूम गया। सनसनीखेज इस मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोषी दंपती को कड़ी सजा दी है। मंगलवार को सत्र न्यायाधीश की अदालत ने दोनों अभियुक्तों को हत्या का दोषी मानते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 12-12 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
अदालत का सख्त रुख
कोर्ट ने साफ कहा कि यह गंभीर अपराध है, जिसमें किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जा सकती। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में दोनों दोषियों को 3-3 माह की अतिरिक्त कैद भी भुगतनी होगी। साथ ही, जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समाहित करने का आदेश भी दिया गया है।
ऐसे खुला था हत्याकांड का राज
मामला अगस्त 2022 का है, जब अरुआंव निवासी विजय कुमार का बेटा रामसेवक उर्फ काशी अचानक लापता हो गया था। वह 9 अगस्त की शाम बाइक से घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
तीन दिन बाद गांव के लोगों ने एक मोबाइल फोटो के जरिए जानकारी दी कि पास के गांव महुआंव पांडेय के एक कुएं में युवक की लाश मिली है। जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो शव की पहचान रामसेवक के रूप में हुई। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया।शराब पार्टी बनी मौत की वजह
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि रामसेवक घटना वाले दिन आरोपी रामलखन के घर गया था, जहां शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट में उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस जांच और कोर्ट में सुनवाई
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी दंपती के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने पहली बार अपराध होने का हवाला देकर नरमी की मांग की, जबकि अभियोजन पक्ष ने इसे जघन्य अपराध बताते हुए सख्त सजा की पैरवी की।
न्याय का संदेश
अंततः अदालत ने सभी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दोष सिद्ध मानते हुए रामलखन और उसकी पत्नी कृष्णावती को सजा सुनाई। इस फैसले के बाद साफ संदेश गया है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में कानून किसी को बख्शने वाला नहीं है।

दुद्धी में मोबाइल चार्जिंग के दौरान करंट लगने से महिला अचेत, प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) । कोतवाली क्षेत्र के हाथीनाला थाना अंतर्गत बेहराडोल गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे एक महिला मोबाइल चार्ज करने के दौरान करंट की चपेट में आ गई।बिजली के तेज झटके से महिला अचेत हो गई।
घटना की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि दसमत देवी (30)पत्नी लालबहादुर निवासी बेहराडोल भोजन के बाद मोबाइल चार्ज करने लगीं। इसी दौरान बिजली का झटका लगा और वे गिर पड़ीं। गिरने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े और अचेत अवस्था में महिला को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले आए।जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार किया।जिसके बाद स्थिति सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
परिजनों का अंदेशा है कि मोबाइल चार्जर का तार कहीं कटने या खराब होने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दसमत देवी की हालत अब पहले से बेहतर है।

दुद्धी में तेज रफ्तार ट्रक से बचने के चक्कर में कृषि यंत्र से टकराया युवक, गंभीर घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के नगवा गांव निवासी अजय (26) पुत्र रामबृक्ष आज देर शाम दुद्धी बाजार की ओर आते समय गंभीर रूप से घायल हो गया। रजखड़ तिराहे के समीप कोतवाली साइड में लगभग 100 मीटर दूर सड़क किनारे खड़ी जुताई मशीन के पास आमने-सामने आ रही तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में वह सड़क किनारे रखे ट्रेक्टर कृषि यंत्र से टकरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस 102 के ईएमटी पंकज कुमार और चालक अजित कुमार ने घायल अजय को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डॉ. मनोहर ने बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण घायल को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुद्धी में खेलते हुए थिनर पी लिया 7 वर्षीय परम, छोटे भाई को भी पिलाया,सीएचसी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत ग्राम भीसूर निवासी अशोक सिंह के 7 वर्षीय पुत्र परम सिंह ने मंगलवार शाम घर में लापरवाही से थिनर पी लिया। खेलते हुए उसने जमीन पर रखे झोले से थिनर निकालकर न केवल खुद पिया, बल्कि पास खड़े छोटे भाई प्रियांशु को भी पिला दिया।
घटना मंगलवार करीब 6 बजे हुई, जब घर में दरवाजा रंगने का काम चल रहा था। इसी दौरान पिता अशोक सिंह बाहर खड़ी बाइक अंदर ला रहे थे। दरवाजे के पास जमीन पर रखे झोले में रखा थिनर देखकर बड़ा बेटा परम ने उसे पी लिया। जिसके बाद उसने अपने छोटे भाई प्रियांशु को भी पिलाया ,उसने थोड़ा पीने के बाद तुरंत उगल दिया, लेकिन परम की हालत बिगड़ने लगी तो पिता के पूछने पर प्रियांशु ने बताया कि बड़ा भाई ने इसे (थिनर) पिलाया और पिया था।
परिजनों ने तुरंत निजी साधन से परम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह के देख रेख में इलाज जारी है। डॉ. सिंह ने बताया कि बच्चे की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। उल्टी कराई जा रही है। स्थिति पर नजर रखते हुए आगे का इलाज किया जाएगा, अभी कुछ कहना मुश्किल है।
घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया है । उधर जानकारों का कहना है कि थिनर जैसे खतरनाक रसायनों को बच्चों की पहुंच से दूर रखना अत्यंत जरूरी है।

महावीर सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बा स्थित महावीर सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में वार्षिक उत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित रंगारंग कार्यक्रमों में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक और देशभक्ति प्रस्तुतियों से अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती वंदना से हुआ। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों को मनमुग्ध कर दिया ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही बच्चों को सशक्त बनाता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर मनोज मिश्रा, जीजीआईसी कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ रीतिका श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं अभिभावक मौजूद रहे ।

दुद्धी में प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में टॉपर्स छात्र-छात्राओं को डायरेक्टर ने शील्ड-मार्कशीट से किया सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में मंगलवार को वार्षिक अंक पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। स्कूल प्रशासन द्वारा आयोजित इस समारोह में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को उनके वार्षिक पढ़ाई उनकी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मार्कशीट के साथ आकर्षक शील्ड प्रदान की गई। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के डायरेक्टर डॉ लवकुश प्रजापति , डॉ हर्षवर्धन , पत्नी सुनैना आदि सदस्यों ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत का फल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यालय के छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य निखारने के लिए कटिबंध है।

विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र इस प्रकार हैं ।कक्षा नर्सरी में अरावी वरिश 98.63,अभय कुमार 97.38 और आयांश 96.13 अंक प्राप्त किया ।इसी तरह कक्षा एलकेजी में युग प्रजापति 99.2,शौर्य जायसवाल 93.8,ध्रुव सिंह 91.1 अंक प्राप्त किया । कक्षा यूकेजी में अगम्या प्रजापति 98.38 ,मो. इसान राजा 97.88 ,अथर्व प्रजापति 97.75 अंक प्राप्त किए । कक्षा 1 में अद्विका यादव 94.67 ,प्रियांक जैन 89.16, तन्या सिंह 85.16 अंक प्राप्त किया। कक्षा 2 में अलीया फातिमा 95.66,समृद्धि सिंह 94.66 ,प्रेरणा यादव 88.33 प्राप्त किया । कक्षा 3 ओम नमः शिवाय यादव 88.14 ,सक्षम जायसवाल 85.42 ,आयुष कुमार 83.71 प्राप्त किया। कक्षा 4 आराध्य सिंह मौर्य 92.71 , राजयवर्धन सिंह 91.71,शौर्य गुप्ता 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। कक्षा पीजी में प्रणिका श्रोत्रिया ,सौरभ कुमार ,अक्षथा अग्रहरी ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रहे जबकि द्वितीय स्थान पर परम अग्रहरी 89.75 और तृतीय स्थान पर आरव कुमार 79.75 अंक प्राप्त कर रहे। कक्षा 5 उन्नति प्रजापति 93.71 ,सार्थक जौहरी 91.85,कृतिका गुप्ता 88.85 अंक प्राप्त किया।

कक्षा 6 में हर्षवर्धन सिंह 93.8, आकृति गुप्ता 90.2 , शाहिद अंसारी 88.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किया । कक्षा 7 में प्रज्ञा मिश्रा 95.14 ,सोनाली कुमारी 94.14 ,अकीफा खान 90.3 अंक प्राप्त किया। कक्षा 8 साना परवीन 99.14 ,आलेहा खान 92.42 और अर्पिता मसीह 91 प्रतिशत अंक हासिल किया ।शिल्ड व अंकपत्र प्राप्त कर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे ।निदेशक ने बताया कि यह समारोह छात्रों में पढ़ाई के प्रति उत्साह जगाने का माध्यम है।कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन की सराहना की और बच्चों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर डॉ नीलम रश्मि ,मैनेजर जावेद अहमद,वाइस प्रिंसपल रेशमा सूबा,रॉबर्ट ब्रूस,मेहराणा धोरा , समस्तीन, सुप्रिया पांडे सुप्रिया गुप्ता ,प्रभु नारायण जायसवाल जितेंद्र चंद्रवंशी,बलवंत यादव सहित काफी संख्या में विद्यालय के छात्राएं और अभिभावक आदि उपस्थित रहे।

हत्या के दोषी हीरालाल अगरिया को सश्रम आजीवन कारावास

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र / दुद्धी

साढ़े तीन वर्ष पूर्व हुए चमेली हत्याकांड के मामले में सोमवार को सुनवाई करते हुए सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह की अदालत ने दोषसिद्ध पाकर दोषी हीरालाल अगरिया को सश्रम आजीवन कारावास व 10 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित की जाएगी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक मुन्ना पुत्र हीरालाल निवासी डूडीदह बसुधा कोटा, थाना चोपन, जिला सोनभद्र ने चोपन थाने में दी तहरीर में अवगत कराया था कि 28 जून 2022 को सुबह 8 बजे उसकी मौसी चमेली (48) वर्ष जंगल में बकरी चराने गई थी। जहां गांव का हीरालाल अगरिया पुत्र रामबली अगरिया भी पहुंच गया और मौसी से भूत प्रेत को लेकर विवाद हो गया और हीरालाल अगरिया ने कुल्हाड़ी के डंडे से उसकी मौसी चमेली को मारकर गंभीर चोट पहुंचाई, जिसे लेकर अस्पताल जा रहा था तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दिया। विवेचक ने पर्याप्त सबूत मिलने पर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के दौरान जहां अभियुक्त के अधिवक्ता ने पहला अपराध बताते हुए कम से कम दंड दिए जाने की याचना की, वहीं जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी ज्ञानेंद्र शरण रॉय ने हत्या का मामला बताते हुए अधिक से अधिक दंड देने की याचना की। अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान व पत्रावली का अवलोकन करने के बाद दोषसिद्ध पाकर दोषी हीरालाल अगरिया को सश्रम आजीवन कारावास व 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर 3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित की जाएगी।

सोनभद्र पुलिस का वारंटियों पर बड़ा एक्शन, करमा व जुगैल थाना पुलिस ने 6 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र,
जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 6 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना करमा और थाना जुगैल पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद सभी अभियुक्तों को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।
थाना करमा पुलिस की कार्रवाई
थाना करमा पुलिस टीम ने तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें तेजबली यादव निवासी रजपुरवा बहेरा, सोनू और सुबेदार निवासी खैराही शामिल हैं। ये सभी अभियुक्त न्यायालय द्वारा जारी वारंट के तहत वांछित थे।इन पर पूर्व में दर्ज मुकदमों (संख्या 9158/21 और 10378/25) से संबंधित कार्रवाई लंबित थी। पुलिस टीम ने सटीक सूचना और सक्रियता दिखाते हुए तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे—
उपनिरीक्षक जयराम सिंह, उपनिरीक्षक कृपाशंकर राम, हेड कांस्टेबल विवेक गिरी और संजय कुमार गुप्ता।
थाना जुगैल पुलिस की सख्ती थाना जुगैल पुलिस ने भी तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अभियान को और मजबूती दी। गिरफ्तार अभियुक्तों में छोटू, पतिया उर्फ अर्चना और गोल्ला उर्फ रामरेश शामिल हैं।
इनमें से कुछ अभियुक्त गंभीर धाराओं वाले मामलों में वांछित थे, जिनमें दुष्कर्म, अपहरण, धमकी और पोक्सो एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इन आरोपियों को पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया।गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे—
उपनिरीक्षक उमाशंकर गिरी, कांस्टेबल दीपक कुमार, मुकेश कुमार और महिला हेड कांस्टेबल मीना यादव।
अभियान जारी, अपराधियों में हड़कंप
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में फरार अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से यह स्पष्ट है कि वारंटियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

चोपन का बेटा बना प्रदेश का गौरव यूपीपीएससी में 5वीं रैंक अब बनेंगे असिस्टेंट कमिश्नर उद्योग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र/चोपन:
जनपद सोनभद्र के चोपन क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ा दी है। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले होनहार युवा विकास चंद्र पांडेय ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और जुनून के दम पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) 2024 परीक्षा में प्रदेश भर में 5वीं रैंक हासिल कर एक नया इतिहास रच दिया है।
इस शानदार सफलता के साथ ही विकास चंद्र पांडेय का चयन असिस्टेंट कमिश्नर (उद्योग) जैसे प्रतिष्ठित पद पर हुआ है, जो न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सोनभद्र जिले के लिए गर्व की बात है।
पहले भी दिखा चुके हैं प्रतिभा का दम
विकास की यह सफलता कोई अचानक मिली उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उनकी लगातार मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। वे इससे पहले भी संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास कर चुके हैं और वर्तमान में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (Geological Survey of India) में एक राजपत्रित अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षा में भी रहे अव्वल विकास की शैक्षिक यात्रा भी बेहद शानदार रही है। उन्होंने
लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की
इसके बाद देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) से एम.टेक की डिग्री हासिल की
उनकी यह उपलब्धि बताती है कि सही दिशा, कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
विकास चंद्र पांडेय की सफलता आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है। छोटे शहर और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर मन में कुछ करने का जज्बा हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
क्षेत्र में जश्न का माहौल
जैसे ही उनकी सफलता की खबर चोपन और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयों से सराबोर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह दिखाई है।संदेश
विकास की यह उपलब्धि यह साफ संदेश देती है कि
सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए आप दिन-रात मेहनत करते हैं।”

शरारती तत्वों ने झोपड़ी में लगाई आग ,झोपडी खाक ,दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड क्षेत्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली – पोलवा गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब शरारती तत्वों ने पुराने आम के बगीचे में स्थित एक झोपड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और झोपड़ी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने से झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान तथा कुछ नकदी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की तेज लपटों ने पास खड़े हरे-भरे आम के पुराने पेड़ को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे पेड़ बुरी तरह से जल कर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज पछुआ हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
हालांकि, आम के पेड़ में लगी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी, जिसके चलते देर शाम तक पेड़ की शाखाएं टूट-टूटकर गिरती रहीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
पीड़ित पक्ष के पितरम सिंह, देवनाथ सिंह, बद्री प्रसाद गोड़ और जय प्रकाश ने बताया कि उनके पुश्तैनी बगीचे में कुछ लोगों ने द्वेषपूर्ण भावना से आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। इस आगजनी में न केवल पुराना आम का पेड़ बल्कि लगाए गए नए पौधे भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
पीड़ितों ने गांव के ही तीन लोगों को नामजद करते हुए विंढमगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

महुली के प्राथमिक विद्यालय डोमगडई टोला में भव्य वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह संपन्न

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)।तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली स्थित प्राथमिक विद्यालय डोमगडई टोला में वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गांव एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी उदय कुमार शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी राम लखन कन्नौजिया ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत दीप प्रज्वलन एवं वंदन किया। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
समारोह के दौरान कक्षा 5 के उन छात्र-छात्राओं को, जो आगे की शिक्षा हेतु कक्षा 6 में प्रवेश कर रहे हैं, अतिथियों द्वारा पेन एवं कॉपी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विदाई के इस भावुक क्षण में बच्चों की आंखें नम थीं, वहीं विद्यालय परिवार भी भावनाओं से अभिभूत नजर आया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सूबेदार प्रसाद अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए, जिससे वातावरण अत्यंत संवेदनशील और भावुक हो उठा।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि उदय कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का विकास अत्यंत आवश्यक है, ताकि यहां के बच्चे भी उच्च मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क एवं बिजली की समुचित व्यवस्था न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में इन समस्याओं के समाधान हेतु प्रयास किए जाएंगे।
वहीं वरिष्ठ समाजसेवी राम लखन कन्नौजिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस भीषण गर्मी में बिजली की कमी के कारण बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे देखते हुए विद्यालय को शीघ्र ही इनवर्टर उपलब्ध कराया जाएगा।उनकी इस घोषणा पर बच्चों एवं अभिभावकों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। उन्होंने आगे यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में विद्यालय के विकास हेतु जो भी आवश्यक संसाधन होंगे, उन्हें उपलब्ध कराने में वे सदैव अग्रसर रहेंगे, ताकि गांव के बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक सूबेदार प्रसाद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग एवं सहभागिता से ही विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। हमारा प्रयास है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कारयुक्त वातावरण भी प्रदान किया जाए।उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, अख्तर अली, समीर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री शीला देवी, सहायक अध्यापकगण, सहायिका सतवंती देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सोनभद्र में नाबालिग लड़की को शादी का लालच देकर भगाने का मामला, तीन साल से धमकी और शोषण का आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।जनपद सोनभद्र के थाना बीजपुर क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने और उसके साथ शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र और पुलिस उपाधीक्षक (सीओ)दुद्धी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है ।
शिकायती प्रार्थना पत्र के अनुसार आरोपी ने 18 फरवरी 2026 की रात्रि करीब 10 बजे नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया। उसके बाद तीन दिनों तक कानपुर में जबरन रखकर उसके साथ गलत संबंध बनाए। जब पुलिस की दबिश बढ़ी, तो आरोपी ने लड़की को गांव वापस लाकर अपमानजनक गालियां देते हुए मारपीट की और भगा दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी तीन वर्षों से लड़की को डरा-धमकाकर शादी का वादा करता रहा और नाबालिग होने का हवाला देकर शोषण करता आया। उसने धमकी दी थी कि यदि किसी को बताया तो इज्जत बर्बाद कर देंगे और जान से मारकर लाश फेंक देंगे, जिसका पता किसी को न चले।
पीड़ित परिवार ने थाना बीजपुर को पहले ही सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने आज सोमवार को एसपी सोनभद्र और सीओ दुद्धी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में थाना बीजपुर को आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने के आदेश देने की मांग की गई है, ताकि नाबालिग की इज्जत और जान-माल की रक्षा हो सके। शिकायत की प्रतिलिपियां मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी सोनभद्र, प्रमुख सचिव और पुलिस महानिरीक्षक को भी भेजी गई हैं।

ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, इलाके में सनसनी मच गई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलैयाडीह की बियारी बस्ती स्थित रेलवे अंडरपास के समीप अप लाइन के पोल संख्या 57/29 पर रविवार रात्रि करीब 9 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैसेंजर ट्रेन से कटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक की शिनाख्त के लिए जमकर कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर रेलवे जीआरपी पुलिस और विंढमगंज थाना पुलिस दोनों बल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
विंढमगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही शिनाख्त हो जाएगी । इस हृदयविदारक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट मे थाना टीम ने बनाई सेमीफाइनल मे जगह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार। मां चतुर्भुजी प्रीमियर लीग नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को केतार थाना टीम ने सुडी़पुर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।केतार थाना टीम के कप्तान थाना प्रभारी अरूण कुमार रवानी ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। थाना टीम ने राज के 13 गेंदों पर 56 रन की अर्धशतकीय पारी और मंगल के 46 रन के बदौलत टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 146 रन बनाई। जवाबी पारी खेलने उतरी सुडी़पुर टीम का निराशजनक प्रदर्शन रहा।सुडी़पुर टीम 80 रन बनाकर आॅल आउट हो गई। इस तरह थाना टीम ने 66 रनों से इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल में मजबूती के साथ जगह बना ली है। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार थाना टीम के राज को दिया गया।वहीं दुसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पाचाडुमर ने बेलाबार को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना लिया। सोमवार की शाम केतार थाना और पाचाडुमर टीम सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे।

पवित्र घाट बना शर्मनाक कहानी का गवाह: नवजात लावारिस मिलने से सनसनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

जनपद सोनभद्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। जिस पवित्र घाट पर रोज़ाना लोग आस्था के साथ सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की खुशहाली और संतानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं, उसी स्थान पर एक नवजात शिशु के लावारिस हालत में मिलने की खबर ने माहौल को शोक और आक्रोश में बदल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। हर चेहरे पर हैरानी, हर आंख में सवाल और हर दिल में दर्द साफ देखा जा सकता था। लोग एक-दूसरे से यही पूछते नजर आए कि आखिर ऐसा कौन सा कारण रहा होगा, जिसने किसी को इस मासूम को इस हालत में छोड़ने पर मजबूर कर दिया। यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के उस कड़वे सच को उजागर करती है, जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
बताया जा रहा है कि आज भी समाज के कई हिस्सों में बेटियों को लेकर पुरानी सोच पूरी तरह खत्म नहीं हो पाई है। “वंश चलाने” की संकीर्ण मानसिकता, पितृसत्तात्मक सोच और सामाजिक दबाव जैसे कारण आज भी कई परिवारों को अमानवीय फैसले लेने पर मजबूर कर देते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षा और आधुनिकता के तमाम दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर बदलाव अभी अधूरा है।इसके अलावा, आर्थिक तंगी, सामाजिक बदनामी का डर और पारिवारिक दबाव भी ऐसी घटनाओं की बड़ी वजह बनते हैं। कई बार लोग समाज के डर से ऐसे कठोर कदम उठा लेते हैं, जिनकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। संबंधित विभागों और पुलिस टीम द्वारा जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।यह घटना एक बार फिर हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हम सच में आधुनिक समाज की ओर बढ़ रहे हैं, या अब भी पुरानी कुरीतियों के बोझ तले दबे हुए हैं। जरूरत है न सिर्फ कानून के सख्त पालन की, बल्कि समाज की सोच में बदलाव लाने की—ताकि कोई भी मासूम इस तरह बेबस और लावारिस न छोड़ा जाए।

सोनभद्र में दर्दनाक सड़क हादसा: रॉन्ग साइड ट्रक की टक्कर से कार चालक की मौके पर मौत, पत्नी-बेटा घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के चोपन थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। चोरपनिया गांव के समीप हुए इस दर्दनाक हादसे में एक कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से अंबिकापुर की ओर जा रही एक कार जैसे ही चोरपनिया गांव के पास पहुंची, तभी सामने से रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
इस हादसे में कार चालक किशोर कुमार (38), निवासी रांची (झारखंड), की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद कुछ देर तक मौके पर चीख-पुकार मची रही। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
हादसे में मृतक की पत्नी नितू देवी और उनका 3 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना पाकर चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सख्त निगरानी और रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

पड़ोसी से झगड़े के बाद विषाक्त पदार्थ के सेवन से महिला की बिगड़ी हालत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव निवासी सुनैना देवी (28) पत्नी श्यामू ने आज शाम पड़ोसी से हुए झगड़े से क्षुब्ध होकर घर में रखे विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ते ही परिजनों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के चालक अनिल और ईएमटी गौतम कुमार ने घायल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी।
सुनैना देवी ने बताया कि वह कुछ दिनों से अपने ससुराल फतेहपुर के बजाय बच्चों को लेकर मायके में रह रही थीं। परिजनों के अनुसार मामला पड़ोसी विवाद से जुड़ा है।फिलहाल महिला को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई ।

दुद्धी केंद्रीय अखाड़े का जय बजरंग अखाड़ा समिति रामनगर में अतिथि सम्मान के साथ हुआ भव्य भंडारा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।जय बजरंग अखाड़ा समिति रामनगर में परंपरागत रूप से श्री रामनवमी का पावन पर्व कुशल संपन्न उपरांत डिहवार बाबा स्थित हनुमान मन्दिर परिसर में सायंकाल रामायण का पूज्य पुरोहित रविंद्र नाथ शुक्ला व नौ दिनों का व्रत अनुष्ठान के मुख्य जजमान जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी संग आस्थावान व्रतधारी सनातनीयों ने सामूहिक रामायण का दोहा पढ मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम व भक्त हनुमान एवं मां काली की स्तुति क्षमा प्रार्थना के साथ ध्वज पूजन किया । परंपरागत विसर्जन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने कहा कि बरबस ही प्रभु श्री राम वी भोलेनाथ ने रामनवमी का महापर्व में सम्मिलित होने का परम सौभाग्य प्रदान कराया जिससे मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुख्य अतिथि का अंग वस्त्रम व तिलक लगाकर अखाड़ा के अध्यक्ष बबलू चन्द्रवंशी व संरक्षक सुनील कुमार जायसवाल आदि द्वारा सम्मानित किया गया। केंद्रीय जय बजरंग अखाड़ा समिति के मुख्य संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता रामलोचन तिवारी ने कहाँ की आयोजक मंडल रामनगर अखाड़ा समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन अनुशासित रूप से किया गया। सभी अखाड़ों के गुरु गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी के अखाड़ा के मजबूती के लिए किए गए कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अपने उद्बोधन में कहा कि वह हम सभी के गुरु व मार्गदर्शक थे। रामनगर अखाड़ा समिति के कार्य की सराहनीय की साथ हीं नव मनोनीत गुरु जी शंभू नाथ जौहरी सहित पूरी समिति कों शुभकामनाएं दीं । कार्यक्रम का शुभारंभ तत्कालीन 54 अखाड़े के गुरु रहे स्वर्गीय गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत की गई। हिंदू धर्म के धर्म ध्वजा संवाहक पूज्य देवनारायण जायसवाल का माल्यार्पण अंगवस्त्रम कर स्वागत तिलक लगाकर किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन का अंग वस्त्रम तिलक लगाकर सम्मान के बीच अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर के चार दिवारी का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा साथ हीं नगर के विकास पर प्रकाश डाला। साथ हीं जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम का अंगवस्त्रम व तिलक लगाकर स्वागत किया गया ।

केंद्रीय जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल महामंत्री दीपक शाह रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरी महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता का अंगवस्त्रम कर सम्मान किया गया। साथ ही सर्व समाज के अध्यक्षगणों चन्द्रवंशी समाज के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, स्वर्णकार समाज से गणेश प्रसाद सोनी,युवा अग्रहरी समाज के अध्यक्ष आलोक अग्रहरी,कानू मध्येसिया समाज के अध्यक्ष संतोष कुमार सहित पूर्व नगर अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि, विंध्यवासिनी प्रसाद जायसवाल, अरुणोदय जौहरी, धीरेंद्र कुमार सिंह, राकेश कुमार श्रीवास्तव, नगर प्रचारक वशिष्ठ जी, शिव शंकर गुप्ता, राजेश्वर श्रीवास्तव कृष्ण कुमार चन्द्रवंशी, श्याम बिहारी, पवन सिंह , सहित मातृ शक्तियों का सम्मान तिलक लगाकर अंग वस्त्रम कर अंजुलाता चन्द्रवंशी, मनोनीत सभासद पूजा चन्द्रवंशी संग सभी समाज में अग्रणी भूमिका निभाने वाले मातृ शक्तियों कों उनके पतिदेव द्वारा अंगवस्त्रम तिलक लगाकर सम्मान किया गया। जय बजरंग अखाड़ा समिति के पूज्य पुरोहित रविंद्र नाथ शुक्ला, मुख्य संरक्षक सुनील कुमार जायसवाल अखाड़े के नव मनोनीत अध्यक्ष शंभूनाथ जौहरी, अध्यक्ष बबलू चन्द्रवंशी महामंत्री राजू शर्मा उपाध्यक्ष रोहित चन्द्रवंशी कोषाध्यक्ष राजकुमार सोनी संगठन मंत्री अजय चन्द्रवंशी संरक्षक मंडल विशंभर नाथ पटेल गुरुजी,सतेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी पूर्व अध्यक्ष कृष्ण मुरारी पांडे, श्याम बिहारी, राकेश श्रीवास्तव, भोला अग्रहरि नीरज जौहरी मीडिया प्रभारी रवि सिंह आदि सैकड़ो सनातनियों का सम्मान अंगवस्त्रम एवं तिलक लगाकर किया गया। तत्पश्चात शानदार भव्य भंडारे का प्रसाद ग्रहण भक्तगणों ने किया। संचालन सुनील कुमार जायसवाल द्वारा किया गया।

सड़क हादसे में चाचा की मौत, भतीजा गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील क्षेत्र के बभनी थाना अंतर्गत कोंगा गांव में रविवार शाम बाइक के खाई में गिरने से चाचा हरिशंकर (14) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा संजय (13) गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच में बैठा एक अन्य किशोर बाल-बाल बच गया।
घटना रविवार शाम करीब 5 बजे कोंगा गांव के खुदामहुआ टोला के पास की बताई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों ग्रामीण एक ही बाइक पर सवार होकर गांव में ही घूमने निकले थे। अचानक चालक हरिशंकर का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे 5 फीट गहरी खाई में जा गिरी।हादसे में हरिशंकर को सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि संजय पुत्र असरफी लाल निवासी कोंगा भी बुरी तरह जख्मी हो गया। बाइक के बीच में बैठे एक अन्य किशोर सुरक्षित बताया गया जिसे मामूली चोटे आई। उसने ही परिजनों को हादसे की सूचना दी।
परिजनों ने घायलों को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने हरिशंकर को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया,जबकि संजय की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चिकित्साधीक्षक ने बताया कि हरिशंकर को सीने और सिर में अंदरूनी गंभीर चोटे के कारण उनकी मृत्यु हुई है और संजय को सिर पर गंभीर चोट को देखते हुए रेफर किया गया है ।उनकी भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मृतक हरिशंकर चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर के और दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता शंकर ने बताया कि बेटा बाइक लेकर घूमने निकला था। घर से महज एक किमी दूर ही यह हादसा हो गया। कहीं जा रहे थे या नहीं, इसकी कोई जानकारी नहीं है ।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को देकर हम लोग हालत गंभीर देख निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले आए ।घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंचकर आगे की प्रकिया में जुट गई है ।

10 साल पुराने श्यामसुंदर हत्याकांड में बड़ा फैसला: 6 दोषियों को 10-10 साल की सजा, कोर्ट ने सुनाया कड़ा संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। करीब साढ़े दस वर्ष पुराने चर्चित श्यामसुंदर हत्याकांड में शनिवार को न्यायालय ने अहम फैसला सुनाते हुए छह दोषियों को कड़ी सजा दी। सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह की अदालत ने सुनवाई पूरी करते हुए गरीब, रामअवतार, मोहनलाल, रामलाल, मन्नीलाल शर्मा और नंदलाल को दोषी करार देते हुए प्रत्येक को 10-10 वर्ष की सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
अदालत ने सभी दोषियों पर 11-11 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में प्रत्येक को तीन माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। साथ ही, जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित करने का आदेश दिया गया है।
क्या था पूरा मामला?
अभियोजन पक्ष के अनुसार, घोरावल थाना क्षेत्र के बेलखुरी गांव निवासी गोविंद कुमार ने 6 जून 2015 को पुलिस में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जमीन कब्जे के विवाद को लेकर उसके पड़ोसी गरीब, रामअवतार, मोहनलाल, रामलाल, मन्नीलाल शर्मा और नंदलाल ने उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर बचाने आए उसके पिता लालमनी और भाई श्यामसुंदर को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल श्यामसुंदर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन विवेचना की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने गवाहों के बयान, साक्ष्य और दोनों पक्षों की दलीलों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुनाया।
अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी जिला शासकीय अधिवक्ता ज्ञानेंद्र शरण रॉय ने की।
क्रॉस केस में भी आया फैसला: तीन को 5-5 साल की सजा
इसी मामले से जुड़े क्रॉस केस में भी अदालत ने महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया। सत्र न्यायाधीश ने लालमनी, राजेश और गोविंद को दोषी पाते हुए 5-5 वर्ष की कैद और 3-3 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
अर्थदंड न देने पर इन्हें भी तीन माह अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।
क्रॉस केस की पृष्ठभूमि
दूसरे पक्ष के रामअवतार ने भी 6 जून 2015 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लालमनी, राजेश और गोविंद उसके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे और उसके भाई को घायल कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में भी जांच कर चार्जशीट दाखिल की थी। दोनों मामलों की सुनवाई के बाद अदालत ने संतुलित फैसला सुनाते हुए दोनों पक्षों के दोषियों को सजा दी।

सोनभद्र में लव लालच और लाश की खौफनाक कहानी भरोसे का कत्ल डैम बना राज़ दफनाने की साजिश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने इंसानी रिश्तों, भरोसे और मोहब्बत—तीनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़वा गांव में सामने आई इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री ने पूरे इलाके में दहशत और हैरानी फैला दी है। यहां एक प्रॉपर्टी डीलर को उसी महिला ने मौत के घाट उतरवा दिया, जिस पर वह भरोसा करता था। आरोप है कि कथित प्रेम-प्रसंग इस हत्याकांड की जड़ बना।
मृतक की पहचान चंदौली जनपद निवासी 50 वर्षीय कुंवर मौर्या के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि 22 मार्च को वह अपने ड्राइवर रोहित के साथ सोनभद्र पहुंचे थे और नौगढ़वा गांव स्थित महिला लीलावती के घर रुके थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह ठिकाना उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा।
रात में रची गई मौत की पटकथा सूत्रों के मुताबिक, उसी रात एक खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया। आरोप है कि लीलावती ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर कुंवार मौर्या की बेरहमी से हत्या कर दी। जिस घर में मेहमान बनकर आए, वहीं उन्हें मौत दे दी गई—यह बात हर किसी को झकझोर रही है। ड्राइवर बना राज़ का गवाह इस सनसनीखेज मामले का सबसे बड़ा खुलासा मृतक के ड्राइवर रोहित ने किया। उसने बताया कि घटना के बाद लीलावती ने खुद उसे जगाकर कहा कि हत्या हो चुकी है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे धमकाते हुए शव ठिकाने लगाने में मदद करने के लिए मजबूर किया।
डैम बना ‘सबूत मिटाने का गढ़ रोहित के अनुसार, हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में रखा गया और सभी आरोपी सिरसा डैम पहुंचे। वहां उन्होंने शव को भारी पत्थरों से बांधकर गहरी खाई में फेंक दिया, ताकि कोई सबूत न बचे। यह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। डर, धमकी और फिर हिम्मत
घटना के बाद ड्राइवर लंबे समय तक डर के साए में जीता रहा। आरोपियों ने उसे चुप रहने के लिए जान से मारने की धमकी दी थी। लेकिन आखिरकार उसने हिम्मत जुटाई और चंदौली पहुंचकर मृतक के परिजनों को पूरी सच्चाई बता दी।
पुलिस एक्शन में, डैम से बरामद हुआ शव
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सिरसा डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि हत्या के कारणों की पुष्टि हो सके। आरोपी फरार, तलाश तेज
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी महिला, उसका पति और भांजा फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रेम, पैसे या साजिश फिलहाल इस हत्याकांड को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं क्या यह सिर्फ प्रेम-प्रसंग का मामला था या इसके पीछे कोई बड़ा आर्थिक विवाद भी छिपा है? क्या पहले से साजिश रची गई थी? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

विकास की नई रफ्तार: 100 परियोजनाओं का शिलान्यास, सोलर प्लांट से हाईमास्ट लाइट तक बदलेगी तस्वीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र |
जनपद सोनभद्र में विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत स्वीकृत 100 परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। करीब 3 करोड़ 94 लाख 40 हजार रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभागार से किया गया, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मंत्री ने सोनभद्र से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह जनपद उनके लिए केवल एक प्रशासनिक क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार जैसा है। उन्होंने इस दिन को जनपद के विकास के लिहाज से ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन योजनाओं से गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
बताया गया कि स्वीकृत 100 परियोजनाओं में से कई कार्यों का आज औपचारिक शिलान्यास किया गया, जिनमें विशेष रूप से 31 सार्वजनिक सोलर पेयजल संयंत्र, 34 सोलर हाईमास्ट लाइट, 20 विद्युत हाईमास्ट लाइट, 6 विद्युतीकरण कार्य, 2 इंटरलॉकिंग, 2 सड़क एवं पुलिया निर्माण, 4 विद्यालय भवन और 1 ओपन जिम शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और सतत विकास को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने कार्यक्रम में जानकारी देते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने से न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम जनता को सीधे तौर पर लाभ पहुंचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सोलर आधारित पेयजल और प्रकाश व्यवस्था से ऊर्जा की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी इस पहल को जनपद के लिए मील का पत्थर बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गांवों में पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर होगी और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने इसे जनहित में उठाया गया एक सराहनीय कदम बताया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक श्रवण कुमार राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

डीजल-पेट्रोल पर ‘वार मोड’ में प्रशासन: जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र |
जनपद सोनभद्र में डीजल और पेट्रोल को लेकर बढ़ती हलचल के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी B. N. Singh ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि किसी भी हाल में जमाखोरी, कालाबाजारी, अफवाह या अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर बाजार में अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच कुछ स्थानों से डीजल-पेट्रोल की जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। खासतौर पर कुछ पेट्रोल पंपों पर सप्लाई बाधित होने और ‘ड्राई’ होने की खबरों ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन को आशंका है कि कुछ रिटेल आउटलेट संचालक जानबूझकर कृत्रिम अभाव पैदा कर सकते हैं, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़े। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पारदर्शिता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की जमाखोरी या अनुचित गतिविधि से दूर रहें।
साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से डीजल-पेट्रोल का स्टॉक न करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने, दुष्प्रचार करने या भ्रम की स्थिति पैदा करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध परिवहन का भंडाफोड़, बिहार ले जाया जा रहा डीजल पकड़ा गया
प्रशासन की सख्ती का असर भी दिखने लगा है। 27 मार्च 2026 को एक बड़ी कार्रवाई में डीजल के अवैध परिवहन का मामला पकड़ा गया। जांच के दौरान एक व्यक्ति द्वारा डीजल को अवैध रूप से बिहार ले जाया जा रहा था, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
प्रकरण में जिला पूर्ति विभाग की संस्तुति पर आरोपी के खिलाफ Essential Commodities Act, 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था और जनहित सर्वोपरि है। किसी भी व्यक्ति, संस्था या समूह द्वारा यदि हालात बिगाड़ने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ कठोरतम कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।

सोन नदी किनारे गूंजा स्वच्छता का संकल्प, अभियान बना जनआंदोलन स्वच्छता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र,
पखवाड़ा-2026 के तहत सोनभद्र में आज एक प्रेरणादायक और जनभागीदारी से भरपूर अभियान देखने को मिला, जहां ग्राम पंचायत गोठानी स्थित सोमनाथ मंदिर घाट पर स्वच्छता को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर रहा। वन विभाग और पंचायती राज विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल सफाई का संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की अलख भी जगाई।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और आमजन को सोन नदी सहित सभी जल स्रोतों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने की शपथ दिलाई। शपथ के साथ ही घाट परिसर में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रमदान कर स्वच्छता का उदाहरण पेश किया।
स्वच्छता के साथ हरियाली का संदेश
सिर्फ सफाई ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पौधारोपण के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराया गया। बच्चों में दिखा स्वच्छता के प्रति उत्साह स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय चोपन में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंगों और शब्दों के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जिससे कार्यक्रम और भी जीवंत हो उठा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की जिला मीडिया प्रभारी कविता यादव उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान धर्म ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान एडीओ पंचायत काशीराम, सेक्रेटरी सुषमा, गंगा वालंटियर अभिषेक यादव, प्रधानाचार्य अजीत सिंह, जेआरएफ प्रमोद, वन दरोगा दिनेश सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जनभागीदारी से बना मजबूत संदेश
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प लिया। पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनसहभागिता के जरिए लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नदियों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।

हत्या के चार दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र/दुद्धी । साढ़े छह वर्ष पूर्व हुए हरिकिशुन खरवार हत्याकांड के मामले में शनिवार को सुनवाई करते हुए सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह की अदालत ने दोषसिद्ध पाकर चार दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास व 14-14 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 3-3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित की जाएगी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक राम सागर खरवार पुत्र स्वर्गीय हरिकिशुन खरवार निवासी पड़री बराईडाड़ , थाना म्योरपुर, जिला सोनभद्र ने म्योरपुर थाने में दी तहरीर में अवगत कराया था कि 14 जुलाई 2019 को सुबह 9:30 बजे वह अपने खेत पर काम कर रहा था। उसके पिता जी भी खेत जोत रहे थे। तभी गांव के शिव कुमार खरवार, अवधेश खरवार व महेंद्र खरवार पुत्रगण छोटेलाल खरवार तथा दशमतिया पत्नी अवधेश खरवार उसके पिताजी के पास जाकर गाली देने लगे और खेत जोतने से मना करने लगे। जब पिताजी ने इसपर विरोध जताया तो सभी मिलकर पिताजी की जान मारने की नियति से लाठी- डंडे व कुल्हाड़ी से पिटाई कर दिए,शोरगुल की आवाज सुनकर जब वह और उसका भाई तथा घर की महिलाएं बचाने के लिए गई तो उन्हें भी मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। घायलावस्था में पिताजी को लेकर म्योरपुर अस्पताल गए तो डॉक्टरों ने पिताजी को मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दिया। विवेचक ने पर्याप्त सबूत मिलने पर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के दौरान जहां अभियुक्तगणों के अधिवक्ता ने पहला अपराध बताते हुए कम से कम दंड दिए जाने की याचना की, वहीं जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी ज्ञानेंद्र शरण रॉय ने हत्या का मामला बताते हुए अधिक से अधिक दंड देने की याचना की। अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान व पत्रावली का अवलोकन करने के बाद दोषसिद्ध पाकर चारों दोषियों शिवकुमार खरवार, अवधेश खरवार, महेंद्र खरवार व दशमतिया को सश्रम आजीवन कारावास व 14-14 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर 3-3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित की जाएगी।

जाबर गांव में बाइक सड़क हादसे से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दोहरा कहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के पास रात के अंधेरे में एक बाइक सवार युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। संदीप कुमार यादव (25)पुत्र स्व. रामकेश यादव निवासी टेढ़ा, रामनवमी के दिन झारखंड से रिश्तेदारों से लौट रहे थे। जाबर गांव में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे संदीप को सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल संदीप किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन दरवाजे पर ही बेहोश हो गए। परिजनों ने रात में ही उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया, जहां डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।जहां संदीप की शनिवार भोर करीब पांच बजे इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक के ढाई वर्षीय मासूम बेटे और तीन साल पहले हुई शादी को देखते हुए परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि छह साल पहले संदीप के पिता रामकेश की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो चुकी थी। छोटे से परिवार पर दोहरे कहर से पूरा इलाका सन्नाटे में डूब गया है।

हत्या के चार दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र/दुद्धी । साढ़े छह वर्ष पूर्व हुए हरिकिशुन खरवार हत्याकांड के मामले में शनिवार को सुनवाई करते हुए सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह की अदालत ने दोषसिद्ध पाकर चार दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास व 14-14 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 3-3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित की जाएगी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक राम सागर खरवार पुत्र स्वर्गीय हरिकिशुन खरवार निवासी पड़री बराईडाड़ , थाना म्योरपुर, जिला सोनभद्र ने म्योरपुर थाने में दी तहरीर में अवगत कराया था कि 14 जुलाई 2019 को सुबह 9:30 बजे वह अपने खेत पर काम कर रहा था। उसके पिता जी भी खेत जोत रहे थे। तभी गांव के शिव कुमार खरवार, अवधेश खरवार व महेंद्र खरवार पुत्रगण छोटेलाल खरवार तथा दशमतिया पत्नी अवधेश खरवार उसके पिताजी के पास जाकर गाली देने लगे और खेत जोतने से मना करने लगे। जब पिताजी ने इसपर विरोध जताया तो सभी मिलकर पिताजी की जान मारने की नियति से लाठी- डंडे व कुल्हाड़ी से पिटाई कर दिए,शोरगुल की आवाज सुनकर जब वह और उसका भाई तथा घर की महिलाएं बचाने के लिए गई तो उन्हें भी मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। घायलावस्था में पिताजी को लेकर म्योरपुर अस्पताल गए तो डॉक्टरों ने पिताजी को मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दिया। विवेचक ने पर्याप्त सबूत मिलने पर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के दौरान जहां अभियुक्तगणों के अधिवक्ता ने पहला अपराध बताते हुए कम से कम दंड दिए जाने की याचना की, वहीं जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी ज्ञानेंद्र शरण रॉय ने हत्या का मामला बताते हुए अधिक से अधिक दंड देने की याचना की। अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान व पत्रावली का अवलोकन करने के बाद दोषसिद्ध पाकर चारों दोषियों शिवकुमार खरवार, अवधेश खरवार, महेंद्र खरवार व दशमतिया को सश्रम आजीवन कारावास व 14-14 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर 3-3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित की जाएगी।

सीएचसी दुद्धी में मिशन शक्ति के तहत नवजात बालिकाओं व माताओं का सम्मान, बेटी बचाओ अभियान को मिली मजबूती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को और मजबूत बनाने के लिए मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत शनिवार को सीएचसी दुद्धी में ‘नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान नवजात बालिकाओं की माताओं को सम्मानित कर बेटी के जन्म को प्रोत्साहित किया गया।

यह कार्यक्रम मिशन शक्ति प्रभारी कोतवाली दुद्धी मिठ्ठू प्रसाद राजभर और महिला थाना प्रभारी संतु सरोज के नेतृत्व में एसआई सुभाष पांडे की अगुवाई में चला ।

सीएचसी दुद्धी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम की मौजूदगी में माताओं को बेबी किट, कपड़े और मिठाइयां उपहार स्वरूप भेंट की गईं।इसके बाद उपस्थित परिजनों व महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या रोकने और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति प्रभारी मिठ्ठू प्रसाद राजभर, महिला थाना प्रभारी संतु सरोज, एसआई सुभाष पांडे, महिला कांस्टेबल संध्या यादव, नीतू सरोज, बबीता, संयोगिता आदि शामिल रहीं।

दुद्धी क्षेत्र के कोरगी से लौटते युवक पर तीन लोगों ने की मारपीट, सिर पर गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली-पोलवा गांव में शनिवार शाम करीब 4 बजे बाइक से कोरगी से घर लौट रहे लालबाबू (22) पुत्र अपतर अली पर तीन अज्ञात लोगों ने घात लगाकर पथराव और मारपीट कर दी। हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक खून से लथपथ हो गया।
परिजनों के अनुसार लालबाबू कोरगी गांव से घर की ओर आ रहा था कि घर से पहले लगभग 5 किमी पहले एक दुकान पर कुछ सामान लेने रुका था ,कि वहां से निकलते समय तीन लोगों ने उनपर हमला बोल दिया। मारपीट किस बात को लेकर की गई, इसकी जानकारी नहीं है। उसी गांव के एक दोस्त ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले आए।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने सिर पर गंभीर चोट देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि लालबाबू को बिना किसी पुलिस सूचना के अस्पताल पहुंचाना पड़ा। उन्होंने कहा कि घटना की पुलिस को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।

कचहरी गेट पर दुद्धी को जिला बनाओं की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।आज शनिवार की दोपहर लगभग 1 बजे दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज पिछले कई दशकों से उठ रही है। समिति द्वारा अब तक 30 घंटे का आमरण भूख हड़ताल, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। उनका कहना रहा कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को भारी भरकम राजस्व की प्राप्ति भी होती है। इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई मंत्री और राजनीतिक नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। लोगों का कहना है कि चुनावी वायदे को निभाते हुए अब सरकार को विकास की राह प्रशस्त करने के लिए दुद्धी को जिला घोषित करना चाहिए।
प्रदर्शन में प्रेमचन्द यादव,राकेश श्रीवास्तव,दिनेश प्रसाद, ओम प्रकाश अग्रहरि,प्रेम चन्द्र गुप्ता,राकेश अग्रहरि,अमरावती देवी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता व संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।नारेबाजी के दौरान कचहरी परिसर में माहौल पूरी तरह आंदोलनी रंग में दिखाई दिया।
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हूटर का घमंड चूर-चूर सोनभद्र पुलिस का VIP कल्चर पर बुलडोजर एक्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले में VIP कल्चर का दिखावा करने वालों पर पुलिस ने ऐसा करारा प्रहार किया कि देखने वालों की भीड़ जुट गई। गुरुवार को लोढ़ी टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत अवैध हूटर और लाल-नीली बत्ती लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही “अहंकार की आवाज” को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए इस विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने एक-एक कर दर्जनों गाड़ियों को रोका। जैसे ही जांच शुरू हुई, कई वाहन चालक घबराते नजर आए। कुछ ने नियमों का हवाला देने की कोशिश की, तो कुछ चुपचाप अपनी गाड़ी से हूटर उतरवाते दिखे। लेकिन इस बार पुलिस पूरी तैयारी में थी—ना कोई बहाना चला, ना कोई सिफारिश।
हूटर उतरे, और फिर चला जेसीबी का पंजा!
चेकिंग के दौरान जब अवैध हूटर और बत्तियां उतार ली गईं, तो पुलिस ने एक ऐसा कदम उठाया जिसने पूरे इलाके में संदेश साफ कर दिया—अब VIP कल्चर बर्दाश्त नहीं होगा। जब्त किए गए हूटरों को मौके पर ही जेसीबी मशीन के नीचे डालकर कुचल दिया गया। हूटरों के टूटने की आवाज ने मानो “फर्जी रौब” की कहानी खत्म कर दी।
पुलिस का साफ संदेश: कानून से ऊपर कोई नहीं
अधिकारियों ने साफ कहा कि सड़क पर नियम तोड़कर VIP बनने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। हूटर और लाल-नीली बत्ती सिर्फ अधिकृत वाहनों के लिए ही हैं, आम लोगों द्वारा इसका इस्तेमाल पूरी तरह गैरकानूनी है।
जनता ने भी सराहा एक्शन
इस कार्रवाई को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना था कि सड़कों पर फर्जी रौब दिखाने वालों से आम जनता परेशान रहती है, ऐसे में यह कार्रवाई जरूरी थी।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने चेतावनी दी है कि जिले में आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर न सिर्फ जुर्माना लगेगा, बल्कि इसी तरह सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

बीजपुर पुलिस का फिल्मी एक्शन: शातिर कन्हैया घेराबंदी में गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली!

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र (बीजपुर):
जनपद सोनभद्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के बीच बीजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। काफी समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में धर दबोचा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि बीजपुर थाना पुलिस को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक शातिर अभियुक्त सिरसोती क्षेत्र में छिपकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी कर दी और सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कन्हैया (35) के रूप में हुई है, जो मु0अ0सं0-32/26 धारा 105 बीएनएस के तहत वांछित चल रहा था। पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्बल भी बरामद हुआ, जिससे उसके इरादों की गंभीरता साफ झलकती है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह अभियुक्त लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। लेकिन इस बार बीजपुर पुलिस की रणनीति और सतर्कता के आगे उसकी एक न चली।
गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।पुलिस का संदेश साफ:
अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता!

दुद्धी पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के सख्त निर्देश पर थाना दुद्धी पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार अभियुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक विशेष समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट/ट्वीट साझा किया था, जो सामाजिक सौहार्द को भंग करने वाला था। इसकी सूचना मिलते ही थाना दुद्धी पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की।
जांच में अभियुक्त की पहचान शिवम कुमार पुत्र महेश प्रसाद निवासी वार्ड नंबर 09, कस्बा दुद्धी थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मायके जाते समय अनियंत्रित मोटरसाइकिल से गिरी महिला, मौके पर मौत, कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार की रहने वाली सुनैना देवी (36) की शुक्रवार दोपहर मायके जाते समय सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से परिवार और क्षेत्र में कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कि युगलकिशोर गुप्ता उर्फ बबलू अपनी पत्नी सुनैना को मोटरसाइकिल पर बिठाकर झारखंड के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम परती जा रहे थे। वे बड़े ससुर के निधन पर दाह संस्कार में शामिल होने के लिए खरौंधी थाना क्षेत्र के परती रवाना हुए थे। रास्ते में उंटारी थाना क्षेत्र के तुलसीदामर घाटी के समीप कुछ ग्रामीणों द्वारा महुआ बीनने के लिए सड़क पर बिछाए गए पत्थरों से मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई।
इससे पीछे बैठी सुनैना सड़क पर गिर पड़ीं और सिर में गंभीर चोट लगने से अचेत हो गईं। पति ने तत्काल बड़े भाई राजेश गुप्ता को सूचना दी। राजेश निजी वाहन से मौके पर पहुंचे और सुनैना को उंटारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल मेमो पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल गढ़वा भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से हरनाकछार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

दुद्धी में श्री रामजन्मोत्सव पर निकाली भव्य शोभायात्रा जुलूस ,आयोजित अखाड़े में शौर्य का किया गया प्रर्दशन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कस्बे में श्री रामजन्मोत्सव रामनवमी बड़े ही उल्लास उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। रामजन्मोत्सव के मौके पर जय बजरंग अखाड़ा समिति (केंद्रीय )के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा जुलूस निकाला गया ।साथ ही पारंपरिक अखाड़े का आयोजन किया गया ।नगर में दर्जनों अखाड़ा जुलूस निकला जिसमें परंपरा, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
अपराह्न 3 बजे से केंद्रीय जय बजरंग अखाड़ा समिति के तत्वाधान में कस्बा व क्षेत्र से हजारों लोग विशाल बजरंगी ध्वजा पताका के साथ रामलीला मैदान में एकत्र हुए ।कस्बा व क्षेत्र के मल्देवा जाबर खजुरी धनौरा रजखड़ निमियाडीह टेढ़ा दिघुल महुली डुमरडीहा आदि गांवों से हजारों लोग शोभायात्रा का हिस्सा बने।रामलीला मैदान समेत पूरे दुद्धी में भगवा वेषधारी बजरंगी भगवा झंडा लिए हजारों लोगों की भीड़ देखते ही बन रही थी ।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में बाइक पर मातृशक्ति व स्कूटी पर दुर्गावाहिनी का रेला आगे आगे चल रही थी रानी लक्ष्मी बाई समेत अन्य वीरांगना दुर्गा वाहिनी नारी शक्ति सिर पर भगवा पगड़ी (साफा)और भगवा वेषभूषा धारण कर नारी शक्ति का प्रदर्शन किया ।शोभायात्रा में शामिल जेबीएस की संचलन नियंत्रक वाहन शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थी । नगर के पंचदेव दुर्गा पूजा समिति,मां काली दुर्गा पूजा समिति और विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा शोभा यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा किया गया।इससे पूर्व बाइको से युवा शक्ति भगवा ध्वजा लिए पूरे नगर का भ्रमण किया ।इस दौरान युवा शक्ति जय श्रीराम जय भवानी आदि गगनभेदी नारे का उद्घोष करते रहे ,जिससे सारा नगर जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा ।
दर्जनों अखाड़ों से पहुंचे हजारों लोगों के लिए विभिन्न हिन्दू संगठनों समाजसेवियों द्वारा जगह जगह जलपान आदि का व्यवस्था किया गया जिसका लोगों ने भरपूर लुप्त उठाया । शोभायात्रा में मां काली ,मां दुर्गा और भगवान श्रीराम की सुंदर सुंदर झांकियां लोगों को धार्मिक आस्था से भर रही थीं. पूरे रास्ते में भक्ति संगीत, जयकारे और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रामलीला मैदान से शोभायात्रा जुलूस की शुरुआत हुई जो बस स्टेंड तहसील के रास्ते नगर भ्रमण करते हुए मां काली रोड पहुंची ,पत्ती गोदाम से वापस होते हुए संकट मोचन मंदिर तिराहे पर अखाड़ा के रूप में परिवर्तित हो गईlजहां कई घंटों तक युवा व नारी शक्तियों द्वारा शस्त्र कला का शानदार प्रस्तुति दी गई।जिसने लाठी डंडे गड़ासा बल्लम तलवार आदि अस्त्र शस्त्र से युद्ध कलाओं के जरिए शौर्य का प्रदर्शन किया गया ।डुमरडीहा के अखाड़े से शानदार चक्र प्रदर्शन किया । उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को जय बजरंग अखाड़ा समितियों व उपस्थित अतिथियों द्वारा नगद और उपहार भेंट कर सम्मानित किया ।जिसके बाद जुलूस पुरानी मछली गली से निकलकर मस्जिद-मंदिर गली से होकर मेन मार्ग होते हुए प्राचीन शिवाजी तालाब पहुंची जहां पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मां काली और भगवान श्रीराम की प्रतिमाओं का पूजा अर्चना के बाद क्षमा याचना करते हुए श्रद्धालुओं ने नम आंखों से जल में विसर्जित कर दिया । तत्पश्चात अपने अपने गंतव्यों को रवाना हुए ।रामनवमी के महापर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहा । प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ,चौकी इंचार्ज व अन्य थाने से थानाध्यक्ष सहित उपस्थित रहे ।इसके अलावा भारी पुलिस व पीएसी जवान जगह जगह मुस्तैद रहे ।
इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो, विशिष्ट अतिथि नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन,जय बजरंग अखाड़ा समिति (केन्द्रीय)दुद्धी के संयोजक कन्हैयालाल अग्रहरि ,अध्यक्ष पंकज जायसवाल , महामंत्री दीपक शाह ,संरक्षक रामलोचन तिवारी ,देवनारायण जायसवाल ,रविन्द्र जायसवाल ,सुरेन्द्र गुप्ता , रामेश्वर राय,प्रेमचंद्र जायसवाल सहित सैकड़ो लोग कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट रहे ।

अवधूत भगवान राम आश्रम दुर्गा मंदिर कलकली बहरा में चैत्र नवरात्रि संपन्न, भव्य भंडारे का आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।अवधूत भगवान राम आश्रम एवं दुर्गा मंदिर, वार्ड-07, कलकली बहरा में चैत्र नवरात्रि पूजा का समापन भव्य भंडारे के साथ हुआ। माँ सर्वेश्वरी समूह आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में नौ कन्याओं का पूरे विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। व्रतधारियों ने पुड़ी, हलवा, चना, सब्जी और मिष्ठान का भोग लगाया।
नौ छोटी कन्याओं एवं भैरव बाबा को भोग अर्पित करने के बाद भक्तों ने उनका प्रणाम किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। अघोर सेवा मंडल आश्रम, पड़ाव वाराणसी के दिशा-निर्देश पर दुद्धी आश्रम में नौ दिनों तक अघोर सेवा पद्धति से पूजा-पाठ, हवन कार्यक्रम आयोजित किए गए। अष्टमी के दिन नौ कन्याओं एवं अघोरेश्वर भगवान राम को भोग लगाने के बाद भव्य भंडारा हुआ।
इसमें पूरी सब्जी सहित महाप्रसाद के रूप में अमृत तुल्य प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालु मंदिर में मत्था टेककर माता रानी का आशीर्वाद लेकर धन्य हुए और अपने घरों को लौटे।
मौके पर आश्रम परिवार के सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, गुरु माता शकुंतला श्रीवास्तव, अभिलाष श्रीवास्तव, विशाल चौरसिया, सतीश विश्वकर्मा, मंगल पनिका, दीनबंधु, मनीष कुमार, मनोज पनिका सहित अन्य सदस्य सुबह से शाम तक सहयोग में लगे रहे।

चैत्र नवरात्रि के अष्टमी पर प्राचीन हनुमान मंदिर में भव्य दुर्गा जागरण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय प्राचीन हनुमान मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अष्टमी अवसर पर नव दुर्गा वंदना जागरण भक्त मंडल दुद्धी पूजा समिति ने भव्य दुर्गा जागरण का आयोजन किया गया।
नव दुर्गा वंदना जागरण भक्त मंडल दुद्धी के सदस्यों के साथ अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय गीतों और सुंदर आकर्षक झांकियों की प्रस्तुतियां दीं। पूर्वांचल से आए दिवाकर सिन्हा और झारखंड से पूजा समेत दर्जनों कलाकारों ने अपनी शानदार भजन प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जागरण में स्थानीय पुरोहित पं. देवेंद्र नाथ मिश्रा ने तारा रानी की कथा सुनाई, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। रात्रि 12 बजे मां भद्रकाली का विशेष पूजा-अनुष्ठान किया गया, जिसमें भैंस की बलि दी गई। इस दौरान कई श्रद्धालुओं पर मां जगतजननी का आशीर्वाद लिया, जिसे देखकर लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

पूरी रात्रि चली दुर्गा जागरण के बाद सुबह पारंपरिक तारा रानी कथा का वाचन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा श्रवण के बाद आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि मातारानी व प्रभु श्रीराम का पूजन अर्चन जारी है और आगे नौ कन्याओं का पूजन, हवन आदि कार्यक्रम भी होने है ।
चैत्र नवरात्रि की यह प्राचीन परंपरा आज भी जीवंत है, जहां देवी भक्ति और दैवीय शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कल शुक्रवार को रामनवमी पर बजरंगी ध्वजाओं के साथ ऐतिहासिक पारंपरिक शोभायात्रा जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें हजारों राम भक्त शामिल होंगे।

सोनभद्र में मजदूरों का फूटा गुस्सा महीनों से रुका वेतन ठेकेदार कंपनियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन तेज

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। ओबरा औद्योगिक क्षेत्र में काम कर रहे सैकड़ों संविदा श्रमिकों का सब्र अब जवाब दे चुका है। लंबे समय से वेतन न मिलने से नाराज मजदूरों ने ठेकेदार कंपनियों के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। श्रमिकों का आरोप है कि कई महीनों से उन्हें मेहनताना नहीं दिया गया, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ओबरा क्षेत्र में कार्यरत RKE, Louyad PNC, Insolesan, JISHA, Sumenargey और Om Construction सहित कई कंपनियों पर श्रमिकों ने लापरवाही और शोषण का आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि वे दिन-रात कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा।
इस मुद्दे को लेकर भारती संविदा श्रमिक संगठन के नेतृत्व में मजदूर एकजुट हो गए हैं। संगठन के अध्यक्ष मणि शंकर पाठक और मंत्री उमेश पटेल की अगुवाई में श्रमिकों ने संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
श्रमिकों ने बताया कि वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घर का राशन, इलाज जैसी बुनियादी जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं। कई मजदूर कर्ज लेने को मजबूर हो गए हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
आंदोलन में शामिल प्रमुख श्रमिकों में ओम प्रकाश, विकास, आकाश, अरविंद, एजाज, नौशाद, आशीष, राहुल चौबे, आशीष चौबे, आलोक, युगेश चौबे, नीरज, सत्यप्रकाश, तुलसी दास और अजीत यादव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं। सभी ने एक सुर में अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई और न्याय की गुहार लगाई।
श्रमिकों की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं—
बकाया वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए
हर महीने समय पर वेतन सुनिश्चित किया जाए
कार्य के घंटे और श्रम कानूनों का पालन कराया जाए
श्रमिकों को बोनस और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं
श्रमिक नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।

सोनभद्र में चला पुलिस का डंडा गांजा तस्कर रंगे हाथ दबोचा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एक युवक को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को रात लगभग 8:55 बजे थाना चोपन पुलिस टीम करगरा मोड़, बहदग्राम रेडिया क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास मौजूद सफेद झोले से 1 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान अरुण कुमार (24 वर्ष) पुत्र कल्लू, निवासी विकास नगर वार्ड नंबर-11, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर थाना चोपन में मु0अ0सं0 109/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दुनिया सिंह, कांस्टेबल चन्द्रजीत यादव, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र तथा कांस्टेबल कुमार सरोज की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

दोषी बाल अपचारी विष्णुकांत गुप्ता को उम्रकैद,सौतेली मां हत्याकांड का मामला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र/दुद्धी। करीब साढ़े 6 वर्ष पूर्व हुए सौतेली मां रागिनी देवी हत्याकांड के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश/ बाल न्यायालय सोनभद्र अमित वीर सिंह की अदालत ने बुधवार को सुनवाई करते हुए दोषसिद्ध पाकर दोषी बाल अपचारी विष्णुकांत गुप्ता को उम्रकैद व 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर एक माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित की जाएगी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक कोन थाना क्षेत्र के गिधिया टोला अजनिया गांव निवासी अनिरुद्ध गुप्ता पुत्र स्वर्गीय मानिक चंद ने कोन थाने में 19 सितंबर 2019 को दी तहरीर में अवगत कराया था कि वह आज दिन में कचनरवा बाजार गया था। उसने अपनी बेटी रागिनी देवी 30 वर्ष की शादी करीब 6 साल पूर्व कचनरवा बाजार निवासी शिव नरायन गुप्ता के साथ किया था। उसे 4 वर्ष का बेटा भी है। शिव नरायन गुप्ता की एक पत्नी पहले से थी जिसे लेकर वे कोर्ट गए थे। घर पर रागिनी अपने बेटे के साथ अकेली थी। शिव नरायन गुप्ता के पहली पत्नी के बेटे विष्णुकांत गुप्ता ने अकेला पाकर उसकी बेटी रागिनी की चाकू से मारकर हत्या कर दी। शोरगुल की आवाज सुनकर वह गया तो देखा कि रागिनी मृत पड़ी थी और विष्णुकांत गुप्ता हत्या कर चाकू लेकर भाग रहा था। इस तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दिया और पर्याप्त सबूत मिलने पर कोर्ट में विवेचक ने चार्जशीट दाखिल किया था। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्को को सुनने, गवाहों के बयान एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर दोषसिद्ध पाकर दोषी बाल अपचारी विष्णुकांत गुप्ता को उम्रकैद एवं 50 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर एक माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित की जाएगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील दिनेश कुमार अग्रहरि, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और नीरज कुमार सिंह ने बहस की।

दुष्कर्म के आरोपी महेश विश्वकर्मा को मिली जमानत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

– एक-एक लाख रुपये की दो जमानत पेश करने पर रिहाई का आदेश

सोनभद्र/दुद्धी। महिला के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश(सीएडब्लू)/(एफटीसी) सोनभद्र अर्चना रानी की अदालत ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए जमानत का पर्याप्त आधार पाते हुए आरोपी महेश विश्वकर्मा की जमानत अर्जी मंजूर कर लिया। साथ ही एक-एक लाख की दो जमानत पेश करने पर रिहाई के आदेश दिया है। कोर्ट ने विवेचना में सहयोग करने, गवाहों को न धमकाने, साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ न करने की शर्त पर जमानत मंजूर किया है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक शाहगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 29 वर्षीय पीड़ित महिला ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 16 जनवरी 2026 को शाम 7 बजे वह घर पर अकेली थी। उसका पति बाहर मजदूरी करने गया था। तभी ट्रैक्टर चालक महेश विश्वकर्मा पुत्र चंद्रप्रकाश निवासी कोहरौल, थाना शाहगंज, जिला सोनभद्र खेत की जुताई करके उसके पास आया और जुताई के पैसे मांगने लगा। जब उसने कहा कि उसके पति बाहर गए हैं जब आएंगे तो पैसा भिजवा देंगे। इतना सुनते ही महेश उसके पति को गाली देने लगा और उसका हाथ पकड़ कर घर के अंदर ले गया और कहा कि पैसा नहीं है तो कोई बात नही तुम हो मुझे खुश कर दो और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जाते समय यह धमकी देने लगा कि अगर कहीं शिकायत की तो पति-पत्नी की हत्या कर देंगे। इससे वह डर गई। अपने पति से सारी बात बताई तो वे महेश के घर जाकर उसके पिता से शिकायत करने गए तो उन्हें भी मारपीट कर भगा दिया गया। बाद में महेश फोन करकें माफी मांगने लगा। 21 जनवरी 2026 को वह अपने स्कूटी से मायके जा रही थी तो रॉबर्ट्सगंज में महेश मिल गया और कहा कि चलो तुम्हे मेरी बुआ बुलाई है सुलह कराने के लिए। इसपर उसकी बात पर विश्वास करके चली गई तो वहां कोई नहीं था, बल्कि कहा कि यह मेरे दोस्त का घर है। वहां भी चाकू दिखाकर जबरन दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया। बार-बार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। थाने पर सूचना दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी सोनभद्र को रजिस्टर्ड डाक से सूचना दिया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब मजबूर होकर कोर्ट में अप्लीकेशन दाखिल किया। कोर्ट के आदेश पर शाहगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू किया।
मामले की सुनवाई करते समय कोर्ट ने अभियुक्त के अधिवक्ता कंचन सिन्हा के तर्को को सुनने एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर जमानत का पर्याप्त आधार पाते हुए आरोपी महेश विश्वकर्मा की जमानत अर्जी मंजूर कर लिया। साथ ही एक-एक लाख की दो जमानत पेश करने पर रिहाई के आदेश दिया है।

दुद्धी बार एसोसिएशन ने की फर्जी वकीलों पर कार्रवाई की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। एल्डर कमेटी सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी और दुद्धी बार एसोसिएशन ने अध्यक्ष को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें न्यायालय परिसर में बिना डिग्री व रजिस्ट्रेशन के फर्जी वकीलों द्वारा काला कोट पहनकर मुवक्किलों को गुमराह करने और अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ये व्यक्ति अधिवक्ता के भेष में कोर्ट परिसर में घूमते हैं, मुवक्किलों को झांसा देकर पैसे ऐंठ रहे हैं और अधिकारियों के सामने पत्रावलियों में खुद को वकील बताकर पेश हो रहे हैं। बिना रजिस्ट्रेशन के वे जमानत प्रार्थना पत्र भी न्यायालय में प्रस्तुत कर रहे हैं, जो कानूनी रूप से गलत है और जनता को गुमराह करने के साथ-साथ न्यायालय को भी भ्रमित कर रहे है। एसोसिएशन ने ऐसी स्थिति में फर्जी अधिवक्ताओं व दलालों पर जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्तागणों ने अध्यक्ष को दिए शिकायती पत्र में ऐसे व्यक्तियों पर रोक लगाने और कार्रवाई की अपील किया है कि इस मामले में तत्काल जांच कर उचित ठोस कदम उठाए जाएं। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी तहसील दुद्धी को भी भेजी गई है।
स्थानीय न्यायालय परिसर में इस तरह की घटनाएं बढ़ने से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। एसोसिएशन का मानना है कि इससे न केवल मुवक्किलों का आर्थिक शोषण हो रहा है, बल्कि न्याय प्रक्रिया पर भी बट्टा लग रहा है।

चैत्र नवरात्रि में प्राण प्रतिष्ठा के बाद मां काली व प्रभु श्रीराम की प्रतिमा स्थापित, भक्तों का लगा तांता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र। कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में चैत्र नवरात्रि का उत्सव जोर-शोर से मनाया जा रहा है। प्राचीन हनुमान मंदिर व रामनगर हनुमान मंदिर में मां काली व प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा के बाद पट खुलते ही भक्तों का तांता लग गया।
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर बुधवार को प्राचीन हनुमान मंदिर के पंडाल में विशेष अनुष्ठान हुआ। प्रातःकाल से दोपहर तक विद्वानों ने विधि-विधान व मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा पूरी की।जिसके बाद मातारानी के पट खुलते ही ‘मां काली’ व ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा। भक्त मां काली के अद्भुत रूप को निहारते हुए निहाल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नारियल, चुनरी, फूल-फल चढ़ावा चढ़ा रहे हैं तथा माता से अरदास कर रहे हैं। दर्शन-पूजन का सिलसिला सुबह से देर रात तक चला।बता दे कि बासंतिक नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा चल रही है। सैकड़ों भक्त सुबह-शाम आरती में शामिल होकर माता का आह्वान कर रहे हैं। मां काली मंदिर ,प्राचीन हनुमान मंदिर,रामनगर हनुमान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी भक्ति का दौर जारी है।
आज रात प्राचीन हनुमान मंदिर में भव्य दुर्गा जागरण होगा, जिसमें रात्रि 12 बजे भद्रकाली पूजन शामिल है। स्थानीय व बाहरी कलाकार मां दुर्गा की रंगारंग झांकियां प्रस्तुत करेंगे।जागरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

प्राथमिक विद्यालय कलकलीबहरा प्रथम में हर्षोल्लास से संपन्न हुआ वार्षिकोत्सव,शारदा संगोष्ठी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। प्राथमिक विद्यालय कलकलीबहरा प्रथम बीडर में आज बुधवार को वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी धूमधाम से आयोजित हुई। सैकड़ों बच्चे, अभिभावक और शिक्षक इस कार्यक्रम में शामिल हुए। आगवंत अतिथियों का पारंपरिक रूप से फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि एसडीएम दुद्धी निखिल यादव के अनुपस्थित रहने पर कार्यक्रम का शुभारंभ जी जीआई सी कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ रीतिका श्रीवास्तव एवं डिग्री कालेज की प्रवक्ता प्रियंका जायसवाल ने किया।संयुक्त रूप से उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का आगाज किया और पूजा-अर्चना के माध्यम से ज्ञान की देवी का आह्वान किया। अपने संबोधन में जीजीआईसी कॉलेज की डॉ रीतिका श्रीवास्तव ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभा प्रदर्शन आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने स्टाफ को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया।
इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। नृत्य, गायन, नाटक और कविता पाठ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पढ़ाई, खेलकूद और अनुशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ छात्रों को सम्मान पत्र, ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वर्षा जायसवाल,अध्यापक अविनाश गुप्ता, सरिता, एआरपी रामसूरत, शैलेश मोहन, मुसाई राम, बालकृष्ण जायसवाल सहित स्कूल स्टाफ, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक अविनाश गुप्ता ने किया ।

भेष बदलकर भगवान भोलेनाथ ने किए बालक राम के दर्शन भजनों पर झूमे भक्त

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – श्रीकांत सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय दुधहिया देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा के पांचवें दिन सोमवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्रीराम मोहन दास रामायणी ने प्रभु श्री राम की मनमोहक बाल लीलाओं का वर्णन कर भक्तों को भावविभोर कर दिया।कथा के दौरान व्यास जी ने उस प्रसंग का जीवंत वर्णन किया जब भगवान भोलेनाथ बालक राम के दर्शन की लालसा में भेष बदलकर अयोध्या पहुंचे थे।कथा के बीच जब लाला की सुन कर मैं आयी कौशल्या मैया दे दो बधाई और मेरी झोपड़ी में राम आए हैं जैसे भजनों की प्रस्तुति हुई तो पूरा पंडाल तालियों की गूँजऔर जयकारों से सराबोर हो गया।श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबकर नृत्य करने लगे।आध्यात्मिक अनुष्ठान के क्रम में कथा के पश्चात पंडाल में नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया।इसके उपरांत सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और उपस्थित भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण हुआ।इस अवसर पर बेड़िया हनुमान मंदिर के महंत मदन गोपाल दास ने उपस्थित जनसमूह को अपना आशीर्वाद दिया।उन्होंने संदेश देते हुए कहा श्रीराम कथा केवल श्रवण का माध्यम नहीं है बल्कि यह जीवन की पाठशाला है।हमें भगवान राम के आदर्शों और उनके चरित्र को अपने वास्तविक जीवन में उतारना चाहिए तभी ऐसी कथाओं की सार्थकता है।इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

जन शिकायतों पर डीएम का कड़ा प्रहार: लापरवाह अधिकारियों की सैलरी पर लगी रोक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र |
सोनभद्र जिले में जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में साफ तौर पर यह संदेश दिया गया कि अब शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उन विभागों पर विशेष नाराजगी जताई, जहां शिकायतों के निस्तारण के बाद भी बड़ी संख्या में असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहा है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने जल निगम ग्रामीण, नगरीय विभाग, विद्युत पिपरी, पिछड़ा वर्ग कल्याण, खाद्य एवं विपणन तथा खनन विभाग के संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए वेतन भुगतान पर रोक लगाने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर जांच की जाए और शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान की गई कार्रवाई का जीपीएस युक्त फोटो पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही सभी अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल पर लॉगिन कर नई शिकायतों की समीक्षा करें और उनका समय से निस्तारण कराएं।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अंतिम समय में औपचारिकता निभाते हुए शिकायतों का निस्तारण करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आल्हा की हुंकार से दहला मंच, जनजातीय नृत्यों ने लूटी वाहवाही

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र |
सोनभद्र में आयोजित तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को संस्कृति, परंपरा और लोक कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं जिला प्रशासन सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में, संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय रॉबर्ट्सगंज के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में लोक जीवन की विविध छवियां मंच पर सजीव हो उठीं।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर रस से ओतप्रोत आल्हा गायन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को जोश और ऊर्जा से भर दिया। अंजनि सिंह एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुत आल्हा गायन ने दर्शकों के भीतर वीरता और गौरव की भावना को जागृत कर दिया। प्रस्तुति के दौरान पारंपरिक स्वर और शब्दों की ताकत ने ऐसा प्रभाव छोड़ा कि दर्शक देर तक मंत्रमुग्ध होकर कार्यक्रम में डूबे रहे।
इसके बाद विभिन्न जनजातीय लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी रंगीन बना दिया। ह्रास कुमार मारावी द्वारा प्रस्तुत रीना शैला नृत्य, सोना राम एवं दल का गरदबाजा नृत्य, राम आधार एवं दल का करमा नृत्य, तेजकरण एवं दल द्वारा चकरी एवं कालबेलिया नृत्य तथा लिखीराम रुवे द्वारा गुदुम्बाजा नृत्य ने जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा और विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। हर प्रस्तुति में लोक जीवन की झलक, परंपराओं की गहराई और कलाकारों की मेहनत साफ दिखाई दी।
उत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल एवं विशिष्ट अतिथि प्रमीला जायसवाल (जिला मंत्री, भाजपा) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल सिंह का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने आयोजन की जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाया। वहीं, संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा द्वारा तैयार की गई, जो इस सांस्कृतिक आयोजन की सफलता में अहम साबित हुई।
इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्षों पर आधारित पुस्तक एवं फोल्डर का वितरण भी किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सूचना अधिकारी विनय सिंह, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, महिला मोर्चा भाजपा की पुष्पा सिंह, राजेश कुमार मिश्रा, विनोद कुमार एवं कार्यक्रम समन्वयक मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं दर्शक उपस्थित रहे।
जनजातीय उत्सव का यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बन रहा है। उत्सव के आगामी दिनों में भी इसी तरह विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सोनभद्र की धरती लोक रंगों से सराबोर होती रहेगी।

15–20 किमी दूर मतदान केंद्र से ग्रामीण परेशान, 8 टोला के लोगों ने जोगीडीह में बूथ बनाने की उठाई मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।जनपद के म्योरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलहत्थी के आठ टोला—जोगीडीह, टेढ़ीअवा, सजहवा, लालीमाटी, बेलगुड़ी, झरिहवा, रजनी और बड़वान—के ग्रामीणों को मतदान के अधिकार के प्रयोग में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी टोला के मतदाताओं के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर कोड़रा एवं निहाई पाथर स्थित विद्यालयों में मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी लंबी दूरी तय कर मतदान केंद्र तक पहुंचना खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों वाली माताओं के लिए बेहद मुश्किल है। यही वजह है कि हर चुनाव में बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाते, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने एक स्वर में मांग उठाई है कि इन सभी आठ टोला के लिए जोगीडीह प्राथमिक विद्यालय में ही मतदान केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में भाग ले सकें।
ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि क्षेत्र की समस्याएं केवल मतदान केंद्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। जोगीडीह रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करना यहां के लोगों के लिए रोजमर्रा की चुनौती बना हुआ है। स्थानीय आदिवासी आबादी लंबे समय से रेलवे लाइन पर आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) निर्माण की मांग कर रही है।
बताया गया कि पूर्व मध्य रेल, धनबाद ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि जब तक रेलवे लाइन के दोनों ओर संपर्क सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक आरओबी का निर्माण संभव नहीं है। लेकिन सड़क निर्माण का कार्य वर्षों से लंबित है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थिति यह है कि करीब 400 स्कूली बच्चे और सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। कई बार लोग स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ियों के नीचे से निकलकर आवागमन करते हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया, लेकिन पिछले आठ वर्षों से कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है।
अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मतदान केंद्र की दूरी कम करने और सड़क व आरओबी निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसके अभाव में क्षेत्र का समुचित विकास संभव नहीं है।