दुद्धी के रामनगर में महानवमी पर सजा भव्य माता रानी का दरबार,दुर्गा जागरण में प्रख्यात कलाकारों के भजनों पर झूमे भक्त

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय नगर पंचायत के रामनगर वार्ड नंबर 8 स्थित शिव मंदिर मां दुर्गा पंडाल परिसर में महानवमी के पावन पर्व पर सोमवार की रात भव्य दुर्गा जागरण का आयोजन किया गया। मां दुर्गा पूजा समिति रामनगर के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भारी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु पहुंचे और माता के दरबार में हाजिरी लगाई।
जागरण में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर दुर्गा जागरण का विधिवत शुभारंभ किया और मां भगवती के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की सुख समृद्धि और शांति के लिए आशीर्वाद मांगा। इससे पूर्व समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का मोमेंटो ,अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जागरण की शुरुआत गणेश वंदना और मां भगवती के आह्वान के साथ हुई।जागरण में प्रदेश व अन्य राज्यों के हिस्सों से पहुंचे प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।जिसमें दिवाकर सिंह (छ.स) और आरती सिंह (वाराणसी) ने अपने लोकप्रिय देवी गीतों से समां बांध दिया।
मनीष ओझा (पटना) और अर्चना श्रीवास्तव (वाराणसी) ने एक से बढ़कर एक भेंटें प्रस्तुत कर पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया।वहीं
गायकों के एक से बढ़कर एक प्रस्तुति पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे।
यह पूरा भव्य जागरण और पूजन कार्यक्रम स्थानीय आचार्य पंडित श्री देवेंद्र मिश्रा के वैदिक सानिध्य और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। पंडित जी के मंत्रोच्चार के बीच विजय सोनी तथा मनोज तिवारी अपनी-अपनी धर्मपत्नी संग मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे और विधि विधान से पूजन व आरती संपन्न कराई। मौके पर दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।
वहीं, आयोजन को सफल बनाने में मां दुर्गा पूजा समिति रामनगर के आनंद कांस्यकार, आमेश सिंह (सभासद), जितेंद्र चंद्रवंशी पीपी, सुमित जायसवाल, आदित्य श्रीवास्तव, उत्कर्ष सिंह, विक्रांत चंद्रवंशी, हर्ष श्रीवास्तव, कार्तिक चंद्रवंशी, राहुल सोनी, अमृत अग्रहरि, आनंद जायसवाल, शिवम जायसवाल, सुधीर चंद्रवंशी एवं सुनील जायसवाल सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।संचालन सुनील जायसवाल ने किया ।

विजयदशमी पर दुद्धी में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन, राम-रावण युद्ध और रावण के ‘नीति ज्ञान’ का प्रसंग रहा आकर्षण का केंद्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी पर कस्बे के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य आयोजन हुआ। राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। मंचन के दौरान रावण द्वारा लक्ष्मण को दिए गए नीति ज्ञान के प्रसंग ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा।
दोपहर बाद कस्बे व आसपास के गांवों के प्रमुख मंदिरों व पूजा स्थलों से मां दुर्गा एवं अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाएं तथा झांकियां गाजे बाजे और डीजे के साथ शोभायात्रा के रूप में रामलीला मैदान पहुंचीं। मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और पूरा कस्बा ‘जय श्री राम’ व मां भगवती के जयकारों से गूंज उठा।
इस दौरान रामलीला मैदान पर भगवान श्रीराम और लंकापति रावण के बीच रोमांचक युद्ध का मंचन किया गया। युद्ध के अंत में रावण द्वारा लक्ष्मण को दिए गए नीति ज्ञान का प्रसंग प्रस्तुत किया गया, जिसमें रावण ने अच्छे कार्य में विलंब न करने, बुरे कार्य को टालते रहने और शत्रु को कभी कमजोर न समझने जैसे जीवन के महत्वपूर्ण पाठ दिए। इसके अलावा अपने रहस्य किसी को न बताने की सीख भी प्रसंग में शामिल रही।
मान्यता है कि रावण अत्यंत ज्ञानी और नीतिज्ञ था,इसीलिए युद्ध के अंतिम समय में भगवान श्रीराम ने लक्ष्मण को रावण से ज्ञान लेने के लिए भेजा था। रामलीला में इस प्रसंग को दर्शकों ने खूब सराहा।
संध्या ढलते ही रामलीला मैदान में 51 फीट ऊंचा विशाल रावण पुतला खड़ा किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा बाण छोड़ते ही पुतला धू-धू कर जल उठा और आतिशबाजी के साथ मैदान हर हर महादेव और जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजन के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो और विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। हरिराम चेरो ने रामलीला के भव्य आयोजन की सराहना की और उन्होंने अपने संबोधन में अगले वर्ष लेजर लाइट तकनीक से रावण दहन कराया जाने का आश्वासन दिया।वहीं कमलेश मोहन ने नगर के विकास का खाका खीजा और स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और बुनियादी विकास को प्राथमिकता बताया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरी और महामंत्री सुरेन्द्र गुप्ता अपनी टीम के साथ व्यवस्थाओं में लगे रहे। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह व उप निरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेला क्षेत्र में निगरानी और गश्त बनाए रखी। इसके बाद मां दुर्गा की सभी प्रतिमाओं का जुलूस नगर भ्रमण करता हुआ प्राचीन शिवाजी तालाब पहुंचा, जहां विधि विधान से माता रानी व अन्य प्रतिमाओं को नम आंखों से जल में विसर्जन किया गया।

विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर किया लहूलुहान, ट्रॉमा सेंटर से भी अन्यत्र रेफर ।।

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर बाजार में किसी बात पर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एनटीपीसी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, वहां भी उसकी हालत नाजुक होने पर उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया हैi
मिली जानकारी के अनुसार, बीजपुर बाजार निवासी मोहम्मद इसराइल का पुत्र परवेज आलम सोमवार की रात पुनर्वास प्रथम स्थित मंदिर के पास मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान बीजपुर बाजार निवासी इम्तियाज पुत्र मुख्तार वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर उनमें विवाद होने लगा। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
बताया जाता है कि किसी तरह वहां से बचकर निकला परवेज मामले की शिकायत करने इम्तियाज के पिता के घर पहुंचा। आरोप है कि इसी बीच इम्तियाज ने अपने एक अन्य साथी रणवीर पुत्र स्वर्गीय राधे श्याम को बुला लिया इसके बाद दोनों ने मिलकर परवेज पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो परवेज बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे एनटीपीसी अस्पताल ले गए। सिर में गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया मंगलवार की शायं हालात ज्यादा गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर से भी अन्यत्र रेफर कर दिया गया । घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस मामले में घायल युवक की बहन गुलशन परवीन ने बीजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर देकर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जयकारों और गाजे-बाजे के बीच निकली विसर्जन शोभायात्रा, नम आंखों से दी मां दुर्गा को विदाई ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को बीजपुर थाना क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। नौ दिनों तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मां की आराधना करने के बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। इस दौरान विभिन्न पूजा समितियों की ओर से निकाली गई विसर्जन शोभायात्राओं में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा।

बीजपुर बाजार स्थित सब्जी मंडी दुर्गा पूजा समिति, दुदहिया मंदिर परिसर स्थित पुनर्वास दुर्गा पूजा समिति, गोकुलधाम शांति नगर दुर्गा पूजा समिति तथा पुनर्वास बाईपास रोड पूजा समिति की ओर से स्थापित प्रतिमाओं का मंगलवार को विसर्जन किया गया।
बीजपुर बाजार की सब्जी मंडी से दोपहर में मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच नाचते-गाते श्रद्धालु पैदल ही बीजपुर स्वागत गेट तक पहुंचे। शोभायात्रा में बच्चों और महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, आरती और भक्ति में लीन रहने के बाद मां की विदाई के समय श्रद्धालु भावुक हो उठे।
बीजपुर के इंटेक वेल में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। भक्तों ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बीजपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मियों की निगरानी में विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष बृज किशोर गुप्ता, गौतम वर्मा, बब्बन ठाकुर, रामखेलावन पनिका, सीताराम शर्मा, नागेंद्र सिंह, बृजेंद्र सिंह, विनोद गर्ग, मुन्ना प्रसाद, लल्लन सिंह, रविंद्र गुप्ता, शिवधारी गुप्ता, इंद्र देव सिंह, हेमंत साव, शिवाकर झा, विशाल गुप्ता, शुभम गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

मुंबई के जतिन निगम की गायकी पर झूमे हजारों दर्शक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर, 19 अक्टूबर की रात एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में मुंबई से आए निगम ब्रदर्स ने अपनी शानदार गायकी से ऐसा समां बांधा कि हजारों दर्शक और श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। इंडियन आइडल सीजन 11 के गायक जतिन निगम एवं दृष्टिबाधित गायक जय किशन की सुरीली प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी, महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी, महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय एवं उनकी पत्नी कीर्ति वार्ष्णेय तथा मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोईपाई ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में निगम ब्रदर्स की शानदार एवं मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए। इस दौरान महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय ने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत *’लेना होगा जनम हमें कई-कई बार’* प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एन.एस. कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, ब्रजेश कुमार यादव, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, मानव संसाधन विभाग के रोशन कुमार तथा मंदिर समिति के महासचिव प्रमोद द्विवेदी सहित एनटीपीसी के अनेक अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। बीस अक्टूबर की शाम बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में सोनशक्ति स्टेडियम में रावण,कुंभकरण एवं मेघनाद का पुतला दहन किया जाएगा जिसमें बेहतरीन आतिशबाज़ी की भी व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीएमएस के महामंत्री एस.एन. पाठक, मीडिया प्रभारी अनन्त मोहन,अनिल त्रिपाठी, संजय कुमार, उदय उपाध्याय, विजय गुप्ता, रिंकेश उपाध्याय, भीष्म सिंह, सूरज प्रजापति सहित अनेकानेक कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में टाउनशिप के सुरक्षा कर्मियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा बीजपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का कुशल संचालन ईवा के महासचिव आशुतोष कुमार सिंह ने किया।

दुद्धी के रामलीला में हनुमान जी ने श्रीराम को दी माता सीता की चूड़ामणि, लंका दहन लीला का भव्य मंचन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। श्री रामलीला नाट्य कला परिषद दुद्धी द्वारा आयोजित ऐतिहासिक श्रीरामलीला में शुक्रवार की रात राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध एवं लंका दहन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्रीराम की मित्रता, धर्म की रक्षा और भक्त हनुमान की भक्ति व पराक्रम के प्रसंगों ने उपस्थित दर्शकों को गहराई तक भावुक कर दिया।
मंचन में दिखाया गया कि वनवास के दौरान श्रीराम की भेंट सुग्रीव से होती है। सुग्रीव अपने भाई बाली से राज्य और पत्नी दोनों छिन जाने के दुख में थे। श्रीराम ने उनकी पीड़ा सुनकर उनसे मित्रता कर ली और उनकी सहायता का वचन दिया। इसके बदले सुग्रीव ने माता सीता की खोज में अपनी पूरी वानर सेना का सहयोग देने का वचन दिया।
इसके बाद बाली-सुग्रीव युद्ध का प्रसंग मंचित किया गया। सुग्रीव ने बाली को युद्ध के लिए ललकारा, लेकिन बाली की शक्ति के सामने वह पराजित होकर भाग निकला। तब श्रीराम ने बाण से बाली का वध किया। मंच पर बाली के अंतिम समय में श्रीराम से धर्म की बात करने और श्रीराम द्वारा सुग्रीव के साथ किए गए वचन की रक्षा करने का प्रसंग प्रस्तुत हुआ।
लीला में आगे समुद्र लांघकर लंका पहुंचे हनुमान जी ने अशोक वाटिका में माता सीता को देखा। उन्होंने श्रीराम की अंगूठी देकर उन्हें प्रभु श्रीराम का संदेश दिया। माता सीता ने भी श्रीराम को अपनी सुधि दिलाने के लिए अपने शिर से चूड़ामणि निकालकर हनुमान जी को भेंट की। हनुमान जी ने चूड़ामणि ग्रहण कर उसे श्रीराम तक पहुंचाने का वचन दिया।
इसके बाद रावण के दरबार में हनुमान जी ने उसे माता सीता को श्रीराम को सौंपने और उनकी शरण लेने की सलाह दी, लेकिन अहंकारी रावण ने उनकी बात नहीं मानी। रावण द्वारा हनुमान जी की पूंछ में कपड़ा लपेटकर आग लगाने के बाद हनुमान जी ने अपनी पूंछ से सोने की लंका को जला दिया। लंका दहन के बाद हनुमान जी समुद्र पार कर श्रीराम के पास पहुंचे और उन्हें माता सीता की कुशलता तथा लंका में उनके अवस्थित होने की सूचना दी। उन्होंने माता सीता द्वारा भेजी गई चूड़ामणि प्रभु श्रीराम को भेंट की। चूड़ामणि देखकर श्रीराम भावुक हो उठे ।
आज शनिवार की लीला में विभीषण शरणागति, सेतुबंध एवं श्री रामेश्वरम स्थापना के साथ अंगद-रावण संवाद की लीला का भव्य मंचन किया जाएगा।
रामलीला का संचालन एवं निर्देशन महंत देवेंद्र मिश्रा तथा व्यास विवेकानंद मिश्रा कर रहे हैं।

गोवंश तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त, कीमत 10.95 लाख

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में विंढमगंज पुलिस को सफलता मिली है। जिलाधिकारी सोनभद्र के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के दो अलग-अलग मुकदमों से जुड़े एक पिकअप और एक मैजिक वाहन को जब्त किया गया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10.95 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने अपराध नियंत्रण और गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती के लिए सभी प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में थानाध्यक्ष विंढमगंज रविकान्त मिश्रा ने जब्ती की प्रक्रिया पूरी कराई।
पुलिस के अनुसार, थाना विंढमगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 95/26, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित पिकअप वाहन संख्या UP 64 बीटी 9546 तथा मुकदमा संख्या 64/26, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मैजिक वाहन संख्या UP70 QT 5354 की जब्ती की रिपोर्ट 28 सितंबर को पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी गई थी। पुलिस अधीक्षक ने 3 अक्टूबर को संस्तुति सहित रिपोर्ट अग्रसारित की, जिसके बाद जिलाधिकारी ने 9 अक्टूबर को दोनों वाहनों के जब्तीकरण का आदेश जारी किया।
पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये तथा मैजिक वाहन की कीमत 4 लाख 95 हजार 171 रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध की जा रही कानूनी कार्रवाई का महत्वपूर्ण कदम बताया है।

83 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता बजरंग लाल उपाध्याय दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के प्रदर्शन में हुए शामिल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सर्वांगीण विकास के लिए हर कीमत चुकाने को संघर्ष मोर्चा तैयार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोर्ट परिसर मुख्य गेट पर कई दशकों से बहु प्रतिक्षित दुद्धी जिला परिक्षेत्र के सर्वांगीण विकास की मांग दिन प्रतिदिन जोर पकड़ते जा रहा है । विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संघर्ष मोर्चा आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र दुद्धी को सस्ता सुलभ न्याय , रोजगार की संभावनाओं , 150 किलाेमीटर की शोषित वंचित पिछड़े समाज का विभिन्न विभागों का चक्कर लगाना से निजात, जिला स्तर के न्यायालय से विभिन्न न्याय की आस , सड़क, सुरक्षा, उच्च शिक्षा, मेडिकल कॉलेज के अभाव से नित्य प्रतिदिन दर्जन असमय मौतों को विराम लगाने आदि संविधान की मूल प्रस्तावना जनमत द्वारा निर्मित समस्त नागरिकों को सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक न्याय ,विचार, अभिव्यक्ति , विश्वास ,धर्म और उपासना की स्वतंत्रता , प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करने के लिए विकास के दृष्टिगत शनिवार को मुंसिफ कोर्ट गेट पर दुद्धी को जिला बनाओ ,विकास कराओ का नारा बुलंद किया गया। बजरंग लाल उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के बिना संपूर्ण न्याय और अधिकारों का लोकतंत्र की स्वस्थ परिकल्पना नहीं की जा सकतीं। स्टेट का दर्जा प्राप्त दुद्धी जिला बनाए जाने को संघर्ष कर रहा यह दुर्भाग्य की बात है। सरकार चुनावी वादा और गलतियों को सुधार कर दुद्धी को शीघ्र जिला बनाने की लगभग 18 से 20 लाख की सोन नदी के दक्षिण के संपूर्ण भूभाग पर निवास करने वाले लोकतंत्र के नायक जनता की आकांक्षाओं को पूर्ण करना नितांत आवश्यक हैं। जनपद सोनभद्र का क्षेत्रफल क्षेत्रफल 6788 वर्ग किलोमीटर है जो सोन नदी के दोनों तरफ बराबर बराबर भूभाग पड़ता है और क्षेत्रफल के हिसाब से सोनभद्र उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जिला है । जो जिले के मानक में हाथरस, बागपत आदि 22 जिला दुद्धी से छोटा जिला क्षेत्रफल की दृष्टि से है जबकि आबादी के हिसाब से पठारी ,नदी ,पहाड़ , जंगल के दृष्टिगत नक्सल प्रभावित ,आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र , चार प्रान्तों से घिरा स्टेट का दर्जा प्राप्त, गंडेविया एक्ट से गवर्न करने आदि ऐतिहासिक क्षेत्र के नाते जिला बनाने के संपूर्ण मानक को पूर्ण करता है । प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमचंदयादव , नागेंद्र श्रीवास्तव ,रामपाल जौहरी , सत्यनारायण यादव, हरनाम सिंह, पवन दुबे, रविंद्र यादव , वीरेंद्र कुमार , अशोक गुप्ता , संजय यादव , राकेश अग्रहरी, आशीष गुप्ता , राहुल अग्रहरि , राजेंद्र सिंह चन्द्रवंशी,अमरावती देवी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे ।

दुद्धी में एमएलसी प्रत्याशियों के पक्ष में चला जनसंपर्क अभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।नगर पंचायत क्षेत्र एवं दुद्धी कचहरी परिसर में घर-घर जनसंपर्क तथा अधिवक्ताओं, शिक्षकों एवं सम्मानित नागरिकों से मुलाकात कर शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव एवं वाराणसी खंड के एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान लोगों से संवाद स्थापित करते हुए दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने तथा चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। साथ ही, सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।
इस अभियान में विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव , कार्यालय प्रभारी प्रेम सागर पांडेय , नगर अध्यक्ष गौस मोहम्मद खान, बिरझन पनिका , एडवोकेट प्रेमचंद यादव एवं मंटू हलवाई सहित अनेक साथीगण उपस्थित रहे।
जनसंपर्क के दौरान आपसी संवाद, विचारों के आदान-प्रदान और चुनावी भागीदारी को लेकर चर्चा हुई। सभी साथियों ने लोगों से संपर्क कर मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

हिण्डालको रेणुकूट के रवि सिंह 70वें SGFI नेशनल गेम्स के रेफरी चुने गए, श्रीनगर रवाना

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह को 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (SGFI) में रेफरी/तकनीकी अधिकारी के रूप में चयनित रवि सिंह इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर रवाना हुए। जम्मू-कश्मीर सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से रवि सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत 70वें नेशनल स्कूल गेम्स की ताईक्वानडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक गांदरबल स्थित GCOPE श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।रवि सिंह की इस उपलब्धि पर सोनभद्र जिले और हिण्डालको रेणुकूट में हर्ष का माहौल है जिले के अधिकारियों ने भी उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना की है। वहीं, हिण्डालको परिवार की ओर से भी उन्हें प्रोत्साहन एवं सम्मान मिला है। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा, बॉयलर एवं को-जनरेशन हेड कैलाश प्रधान, कमल किशोर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। रवि सिंह ने अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय अंतर्राष्ट्रीय रेफरी अतुल पंगोत्रा , विनोद अपनी माता एवं स्वर्गीय पिता महामाया प्रसाद सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और संघर्ष हमेशा उनके साथ रहा। रवि ने कहा कि माता-पिता के सपनों को पूरा करना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य था। आज रवि सिंह पूरे सोनभद्र और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

दुद्धी के वार्ड नंबर-1 में खुला कुआं बना खतरा, जाली से ढकने की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

बेजुबान जानवरों की हो रही मौत, छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं मोहल्लेवासी

दुद्धी (सोनभद्र)। नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड नंबर-1 में स्थित खुला कुआं हादसों को दावत दे रहा है। कुएं में आए दिन जानवरों के गिरने से उनकी डूबकर मौत हो रही है। वहीं, आसपास छोटे बच्चों के खेलने के कारण परिजनों को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से कुएं को जाली से ढकवाने की मांग की है।
स्थानीय निवासी पिंटू, मनीष, रजनीश, आशीष, आयुष, दिनेश सहित अन्य लोगों का कहना है कि खुले कुएं के कारण आसपास के लोगों को हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। आए दिन बेजुबान जानवर कुएं में गिरकर अपनी जान गंवा रहे हैं। वहीं, गलियों में खेलने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं।
मोहल्लेवासियों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कुएं को मजबूत लोहे की जाली से ढकने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते इस दिशा में कदम उठाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बूथों पर लगा विशेष कैंप, एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने किया निरीक्षण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी तहसील क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पहुंचे एसडीएम, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया का लिया जायजा

दुद्धी (सोनभद्र)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत शनिवार को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए दुद्धी तहसील क्षेत्र के निर्धारित मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। इस दौरान उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने क्षेत्र के बूथों पर पहुंचकर कैंप की व्यवस्थाओं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया का जायजा लिया।
विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने की सुविधा दी गई। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना तथा निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।
एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर संबंधित कर्मचारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
गौरतलब है कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अगला विशेष अभियान 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। वहीं, एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को निर्धारित है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें।
इस दौरान लेखपाल दुद्धी सुशील कुमार पांडेय, पवन अनुदेशक, सीता, अवधेश, दुष्यंत तिवारी आदि उपस्थित रहे ।

शारदीय नवरात्रि के सप्तमी तिथि पर दुद्धी के प्रमुख मंदिरों में खुले माता रानी के पट,मां काली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।शारदीय नवरात्रि के पवित्र अवसर एवं सप्तमी तिथि पर शनिवार को कस्बे एवं क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में मां भगवती के पट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही मंदिरों पंडालों में भक्तों का तांता लग गया और पूरा कस्बा समेत पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
कस्बे के सुप्रसिद्ध मां काली मंदिर,प्राचीन पंचदेव मंदिर, श्री संकट मोचन मंदिर और रामनगर स्थित शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां भगवती की प्रतिमा की स्थापना की गई, जिसके उपरांत पट भक्तों के लिए खोल दिए गए। इन सभी मंदिरों को बेहद आकर्षक और भव्य ढंग से सजाया गया है।
कस्बे के सुप्रसिद्ध मां काली मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां भगवती के कपाट खुलते ही यहां श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और पूरा परिसर मातारानी के जयकारों से गूंज उठा। भारी भीड़ के चलते मां काली सेवा समिति मंदिर प्रशासन और प्रबंधकों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और लगातार उमड़ती भीड़ के कारण उनके पसीने छूटते नजर आए।
वहीं स्थिति की गंभीरता और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ कस्बे के मंदिरों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस प्रशासन लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से माता रानी का दर्शन कर सकें।मातारानी के दर्शन पूजन अर्चन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

तहसील दिवस पर 31 शिकायतें आईं, एक का मौके पर निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने की। इस दौरान जनता से कुल 31 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक मामले का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को दर-दर भटकना न पड़े, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।

दुद्धी के रामलीला में शूर्पणखा की नाक कटी, सीता हरण व राम विलाप देख भावुक हुए श्रद्धालु

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील परिसर में श्री रामलीला नाट्य कला परिषद दुद्धी द्वारा आयोजित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्रीरामलीला में बृहस्पतिवार की रात कलाकारों द्वारा शूर्पणखा प्रसंग, लंकाधिपति रावण द्वारा सीता हरण और लक्ष्मण संग प्रभु श्रीराम के विलाप की लीला का अत्यंत भावपूर्ण और भव्य मंचन किया गया। इस दौरान जीवंत अभिनय को देख पंडाल में मौजूद श्रद्धालु की भारी भीड़ भाव विभोर हो उठे ।
मंचन में दिखाया गया कि दंडक वन में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण पंचवटी में निवास कर रहे थे। तभी रावण की बहन शूर्पणखा वहां पहुंची और श्रीराम से विवाह का प्रस्ताव रखा। निराश होकर उसने लक्ष्मण को प्रस्ताव दिया, परंतु बार-बार हठ करने और माता सीता पर हमला करने की कोशिश करने पर क्रोधित लक्ष्मण ने उसकी नाक काट दी। इसके बाद शूर्पणखा के अपमान का बदला लेने की तैयारी के रूप में रावण के मामा मारीच ने मायावी मृग का रूप धारण किया। माता सीता की इच्छा पर श्रीराम मृग का शिकार करने गए और लक्ष्मण को कुटिया की रक्षा के लिए रुकने को कहा। इस बीच रावण ने ब्राह्मण का रूप धारण कर कुटिया में पहुंचा और माता सीता का हरण कर ले गया।
माता सीता की रक्षा के लिए गिद्धराज जटायु ने रावण से युद्ध किया, परंतु रावण ने उनके पंख काट दिए। घायल जटायु ने श्रीराम को माता सीता के हरण की सूचना दी। इसके बाद वन में भटकती माता सीता ने अपने आभूषण फेंके, जो सुग्रीव को मिले।
लीला में रावण द्वारा माता सीता को लंका ले जाकर अशोक वाटिका में रखने का प्रसंग भी मंचित किया गया। माता सीता के वियोग में भगवान श्रीराम वन वन भटकते हुए उनका विलाप करते दिखे। उन्होंने माता सीता के बिना जीवन को निरर्थक बताते हुए उनकी खोज का संकल्प लिया। इसके बाद भगवान श्रीराम का घायल जटायु से संवाद हुआ, जिसमें जटायु ने माता सीता के अपहरण की घटना बताई। भगवान राम-जटायु संवाद तक की लीला का भव्य मंचन हुआ।वहीं यह नाटकीय प्रसंग देख दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला ।इस जीवंत अभिनय को देखने के लिए तहसील परिसर में श्रद्धालु की भारी भीड़ उमड़ा रहा।
आज शुक्रवार को प्रभु राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध और लंका दहन की लीला का भव्य मंचन होगा। रामलीला का संचालन एवं निर्देशन महंत देवेंद्र मिश्रा तथा व्यास विवेकानंद मिश्रा कर रहे हैं।

अभाविप ने ‘लोकतंत्र अपनाओ,अराजकता हटाओ’ नारे के साथ किया प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की दुद्धी इकाई ने शुक्रवार को भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में ‘लोकतंत्र अपनाओ,अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर सवाल उठाने तथा उनके प्रति अविश्वास फैलाने के प्रयासों का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन उसे संवैधानिक मर्यादा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के भीतर ही होना चाहिए।
अभाविप के सोनभद्र विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनाव सुधार की प्रक्रियाओं पर बिना आधार सवाल उठाना लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत है। उन्होंने राजनीतिक असहमति के नाम पर अराजकता फैलाने के प्रयासों को निंदनीय बताया और कहा कि छात्र समाज ऐसी गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।
तहसील संयोजक राधाकृष्ण सिंह ने कहा कि चुनाव सुधारों पर स्वस्थ चर्चा हो सकती है, परंतु किसी भी आपत्ति का समाधान संवैधानिक एवं कानूनी मार्ग से ही होना चाहिए। उन्होंने देश की शांति, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
कार्यकर्ताओं ने एसआईआर जैसी चुनावी प्रक्रियाओं से जुड़ी शिकायतों के निर्धारित वैधानिक माध्यमों से निपटारे पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से तथ्यों के आधार पर राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विकास चौधरी, अनामिका, संतोष कुमार, अशोक कुमार, रेशमी गुप्ता, आकाश कुमार, बबलू सिंह, मनोज सिंह, जयप्रकाश सोनकर, राहुल कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दुद्धी कचहरी में अधिवक्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, दर्जनों को मिली जांच व सलाह का लाभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय कचहरी परिसर स्थित सिविल बार सभागार में शुक्रवार दोपहर अधिवक्ताओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में डॉ. शाह आलम ने उपस्थित अधिवक्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर का लाभ दर्जनों अधिवक्ताओं ने उठाया। जांच के बाद स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर रामलोचन तिवारी, कुलभूषण पांडे, मनोज मिश्रा, सत्यनारायण गुप्ता, राकेश अग्रहरी, पीयूष अग्रहरी, मनोज तिवारी, विनोद कुमार वर्मा, हृदय नारायण सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।

बीजपुर में रचा गया इतिहास आस्था के मंच पर मानवता की मिसाल: बीजपुर में छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न

दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार समाजसेवी रामाज्ञा सिंह व अमरेश तिवारी ने नवदंपतियों को दिया सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए बीजपुर बाजार की दुर्गा पूजा एवं रामलीला समिति ने दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान शुक्रवार की शाम छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस पुनीत कार्यक्रम में हजारों लोग साक्षी बने। वैवाहिक रस्मों के बीच छह जोड़े परिणय सूत्र में बंधे तो पूरा पंडाल खुशियों और उल्लास से गूंज उठा। समिति की इस सराहनीय पहल की अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रामाज्ञा सिंह एवं अमरेश तिवारी ने भी समारोह में सहभागिता की। अतिथियों ने सभी छह नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में समिति की सराहनीय पहल

समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह ने सामाजिक उत्तरदायित्व की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर समिति ने यह संदेश दिया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों की खुशियों को दोगुना किया जा सकता है। धार्मिक आयोजन को सामाजिक सेवा से जोड़ने की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
गाजे-बाजे के साथ निकली बारात, उमड़ा जनसैलाब
सामूहिक विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए बारात की भव्य व्यवस्था की गई थी। सजे-धजे रथों पर सवार दूल्हों की बारात गाजे-बाजे और डीजे की धुन के बीच विवाह स्थल की ओर बढ़ी। सैकड़ों बाराती नाचते-गाते उत्साह के साथ बारात में शामिल हुए। स्वागत द्वार से बारात के आगमन का दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
विवाह मंडप में कार्यक्रम शुरू होते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते पूरा पंडाल खचाखच भर गया। हजारों लोगों की मौजूदगी में विद्वान आचार्य आदर्श कृष्ण जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से विवाह की रस्में संपन्न कराईं। छह जोड़ों के विवाह के साथ ही आयोजन स्थल पर खुशियों का माहौल छा गया।
अतिथियों ने की सामाजिक पहल की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराने में सहयोग करना समाजसेवा का पुनीत कार्य है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना अन्य सामाजिक संस्थाओं और समितियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

समिति की इस पहल से छह परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जुड़ गया। समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परेशानियों को कम किया जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बीजपुर थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। आयोजन में दुर्गा पूजा एवं रामलीला समिति के पदाधिकारी, स्थानीय व्यवसायी, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सामूहिक विवाह समारोह को सफल बनाने में समिति के वॉलंटियर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई विशाल गुप्ता, हेमंत साव, जयप्रकाश पांडेय, संतोष यादव, गोविंदा, रवि गुप्ता, राजेश गुप्ता एवं शिवाकर झा सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में सहयोग किया।
बीजपुर बाजार में आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह धार्मिक आस्था के साथ मानवता, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश देकर संपन्न हुआ। छह निर्धन कन्याओं का विवाह कराकर समिति ने समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

सर्प के काटने से महिला की मौत, दूसरे का इलाज जारी, झाड़-फूंक में देरी से जान गई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर विषैले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अधेड़ का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मधुबन नौडीहा थाना दुद्धी निवासी 57 वर्षीय राजकुमारी पत्नी स्व. मगरू को दोपहर 12 बजे घर के आंगन में बनी बाउंड्री के ऊपर से सामान निकालते समय दायें हाथ में करैत सांप ने काट लिया। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान बरफी लाल को करीब दोपहर 3 बजे मिली, तब तक महिला की स्थिति गंभीर हो चुकी थी।
परिजनों ने काफी समय तक घर पर ही झाड़ फूंक कराया। शाम करीब 6 बजे उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार मृतिका के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जो सभी विवाहित हैं।सीएचसी दुद्धी में मौजूद लोगों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद महिला की जान बच सकती थी।
वहीं दूसरी घटना ग्राम बघमंदवा थाना विंढमगंज निवासी सतेंद्र यादव पुत्र स्व. बालगोविंद यादव को शाम साढ़े चार बजे धान के खेत में भैंस चराते समय खेत की मेढ़ में छिपे विषैले करैत सर्प ने काट लिया। घटना के बाद वह चीखते चिल्लाते हुए घर पहुंचे और परिजनों को बताया।
परिजनों ने बिना समय गंवाए उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाकर भर्ती कराया। चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म मामले में दोषी छोटेलाल को 20 वर्ष की कैद,7 वर्ष पूर्व नाबालिग किशोरी को भगाकर ले जाने एवं उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट),सोनभद्र ओमकार शुक्ला ने बुधवार को थाना दुद्धी से संबंधित वर्ष 2019 के मामले में अभियुक्त छोटेलाल पुत्र प्रह्लाद निवासी हथवानी साउडीह,थाना हाथीनाला, जनपद सोनभद्र को नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा दुष्कर्म के अपराध में दोषसिद्ध करते हुए 20 वर्ष कैद की सजा सुनाई। इसके ऊपर 40 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड न देने पर 6 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित होगी।वहीं अर्थदंड की समूची धनराशि 40 हजार रुपये पीड़िता को मिलेगी। अभियुक्त की उम्र लगभग 35 वर्ष है, जबकि घटना के समय पीड़िता लगभग 13 वर्ष 2 माह की थी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, अभियुक्त 22 जून 2019 को पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण, जन्मतिथि प्रमाण-पत्र सहित अन्य साक्ष्य संकलित किए गए। अभियोजन की ओर से वादी, पीड़िता सहित कुल 9 साक्षियों के बयान कराए गए तथा दस्तावेजी साक्ष्य न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। अभियुक्त को धारा 376(3) भादंसं व पॉक्सो एक्ट में 20 वर्ष का कारावास, धारा 363 भादंसं में 5 वर्ष का कारावास एवं ₹5,000 अर्थदंड, धारा 366 भादंसं में 7 वर्ष का कारावास एवं ₹10,000 अर्थदंड तथा धारा 376(3) भादंसं एवं धारा 4 पॉक्सो एक्ट के अपराध में 20 वर्ष के कारावास एवं ₹25,000 अर्थदंड से दंडित किया गया। अर्थदंड अदा न करने पर 6 माह के अतिरिक्त कारावास को भुगतना होगा। न्यायालय के आदेश के अनुसार सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। न्यायालय ने यह भी निर्देशित किया कि अभियुक्त द्वारा पूर्व में जेल में बिताई गई अवधि का नियमानुसार समायोजन किया जाएगा। अर्थदंड की समूची राशि 40 हजार रुपये नियमानुसार पीड़िता को चिकित्सा एवं मानसिक आघात की पूर्ति तथा पुनर्वास के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। अभियोजन की ओर से सरकारी वकील दिनेश प्रसाद अग्रहरी व नीरज कुमार सिंह ने बहस किया।

हाथीनाला जंगल में बलकर और हाइवा की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल,बलकर चालक रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।हाथीनाला थाना क्षेत्र के हाथीनाला जंगल में बुधवार गुरुवार की मध्यरात्रि लगभग 1 बजे एक तेज रफ्तार बलकर और हाइवा की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलकर चालक वाहन के केबिन में फंस गया। लगभग 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बलकर चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हाइवा चालक की पहचान शादाब निवासी साहबगंज के रूप में हुई है। वहीं गंभीर घायल बलकर चालक की पहचान मध्यप्रदेश के मैहर निवासी हरिश्चंद्र यादव 35 पुत्र सुनकाई यादव के रूप में हुई।सूचना पर पहुंची पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुट गई। और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया।सीएचसी दुद्धी से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ मनोहर सिंह ने हरिश्चंद्र यादव को जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है ।

विषैले सांप के डसने से युवक गंभीर, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के पतरिया गांव में मंगलवार शाम घर के अंदर टॉर्च निकालने गए एक युवक को अलमारी के नीचे छिपे जहरीले सांप ने डस लिया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पतरिया महुली निवासी रंजीत कुमार (20) पुत्र कल्लू, शाम करीब 6 बजे घर की बत्ती गुल होने पर टॉर्च लेने के लिए अलमारी की तरफ गए थे। जैसे ही उन्होंने हाथ बढ़ाया,नीचे छिपे जहरीले सांप ने उन्हें पैर में डस लिया।
परिजनों की सूचना पर तुरंत 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी विजय मौर्य और चालक अजीत ने मरीज को तुरंत सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी चिकित्सक डॉ.सुनील कुमार के देखरेख में उनका उपचार शुरू किया गया । चिकित्सक ने बताया कि पीड़ित का इलाज जारी है।चिकित्सक के मुताबिक फिलहाल रंजीत की स्थिति स्थिर है, और उन्हें चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है।

ट्रेन की चपेट में आने से घायल छात्रा की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव निवासी एक 18 वर्षीय युवती के ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी दुद्धी से जिला अस्पताल लोढ़ी ले जाए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घायल युवती की पहचान शाहीन उम्र लगभग 18 वर्ष पुत्री मुराद अहमद निवासी दीघुल के रूप में हुई। वह कक्षा 11 की छात्रा बताई जा रही है। घटना के संबंध में परिजन भी अनजान बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गेटमैन कर्मचारी ने घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। इसके बाद पीआरबी पुलिस ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से 108 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज कुमार एवं चालक सुभाष के जरिए सीएचसी दुद्धी लाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक इलाज किया।
युवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मृतिका तीन बहनों में सबसे छोटी थी और उसके बाद एक भाई है। चार भाई-बहनों में केवल बड़ी बहन की शादी हुई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी के मोर्चरी हाउस भेज दिया है। घटना के कारणों की जांच और आगे की औपचारिक कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है।

दुद्धी में भव्यता के साथ संपन्न हुआ प्रभु राम-सीता विवाह,बांटी गई पूड़ी-हलवे की प्रसाद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील परिसर में आयोजित ऐतिहासिक श्रीरामलीला में सोमवार को प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का मंचन किया गया। विवाह की रस्मों और माता सीता की विदाई के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। बारात में आए अतिथियों और श्रद्धालुओं को पूड़ी-हलवे का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया।
लीला में विवाह कथा को आगे बढ़ाते हुए दिखाया गया कि शिवधनुष भंग के बाद राजा जनक ने अयोध्या में राजा दशरथ को विवाह का संदेश भेजा। इसके बाद राजा दशरथ गुरुजनों और परिजनों के साथ भव्य बारात लेकर जनकपुर पहुंचे। जनकपुरवासियों ने बारात का स्वागत सत्कार किया और पूरे नगर में उत्सव का माहौल छा गया।
विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के बीच विवाह की रस्में संपन्न हुईं। राजा जनक ने विधि विधान से कन्यादान किया और रघुकुल नंदन श्रीराम व जनकपुर की नंदनी माता सीता का विवाह हुआ। लीला में चारों भाइयों के विवाह प्रसंग का भी उल्लेख किया गया। विवाह के बाद विदाई की घड़ी आई तो राजा जनक और माता सुनयना सहित जनकपुरवासी भावुक हो उठे। माता सीता की विदाई का दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें भी नम हो गईं।
श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि अगले दिन मंगलवार को राम वनवास की लीला का मंचन किया जाएगा। आयोजन में प्रबंधक कमलेश सिंह कमल, अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता और कोषाध्यक्ष आलोक अग्रहरि का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता, विष्णु अग्रहरि, मनीष जायसवाल, सोनू जायसवाल, अनिल हलवाई, विकास मद्धेशिया, पीयूष कसेरा और सुरेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी व श्रद्धालु मौजूद रहे। लीला का संचालन और निर्देशन महंत देवेंद्र मिश्रा तथा व्यास विवेकानंद मिश्रा कर रहे हैं।

मिक्सर ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार तीन युवक, हालत गंभीर , रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।एनएच-39 पर विंढमगंज थाना क्षेत्र के पोलवा गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी ही गाड़ी से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
हादसे में घायल हुए तीनों युवकों की पहचान कमलेश यादव (22)पुत्र शिवकुमार यादव निवासी ज़ोरुखाड़।श्याम बिहारी (20)पुत्र सियाराम निवासी ज़ोरुखाड़ और अशोक (23)पुत्र नान्हू अगरिया निवासी ग्राम डूबा थाना बभनी, जो अपने जीजा के रूप में ससुराल ज़ोरुखाड़ आए थे ।
घटना में कमलेश यादव का एक पैर में फ्रैक्चर और शरीर पर चोटें ,जबकि श्याम बिहारी को सिर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई वहीं अशोक को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई ।
प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर दुद्धी से अपने गांव ज़ोरुखाड़ जा रहे थे,की पोलवा गांव के पास मिक्सर ट्रक के चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो गए ।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ.सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

त्योहारों में नियम से बजाएं डीजे,दुद्धी कोतवाली में संचालकों को दिए निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को दुद्धी कोतवाली परिसर में डीजे संचालकों की बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में हुई बैठक में संचालकों को उच्चाधिकारियों के आदेशों और दिशा निर्देशों की जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए। किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो और अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। बैठक में शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पर्वों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।
प्रभारी निरीक्षक ने सभी संचालकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिम्मेदारी निभाने की अपील की

हाइवा से पास लेने में बाइक अनियंत्रित ,युवक गंभीर,रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी जंगल में सोमवार दोपहर हाइवा ट्रक से पास लेने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। हादसे में बाइक चला रहे मनीष कुमार (20) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी अमन (19) को मामूली चोटें आईं।
दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे आगे चल रहे हाइवा से पास लेने के प्रयास में बाइक पेड़ से टकराने से बची, लेकिन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस 108 से मनीष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मनीष के एक हाथ में फ्रैक्चर है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
मनीष अमवार और अमन खजुरी के निवासी बताए गए है ।

दुद्धी में अपना दल (एस) के विधानसभा कार्यालय का उद्घाटन,संगठन मजबूत करने का आह्वान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। अपना दल (एस) के दुद्धी विधानसभा कार्यालय का सोमवार को उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि विधानसभा प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बियार, विधानसभा सह-प्रभारी मुकेश कुमार तरंग और नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। गोंडवाना रीति-रिवाज से पूजन-अर्चन और मां भगवती की आराधना की गई। इस दौरान भारत माता और पार्टी संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि राकेश यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। दिनेश बियार ने संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। मुकेश कुमार तरंग और कमलेश मोहन ने संगठन की एकजुटता तथा जनसेवा को प्राथमिकता देने की बात कही।
ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड़ ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन मजबूत करने और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। अध्यक्षीय संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने कहा कि कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों, जनसमस्याओं के समाधान और कार्यकर्ताओं तथा जनता के बीच समन्वय का केंद्र बनेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला मंच की प्रीति सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम सुरेश कुशवाहा, उदित पटेल, राजपाल कुशवाहा, अमर सिंह खरवार, महेंद्र जायसवाल, रत्नेश केशरी, सुशील शर्मा, राहुल पाल, दिनेश गुप्ता और सुरेश पासवान सहित जिला, जोन, सेक्टर एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर पार्टी की विचारधारा से प्रभावित कई लोगों ने सदस्यता भी ग्रहण की।

वादकारियों के लिए मेज-कुर्सियों की व्यवस्था कराने की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी बार एसोसिएशन ने कचहरी परिसर में आने वाले वादकारियों और अधिवक्ताओं के बैठकर न्यायिक कार्य करने के लिए मेज कुर्सियों की व्यवस्था कराने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय ने बाबूराम सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय खाड़पाथर मुर्धवा रेणुकूट को पत्र भेजकर यथासंभव मेज कुर्सियां उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा गया है कि दुद्धी कचहरी परिसर में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से गरीब वादकारियों और अधिवक्ताओं को परेशानी होती है। बार एसोसिएशन ने वादकारी हित में सहयोग की अपेक्षा जताई है।
इस मौके पर कुलभूषण पांडे के अलावा रविंद्र यादव, कृष्णदेव अग्रहरि ,पीयूष अग्रहरि, छोटेलाल और विनय कुमार मौजूद रहे।

मां दुद्धईया देवी धाम में दुर्गा पूजा और पर्दे पर रामलीला का भव्य शुभारंभ ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

मुख्य अतिथि पूजा श्री और विशिष्ट अतिथियों ने किया उद्घाटन, धार्मिक आयोजन के लिए आयोजक समिति को दी बधाई ।।

बीजपुर (सोनभद्र) बीजपुर स्थित प्रसिद्ध मां दुद्धईया देवी मंदिर परिसर में रविवार की शाम दुर्गा पूजा महोत्सव एवं पर्दे पर रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूजा श्री तथा विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता और लेखपाल संतोष यादव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं दर्शकों में खासा उत्साह रहा।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए धार्मिक आयोजन की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने आयोजक समिति को दुर्गा पूजा महोत्सव एवं रामलीला के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को धर्म, आस्था और मर्यादा के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना भी मजबूत होती है।
मां दुद्धईया देवी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा के साथ पर्दे पर रामलीला/रामायण का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से जुड़े प्रसंगों को देखने एवं समझने का अवसर मिलता है। वहीं, नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की आराधना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रसिद्ध मां दुद्धईया देवी मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित क्षेत्र के अनेक दर्शक मौजूद रहे। आयोजन के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में नवरात्र का उल्लास और धार्मिक उत्साह दिखाई देने लगा है ।

पट अनावरण के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ, समाजसेवी अमरेश तिवारी ने मंदिर निर्माण में सहयोग का दिया भरोसा ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह व विशिष्ट अतिथि अमरेश तिवारी ने सह अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर किया उद्घाटन
बीजपुर (सोनभद्र) शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार की शायं शांति नगर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा के पट अनावरण और फीता काटकर दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि बखरिहवां के युवा व्यवसायी एवं समाजसेवी अमरेश तिवारी ने सह अतिथियों श्याम नारायण सिंह एवं पत्रकार जयचंद के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि अमरेश तिवारी ने शांति नगर स्थित अर्धनिर्मित मंदिर के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की अपील करते हुए अपनी ओर से भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। उनके इस भरोसे से स्थानीय लोगों और पूजा समिति के सदस्यों में उत्साह देखने को मिला।
करीब तीन दशक से चली आ रही धार्मिक परंपरा को कायम रखते हुए शांति नगर दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष भी दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।

इससे पूर्व पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों को बुके भेंटकर, माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में सकारात्मक सोच विकसित होती है और सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से त्योहारों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि अमरेश तिवारी ने मंदिर निर्माण में सहयोग का दिया आश्वासन
विशिष्ट अतिथि युवा व्यवसायी एवं समाजसेवी अमरेश तिवारी ने दुर्गा पूजा समिति को नवरात्र के अवसर पर धार्मिक आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमें अपनी संस्कृति, धर्म और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि वह इसी क्षेत्र के लोगों के बीच के हैं और यहां की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से उनका आत्मीय जुड़ाव है। शांति नगर में स्थित अर्धनिर्मित मंदिर का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से दुर्गा पूजा महोत्सव के बाद मंदिर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही मंदिर निर्माण में अपनी ओर से भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। उनके इस सहयोगात्मक रुख की उपस्थित लोगों ने सराहना किया ।
कार्यक्रम का संचालन रामनरेश गुप्ता ने किया। अंत में उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सह अतिथियों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान पत्रकार सिद्धार्थ गुप्ता, पूजा समिति के अध्यक्ष राममिलन गुप्ता, गोपाल दास गुप्ता, सुनील कुमार सहित दुर्गा पूजा समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की उपस्थिति रही।

रजखड़ में रामलीला मंचन का उद्घाटन, उमड़ी दर्शकों की भीड़

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड के ग्राम पंचायत रजखड़ में नव युवक समिति द्वारा आयोजित श्री दुर्गा पूजा एवं रामलीला महोत्सव का भव्य उद्घाटन पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने फीता काटकर किया। कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें रघुकुल नंदन श्रीराम का चित्र भेंट किया गया।
पदाधिकारियों एवं युवाओं ने मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो का पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया और उन्हें प्रभु श्रीराम का चित्र भेंट किया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर श्री दुर्गा पूजा एवं रामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में नव युवक समिति द्वारा की गई तैयारियों और रामलीला पंडाल की भव्य सज्जा की सराहना की। उन्होंने कमेटी को बधाई देते हुए कहा कि रामलीला भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, सत्य, धर्म एवं सदाचार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ अध्यक्ष, ब्लॉक दुद्धी की मुख्य संरक्षक श्रीमती गुंजा देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। संरक्षक मंडल में रमेश कुमार, बृजेश कुशवाहा एवं इंद्र बिहारी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र मौर्य, उपाध्यक्ष अतुल कुशवाहा, कोषाध्यक्ष विवेक मौर्य एवं सचिव राकेश पटेल सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों और युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नव युवक समिति रजखड़ ने कहा कि रामलीला का उद्देश्य क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखना तथा प्रभु श्रीराम के आदर्शों का संदेश फैलाना है। समिति ने सभी ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों से रामलीला मंचन में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

टीचर सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) सोनभद्र का गठन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।टीचर सेल्फ केयर टीम, उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के ब्लॉक दुद्धी में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा टीम के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया है।इस मनोनयन के अंतर्गत धर्मेन्द्र कुमार सिंह को संरक्षक राजदेव को संयोजक राजेश झा को प्रवक्ता तथा लल्लू राम प्रजापति को आईटी सेल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही विवेक शांडिल्य को मीडिया प्रभारी तथा रमेश कुमार, मनोज कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार, योगेश कुमार वर्मा, श्रीनारायण एवं निमेश कुमार सहित अन्य शिक्षकों को सह-संयोजक एवं सह-संयोजिका की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला टीम सोनभद्र की ओर से सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। इस आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी चंदन कुमार ने दी है।

नवरात्र के पहले दिन दुद्धी के काली मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूजा कार्यक्रम होगा और भव्य

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कस्बा स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मां के दर्शन एवं पूजन के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मां भगवती के जयकारों और घंट घड़ियालों की ध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।

कस्बे के साथ साथ आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतार में खड़े होकर मां रानी के दर्शन किए, मत्था टेका और परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। भक्तों ने मां भगवती को प्रसन्न करने के लिए विधि विधान से पूजा अर्चना की। मंदिर में नारियल, चुनरी एवं श्रृंगार सामग्री का अर्पण भी किया गया।
नवरात्र के प्रथम दिन मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और भजनों की गूंज बनी रही। मंदिर की व्यवस्था एवं धार्मिक अनुष्ठानों को सुचारू रूप से संचालित करने में मुख्य पुजारी रिंकू मिश्रा और कल्याण मिश्रा सक्रिय रहे।
पूजा समिति ने बताया कि इस बार नवरात्र के पूजा कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य एवं धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा। समिति के अनुसार नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

परियोजना प्रमुख सपत्नीक ने किया घट स्थापित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर, एनटीपीसी परिसर स्थित प्रसिद्ध रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ घटस्थापना का कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने संयुक्त रूप से कलश स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी राधेश्याम दुबे के मंत्रोच्चार ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलश स्थापना के दौरान महाप्रबंधक (प्रचालन) पी के नायक, पूजा समिति के अध्यक्ष अपर महाप्रबंधक एन एस कोरंगा, महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, मानव संसाधन विभाग प्रमुख राजेश बोईपाई, अपर महाप्रबंधक पी लक्ष्मी, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जी सी साहु, आर एन वर्मा, महासचिव प्रमोद द्विवेदी, संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, विजय गुप्ता, एस के बी पाठक, भीष्म सिंह, सूरज प्रजापति आदि के साथ अनेकानेक श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान एवं आरती में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। परियोजना प्रमुख ने पूजा-अर्चना के माध्यम से क्षेत्र वासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

रिहंदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने श्रद्धा,आस्था एवं आध्यात्मिक वातावरण को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी ने बताया कि बीस अक्टूबर तक नियमित रूप से सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम मंदिर एवं पूजा पंडाल में आयोजित किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने बताया कि मां जगदम्बा की उपासना से भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। उन्होंने शक्ति साधना के महापर्व में सभी सनातनी को शामिल होने और पूण्य का लाभ उठाने का आह्वान किया।इस अवसर पर परियोजना के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, पूजा समिति एवं मंदिर समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी की सहभागिता ने इस धार्मिक आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।

करैत के काटने से व्यक्ति समेत दो लोग घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। क्षेत्र में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। परिजन उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के करहिया गांव निवासी रामकुमार (45) पुत्र शिवप्रसाद रात करीब आठ बजे गांव की दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में करैत ने उनके बाएं पैर में डस लिया। वहीं मलदेवा गांव निवासी संतोष पुत्र जगन्नाथ शर्मा शाम करीब पांच बजे खेत से लौट रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात सांप ने उन्हें डस लिया।
दोनों को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक डॉ. सुनील के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने से दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। उनकी निगरानी की जा रही है।

रेणुसागर कॉलोनी में युवक का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।अनपरा थाना क्षेत्र के रेणुसागर चौकी अंतर्गत हिंडालको रेणुसागर कॉलोनी में शुक्रवार रात एक युवक का शव उसके आवास में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया ।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय समीर खान पुत्र स्वर्गीय सलीम खान के रूप में हुई है। वह हिंडालको रेणुसागर कॉलोनी के एल टाइप आवास संख्या में रहता था। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसका शव आवास में फंदे से लटका मिला। घटना के समय समीर घर में अकेला था, जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी।
समीर खान को वर्ष 2024 में हिंडालको के इलेक्ट्रिकल विभाग में नौकरी मिली थी। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। शव मिलने के बाद कॉलोनी में भी लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। समीर ने किस वजह से फांसी लगाई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दुद्धी से नाबालिग लापता, मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव से एक नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी ललिता देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रोशन कुमार 7 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे दुद्धी से बाल कटवाकर घर जाने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
काफी तलाश के बाद भी पुत्र का पता नहीं चलने पर ललिता देवी ने आज शनिवार को दुद्धी कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायती पत्र दिया है । उप निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि ललिता देवी तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपराध संख्या 275/26 दर्ज कर गुमशुदगी की मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी गई है ।

दुद्धी सीएचसी में एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

ओपीडी समेत सामान्य सेवाएं प्रभावित, आपातकालीन सेवाएं चालू, 12 अक्तूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

दुद्धी (सोनभद्र)। छह सूत्रीय मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। ब्लॉक अध्यक्ष विष्णु दयाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने गुरुवार को भी कार्य बहिष्कार कर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुणा निधि को मांगों का ज्ञापन सौंपा था। शुक्रवार को हड़ताल के चलते ओपीडी समेत सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से अलग रखा गया।
कर्मचारियों की मांगों में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, डीए, ईपीएफ और एचआरए का लाभ शामिल है। इसके अलावा गैर जनपद स्थानांतरण की पारदर्शी व्यवस्था, सेवा के दौरान मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का एनएचएम में समायोजन और नियमित भर्ती में संविदा कर्मियों को 25 प्रतिशत वेटेज देने की मांग की गई है।
संघ प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें सेवा सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि 10 अक्तूबर को भी प्रदर्शन जारी रहेगा। मांगों पर सकारात्मक निर्णय न होने पर 12 अक्तूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश के एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने 8 से 10 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार और 12 अक्तूबर से लखनऊ में आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया है।
प्रदर्शन में डॉ. गौरव सिंह, डॉ. संजय गुप्ता, संदीप सिंह, अरुणिमा यादव, डॉ. मुस्कान कमल, अतुल कुमार सिंह, विवेकानंद शुक्ला, जयशंकर पांडेय, रूबी कुमारी, सुनीता देवी और किरण भारती समेत बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

दुद्धी में नवरात्र-दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक,भारी वाहनों पर रोक की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील सभागार में शुक्रवार को नवरात्र और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में साफ सफाई, बिजली आपूर्ति और पूजा पंडालों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में सप्तमी, अष्टमी और नवमी को सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन रोकने की मांग की गई। तहसील के सामने खाली भूमि से बैरिकेडिंग हटाकर वाहनों के खड़े होने की जगह बनाने का सुझाव भी दिया गया। पूजा पंडालों में अच्छे और समझदार धार्मिक प्रवृत्ति के स्वयंसेवकों की तैनाती पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने की। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभारक साहनी, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सहित अरामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल,महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, कमल कुमार, कानू, दिलीप पांडेय, दीपक शाह, मनीष जायसवाल, पीयूष अग्रहरि, मोनू सिंह,प्रखर जायसवाल, लाला बाबू, कलीमुल्लाह खान शाहिद मन्नू खान और अनिल कन्नौजिया सहित काफी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

घास काट कर घर लौट रही महिला को सर्प ने काटा ,सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बीड़र में घास काट कर घर लौट रही महिला को सर्प ने काट लिया।महिला का इलाज सीएससी दुद्धी में चल रहा है ।
परिजनों से मिले जानकारी के अनुसार चन्द्रकला देवी (36) पत्नी रामानंद पटेल निवासी ग्राम बीड़र ,शुक्रवार की शाम करीब साढ़े 4 बजे अपने पशुओं के लिए चार काटकर घर लौट रही थी कि रास्ते में धान के खेत के मेढ़ में छिपे अज्ञात सर्प ने महिला को बाया पैर में काट लिया,जब घटना की सूचना परिवार के लोगों को हुई तो परिजनों ने बिना समय गंवाए महिला को सीएचसी से दुद्धी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक डॉ विनोद सिंह के देखरेख में महिला का इलाज चल रहा है ।चिकित्सकों के मुताबिक महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और चिकित्सीय निगरानी में है।

45 स्वर्ण पदकों के साथ मुख्यांचल बना ओवरऑल चैंपियन, भारत के मानचित्र की मानव शृंखला बनाकर खिलाड़ियों ने लहराया तिरंगा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज में 35वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन

दुद्धी( सोनभद्र)। सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी के संयोजकत्व में स्थानीय टाउन क्लब क्रिकेट खेल मैदान में आयोजित 35वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुक्रवार को खेल उत्साह, देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में जनपद के विभिन्न अंचलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मुख्यांचल ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करते हुए 45 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। पूर्वांचल दूसरे और ऊर्ध्वंचल तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन तथा विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह में खेल प्रतिभाओं के सम्मान के साथ राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की मनमोहक झलक देखने को मिली।
समापन समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब विभिन्न अंचलों से आए छात्र-छात्राओं ने मैदान में भारत के मानचित्र की आकृति में मानव शृंखला बनाकर हाथों में तिरंगा लहराया। विद्यार्थियों ने ‘ये देश है वीर जवानों का’ गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस अनूठी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मुख्यांचल की खिलाड़ियों ने 23 स्वर्ण पदकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूर्वांचल 10 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे और ऊर्ध्वांचल सात स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग में भी मुख्यांचल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 स्वर्ण पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। पूर्वांचल आठ स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे तथा ऊर्ध्वंचल चार स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर मुख्यांचल ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता के व्यक्तिगत मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर की अंजली सोनी ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। सोनांचल के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरहवा की निधि ने ऊंची कूद में स्वर्ण तथा लंबी कूद और 100 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर के अमान कादरी ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इंटरमीडिएट कॉलेज सिरसिया के छोटू आदिवासी ने गोला और चक्र प्रक्षेप में स्वर्ण पदक हासिल किए।
अंडर-17 बालिका वर्ग में मां विंध्यवासिनी इंटरमीडिएट कॉलेज पापी की अंजली ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते। श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर की अनुष्का यादव ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 300 मीटर स्पर्धा में प्रथम स्थान तथा 1500 मीटर दौड़ और गोला प्रक्षेप में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की अमृता ने लंबी और ऊंची कूद में स्वर्ण पदक हासिल किए।
अंडर-17 बालक वर्ग में इंटरमीडिएट कॉलेज सिरसिया के जय प्रकाश आदिवासी ने गोला प्रक्षेप, चक्र प्रक्षेप और भाला प्रक्षेप में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज मधुपुर की ज्योति ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीते। इसी विद्यालय की सुमन ने 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किए। दिव्या सिंह यादव ने ऊंची कूद और चक्र प्रक्षेप में स्वर्ण तथा गोला प्रक्षेप में रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग में आरएसएम इंटरमीडिएट कॉलेज रॉबर्ट्सगंज के नैतिक पांडेय ने लंबी और ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में मेजबान सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विभिन्न स्पर्धाओं एवं आयु वर्गों में व्यक्तिगत चैंपियन बने खिलाड़ियों को कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर देती हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन दूसरी बार हो रहा है। खिलाड़ियों और शिक्षकों के लिए की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों और व्यायाम शिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन अनिल कुमार एवं डॉ. अमर सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल बहेराडोल ने किया। अभिलेखीय कार्य में रूपाली, कृपाशंकर तिवारी, रीता यादव, नंदकिशोर कन्नौजिया सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने योगदान दिया। निर्णायक मंडल में अंकित कुमार, लाल मुहम्मद, जगदम्बा प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया सहित अन्य व्यायाम शिक्षकों ने विभिन्न स्पर्धाओं के संचालन और निर्णय संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं।
समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से कमलेश यादव, संतोष सिंह, शोएब अहमद, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के उपप्रधानाचार्य ऋषिकेश पाठक, डॉ. चंद्रप्रकाश भारती, धनंजय वर्मा, भारती इंटर कॉलेज विंढमगंज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज की उपाध्यक्ष रेखा श्रीवास्तव और शैलेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न राजकीय, अशासकीय एवं वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
खेल प्रतिभाओं के सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तिरंगे के साथ राष्ट्रीय एकता के संदेश ने प्रतियोगिता के समापन को यादगार बना दिया। मुख्यांचल की शानदार जीत और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जनपद में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाया।

दुद्धी में डिजाइनिंग ऑफिस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बा कचहरी रोड स्थित एक डिजाइनिंग ऑफिस में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। इस हादसे में कंप्यूटर, इन्वर्टर और फर्नीचर समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, झुगी नक्शा एंड डिजाइनिंग ऑफिस की दुद्धी शाखा को शाम लगभग साढ़े 5 बजे स्टाफ कर्मी करन ने रोजाना की तरह बंद किया था। घटना के समय ऑफिस के स्वामी इंजीनियर जितेश मौर्या पुत्र मुन्नू कुशवाहा निवासी विंढमगंज,नगर उंटारी (झारखंड) स्थित अपने हेड ऑफिस में मौजूद थे।
दुकान बंद होने के करीब एक घंटे बाद यानी शाम लगभग साढ़े 6 बजे, नीचे मौजूद अन्य दुकानदारों ने ऑफिस से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। नीचे के दुकानदार ने तत्काल फोन कर घटना की जानकारी ऑफिस स्वामी जितेश मौर्या को दी।
आग लगने के जानकारी पर पहुंचे मकान मालिक संजीव कुमार ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस अग्निकांड में जितेश मौर्या के मुताबिक ऑफिस में रखे कंप्यूटर, इन्वर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरे, सोफा, कुर्सी और टेबल समेत सारा सामान पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गया है ।
ऑफिस स्वामी ने इस हादसे में लगभग ढाई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना के संबंध में ऑफिस स्वामी द्वारा शनिवार सुबह दुद्धी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायती पत्र दिया जाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घूसखोरी और लापरवाही के आरोप में लेखपाल विमलेश कुमार निलंबित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

जमीन सीमांकन के नाम पर 10,000 लेने का वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम दुद्धी की सख्त कार्रवाई

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील क्षेत्र में जमीन सीमांकन के नाम पर अवैध धन उगाही के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने देवरीहंवा गांव में जमीन पैमाइश के बदले रिश्वत लेने के आरोप में लेखपाल विमलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल महामंत्री बभनी लक्ष्मी प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम देवरीहंवा स्थित आराजी संख्या 716/717 के सीमांकन के लिए लेखपाल विमलेश कुमार और राजस्व निरीक्षक राजनाथ द्वारा 25,000 रुपये की मांग की गई थी। बाद में काफी मान-मनौव्वल के बाद 10,000 रुपये लेकर काम करने की बात तय हुई। इस लेनदेन और बातचीत से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया था।
मामले को संज्ञान में लेते हुए नायब तहसीलदार (पूर्वी) से प्राथमिक जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि संबंधित लेखपाल द्वारा आम जनता से सरकारी कार्यों के एवज में अवैध वसूली की जा रही थी, जिससे शासन और तहसील प्रशासन की छवि धूमिल हुई।
शासकीय कार्यों में लापरवाही और उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन का दोषी पाते हुए एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने लेखपाल विमलेश कुमार क्षेत्र जाबर, तत्कालीन क्षेत्र सतबहनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत जांच नायब तहसीलदार दुद्धी (पश्चिमी) को सौंपी गई है, जिन्हें 15 दिनों के भीतर आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन ट्रैक पर गूंजी जीत की हुंकार, शिवकुमारी और सीमा ने बढ़ाया महुली-दुद्धी का गौरव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। सोनभद्र के दुद्धी स्थित सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज के टाउन क्लब मैदान में चल रही 35वीं माध्यमिक विद्यालयी जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। सुबह नौ बजे से शुरू हुई विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने ट्रैक पर पूरी ऊर्जा के साथ दौड़ लगाई। दौड़, लंबी कूद और गोला प्रक्षेप समेत कई प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शिवांचल के संजय कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। पूर्वांचल के उमेश द्वितीय और जसवंत शर्मा तृतीय रहे। सीनियर बालिका वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में मुख्यांचल की सुमन ने बाजी मारी, जबकि अमीषा द्वितीय और सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी की खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में मुख्यांचल की ज्योति प्रथम, पूर्वांचल की माही द्वितीय और मुख्यांचल की आंशिक तृतीय रहीं। जूनियर बालक 100 मीटर दौड़ में पूर्वांचल के सत्यम पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। विकास यादव द्वितीय और ऊर्ध्वांचल के अनुराग तृतीय रहे।
जूनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में ऊर्ध्वांचल की अंजली प्रथम रहीं। आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली की शिवकुमारी ने पूर्वांचल की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवांचल की मिलन यादव तृतीय रहीं।
सब-जूनियर बालक गोला प्रक्षेप में मुख्यांचल के छोटू प्रथम, पूर्वांचल के अजय सिंह द्वितीय और सोनांचल के मनजीत तृतीय रहे। वहीं सब-जूनियर बालिका गोला प्रक्षेप में सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी की सीमा ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। मुख्यांचल की आंचल द्वितीय और पूर्वांचल की अंजू कुमारी तृतीय रहीं।
जूनियर बालिका लंबी कूद में मुख्यांचल की अमृता मौर्य प्रथम, पूर्वांचल की गौर द्वितीय और शिवांचल की खुशी तृतीय रहीं।
इसके अलावा दिनभर दौड़, कूद एवं प्रक्षेप की अनेक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। मैदान में मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं और खेलप्रेमियों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को उपस्थित प्रधानाचार्यों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। मेडल मिलते ही खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। आयोजकों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अंकित कुमार, अनुराग, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, लाल मोहम्मद, जगदम्बा प्रसाद, सत्यनारायण कन्नौजिया, जगत नारायण यादव सहित अन्य निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं अभिलेखीय कार्य में डॉ. अमर सिंह, रूपाली, कृपाशंकर तिवारी, सविता, समीक्षा तिवारी, ज्योति सिंह, गीता मौर्य, अंजली, रीता एवं कोमल पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मंच संचालन अनिल कुमार सिंह, डॉ. अमर सिंह एवं जिला क्रीड़ा सचिव सुनील कुमार राव ने किया।
इस अवसर पर सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी के प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रेखा श्रीवास्तव, राजकीय हाईस्कूल बैरखड़ के प्रधानाचार्य श्यामाचरण सिंह, राजा चंडोल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जयंत प्रसाद, राजकीय इंटर कॉलेज झरोकला की प्रधानाचार्य अनीता गौड़ समेत धनञ्जय वर्मा, गणेश प्रसाद यादव, आशुतोष दुबे, अम्बर गोंड, राघवेंद्र भाटिया, नंदकिशोर कन्नौजिया, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, आदर्श तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

सांस की तकलीफ से 15 महीने के मासूम की मौत, एंबुलेंस आने से पहले थमीं सांसें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। हाथीनाला थाना क्षेत्र के मालोघाट गांव में सांस लेने की गंभीर समस्या से जूझ रहे 15 माह के एक मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया था, लेकिन परिजन एंबुलेंस बुला ही रहे थे कि बच्चे ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मालोघाट निवासी तिलकधारी का 1 वर्ष 3 माह का पुत्र अमित कुमार कल शाम से ही सांस लेने में तकलीफ का सामना कर रहा था। स्थिति में सुधार न होने पर परिजन बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे उसे निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे।
सीएचसी में तैनात डॉ. विनोद सिंह ने बच्चे का प्राथमिक इलाज शुरू किया। करीब आधे घंटे चले उपचार के बाद भी जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ और हालत नाजुक बनी रही, तो डॉक्टर ने उसे तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
अस्पताल परिसर में परिजन जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस को फोन लगा ही रहे थे कि अचानक मासूम अमित की सांसें थम गईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खून की कमी से जूझ रही 15 वर्षीय किशोरी की दुद्धी सीएचसी में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सांगोबांध की रहने वाली कक्षा 8 की छात्रा थी मृतका संध्या चिकित्सकों ने पानी पिलाने से स्थिति बिगड़ने का जताया अंदेशा

दुद्धी (सोनभद्र)।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में गंभीर एनीमिया खून की कमी से पीड़ित 15 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका सांगोबांध गांव निवासी संतोष पनिका की बड़ी पुत्री संध्या कुमारी थी, जो गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 8वीं की छात्रा थी। किशोरी की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के दादा अमृत लाल के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर को दिखाया गया था, जिसने शरीर में मात्र 4.8 यूनिट ब्लड बताते हुए बाहर किसी बड़े अस्पताल में बेहतर इलाज कराने की सलाह दी थी। इसके बाद परिजन मंगलवार की रात करीब 8 बजे निजी साधन से किशोरी को सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में आने के बाद जांच के बाद पता चला कि किशोरी का ब्लड लेवल गिरकर 3.7 यूनिट रह गया था।
अस्पताल में भर्ती करने के बाद बुधवार दोपहर करीब 2 बजे किशोरी को पहली यूनिट ब्लड चढ़ाना शुरू किया गया, जो रात करीब 8 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद अगले दिन दोपहर लगभग 12 बजे दूसरे यूनिट का ब्लड चढ़ाया जा रहा था। तभी दोपहर 2 बजे के आसपास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
स्थिति चिंताजनक देखकर डॉक्टरों ने किशोरी को तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन अभी जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की तैयारी कर ही रहे थे कि दोपहर करीब 3 बजे किशोरी की सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया।
मामले में सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि मरीज को बेहद गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। हीमोग्लोबिन का स्तर काफी कम था। ब्लड ट्रांसफ्यूजन के दौरान मरीज को थोड़ी घबराहट हुई, जिसके बाद परिजनों ने उसे पानी पिला दिया। पानी पिलाने की वजह से मरीज की हालत और अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
मृतका संध्या अपने चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। अचानक हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दुद्धी लौवा नदी में नहाते समय डूबा 16 वर्षीय छात्र, सीएचसी में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत , मचा कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मल्देवा गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र चमन अंसारी पुत्र फिरोज अंसारी की बुधवार दोपहर लौवा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना लवकुश पार्क के समीप हुई, जहां वह दोपहर में नहाने गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे चमन लवकुश पार्क के पास लौवा नदी में नहा रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस दोपहर 2:41 बजे मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया।जहांजांच के उपरांत डॉ. मनोहर सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कस्बा इंचार्ज श्यामजी पुलिस बल के साथ मौके व अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
मृतक चमन राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में कक्षा 9 का छात्र था। वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर मझिला भाई था। छात्र की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

दुद्धी में पहली बार जनपदीय क्रीड़ा समारोह का ऐतिहासिक आगाज

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

खिलाड़ियों ने ट्रैक पर दिखाया दमखम, विजेताओं को डीआईओएस ने पहनाए मेडल; खेल मैदान का सपना पूरा करने का दिया भरोसा

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी तहसील मुख्यालय पर बुधवार को पहली बार माध्यमिक स्तर की 35वीं जनपदीय क्रीड़ा समारोह का भव्य एवं ऐतिहासिक आगाज हुआ। जनपदीय क्रीड़ा समारोह के पहली बार दुद्धी में आयोजित होने से खिलाड़ियों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह एवं चेयरमैन कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर धूप-अगरबत्ती एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। शांति के प्रतीक कबूतर एवं गुब्बारे उड़ाकर खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया गया।

खेल प्रतियोगिता से बढ़ता है विद्यार्थियों का आत्मविश्वास : एसडीएम

मुख्य अतिथि एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि दुद्धी तहसील मुख्यालय पर जनपदीय क्रीड़ा समारोह का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। इसके आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं संयोजक की जिम्मेदारी संभालने वाले सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करती हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना ही खिलाड़ी के हौसले को बढ़ाता है। खेल के माध्यम से भी विद्यार्थी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में ऐसे तमाम खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने छोटे शहरों और गांवों से निकलकर देश का नाम रोशन किया है। क्रिकेट में उत्तर प्रदेश सहित देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव भी गाजीपुर के एक गांव से हैं, जबकि रांची जैसे शहर से निकलकर महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व में भारत का डंका बजाया।

दुद्धी से पुराना लगाव, खेल का बड़ा मैदान बनाने का सपना अभी अधूरा : डीआईओएस

क्रीड़ा समारोह के आयोजक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का आज विधिवत उद्घाटन हो गया है। उन्होंने दुद्धी से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनकी नौकरी की शुरुआत दुद्धी जीआईसी से ही हुई थी। यहां के लोगों ने उन्हें इतना प्यार दिया कि आज भी उनका लगाव दुद्धी की मिट्टी से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि उस समय दुद्धी क्षेत्र में शिक्षा एवं जागरूकता की कमी जरूर थी, लेकिन आज दुद्धी शिक्षा का हब बन चुका है। दुद्धी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक इंटर कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि दुद्धी में एक बड़ा खेल मैदान बनाने का सपना अभी अधूरा है, जिसे पूरा करने के लिए प्रयास जारी रहेगा।

800 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

800 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में सुमन ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की हुस्नेआरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में जेबीएस शाहगंज के भावेश सिंह प्रथम, बद्रीनारायण इंटर कॉलेज गौरही के रमेश द्वितीय तथा लोकनाथ इंटर कॉलेज बघनारी के अनिल तृतीय स्थान पर रहे।
सब जूनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आयन कादरी प्रथम, आदर्श इंटर कॉलेज महुली के अंशु कुमार द्वितीय तथा प्रदीप कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मुख्यांचल की अंजली मौर्य प्रथम, चांदनी द्वितीय तथा पूर्वांचल की सरिता तृतीय स्थान पर रहीं।
वरिष्ठ बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भावेश ने प्रथम तथा राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रेम कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में ऊर्जांचल की स्नेहा प्रथम तथा पूर्वांचल की राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की माही द्वितीय रहीं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने अपने कर कमलों से मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सिंह एवं डॉ. अमर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। निर्णायक की भूमिका में जगदंबा प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, रोहित यादव, अनुराग त्रिपाठी, लाल मोहम्मद सहित अन्य व्यायाम शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर डॉ. लवकुश प्रजापति, ऋषिकेश पाठक उप प्रधानाचार्य पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, उमाकांत मिश्रा प्रधानाचार्य हंशवाहिनी इंटर कॉलेज कसया, डॉ. बृजेश सिंह प्रधानाचार्य राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, जिला विद्यालय कार्यालय के लिपिक संतोष सिंह, कमलेश यादव, शोयब अहमद, संदीप सिंह चौधरी, संयोजक सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रबंधक आरपी श्रीवास्तव, ऋषिकेश, सुनील कुमार राव जिला क्रीड़ा सचिव, दीपक कुमार प्रधानाचार्य सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी, रीता यादव, रुपाली, शोभा यादव, सत्यनारायण कन्नौजिया सहित जनपद सोनभद्र के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

साइबर फ्रॉड के शिकार युवक को मिली राहत, दुद्धी पुलिस ने 4,500 कराए वापस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के पीड़ित के खाते में 4,500 की धनराशि वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार कस्बा दुद्धी निवासी संदीप कुमार सिंह के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से 19,000 की धनराशि फ्रॉड कर ली थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंकों से पत्राचार किया, जिसके बाद 4,500 की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रति आभार जताया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह तथा साइबर हेल्प डेस्क टीम द्वारा की गई।