सचिन अग्रवाल और मेसर्स ओमैक्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर करने कि मांग- चन्दन दुबे

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक जनपद सोनभद्र, उ०प्र०। सचिन अग्रवाल और मेसर्स ओमैक्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के संबंध में।
गौरतलब है कि प्रार्थना पत्र द्वारा चंदन दूबे पुत्र स्व० ललित दूबे, निवासी ओड़ी मोड़, अनपरा, थाना -अनपरा, जनपद सोनभद्र (मो० 8299851905) द्वारा ध्यान आकृष्ट कराया गया है कि जनपद सोनभद्र में खनन पट्टाधारक मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० निदेशक सचिन अग्रवाल द्वारा किये गये भारी फर्जीवाड़े की ओर आकृष्ट कराना चाहता हूँ।

मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० निदेशक श्री सचिन अग्रवाल के पक्ष में ग्राम खेबंधा, थाना जुगैल, तहसील ओबरा, जनपद सोनभद्र के आ०सं० 246 (खण्ड-स) रकबा 7.00 हे० क्षेत्र पर बालू / मोरम का 5 वर्षीय खनन पट्टा दिनांक 09/01/2023 से दिनांक 08/01/2028 तक की अवधि के लिये स्वीकृत है।

उक्त खनन पट्टे की रजिस्ट्री दिनांक 23/01/2023 को हुयी थी जिसमे मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० की तरफ़ से श्री सचिन अग्रवाल द्वारा बतौर निदेशक एवं निदेशक के स्टाम्प सहित रजिस्ट्री विभाग में प्रस्तुत होकर स्वयं सभी हस्ताक्षर किये गये है एवं फोटो खिचवाई गयी है (जिसके प्रमाण उक्त खनन पट्टे की रजिस्ट्री डीड में उपलब्ध हैं) जबकि 14/11/2022 को ही श्री सचिन अग्रवाल द्वारा निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया गया था। निदेशक पद पर न रहते हुये भी सचिन अग्रवाल द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री विभाग में सरकारी दस्तावेज़ों पर फर्जी तरह से निदेशक के रूप में हस्ताक्षर किये गये हैं जिससे उक्त रजिस्ट्री डीड अमान्य साबित होती है।

मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० द्वारा भी उक्त की जानकारी खनिज विभाग, जिलाधिकारी कार्यालय एवं किसी अन्य विभाग में नहीं दी गयी है जिससे सचिन अग्रवाल एवं मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० द्वारा किया गया फर्जी कृत्य स्पष्ट रूप से प्रमाणित होता है। श्रीमान जी से निवेदन है कि उक्त तथ्यों के दृष्टिगत सचिन अग्रवाल एवं मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० के उपर उक्त फर्जी कृत्य के दृष्टिगत उचित धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्यवाही करने की कृपा करें। (1) मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० के निदेशक पद संबंधित ऑनलाइन उपलब्ध रिकॉर्ड्स की छायाप्रति। (2) मे० ओमैक्स मिनरल्स प्रा० लि० के रजिस्ट्री डीड दिनांक 23/01/2023 की छायाप्रति। प्रतिलिपि (1) मुख्यमंत्री महोदय, उ०प्र० शासन, लखनऊ।(2) अतिरिक्त मुख्य सचिव, भूविज्ञान एवं खनन, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ। (3) निदेशक, भूविज्ञान एवं खनन, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ। (4) मण्डलायुक्त, विंध्याचल मण्डल, जनपद मीरजापुर। (5) पुलिस उप महानिरीक्षक, मिर्जापुर सर्कल, जिला मिर्जापुर। (6) ज़िलाधिकारी महोदय, जनपद सोनभद्र को डाक रजिस्ट्री कर एंव मुख्यमंत्री पोर्टल पर कर कार्यवाही की मांग कि है।

दुद्धी:सोशल मीडिया पर राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में जिलाधिकारी ने की तत्काल कार्रवाई, राजस्व निरीक्षक निलंबित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।स्थानीय तहसील में आयोजित प्रथम शनिवार के सम्पूर्ण समाधान दिवस में सोशल मीडिया पर वायरल हुए रिश्वत लेने के वीडियो के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने त्वरित कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर उपलब्ध प्रारम्भिक तथ्यों के अनुरूप तत्काल प्रभाव से राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को निलंबित कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ व अपर पुलिस अधीक्षक (आपरेशन) ऋषभ रुणवाल के उपस्थित में शिकायतकर्ताओं की सुनवाई की गई। भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों की स्थलीय जाँच कर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है और अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यह शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और उक्त राजस्व निरीक्षक पर तात्कालिक निलंबन की कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारियों को प्रकरण की गहन विवेचना के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी दशा में सहनीय नहीं होगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन कायम करना प्राथमिकता है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अथवा अनुचित आचरण की शिकायत प्रमाणित पाई जाती है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने तात्कालिक प्रभाव से डॉ. पल्लवी सिन्हा, महिला चिकित्साधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र म्योरपुर को सप्ताह में दो दिन दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कार्य करने हेतु आदेशित भी किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण के पश्चात शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जाए।दिनभर में जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (आपरेशन) और उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव ने कुल 101 शिकायतें सुनीं, इनमें से एक मामला मौके पर निस्तारित किया गया जबकि शेष 100 प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गये। तहसीलदार अंजनी गुप्ता, नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने निर्धारित समय के बाद भी जनसुनवाई जारी रखते हुए दो बजे के बाद भी शिकायतकर्ताओं की सुनवाई की ताकि जनता के मुद्दों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

अनियंत्रित बाइक बस से टकराई ,बाइक सवार घायल ,रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सागोबांध में आज शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे अनियंत्रित बाइक सामने से आ रही बस से टकराई गया जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया ।
मिली जानकारी के अनुसार नरेशराम 42 पुत्र रामलक्ष निवासी ग्राम बैना थाना बभनी ,पूर्वाह्न करीब 11 बजे किसी काम से बाइक से दुद्धी के तरफ आ रहे थे कि सागोबांध गांव में उनकी बाइक की सामने से आ रही सवारी बस से जोरदार टक्कर हो गई ।हादसे में बाइक सवार नरेशराम गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया ।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल व्यक्ति को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया,जहां सीएचसी चिकित्सक डॉ विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद जबड़े पर गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।

मल्देवा गांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मल्देवा में शनिवार शाम लगभग 6 बजे 40 वर्षीय जमुना प्रजापति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी श्यामजी यादव व उनकी टीम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक ने घर के बरेड़ में मफलर का फंदा बनाकर यह कदम उठाया है। प्राथमिक पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, किन्तु सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व घटनास्थल पर की जा रही जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।परिजन व ग्रामीणों ने कहा कि घटना के समय घर पर कोई उपस्थित नहीं था। मृतक ने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी में बेट लगाने के काम के लिए गांव में ही भेजा हुआ था। मृतक के पिता का देहांत पहले हो चुका है और वह दो भाइयों में बड़े थे, छोटा भाई काम के सिलसिले में बाहर है और उसे सूचना दे दी गई है। परिवार का कहना है कि वे इस कदम के पीछे किसी ठोस कारण से अनजान हैं। बताया गया है कि जमुना अधिकांश समय घर पर ही रहता था जबकि उसकी पत्नी मजदूरी कर परिवार का खर्च चला रही थीं।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व ग्रामीणों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दुद्धी सिविल बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी सिविल बार संघ की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार दोपहर को कचहरी के बार सभागार में संपन्न हुई, जिसमें बार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा एवं निर्णय किए गए।
बैठक में मासिक शुल्क बढ़ाकर 20 रुपये से 30 रुपये करने का निर्णय लिया गया। इस वृद्धि का उद्देश्य संघ की नियमित गतिविधियों और प्रशासनिक खर्चों को बेहतर तरीके से संभालना बताया गया।
बैठक के दौरान कनिष्ठ गवर्निंग के पद पर नियुक्त आशीष गुप्ता को संघ के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव ने शपथ दिलाई। आशीष गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के बाद विधिक सेवाओं और बार के सदस्यों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नान सी.ओ.पी.वाले अधिवक्ताओं की पहचान के लिए सोमवार से एक सर्च अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान में बार के सदस्यों और स्थानीय प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी, ताकि ऐसे अधिवक्ताओं को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई किया जा सके।
इसके अलावा बार की आय-वृद्धि तथा आर्थिक विकास के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सदस्यों ने फंडिंग के वैकल्पिक स्रोतों, संघ की पारदर्शिता और व्यय के बेहतर प्रबंधन पर कई सुझाव दिए।

बैठक में अध्यक्ष रामलोचन तिवारी ,राकेश श्रीवास्तव ,विष्णुकांत तिवारी ,आशीष गुप्ता मोहर सिंह ,सचिव अंजनी सिंह सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य और स्थानीय अधिवक्ता शामिल रहे।

ग्राम सायल में कुएं में डूबने से 13 वर्षीय छात्रा की मौत, परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) ।स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सायल सरडीहा की रहने वाली 13 वर्षीय प्रियंका की शुक्रवार देर रात को कुएं में पानी में डूबने से मौत हो गई।पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
एसएसआई संजय सिंह ने बताया कि प्रियंका दिनांक 5 जून को बिना बताये घर से चली गई थी। परिजन कई घंटे तक तलाश करते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। आज 6 जून को गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित एक कुएं में उसकी पानी में डूबकर मृत्यु का पता चला।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है ।

बीजपुर में दो दिनों में दो अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार 20 लीटर कच्ची शराब बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)बीजपुर पुलिस ने लगातार दो दिनों में दो अलग-अलग स्थानों से दो देशी शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके पास से अवैध देशी कच्ची शराब बरामद की है।थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार को उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिरसोती बाईपास के पास घेराबंदी की।पुलिस ने मौके से रामचंद्र पुत्र ज्ञान चंद्र निवासी ग्राम सिरसोती को दबोच लिया।तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक सफेद प्लास्टिक की पिपिया में भरी लगभग 10 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब बरामद हुई।इससे ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को भी बीजपुर पुलिस ने डोड़हर से बीजपुर जाने वाले मार्ग पर एक शराब तस्कर को पकड़ा था खुद थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की टीम ने शाम घेराबंदी कर श्रीराम पुत्र ननई निवासी राय कॉलोनी बीजपुर को गिरफ्तार किया था।आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक के जरीकेन से 10 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब बरामद की गई थी। इस मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की।थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों ही मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अवैध शराब के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है।

चेतवां जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने उठाए सवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

मोबाइल गिरवी रखकर लिए थे रुपये, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

बीजपुर (सोनभद्र) थाना क्षेत्र के नेमना गांव निवासी एक युवक का शव शनिवार सुबह चेतवां जंगल में सड़क किनारे चिलबिल के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेमना निवासी प्रवेश कुमार (21वर्ष) पुत्र गुलाब चंद शुक्रवार को करीब तीन बजे घर से फॉर्म भरने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक राहगीर ने परिजनों को सूचना दी कि चेतवां जंगल में सड़क किनारे एक युवक चिलबिल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान प्रवेश कुमार के रूप में की।

मृतक के भाई सर्वेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि मृतक ने एक दिन पूर्व चेतवां स्थित एक जनसेवा केंद्र पर अपना मोबाइल गिरवी रखकर करीब 4500 रुपये लिए थे। इस संबंध में पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है और यह जानकारी जुटाई जा रही है कि रुपये किस खाते में भेजे गए थे।
बताया गया कि प्रवेश कुमार जरहां स्थित महाविद्यालय से बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

मझौली गांव का वायरल वीडियो राजस्व विभाग पर उठा बड़ा सवाल,कानूनगो निलंबन के लिए भेजे गए, लेखपाल हटाए गए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय तहसील क्षेत्र के मझौली गांव से सोशल मीडिया पर सामने आए एक वायरल वीडियो ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में अंश निर्धारण और पत्थरगड़ी जैसे राजस्व संबंधी कार्यों के नाम पर एक काश्तकार से कथित रूप से रिश्वत लेते और गिनते हुए राजस्व कर्मचारियों को दिखाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार वीडियो वायरल होते ही उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल कुमार यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की विस्तृत जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर संबंधित कानूनगो के खिलाफ निलंबन की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी सोनभद्र को भेज दी गई है।
वहीं जांच के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल की भूमिका पर भी संदेह के संकेत मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से उसके वर्तमान कार्यक्षेत्र से हटा दिया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरे राजस्व विभाग में खलबली और हड़कंप मची हुई है ।
उधर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि तहसील में कार्यों के लिए बड़े पैमाने पर पैसे की मांग किया जाता है और बगैर भुगतान के काम नहीं किए जाते। शनिवार को तहसील दिवस में जिलाधिकारी के आने की खबर से कार्यवाही किए गए है । बताया जाता है कि पीड़ित व्यक्ति ने संबंधित पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।प्रशासन ने भरोसा दिया है कि राजस्व सेवाओं में गड़बड़ी की किसी भी शिकायत का संज्ञान लिया जाएगा। निष्पक्ष जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेणुकूट मण्डल में भाजपा द्वारा पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम”पौधारोपण किया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

रेणुकूट मण्डल में भाजपा द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया, मण्डल अध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने लोगों से पौधे की देखभाल का संकल्प लेने का किया अपील

रेणुकूट सोनभद्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेणुकूट मण्डल में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांद प्रकाश जैन मण्डल अध्यक्ष छवि शाह व ने पिपरी हनुमान मंदिर में पौधा रोपित किया। समारोह में भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने उपस्थित जनता से अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांद प्रकाश जैन ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए जनजागरूकता आवश्यक है।छवि शाह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने तथा वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए इस तरह के सामुदायिक प्रयास आवश्यक हैं।
उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई ।
पौधा रोपण कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष गीता सिंह,प्रदीप सिंह पिंटू,बूथ अध्यक्ष मंगल शर्मा,अनुसूचित मोर्चा जिला मंत्री शंभू खरवार,सहित अन्य लोग भी सहभागी हुए।

शौच के लिए घर से निकले युवक की लौवा नदी में डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुम्हान के गढ़वार टोला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 18 वर्षीय धर्मेंद्र कुशवाहा की लौवा नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र (18) पुत्र राजदेव कुशवाहा शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे शौच के लिए घर से निकला था। शौच के बाद वह गांव के पास लौवा नदी के किनारे पानी छूने गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता राजदेव ने बताया कि नदी में गिरने की सूचना पहले एक बच्ची ने ग्रामीणों को दी थी। सूचना मिलते ही उनके बड़े बेटे और अन्य ग्रामीण नदी के पास पहुँचे। बड़े बेटे ने नदी में जाकर धर्मेंद्र को पानी से बाहर निकाला । प्रधान सरजू की मौजूदगी में धर्मेंद्र को बाहर निकालकर तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
दुद्धी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
परिवार ने बताया कि धर्मेंद्र मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उन्हें फरका (मिर्गी के दौरे) की समस्या थी। परिवार का अनुमान है कि नदी किनारे पानी छूते समय उन्हें अचानक दौरा आ गया होगा, जिससे वे संतुलन खोकर गहरे पानी में गिर गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गाव में शोक व्याप्त है।

प्रेम‑संदेह में दोस्त की निर्मम हत्या, पुलिस ने 8 घंटे में किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जोरूखाड़ टोला बगबियानी के पास बुधवार को मिले 24 वर्षीय रजनीकांत गोंड पुत्र स्व अश्वनी गोंड निवासी पतरिया के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी दिनेश पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम केवाल को घटनाक्रम के मात्र आठ घंटे के भीतर पकड़ लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चापड़, मृतक का मोबाइल फोन और खून सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार को जोरूखाड़ के सड़क किनारे जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर मृतक की मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। परिजनों की तहरीर के आधार पर विंढमगंज थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने स्थानीय सूचना तंत्र व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तफ्तीश तेज की ।अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की है। जांच में पता चला है कि दिनेश को अपनी पत्नी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मृतक रजनीकांत के साथ कथित चैट और बढ़ती नजदीकियों का शक था। कुछ समय पहले हुए विवाह के बाद यह शक धीरे‑धीरे रंजिश में बदल गया। इसी तनाव के कारण दिनेश ने रजनीकांत को बहाना बनाकर जंगल की ओर बुलाया और सुनसान जगह पर पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे रजनीकांत की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल लेकर छिपा दिया तथा हत्या में प्रयुक्त चापड़ और खून सने कपड़े झाड़ियों में छिपा दिए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ये सभी साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने पर घटनाक्रम व कारण और स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

दुद्धी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण,जिला अध्यक्ष व चेयरमैन ने लोगों से देखभाल का संकल्प लेने की अपील

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दुद्धी में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता व नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने डिग्री कॉलेज रोड नंदनवन में पौधा रोपित किया। समारोह में भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने उपस्थित जनता से अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

नंदलाल गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए जनजागरूकता आवश्यक है। कमलेश मोहन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने तथा वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए इस तरह के सामुदायिक प्रयास आवश्यक हैं।
उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई ।
पौधा रोपण कार्यक्रम में उनके साथ सुरेंद्र अग्रहरि, मनोज सिंह उर्फ बबलू, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह,दिलीप पांडे,सुमित सोनी,मनीष जायसवाल, मोनू सिंह, अंशुमन राय, देवेश मोहन सहित अन्य लोग भी सहभागी हुए।

दुद्धी में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक संपन्न, 2027 में फिर सपा सरकार बनाने का संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक विधानसभा क्षेत्र दुद्धी के गोंडवाना भवन में शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने की। मुख्य अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष जनजाति प्रकोष्ठ रवि गोंड गोंड बड़कू ने कहा कि आज विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है, लेकिन दूसरी ओर विकास के नाम पर प्राकृतिक जल, जंगल और जमीन को पूंजीपतियों को देने से नुकसान हो रहा है। रवि गोंड ने कहा कि जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और छात्र पेपर लीक से परेशान है और सरकार इन जनमुद्दों पर पूरी तरह मौन है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में अखिलेश यादव के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी। सपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता कमर कस चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ने दलित और पिछड़े वर्गों के साथ खड़े होकर काम किया है।
मासिक बैठक में नरेन्द्र सिंह गोंड ने पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष जानकारी साझा की और कहा कि संगठन मजबूत कर 2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनानी है। बैठक में जगदीश यादव, गौस मोहम्मद खान, कल्लन ख़ाँ, प्रेमसागर पांडेय, आशा रावत ,कौशल्या देवी ,सुशीला देवी, रवीना रानी सहित सभी सेक्टर व जोन प्रभारी, विधानसभा के पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

शाहगंज बाजार में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने आज घोरावल तहसील क्षेत्र के शाहगंज बाजार में जलभराव की समस्या के निराकरण हेतु अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाजार क्षेत्र में जल निकासी की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि शाहगंज बाजार में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु समुचित जल निकासी नाली निर्माण का विस्तृत एस्टीमेट शीघ्र तैयार कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि पानी का प्रवाह नहर की ओर हो सके, जिससे बाजार एवं आसपास के क्षेत्र में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने तथा प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री नामित शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय बाजारवासी उपस्थित रहे।

सोनभद्र में सीएम योगी के जन्मदिवस पर होगा भव्य आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

*सोनभद्र।* उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ, सोनभद्र द्वारा भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संगठन के जिलाध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं जिलाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 5 जून से 12 जून 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में सोनभद्र में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठानों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 51 दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ भव्य आरती की जाएगी। साथ ही पंचामृत से भगवान भोलेनाथ का स्नान एवं रुद्राभिषेक भी संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी, गणमान्य नागरिक एवं आमजन शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रयागराज की सनातनी किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्या नंदगिरी (टीना माँ ) को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। जिलाध्यक्ष विजय यादव ने प्रयागराज पहुंचकर उन्हें भगवान भोलेनाथ के अर्धनारीश्वर स्वरूप की प्रतिमा भेंट कर औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे एवं पत्रकार कुनाल सिंह, गौरव निगम, प्रिंट मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सिंह चंदेल रहे । वहीं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य एवं विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश के यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति मुख्य वक्ता के रूप में सभा को संबोधित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक समरसता का संदेश देने के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याणकारी कार्यों पर भी प्रकाश डालेगा।

ओबरा में भाजपा की मासिक बैठक संपन्न संगठन विस्तार और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ओबरा मंडल द्वारा गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी संगठन की मासिक बैठक, पौधारोपण अभियान तथा कार्यकर्ताओं के सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का आयोजन नगर स्थित मिंग्स रेस्टोरेंट में किया गया, जहां भाजपा ओबरा मंडल के नव नियुक्त मंडल प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव का प्रथम आगमन हुआ। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का परिचय कराते हुए मंडल अध्यक्ष ने संगठन की वर्तमान गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके बाद मंडल प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं एवं संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
मासिक बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर खुशी व्यक्त की गई तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया। पौधारोपण अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे लगाने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दोहराया। साथ ही यह भी तय किया गया कि क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर CISF ओबरा ने दिया हरित संदेश, सैकड़ों पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई, ओबरा तापीय विद्युत परियोजना परिसर में भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में CISF अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान परिसर को अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों को प्राथमिकता के आधार पर लगाया गया। वृक्षारोपण अभियान में शामिल अधिकारियों ने स्वयं पौधे लगाकर जवानों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय असंतुलन, बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियां पूरी दुनिया के सामने गंभीर संकट बनकर उभर रही हैं। ऐसे में वृक्षारोपण ही इन समस्याओं से निपटने का सबसे प्रभावी और सरल उपाय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
वक्ताओं ने बताया कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भूजल संरक्षण, मिट्टी के कटाव की रोकथाम, जैव विविधता के संरक्षण तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसी सोच के साथ सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
CISF द्वारा समय-समय पर चलाए जाने वाले ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इससे न केवल हरित वातावरण के निर्माण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि लोगों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित होता है।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों ने “हरित भारत, स्वच्छ भारत” के संकल्प को दोहराते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वर्तमान समय में पत्रकारिता अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई है- डॉ रामजीत यादव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विवेक पाण्डेय

पत्रकारों के संघर्षपूर्ण जीवन को हास्य के माध्यम से मंच पर रखे- अभय शर्मा

सोनभद्र/(दुद्धी)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर दुद्धी प्रेस क्लब के तत्वावधान में कस्बे के डी. आर. पैलेस में हिंदी पत्रकारिता दिवस धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंद्रजीत राय एवं विशिष्ट अतिथि संजय गौड़ धुर्वे सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर सरस्वती वंदना के साथ किया। 30 मई 1826 को प्रकाशित हुई हिंदी भाषा के प्रथम अखबार के रूप में प्रकाशित हुई उदन्त मार्तण्ड’ की प्रेरणा से और कलम से डिजिटल युग के मध्य पत्रकारिता के क्षेत्र में आए परिवर्तन पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में दुद्धी प्रेस क्लब दुद्धी-सोनभद्र हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पूर्वांचल मीडिया क्लब अध्यक्ष विवेक कुमार पाण्डेय पत्रकारीता में उत्कृष्ट योगदान, निष्पक्ष, सामाजिक जागरूकता एवं जनहित कार्यों में में सराहनीय भूमिका निभाने हेतु सम्मानपूर्वक प्रदान किया जा रहा है। आपके द्वारा सत्यनिष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ समाज की समस्याओं को उजागर कर जनमानस को जागरूक करने का कार्य अत्यंत प्रेरणादायक एवं प्रशंसनीय है। हम आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं तथा आशा करते हैं कि आप अपने कार्य में सदैव तत्पर रहेंगे और समाज एवं राष्ट्र की सेवा करते रहेंगे।

मुख्य संरक्षक उपेन्द्र कुमार तिवारी (पत्रकार), वरिष्ठ कोषाध्यक्ष इब्राहिम खान (पत्रकार), महासचिव रवि सिंह (पत्रकार), अध्यक्ष रमेश यादव (पत्रकार) द्वारा उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा रहे। उन्होंने देश के चर्चित नेताओं एवं फिल्मी सितारों की आवाज मैं की शानदार नकल प्रस्तुत करते हुए पत्रकारों के संघर्षपूर्ण जीवन को हास्य के माध्यम से मंच पर जीवंत कर दिया। उनकी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार ठहाकों और तालियों की गूंज से भर उठा। समारोह के मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय दुद्धी के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रामजीत यादव ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई है।

निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना ही पत्रकारिता का वास्तविक धर्म है। उन्होंने दुद्धी प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारिता के मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों की सराहना की। मुख्य अतिथि इंद्रजीत राय ने प्रदेश के अंतिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस के कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में दुद्धी प्रेस क्लब की पहल पर क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा जिसके लिए शासन स्तर पर प्रयास करूंगा। विशिष्ट अतिथि संजय गौड़ धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण एवं तहसील स्तर पर पत्रकारिता करना अत्यंत कठिन कार्य है। सीमित संसाधनों के बावजूद पत्रकार समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान वास्तव में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का सम्मान है। कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन रमेश यादव एवं राकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय, सेवानिवृत्त जिला जज राजन चौधरी, पूर्वांचल प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, रामेश्वर राय, अमरनाथ जायसवाल, रविंद्र जायसवाल, पूर्वांचल मीडिया क्लब अध्यक्ष विवेक कुमार पाण्डेय, राम जी गुप्ता, विष्णु गुप्ता, उपेंद्र कुमार तिवारी, जगत नारायण विश्वकर्मा, अशोक कनौजिया, रवि सिंह, दैवी शक्ति, दीपक जायसवाल, इब्राहिम खान, पप्पू यादव, सुशील गुप्ता, मनीष कुमार, श्याम, विकास अग्रहरि, सुमित सोनी, डॉ. विनय, अधिवक्ता छोटेलाल अग्रहरि, आदिवासी समाज के हितैषी फौजदार परस्ते सहित अन्य समाजसेवी शामिल रहे। कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन रमेश यादव एवं राकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर सिरसोती पौधशाला में वन बिभाग ने मनाया जागरूकता कार्यक्रम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के दौर में प्रकृति को सहेजने के संकल्प के साथ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जरहा वन रेंज के सिरसोती पौधशाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता दिखाई।कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।इसके साथ ही ग्राम सभा सिरसोती और ग्राम सभा डोडहर के ग्राम प्रधानों सहित क्षेत्र के कई सम्मानित नागरिकों ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जल जंगल और जमीन को बचाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।पेड़-पौधे सिर्फ हमारे आसपास की सुंदरता नहीं बढ़ाते बल्कि हमारे जीवन का आधार हैं।वन क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित भविष्य देने के लिए हम सभी को न सिर्फ पौधे लगाने होंगे बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी भी उठानी होगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया और पौधशाला परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान बद्रीनाथ,विजय सिंह गौड़,केपी पाल,प्रधानपति विश्राम सागर के साथ काफी संख्या में वन कर्मी,गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दुद्धी विंढमगंज मार्ग पर बाइक कार की भीषण टक्कर ,बाइक सवार की मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-39 दुद्धी विंढमगंज मार्ग पर ग्राम जोरुखाड़ के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में शोक और सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है।बताया गया कि मृतक ग्राम केवाल के सुगवामान टोला निवासी रामबली के दामाद हैं जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बस राजकुँवर क्षेत्र में रहते थे। संदीप दुद्धी से केवाल विंढमगंज की ओर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक की ज़ोरुखाड़ गांव में ब्रेजा कार से आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई।हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे स्थान का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
दुर्घटना की खबर से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

झाड़ियों में मिला युवक का शव, धारदार हथियार से वार के निशान, हत्या की आशंका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ टोला बगबियानी के पास गुरुवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पतरिहा निवासी रजनीकांत (25) पुत्र स्व. अश्विनी कुमार के रूप में हुई है । प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के पिछले हिस्से तथा गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए ।पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी।परिजनों ने बताया कि वह पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर चुका था और दो भाइयों में बड़ा था। लगभग एक वर्ष पहले उसके पिता का देहांत हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारियां उसके कंधों पर थीं।
विंढमगंज थाना की टीम सभी पहलुओं को खंगालते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य फोरेंसिक जांचों के बाद मौत के कारण व घटना की परिस्थितियों का खुलासा होगा। ग्रामीण एवं परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ट्रक मालिकों का लगातार तीसरे दिन धरना जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)एनटीपीसी रिहंद में राख ढुलाई का काम लगातार तीसरे दिन भी पूरी तरह ठप रहा। भाड़े में बढ़ोतरी की मांग को लेकर स्थानीय ट्रांसपोर्टर और वाहन मालिकों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा।आंदोलनकारी वाहन मालिक मांगों पर अड़े हुए हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक चक्का जाम रहेगा।धरने पर बैठे वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि हड़ताल के तीन दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित ठेकेदारों ने गतिरोध को दूर करने के लिए बातचीत की कोई पहल नहीं की है।जब तक भाड़े में सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और हमारी जायज मांगें नहीं मानी जाएंगी तब तक एक भी गाड़ी का पहिया नहीं हिलेगा।यह आंदोलन मांगें पूरी होने तक अनवरत जारी रहेगा।राख ढुलाई के वाहनों के पहिये थमने से एनटीपीसी की राख निस्तारण व्यवस्था पर सीधा असर पड़ रहा है। तीन दिनों से काम ठप होने के कारण भारी मात्रा में राख का उठाव रुका हुआ है जिससे आने वाले दिनों में संयंत्र प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।गुरुवार को धरना स्थल पर ट्रांसपोर्टरों की एकजुटता दिखाने के लिए भारी संख्या में मोटर मालिक मौजूद रहे। इस आंदोलन को स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का भी खुला समर्थन मिल रहा है।मौके पर मुख्य रूप से अरविंद सिंह भाजपा नेता,सतवंत सिंह बजरंग दल नेता,बग्गा सिंह,शिवधारी गुप्ता,केदारनाथ यादव सपा नेता ने ट्रांसपोर्टरों की मांग को जायज बताते हुए प्रशासन और ठेकेदारों से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और बीच का रास्ता निकालने की मांग की है ताकि क्षेत्र के सैकड़ों चालकों और मालिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो।

अंजानी गांव में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण 6 महीने से खराब हैंडपंप को लेकर प्रधान और जनता आमने-सामने

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)म्योरपुर ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अंजानी की धरिकार बस्ती में पिछले छह महीनों से पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है।बस्ती का मुख्य हैंडपंप महीनों से खराब पड़ा है जिसके कारण स्थानीय निवासियों के सामने पीने के पानी का विकराल संकट खड़ा हो गया है।प्रशासन के दावों के बीच लगभग 120 घरो की आबादी वाली यह बस्ती आज भी पानी के लिए तरस रही है।बस्ती के निवासी रामवृक्ष,शिवकुमार,सुनिता देवी,बसंती,कलावती और रामनाथ समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में एकमात्र हैंडपंप खराब होने की वजह से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों और पीने के पानी के लिए अपने घरों से करीब आधा किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान को अवगत कराया और हैंडपंप मरम्मत की गुहार लगाई लेकिन प्रधान ने उनकी एक न सुनी।मामले पर चिंता जताते हुए स्थानीय समाजसेवी श्याम मोहन ने बताया कि गांव में पानी की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है।ग्राम प्रधान गांव के खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। स्थिति यह है कि धरिकार बस्ती ही नहीं,बल्कि गांव के कई हैंडपंप इस समय शोपीस बने हुए हैं।इस लापरवाही के खिलाफ ग्राम विकास अधिकारी को भी सूचित किया गया था लेकिन अब तक कोई असर नहीं हुआ।एक तरफ जहां ग्रामीण पानी की किल्लत से त्रस्त हैं वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार इस पूरी समस्या से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।जब इस संबंध में ग्राम प्रधान रामअवध से बात की गई तो उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। प्रधान रामअवध का दावा है की गांव में कहीं भी पानी की कोई किल्लत नहीं है।सभी हैंडपंप पूरी तरह से सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।ग्राम प्रधान के इस दावे के बाद अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि अगर सब कुछ ठीक है तो धरिकार बस्ती के लोग आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर क्यों हैं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करा कर मांग की है कि मौके की जांच कर जल्द से जल्द हैंडपंप ठीक कराया जाए ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।

राख परिवहन ठप ट्रक मालिकों का अनिश्चितकालीन धरना, रेट बढ़ाने को लेकर ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) एनटीपीसी रिहंद परियोजना के राख निस्तारण कार्य में लगे स्थानीय ट्रांसपोर्टरों एवं ट्रक मालिकों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सिरसोती स्थित कांटा मशीन के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के चलते राख परिवहन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे परिवहन कार्य में लगी सैकड़ों गाड़ियां सड़क किनारे दोनों ओर खड़ी हो गईं और लंबा जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
धरनारत ट्रक मालिकों का आरोप है कि एनटीपीसी से ठेकेदारों द्वारा ऊंची दरों पर कार्य लिया गया है, लेकिन वास्तविक परिवहन करने वाले स्थानीय वाहन मालिकों को बेहद कम भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि मौजूदा दरों में डीजल, मेंटेनेंस, बैंक किश्त, बीमा और ड्राइवरों के वेतन का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है।

ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि 16 चक्का वाहनों की पासिंग क्षमता 31 टन है और निर्धारित वजन के अनुसार परिवहन करने पर उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वर्तमान दरों पर काम करना घाटे का सौदा बन गया है, जिसके चलते वे लंबे समय से किराया दरों में वृद्धि की मांग कर रहे हैं।
ट्रक यूनियन अध्यक्ष मनोज वैश्य ने कहा कि डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन ठेकेदारों द्वारा परिवहन दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। उन्होंने बताया कि कई वाहन मालिकों की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पिछले तीन महीनों से ड्राइवरों का वेतन तक नहीं दिया जा सका है। बैंक की किश्तें, वाहन रखरखाव और अन्य खर्चों का बोझ लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक राख परिवहन में लगी सभी गाड़ियां बंद रहेंगी और धरना जारी रहेगा।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार यादव ने ट्रक मालिकों की मांगों को जायज बताते हुए उन्हें अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार और प्रबंधन को ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राख परिवहन के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं, ग्रामीणों का जीवन नर्क बनता जा रहा है जिसे एनटीपीसी प्रबंधन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
इस दौरान विजय यादव, प्रेमधारी, मोशिम खान, पुष्पराज यादव, राजेश यादव, कमलेश केशरी, बबलू, बृजेन्द्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रक एसोसिएशन के पदाधिकारी और वाहन मालिक मौजूद रहे।
धरने के कारण राख निस्तारण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। अब सभी की निगाहें एनटीपीसी प्रबंधन और ठेकेदारों के अगले कदम पर टिकी हैं कि आखिर ट्रांसपोर्टरों की मांगों का समाधान कब और कैसे निकलता है।

सोनभद्र की कवयित्री डॉक्टर रचना तिवारी को मिला विंध्य गौरव सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। प्रथम हिंदी समाचार पत्र उदंत मार्तंड के 200 साल पूरे होने के अवसर पर पूरे देश में 30 मई 2026 को पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाया गया । इस संदर्भ में हिंदी पत्रकारिता दिवस एवं विंध्य गौरव सम्मान समारोह 2026 का आयोजन एक जून 2026 सोमवार को मिर्जापुर में आयोजित किया गया । इस समारोह में साहित्य, कला, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता इत्यादि के क्षेत्र में कई विभूतियों के साथ सोनभद्र की हिंदी की जानी-मानी लेखिका, कवयित्री, शायर और आलोचक व समाजसेवी डॉ रचना तिवारी को विंध्य गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि एवं मिर्जापुर के प्रधान न्यायाधीश, (परिवार न्यायालय) संजय कुमार शुक्ला ने प्रदान किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अपर आयुक्त विंध्याचल मंडल डॉक्टर विश्राम, डीएम पवन कुमार गंगवार,एसपी अपर्णा रजत कौशिक, प्रोफेसर डॉक्टर संजीव सिंह, डीएफओ राकेश कुमार, विंध्य मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा मिर्जापुर सोनभद्र और विंध्य क्षेत्र के सैकड़ो समाजसेवी, संस्कृति कर्मी, अध्यापक, छात्र, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

बता दें कि डॉ रचना तिवारी हिंदी साहित्य की जानी-मानी कवयित्री, शायर और लेखिका हैं तथा इनकी एक दर्जन से ज्यादा पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और देश के हजारों मंचों पर इन्होंने कविताएं पढ़ी हैं और व्याख्यान दिए हैं। डॉक्टर रचना तिवारी इससे पूर्व दर्जनों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से विभूषित हो चुकी हैं । हाल ही में आई उनकी कृति मेरे गीत तुम ही से जन्मे और सपनों की उम्र नहीं होती हिंदी जगत में खासा चर्चित रही है। मिर्जापुर की धरती पर विंध्य गौरव सम्मान पाकर डॉक्टर रचना तिवारी ने जनपद का मान बढ़ाया है ।

संदिग्ध परिस्थितियों में चुहे मारने की दवा खाने से किशोरी की मौत, पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी गांव की 16 वर्षीय माया गुप्ता की मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजन और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस व अस्पताल सूत्रों के अनुसार, माया (16) पुत्री आलमचंद, सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में चुहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। परिजन उसे गंभीर हालत में सीएचसी म्योरपुर लेकर आए जहाँ उसका उपचार शुरू किया गया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने सोमवार शाम माया की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया था, लेकिन परिजन उसे अन्यत्र नहीं ले गए।
आज मंगलवार सुबह माया की हालत में थोड़ी बहुत सुधार दिखाई दिया। चिकित्सकों ने परिवार को किसी भी प्रकार का भोजन या दवाइयाँ न देने की हिदायत दी थी, लेकिन परिजनों द्वारा पानी पिलाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर लिलासी चौकी प्रभारी मनोज सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि माया ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बताया कि माया राजा चंडोल इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। उसकी असामयिक मौत से परिजन गहरे शोक में हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

हिंडाल्को कर्मचारी किराये के कमरे में फंदे से लटकता मिला, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।तहसील क्षेत्र अंतर्गत के रेणुकूट के मुख्य बाजार के पास स्थित हिंडाल्को पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह एक युवक का शव उसके किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश वर्मा (27) पुत्र महेंद्र वर्मा मूल निवासी भदौरा, गाजीपुर के रूप में हुई है। सुरेश रेणुकूट में अकेले किराये के मकान में रहकर हिंडाल्को में कर्मी के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह परिजन कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। लंबे समय तक संपर्क न होने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने सिंगरौली में रहने वाले रिश्तेदार को सुरेश के कमरे पर भेजा।
रिश्तेदार जब कमरे पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने और दस्तक देने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे और पुलिस टीम पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर भीतर देखा तो सुरेश का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका था।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरने के बाद हिंडाल्को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है और उनके रेणुकूट पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही है। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामला की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की प्रगति का विस्तृत समीक्षा किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतें शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शिकायतों का पुनः संदर्भीकरण न हो और आमजन को संतोषजनक समाधान प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

पीएम-राहत योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को मिल रही जीवनदायिनी सुविधा, समय पर इलाज से बचाई जा रही जानें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम-राहत (PM-RAHAT) योजना अब सोनभद्र जनपद में भी प्रभावी रूप से संचालित होने लगी है। जिले के पंचशील मल्टी स्पेशियल्टी हॉस्पिटल में सड़क हादसों के घायलों को “गोल्डन आवर” के दौरान निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे के भीतर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है।
योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को दुर्घटना के बाद सात दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक स्थिरीकरण (स्टेबलाइजेशन) और आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
इसी क्रम में घोरावल क्षेत्र के एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 16 वर्षीय अनिल कुमार का उपचार पंचशील मल्टी स्पेशियल्टी हॉस्पिटल में पीएम-राहत योजना के तहत किया जा रहा है। घायल किशोर को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में ग्राम प्रधान अरविंद निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने उनकी तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सहायता मिलने से घायल की जान बचाने में मदद मिली।
मामले की जानकारी मिलने पर यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना तथा उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के लिए गोल्डन आवर अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान उचित चिकित्सा सुविधा मिलने से मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क हादसा देखने पर घायल को तत्काल नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन के माध्यम से एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि दुर्घटना के बाद शुरुआती घंटे में उपचार मिलने से गंभीर चोटों से होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है। पीएम-राहत योजना इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर लागू की गई है, जिससे आर्थिक तंगी के कारण किसी भी घायल को उपचार से वंचित न होना पड़े।
जिले में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सड़क दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता के लिए आगे आएं और उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।

रात में घर से निकले थे दूधनाथ यादव, सुबह ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव; परिजनों ने जताई ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

डाला/चोपन (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनारी अंतर्गत बगबईसा टोला के समीप रेलवे ट्रैक के पास एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सोमवार की सुबह पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा मामले की सभी संभावित पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोपन-गढ़वा रेलखंड पर सलाईबनवा और गुरमुरा रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित ग्राम पंचायत पनारी के टोला बगबईसा के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया।
स्थानीय लोगों द्वारा पहचान किए जाने पर मृतक की शिनाख्त दूधनाथ यादव (45 वर्ष) पुत्र रामदास यादव निवासी ग्राम पंचायत पनारी, टोला बगबईसा के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां का दृश्य बेहद मार्मिक था।
बताया जा रहा है कि मृतक बीती रात घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास उनका शव देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। शव पर सिर और पैर में गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक विनोद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्रित करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रेलवे ट्रैक के आसपास लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे लाइन के किनारे सुरक्षा उपायों को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कौन है आकाश गुप्ता जिसकी तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे है

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ में बस्ती जिले में मनोरमा नदी की सफाई के लिए अभियान चला रहे आकाश गुप्ता की तारीफ की। पीएम ने कहा कि आकाश ने शिकायत नहीं, शुरुआत की। उन्होंने अपने दोस्तों को साथ लिया। उनके पास सिर्फ जाल था, फावड़ा था, टोकरी थी और सबसे बड़ी ताकत थी कुछ बदलने का संकल्प। ये युवा नदी में उतरते, जलकुंभी निकालते। प्लास्टिक और कचरा बाहर लाते। कई बार तो एक दिन में 50-60 किलो तक कचरा नदी से निकाला। धीरे-धीरे मनोरमा नदी का वह हिस्सा फिर से साफ दिखने लगा।

पीएम ने कहा कि देश के हर गांव-शहर में कुछ-न-कुछ ऐसा हो रहा है जो हमें प्रेरणा देता है। उन्‍होंने लोगों से ऐसे अभियानों से जुड़ने की भी अपील की।

मनोरमा नदी की सफाई के लिए अभियान चला रहे आकाश लानघटा गांव के रहने वाले हैं। वह 12वीं तक पढ़े हैं। उन्होंने बताया कि मनोरमा नदी का पुराणों में भी जिक्र है, लेकिन कई साल से यह उपेक्षित है। मैं साथियों संग अक्सर नदी किनारे जाता, लेकिन वहां बदबू आती थी। ऐसे में इसे साफ करने के बारे में सोचा।

पिता की हत्या का आरोप बेटे पर, रिश्तों के विवाद की परतें खुलीं

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार को

•अज्ञात लोगों पर मुकदमा कर पुलिस को गुमराह करने का आरोप; मुख्य साक्ष्य बरामद, आरोपी गिरफ्तार

दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव में 29 मई को हुए राजदेव सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में मृतक के पुत्र रवि कुमार को आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का आरोप है कि परिवार के अंदर पिता और एक महिला के कथित संबंधों को लेकर चल रहे विवाद ने हत्या तक की ओर धकेला।
पुलिस ने बताया कि घटना के तुरन्त बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था और उसी आधार पर प्रारम्भिक जांच हुई। लेकिन जांच में संकलित साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के बाद संदेह मृतक के पुत्र पर गहरा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मौक़े पर निभाई गई भूमिका स्वीकार की, यह भी पुलिस का दावा है।
घटना के दिन आरोपी ने पिता को जमीन दिखाने के बहाने जंगल में ले जाकर उनकी हत्या की साजिश रची, पुलिस ने बताया। जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कथित रूप से हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मृतक के खून से दागे कपड़ों की जली हुई राख तथा मोटरसाइकिल की चाबी बरामद की गई है। ये सभी साक्ष्य पुलिस की दलीलों को मजबूत कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि साक्ष्यों के आलोक में कार्रवाई की गई है और दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक होने पर और भी लोगों के खिलाफ पूछताछ की जा सकती है।
स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं। परिजनों का कहना है कि परिवार में पहले से ही तनाव था, लेकिन किसी को इस हद तक की घटना की उम्मीद नहीं थी। पुलिस ने कहा है कि सत्यता उजागर करने के लिए सभी उपलब्ध तकनीकी व फोरेंसिक मदद ली जा रही है।
मामले की तह तक पहुंचने के लिए म्योरपुर पुलिस टीम फोरेंसिक विभाग व अन्य विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार निभाई जाएगी।

आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का हो सम्मान,डीएम को संबोधित पत्र बीडीओ को सौंपा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।तहसील क्षेत्र के बभनी ब्लॉक के ग्राम पंचायत घघरा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शनिचर राम खरवार और चवना ग्राम पंचायत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामेश्वर खरवार को सम्मान देते हुए स्मारक बनाए जाने के लिए आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने जिलाधिकारी को सम्बोधित पत्रक बीडीओ बभनी कार्यालय में दिया। फ्रंट के जिला सचिव इंद्रदेव खरवार और ब्लॉक संयोजक देव कुमार खरवार ने यह पत्र दिया। पत्रक में कहा गया कि बभनी ब्लॉक के विभिन्न आदिवासी जनप्रतिनिधियों और समाज के गणमान्य नागरिकों की तरफ से लगातार आदिवासी नायको को सम्मान देने की मांग उठाई जा रही है। कई बार पत्र भेज कर अनुरोध किया गया कि आदिवासियों के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाए और आजादी के अमृत काल में उनके गांव में उनका स्मारक भी निर्मित किया जाए। इस संदर्भ में माननीय मुख्यमंत्री महोदय के संज्ञान में भी इस विषय को लाया गया था। इसके बाद उनके आदेश पर आईजीआरएस में दर्ज कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। इस संबंध में कराई जांच में ग्राम विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायत घघरा और चवना के पास स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मारक बनाने का धन नहीं है। इसलिए जिला पंचायत या विधायक निधि से इसके लिए धन आवंटित करने का कष्ट करें। इस आशय का पत्र खंड विकास अधिकारी बभनी द्वारा डीएम महोदय को प्रेषित भी किया गया है। इस संबंध में यह भी कहा गया कि ग्राम पंचायत से जमीन के लिए प्रस्ताव मांगे जाएं ताकि स्मारक निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। घघरा और चवना ग्राम के प्रधानों ने ग्राम सभा की जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव भी प्रेषित किया है।
पत्रक में कहा गया कि दुखद और पीड़ादायक है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद अभी तक आदिवासी नायकों के समुचित सम्मान के लिए स्मारक बनाने की लोकप्रिय और न्यायोचित मांग पर समुचित कार्रवाई नहीं की गई है। अतः एक बार पुन: निवेदन किया गया कि उपरोक्त को संज्ञान में लेकर तत्काल जिला पंचायत सोनभद्र को कहा जाए कि आदिवासी नायक स्वर्गीय शनिचर राम खरवार और स्वर्गीय रामेश्वर खरवार के स्मारक के लिए निधि आवंटित करने का कष्ट करें और आदिवासी नायकों को स्मारक उनके गांव घघरा और चवना में बनवाना सुनिश्चित किया जाए।

प्रसूता की मौत के चर्चित मामले में इनामी स्टाफ नर्स व दाई गिरफ्तार,भेजा न्यायालय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र/दुद्धी।जनपद के थाना कोन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई महिला की मौत के आरोप में चल रही जांच में थाना कोन पुलिस ने आज सोमवार को दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। एक पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार सीमा देवी नामक प्रसूता को ग्लोबल हॉस्पिटल कोन में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजन अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगा चुके थे तथा अस्पताल संचालक व कुछ स्टाफ फरार थे, जिस पर व्यापक जांच चल रहा था।
घटना के संबंध में थाना कोन ने धारा 105, 318(4) बीएनएस एवं 34 एनएमसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार चल रही और 10 हजार रुपये के इनामी स्टाफ नर्स सलमा पत्नी आसिफ मोहम्मद निवासी देवाटन थाना कोन तथा उसकी सहयोगी दाई जौरुन बीबी पत्नी करीमन निवासी सिसरी बनखेता, थाना खरौंधी ,गढ़वा झारखंड को पुलिस टीम ने दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में भेज दिया गया, आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने इस गिरफ्तारी के मामले में महत्वपूर्ण प्रगति बताया है।
गिरफ्तार कर रही टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिव प्रकाश यादव चौकी प्रभारी चकरिया, हे० कां० शिव कुमार यादव, महिला कांस्टेबल स्वधा सिंह और महिला कांस्टेबल सौम्या तिवारी शामिल रहीं।

भाई-भाई के विवाद में चाकू से हमला, पीड़ित अस्पताल में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में रविवार रात एक व्यक्ति पर उसके ही भाइयों ने हमला कर दिया। घायल व्यक्ति चन्दन अग्रहरि (42) पुत्र स्व.अक्षेबरनाथ निवासी कस्बा वार्ड नंबर 1, वर्तमान में किराए के मकान में गुलालझरिया गांव में रह रहे हैं। परिवार के अन्य सदस्य झारो कला गांव में रहते हैं।
चन्दन ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे वे घर पर सो रहे थे कि अचानक उनके भाइयों ने उन पर हमला कर दिया। हमला करते समय चाकू उनके सीने पर लगा जिससे हल्की चोट आयी। चन्दन ने कहा कि जब उनकी पत्नी बीच-बचाव के लिए आई तो भाइयों ने पत्नी को भी मारा। चन्दन ने बताया कि परिवार में पैसे के लेन-देन को लेकर लगभग दो वर्षों से विवाद चल रहा था।
बताया गया है कि इसके पहले दिन में ही अपराह्न करीब 3 बजे भी भाइयों ने उनके ऊपर हमला किया था, जिसमें उन्हें को पैर में गंभीर चोट आई थी।
घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस (108) के ईएमटी पंकज कुमार व चालक विजय राजभर मौके पर पहुंचे और घायल चन्दन को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज चलाया। चन्दन ने घटना की सूचना डायल 112 को भी दी। पुलिस ने सुबह मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चन्दन की पत्नी रूबी देवी ने पुलिस को बताया कि दो छोटे भाइयों ने हमला किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके पति घायल हुए। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज करने और आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।

मध्य प्रदेश सीमा से दो शातिर अंतर राज्यीय गैंग के सदस्य गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय पुलिस ने जालसाजी धोखाधड़ी और लूट जैसी गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे अंतरराज्यीय गैंग के दो शातिर वारंटी अभियुक्तों को उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के कड़े निर्देशन मे थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी।सोमवार की शाम मुखबिर की सटीक सूचना पर बीजपुर पुलिस ने एमपी यूपी बॉडर के पास घेराबंदी की।पुलिस टीम ने सिरसोती से महज 100 मीटर पहले बीजपुर मार्ग पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश सिंगरौली जिले के रहने वाले हैं और एक शातिर अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य हैं जिसमे प्रदीप जायसवाल पुत्र जवाहर जायसवाल,श्रीदेव साकेत उर्फ देवा पुत्र स्वर्गीय रामजी पर बीजपुर थाने में लूट,चुराई हुई संपत्ति रखना,प्रतिरूपण द्वारा छल,धोखाधड़ी,फर्जी दस्तावेज तैयार करना और उनका असली के रूप में इस्तेमाल करना जैसी बेहद गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में मामला पंजीकृत है।दोनों काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे थे।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों की कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।पुलिस अब इस गैंग के अन्य नेटवर्क और उनके द्वारा क्षेत्र में की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी छानबीन कर रही है।

महुली में मौत का तांडव: बेकाबू कार दुकान में घुसी, कार के नीचे दबा किशोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

20 मिनट तक चला जिंदगी बचाने का संघर्ष, ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से बची शिवम की जान; हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोरा

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली बस स्टैंड के समीप शनिवार रात्रि करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। महुली खेल मैदान की ओर से आ रही तेज रफ्तार होंडाई कार संख्या UP64AX8466 अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे स्थित राजकुमार गुप्ता की दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान का अगला हिस्सा क्षणभर में ध्वस्त हो गया और अंदर मौजूद शिवम कुमार गुप्ता (16 वर्ष) पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी पतरिहा कार के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते वाहन दुकान को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कुछ पल के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
दर्दनाक चीखों ने रोक दी लोगों की सांसें, कार के नीचे दबे शिवम को निकालने के लिए जुटा पूरा गांव
हादसे के तुरंत बाद दुकान के अंदर से आ रही दर्दभरी चीखों ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि शिवम कार के नीचे दबे हुए हैं और गंभीर रूप से घायल हैं। दुकान का टूटा मलबा और वाहन का अगला हिस्सा उन्हें बाहर निकालने में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण, दुकानदार और राहगीर बिना समय गंवाए राहत कार्य में जुट गए। किसी ने मलबा हटाया, किसी ने वाहन को उठाने का प्रयास किया तो कोई घायल किशोर को हिम्मत बंधाता रहा। लगभग 20 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण रेस्क्यू अभियान के बाद लोगों ने एकजुट होकर कार के नीचे दबे शिवम को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायल शिवम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एयरबैग ने बचाई कार सवारों की जान, नाबालिग चालक की चर्चा से मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के समय कार में चार युवक सवार थे। टक्कर के दौरान वाहन का एयरबैग खुल गया, जिससे कार में बैठे लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि वाहन चला रहा लड़का नाबालिग प्रतीत हो रहा था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई।
हादसे के बाद चालक और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए, जबकि दो अन्य युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पुलिस के पहुंचने तक अपने कब्जे में रखा और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
जेसीबी बुलाकर निकाली गई कार, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। दुकान के अंदर बुरी तरह फंसी कार को निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया और पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
पुलिस अब वाहन चालक की पहचान, दुर्घटना के वास्तविक कारण, वाहन की गति तथा नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने की आशंका सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लापरवाही की बड़ी कीमत: एक हादसा जिसने पूरे महुली को झकझोर दिया
महुली बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और असावधानी के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय दुकान और बस स्टैंड के आसपास अधिक भीड़ होती तो यह हादसा कई परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति का कारण बन सकता था।
कार के नीचे दबे शिवम की चीखें, उसे बचाने के लिए ग्रामीणों का अथक संघर्ष, घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी और लोगों की आंखों में दिख रहा भय देर रात तक चर्चा का विषय बना रहा। यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक ऐसी चेतावनी है जो समाज को सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार वाहन संचालन और नियमों के पालन का गंभीर संदेश दे रही है।