सड़क दुर्घटना में घायल चालक अशोक मसीह का चार महीने इलाज के बाद हुई मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को अशोक मसीह उम्र 51 पुत्र स्वर्गीय कन्हैया मसीह निवासी मल्देवा का सड़क दुर्घटना होने के 4 महीने बाद उनके निजी आवास पर मौत हो गई ।परिजनों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के मर्चरी हाउस भेज दिया ।

मृतक के पुत्र आशीष ने बताया कि मेरे पिता कोयला वाली ट्रेलर चलाते थे जो एमपी सिंगरौली में 28 अक्टूबर को कोयला लोड कर बरगवां जा रहे थे ,कि रास्ते में ही सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए जिसकी सूचना मध्य प्रदेश पुलिस को लिखित रूप से दी गई थी ,जिसमें यह आरोप लगाते हुए कहा गया है कि मेरे पिता से कई लोगों ने मारपीट कर गाड़ी में रखें कीमती सामान लूट कर ले जाने के फिराक में लगे थे और उन लोगों ने मेरे पिता को बुरी तरह से गाड़ी से उतर कर मारा पीटा जिससे उनके सर में गंभीर चोटे आई जिनका इलाज 4 महीने से चल रहा था आज शनिवार को उनकी हालत बिगड़ गई ,जब उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी तभी उनकी मौत हो गई।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है ।

दुद्धी में शिक्षा व प्रशासन में दो वरिष्ठ अधिकारीयों का सेवानिवृत्ति समारोह, प्राचार्य डॉ रामसेवक सिंह यादव व नायब तहसीलदार सेवानिवृत्त

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी में शनिवार को शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र में दो वरिष्ठ अधिकारीयों का सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन हुआ। भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय में अधिवर्षता आयु पूरी होने पर प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव अपराह्न पदमुक्त हो गए। उनके स्थान पर शारीरिक शिक्षा के वरिष्ठ असिस्टेंट प्रोफेसर राजेश भारती ने प्रभारी प्राचार्य का दायित्व संभाल लिया।
महाविद्यालय प्रशासन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह परिवर्तन आज प्रभावी हो गया। डॉ. यादव ने वर्षों तक संस्थान का सफल नेतृत्व किया, जिसमें शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के साथ सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया। स्थानीय शिक्षाविदों का कहना है कि उनके योगदान से दुद्धी के छात्रों को लाभ हुआ। नए प्रभारी प्राचार्य राजेश भारती को छात्रों व शिक्षक संघ ने स्वागत किया। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय खेल व शारीरिक शिक्षा में नई ऊंचाइयां छुएगा।

उसी दिन दुद्धी तहसील के नायब तहसीलदार ओ.पी. सिंह सेवानिवृत्त हो गए। तहसील सभागार में आयोजित विदाई समारोह में एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक सहित सभी कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी । ओ.पी. सिंह ने दुद्धी तहसील में लंबे समय तक निष्ठापूर्ण सेवा दी, जिसकी सभी ने सराहना करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी।

दुद्धी में होली-ईद शांतिपूर्ण मनाने को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, दंगा नियंत्रण अभ्यास

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।आगामी होली और ईद-उल-फित्र जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर शनिवार शाम महिला थाना परिसर से सीओ राजेश कुमार राय के नेतृत्व में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान दंगा नियंत्रण अभ्यास भी किया गया।
पुलिस फोर्स ने कस्बे के बस स्टैंड से लेकर अमवार रोड कई मोहल्लों व संवेदनशील इलाकों का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और संभावित खतरों से निपटने की तैयारी दिखा।फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ,उपनिरीक्षक ,महिला थाना प्रभारी, पी एस सी पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस व हेलमेट जैसे हथियारों का ड्रामैटिक प्रदर्शन किया।
एसपी सोनभद्र अभिषेक वर्मा के सख्त निर्देशों पर आयोजित इस फ्लैग मार्च में सीओ राजेश कुमार राय ने कहा कि त्यौहारो पर शांति भंग करने वालों को किसी सूरत बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीमें सतर्क रहेंगी। एसपी ने थाना प्रभारियों व सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने व सोशल मीडिया पर अफवाहों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं।
नागरिकों से अपील है कि त्योहार मनाएं, शांति बनाए रखें व संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।

दुद्धी को जिला बनाने की मांग बुलंद, कचहरी गेट पर अधिवक्ताओं ,नगरवासियों का जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। शनिवार दोपहर करीब एक बजे दुद्धी को जिला बनाने की पुरानी मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में वकील व कार्यकर्ताओं ने ‘दुद्धी को जिला बनाओ, विकास कराओ’, ‘चुनावी वादा पूरा करो’, ‘यह अभी अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है’ जैसे नारों से सरकार पर दबाव बनाया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि दुद्धी सभी मानकों पर जिला बनने योग्य है और यहां से प्रदेश को भारी राजस्व मिलता है, फिर भी जिला का दर्जा नहीं मिला। उन्होंने बताया कि समिति ने अब तक 30 घंटे की आमरण भूख हड़ताल, 20 किमी पैदल यात्रा व कई चरणों के धरना-प्रदर्शन कर चुकी है। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विधानसभा में कई बार मांग उठाई और सत्ताधारी नेताओं ने चुनावी वादों में आश्वासन दिया, जो अब तक अधूरा है। यह जनता के साथ खुला धोखा है।आंदोलन केवल वकीलों तक सीमित नहीं, बल्कि गांव-गांव के लोग इसमें शामिल हैं और जिला गठन तक यह जारी रहेगा।
मोर्चा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि शीघ्र सकारात्मक निर्णय न लेने पर आंदोलन तेज होगा। प्रदर्शन में सिविल दुद्धी बार संघ अध्यक्ष प्रेमचंद यादव,सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, जितेंद्र श्रीवास्तव,विष्णुकांत तिवारी,योगेश पांडे, जीवन राम,आशीष गुप्ता,अभिनव जायसवाल ,प्रेमचंद्र गुप्ता ,सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता ,पदाधिकारी व नगरवासी शामिल रहे।

हर पात्र परिवार तक पहुंचे स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच : जिलाधिकारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी के सख्त निर्देश, लापरवाही पर सेवा समाप्ति तक की चेतावनी

सोनभद्र |
जनपद में स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं को लेकर प्रशासन ने अब पूरी ताकत झोंक दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर गहन मंथन हुआ। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ, डीपीएम, एमवाईसी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसका लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सीएचओ एवं डीपीएम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में ढिलाई बरती जा रही है, वहां के जिम्मेदार कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने की स्थिति में सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटने की चेतावनी दी गई।उन्होंने सभी सीएचओ को अपनी आईडी तत्काल एक्टिवेट करने और नियमित रूप से कार्ड निर्माण की प्रगति दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम और वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने, कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने और प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने पर जोर दिया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 पंकज राय, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनरक्षक सुरक्षा कवच है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी पात्र परिवार इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा।
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और आमजन को आर्थिक रूप से सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की यह सख्ती आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव लाने वाली साबित हो सकती है।

पॉक्सो केस में दो वांछित गिरफ्तार, एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सख्त कार्रवाई

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र में महिला एवं बाल अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 33/26 से संबंधित गंभीर प्रकरण में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।यह मुकदमा धारा 319(2), 318(4), 137(2), 87, 76, 351(2) बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत थाना कोन में पंजीकृत है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुस्तफा रजा (26 वर्ष) पुत्र करार हुसैन तथा सईदा हुसैन (18 वर्ष) पुत्र वाजुद्दीन, दोनों निवासी टेवाटन, थाना कोन, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त घटना के बाद से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।गिरफ्तारी टीम में उ0नि0 लालजी यादव (चौकी प्रभारी चाँचीकला) एवं हे0का0 राजेश यादव (चौकी चाँचीकला) थाना कोन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए महिला व बाल सुरक्षा के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात दोहराई।

होली–रमज़ान से पहले सोनभद्र पुलिस का ‘दमदार’ शक्ति प्रदर्शन

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। आगामी होली पर्व और रमज़ान माह को लेकर जनपद में शांति, सौहार्द और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चुर्क के परेड ग्राउंड में व्यापक दंगा नियंत्रण/बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।
यह अभ्यास अभिषेक वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में तथा अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की देखरेख में संपन्न हुआ।अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दंगा नियंत्रण की तैयारियों का परीक्षण, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का मूल्यांकन और पुलिस बल को आधुनिक दंगा निरोधी उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण देना रहा। इस दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी-रायट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस गोले, ग्रेनेड, लाठी-डंडा, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड और लेग गार्ड जैसे उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपकरणों की जांच के बाद अल्प समय में पूर्ण सुरक्षा किट धारण कर दंगा नियंत्रण की सजीव रिहर्सल कराई गई। परेड ग्राउंड पर पुलिस टीमों ने रणनीतिक मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन किया।अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) ने सभी टीमों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग देते हुए संयम, विधिसम्मत कार्रवाई और मानवाधिकारों के संरक्षण के साथ प्रभावी बल प्रयोग के निर्देश दिए।इस अवसर पर जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस लाइन स्टाफ, प्रशिक्षण रिक्रूट और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली और रमज़ान के दौरान जनपद में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस पूरी तरह सतर्क, प्रशिक्षित और प्रतिबद्ध है कि हर नागरिक को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराया जाए।

बिल्ली–मारकुंडी में खनन परियोजना पर बवाल, ग्रामीण बोले यह जनसुनवाई या औपचारिकता?

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा/सोनभद्र | 27 फरवरी 2026
ओबरा तहसील के ग्राम बिल्ली–मारकुंडी में प्रस्तावित डोलो स्टोन खनन परियोजना को लेकर आयोजित लोक सुनवाई अब गंभीर विवादों में घिरती नजर आ रही है। पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए आयोजित यह जनसुनवाई उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय, सोनभद्र के तत्वावधान में संपन्न हुई, लेकिन इसकी अवधि और प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार प्रस्ताव श्रीमती केशरी देवी पत्नी हरेराम प्रसाद, निवासी शिव नगर कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, ओबरा–सोनभद्र व अन्य के नाम से है। अराजी संख्या 4870 क, 4871 क एवं 4871 ख, कुल रकबा 1.2280 हेक्टेयर में डोलो स्टोन खनन की योजना प्रस्तावित है।
खनन परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर स्थानीय स्तर पर पहले से ही चर्चाएं थीं। ऐसे में जनसुनवाई को ग्रामीण अपनी बात रखने का बड़ा मंच मान रहे थे। “सिर्फ 10–15 मिनट में खत्म हुई प्रक्रिया”
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित समय पर शुरू हुई लोक सुनवाई में संबंधित अधिकारी महज 10 से 15 मिनट रुकने के बाद ही चले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां दर्जनों प्रभावित परिवार मौजूद थे, वहां इतनी कम अवधि में उनकी समस्याएं सुनी ही नहीं जा सकतीं।
ग्रामीणों का तर्क है कि जनसुनवाई कम से कम दो घंटे चलनी चाहिए थी, ताकि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति अपनी आपत्ति और सुझाव विस्तार से रख सके।
पर्यावरण पर मंडराता खतरा पर्यावरण के लिए सक्रिय कार्यकर्ता निर्भय चौधरी ने खनन से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि खदानों में पानी भरने के बाद निकलने वाला प्रदूषित जल आसपास के खेतों को बंजर बना देता है।उन्होंने चेताया कि अधिक गहराई तक खनन होने से भूजल स्तर नीचे चला जाता है, जिससे बोरिंग का पानी गंदा और पीने योग्य नहीं रह जाता। लगातार चलने वाले टिप्पर वाहनों से उड़ने वाली धूल-मिट्टी घरों तक पहुंचती है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में श्वसन संबंधी बीमारियां बढ़ने का खतरा रहता है। “नियमों की अनदेखी, पेड़ कटे – पौधे नहीं लगे”
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि खनन पट्टा स्वीकृत होने के बाद कई स्थानों पर अंधाधुंध खनन किया जाता है। पुराने पेड़ काट दिए जाते हैं, लेकिन नियमानुसार नए पौधे नहीं लगाए जाते।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर कंपनियों द्वारा जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं दिखाई देती। पारदर्शिता पर उठे सवाल कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि सुनवाई के दौरान अधिकतर मौजूद लोग परियोजना से जुड़े कर्मचारी थे, जबकि वास्तविक स्थानीय निवासियों की संख्या बेहद कम थी।
मौके पर लगे पोस्टर में स्पष्ट उल्लेख था कि सुनवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पक्षों को सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की गई थी।लेकिन हालात इसके विपरीत नजर आए, जिससे जनसुनवाई की पारदर्शिता और उद्देश्य पर प्रश्नचिह्न लग गया है। ग्रामीणों की मांग – दोबारा हो निष्पक्ष सुनवाई
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि यदि सरकार पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को लेकर गंभीर है, तो लोक सुनवाई की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और दोबारा निष्पक्ष जनसुनवाई कराई जाए।
वहीं प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील दोहराई है।
अब देखना यह होगा कि विवादों में घिरी यह जनसुनवाई आगे क्या मोड़ लेती है और प्रस्तावित खनन परियोजना पर प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

आदेश में अनिवार्य वसूली, डीएम को भेजी आख्या में बताया स्वैच्छिक आखिर सच क्या है

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

चोपन, सोनभद्र।
आदर्श नगर पंचायत चोपन में इन दिनों मकान नंबरिंग प्रक्रिया को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर नगर पंचायत के कार्यालय आदेश में प्रति भवन 80 रुपये की स्पष्ट वसूली का उल्लेख है, तो दूसरी ओर जिलाधिकारी को भेजी गई आख्या में इसी शुल्क को ‘स्वैच्छिक’ बताया गया है। इस विरोधाभास ने प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं और नगरवासियों में भारी भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है।
आदेश बनाम आख्या – दो अलग कहानी
22 जनवरी 2026 को जारी कार्यालय आदेश में एल्यूमिनियम नंबर प्लेट का मूल्य 80 रुपये प्रति भवन निर्धारित करते हुए स्पष्ट लिखा गया है कि यह राशि भवन स्वामी से वसूली जाएगी। आदेश में कहीं भी “स्वैच्छिक” शब्द का उल्लेख नहीं है।
इसके विपरीत, जिलाधिकारी को प्रेषित आख्या में कहा गया है कि 80 रुपये की राशि स्वैच्छिक है तथा नगर पंचायत द्वारा किसी प्रकार की अनिवार्य वसूली नहीं की जा रही।
यही अंतर अब पूरे प्रकरण को विवादों के केंद्र में ले आया है।
जनता के मन में उठे सवाल
नगरवासियों का कहना है कि जब वे पहले से हाउस टैक्स और जलकर का नियमित भुगतान कर रहे हैं, तो मकान नंबरिंग जैसे प्रशासनिक कार्य के लिए अतिरिक्त शुल्क किस नियम, शासनादेश या प्रस्ताव के तहत लिया जा रहा है?
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पूरे नगर में बिना व्यापक सूचना, प्रस्ताव या आपत्तियां आमंत्रित किए मकानों के नंबर बदले जा रहे हैं।
हर पंचवर्षीय में बदलते नंबर, बढ़ती परेशानी
लोगों का यह भी कहना है कि प्रत्येक पंचवर्षीय में वार्डों के नाम और नंबर बदल दिए जाते हैं, जिससे पते बार-बार परिवर्तित हो जाते हैं। इसका सीधा असर बैंक खाते, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन और अन्य सरकारी अभिलेखों पर पड़ता है। दस्तावेज अपडेट कराने में नागरिकों को समय और धन दोनों की हानि उठानी पड़ती है।
जनसुनवाई निस्तारण पर भी सवाल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जनसुनवाई में शिकायत का निस्तारण ऐसे तथ्यों के आधार पर कर दिया गया, जो स्वयं नगर पंचायत के कार्यालय आदेश से मेल नहीं खाते। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
मुख्य सवाल जो जवाब मांग रहे हैं
क्या नगर पंचायत को मकान नंबरिंग शुल्क वसूलने का विधिक अधिकार है?
जब कार्यालय आदेश में “स्वैच्छिक” शब्द का उल्लेख नहीं है, तो आख्या में यह शब्द कैसे जोड़ा गया?
बिना सार्वजनिक सूचना और आपत्ति आमंत्रण के नंबरिंग प्रक्रिया क्यों चलाई जा रही है?
क्या इसके लिए कोई स्पष्ट शासनादेश या नियम मौजूद है?
निष्पक्ष जांच की मांग मामले के तूल पकड़ने के बाद नगरवासियों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि शुल्क वसूली का कोई वैधानिक आधार है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा वसूली तत्काल रोकी जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस विरोधाभास पर क्या स्पष्टीकरण देता है और नगर पंचायत की कार्रवाई को किस प्रकार पारदर्शी बनाया जाता है।चोपन में मकान नंबरिंग का यह मुद्दा अब महज 80 रुपये का नहीं, बल्कि प्रशासनिक स्पष्टता और जनविश्वास का बनता जा रहा है।

बीआरडी दुद्धी में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से संपन्न

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामजीत यादव थे। कार्यक्रम का नेतृत्व प्राचार्य डॉ. रामसेवक यादव ने किया। मिथिलेश गौतम समारोहक तथा राजेश कुमार भारती मुख्य शास्ता के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में दुद्धी बार संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण पांडे एवं सिविल बार संघ के अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा शामिल थे।
समारोह में खेलकूद, शैक्षणिक एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने ग्रुप नृत्य, एकल नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को सजाया।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण से हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. रामजीत यादव ने कहा कि शिक्षा ही युवाओं का सबसे बड़ा हथियार है। खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। महाविद्यालय प्रबंधन की यह पहल सराहनीय है।

प्राचार्य डॉ. रामसेवक यादव ने कहा कि हमारे छात्र भविष्य के निर्माणकर्ता हैं। इस वार्षिकोत्सव से उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा और वे उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर अंकिता चंद्रा, डॉ. विवेकानंद, डॉ. अजय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का सफल संचालन शिक्षक मंडल ने किया।

बाइक सवार जीजा-साला सड़क हादसे में गंभीर घायल, साले का कान का बाहरी हिस्सा कटकर अलग , जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर स्टेट बैंक के समक्ष गोवर्धन मंदिर के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक के संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार युवक का दायां कान का बाहरी हिस्सा कटकर अलग हो गया ।
मिली जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी निवासी राकेश (32) पुत्र रामप्रसाद अपने ससुराल आए हुए थे। किसी काम से वे अपने साले मनोज (30) पुत्र मुन्नादेव निवासी कुसम्हा पोस्ट गोविंदपुर के साथ बाइक पर सवार होकर आश्रम मोड़ जा रहे थे।इस दौरा गोवर्धन मंदिर के समीप मोड़ पर सामने से आ रही बाइक से बचने के प्रयास में उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक आश्रम की बाउंड्री में लगे कटीले तारों से जा टकराई।
हादसे में जीजा राकेश को सिर व आंख के आसपास गंभीर चोटें आईं, जबकि साला मनोज का दायां कान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह कटकर अलग हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया, फिर सीएचसी दुद्धी ले गए।
इसी बीच मनोज (साला ) के द्वारा जेब से कान का बाहरी हिस्सा निकाले जाने पर चिकित्सक सन रहा गए ।उनके कान से रक्त का स्राव देख चिकित्सक दंग रह गए ,जबकि जीजा के ।डॉ. सुनील के नेतृत्व में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

दुष्कर्म के दोषी राज पांडेय उर्फ राजा को बीस वर्ष के कठोर कारावास की सजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र/दुद्धी। करीब साढ़े 7 वर्ष पूर्व 16 वर्ष की दलित नाबालिग किशोरी के साथ जंगल मे ले जाकर जबरन दुष्कर्म किए जाने के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश/ विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट अमित वीर सिंह की अदालत ने शुक्रवार को सुनवाई करते हुए दोषसिद्ध पाकर दोषी राज पांडेय उर्फ राजा को 20 बर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। उसके ऊपर 56 हजार रूपये अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा न करने पर 2 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित होगी। वहीं अर्थदंड की धनराशि में से 40 हजार रूपये पीड़िता को मिलेगी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता की मां ने 25 अक्तूबर 2018 को रॉबर्ट्सगंज थाने में दी तहरीर में अवगत कराया था कि 23 अगस्त 2018 को शाम 4 बजे उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को पूर्व परिचित राज पांडेय उर्फ राजा उर्फ राजा मिश्रा पुत्र स्वर्गीय अरुण कुमार मिश्रा उर्फ बच्चा निवासी रजधन, पइका, थाना चोपन, जिला सोनभद्र बहला फुसलाकर बाइक से चुर्क जंगल में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया। उसके बाद बेटी को मारपीट कर जाति सूचक शब्दों से गाली देकर कहीं शिकायत करने पर जान मारने की धमकी भी दिया। इस तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दिया। विवेचना के दौरान पर्याप्त सबूत मिलने पर विवेचक ने कोर्ट में दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट व पॉक्सो एक्ट में चार्जशीट दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्को को सुनने, 9 गवाहों के बयान एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर दोषसिद्ध पाकर दुष्कर्म के दोषी राज पांडेय उर्फ राजा (30) वर्ष को बीस वर्ष का कठोर कारावास एवं 56 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 2 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई अवधि सजा में समाहित होगी। वही अर्थदंड की धनराशि में से 40 हजार रूपये पीड़िता को मिलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील दिनेश प्रसाद अग्रहरि, सत्यप्रकाश त्रिपाठी व नीरज कुमार सिंह ने बहस की।

दुद्धी कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं का होली मिलन समारोह, जमकर उड़े अबीर-गुलाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में संयुक्त बार संघ के अधिवक्ताओं ने होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया। दोपहर से शाम तक कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और खुशी से सराबोर हुए।
कार्यक्रम में ढोल की थाप पर फाग गीतों का जमकर आनंद लिया गया, जो घंटों चला। इसके बाद ठंडाई और मिष्टान्न वितरित किया गया। सभी अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दुद्धी बार संघ अध्यक्ष प्रेमचंद यादव,सिविल बार संघ अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, दुद्धी बार संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, राकेश कुमार मद्धेशिया, जितेंद्र श्रीवास्तव,रमेश कुशवाहा, विजय सिंह, आनंद कुमार, पवन कुमार दुबे, अभिनव जयसवाल, आशीष गुप्ता, राकेश अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

डॉ. लवकुश प्रजापति को मिलेगा ‘साहित्यमणि सम्मान’

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। राष्ट्र स्तरीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था मधुरिमा साहित्य गोष्ठी ने अपने स्वर्गीय निरंजन जालान स्मृति साहित्यमणि सम्मान से दुद्धी के जाने माने प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. लवकुश प्रजापति को सम्मानित करने की घोषणा की है।यह सम्मान आगामी 6 मार्च को निकट संस्कृत महाविद्यालय राबर्ट्सगंज स्थित इस संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डॉ. प्रजापति को उनके चर्चित उपन्यास ‘सोनभद्र की फूलमती’ के माध्यम से साहित्य जगत में उनके उत्कृष्ट, सराहनीय एवं समाज-सापेक्ष योगदान के लिए यह सम्मान के साथ 21000 रुपए नगद राशि प्रदान किया जाएगा।
संस्था के निदेशक अजयशेखर ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि डॉ. प्रजापति का यह उपन्यास सोनभद्र की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रूप प्रदान करता है, जो स्थानीय समाज के संघर्षों और विजय को चित्रित करता है। यह सम्मान साहित्यकारों के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। संस्था के द्वारा सम्मान के लिए डॉक्टर प्रजापति को चुने जाने पर क्षेत्र के साहित्यकारों व स्थानीय लोगों में खुशी देखा जा रहा है।

रंगो की त्योहार होली शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं: थाना प्रभारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार होली रंगों की त्यौहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण मानने को लेकर थाना प्रभारी अरुण कुमार की उपस्थिति में थाना परिसर मे किया गया शांति समिति की बैठक। संचालन करते हुए थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारगी के साथ मनाएं। इस दौरान शराब विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रंगों का त्योहार होली में किसी को भी जबरन रंग नहीं लगाएं एवं सभी लोग आपसी एकता के साथ पर्व मनाए, हुड़दंग मचाने वालों तथा सौहार्द बिगाड़ाने वालों पर प्रसाशन की ओर से सख्त करवाई की जाएगी। एवं फेसबुक, व्हाट्सअप, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मिडिया पर किसी तरह का धार्मिक उन्माद फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी इसके अलावा उन्होंने थाना क्षेत्र के लोगों से बच्चा चोरी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह का संदेह देखने एवं अप्रिय घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने कहा कि आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत में बक्सा नहीं जाएगा उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता का प्रतीक माने जाने वाले केतार थाना क्षेत्र के सभी त्योहारों को यहां के लोग आपसी भाईचारगी के साथ मनाते आ रहे हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी भाईचारगी और शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने का निर्णय लिया। बैठक के अंत में सभी लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
मौके पर विभिन्न दल के नेता एवं समाजसेवी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

ऑनलाइन साइबर ठगी के अठारह हजार तीन सौ बीस रुपये पुलिस की सक्रियता से हुए वापस

तेज एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता

थाना कोतवाली दुद्धी अंतर्गत साइबर अपराध में पीड़ित के साइबर फ्रॉड हुए ₹18,320/- रुपये स्थानीय पुलिस की मदद से वापस कराए गए ।

बताते चले कि आवेदक विनोद पुत्र निरंजन निवासी जपला, थाना दुद्धी जनपद सोनभद्र के द्वारा यूट्यूब से नम्बर निकालकर फोन के माध्यम से सामान आर्डर करने पर ₹18,320/- रुपये आवेदक के साथ फ्राड कर लिया गया। जिसके संबंध में NCRP पोर्टल पर शिकायत पंजीकृत की गई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के क्रम में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना दुद्धी एवं साइबर टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंकों से पत्राचार किया गया। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार होल्ड धनराशि ₹18,320/- सफलतापूर्वक आवेदक के खाते में वापस कराई गई। धनराशि प्राप्त होने पर आवेदक द्वारा पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

वापस कराई गई धनराशि अठारह हजार तीन सौ बीस रुपये वापस पाकर आवेदक के चेहरे खुशी से खिल उठे।

वही धनराशि वापस कराने वाली टीम में शामिल पुलिसकर्मी प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह थाना दुद्धी सोनभद्र,उपनिरीक्षक हरिकेश आजाद, चौकी प्रभारी कस्बा दुद्धी, कांस्टेबल मन्तोष कुमार, थाना दुद्धी व महिला कांस्टेबल संध्या यादव, थाना दुद्धी शामिल रही।

वही पुलिस ने साइबर जागरूकता हेतु अपील किया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नजदीकी थाने पर संपर्क करें। साथ ही www.cybercrime.gov.in
पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

“जागरूक रहिये……… सुरक्षित रहिये”

त्योहार के मद्देनजर घोरावल थाना पर शांति समिति की बैठक संम्पन्न

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता

क्षेत्राधिकारी घोरावल द्वारा होली एवं रमजान माह सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत, थाना घोरावल में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई

आगामी होली पर्व एवं रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज थाना घोरावल पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी घोरावल श्री राहुल पाण्डेय द्वारा की गई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक घोरावल एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण, स्थानीय नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं विभिन्न धर्मगुरुओं की सहभागिता रही। क्षेत्राधिकारी घोरावल द्वारा उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि होली एवं रमजान के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं पारस्परिक सम्मान बनाए रखें तथा त्यौहारों को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। साथ ही स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट, हुड़दंग या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 11 जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा

तेज एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता

पश्चिम के 4 जिले, ब्रज का 1 जिला, अवध 4 जिले, काशी 1 जिला, गोरखपुर 1 जिलाध्यक्ष घोषित

3 ब्राह्मण, 3 ओबीसी, 2 पासी, 1 क्षत्रिय, 1 वैश्य, 1 कायस्थ को बनाया जिलाध्यक्ष

अयोध्या से राधेश्याम त्यागी पासी बने जिलाध्यक्ष

अयोध्या महानगर से कमलेश श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष बनाए गए

गोंडा में इकबाल बहादुर तिवारी बनाए गए जिलाध्यक्ष

अमरोहा से उदयगिरि गोस्वामी जिलाध्यक्षय बने

शामिल से रामजी लाल कश्पय, सहारनपुर से अजीत सिंह राणा जिलाध्यक्ष बने

बागपत से नीरज शर्मा, पीलीभीत से गोकुल प्रसाद मौर्य जिलाध्यक्ष बनाए गए

लखीमपुर से अरविंद गुप्ता, मिर्जापुर से लाल बहादुर पटेल को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली

सिद्धार्थनगर से दीपक मौर्य बने जिलाध्यक्ष।

दुद्धी संयुक्त बार एसोसिएशन की बैठक में होली मिलन समारोह का ऐलान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।संयुक्त बार एसोसिएशन दुद्धी की आज बृहस्पतिवार को हुई बैठक में कल 27 फरवरी शुक्रवार को दोपहर 2 बजे राजेंद्र प्रसाद हाल में होली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभी अधिवक्ताओं से ससमय उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
बैठक में होली पर्व की खुशी साझा करने के उद्देश्य से इस समारोह का विस्तृत आयोजन तय किया गया। एसोसिएशन ने सभी वकीलों से सादर अनुरोध किया है कि वे समय पर पहुंचकर उत्सव को यादगार बनाएं। बैठक में एल्डर कमेटी के अध्यक्ष प्रेमचंद्र जायसवाल, दुद्धी बार संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद यादव,दुद्धी बार संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण पांडे,सिविल बार संघ अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,राकेश कुमार मद्धेशिया, आशीष गुप्ता, अभिनव जयसवाल,विष्णु सिंह,राकेश अग्रहरी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे ।

दुद्धी पुलिस ने साइबर ठगों से कराई 21 हजार की रिकवरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एक पीड़ित को 21 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए। यह कार्रवाई एसपी सोनभद्र के निर्देश, अपर एसपी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार टेढ़ा निवासी रामलखन पुत्र रामदेव के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया था। ठगों ने उन्हें डरा-धमकाकर 21 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित ने एनसीआरबी (NCRB )पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर दुद्धी थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। आवश्यक साक्ष्य संकलित कर बैंकों से पत्राचार किया गया और कोर्ट के आदेश पर होल्ड राशि पीड़ित को लौटा दी गई।
टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार और महिला कांस्टेबल संध्या यादव शामिल रहे। रामलखन ने एसपी, अपर एसपी, क्षेत्राधिकारी दुद्धी और थाना टीम की सराहना की।
पुलिस ने अपील की है कि साइबर अपराध होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचित करें।

संयुक्त बार एसोसिएशन की चेतावनी,बिना रजिस्ट्रेशन काला कोट न पहनें, अन्यथा कार्रवाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कचहरी परिसर में बिना अधिवक्ता रजिस्ट्रेशन के काला कोट पहनकर घूमने वालों के खिलाफ सख्ती का ऐलान करते हुए दुद्धी व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने सभी वकीलों से सतर्क रहने को कहा है।
दुद्धी बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण पांडे और प्रभु सिंह कुशवाहा सिविल बार अध्यक्ष ने संयुक्त बयान जारी कर कहा, ”प्रस्तुत प्रकरण से सीख लेकर मेरा अपने कचहरी के सभी सम्मानित अधिवक्ता बंधुओं से सविनय सुझाव है कि अपने-अपने बेंच पर काला कोट पहनकर अधिवक्तावेष में बिना सीओपी/रजिस्ट्रेशन के आने वाले सभी लोगों को कृपया सूचित कर दें। उनके पास यदि सीयूपी/रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया हो, तभी काला कोट पहनकर कचहरी परिसर में आएं। नहीं तो जांचोपरांत शिकायत पर कार्रवाई की संस्तुति की जा सकती है।
अध्यक्ष ने बयान के अंत में धन्यवाद ज्ञापित के साथ सभी से सहयोग की अपील की।
बता दे कि यह अपील नकली वकीलों की घुसपैठ रोकने और कचहरी व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। स्थानीय बार एसोसिएशन के सदस्यों ने इसे सराहनीय कदम बताया है।

कटौली गांव में मजदूर की संदिग्ध मौत, खदीहवा नाले के पास पेड़ से लटका मिला शव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव में बुधवार सुबह देवनारायण 40 पुत्र शिवलाल, निवासी कटौली) का शव गांव के खदीहवा नाले के पास पेड़ से लटका हुआ मिला। मजदूरी कर परिवार पालने वाले देवनारायण की अचानक मौत से परिजन और ग्रामीणों में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार मृतक मंगलवार देर रात पत्नी संग गांव में बारात देखने निकले थे। रात भर घर न लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वे किसी परिचित के पास रुक गए होंगे। लेकिन सुबह तक कोई खबर न मिलने पर चिंता बढ़ गई। इसी बीच ग्रामीणों ने सूचना दी कि खदीहवा नाले के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। आशंका पर पहुंची पत्नी और बच्चों ने शव की पहचान कर रो-बिलखकर विलाप करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान ने तत्काल दुद्धी कोतवाली पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया, ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की तथा पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया गया।
मृतक के पांच बच्चे हैं जिसमें दो पुत्र व तीन पुत्रियां। पुलिस के अनुसार मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा।

दुद्धी के भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय में 51वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का भव्य समापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को 51वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का समापन हो गया। दो दिवसीय इस आयोजन के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने जोशपूर्ण ढंग से विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि कालेज के प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव रहे। क्रीड़ा प्रभारी राजेश भारती ने सभी प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा की।
प्रमुख विजेताओं में 5000 मीटर दौड़ छात्र वर्ग में प्रथम स्थान पर मनीष कुमार (बीए चतुर्थ से०), द्वितीय स्थान पर अमित कुमार (बीए तृतीय से०) जबकि तृतीय स्थान पर रविंद्र कुमार (बीए तृतीय से०) रहे ।
500 मीटर दौड़ (छात्र वर्ग) में प्रथम स्थान मनीष कुमार, द्वितीय अमित कुमार और तृतीय स्थान पर रविंद्र कुमार रहे ।
गोला प्रक्षेप (छात्र वर्ग)में प्रथम पर आशीष कु०, द्वितीय शमशाद अहमद व तृतीय स्थान पर प्रियांशु गुप्ता रहे ।
गोला प्रक्षेप (छात्रा वर्ग) में प्रथम स्थान पर आकृति, द्वितीय पर प्रकृति जबकि तृतीय पर दिव्यांका रही ।
भाला प्रक्षेप (छात्रा वर्ग)में प्रथम स्थान खुशी चंद्रवंशी, द्वितीय आकृति तथा तृतीय स्थान पर संध्या रही ।
क्रिकेट बाल प्रक्षेप (छात्रा वर्ग)में प्रथम पर तारावती, द्वितीय प्रकृति वही तृतीय प्रियंका न प्राप्त किया ।
हैमर प्रक्षेप (छात्र वर्ग)में प्रथम स्थान पर अमित कुमार (बीए चतुर्थ से०), द्वितीय रोहित सोनकर (बीए तृतीय से०) और तृतीय स्थान पर एकलव्य प्रताप सिंह (बीए प्रथम से०) रहे ।
लंबी कूद (छात्र वर्ग) में प्रथम- कमलेश कुमार, द्वितीय- मोहन कुमार, तृतीय- अमन मिश्रा रहे ।
लंबी कूद (छात्रा वर्ग)में प्रथम- दिव्यांका, द्वितीय- सिम्मी, तृतीय- तारावती व इंदु (संयुक्त)रही ।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों में नवनिर्वाचित दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष एड० कुलभूषण पाण्डेय और सिविल बार संघ अध्यक्ष एड० प्रभु सिंह कुशवाहा रहे । अपने संबोधन में उन्होंने महाविद्यालय के खिलाड़ियों से कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे प्रदर्शन से पुलिस, पीएससी, खेल कोटा के अलावा तमाम नौकरियों में बेहतरीन अवसर मिलते हैं और महाविद्यालय का नाम रोशन होता है।
अन्य विशिष्ट अतिथियों में एड० संतोष जा०, एड० दिनेश प्रसाद (दुद्धी बार एसोसिएशन सचिव), वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खेल प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। कालेज के मिथिलेश गौतम, डॉ. अजय कुमार, डॉ. राकेश कनौजिया, डॉ. विवेकानंद, राजेश कुमार यादव, सचिन कुमार विश्वकर्मा, अंकित चंद्र, डॉ. गीता, दिनेश चंद शर्मा सहित समस्त अध्यापक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

मिट्टी का टिला ढहने से हुए मृतकों के परिवारों से मिला एआईपीएफ प्रतिनिधिमंडल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रतिनिधि मंडल ने आज खैराही व किरवानी गांव में जाकर मिट्टी का टोला ढहने से मृतकों के परिवारजनों से मिलकर अपनी गहरी शोक श्रध्दांजलि व्यक्त की। एआईपीएफ के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका और मजदूर किसान मंच के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोंड ने प्रशासन से मांग की कि रनटोला, खैराही, किरवानी समेत जिन गांवों में सफेद मिट्टी का टीला है वहां वन विभाग विशेषकर त्योहार में लगातार निगरानी करे और मृतकों के परिवार जनों व घायलों को समुचित मुआवजा दिया जाए। एआईपीएफ नेताओं ने परिवार जनों को संतावना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में हम हर समय साथ खड़ा रहेंगे।

दुद्धी पुलिस ने साइबर ठगों से कराई 40 हजार की रिकवरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।स्थानीय थाना की साइबर टीम ने फर्जी पेट्रोल पंप वालों के चक्कर में फंसकर 40 हजार रुपये गंवाने वाले ग्रामीण की राशि सफलतापूर्वक वापस करा दी। एसपी सोनभद्र के विशेष अभियान और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
झारोखुर्द निवासी दिलीप कुमार पुत्र देवकुमार को फोन पर ‘एचपी पेट्रोल पंप भट्ठी मोड़’ का कॉल आया। ठगों ने कहा कि 40 हजार रुपये भेज दो, बाद में लौटा देंगे। धोखे से पैसे ट्रांसफर करने के बाद दिलीप ने एनसीआरबी पोर्टल पर शिकायत दर्ज की। टीम ने साक्ष्य संकलित कर बैंकों से पत्राचार किया और कोर्ट के आदेश पर होल्ड राशि वापस दिलाई।
दिलीप ने एसपी, अपर एसपी, क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक व साइबर टीम की जमकर तारीफ की। बरामदगी टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मन्टोष कुमार व महिला कांस्टेबल संध्या यादव शामिल रहे।
थाना प्रभारी ने अपील की कि साइबर अपराध होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचित करें।

रेल पटरी पर संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के कटौंधी गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात लगभग 32 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कटौंधी निवासी मनबस पत्नी विशुन गोड के रूप में हुई है। दुद्धी कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रेलवे पटरी से रात में गुजर रहे ग्रामीणों ने पटरी पर पड़े महिला के शव देख सन रह गए। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची दुद्धी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, आसपास के लोगों से पूछताछ कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेजा गया।
परिजनों ने बताया कि मृतिका के पति विशुन गोड हिंडाल्को प्लांट में मजदूर हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। घर के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे, ससुर थे लेकिन अस्वस्थ थे, जबकि दो । मनबस अकेली थी और कब-कैसे घर से निकली, किसी को पता नहीं। रात ड्यूटी से लौटे विशुन जब पत्नी को घर नहीं देखा तो खोजबीन की , थोड़ी देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वे ट्रैक पहुंचे और शव पहचान कर फूट-फूट कर रो पड़े।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।

दुद्धी बीआरसी में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी, ग्राम प्रधानों को शिक्षण योजनाओं पर किया गया जागरूक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) दुद्धी परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग के तहत ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्राम प्रधानों, स्थानीय पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को विभागीय योजनाओं व प्रक्रियाओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी व शिक्षक शामिल हुए। सभी को बैज भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (न्यायिक) अश्विनी कुमार ने संबोधन में कहा कि प्राथमिक विद्यालय ग्राम पंचायतों से सीधे जुड़े हैं। प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधान समन्वय बनाकर शिक्षा विकास पर कार्य करें।

बीडीओ राम विशाल चौरसिया व खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने ग्राम प्रधानों से शिक्षा प्रसार में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेमशंकर राम ने की, जबकि वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने विशेष सहयोग दिया। कार्यशाला में शिक्षा गुणवत्ता सुधार व शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
अन्य उपस्थित: एआरपी श्यामसुंदर, उज्ज्वल मौर्य, योगेन्द्र यादव, शिक्षक छविलाल, मुसईराम, सदानंद मिश्र, जितेन्द्र चौबे, अविनाश गुप्ता, विवेक शांडिल्य, धर्मेंद्र सिंह, नीरज कन्नौजिया, अवधेश कन्नौजिया, ओमप्रकाश, दयाशंकर, तत्सत तिवारी, मनोज जायसवाल, डॉ. रमेश कुमार, राजेश झा, पीयूष, लल्लू राम, विवेक, रेनू कन्नौजिया, अमिता तिवारी आदि। संचालन जितेन्द्र चौबे, अविनाश गुप्ता व प्रीति चौरसिया ने किया।

सोनभद्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,दुद्धी एसएसआई सहित चार चौकी प्रभारियों व छह एसआई तबादला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मंगलवार को जारी आदेश में चार चौकी प्रभारियों सहित आधा दर्जन सब-इंस्पेक्टरों (एसएसआई/एसआई) के तबादले किए गए।
दुद्धी थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी ने दुद्धी के वर्तमान एसएसआई कुंवर सिंह को रेणुकूट चौकी इंचार्ज बनाया है। वहीं, रेणुकूट चौकी इंचार्ज संजय सिंह को दुद्धी एसएसआई का प्रभार सौंपा गया है। यह बदलाव दुद्धी जैसे संवेदनशील इलाके में अपराध नियंत्रण और स्थानीय चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
अन्य तबादलों में सरईगढ़ चौकी इंचार्ज राहुल पांडेय को शाहगंज कस्बा चौकी इंचार्ज, शाहगंज चौकी इंचार्ज अजय श्रीवास्तव को बीना चौकी इंचार्ज, तथा बीना चौकी इंचार्ज जितेंद्र सरोज को पनौरा चौकी का प्रभार दिया गया है। इसके अलावा एसआई शमशेर सिंह को सरईगढ़ चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया।
पुलिस महकमे में यह फेरबदल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊर्जा भरने करने का प्रयास है, खासकर दुद्धी जैसे आदिवासी बहुल इलाकों में जहां कानून-व्यवस्था की चुनौतियां अधिक रहती हैं। एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतने और अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं।

भोजपुरी गायिका अंतरा सिंह उर्फ प्रियंका समेत दो के विरुद्ध एनबीडब्ल्यू/ कुर्की की नोटिस जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। करीब 22 माह पूर्व नवरात्रि देवी जागरण कार्यक्रम के लिए एडवांस बुकिंग के बावजूद भी प्रोग्राम न करने तथा पैसा वापस मांगने पर जाति सूचक शब्दों से गाली देकर अपमानित करने व लड़के को उठवा लेने की धमकी दिए जाने के मामले में विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट सोनभद्र आबिद शमीम की अदालत ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए न्यायालय में हाजिर न होने पर भोजपुरी गायिका अंतरा सिंह उर्फ प्रियंका व इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मालिक विकास कुमार के विरुद्ध गैर जमानती वारंट/ कुर्की की नोटिस जारी किया है। एसपी सोनभद्र को नोटिस का निष्पादन कराकर 14 मार्च 2026 को न्यायालय को कृत कार्यवाही से अवगत कराने का आदेश दिया गया है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी राजेंद्र पुत्र रामनरेश ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसने नवरात्रि देवी जागरण कार्यक्रम के लिए 18 अप्रैल 2024 को भोजपुरी आर्टिस्ट के संयोजक विकास कुमार को दो लाख रुपये में बुक किया गया था। जिसके लिए एडवांस एक लाख 70 हजार रुपये दे दिया गया था।शेष बकाया के भुगतान की बात कार्यक्रम संपन्न होने पर तय हुई थी। कार्यक्रम में भोजपुरी गायिका अंतरा सिंह उर्फ प्रियंका को लाने की बात तय हुई थी। उसके लिए होटल में चार कमरे बुक किए गए थे। अंतरा सिंह को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी, बावजूद इसके बगैर प्रोग्राम किए ही अंतरा सिंह देर रात चली गई। जिसकी वजह से कार्यक्रम संपन्न नहीं हो सका। इससे करीब पांच लाख रुपये की क्षति हुई है। इस संबंध में पूछताछ करने पर संयोजक विकास कुमार द्वारा जाति सूचक शब्दों से गाली देकर अपमानित किया गया और लड़के को उठवा लेने की भी धमकी दी गई। इस प्रकार से दोनों लोगों ने धोखाधड़ी कर क्षति पहुंचाई है। इसकी सूचना थाने पर दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कि गई। एसपी सोनभद्र को 31 अगस्त 2024 को रजिस्टर्ड डाक से सूचना दिया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। तब मजबूर होकर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट के आदेश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में धोखाधड़ी समेत एससी/एसटी एक्ट में एफआईआर दर्ज कर विवेचक द्वारा विवेचना की गई और पर्याप्त सबूत मिलने पर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई। कोर्ट में हाजिर न होने पर गैर जमानती वारंट/ कुर्की की नोटिस जारी किया गया है। कोर्ट द्वारा एसपी सोनभद्र से नोटिस का निष्पादन कराकर 14 मार्च 2026 को कृत कार्यवाही से अवगत कराने का आदेश दिया गया है।

दुद्धी में होली शांति समिति बैठक आयोजित, ड्रोन कैमरों से रहेगी नजर – सीओ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से स्थानीय तहसील सभागार में सोमवार शाम शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने की। विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए।
क्षेत्राधिकारी राय ने निर्देश दिए कि होली सभी सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। नई परंपराएं शुरू न हों, पुरानी रीतियों का ही पालन हो। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनाती रहेगी, साथ ही वीडियो रिकॉर्डिंग और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी की जाएगी। उन्होंने अफवाहों से बचने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की। सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। नगर में सफाई, पेयजल व बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए।
बैठक में नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल कानू, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, पंकज जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

दुद्धी में दोपहर बाद झमाझम बारिश, तेज हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज,बिजली आपूर्ति भी प्रभावित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे एवं आसपास के क्षेत्र में आज सोमवार को दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। सुबह से पूरी तरह खुला आसमान और चटक धूप के बीच दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक चली इस मूसलाधार बारिश ने इलाके का मौसम एक झटके में बदल दिया, जिससे ठंडक में इजाफा हो गया।
इससे पूर्व सुबह से मौसम पूरी तरह सुहावना था, लेकिन दोपहर होते ही हालात बदल गए। साढ़े तीन बजे के करीब तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके बाद काले बादलों ने आसमान को ढक लिया। कुछ ही मिनटों में तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गईं, जो करीब आधे घंटे तक लगातार जारी रहीं। इस दौरान सड़कों पर पानी भर गया और राहगीरों को अचानक बारिश से बचने के लिए भागना पड़ा।
उधर तेज हवाओं और बारिश के कारण दुद्धी व आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई। कई स्थानों पर तार टूटने और खंभों को नुकसान पहुंचने से घंटों अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी रही ।

दुद्धी कॉलेज में बीएड परीक्षा के दौरान नकल, छात्र रेस्टिकेट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी में मां विंध्यवासिनी विद्या पीठ के बीएड अंतिम वर्ष के छात्र को नकल करते पकड़े जाने पर रस्टिकेट कर दिया गया।
प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव ने बताया कि सोमवार सुबह पहली पाली की परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक ने छात्र को चोरी-छिपे नकल करते रंगे हाथों पकड़ लिया। तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्र को रस्टिकेट कर दिया गया।
प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि नकल की घटनाओं पर सख्ती बरती जाएगी। परीक्षा केंद्र पर पूर्ण निगरानी सुनिश्चित की गई है, जिससे छात्रों में नकल के प्रति भय का माहौल बन गया है।

सोनभद्र में किरवानी जंगल में मिट्टी धंसने से 3 महिलाओं की दर्दनाक मौत, 2 महिलाओं को निकाला गया सुरक्षित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी जंगल में सोमवार सुबह कच्चे घर की मरम्मत और पोताई के लिए मिट्टी खोद रही पांच महिलाओं पर मिट्टी का ढेर गिर पड़ा। बचाव कार्य में तीन महिलाओं के शव बरामद हुए, जबकि दो को चमत्कारिक रूप से सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किरवानी गांव से महज दो किमी की दूरी पर तड़के सुबह आगामी त्यौहार को देखते हुए महिलाएं बच्चे अपने-अपने घरों के पोताई-मरम्मत कार्य हेतु मिट्टी लेने गई थी।घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई गई ।किरवानी गांव की सदिकुन निशा (35), अनीषा खातून (28), सीता (40), फूलकुमारी (32) और निज्मु निशा (30) मिट्टी निकाल रही थीं।

बताया गया कि सुरंगनुमा गड्ढे से खुदाई के दौरान मिट्टी की ढेर की ऊपरी सतह कमजोर पड़ गई, जिससे वे 10-12 फीट गढ्ढे में लगभग 6 महिलाएं दब गईं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम दुद्धी निखिल यादव, सीओ दुद्धी राजेश कुमार राय और थाना प्रभारी म्योरपुर की टीमें जेसीबी व मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचीं। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सदिकुन निशा, अनीषा खातून व सीता के शव बरामद किए गए। घायल फूलकुमारी व निज्मु निशा को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगभग पूर्ण हो चुका है। पांचों महिलाओं में से दो को समय रहते बचा लिया गया, जबकि शेष तीन के शव मिल गए हैं। मामले की जांच चल रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
घटना से किरवानी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक परिजनों में मातम पसर गया है।

मेहनतकश को मिले देश के संसाधनों में अधिकार ठेका मजदूर यूनियन का ओबरा में हुआ 23 वां जिला सम्मेलन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारसोनभद्र दुद्धी । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी बढ़ेगी और इस समय कार्यरत बहुत सारे लोग नौकरियों से हाथ धो बैठेंगे। ऐसी स्थिति में लोगों की आजीविका की सुरक्षा के लिए देश के संसाधनों में मेहनतकशों के अधिकार को सुनिश्चित करना होगा। यह बातें आज ओबरा में आयोजित ठेका मजदूर यूनियन के 23 वें जिला सम्मेलन में मुख्य वक्ता पूर्व श्रमबंधु दिनकर कपूर ने कही।
उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों पर चुनिंदा पूंजी घरानों का कब्जा हो गया है। देश में असमानता आजादी से पूर्व से भी ज्यादा बढ़ गई है। देश की आय भी कुछ लोगों के हाथ में संकेन्द्रित होती जा रही है। जो संविधान के अनुच्छेद 39 का पूर्णतया उल्लंघन है। आज कॉर्पोरेट-हिंदुत्व-राज्य का संश्रय मजदूर, किसान, आम जनता के हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर रहा है। ऐसी स्थिति में सिर्फ मांग और पूर्ति आधारित ट्रेड यूनियन आंदोलन नहीं बल्कि मेहनतकशों का एक राजनीतिक आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। उम्मीद है कि यह सम्मेलन इस दिशा में आगे बढ़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट के हाल में आए निर्णय जिसमें कहा गया कि न्यूनतम मजदूरी दी जाएगी तो मलिक काम नहीं देगें और ट्रेड यूनियनों के कारण उद्योग बंद हुए हैं, पर बात रखते हुए दिनकर कपूर ने कहा कि दरअसल पूंजीपतियों के उत्पादन को जारी रखने के लिए श्रम शक्ति की नितांत आवश्यकता है। न्यूनतम मजदूरी इस श्रम शक्ति के जिंदा रहने की अनिवार्य शर्त है। यदि यह भी लोगों को नहीं मिला तो आने वाले समय में उत्पादन भी बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि ट्रेड यूनियनों ने नहीं बल्कि सरकारों ने पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए सरकारी उद्योगों को बंद किया या बेचा है। प्रदेश में बिजली क्षेत्र का निजीकरण इसका ताजा तरीन उदाहरण है। इसके खिलाफ लड़ने वाले बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों का बर्बर दमन इस सरकार में किया गया है। सम्मेलन में मंत्री तेजधारी गुप्ता ने रिपोर्ट रखी। इसमें कहा गया कि लेबर कोड आधुनिक गुलामी के दस्तावेज हैं। इन कोडो में 200 साल के संघर्षों से हासिल काम के घंटे 8 को बढ़ाकर 12 कर दिया गया है। फिक्स टर्म इम्पलाइमेंट लाकर जो थोड़ी बहुत सामाजिक सुरक्षा मजदूरों को थी वह भी छीन ली गई। फ्लोर लेवल वेज न्यूनतम मजदूरी से भी कम दर पर तय की गई है। ट्रेड यूनियन बनाने और प्रतिवाद दर्ज करने का लोकतांत्रिक अधिकार खत्म कर दिया गया है। सर्वोपरि श्रम विभाग की एनफोर्समेंट की शक्ति को खत्म कर फैसिलिटेटर बना दिया गया है, जिससे आने वाले समय पर मजदूरों को न्यूनतम राहत मिलना भी मुश्किल हो जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रदेश में 10 सालों से न्यूनतम मजदूरी का वेज रिवीजन नहीं हुआ है। हालत इतनी बुरी है कि हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद जनपद के तमाम खतरनाक श्रेणी के उद्योगों में अभी भी मजदूरों को सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जा रहे हैं। पूरी जिंदगी उद्योग में देने वाले 60 साल की उम्र में रिटायर हो रहे मजदूरों को ग्रेच्युटी तक की सुविधा नहीं दी जाती है। इस पर पूरे जिले में जन संवाद अभियान चलाने और मजदूरों को जागरूक करने का निर्णय भी सम्मेलन में लिया गया।
सम्मेलन में वार्षिक चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें सर्वसम्मत से तीरथराज यादव को जिला अध्यक्ष और तेजधारी गुप्ता को जिला मंत्री चुना गया। इसके अलावा मंगरु प्रसाद श्याम को उपाध्यक्ष, मोहन प्रसाद को संयुक्त मंत्री, शेख इम्तियाज को प्रचार मंत्री, अंतलाल खरवार को कार्यालय मंत्री और इंद्रदेव खरवार को कोषाध्यक्ष चुना गया और 15 सदस्यी कार्यकारिणी का भी चुनाव हुआ।सम्मेलन की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष कृपाशंकर पनिका ने की। सम्मेलन को समाजसेवी रमेश सिंह यादव, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के जिला संयोजक इंजीनियर रामकृष्ण बैगा, सपा नगर अध्यक्ष सुनील पवार, पेंशनर्स एसोसिएशन के मंत्री दुर्गा प्रसाद, युवा मंच की जिला संयोजक सविता गोंड, गुंजा गोंड, समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष छेदीलाल राजभर, एआईपीएफ जिला सचिव इंद्रदेव सिंह खरवार, मजदूर किसान मंच के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोंड, पवन गुप्ता, द्वारिका चंद्रवंशी, अनोखलाल खरवार, पिंटू आदिवासी, रामचंद्र पटेल आदि लोगों ने संबोधित किया। इंटक जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने शुभ कामना संदेश भेजा।

दुद्धी में लऊवा नदी चढ़ाई पर सड़क किनारे मिली महिला की खून से सना शव , पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बीड़र में दुद्धी-हाथीनाला एनएच-39 मार्ग पर लऊवा नदी की चढ़ाई के पास एक महिला का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव की सूचना तत्काल दुद्धी पुलिस को दी। मृतका की पहचान वार्ड-11 की 50 वर्षीय कौशल्या देवी पत्नी रामेश्वर बैगा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार कौशल्या देवी मानसिक रूप से कमजोर पति रामेश्वर बैगा और पुत्रवधू के साथ रहती थीं। वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनकी दो विवाहित बेटियां हैं, जबकि एक विवाहित बेटा दिल्ली में मजदूरी करता है। सुबह खेत से सरसों की फसल काटकर लौटीं कौशल्या शाम को घर से निकलीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आईं। परिजनों को उनकी शाम को घर से बाहर जाने का कारण नहीं पता।
सुबह नदी की ओर टहलने वाले ग्रामीणों ने खून से सना शव देखा और पुलिस को सूचित किया। दुद्धी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच तेज कर दी है।

दुद्धी में खेलते-खेलते एक मंजिला मकान से गिरा 4 वर्षीय मासूम, छत का घेराव न होने से हादसा, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के खजुरी गांव में रविवार शाम साढ़े 5 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। चार वर्षीय मासूम अमान रजा पुत्र अहमद एक मंजिला मकान की छत से खेलते-खेलते नीचे गिर गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार,फिलहाल में ही छत की ढलाई हुई थी जिससे छत का कोई घेराव नहीं किया गया था, जिसके कारण बच्चा खेलते खेलते नीचे जा गिरा। चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े और आनन-फानन में उसे निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले गए।जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया।
चिकित्सकों ने बताया कि छत से गिरने से बच्चे को अंदरूनी चोटें लगी हैं,जिसे बेहतर इलाज हेतु रेफर किया गया है ।फिलहाल मासूम की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

25 हजार के इनामी शातिर पशु तस्कर को दुद्धी पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर किया गिरफ्तार, तमंचा बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सूरज चंद्रवंशी को रविवार तड़के मुठभेड़ में गोली से घायल कर गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय राबर्ट्सगंज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सूरज चंद्रवंशी (22) पुत्र उदय चंद्रवंशी निवासी घिवहीं थाना विंढमगंज, गोवध मामले में एक जनवरी 2026 को दर्ज मुकदमे का मुख्य आरोपी है। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट के तहत 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में आज रविवार को कोतवाली दुद्धी पुलिस द्वारा पुरस्कार घोषित एवं शातिर पशु तस्कर जो गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था, को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि आज देर रात्रि में थाना प्रभारी दुद्धी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी सूरज अमवार की तरफ जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस की कई टीमों द्वारा घेराबंदी की गई। अपने को घिरा देख सूरज ने सड़क किनारे बाइक खड़ी कर पुलिस पार्टी पर फायर करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें सूरज के बाएं पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी को इलाज हेतु सीएचसी दुद्धी ले आई जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सोनभद्र रेफर कर दिया। मौके पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, एसएचओ धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसएसआई कुंवर सिंह, चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने बतायाअभियुक्त के कब्जे से एक अदद मोटरसाइकिल, एक अदद 315 बोर का अवैध देसी तमंचा, दो अदद खोखा कारतूस 315 बोर, एक अदद जिंदा कारतूस 315 बोर, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1150 रुपये नगद बरामद हुए हैं। अभियुक्त द्वारा पुलिस पार्टी पर फायर करने के संबंध में थाना दुद्धी पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सोनभद्र में किसानों के खाते में बरसी खुशियों की सौगात: मुख्यमंत्री ने लाइव स्ट्रीमिंग से भेजी करोड़ों की क्षतिपूर्ति राशि

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद सोनभद्र में शनिवार को किसानों के लिए खुशियों भरा ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए क्षतिपूर्ति राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर जिले के किसानों के चेहरों पर संतोष और आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी।
उप कृषि निदेशक कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी एवं जिला पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि श्री दिनेश कुमार बी.आर. की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र के विषय विशेषज्ञ, प्रगतिशील कृषक सहित लगभग 60 किसानों ने भाग लिया और लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से जुड़कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना की लाभार्थी श्रीमती राधिका प्रजापति एवं उनके नाबालिग पुत्र को 5 लाख रुपये की सांकेतिक चेक जिला पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि एवं उप कृषि निदेशक द्वारा प्रदान की गई। यह क्षण भावुक और प्रेरणादायक रहा, जिसने सरकार की संवेदनशीलता और किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया।
निरीक्षण और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर कार्यक्रम के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक कार्यालय में अभिलेखों एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जनपदीय मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का भी गहन निरीक्षण किया गया। मृदा नमूनों की जांच प्रक्रिया, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण व्यवस्था और संतुलित उर्वरक उपयोग की स्थिति का अवलोकन किया गया। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक मृदा नमूने परीक्षण हेतु भेजने और किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
कृषि विज्ञान केंद्र में नवाचारों का अवलोकन
मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र, मगुराही सोनभद्र का भी निरीक्षण किया। यहां टमाटर कैचअप प्रोसेसिंग मशीन, जैम-जेली निर्माण, आंवला पाउडर प्रसंस्करण एवं ऑयस्टर मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया गया।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण विकासखंडवार आयोजित कराने के निर्देश कृषि वैज्ञानिकों को दिए, ताकि ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके और स्वरोजगार को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि शासन की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धरातल पर किसानों और ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रही हैं। सोनभद्र में यह आयोजन किसानों के विश्वास को और मजबूत करने वाला साबित हुआ।

त्योहारों से पहले ओबरा में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, सेक्टर-10 कॉलोनी में हुआ भव्य मार्क ड्रिल

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)। आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए ओबरा पुलिस ने सेक्टर-10 कॉलोनी में भव्य मार्क ड्रिल (फ्लैग मार्च) कर अपनी तैयारी और मुस्तैदी का दम दिखाया। सायरन बजाती पुलिस गाड़ियों और भारी संख्या में तैनात जवानों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक व पुलिस बल ने पैदल गश्त करते हुए मुख्य मार्गों, गलियों और चिन्हित संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग, अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। डायल-112 और स्थानीय पुलिस टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल स्पष्ट रूप से नजर आया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों से पहले ऐसे शक्ति प्रदर्शन से असामाजिक तत्वों में खौफ और आमजन में विश्वास बढ़ता है।
पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि जनसहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

दुद्धी में सामाजिक सौहार्द बचाने को भारत संघ का ज्ञापन, यूट्यूबर्स की विवादित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर रोक की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।सोनभद्र जिले के तहसील दुद्धी में सामाजिक एवं जातीय सामंजस्य बिगाड़ने के प्रयासों के खिलाफ आज शनिवार को भारत संघ द्वारा उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में यूट्यूबर मृदुल तिवारी एवं उनकी बहन प्रगति तिवारी द्वारा निर्मित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” की रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि उक्त फिल्म में लड़की को यादव जाति का और लड़के को मुस्लिम धर्म का दर्शाया गया है। इससे हिंदू समाज एवं यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तथा समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। फिल्म के प्रसार से सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
भारत संघ के प्रतिनिधियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सामाजिक हित में एसडीएम से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उपजिलाधिकारी कार्यालय से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा गरमा रहा है और लोग एकता की अपील कर रहे हैं।
इस अवसर पर जगतनारायण यादव (जिलाध्यक्ष अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा सोनभद्र), अजय यादव (जिलाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ सोनभद्र) अभिनाथ यादव, दिनेश यादव, अंशुमन यादव, नरेश यादव, कार्तिक यादव और सुरेश यादव व अन्य मौजूद रहे ।

तहसील समाधान दिवस पर 32 मामले आए,दो मामलों का हुआ निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस पर विभिन्न समस्याओं से जुड़े 32 जन शिकायती प्रार्थना पत्र आए। जिसमें दो मामले का मौके पर निस्तारण किया गया ।
समाधान दिवस का आयोजन शनिवार सुबह 10 बजे दोपहर 2 बजे तक किया गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तहसील समाधान दिवस पर पड़े जन शिकायती प्रार्थना पत्रों को एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापरक निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण गंभीरता से संबंधित अधिकारी करें। इसमें अगर लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कर दी जाएगी।इस दौरान तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

दरोगा की अभद्रता पर तहसील दिवस पर आए शिकायत प्रार्थना पत्र, सिविल बार ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी ने आज शनिवार को आयोजित तहसील दिवस पर अधिवक्ताओं द्वारा एक शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी सोनभद्र के नाम संबोधित ज्ञापन तहसील दिवस में दिया है। इसमें विट इंचार्ज कुंवर सिंह पर अधिवक्ताओं से अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन ने मांग की है कि दरोगा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि दुद्धी तहसील/मुंसिफ कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता अक्सर अनपढ़ आदिवासी मुवक्किलों की ओर से थाने पर मामले रखने जाते हैं। हाल ही में रमाशंकर नामक मुवक्किल के पक्ष में अधिवक्ता थाने जा रहे थे। नाफा पुल बिडर के पास विट इंचार्ज कुंवर सिंह से बातचीत के दौरान वे भड़क गए। उन्होंने अधिवक्ताओं को ‘दलाल’ जैसे अपमानजनक शब्द कहे और विशेष रूप से एडवोकेट दीपक कुमार के साथ बदतमीजी की। इससे अधिवक्ता समुदाय आहत है।
एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से दरोगा के विरुद्ध विभागीय जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इस शिकायती प्रार्थना पत्र पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
इस मौके पर अभिनव जायसवाल आशीष गुप्ता दीपक कुमार सिंह रजनीश दीपक कुमार सहित तमाम अधिवक्ता उपस्थित रहे।

दुद्धी में कचहरी गेट पर दुद्धी को जिला बनाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। शनिवार की दोपहर लगभग 1 बजे दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं व संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज पिछले कई दशकों से उठ रही है। समिति द्वारा अब तक 30 घंटे का आमरण भूख हड़ताल, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। उनका कहना रहा कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को भारी भरकम राजस्व की प्राप्ति भी होती है। इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई मंत्री और राजनीतिक नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। लोगों का कहना है कि चुनावी वायदे को निभाते हुए अब सरकार को विकास की राह प्रशस्त करने के लिए दुद्धी को जिला घोषित करना चाहिए।
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में नवनिर्वाचित सिविल बार अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ,पूर्व अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,जितेंद्र श्रीवास्तव,योगेश पांडे,जीवन राम,प्रेमचंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ और मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

11वी सदी के संत बाबा मुक्तेश्वरपुरी महाराज कोसली के जन्मोत्सव पर सेकंड रन फॉर बाबा मुक्तेश्वरपुरी जी महाराज कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

झज्जर : जिला मुख्यालय के अंतिम छोर पर बसे वीरों की देवभूमि कहे जाने वाले गांव धारौली की सामाजिक संस्था मां-मातृभूमि सेवा समिति द्वारा शहीद हवा सिंह लांबा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, धारौली में 11वी सदी के प्रसिद्ध संत बाबा मुक्तेश्वरपुरी जी महाराज, कोसली की जन्मोत्सव – स्मृति के उपलक्ष्य पर सेकंड रन फॉर बाबा मुक्तेश्वरपुरी जी महाराज कार्यक्रम का आयोजन बाबा रामदास जी महाराज, महंत, प्राचीन शिव मंदिर, कोसली की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन हुआ ।

कार्यक्रम में समाजसेवी व शिक्षाविद सुखबीर जाखड़ जी, चेयरमैन, रिलायंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि ने बच्चों को अच्छे संस्कार, अनुशासन और मेहनत व लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

समाजसेवी एडवोकेट रिंकू कोसलिया जी, सिविल कोर्ट कोसली विशिष्ट अतिथि 1 व यूट्यूब इन्फ्लुएंसर व सामाजिक कार्यकर्ता 16 बार के रक्तदानी योगेश कुमार जाखड जी, विशिष्ट अतिथि 2 के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए ।

माननीय सतीश कुमार जी, हेडमास्टर, शहीद हवा सिंह लांबा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, धारौली ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

कक्षा पांचवी व छठी के विद्यार्थियों की 400 मीटर की दौड़ में सोनिया ने प्रथम आकर 1200 रुपये की कॉपी, पेन व पेंसिल का ईनाम जबकि कोमेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त करके 600 रुपये की कॉपी, पेन व पेंसिल का ईनाम जीता ।

कक्षा तीसरी व चौथी की 200 मीटर की दौड़ में यश ने प्रथम प्राप्त करके 1000 रुपये का ईनाम जबकि दिव्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त करके 500 रुपये का ईनाम जीता ।

कक्षा पहली व दूसरी के विद्यार्थियों की 100 मीटर की दौड़ में दक्ष ने प्रथम प्राप्त करके 700 रुपये का ईनाम जबकि व मोहित ने द्वितीय स्थान पर आकर 400 रुपये का ईनाम जीता ।

23वी बार रक्तदान कर चुके युद्धवीर सिंह लांबा, अध्यक्ष, मां-मातृभूमि सेवा समिति, वीरों की देवभूमि धारौली ने बताया कि 1.शिक्षाविद सुखबीर जाखड़, चेयरमैन, रिलायंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स 2.समाजसेवी एडवोकेट रिंकू कोसलिया जी सिविल कोर्ट कोसली 3.युद्धवीर सिंह लांबा,अध्यक्ष, मां-मातृभूमि सेवा समिति 4.शिक्षा व समाजसेवा को समर्पित मास्टर सतीश यादव जी भाकली 5.कोसली रेलवे स्टेशन से नाहड रोड पर सोनू मोटर वाइंडिंग सेंटर प्रो. सोनू कुमार धारौली 6. जोगिंद्र सिंह जी, ईसा ग्रुप आदि ने अपनी ईमानदारी व मेहनत से कमाया नेक धन के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

फिक्स टर्म इम्पलाइमेंट सामाजिक सुरक्षा से मजदूरों को करेगा वंचित – दिनकर कपूर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। श्रम कानून को खत्म करके लाए गए लेबर कोड में फिक्स टर्म इम्पलाइमेंट का प्रावधान मजदूरों को और भी असुरक्षित जीवन जीने के लिए मजबूर करेगा और अभी प्राप्त सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों से वंचित करेगा। यही नहीं इन लेबर कोड में काम के घंटे 12 करने, न्यूनतम मजदूरी से भी कम फ्लोर लेवल वेज लाने और श्रम विभाग की भूमिका एनफोर्समेंट से बदलकर फैसिलिटेटर करने के कारण आने वाले समय में मजदूर वर्ग आधुनिक गुलामी की ओर बढ़ेगा। इसलिए मजदूरों का दायित्व है कि पूरी ताकत से इन लेबर कोड का विरोध करें। यह बात अनपरा में ठेका मजदूरों, इंजीनियरों और गणमान्य नागरिकों के साथ हुए जनसंवाद में पूर्व श्रम बंधु दिनकर कपूर ने कहीं। वह आज ठेका मजदूर यूनियन के 23 वें जिला सम्मेलन के सिलसिले में अनपरा आए हुए थे।
अनपरा के वरिष्ठ समाजवादी श्याम किशोर जायसवाल ने वार्ता में उनसे कहा कि ट्रेड यूनियन आंदोलन के लंबे अनुभव से वह इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि मांग और आपूर्ति आधारित आंदोलन आज की तारीख में अप्रासंगिक हो गया है। श्रम बंधु दिनकर कपूर ने कहा कि आज मजदूर वर्ग के अस्तित्व का संकट है। सैंकडों वर्षों के संघर्ष के बाद हासिल अधिकार उससे छीने जा रहें है। इसलिए जरूरत सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का भंडाफोड़ करने और वैकल्पिक नीतियों पर मजदूर वर्ग को खड़ा करने की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 10 सालों से न्यूनतम मजदूरी का वेज रिवीजन ना होने के कारण इस महंगाई में मजदूरों को अपना जीवन चलना कठिन हो गया है। इसलिए वेज रिवीजन पर भी रणनीति यूनियन के जिला सम्मेलन में तय होगी।
जन संवाद में उनके साथ एआईपीएफ जिला सचिव इंद्रदेव सिंह खरवार, यूनियन के जिला मंत्री तेजधारी गुप्ता, शेख इम्तियाज मसीहुल्लाह अंसारी, हरिनाथ खरवार आदि लोग मौजूद रहे।

मैजिक-बाइक की जोरदार टक्कर, दो मजदूर गंभीर,रेफर, स्पीड ब्रेकर बनी वजह, पीडब्ल्यूडी पर उठे सवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भठ्ठी मोड़ पर गुरुवार को एक मैजिक वाहन और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। स्पीड ब्रेकर न होने के कारण हुई इस दुर्घटना में दो दिहाड़ी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. मनोहर सिंह ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान प्रेमनाथ उर्फ जगधारी (45)पुत्र सुखलाल और शिवनारायण (40) पुत्र बिसुर, दोनों निवासी डुमरडीहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर मजदूरी के लिए दुद्धी आ रहे थे। इसी दौरान झारो मनबसा की ओर से स्कूली बच्चों को लेकर आ रही मैजिक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। मैजिक में सवार बच्चे सुरक्षित बताए गए। ग्रामीणों के अनुसार, मैजिक तेज रफ्तार में थी और चालक पर लापरवाही का आरोप लगा।
घायलों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि भठ्ठी मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें जानें भी गई हैं। स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग बार-बार उठी और विभाग ने आदेश भी जारी किए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ।
इस मामले में समाजवादी पार्टी छात्रसभा के विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सीएमओ, डीएम सोनभद्र और यूपी पी डब्ल्यू डी को टैग करते हुए विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “स्पीड ब्रेकर का प्रस्ताव पारित हो चुका है, फिर भी दो लोग जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हैं।”
स्थानीय लोगों ने पी डब्ल्यू डी की उदासीनता की कड़ी निंदा की और तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रुक सकें।

कोलिनाडूबा में संदिग्ध हादसे में घायल बबन कुमार, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोलिनाडूबा गांव में मलिया नदी पुल के पास आज शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बाइक सवार युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज भेजा।
परिजनों के अनुसार घायल बबन कुमार (19) पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी जोरुखाड़, बीमार बकरी का इलाज कराने बाइक से विंढमगंज गया था। वहां बकरी की मौत हो गई, जिसे स्थानीय स्तर पर किसी को सौंपकर वह घर लौट रहा था। कोलिनाडूबा पहुंचते ही युवक हादसे का शिकार हो गया। पीएचसी विंढमगंज से प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी रेफर किया गया।
दुद्धी सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने युवक के मुंह-जबड़े में गंभीर चोट को देखते हुए जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि बबन अभी बोलने में सक्षम नहीं है, इसलिए हादसे का पूरा ब्योरा स्पष्ट नहीं हो सका।
फिलहाल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है ।

दुद्धी बार एसोसिएशन चुनाव संपन्न, कुलभूषण पांडे अध्यक्ष व दिनेश कुमार सचिव निर्वाचित घोषित, कांटे की टक्कर में हुआ फैसला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव में कचहरी परिसर के राजेंद्र प्रसाद सभागार में आज बृहस्पतिवार 19 फरवरी को मतदान और मतगणना पूरी हो गई। प्रत्याशियों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। कुल 206 अधिवक्ता मतदाताओं (जिनमें 180 सीपीओ धारक शामिल) में से 167 ने मतदान किया, जिसमें 17-18 फरवरी को पड़े तीन टेंडर वोटों के अलावा एक और टेंडर वोट शामिल है। अध्यक्ष पद पर दो मत अवैध घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद पर कुलभूषण पांडे और रामपाल जौहरी के बीच कांटे की टक्कर रही। कुलभूषण पांडे को 85 मत मिले, जबकि रामपाल जौहरी को मात्र 84 मत प्राप्त हुए। इस एक मत के अंतर से कुलभूषण पांडे एकमत से विजयी घोषित हुए। सचिव पद पर भी जबरदस्त मुकाबला हुआ, जहां दिनेश कुमार को 88 मत हासिल कर विजय प्राप्त हुई। उनके प्रतिद्वंद्वी पवन कुमार दुबे को 83 मत मिले।
बाकी पद पर रविंद्र कुमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विष्णु कुमार सिंह कोषाध्यक्ष, कृष्णदेव व महेंद्र कनौजिया (उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर), आलोक कुमार सिंह व एमजे अहमद (उपाध्यक्ष 2-10 वर्ष) तथा रामसागर सहसचिव (प्रशासन) निर्विरोध घोषित किए गए।
आज गुरुवार को कचहरी परिसर में सरगर्मियां चरम पर रहीं। काफी गहमागहमी के बीच मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चला, जबकि मतगणना शाम 4 बजे शुरू होकर शाम तक पूरी हुई। एल्डर कमेटी चेयरमैन प्रेमचंद्र जायसवाल ने जीते प्रत्याशियों की घोषणा की। एल्डर कमेटी में कृष्ण कुमार, बिहारी लाल, जयप्रकाश तिवारी व देवीशरण एडवोकेट शामिल रहे । अध्यक्ष और सचिव पद पर जीते उम्मीदवारों को अधिवक्ता साथियों ने फूलमालाओं से लड़ा दिया। जीतने के बाद प्रत्याशियों ने मंदिर में दर्शन पूजन कर प्रसाद चढ़ाएं।
नए अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने विजय के बाद कहा कि सभी अधिवक्ता साथियों का आभार, हम दुद्धी बार को मजबूत बनाएंगे। यह चुनाव स्थानीय न्याय व्यवस्था को नई दिशा देने का संकेत देता है।

हाइव चालक ने अपर आयुक्त मिर्जापुर को सौंपा प्रार्थना पत्र, बकाया वेतन और पुलिस की लापरवाही का लगाया आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बिडर गांव निवासी ड्राइवर रमाशंकर पुत्र शिव बरन ने विन्ध्याचल मंडल, मिर्जापुर के अपर आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर 57 हजार रुपये बकाया मासिक वेतन दिलाने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने इंचार्ज बीडर द्वारा अधिवक्ताओं के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करने और शिकायत की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है।
दिए पत्र में अवगत कराया गया कि रमाशंकर पुत्र शिव बरन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य हैं, जो ड्राइवरी से गुजारा करते हैं। छत्तीसगढ़ के घिवरा गांव निवासी विवेक चंद्रा पुत्र पीताम्बर चंद्रा ने उन्हें अपनी 16 चक्का ट्रक (नंबर सीजी11बीके 0712) दो महीने के लिए 40 हजार रुपये मासिक वेतन पर चलाने का लालच दिया। रमाशंकर सहमत हो गए और दो महीने लगातार ट्रक चलाई, जिससे 80 हजार रुपये की कमाई हुई। लेकिन विवेक ने केवल 23 हजार रुपये दिए, शेष 57 हजार बकाया रख लिए।
25 जनवरी 2026 की रात 10 बजे बकाया मांगने पर विवेक, उनके पिता पीताम्बर और सतोष चौहान ने आरकेएम प्लांट के पास ढाबे पर रमाशंकर को बुलाया। वहां संतोष और पीताम्बर ने अपमानजनक शब्द कहकर धमकी दी और एक रुपया नहीं देंगे, ज्यादा बोलोगे तो गाड़ी चढ़ाकर मार देंगे। जिसके बाद डरकर रमाशंकर बीड़र दुद्धी लौट आए।
रमाशंकर ने पहले छत्तीसगढ़ के डभरा थाने में शिकायत की, लेकिन विवेक सरपंच होने से कोई कार्रवाई न हुई। दुद्धी कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया, तहसील दिवस पर क्षेत्र अधिकारी ने एसएचओ को भेजा, जिन्होंने कस्बा इंचार्ज बीडर को सौंपा। 17 फरवरी को दरोगा का फोन आया, लेकिन वे घर नहीं पहुंचे।जिसके बाद प्रार्थी ने अधिवक्ताओं को बुलाकर बीडर पेट्रोल पंप के पास ले जाया गया, जहां प्रार्थना पत्र देते समय दरोगा ने अधिवक्ताओं को अपशब्दों से डांटकर भगाया और कहा- “तुम्हारा मामला हम नहीं देखेंगे, जहां जाना है जाओ।”
आज 18 फरवरी बुधवार को रमाशंकर ने अपर आयुक्त महोदय को प्रार्थना पत्र सौंपकर बकाया वेतन दिलाने, धमकी और अपशब्दों की जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग की है। गरीब मजदूर होने के कारण उन्होंने कहा कि मेहनत की कमाई के बिना परिवार का भरण-पोषण मुश्किल है। यह मामला स्थानीय प्रशासन पर सवाल खड़े करता है, जहां प्रभावशाली लोग शोषण कर मजदूरों का शोषण कर रहे हैं। अपर आयुक्त कार्यालय से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

तेज रफ्तार बाइक ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित अमवार रोड पर बुधवार रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने रामनगर कस्बा निवासी 42 वर्षीय विनोद पुत्र स्व. रामधनी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ बाइक पर सवार कस्बा वार्ड नंबर एक के रिश्तेदार को हल्की चोटें आईं। टक्कर मारने वाले बाइक सवार खुद भी घायल होने के बावजूद बाइक उठाकर भाग निकला।
विनोद अपने रिश्तेदार के साथ दीघुल गांव में शादी समारोह से काम निपटा कर दुद्धी लौट रहे थे। इंडियन बैंक से महज 100 मीटर पहले विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। रिश्तेदारों को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और विनोद को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले गए। उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आईं। चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
उसी रात करीब नौ बजे दुद्धी कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर इंडियन गैस एजेंसी के समीप एक अन्य सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। बीड़र निवासी सोनू पुत्र गंगेश्वर और अर्जुन पनिका (25) पुत्र रामलखन, जो पड़ोसी मित्र हैं, देर शाम बाइक पर घर से निकले थे। परिजनों को उनके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं थी। राहगीरों ने घायलावस्था में सड़क किनारे पड़े दोनों को देखकर एंबुलेंस की सूचना दी, जिससे उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में तीनों घायलों का इलाज जारी हैं ।