आस्था का पर्व छठ पूजा को लेकर मंदिर विकास समिति ने व्यवस्थाओं के लिए युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ किया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रदीप चंद्रवंशी

केतार।लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर श्री सूर्य नारायण मंदिर परिसर में तैयारियां पूरे युद्ध स्तर पर हैं।इस वर्ष श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ की संभावना को देखते हुए मंदिर विकास समिति ने व्यवस्थाओं से सुसज्जित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया है।महापर्व के दौरान छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए मंदिर परिसर स्थित पवित्र सूर्य कुंड की सफाई अभियान चलाया जा रहा है।कुंड के जल को स्वच्छ व निर्मल बनाने के साथ-साथ परिसर में चापाकलों,झरना को दुरुस्त का काम तेजी से जारी है।विदित हो कि इस पावन स्थल का धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व अत्यंत व्यापक है। महापर्व छठ के पावन अवसर पर यहाँ केवल स्थानीय ही नहीं,बल्कि झारखंड, बिहार,उत्तर प्रदेश,छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु नतमस्तक होने और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुँचते हैं।
मंदिर स्थित भगवान सूर्य को लेकर वर्षों पुरानी मान्यता है कि यहाँ सच्चे मन से आने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है। विशेष रूप से संतान की कामना लेकर पहुँचने वाली माताओं को पुत्र रत्न की प्राप्ति होती है, जिससे इस पवित्र भूमि के प्रति जन-जन की आस्था और भी गहरी हो जाती है।
मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह ने कहा इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में होने वाले संभावित इजाफे को ध्यान में रखते हुए प्रकाश,रास्तों की मरम्मत,सुरक्षा,पार्किंग और मेडिकल सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति का संकल्प है कि दूर-दराज से आने वाले हर श्रद्धालु को एक सुगम, दिव्य और सुरक्षित माहौल प्राप्त हो सके।इस वर्ष भी तीन दिवसीय छठ महापर्व के दौरान डिजनीलैंड झूला लगेगा।जिसमें जलपरी आकर्षक है।इस झूले में इस मौके पर मंदिर विकास समिति के सचिव रविकांत चंद्रवंशी, धर्मेंद्र सिंह,उमेश गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष बने शम्भू सिंह खरवार, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

“नई जिम्मेदारी, नया उत्साह और संगठन को मजबूत करने का संकल्प! शम्भू सिंह खरवार की नियुक्ति से सोनभद्र की सियासत और भाजपा संगठन में उत्साह का माहौल है।”

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

रेणुकूट/सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपते हुए शम्भू सिंह खरवार को भाजपा सोनभद्र का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

शम्भू सिंह खरवार को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण का सम्मान बताया। वहीं आदिवासी समाज में भी इस नियुक्ति को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और अनुभव से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

इस खुशी के अवसर पर समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रिकू सिंह ने 51 किलो लड्डू का वितरण कर अपनी प्रसन्नता जाहिर की और नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष शम्भू सिंह खरवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांद जैन ने भी शम्भू सिंह खरवार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

कुल मिलाकर शम्भू सिंह खरवार की इस नियुक्ति को सोनभद्र में भाजपा संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रांतीय गणित मेला में सोनभद्र के 12 छात्रों का दबदबा कई रजत एवं कांस्य पदक जीता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। जन शिक्षा समिति काशी प्रदेश द्वारा आयोजित प्रांतीय गणित मेला का आयोजन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गौरा बादशाहपुर जौनपुर में संपन्न हुआ,जिसमें गणित प्रश्नमंच, गणित प्रदर्श, गणित प्रयोग गणित पत्रवाचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रश्नमंच, लोक नृत्य ,कला, रंगोली ,भाषण, आशु भाषण जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम में 12 जिले से चयनित भैया बहन प्रतिभा किए थे। प्रतियोगिता समारोह में जनपद से महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दुद्धी एवं संत श्री सच्चा बाबा सरस्वती शिशु मंदिर विंढमगंज से 15 भैया /बहन भाग लिए। 15 में महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दुद्धी विद्यालय से गणित प्रदर्श में भैया शाहिद खान और देव कुमार विश्वास द्वितीय स्थान प्राप्त किए। सुधाकर मिश्रा एवं अंकित कुमार क्रमशः गणित प्रदर्श एवं गणित पत्र वाचन में तृतीय स्थान प्राप्त किये।

सरस्वती शिशु मंदिर विंढमगंज से सांस्कृतिक प्रश्न मंच में तीन बहने लक्ष्मी कुमारी ,परिधि कुमारी और रिद्धिमा कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किये।पांच रजत पदक एवं दो काश्य पदक प्राप्त कर सोनभद्र का नाम रोशन किए। उपरोक्त सभी भैया बहनों को कार्यक्रम में पार्टिसिपेट करने के लिए सोनभद्र जिला के जिला प्रमुख जितेंद्र तिवारी ,महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दुद्धी के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी और दुद्धी विद्यालय के गणित प्रमुख आचार्य राजू गुरुजी के नेतृत्व में 15 भैया /बहनों को कार्यक्रम में पार्टिसिपेट कराया गया। इस मौके पर सारनाथ में स्थित म्यूजियम बौद्ध स्तूप, अशोक स्तंभ ,बौद्ध मंदिर आदि ऐतिहासिक स्थलों को दिखाकर ज्ञानवर्धन कराया गया।

पुरानी दुश्मनी में मारपीट, तीन घायल, चार के खिलाफ मुकदमा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित ग्राउंड में 31 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे पुरानी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद तेज होते ही मारपीट शुरू हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बूटबेड़वा निवासी प्रकाश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय सियाराम गुप्ता विवाद के दौरान घायल हो गए। बीच-बचाव के लिए पहुंचे सलैयाडीह निवासी प्रिंस चंद्रवंशी पुत्र राजेश चंद्रवंशी और उमेश कुमार चंद्रवंशी पुत्र जय कुमार चंद्रवंशी को भी चोटें आईं।
प्रकाश गुप्ता की लिखित तहरीर के आधार पर विंढमगंज पुलिस ने कार्तिक चंद्रवंशी पुत्र सीताराम चंद्रवंशी, संदीप यादव पुत्र सामोद यादव, युवराज कुमार गुप्ता पुत्र राजू प्रसाद गुप्ता और रहीस असारी पुत्र सुलेमान, सभी सलैयाडीह निवासी, के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 131/2026 दर्ज किया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 115(2), 352 और 351(3) लगाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खेत जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, इंजन के नीचे दबा युवक का पैर ,जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पिपरडीह गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा टल गया। सरसों की फसल के लिए खेत की जुताई करने गए एक युवक का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरे नाले में पलट गया। इस हादसे में युवक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसका बायां पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गनीमत रही कि समय रहते पिता और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
परिजनों के मुताबिक,पिपराडीह निवासी शीतल सिंह (35) पुत्र रामू दोपहर करीब 3 बजे अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर बैरियाखाड़ी स्थित खेत में सरसों की फसल की बुआई के लिए जुताई करने गए थे। खेत के किनारे से एक नाला गुजरा हुआ है। जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर का पहिया नाले के पास फिसल गया और ट्रैक्टर सीधे नाले में जा पलटा।
हादसा में ट्रैक्टर के चारों पहिए हवा में ऊपर हो गए और चालक शीतल सिंह ट्रैक्टर के भारी भरकम इंजन के नीचे दब गए।
खेत में कुछ ही दूरी पर मौजूद शीतल के पिता रामू ने बेटे की चीख पुकार सुनी तो वे तुरंत घटनास्थल की ओर भागे। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के अन्य ग्रामीणों को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत की और बांस बल्ली के सहारे ट्रैक्टर को उठाकर किसी तरह युवक को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। ईएमटी पंकज कुमार और चालक विजय राजभर ने घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं और फैक्चर भी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

भारत रत्न लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की श्रद्धापूर्वक मनाई गई जयंती,वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

मेधावी बच्चों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

दुद्धी (सोनभद्र)। पटेल सेवा समिति अनपरा के तत्वाधान में अखंड भारत के निर्माता भारत रत्न लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती एकता एवं अखंडता दिवस के रूप में पटेल उद्यान अनपरा में शनिवार देर शाम को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्य महाप्रबंधक अनपरा तापीय परियोजना इं अजय कुमार कटियार तथा विशिष्ट अतिथियों द्वारा सरदार पटेल जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाप्रबंधक प्रशासन इं शोभ नाथ मिश्रा,महाप्रबंधक द ताप इं प्रशांत त्रिपाठी,महाप्रबंधक प्रशासन (ओबरा) इं निखिल चतुर्वेदी,महाप्रबंधक ब ताप इं चंद्र प्रकाश,महाप्रबंधक अ ताप इं डीके सिंह,महाप्रबंधक जानपद इं निशीथ शर्मा,मुख्य वक्ता श्री आनंद पटेल उर्फ दयालू,श्रीमती सरोज सिंह, उपसमादेष्टा अनपरा इकाई श्री अरविंद कुमार एवं आरके शर्मा,नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम बैसवार,अधीक्षण अभियंता इं राजेश कुमार सिंह,इं कर्मेंद्र सिंह,इं महेंद्र सिंह,इं केएस सचान, इं गजेंद्र सिंह,इं वीके सिंह,इं एसके रजक,इं वीके दिनकर,इं संजय सिंह,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अमर नाथ बरनवाल आदि अतिथियों द्वारा पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पटेल उद्यान परिसर में पटेल समिति के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा वृक्ष दान किया कर पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर सरदार पटेल को एकता का प्रतीक और भारत के प्रति योगदान को नमन करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इं अजय कटियार ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दृढ़ संकल्प और दूरदृष्टि से भारत की 562 छोटी बड़ी रियासतों को एकसूत्र में जोड़ा वह उनके अटूट राष्ट्रभक्ति भाव का प्रतीक है।हमें उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में एकता,अनुशासन और सेवा की भावना को सशक्त बनाना चाहिए।भारत देश को आजादी दिलाने तथा देश की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। कहा कि पटेल सेवा समिति द्वारा वृक्षारोपण का कार्य सराहनीय कदम है और पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए आगे भी लोगों को वृक्षारोपण का कार्य करते रहना चाहिए। महाप्रबंधक ब ताप इं चंद्र प्रकाश ने कहा कि पटेल जी का देश को संगठित करने बहुत बड़ा योगदान है,उनके द्वारा स्थापित प्रशासनिक व्यवस्था आज भी राष्ट्र की रीढ़ के रूप में कार्य कर रही है।मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष अपना दल एस तथा राष्ट्रीय नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आनंद पटेल उर्फ दयालू ने कहा कि देश को पटेल जी जैसे नेताओं की अभी बहुत जरूरत है वह केवल राजनेता नहीं बल्कि भारत के वास्तविक शिल्पकार थे।सरदार पटेल की विचारधारा हर उस भारतीय के लिए प्रेरणा है जो जाति – पांति और दलगल राजनीति से ऊपर उठकर देश के लिए सोचता है।छत्रपति शाहूजी महाराज धर्मशाला की अध्यक्ष श्रीमती सरोज सिंह ने कहा कि पटेल जी की गुजरात में 182 मीटर ऊंची बनी स्टैचू ऑफ यूनिटी सबसे बड़ी स्टेचू है जिसे विश्व के कोने कोने से लोग देखने आ रहे हैं।इं चंद्रमा प्रसाद ने कहा कि सरदार पटेल एक बहुत बड़े बुद्धिमान और देश के सबसे बड़े कानून के जानकार थे। इं डीके सिंह ने कहा कि पटेल जी को सरदार की उपाधि देश की महिलाओं ने ही दिया था उन्होंने किसानों और महिलाओं के हित में बहुत सराहनीय कार्य किए थे,आज देश को फिर उसी एकता और समर्पण की भावना की आवश्यकता है,जो सरदार पटेल के समय थी।इस अवसर पर कक्षा एक से बारह तक के कई मेधावी बच्चों को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा मेडल और प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सेवा निवृत कर्मचारियों को भी शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इं अदालत वर्मा तथा संचालन इं धर्मेंद्र रामकरन व अभिषेक सिंह ने किया।
इस अवसर पर इं प्रवीण वर्मा,इं बीआर पटेल,इं सुभाष पटेल,इं प्रभाकर सिंह,इं रामप्यारे वर्मा,इं मनोज यादव,इं ज्ञानेंद्र सिंह, इं संजय महतो, इं प्रमेंद्र चौधरी,महताब आलम,राजकुमार यादव,संतोष कन्नौजिया,श्रीमती माधुरी पटेल, श्रीमती मंजू पटेल,इं संजय सिंह, इं संदीप सिंह,इं श्रवण कुमार,इं सुधीर सिंह,इं पवन वर्मा , इं मनीष कुमार सिंह, इं राज कुमार सिंह,श्री त्रिभुवन सिंह,जेके सिंह,इंद्र कुमार सिंह,श्री गंगम सिंह, श्यामबिहारी सिंह, सुभाष पटेल,देवेंद्र वर्मा,अजय पटेल, अभय सिंह,विष्णु पटेल,सतीश सिंह,श्रीकांत,मंगल मणि,वीरेंद्र वर्मा, श्रीकांत पटेल,राहुल सिंह, धर्मपाल सिंह,नीरज वर्मा,बृजेश सिंह, अनिल सिंह,पवन वर्मा, प्रभाकर सिंह,अभय सिंह दिलीप वर्मा,सतीश सिंह, वीके आनंद, राजकुमार यादव , डॉ राम मिलन, मुकेश जायसवाल, सीलियम मसीह,राकेश जा यसवाल,जितेंद्र जायसवाल,इंद्रेश सिंह,नीरज जायसवाल,निलेश भारती सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

दुद्धी पुलिस ने पोक्सो केस में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली पुलिस ने पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त को रविवार सुबह कस्बा बढनीनाला रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। एसपी के पर्यवेक्षण और एसपी दुद्धी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, काश रावत पुत्र गिलेन्द्र रावत निवासी काली मोहाल वार्ड नंबर 1, कस्बा दुद्धी, के विरुद्ध थाना दुद्धी में मुकदमा संख्या 284/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 65(1) एवं पोक्सो एक्ट की धारा (2) में रिपोर्ट दर्ज थी। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
सूचना मिलने पर रविवार को सुबह लगभग 06:30 बजे बढनीनाला दुद्धी रेलवे स्टेशन के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार ,वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, एक साल पहले इसी जगह दादी की भी हुई थी ट्रेन से कटकर मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी( सोनभद्र)कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में शनिवार देर शाम रेलवे अप लाइन पर एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजखड़ गांव निवासी सतेंद्र (22) पुत्र शीतल शनिवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन दिनभर वापस नहीं लौटे। देर शाम करीब 7 बजे ग्रामीणों ने घर के समीप रेलवे अप लाइन के दक्षिणी छोर पर पोल संख्या 80/21 और 23 के बीच पटरी पर एक शव पड़ा देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी की मोर्चरी में रखवा दिया।
परिजनों के मुताबिक,मृतक सतेंद्र अपने घर का सबसे बड़ा लड़का था। वह बाहर रहकर मजदूरी करता था और इन दिनों घर पर ही था। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों में कोहराम मचा गया है ।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि, ठीक एक साल पहले ठीक इसी स्थान पर सतेंद्र की दादी भी ट्रेन की चपेट में आ गई थी, जिनकी दुर्घटना में मौत हो गई थी। एक ही परिवार में एक ही जगह पर ऐसी दो दर्दनाक घटनाओं से हर कोई स्तब्ध है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।

दुद्धी एनएच-39 पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक चालक युवक की मौत, भाभी और साली गंभीर रूप से घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

एक बाइक पर सवार थे चार लोग ,बरखोरहा गांव से आ रहे थे दुद्धी

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के समीप कनहर बैरियर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 39 दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विंढमगंज से दुद्धी बाजार आ रही अनियंत्रित बाइक एक ट्रेलर की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, विंढमगंज थाना क्षेत्र के बरखोरहा गांव निवासी धर्मेंद्र (25) पुत्र विजय भुइया अपनी रिश्ते में लगने वाली भाभी अंजलि देवी (28) पत्नी अशोक और अंजलि की छोटी बहन (साली) मंजिली (18) निवासी बभनी के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर दुद्धी बाजार आ रहे थे। इसी दौरान घर के पास का ही रहने वाला पड़ोसी दीपक भी उनके साथ बाइक पर बैठ गया।एक बाइक पर चार लोग सवार होकर दुद्धी आ रहे थे कि जैसे ही उनकी बाइक दुद्धी से करीब तीन किलोमीटर पहले जाबर गांव के पास नए बैरियर के पास पहुंची, चालक धर्मेंद्र आगे चल रहे एक ट्रेलर को ओवरटेक करने लगा। तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक को देखकर धर्मेंद्र घबरा गया, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ट्रेलर की चपेट में आ गई।
हाइवे पर हुए इस भीषण हादसे में बाइक चालक धर्मेंद्र, उसकी भाभी अंजलि और साली मंजिली गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक पर पीछे बैठे पड़ोसी दीपक को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी भिजवाया।
सीएचसी दुद्धी में मौजूद चिकित्सक डॉ मनोहर सिंह ने जांच के बाद चालक धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अंजलि देवी, मंजिली और दीपक का इलाज अस्पताल में जारी है।परिजनों ने बताया कि मृतक धर्मेंद्र का करीब एक वर्ष पहले विवाह हुआ था ,मृतक दो भाइयों में बड़ा था ,जो बाहर जाकर मेहनत मजदूरी करता था ।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बाइक सवारों ने हेलमेट पहना होता और नियम,सावधानी बरती जाती, तो शायद यह बड़ी जनहानि टल सकती थी।
कोतवाली पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई और जांच में जुट गई है।

दुद्धी में दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत, पांच लोग घायल, तीन जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में दुद्धी-अमवार मार्ग पर रेंज ऑफिस के पास शनिवार देर शाम दो बाइकों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों आनंद कुमार, रोहित कुमार, चंदन, अनिल कुमार और अजय कुमार सभी निवासी खजुरी,ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपाची बाइक पर विकास कुमार उर्फ सोनू (25) पुत्र स्व. नारायण शाह निवासी खजुरी,अनुज (22) पुत्र हुलास बियार निवासी धनौरा और राहुल (22) पुत्र बहादुर निवासी धनौरा रहे ।वहीं
हीरो स्प्लेंडर बाइक पर अक्षय कनौजिया (26) पुत्र स्व. रामप्रसाद निवासी बघाडू और उनके रिश्तेदार संत गौड़ (18) पुत्र भरत निवासी ग्राम कारीबथान थाना धुरकी, झारखंड सवार थे ।
बताया गया कि हीरो स्प्लेंडर सवार युवक विनोद मोड़ से बाइक पर सवार होकर बघाडू ग्राम के टोला बिंदुखाड़ी स्थित अपने घर जा रहे थे।
सीएचसी दुद्धी में डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए अपाची सवार विकास उर्फ सोनू तथा स्प्लेंडर सवार अक्षय कनौजिया और संत गौड़ को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।एनएच-39 स्थित विंढमगंज थाना क्षेत्र के ज़ोरुखाड़ गांव के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की टक्कर में 50 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान अवधेश पुत्र बैजनाथ (50) निवासी कोरगी, वर्तमान में मलदेवा दुद्धी, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अवधेश रिश्तेदारी से विंढमगंज की ओर से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ज़ोरुखाड़ गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पास के खेत में जा उतरी। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया, जिसके माध्यम से घायल अवधेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में अवधेश के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शरीर के विभिन्न हिस्सों में भी चोटें हैं।

दीपावली व डाला छठ पर सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बैठक में दिए सख्त निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दीपावली और डाला छठ के मद्देनजर नगर पंचायत सभागार में कर्मचारियों और सभासदों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की।
बैठक में नगर पंचायत की प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं एसडीएम आकांक्षा गौतम ने सफाई कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने और सेवा समाप्ति से संबंधी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि साफ सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान सभासदों ने डूडा की ओर से कराए गए सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने शिकायत की कि निर्माण में लापरवाही के कारण कई स्थानों पर सड़कें खराब हो गई हैं। बैठक में नगर के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा हुई। सभासदों ने जनहित से जुड़े विभिन्न कार्य कराने के प्रस्ताव रखे।
बैठक में निरंजन कुमार, शाहनवाज खान, मोनू सिंह, राकेश आजाद, शाहिद खान और मनोनीत सभासद सुमित सोनी ,पूजा, धनंजय रावत उपस्थित रहे।वहीं महिला सभासद की उपस्थिति नहीं रही ।

दुद्धी को जिला बनाओ” कि मांग को लेकर संघर्ष समिति का प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी को जिला बनाए जाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर आज शनिवार को दुद्धी जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी परिसर के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “दुद्धी को जिला बनाओ,विकास कराओ” के नारे लगाते हुए सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के समय दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद इस पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग दशकों से उठाई जा रही है, फिर भी प्रशासनिक स्तर पर निर्णय टलता आ रहा है।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी क्षेत्र की जनसंख्या, क्षेत्रफल और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए यहां अलग जिला बनाना आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कुछ जिलों की आबादी दुद्धी क्षेत्र से कम है, इसके बावजूद मांग को टाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहां कि यदि सरकार जनभावना का सम्मान नहीं करती और समय रहते निर्णय नहीं लेती, तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।
प्रदर्शन में सत्यनारायण यादव, विष्णु कांत तिवारी ,उदयलाल मौर्या ,शिव शंकर प्रसाद, संतोष कुमार, शंभू नाथ ,रामजी पांडे, राकेश अग्रहरि ,नीरज जायसवाल,राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ,आशीष गुप्ता,आदर्श सहित बड़ी संख्या में संघर्ष समिति, अधिवक्ता मौजूद रहे।

सीएमओ ने किया दुद्धी सीएचसी का औचक निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार की देर शाम अचानक दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। लगभग 30 मिनट तक चले इस दौरे में उन्होंने सीएचसी अधीक्षक एवं तैनात चिकित्सकों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
अस्पताल पहुंचते ही सीएमओ सीधे आपातकालीन कक्ष (आईपीडी) में गए। इस दौरान उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. वरुणा निधि के अलावा चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी और डॉ. मनोहर सिंह से बातचीत की।
सीएमओ ने अस्पताल में सर्पदंश की घटनाओं तथा प्रसव सेवाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
डॉ. मिश्रा ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सर्पदंश से पीड़ित मरीजों को समय पर एंटी वेनम और उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही संस्थागत प्रसव कराने आने वाली महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को समय पर इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाए।

दुद्धी में 3 पैथोलॉजी सेंटर सील, एफआईआर की चेतावनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कस्बे में बिना पंजीकरण संचालित पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान तीन अवैध पैथोलॉजी केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कस्बे में छापेमारी कर अरुण डेंटल क्लीनिक, न्यू मॉडर्न पैथोलॉजी और हिंद पैथोलॉजी की गहन जांच की। जांच के दौरान संचालकों से केंद्र संचालन से जुड़े वैध कागजात और रजिस्ट्रेशन दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे उन्हें पेश करने में असमर्थ रहे।
विभागीय रिकॉर्ड से मिलान करने पर तीनों सेंटरों का कोई पंजीकरण दर्ज नहीं मिला। इसके अलावा दो केंद्रों के नाम भी नियमों के अनुरूप एवं संतोषजनक नहीं पाए गए।
तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
मामले की जानकारी देते हुए एसीएमओ डॉ. जीएस यादव ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन पाए जाने पर तीनों पैथोलॉजी सेंटरों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया है और संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध रूप से संचालित चिकित्सा एवं जांच केंद्रों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।