कंपोजिट स्कूल दुद्धी में धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव, बच्चों ने दिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। बीआरसी परिसर स्थित कंपोजिट स्कूल दुद्धी का वार्षिकोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम एवं पूर्व चेयरमैन कमल कानू ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कमलेश मोहन ने उद्बोधन में कहा कि प्रतिभा को परिचय की आवश्यकता नहीं होती। इस स्कूल के परिषदीय विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से जीवन के हर क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं। पूर्व चेयरमैन कमल कानू ने कहा कि ये बच्चे शिक्षा के साथ खेलकूद व सांस्कृतिक क्षेत्रों में जिला-प्रदेश स्तर पर पहचान बना रहे हैं, जिससे मन गर्व से भर जाता है।
बीडीओ राम विशाल चौरसिया ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में अब कॉन्वेंट से कम सुविधाएं नहीं। ऑपरेशन कायाकल्प, प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी व टैबलेट से बच्चे डिजिटल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अध्यक्षता कर रहे प्रेम शंकर राम ने आभार ज्ञापित करते हुए गीत सुनाया और अभिभावकों से अपील की कि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, उन्हें नियमित स्कूल भेजें।
इस अवसर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें बालिका भ्रून हत्या पर लघुनाटिका ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। सभी ने कार्यक्रमों की मुक्त कंठ से सराहना की। अंत में कक्षा-1 से 8 तक शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रथम रहे बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने अतिथियों व शिक्षकों का आभार माना। संचालन जितेन्द्र चौबे व अमिता तिवारी ने किया। इस अवसर पर एआरपी श्यामसुंदर, उज्ज्वल मौर्य, योगेन्द्र यादव, भोलानाथ, लोकपति वर्मा, राकेश शर्मा, शशिकांत, अविनाश गुप्ता, बिहारी लाल, तत्सत तिवारी, विवेक शांडिल्य, निरंजन, ओमप्रकाश, राजेश झा, लल्लूराम, विवेक तिवारी, मो. आजम, पीयूष, प्रधानाध्यापिका माधुरी पाण्डेय, रेनू कन्नौजिया, विभा चौरसिया आदि उपस्थित रहे ।

विंढमगंज पुलिस को मिली सफलता, 1 किलो 250 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार, न्यायालय भेजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान में थाना विंढमगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष शिवकुमार सिंह की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार रात करीब 10:40 बजे पुलिस टीम ने रेलवे अंडरपास सलैयाडीह के पास से कमलेश अगरिया (26), पुत्र शिवनाथ अगरिया, निवासी ग्राम करईल, थाना कोन को दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 1 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
थाना विंढमगंज में मुकदमा संख्या 28/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष शिवकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल भूपेंद्र पांडेय शामिल रहे।

वीर बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 15 मार्च को

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। पिछले वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी दुद्धी में वीर बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है। यह समारोह 15 मार्च 2026 (रविवार) को श्री रामलीला नाट्य कला मंच, दुद्धी तहसील परिसर में आयोजित होगा।
इस विशेष अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों से समाजसेवा, रक्तदान एवं जनकल्याण से जुड़े प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इसके अलावा, भारत के बाहर से भी समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रतिनिधि इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। समारोह में क्षेत्र के समर्पित समाजसेवी एवं रक्तदाता, जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा में सक्रिय हैं, उन्हें सम्मानित एवं अभिनंदित किया जाएगा।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन को सफल, प्रभावी एवं ऐतिहासिक बनाने हेतु सभी से आर्थिक, सामाजिक एवं नैतिक सहयोग की अपेक्षा की गई है।आयोजक एवं प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक विकास अग्रहरि ने कहा कि सहयोग ही इस आयोजन की शक्ति और पहचान है। सभी समाजसेवी, रक्तदाता, जागरूक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता का विनम्र अनुरोध किया गया है।
आयोजन प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट एवं दुद्धी ब्लड डोनेट एक्सप्रेस द्वारा किया जा रहा है।

दुद्धी से घर लौट रहे युवक की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भट्टी मोड़ से लगभग एक किमी आगे मेन रोड पर शुक्रवार की शाम सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय (25) पुत्र देवप्रसाद निवासी मूर्ता,शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे दुद्धी से बाइक पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गुलालझरिया भट्टी मोड़ से आगे गांव के पास मेन रोड पर सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 102 के चालक व ईएमटी पंकज कुमार की मदद से घायल अजय को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
उधर सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में घायल युवक के परिजनों की भीड़ जुटी रही ।

दुद्धी के डॉ. लवकुश प्रजापति को मिला ‘साहित्यमणि सम्मान’

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। राष्ट्र स्तरीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था मधुरिमा साहित्य गोष्ठी द्वारा घोषित स्वर्गीय निरंजन जालान स्मृति साहित्यमणि सम्मान शुक्रवार को वरिष्ठ साहित्यकार अजय शेखर के जनपद मुख्यालय स्थित आवास पर प्रदान किया गया। दुद्धी के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं वरिष्ठ चिकित्सक, जाने-माने साहित्यकार डॉ. लवकुश प्रजापति को उनके चर्चित उपन्यास ‘सोनभद्र की फूलमती’ के माध्यम से साहित्य जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं 21 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार पारस नाथ मिश्रा ने की तथा संचालन गीतकार जगदीश पंथी ने किया। संस्था निदेशक अजय शेखर, जगदीश पंथी एवं फरीद अहमद ने संयुक्त रूप से डॉ. प्रजापति को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन दास केसरी ने कहा कि स्वर्गीय निरंजन जालान के नाम पर यह सम्मान गुरु ऋण चुकाने का सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम में सुशील श्रीवास्तव राही, कृष्ण मुरारी गुप्ता, आलोक चतुर्वेदी, अब्दुल हई, ईश्वर विरागी, दिवाकर द्विवेदी मेघ, रामप्रसाद यादव, रामचंद्र देव पांडेय, राजेंद्र प्रसाद, जयराम सोनी, कृपाशंकर दूबे आदि उपस्थित रहे।
उधर, सम्मान प्राप्ति पर दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, कुलभूषण पांडे, रामेश्वर राय, डॉ. संजय, जगदीश्वर प्रसाद जायसवाल, प्रभु सिंह कुशवाहा, प्रेमचंद यादव, विंध्यवासिनी प्रसाद जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीयजनों ने डॉ. प्रजापति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान दुद्धी क्षेत्र सहित पूरे जिले की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत करने वाले साहित्यकार के योगदान का सम्मान है।

पाइपलाइन बिछी,पर नलों में नहीं पहुंचा पानी; कोन ब्लॉक के ग्रामीण परेशान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज-(मुन्ना लाल जायसवाल)

सोनभद्र जिले के कोन ब्लॉक के कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। यहां जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन अभी तक नलों से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत गांव की गलियों और सड़कों को खोदकर पाइपलाइन डाली गई थी। कई घरों में नल कनेक्शन भी लगा दिए गए हैं, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी नलों में पानी नहीं आया। लोगों का आरोप है कि काम अधूरा होने के बावजूद कागजों में योजना को पूरा दिखा दिया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में जल संकट और गहरा गया है। कई जगहों पर हैंडपंप और बोरवेल सूखने लगे हैं, जिससे पानी की समस्या और बढ़ गई है। महिलाओं और बच्चों को रोजाना कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। इससे उनके दैनिक जीवन पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को सूचना दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गांव के बुजुर्गों का कहना है कि सरकार ने गांव-गांव तक नल से पानी पहुंचाने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की थी, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल आसानी से मिल सके। लेकिन कोन ब्लॉक के कई गांवों में इस योजना का लाभ अभी तक लोगों को नहीं मिल पाया है। इससे लोगों में निराशा का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन और पानी की आपूर्ति व्यवस्था की जांच कराई जाए और नलों में पानी की सप्लाई शुरू कराई जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए उन्हें बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जो बेहद दुखद है।
इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि प्रशासन जल्द ही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा।
गौरतलब है कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर ग्रामीण घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन कई इलाकों में योजना के कार्यान्वयन में लापरवाही और अधूरे कार्य के कारण लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में जरूरी है कि संबंधित विभाग समय रहते स्थिति का जायजा लेकर ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए ठोस कदम

विद्युत व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने सोनभद्र आएगी विधान परिषद की जांच समिति, 14-15 मार्च को होगा स्थलीय निरीक्षण और समीक्षा बैठक

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण सााहनी

सोनभद्र
प्रदेश में विद्युत व्यवस्था की स्थिति और उसकी जमीनी हकीकत का आकलन करने के लिए उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति आगामी 14 और 15 मार्च 2026 को जनपद सोनभद्र के दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर पहुंचेगी। इस दौरान समिति जिले के महत्वपूर्ण विद्युत परियोजना क्षेत्रों का निरीक्षण कर बिजली उत्पादन, आपूर्ति व्यवस्था और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी।
जिला सूचना कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जांच समिति का आगमन 14 मार्च 2026 को सायं लगभग 4 बजे राबर्ट्सगंज में प्रस्तावित है। इसके बाद समिति के सदस्य जनपद के प्रमुख विद्युत उत्पादन केंद्रों का दौरा करेंगे और वहां की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान समिति अनपरा और ओबरा स्थित विद्युत परियोजनाओं का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्य बिजली उत्पादन इकाइयों की कार्यप्रणाली, विद्युत आपूर्ति की स्थिति, तकनीकी व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन अवलोकन करेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी लेकर विद्युत व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आंकलन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि सोनभद्र प्रदेश का एक प्रमुख ऊर्जा उत्पादन केंद्र है, जहां स्थित विभिन्न तापीय विद्युत परियोजनाएं पूरे उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों को भी बिजली उपलब्ध कराती हैं। ऐसे में समिति का यह दौरा विद्युत उत्पादन एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
15 मार्च 2026 को समिति द्वारा जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में विद्युत उत्पादन, वितरण, उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं, तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही समिति जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली उपलब्धता, लाइन लॉस, रखरखाव व्यवस्था तथा उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण जैसे विषयों की भी समीक्षा करेगी। अधिकारियों से इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा समिति के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं एवं अभिलेख तैयार रखें, ताकि समिति के समक्ष विद्युत व्यवस्था से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया जा सके।
समिति के इस दो दिवसीय दौरे को जिले की विद्युत व्यवस्था और ऊर्जा परियोजनाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाले सुझाव और निष्कर्ष भविष्य में विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सहायक साबित हो सकते हैं।
यह जानकारी जिला सूचना कार्यालय, सोनभद्र द्वारा जनहित में जारी की गई है।

खुटहनियां में किसानों और महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का हुनर, 6 मार्च को होगा विशेष प्रशिक्षण शिविर

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के करमा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटहनियां में किसानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। तेजस्वी संगठन न्यास के अंतर्गत संचालित तेजस्वी किसान मार्ट द्वारा 6 मार्च 2026, दिन शुक्रवार को एक विशेष सामूहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान उत्पादक संगठनों (FPO) तथा स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के सदस्यों को कृषि आधारित लघु उद्योगों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तेजस्वी किसान मार्ट स्टोर, खुटहनियां में आयोजित होगा, जहां क्षेत्र के किसान, एफपीओ सदस्य और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में भाग लेंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में कृषि उत्पादों के संरक्षण, प्रसंस्करण और विपणन की आधुनिक तकनीकों से लोगों को परिचित कराना है, ताकि वे कृषि के साथ-साथ उससे जुड़े लघु उद्योगों के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सोनभद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रश्मि सिंह प्रतिभागियों को फलों और सब्जियों के संरक्षण, प्रसंस्करण, प्रबंधन और बाजार तक पहुंच बनाने की विस्तृत जानकारी देंगी। प्रशिक्षण के दौरान टमाटर, मिर्च, बेल, पपीता सहित अन्य फलों और सब्जियों को सुरक्षित रखने की वैज्ञानिक विधियों के साथ-साथ उनसे अचार, पापड़, मुरब्बा, घी एवं अन्य मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करने की व्यावहारिक तकनीक भी सिखाई जाएगी।
विशेषज्ञों द्वारा यह भी बताया जाएगा कि इन उत्पादों की पैकेजिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और बाजार में प्रभावी ढंग से विपणन कैसे किया जाए, जिससे ग्रामीण महिलाएं और किसान अपने उत्पादों को बेहतर दाम पर बेच सकें। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को छोटे स्तर पर घरेलू उद्योग स्थापित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
तेजस्वी संगठन न्यास द्वारा संचालित तेजस्वी किसान मार्ट लंबे समय से किसानों, एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण, उत्पादों के मूल्य संवर्धन और विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए और गांवों में रोजगार के नए अवसर विकसित हों।आयोजकों की ओर से क्षेत्र के सभी एफपीओ सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और किसानों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रशिक्षण का लाभ उठाएं, ताकि कृषि उत्पादों को मूल्य संवर्धन के माध्यम से आय का स्थायी स्रोत बनाया जा सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

नेवारी के भरगोन टोला में 40 वर्षीय आदिवासी की रहस्यमयी मौत, जांच में जुटी पुलिस

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नेवारी (टोला भरगोन) में एक आदिवासी व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खरपतू बैगा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
बताया जा रहा है कि खरपतू बैगा गांव में ही रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार देर रात अथवा गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। जब परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था, जिससे उसकी अचानक हुई मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मौत के असली कारणों का खुलासा करेगी।

होली मिलन संगोष्ठी में शिक्षकों के अधिकार, संगठन की मजबूती और हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने पर हुआ मंथन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।प्राइवेट स्कूल शिक्षक/प्रबंधक संघ द्वारा गुरुवार को होली मिलन संगोष्ठी का आयोजन सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी के सभाकक्ष में हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर दो बजे प्रारंभ हुए इस आयोजन की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव ने की।
होली के पावन पर्व के अवसर पर आयोजित इस संगोष्ठी में क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के शिक्षक, प्रबंधक तथा संगठन से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जहां सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया, वहीं शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श भी किया गया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि निजी विद्यालयों के शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। वे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाकर भविष्य की पीढ़ी को दिशा देने का कार्य करते हैं। इसलिए शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित शिक्षकों और प्रबंधकों ने एकजुट होकर कार्य करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का सामूहिक रूप से सामना करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों के भविष्य को सुदृढ़ बनाने तथा टीएससीटी से जुड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने पर भी विचार व्यक्त किए गए।
बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में ऐसे प्रयास किए जाएंगे जिससे क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विद्यालयों के शिक्षक एवं प्रबंधक मिलकर शिक्षा के प्रचार-प्रसार और बच्चों के नामांकन बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के नैतिक, सामाजिक और चारित्रिक विकास के लिए विद्यालयों में समय-समय पर सांस्कृतिक, शैक्षिक और नैतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का समुचित विकास हो सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित शिक्षकों एवं प्रबंधकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा तथा समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विश्वजीत गुप्ता, कृष्ण कुमार, राम प्रवेश कुशवाहा, जगत नारायण यादव, राजेश कुमार, आदर्श तिवारी, दीपक कुमार, राकेश गुप्ता, राकेश कुमार कन्नौजिया, रणजीत सहित अनेक शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधक उपस्थित रहे।

दुद्धी में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास से मनाया गया, अपनों से गले मिलकर दी बधाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। होली का पावन पर्व कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह रंगों की होली से प्रारंभ होकर अपराह्न में अबीर-गुलाल की खेली गई होली ने लोगों को अपनों से जोड़ा तथा भाईचारे का संदेश दिया।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोग घर-घर जाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह त्योहार भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार और भक्त प्रह्लाद की कथा से प्रेरित है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। बता दें कि इस बार दो दिन पहले यानी सोमवार को चंद्रग्रहण को ध्यान में रखते हुए काली मंदिर के समीप होलिका दहन स्थल पर भव्य होलिका दहन किया गया था। उसके बाद बुधवार सुबह होते ही कस्बे के हर कोने में रंगों की बौछार शुरू हो गई।
युवाओं ने पानी के गुब्बारों और रंगों से होली खेली, वहीं महिलाएं-बच्चे पारंपरिक ढंग से त्योहार का आनंद लिया। श्री संकटमोचन मंदिर चौराहे पर सहित कई स्थानों पर डीजे साउंड के साथ फागोत्सव देर रात तक चला, जहां काफी संख्या में लोग नाचे-थिरके। दोपहर बाद अबीर-गुलाल की होली ने उत्साह को दोगुना कर दिया। लोग मित्रों-रिश्तेदारों के घर पहुंचे, गले मिले और होली की बधाई दी। इस दौरान गुझिया, मालपुए जैसी दर्जनों मिठाइयों का लुत्फ सभी ने उठाया।
वहीं पुलिस प्रशासन ने पूरे नगर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चौक-चौराहों पर पुलिस जवान तैनात रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उत्सव का जायजा लिया और लोगों को सावधानी पूर्वक त्योहार मनाने की सलाह दी। किसी अप्रिय घटना के बिना पूरा आयोजन शांतिपूर्ण रहा। उधर सीओ राजेश कुमार राय ने दुद्धी सर्किल क्षेत्र के सभी थानों में होली पर्व को लेकर भ्रमण कर नजर बनाए रखे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस, होमगार्ड एवं पीएससी के जवान जगह-जगह तैनात किए गए थे।

दुद्धी क्षेत्र में होली की शाम बाइक टक्कर से युवक की मौत,कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। थाना क्षेत्र के लीलासी-नौडीहा मार्ग पर होली की शाम करीब पांच बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अहिरबुढ़वा मनरुटोला निवासी विनय धरिकार (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनय धरिकार मूर्ता स्थित अपने ससुराल से साले उमाशंकर (23), पुत्र शनिश्चर को बाइक पर बैठाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही नौडीहा निवासी देवराज की बाइक से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में विनय को गंभीर चोटें आईं, जबकि उमाशंकर और देवराज भी बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने पर सभी घायलों को सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने विनय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमाशंकर और देवराज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि विनय होली के दिन ससुराल मूर्ता गया था और शाम को साले उमाशंकर को लेकर बाइक पर ही घर अहिरबुढ़वा लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई। मृतक की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल को सीबीएसई से कक्षा 10 तक मान्यता, विस्तार का प्रयास जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय कस्बे से लगे ग्राम मल्देवा एवं जीआईसी खेल मैदान त्रिभुवन फील्ड समीप स्थित प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)नई दिल्ली से कक्षा 10 तक शिक्षण के लिए औपचारिक मान्यता प्राप्त कर ली है। स्कूल को संबद्धता संख्या 2134641 आवंटित की गई है, जो दुद्धी क्षेत्रीय शिक्षा के जगत में एक नया अध्याय जोड़ता है।
स्कूल के निदेशक डॉ. लवकुश प्रजापति ने बताया कि यह मान्यता हमारे स्कूल की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। 2024 में स्थापित यह संस्थान अब सोनभद्र जिले के दुद्धी विकास खंड के मल्देवा गांव में स्थित है, जहां दुद्धी क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध होगी। स्कूल का पूरा पता मल्देवा दुद्धी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश है और वेबसाइट http://pkpsduddhi.com/ पर सभी विवरण उपलब्ध हैं। आगे कक्षा 12 तक शिक्षण के लिए प्रयास जारी हैं।
स्कूल के प्रिंसिपल यशस्वी कपूर एम.एससी., एमबीए तथा बी.एड. की उच्च शैक्षिक योग्यता रखते हैं। उनके पास 7 वर्ष का समृद्ध शिक्षण अनुभव के साथ-साथ 2 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव भी है। डॉ. प्रजापति ने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य स्थानीय बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ सकें।
यह उपलब्धि दुद्धी क्षेत्र के अभिभावकों में उत्साह लेकर आई है, क्योंकि सीबीएसई पाठ्यक्रम अब आसानी से उपलब्ध हो गया है। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।

दुद्धी में होलिका दहन भव्य रूप से संपन्न, सुरक्षा व्यवस्था रही पुख्ता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। होली के पावन पर्व से पूर्व होलिका दहन का उत्सव कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ ।
बता दें कि होलिका दहन भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार की कथा से जुड़ा है, जिसमें भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए होलिका दहन हुआ था। हिरण्यकशिपु नामक राक्षस राजा ने अपनी बहन होलिका से प्रह्लाद को अग्नि में भस्म करने का प्रयास करवाया, लेकिन भक्ति की शक्ति से प्रह्लाद बच गए और होलिका जल गई। इस कथा का स्मरण कराते हुए इस बार चन्द्रग्रहण को ध्यान में रखते हुए 2 मार्च को होलिका दहन किया गया, जबकि मुख्य होली 4 मार्च को मनाई जाएगी।
दुद्धी के काली मंदिर होलिका दहन स्थल पर भव्य रूप से होलिका दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ।जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे ।
होलिका दहन से पूर्व सोमवार दोपहर में कस्बे के श्रीसंकटमोचन मंदिर पर फाग गीत उत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जो देर शाम तक चला। भक्तों ने फाग गीतों पर थिरकते हुए होली का आगमन मनाया।
सोमवार रात्रि 10 बजकर 10 मिनट पर पुरोहित कल्याण मिश्रा के सान्निध्य में पूजा-अर्चना के बाद होलिका में पावन अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। कुछ ही देर में होलिका की लपटें 20 से 30 फीट ऊंची उठने लगीं, जिससे पूरा वातावरण दिव्य हो गया। श्रद्धालुओं ने होलिका दहन अग्नि का परिक्रमा कर आशीर्वाद ग्रहण किया और मनोकामना पूर्ति की कामना की। होलिका धू-धूकर जलती रही, जिसमें आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन होता रहा।
इससे पूर्व कस्बे के पंचदेव मंदिर से पारंपरिक रूप से डीजे की जोरदार धुनों पर गाते-बजाते जोगियों अड़भंगियो का दल प्रमुख मार्गों से होता हुआ मां काली मंदिर पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ। होलिका दहन स्थल पर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने बड़े उत्साह से भाग लिया, पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उधर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी, जिससे कार्यक्रम पूरी शांति के साथ संपन्न हो सका।
मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ,सचिव सुरेंद्र गुप्ता ,जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल,पूर्व चेयरमैन राजकुमार कुमार अग्रहरि,महामंत्री दीपक सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे ।प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह,कस्बा इंचार्ज हरिकेश राम व पुलिस टीम भी मौजूद रहीं।

नशे में धुत बाइक सवार ने मारी जोरदार टक्कर, घायल,सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के अमवार पुनर्वास कॉलोनी मोड़ पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे नशे में धुत बाइक सवार ने दूसरे बाइक सवार को जोरदार टक्टर मार दिया ।हादसे में संजय कुमार (32) पुत्र सोमारू निवासी अमवार घायल हो गए।
हादसे में संजय के दाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। घायल के भतीजे अंकित कुमार ने बताया कि चाचा पुनर्वास कॉलोनी से अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे नशाग्रस्त युवक ने मोड़ पर टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला प्रमोद पुत्र रामविचार निवासी बघाडू, अपनी बाइक पर महुआ शराब बनाने के लिए लहन लादे अमवार बाजार से अपने घर की ओर जा रहा था ।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और घायल संजय को 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी ले जाकर भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। इधर, परिजनों ने टक्कर मारने वाली बाइक को पकड़ लिया है।
युवक की पैर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है ।बता दे कि होली के त्यौहार में शराब के सेवन के बाद वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है।लोगों ने होली पर शराब के नशे में धूत बाइक सवारों पर लगाम लगाने की मांग की है ।

दुद्धी में गाजे-बाजे संग निकली होली की हुड़दंग भरी बारात, महादेव की झांकी बनी केंद्र बिंदु

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में होली का त्योहार बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार शाम चार बजे कस्बे में गाजे-बाजे के साथ हुड़दंग भरी होली बारात निकाली गई।
रंग-बिरंगे कपड़ों में सजे सैकड़ों लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते-नाचते बारात में शरीक हुए।कस्बे के वार्ड नंबर 5 से शुरू हुई यह बारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए संकट मोचन मंदिर के रास्ते मां काली मंदिर तिराहा होते हुए वापस संकट मोचन मंदिर पहुंची।

जुलूस का मुख्य आकर्षण भगवान शिव की भव्य झांकी रही, जो आस्था व उत्साह का प्रतीक बनी। कबाड़ कुकर, गाड़ी की सीट, टूटी-फूटी सामग्री और गधे पर सवार दूल्हा भी लोगों को खूब लुभाते नजर आए।लोगों ने एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ाते हुए होली की बधाई दी।

प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह अपने सहयोगियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। इस अवसर पर सुमित सोनी, गोपाल अग्रहरि, पंकज अग्रहरि,भोला सोनी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

एनएच-39 पर दो बाइकों की जोरदार टक्कर, चार घायल, दो को जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । कस्बा स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने एनएच-39 मार्ग पर मंगलवार शाम साढ़े सात बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पहली बाइक पर सवार 19 वर्षीय मोनू पुत्र विजय निवासी कस्बा वार्ड-2, अपने मित्र जितेंद्र (19) पुत्र राजू विहार निवासी वार्ड-4 के साथ बढ़ानीनाला की ओर जा रहे थे। टक्कर में मोनू को सिर में गंभीर चोट और दायें हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि पीछे बैठे जितेंद्र को मामूली चोटें आईं।
विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक पर 40 वर्षीय नवीन सिंह पुत्र स्व.पंजाबी सिंह निवासी कस्बा वार्ड-2,अपने 14 वर्षीय पुत्र श्रीयांश के साथ दुद्धी बाजार की ओर आ रहे थे। नवीन को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगीं, जबकि उनके पुत्र को मामूली चोटें आई।

घटना की तेज आवाज मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को निजी साधनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रदुद्धी पहुंचाया गया।चिकित्साधीक्षक डॉ शाह आलम ने मोनू और नवीन की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक सभी घायल सीएचसी दुद्धी में मौजूद रहे ।

कोयला व्यवसायी पर जानलेवा हमला, अज्ञात कार सवार बदमाशों ने कुचलने का किया प्रयास

तेज एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। नगर के एक कोयला व्यवसायी पर अज्ञात कार सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा और थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार पुरब मोहाल निवासी रोहित गुप्ता पुत्र शीतला प्रसाद गुप्ता बीती देर रात कोयला व्यवसाय के सिलसिले में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर उरमौरा की ओर गए थे। वापस लौटते समय उनकी कार के समीप एक संदिग्ध कार आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने उनके वाहन का शीशा तोड़ दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि वह भयभीत होकर वहां से आगे निकल गए, लेकिन बदमाशों ने पीछा नहीं छोड़ा। जैसे ही वह कीर्ति पाली हॉस्पिटल के समीप पहुंचे, कार सवार हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें जबरन वाहन से बाहर निकाला और अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर आसपास हलचल हुई, जिसके बाद हमलावरों ने मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से भयभीत पीड़ित किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिला पाती है।

होली से पहले सोनभद्र पुलिस का बड़ा एक्शन: 43.920 लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए थाना मांची पुलिस ने 43.920 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी सदर राज कुमार सोनकर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भैया एस0पी0 सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा होली के दृष्टिगत क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
दिनांक 01 मार्च 2026 को मांची मोड़ तिराहा, ग्राम सुअरसोत के पास वाहन चेकिंग के दौरान खलियारी की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार युवक तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। तत्पर पुलिस बल ने पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से कुल 43.920 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकास कुमार खरवार (21 वर्ष) पुत्र रामा शंकर सिंह खरवार निवासी ग्राम लोंदा थाना लोहरा, जिला कैमूर भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल (चेचिस नंबर MBLHAW129LHH80432) भी बरामद की है।
इस संबंध में थाना मांची पर मु0अ0सं0 14/26 धारा 317(2) बीएनएस एवं 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे—
प्रभारी निरीक्षक भैया एस0पी0 सिंह
उ0नि0 आशीष पटेल (चौकी प्रभारी सुअरसोत)
हे0का0 पिन्टू सिंह
हे0का0 अमरेन्द्र कुमार
का0 संदीप सरोज
होली से पहले अवैध शराब की इस बड़ी खेप पकड़े जाने से तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

नौडिहा टावर के पास बस की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नौडीहा में सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे बस के चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक घायल हो गया ।युवक को इलाज हेतु सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया ।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खैरटीया निवासी लालबहादुर (19) पुत्र प्रबोध अपने गांव से बाइक पर मधुबन की ओर जा रहे थे। नौडिहा एयरटेल टावर के निकट दुद्धी से सागोबांध जा रही सवारी बस के चपेट में आने से वे बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सकों प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति स्थिर होने पर शाम तक छुट्टी दे दी। परिजनों के अनुसार लालबहादुर को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में मामूली चोटें आई हैं।

दुद्धी में होली की धूम छाई, बाजार रंग-बिरंगे, पिचकारियों से सजी दुकानें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। फागुन की बहार में दुद्धी के बाजार रंग-अबीर-गुलाल और पिचकारियों से जगमगा उठे हैं। होली का त्योहार नजदीक आते ही स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक रूप से सजाया है। चमचमाते रंग, चमकीले गुलाल, अबीर के ढेर और तरह-तरह की पिचकारियां देखकर लोग खरीदारी में जुट गए हैं।
बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। बच्चे-बूढ़े सभी होली की तैयारियों में मशगूल हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार रंग-गुलाल की मांग खूब बढ़ गई है। लोग अच्छे क्वालिटी के ऑर्गेनिक रंग ले रहे हैं। युवाओं में वाटर गन और पिचकारियों का क्रेज देखने लायक है।
उधर होलिका दहन आज सोमवार को रात्रि 10 बजे से माँ काली जी मंदिर समीप होलिका स्थल पर होगा। रात्रि 12:50 तक जलाने का शुभ मुहूर्त है। होली पर प्रशासन ने भी अपील की है कि लोग सुरक्षित तरीके से उत्सव मनाएं और नशे से दूर रहें। बाजार में चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों में उत्साह है, वहीं दुद्धी की गलियां रंगों की परंपराओं में सराबोर नजर आ रही हैं।

धनौरा के जंगल में मिला महिला का शव,जांच में जुटी पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव के जंगल में सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
करीब 35 वर्षीय महिला का शव जंगल में देखे जाने की सूचना जंगल में पशुओं को चराने गए चरवाहे ने ग्राम प्रधान को सूचना दी । प्रधान सुभाष राम से मिली सूचना पर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पहुंची और साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच में जुट गई ।

सीओ राजेश कुमार राय प्रेस वार्ता में बताया कि ग्राम धनौरा के ग्राम प्रधान सुभाष राम द्वारा सोमवार सुबह 7 बजे घटना की सूचना दी गई कि गाँव के जंगल में जाने वाले कच्चे रास्ते के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर कोतवाली दुद्धी पुलिस के साथ तत्काल मौके का निरीक्षण किया गया। देखने से महिला के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं पाई गई है। महिला की उम्र करीब 35 वर्ष है और वह विवाहिता है। महिला की शिनाख्त का प्रयास कराया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम के द्वारा साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। कोतवाली दुद्धी पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
सुनसान जंगल में महिला का शव कैसे पहुंचा, इस पर कयास लगाए जा रहे हैं।सूत्रों से पता चला है कि पुलिस को मौके से डीजल की एक पर्ची भी बरामद हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

दुद्धी थाना के एसएसआई कुंवर सिंह का रेणुकूट चौकी प्रभारी पद पर स्थानांतरण, कोतवाली में भावपूर्ण विदाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय थाना के एसएसआई कुंवर सिंह का रेणुकूट चौकी प्रभारी के पद पर स्थानांतरण होने पर रविवार को कोतवाली परिसर में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिसकर्मियों, सहकर्मियों और गणमान्य लोगों ने कुंवर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
एसएसआई कुंवर सिंह ने दुद्धी थाने में अपनी सेवा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने ,अपराध नियंत्रण और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में थाने ने कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं, जिनमें चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना शामिल है। समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनकी कुशलता, निष्ठा और सहयोगी स्वभाव की सराहना की।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने विदाई संबोधन में कहा कि कुंवर सिंह का नया स्थानांतरण पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करेगा। उन्होंने रेणुकूट चौकी में नई जिम्मेदारी निभाने की शुभकामनाएं दीं। कुंवर सिंह ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि दुद्धी थाने से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और वे नई पोस्टिंग पर भी पूरी निष्ठा से सेवा देंगे।
समारोह में प्रभारी निरीक्षक के अलावा अन्य अधिकारी, कांस्टेबल और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विदाई के बाद एसएसआई कुंवर सिंह ने औपचारिक रूप से दुद्धी थाने से विदा ली।

महापुरुषों की संयुक्त जयंती पर उमड़ा जनसैलाब,वक्ताओं ने सामाजिक चेतना का किया आह्वान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विकास खंड अंतर्गत के महुली स्थित राजा बरियार शाह खेल मैदान में संत शिरोमणि संत रविदास, स्वच्छता के प्रणेता संत गाडगे बाबा तथा समाजवादी चिंतक जगदेव प्रसाद (जगदेव बाबू कुशवाहा) की संयुक्त जयंती श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक जागरूकता के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के हजारों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गौतम बुद्ध, छत्रपति शाहू महाराज, संत रविदास, भीमराव रामजी अम्बेडकर, संत गाडगे बाबा एवं जगदेव बाबू के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उपस्थित जनसमूह ने सामाजिक समानता एवं न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
“शिक्षा से ही बदलेंगे हालात”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही ब्लॉक प्रमुख दुद्धी रंजना चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा वह शक्ति है जो समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा, “जो समाज शिक्षा को अपनाता है, वही आगे बढ़ता है।” उनके शब्दों ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
“ज्ञान से आगे बढ़कर प्रज्ञा जरूरी”
वक्ता विनोद कुमार ने कहा कि केवल पढ़-लिख लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान को समाजहित में प्रयोग करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता तेज प्रताप मौर्य ने जगदेव बाबू के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित, सबल और संगठित बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक न्याय और भागीदारी की मजबूती पर जोर दिया।
संविधान ने दिया समानता का अधिकार
पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा रामविचार गौतम ने कहा कि देश में समान मताधिकार और सामाजिक न्याय की व्यवस्था संविधान की देन है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि संविधान ही लोकतंत्र की आत्मा है।
बीआरडी पीजी कॉलेज दुद्धी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार ने पृथक निर्वाचन प्रणाली और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र में सहभागिता ही असली शक्ति है।
“संगठन में ही निहित है शक्ति”
मुख्य अतिथि अजय कुमार रजक (डायरेक्टर, सड़क परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार) ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि महापुरुषों के विचार केवल इतिहास नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की दिशा हैं। उन्होंने समाज से संगठित होकर संवैधानिक मार्ग से अपने अधिकार प्राप्त करने का आह्वान किया।
उन्होंने संत गाडगे बाबा के स्वच्छता संदेश, संत रविदास की समरसता की भावना तथा जगदेव बाबू के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
प्रतिमा स्थापना की घोषणा
विशिष्ट अतिथि संजय कुमार सिंह गोंड धुर्वे ने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की और हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सेवानिवृत्त जिला जज एवं भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य राजन चौधरी तथा पूर्व एमएलसी शिवबोध राम ने भी महापुरुषों के आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।

अंत में समिति के पदाधिकारियों द्वारा भोजन वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन समिति अध्यक्ष अवधेश कुमार कन्नौजिया ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक एकता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।

होली पर्व को लेकर कोन बाजार में पुलिस की सख्ती, पैदल गश्त व वाहनों का चालान

तेज एक्सप्रेस न्यूज-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कस्बा कोन बाजार क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। प्रभारी निरीक्षक संजीव सिंह के नेतृत्व में मय पीएसी बल तथा थाना कोन पुलिस स्टाफ के साथ व्यापक पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिस बल ने बाजार, मुख्य चौराहों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील इलाकों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और आवश्यकतानुसार उनकी जांच भी की। साथ ही, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना कागजात तथा ट्रिपल राइडिंग करने वालों समेत कई वाहन चालकों का चालान किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अनुशासन का माहौल बना और लोगों को कानून का पालन करने का स्पष्ट संदेश मिला।
प्रभारी निरीक्षक संजीव सिंह ने गश्त के दौरान व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और संभ्रांत लोगों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने सभी से अपील की कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं, ऐसे लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है। यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है, जबरन रंग डालता है, डीजे के माध्यम से अशांति फैलाता है या अफवाहें फैलाने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से पेट्रोलिंग की जा रही है तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी बनी हुई है, जिससे अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। व्यापारियों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान ऐसी गश्त से लोगों में विश्वास बढ़ता है और असामाजिक तत्वों में भय बना रहता है।
कुल मिलाकर होली पर्व को लेकर कोन बाजार क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। पैदल गश्त, सघन चेकिंग और वाहनों के चालान की कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन की तैयारी और मुस्तैदी से क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम है, जिससे आमजन निश्चिंत होकर त्योहार मना सके।