आकाशीय बिजली की चपेट मे आने से भेड़ चरा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार।थाना क्षेत्र के पालनगर निवासी राम अवतार पाल 65 वर्ष पिता स्व०महावीर पाल की मौत आकाशीय बिजली ठनका की चपेट में आने से हो गई।दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मृतक मुकुंदपुर पंचायत के मायर टोले में अपनी भेड़ें चरा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को राम अवतार पाल अपने भेड़ों के साथ मायर टोले के पास थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और ठनका गिर गया।जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी तब हुई जब भेड़ों को अकेला चरते देख अन्य चरवाहों को संदेह हुआ।उन्होंने खोजबीन शुरू की तो पास ही बांध पर मृतक का झुलसा हुआ शव मिला।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय एवं आसपास के गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और परिजनों व पुलिस को इसकी जानकारी दी। केतार थाने के पुअनि आदित्य ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
हालांकि दुखद पहलू यह रहा कि शव को लाने के लिए समय पर वाहन उपलब्ध नहीं हो सका।जिसके कारण बुजुर्ग का शव काफी देर तक खुले खेत में ही पड़ा रहा।समाचार लिखे जाने तक वाहन नहीं मिलने से शव खेत में पड़ा रहा।

मौके पर पहुंचे पूर्व झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्धारित सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए। ताकि शोकाकुल परिवार को कुछ राहत मिल सके।घटना की सूचना पाकर केतार मुखिया प्रमोद कुमार, मुकुंदपुर मुखिया मूंगा साह,संजय पाल,राज किशोर सिंह,नागेन्द्र सिंह,महेंद्र सिंह,ब्रह्मदेव पासवान,अरुण पासवान,विवेक पाल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

अनियंत्रित बाइक ट्री गार्ड से टकराई, सवार गंभीर रूप से घायल , जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के जाबर-शाहपुर गाँव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-39 पर शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्री गार्ड से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार जुम्मन शाह (60) पुत्र स्व. सफीक मोहम्मद निवासी कस्बा वार्ड नंबर 7 कल्लीबहरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों व ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार जुम्मन शाह महुली से दुद्धी की ओर बाइक से आ रहे थे। कनहर पुल से पहले नए बैरियर के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे ट्री गार्ड से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर जमा हो गए और घटना की सूचना 112 पुलिस टीम व परिजनों को दी गई।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस व परिजन घायल को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी दुद्धी ले गए। सीएचसी की चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने बताया कि जुम्मन शाह के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बघाडू वन रेंज में अवैध वसूली का आरोप, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

•40-40 हजार लेने का आरोप; जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएफओ से लगाई न्याय की गुहार

दुद्धी सोनभद्र। बघाडू वन रेंज में तैनात वन विभाग के अधिकारियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगने के बाद वन विभाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ग्राम तुर्रीडीह निवासी शिवलाल गोंड एवं अन्य ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम के नेतृत्व में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रेणुकूट को लिखित शिकायत सौंपते हुए रेंजर और वन दरोगा के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शिवलाल गोंड अपनी भूमिधरी भूमि पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान बघाडू रेंज के वन दरोगा लवलेश सिंह मौके पर पहुंचे और भूमि को वन विभाग की जमीन बताते हुए कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि कार्रवाई और मुकदमे का भय दिखाकर उनसे 80 हजार की मांग की गई। पीड़ित का कहना है कि आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने जमीन रेहन रखकर 40 हजार की व्यवस्था की और राशि दे दी, लेकिन इसके बाद भी उनका उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने एक अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि लगभग एक माह पूर्व नंदू राम नामक व्यक्ति को रेंज कार्यालय में रोककर एक लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि बाद में उनकी पत्नी शारदा देवी ने किसी तरह 40 हजार की व्यवस्था कर अधिकारियों को दी, तब जाकर उन्हें छोड़ा गया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने ग्रामीणों, प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ डीएफओ कार्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की शिकायत की। उन्होंने कहा कि यदि गरीबों और आदिवासियों का इसी प्रकार शोषण होता रहा तो जनता का प्रशासन पर विश्वास कमजोर होगा।
सूत्रों के अनुसार, डीएफओ रेणुकूट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तलब किया है तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ताओं से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों से ली गई धनराशि तत्काल वापस कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों की निगाहें अब विभागीय जांच पर टिकी हैं और सभी को उम्मीद है कि सच सामने आएगा तथा दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी।

हाथीनाला रोड पर तेल का टैंकर पलटा मौके पर बोतल डब्बा में तेल भरने की लगी होड़

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

ब्रेकिंग: सोनभद्र….

– अनियंत्रित होकर जंगल के गड्ढे में डीजल टैंकर पलटा

– हादसे में टैंकर से हजारों लीटर डीजल बह गया

– मुगलसराय डिपो से मध्य प्रदेश जा रहा था टैंकर

– डीजल रिसाव की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी

– बाल्टी, डिब्बा और बर्तनों में डीजल भरते दिखे लोग

– वाहन लेकर आवागमन करने वाले राहगीरों ने भी मौके का उठाया फायदा, डीजल भरते दिखे वाहन चालक

– टैंकर के कारण कार और ट्रक की भी टक्कर हुई

– हादसे में वाराणसी निवासी सौरभ घायल, अस्पताल में भर्ती

– पुलिस ने काफी मशक्क़त के बाद मौके से भीड़ को हटाया

– आग लगने की आशंका पर फायर ब्रिगेड टीम तैनात की गई

– अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा के एहतियाती कदम उठाए

– हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा

– पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर इलाके की घटना।

सेवड़ी टोला में युवती ने महुआ के पेड़ पर फांसी लगाई घर से 500 मीटर दूर मिला शव, प्रेम प्रसंग का संदेह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में एक युवती ने महुआ के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बरवाटोला ग्राम पंचायत के सेवड़ी टोला में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सेवड़ी टोला निवासी 19 वर्षीय फूलमती पुत्री सोनशाय शुक्रवार की भोर में महुआ के फल (डोरी) बीनने के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब छह बजे महुआ बीनने आए बच्चों ने उसे घर से लगभग 500 मीटर दूर एक महुआ के पेड़ से लटकते देखा। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान फूलमती के रूप में की। पेड़ के नीचे युवती का मोबाइल फोन मिला, जिसकी बैटरी निकली हुई थी और सिम टूटा हुआ था। इसके अलावा, चप्पल और गुल की डिब्बी भी मिली। पेड़ की डाल में बंधे दुपट्टे में एक सुसाइड नोट और एक युवक की तस्वीर भी बरामद हुई। पुलिस ने सभी बरामद वस्तुओं को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उपनिरीक्षक मक्खन लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक दीन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पड़ोसी पर युवक ने लगाया चाकू से हमला करने का आरोप, पुलिस ने बताया निराधार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

म्योरपुर/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के फाटपखना गांव में पड़ोसी के साथ हुए विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने आरोप लगाया है कि उसके पड़ोसी ने उस पर चाकू से हमला किया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल युवक शिव शंकर पुत्र लक्ष्मण ने बताया कि विवाद के दौरान पड़ोसी ने उस पर चाकू से वार किया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी और घटनास्थल का निरीक्षण कर अन्य तथ्यों की पड़ताल की। लीलासी चौकी प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है, लेकिन चाकू से हमला किए जाने का आरोप फिलहाल जांच में पुष्ट नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। चिकित्सीय रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

अनियंत्रित होकर बस्सी से लदा टीपर पलटा, ड्राइवर और खलासी बाल-बाल बचे

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

म्योरपुर/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के देवरी चौराहे के समीप बस्सी से लदा एक टीपर अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन का संतुलन बिगड़ने से टीपर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक और खलासी मौजूद थे।
गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक और खलासी दोनों बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर सावधानी बरतने और वाहनों की गति नियंत्रित रखने की आवश्यकता है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार, घोरावल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया सनसनीखेज खुलासा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घोरावल पुलिस ने एक जघन्य अपराध का त्वरित अनावरण करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म के आरोपी पिता को पुलिस ने घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख की चर्चा हो रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना घोरावल पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले का सफल अनावरण किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को एक महिला ने थाना घोरावल पहुंचकर तहरीर दी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ उसके ही पति द्वारा दुष्कर्म किया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा संख्या 130/2026 धारा 64(2)(एफ), 65(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा 5एन/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक घोरावल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र एवं मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार की गई सुरागरसी एवं पतारसी के दौरान शुक्रवार की सुबह पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर मुक्खा मोड़ तिराहा, घोरावल के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामविलास पुत्र कल्लू निवासी ग्राम मूर्तिया, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पूछताछ एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कानून के कठोर प्रावधानों के तहत दंडित कराने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। घोरावल पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्रीय जनता ने भी सराहा है।

कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की मिसाल बने अमित कुमार एवं राहुल पाण्डेय का सम्मान समारोह संपन्न

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद पुलिस परिवार के लिए शनिवार का दिन भावुक क्षणों से भरा रहा, जब पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान दो लोकप्रिय एवं कर्मठ पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। क्षेत्राधिकारी ओबरा के पद पर तैनात अमित कुमार का स्थानांतरण जनपद मिर्जापुर तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय का स्थानांतरण जनपद पीलीभीत होने पर पुलिस विभाग द्वारा भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि अमित कुमार एवं राहुल पाण्डेय ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने ओबरा क्षेत्र में रहते हुए कई जटिल मामलों का सफल निस्तारण किया तथा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। वहीं क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय ने घोरावल क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। दोनों अधिकारियों की कार्यशैली, सरल स्वभाव एवं जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता को लोगों ने विशेष रूप से याद किया।
विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दोनों अधिकारियों का मार्गदर्शन और नेतृत्व सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
अपने संबोधन में दोनों अधिकारियों ने सोनभद्र में मिले सहयोग के लिए वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र में बिताया गया समय उनके सेवा जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा और यहां की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
समारोह का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह लोगों का शांति भंग में चालान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

दुद्धी/विंढमगंज, सोनभद्र। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से विंढमगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए छह व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं एवं स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के आधार पर शांति भंग की आशंका को देखते हुए संबंधित व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में किसी भी प्रकार के विवाद, तनाव अथवा अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया जिनकी गतिविधियों से सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी छह व्यक्तियों का चालान कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ-साथ नियमित गश्त भी की जा रही है।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनसहयोग से ही क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।

घर नहीं पहुंचे युवक का संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव,जांच में जुटी पुलिस, परिजनो ने हत्या की आशंका जताई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

डाला (सोनभद्र)– स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत डाला बारी से कजरहट को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग स्थित गोरादह में पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी मच गई, सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई । हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी मुताबिक शव की पहचान रवि धयिकार उम्र लगभग 30 वर्ष पुत्र राम गरीब निवासी डाला बारी वैष्णो मंदिर के पिछे का निवासी है के रूप में हुई। जो दो दिनों से घर नहीं पहुंचा जिसकी परिजन खोजबीन कर रहे थे ।
बताया जा रहा है कि गाय चराने वाले चरवाहे को दुर्गंध आ रही थी गोरादह स्थित पुलिया के नीचे जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है । शव मिलने की खबर क्षेत्र में जंगल में आग की तरह तेजी फैल गई जिससे देखने वाले के लिए आस पास के ग्रामीणों का भिड़ इकठ्ठा हो गया ।
सूचना मिलते ही 2 दिन से घर नहीं पहुंचे रवि धरकर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे ।

जिसकी सूचना डायल 112 नम्बर पुलिस व डाला पुलिस को सूचना दी गई। जहां सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 नम्बर पुलिस व डाला चौकी इंचार्ज घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए , मामले की जांच पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लेते हुए अग्रिम विधि कार्रवाई में जुट गए ।

सोमा ग्राम पंचायत में संघर्ष मोर्चा की जन चौपाल, पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

सोनभद्र में सोमा के हमारे परिवारि जनो को जल्द जिलाधिकारी सोनभद्र दिलाए पेयजल_ संदीप मिश्र

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)

किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा संचालित “पेड़ है तो प्राण है” अभियान के तहत आज जनपद के सुदूर वनवासी क्षेत्र सोमा ग्राम पंचायत में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा के संवर्धन तथा सोनभद्र में तेंदुआ सफारी एवं कृषि वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पेयजल संकट को बताया। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन एवं हर घर नल योजना के बावजूद आज भी उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि वे आज भी पीने के लिए नाले, नालों और तालाबों के पानी को कपड़े से छानकर उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा ने मौके पर ही जिलाधिकारी सोनभद्र एवं जल निगम के अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि वनवासी क्षेत्रों के लोग स्वच्छ पानी के लिए तरस रहे हैं तो यह शासन-प्रशासन की गंभीर विफलता है।संदीप मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही सोमा ग्राम पंचायत के लोगों को पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ग्रामीणों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर व्यापक जन आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल निगम एवं जिला प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, विजय चौहान, बिंदु खरवार, मुखलाल चेरो, सुष्मिता धनगर, दिनेश चेरो, नागेंद्र धनगर, आकाश, राज, राधा, कन्हैया लाल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

सोनभद्र में पीएसपी परियोजनाओं का विरोध तेज, हजारों हेक्टेयर भूमि और लाखों पेड़ों पर संकट; संदीप मिश्रा ने बुलंद की आवाज

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

सोनभद्र। जिले में प्रस्तावित पंप्ड स्टोरेज पावर (PSP) परियोजनाओं को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और परियोजनाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए।

संदीप मिश्रा ने कहा कि वह वर्षों से “पेड़ है तो प्राण है” अभियान चला रहे हैं, जबकि देश के प्रधानमंत्री “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। ऐसे समय में सोनभद्र की पहाड़ियों और जंगलों में हजारों पेड़ों की कटाई की तैयारी पर्यावरण और स्थानीय जीवन के लिए बड़ा खतरा है ।

किसान नौजवान संगठन मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने बताया कि सोनभद्र में विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रस्तावित पीएसपी परियोजनाओं के लिए कुल 3,147 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। इनमें ग्रीनको – 700 हेक्टेयर, जेएसडब्ल्यू – 575 हेक्टेयर, अडानी – 237 हेक्टेयर, अबाडा – 275 हेक्टेयर, अमुनोरा – 334 हेक्टेयर, टोरेंट सशनई – 375 हेक्टेयर, टोरेंट शोमा – 350 हेक्टेयर तथा टीएचडीसी – 301 हेक्टेयर भूमि शामिल है।

ग्रामीणों का कहना है कि इन परियोजनाओं के कारण उनकी जमीन, जंगल, जल स्रोत और आजीविका पर सीधा संकट खड़ा हो जाएगा। प्रभावित लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी आवाज बुलंद की और परियोजनाओं की समीक्षा की मांग की।

मौके पर मौजूद संदीप मिश्रा ने कहा, “यह केवल जमीन का सवाल नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य, पर्यावरण और सोनभद्र की पहचान का सवाल है। किसानों और ग्रामीणों की आवाज जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ और दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी। किसी भी गरीब का आशियाना उजड़ने नहीं दिया जाएगा और न ही ऐसी परियोजनाओं को स्वीकार किया जाएगा जो जनता के हितों के खिलाफ हों।”

ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित पीएसपी परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि उनके जीवन-यापन का मुख्य आधार है। उनका कहना है कि वर्षों से वे खेती-किसानी, पशुपालन और वन संसाधनों पर निर्भर होकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। परियोजनाओं के कारण उनकी जमीन, जंगल और जल स्रोत प्रभावित होंगे, जिससे आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन विकास के नाम पर जंगल, जल, जमीन और लोगों के अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ग्रामीणों के साथ खड़ा है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

सवाल यह है कि क्या विकास की कीमत सोनभद्र के जंगल, पर्यावरण और हजारों ग्रामीणों का भविष्य होगा, या फिर सरकार और कंपनियां स्थानीय जनता की सहमति और हितों को प्राथमिकता देंगी?
आज के कार्यक्रम में रामसूरत खरवार लक्षन खरवार योगेन्द्र विन्दू खरवार मुखलाल चेरो राधा पनिका गीता मनोज निषाद राजू पासवन व हजारों की सख्या में आदिवासी बनवासी परिवारि जन उपस्थित रहे

सीएमओ का सीएचसी दुद्धी का आकस्मिक निरीक्षण, ब्लड बैंक और जनरल वार्ड की ली समीक्षा, अवैध अस्पताल की जांच का निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने गुरुवार शाम लगभग 5 बजे सीएचसी दुद्धी का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम व सीएचओ के साथ प्रशासनिक भवन के सभागार में बैठक की तथा ब्लड बैंक व जनरल वार्ड का भी निरीक्षण किया।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम व सीएचओ ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं व संचालन से जुड़े मुद्दों पर अपनी रिपोर्ट दी। इसके बाद डॉ. मिश्रा ब्लड बैंक पहुंचे जहां उन्होंने ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधन और बीबीआर सहित संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह, डॉ. वरुणा निधि तथा कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
सीएमओ ने जनरल वार्ड का भी दौरा कर उन मरीजों से संवाद किया और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं व इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की देखभाल और उपचार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. मिश्रा ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के वेतन का कुछ बकाया रहा है, जिसमें कुछ का दो महीने का भुगतान लंबित था। उन्होंने कहा कि भुगतान शीघ्र कल तक पूरा कर दिया जाएगा और निरीक्षण के दौरान ही इसकी व्यवस्था करवाई गई।उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाने में तकनीकी परेशानी आ रही थी और इसी मुद्दे की समीक्षा भी बैठक में की गई तथा इसे तेजी से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि सीएचसी दुद्धी के सेवा क्षेत्र में कई जिलों की सीमाएँ जुड़ी होने के कारण यहां मरीजों का संख्यात्मक दबाव अधिक है तथा आसपास के क्षेत्रों के लोग भी इलाज के लिए आते हैं। इसी कारण ब्लड की मांग बढ़ रही है। उन्होंने ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की, साथ ही कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से ब्लड संसाधन तथा सुविधाओं में वृद्धि की जाएगी ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी भवन की खराब स्थिति भी सामने आई। डॉ. मिश्रा ने कहा कि विशेषकर बरसात में छत से पानी टपकने की समस्या रहती है, जिससे मरीज और स्टाफ दोनों को असुविधा होती है। उन्होंने मरम्मत और सफाई के निर्देश तुरंत जारी करने तथा आवश्यकता होने पर रिपेयरिंग कराए जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने पुराने भवन के नवीनीकरण व बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
सीएमओ ने यह भी कहा कि कुछ चल रही योजनाओं का संचालन कुछ महीनों से ठीक से नहीं हो पा रहा था, जिसे दुरुस्त किया जाएगा। आगामी रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम और कैंप के आयोजन में भी व्यवस्थित सुधार किए जाने होंगे। साथ ही डिजिटल कार्यप्रणाली को चुस्त करने के प्रयास जारी हैं।
दुद्धी में पहले बंद किये जा चुके अवैध अस्पताल के पुनः संचालन के बारे में पूछे जाने पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि उन्होंने टीम और नोडल अधिकारियों को भेजकर स्थिति की पुनः जांच कराने के लिए निर्देशित किए जाएंगे। यदि कोई अवैध अस्पताल संचालित पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे पुनः बंद कराया जाएगा।
वहीं सीएचसी में उपस्थित मरीजों के परिजनों का कहना है कि समस्याओं का त्वरित समाधान आवश्यक है। यदि सीएमओ द्वारा बताए गए मरम्मत, वेतन भुगतान और ब्लड संसाधन बढ़ाने के कदम शीघ्र उठाए गए तो स्थानीय मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

महुली नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में बघाडू, रेणुकूट और जाबर की शानदार जीत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी से जीते मुकाबले

दुद्धी सोनभद्र। विकास खंड दुद्धी के अंतर्गत महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन बुधवार रात्रि 8 बजे से खेले गए तीन रोमांचक मुकाबलों में बघाडू, रेणुकूट और जाबर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। खिलाड़ियों की विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी ने देर रात तक दर्शकों को रोमांचित किए रखा।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बघाडू और आरसीबी बहरा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बघाडू की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 155 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बंटी ने शानदार 63 रनों की आतिशी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी बहरा की टीम 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर मात्र 95 रन ही बना सकी। इस प्रकार बघाडू ने 60 रनों से शानदार जीत दर्ज की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बंटी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार जिला स्काउट कमिश्नर सोनभद्र सत्यनारायण कन्नौजिया के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
दूसरा मुकाबला रेणुकूट और बंका पतरिहा (झारखंड) के बीच 8-8 ओवरों का खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेणुकूट ने 8 ओवरों में 7 विकेट खोकर 78 रन बनाए। जवाब में बंका पतरिहा की टीम 8 ओवरों में 7 विकेट पर 60 रन ही बना सकी। रेणुकूट ने यह मुकाबला 18 रनों से जीतकर अगले दौर में स्थान पक्का किया। रेणुकूट के दीपक को 2 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दिन का तीसरा मुकाबला केजीएन दुद्धी और जाबर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जाबर की टीम ने 8 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 134 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में केजीएन दुद्धी की टीम 8 ओवरों में 4 विकेट पर 87 रन ही बना सकी। जाबर ने यह मुकाबला 47 रनों से अपने नाम कर लिया।
सभी मुकाबलों में आकर्ष चौबे एवं गोलू ने अंपायर की भूमिका निभाई। वहीं जसवंत कुमार ने स्कोरर तथा सूरज कुमार ने कमेंट्री की जिम्मेदारी का सफल निर्वहन किया। टूर्नामेंट के लगातार रोमांचक मुकाबलों से क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है।

विंढमगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गुमशुदा युवक को किया बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। थाना विंढमगंज पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर गुमशुदा युवक अंकित चौबे(25)निवासी ग्राम पतरिहा को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण तथा गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश के निर्देशों के अनुरूप की गई।
थाना विंढमगंज पर दिनांक 10 जून 2026 को गुमशुदगी का मामला दर्ज की गई थी, जिसमें बताया गया था कि अंकित चौबे घर से गढ़वा जाने की बात कहकर निकला और वापस नहीं लौटा। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया ।आज 11 जून को उपनिरीक्षक नन्दकिशोर यादव मय टीम को मुखबिर से सूचना मिली और रेलवे स्टेशन विंढमगंज से युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर अंकित को सुपुर्द कर दिया।
परिजनों ने सोनभद्र पुलिस की त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह,उ0नि0 नन्दकिशोर यादव, हे0का0 बजरंग यादव,का0 प्रशान्त मिश्रा थाना विंढमगंज शामिल रहे।

दुद्धी पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध संबंध के कारण हुआ था हत्या,48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना दुद्धी ने एक हत्या का सफल खुलासा कर 48 घण्टे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर लिया है। इस कार्यवाही में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय का निकट पर्यवेक्षण रहा। घटना का खुलासा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई ।
घटना 09 जून 2026 को मृतक का भाई जय सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी महुअरिया ने अपने भाई समासिंह गोड़ की हत्या का मुकदमा मु0अ0सं0-169/2026, धारा 103(1) बीएनएस बनाम अज्ञात थाना दुद्धी में दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए थे।
थाना दुद्धी पुलिस ने तत्परता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना करते हुए मामले का सफल अनावरण किया।आज बृहस्पतिवार को बघाड़ू-भीसूर मार्ग स्थित प्रथम पुलिया के पास से अभियुक्त राजेन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल यूपी64बीबी 9969 तथा एक आला कत्ल चाकू बरामद किया है ।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त राजेन्द्र विश्वकर्मा पुत्र बब्बन विश्वकर्मा निवासी डुमरपान थाना सोनावल बलरामपुर छत्तीसगढ़,ने बताया कि मृतक समासिंह गोड़ का उसके पत्नी के साथ अवैध संबंध रखता था। उसने कई बार मृतक को पत्नी से दूर रहने के लिए कहा परंतु मृतक नहीं माना। जिससे मानसिक रुप से परेशान और आक्रोशित होकर राजेंद्र विश्वकर्मा ने 09 जून 2026 को मृतक को फोन कर लीलासी बुलाया। दोनों ने शराब खरीदी और ग्राम मुरता स्थित नदी पुलिया के नीचे शराब पीने के बाद अभियुक्त ने पास रखे चाकू तथा मौके पर पड़ी पत्थर से हमला कर समासिंह गोड़ की हत्या कर मौत के घाट उतार दी।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह ,हे0का0 भागीचन्द्र,हे0का0 महताब अहमद हे0का0 खालिद खान थाना दुद्धी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार,सोनभद्र पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सतत जारी है।

जनसुनवाई में गूंजी दिव्यांग छात्र की फरियाद, प्रशासन ने दिखाई संवेदना; कुछ ही मिनटों में मिला सहारा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने प्रशासनिक संवेदनशीलता की नई मिसाल पेश कर दी। आम लोगों की समस्याएं सुनने के बीच जब एक दिव्यांग छात्र अपनी पीड़ा लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचा तो माहौल भावुक हो उठा। छात्र की कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल राहत प्रदान की और कुछ ही देर में उसकी जिंदगी की राह आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा दिया।
प्राथमिक विद्यालय बंजरिया में अध्ययनरत कक्षा पांच के छात्र रवि पटेल ने जनसुनवाई में अपनी समस्या रखते हुए बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग है। विद्यालय आने-जाने और दैनिक कार्यों में उसे भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही उसे मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि भी अभी तक प्राप्त नहीं हो सकी है, जिससे उसकी पढ़ाई और पारिवारिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।छात्र की बात सुनते ही अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। उसकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश जारी किए गए। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को बिना विलंब सहायता उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्र को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई।
जब रवि पटेल को ट्राइसाइकिल सौंपी गई तो उसके चेहरे पर लंबे समय बाद संतोष और खुशी की चमक दिखाई दी। अब तक दूसरों के सहारे चलने को मजबूर यह बालक अपनी नई ट्राइसाइकिल को देखकर उत्साहित नजर आया। उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की ऐसी संवेदनशील कार्यशैली जरूरतमंदों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिए गए कि छात्र की लंबित छात्रवृत्ति की स्थिति का तत्काल परीक्षण किया जाए और पात्रता के अनुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी छात्र को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए तथा सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
इस दौरान छात्र के परिजन भावुक दिखाई दिए। उनके चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी शीघ्रता से हो जाएगा। सहायता मिलने के बाद परिवार ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई में हुई यह कार्रवाई एक बार फिर यह संदेश देने में सफल रही कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। जब समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाता है, तब आमजन का विश्वास प्रशासन पर और अधिक मजबूत होता है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनसुनवाई तभी सार्थक होती है जब पीड़ित व्यक्ति को तत्काल राहत और समाधान मिले। दिव्यांग छात्र की सहायता का यह उदाहरण जनहित के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता और मानवीय दृष्टिकोण का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है। :::

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा रामगढ़, यज्ञ मंडप की परिक्रमा को उमड़ा जनसैलाब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा, भक्ति और सनातन संस्कृति के दिव्य संगम का केंद्र बना हुआ है। नौ दिवसीय विराट रुद्र महायज्ञ के सातवें दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
महायज्ञ स्थल पर दूर-दराज के गांवों और पड़ोसी जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं का उत्साह ऐसा था कि पूरे दिन यज्ञ परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा। आस्था और श्रद्धा का यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्थित शिव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक पूजन संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का दूध, गंगाजल और पूजन सामग्री से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की।
महायज्ञ में वृंदावन से पधारी बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिए। कथा श्रवण के दौरान भक्त भाव-विभोर नजर आए और पूरा पंडाल श्रद्धा में डूब गया।
संध्या होते ही कार्यक्रम का स्वरूप और भी भव्य हो गया। भजन संध्या में वाराणसी से आए राष्ट्रीय बाल कलाकार श्री राम कृष्ण, श्री राधा कृष्ण और श्री राधे कृष्ण ने एक से बढ़कर एक भजन, गीत और गजल प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्त देर रात तक भजनों की मधुर धुनों पर झूमते रहे और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
वहीं वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की मनमोहक झांकियों एवं जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को ब्रजधाम की अनुभूति करा दी। रासलीला मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक डटे रहे।
महायज्ञ की एक विशेषता पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी रहा। आयोजन में 251 दुर्लभ औषधीय जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। वैदिक विधि-विधान से दी जा रही आहुतियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण शुद्धि और विश्व कल्याण की कामना की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यज्ञ से निकलने वाला धुआं वातावरण को शुद्ध करने में भी सहायक माना जाता है।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन चल रहे विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में आने वाले हर श्रद्धालु का स्वागत सम्मानपूर्वक किया जा रहा है। भोजन व्यवस्था को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी महाराज ने बताया कि महायज्ञ में आचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी एवं अमरेश तिवारी सहित विद्वान आचार्यगण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं पूजन कार्य संपन्न करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार, मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान दिनेश, उषा देवी, रूपा गुप्ता, देवेंद्र कुमार, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, विमला देवी, शशि देवी, विजय सिंह, मनीष कुमार, कृति सागर, शुभराम महाराज, परमानंद, रमेश कुमार, प्रहलाद, रामखेलावन, किरन मोदवाल, मानवी, संगीता, मुन्ना बाबा, केवलानंद महाराज, आनंद ओझा, राकेश पाठक, कालो देवी, डॉ. विजय, हीरा सिंह, संजय अग्रवाल, चांदनी अग्रवाल, राजेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। :::

बलिया से छत्तीसगढ़ जा रहा था परिवार, भीषण टक्कर से कार के उड़े परखच्चे; दो घायलों की हालत गंभीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

बभनी (सोनभद्र)। बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। बलिया जिले से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा एक परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय मासूम सहित पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बलिया जिले के सिकंदरपुर क्षेत्र निवासी एक परिवार कार से रेणुकूट मार्ग होते हुए रायपुर (छत्तीसगढ़) की ओर जा रहा था। सुबह करीब पोखरा स्थित विष्णुप्रिया ढाबा के समीप पहुंचते ही अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहल उठे और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला।
दुर्घटना में रूचि सिंह (33 वर्ष) पत्नी पवन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं यतेंद्र सिंह (70 वर्ष), मालती सिंह, पवन सिंह (35 वर्ष), पंकज सिंह तथा चार वर्षीय रिमझिम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रूचि सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल यतेंद्र सिंह और पवन सिंह की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के लोगों ने बताया कि वे एक पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में यात्रा पर निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया और पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज गति तथा चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल एक महिला की मौत और कई लोगों के घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता की याद दिला गया। :::

टेढ़ा में 70 वर्षीय वृद्ध महिला ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में शोक की लहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टेढ़ा में मंगलवार देर रात 70 वर्षीय पानपत्ती देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्हें घायल हालत में प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजन और पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे उस समय हुई जब पानपत्ती देवी और उनके पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पानपत्ती देवी घर के अंदर चली गईं और बरेड़ में फंदा बनाकर झूल गईं। कुछ देर बाद घर के अन्य सदस्यों ने कमरे में जाकर उन्हें फंदे पर पड़ा पाया और तुरंत नीचे उतारकर 112 पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचित किया।
घटना स्थल पर पहुंची एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज और चालक विजय राजभर ने उन्हें दुद्धी पहुंचाया, जहाँ चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने पानपत्ती देवी को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया । स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक तनाव के बाद पानपत्ती देवी ने यह कदम उठाया माना जा रहा है, लेकिन आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना की सत्यता स्पष्ट करने के लिए कोतवाली पुलिस ने परिजनों व घटनास्थल के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है ।

पकरी ने घिवही को 58 रन से, जबकि शिवाजी तालाब दुद्धी ने जमुई झारखंड को 102 रन से हराकर अगले चक्र में बनाई जगह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विकास खंड दुद्धी के अंतर्गत महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित श्री राजा बरियार शाह नाइट कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा। दिन के दोनों मैचों में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी देर रात तक मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन का पहला मुकाबला पकरी और घिवही के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पकरी की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 166 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से निशु ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 23 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसके जवाब में 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी घिवही की टीम निर्धारित ओवरों में केवल 108 रन ही बना सकी। इस प्रकार पकरी ने 58 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए निशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं दिन का दूसरा मुकाबला जमुई (झारखंड) और शिवाजी तालाब दुद्धी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवाजी तालाब दुद्धी की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने 10 ओवरों में 3 विकेट खोकर 187 रन का विशाल स्कोर बनाया। इस दौरान टिन्नी ने 31 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि विशाल ने 14 गेंदों पर 43 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की। जवाब में जमुई झारखंड की टीम निर्धारित 10 ओवरों में केवल 85 रन ही बना सकी और मुकाबला 102 रन से हार गई। इस जीत के साथ शिवाजी तालाब दुद्धी ने भी अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार विकास कुमार कन्नौजिया उर्फ बबलू के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में नंदकिशोर कन्नौजिया, गोलू, संस्कार सिंह एवं आशु गोस्वामी ने अंपायर की भूमिका निभाई। वहीं सोनू कुमार ने स्कोरर तथा अभिरंजन कुमार कन्नौजिया ने आंखों देखा हाल प्रस्तुत कर मैच को और रोचक बनाया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, राजनाथ गोस्वामी, अमरेश कुमार कन्नौजिया, मनोज कुमार कन्नौजिया, सूरज कुमार, सन्नी कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में लगातार हो रहे रोमांचक मुकाबलों से क्षेत्र में खेल का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।

अल्ट्राटेक सीमेंट शिल्पकार सम्मेलन में गुणवत्ता निर्माण पर हुआ मंथन,शिल्पकारों को किया गया सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित लक्ष्मी हार्डवेयर परिसर में बुधवार सायं अल्ट्राटेक सीमेंट के बैनर तले आयोजित शिल्पकार सम्मेलन में क्षेत्र के लगभग 50 राजमिस्त्रियों एवं शिल्पकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मजबूती एवं आधुनिक तकनीकों के प्रति शिल्पकारों को जागरूक करना रहा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता ने अल्ट्राटेक सीमेंट की विशेषताओं, उपयोग की विधियों तथा मजबूत एवं टिकाऊ निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी भवन की गुणवत्ता उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और शिल्पकारों की दक्षता पर निर्भर करती है। सही तकनीक और उचित अनुपात में सामग्री का प्रयोग भवन को लंबे समय तक सुरक्षित एवं मजबूत बनाए रखता है।
उन्होंने राजमिस्त्रियों को सीमेंट के सही उपयोग, प्लास्टरिंग, कंक्रीट मिश्रण तथा निर्माण कार्य में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि समय के साथ नई जानकारी हासिल करना प्रत्येक शिल्पकार के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित राजमिस्त्रियों ने निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। सम्मेलन में अल्ट्राटेक सीमेंट की विभिन्न योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर लक्ष्मी हार्डवेयर के प्रोपराइटर कमलेश कुमार कन्नौजिया ने सभी अतिथियों एवं शिल्पकारों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन कराने की बात कही।
सम्मेलन के समापन अवसर पर उपस्थित सभी राजमिस्त्रियों एवं शिल्पकारों को सम्मानित कर प्रशस्ति उपहार प्रदान किए गए, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान पाकर शिल्पकारों ने आयोजकों एवं अल्ट्राटेक सीमेंट प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यूसुफ, संतोष कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

विंढमगंज स्टेशन के विद्युत कक्ष में लगी आग, बड़ा हादसा टला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज रेलवे स्टेशन परिसर स्थित विद्युत कक्ष में बुधवार दोपहर लगभग 1:00 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिसर में धुआं फैल गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कक्ष के भीतर रखे महत्वपूर्ण उपकरण आग की चपेट में आकर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पाकर रेलवे कर्मचारी और स्थानीय लोग घटना स्थल पर आए और हैंडपम्प के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग समय पर नियंत्रित हो जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे अधिकारियों ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है। स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुँचकर स्थिति का निरीक्षण कर रहा है। प्रारंभिक जांच में आग की सम्भावित वजह विद्युत तारों में गड़बड़ी यानी शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी के लिए जांच जारी है।

अपना दल (एस) की मासिक बैठक में संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर, 2 जुलाई को लखनऊ पहुंचने का आह्वान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। अपना दल (एस) विधानसभा दुद्धी-403 की मासिक संगठनात्मक बैठक बुधवार को उत्सव वाटिका, दुद्धी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने तथा आगामी 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित पार्टी संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती समारोह की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राम सुरेश कुशवाहा, जिला अध्यक्ष पंचायत मंच, सोनभद्र उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने की।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी शक्ति होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में नियमित बैठकें आयोजित करने तथा लंबित सेक्टर समितियों का गठन शीघ्र पूरा कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ और सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की सफलता की आधारशिला हैं।
बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक कार्यकर्ता के घर पर अपना दल (एस) का ध्वज लगाने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित जयंती समारोह में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल दलितों, शोषितों, वंचितों, पिछड़ों, किसानों एवं कमजोर वर्गों की सशक्त आवाज थे। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और वंचित समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
बैठक में हसनैन अंसारी, अमर सिंह खरवार, रमेश गुप्ता, गुलाब जायसवाल, राम अवतार, हरिप्रसाद मंत्री, राम मनोहर पटेल, दिनेश गुप्ता, रामबरन बैसवार, राजेंद्र प्रसाद गोंड, तुषार पटेल, सुरेश पासवान, ओम प्रकाश, प्रांजल, सतीश कुमार, श्रवण कुमार, अंशुल कुमार, लोकेश कुमार, अवनीश कुमार, उमेश कुमार, महेंद्र जायसवाल एवं सोनू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

नगवां, चतरा और खलियारी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवां, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा तथा खलियारी स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्रों में हड़कंप की स्थिति रही और कर्मचारियों में व्यवस्था दुरुस्त रखने की हलचल तेज हो गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था, चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति तथा स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों, ओपीडी कक्षों, दवा वितरण केंद्रों तथा अभिलेखों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
टीकाकरण अभियान की प्रगति पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने संचालित टीकाकरण सत्रों का भी जायजा लिया। उन्होंने लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। टीकाकरण अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर चेतावनी, बेहतर सेवाओं पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं एवं सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी, साफ-सफाई तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

भक्ति के रंग में रंगा रामगढ़, रासलीला और भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम परिसर में आयोजित नौ दिवसीय विराट रुद्र महायज्ञ का धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण दिन-प्रतिदिन और अधिक भक्तिमय होता जा रहा है। बुधवार को महायज्ञ के छठवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, भागवत कथा, भजन संध्या और रासलीला ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
प्रातःकाल शिव मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक संपन्न करायाअ गया। आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार एवं समाज के कल्याण की कामना की। यज्ञशाला में चल रहे अनुष्ठानों के दौरान भक्तों ने हवन कुंड में आहुति देकर धर्म लाभ अर्जित किया।
वृंदावन से पधारी बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा श्रवण करते रहे। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सांयकाल आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में वाराणसी से आए राष्ट्रीय बाल कलाकार श्री राम कृष्ण, श्री राधा कृष्ण एवं श्री राधे कृष्ण ने एक से बढ़कर एक भजन, गीत और गजल प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वहीं वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण रासलीला आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों की मनमोहक झांकियों तथा जीवंत मंचन को देखने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक लोग रासलीला का आनंद लेते रहे और पूरा यज्ञ परिसर जय श्रीराम, हर-हर महादेव तथा राधे-राधे के जयघोषों से गूंजता रहा।
महायज्ञ के आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी महाराज ने बताया कि यज्ञ के माध्यम से केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। इसके लिए 251 प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियों से निर्मित विशेष हवन सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे वातावरण शुद्ध होने के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि 12 जून को अयोध्या धाम से महंत कमल नयन दास महाराज यज्ञ स्थल पर पहुंचेंगे। वहीं 13 जून को महायज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह बंधन में बंधने वाली कन्याओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
महायज्ञ के वैदिक अनुष्ठान आचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी एवं अमरेश तिवारी के निर्देशन में संपन्न कराए जा रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज से आए मुख्य यजमान संजय अग्रवाल उर्फ श्याम जी अग्रवाल एवं चांदनी अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन में भाग लिया।
महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन चल रहे विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में दिनेश, उषा देवी, रूप गुप्ता, देवेंद्र कुमार, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, विमला देवी, दाऊदयाल, विजय सिंह, मनीष कुमार, कृति सागर, शुभराम महाराज, परमानंद, रमेश कुमार, प्रहलाद, रामखेलावन, किरण मोदवाल, शशि देवी, मानवी, कालो देवी, हीरा सिंह, संगीता, मुन्ना बाबा, राजेश, केवलानंद महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मोदी जी ने रचा इतिहास 4,399 दिन का नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा ,भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले पहले लोकतांत्रिक प्रधानमंत्री बने

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्तामोदी सरकार के सफलतम 12 वर्ष व भारतवर्ष के सर्वाधिक सर्वमान्य प्रधानमंत्री होने पर आज रेणुकूट मण्डल के दुर्गा मंदिर में हवन पूजन कर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दीर्घायु होने की मंगलकामना हवन पूजन किया गया ।न परिवार का सहारा, न विरासत का ताज…
जनता के विश्वास से बना इतिहासभारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज 10 जून 2026 को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा भारत के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का गौरवपूर्ण कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर पर विधानसभा ओबरा 402 के रेणुकूट दुर्गा मंदिर में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भजन कीर्तन एवं हवन-पूजन किया

भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नन्द लाल जी ने दिया।इस गौरवपूर्ण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी रेणुकूट मंडल द्वारा प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु होने के लिए राष्ट्रसेवा में निरंतर सफलता की कामना हेतु भजन कीर्तन एवं हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से भगवान से प्रार्थना कर प्रधानमंत्री जी के सफल नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।जनादेश से जनविश्वास के 4399 दिवस तक…विश्वास से विकास और विकास से विकसित भारत तक…

इस पावन अवसर पर भगवान शिव, मां दुर्गा एवं प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण तथा विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि हेतु प्रार्थना की गई।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांद प्रकाश जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 4399 दिनों की जनसेवा, सुशासन एवं राष्ट्रनिर्माण की यात्रा देश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य कर रही है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि लोकतंत्र के प्रति जनता के अटूट विश्वास और विकसित भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने वाली है।12 साल विकास के, विश्वास के, बदलाव के!जब नेतृत्व ज़मीन पर उतरता है, तो कार्यकर्ताओं का उत्साह अपने चरम पर होता है।नेतृत्वकर्ता की ऊर्जा और प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर वे उसके साथ कदम से कदम मिलाकर संगठन के लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं।इसी को धर्मवाक्य मानकर आज कार्यकर्ताओं के साथ आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर भोलेनाथ से उनके दीर्घायु होने की प्रार्थना की।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सोनभद्र आदरणीय श्री नंदलाल जी की ग़रिममयी उपस्थिति के साथ साथ सभी वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ता बंधु जी की उपस्थिति रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर रेणुकूट मंडल के कार्यकर्ता पदाधिकारियों की उपस्थिति से माहौल भक्तिमय हो उठा।
भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी रेणुकूट मंडल द्वारा विशेष कीर्तन एवं हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा में निरंतर सफलता की कामना करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भजन कीर्तन व हवन प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने हेतु संपन्न कराया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से भगवान से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प शीघ्र साकार हो तथा देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हरिराम छवि शाह ने किया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र के जिला अध्यक्ष आदरणीय श्री नंदलाल जी विशिष्ट अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांद प्रकाश जैन उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री शारदा खरवार, राकेश पाण्डेय जी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष विष्णु गुप्ता,जिला कार्यसमिति सदस्य सुनील केशरी, काशी प्रांत उपाध्यक्ष कुसुम शर्मा,भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष माया गुप्ता,सूरज सिंह, मनोज त्रिपाठी प्रदीप सिंह रानू आशीष मिश्रा रामभगतजी, मंगल शर्मा, अनुसूचित जन जाति मोर्चा जिला मंत्री शंभू खरवार,शक्ति केंद्र पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भाजपा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ, सफल एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके नेतृत्व में राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हुआ ।

राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन, जीत सिंह खरवार ने किया शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विकास खंड दुद्धी क्षेत्र के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित राजा बरियार शाह नाइट कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार की रात भव्य शुभारंभ हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी, दर्शकों की भारी भीड़ और खिलाड़ियों के उत्साह के बीच आयोजित उद्घाटन समारोह खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री एवं अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला महामंत्री भाजपा सुरेन्द्र अग्रहरि तथा समारोह अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। अतिथियों ने बल्ले से गेंद खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान टूर्नामेंट कमेटी एवं खिलाड़ियों द्वारा सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं भव्य स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने राजा बरियार शाह की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि यह मैदान क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दुल्हन श्रृंगार के बाद सुंदर दिखाई देती है, उसी प्रकार इस खेल मैदान को भी और अधिक विकसित एवं आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र अग्रहरि ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें बड़े मंचों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने कहा कि महुली उनकी जन्मभूमि है और यहां के युवाओं की प्रतिभा पर उन्हें गर्व है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खेल एवं खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि खेल सामाजिक समरसता और भाईचारे का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है और समाज को नई दिशा मिलती है।
अंत में टूर्नामेंट अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया तथा सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।
उद्घाटन मैच बंशीधर नगर और आरसीसी रामनगर दुद्धी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीसी रामनगर दुद्धी ने निर्धारित 10 ओवरों में 142 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंशीधर नगर की टीम 9 विकेट खोकर मात्र 92 रन ही बना सकी। इस प्रकार रामनगर दुद्धी ने 50 रनों से शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले रामनगर दुद्धी के बल्लेबाज सत्यम को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने मात्र 30 गेंदों में ताबड़तोड़ 79 रन बनाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला मां काली दुद्धी और फुलवार की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मां काली दुद्धी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुलवार को पराजित कर जीत अपने नाम की।
प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका नंदकिशोर कन्नौजिया एवं गोलू ने निभाई। वहीं आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सदस्यों और क्षेत्रीय युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर मनोहर खरवार, उदय शर्मा, सत्यनारायण कन्नौजिया, विकास राज बबलू, शिवम कुमार, सोनू कुमार, सूरज कुमार, रविंदर कुमार, मनीष कुमार, सतेश कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दुद्धी में हाइवा और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, केबिन में फंसे घायल चालक को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुद्धी-विंढमगंज मुख्य मार्ग पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एनएच 39 पर प्राथमिक विद्यालय बिड़र के ठीक सामने एक हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में हाइवा चालक बुरी तरह घायल हो गया और केबिन में ही फंस गया, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एक खाली हाइवा रजखड़ की तरफ जा रहा था, जबकि सामने से आ रहा खाली ट्रक जो दुद्धी की ओर जा रही थी। जैसे ही दोनों वाहन बिड़र प्राथमिक विद्यालय के समीप पहुंचे, दोनों में आमने-सामने की सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन के भीतर ही मलबे में फंस गया।
हादसा होते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवा के केबिन के हिस्से को ट्रक के टोचन से खींच कर घायल हाइवा चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल की पहचान चालक की पहचान अमरेश ( 26)पुत्र ललित किशोर निवासी टेढ़ा दुद्धी के रूप में हुई है। इस हादसे में अमरेश का एक पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया है।
दुर्घटना के तुरंत बाद घायल अमरेश को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉ. वरुणा निधि द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चालक की गंभीर स्थिति और पैर में फ्रैक्चर को देखते हुए डॉ. वरुणा निधि ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ट्रक ड्राइवर को मौके पर सुरक्षित पाया गया, उसे मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए जाम खुलवाया गया।

सोनभद्र से पूंजी पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत 8 सूत्रीय मांगों पर चलेगा अभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

• दो दिवसीय बैठक में हुआ फैसला

दुद्धी सोनभद्र ।आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट और रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान की बैठक रासपहरी स्थित कार्यालय पर दो दिन चली। बैठक में म्योरपुर से शुरू कर पूरे जनपद में संपर्क संवाद यात्रा चलाने का निर्णय हुआ। इस यात्रा में जनगणना में आदिवासी धर्म कोड और पिछड़ा वर्ग की जाति का कालम जोड़ने, सोनभद्र से पूंजी पलायन पर रोक, माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की लूट पर रोक एवं महिला स्वयं सहायता समूहों व नौजवानों को उद्यम लगाने के लिए 4 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य व पेंशन, भूमिहीन को आवासीय जमीन के अधिकार की गारंटी, कोल व धांगर को आदिवासी का दर्जा देने, अतिपिछड़ों को अलग आरक्षण कोटा, वनाधिकार कानून का पालन, प्राकृतिक संसाधनों की लूट व निजीकरण बंद करने, पर्यावरण की रक्षा और दलित-आदिवासी के विकास का बजट बढ़ाने के लिए अरबपतियों की सम्पत्ति पर टैक्स जैसी आठ सूत्रीय मांगों को हर घर तक पहुंचाने और इस पर जन संवाद करने का फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता वयोवृद्ध आदिवासी रन शाह गोंड और बिरझन गोंड ने की और संचालन कृपाशंकर पनिका व रामकृष्ण बैगा ने किया। बैठक में सोशल मीडिया टीम भी बनाई गई।
बैठक में मौजूद आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दो सवाल प्रमुख रूप से उभरे हैं। पहला रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य के सवाल पर नौजवानों का आक्रोश उभर कर सामने आया है। दूसरा आदिवासी समाज की तरफ से अपनी पहचान के लिए 1961 से पहले जनगणना में शामिल आदिवासी धर्म कोड का कालम इस समय चल रही जनगणना में देने मांग उठ रही है। हमें इन सवालों पर जमीनी गोलबंदी करने और जनता को जागृत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश के बड़े कॉर्पोरेट घरानों और अरबपतियों की सम्पत्ति पर टैक्स लगाकर इतनी पूंजी जुटाई जा सकती है जिससे हर नागरिक के लिए रोजगार, शिक्षा-स्वास्थ्य, पेंशन और भूमिहीन के आवास के सवाल को हल किया जा सके। इससे दलितों आदिवासियों के विकास के लिए दिए जा रहे अत्यंत कम सबप्लान बजट को भी बढ़ाया जा सकता है और अति पिछड़ों के लिए भी बजट दिया जा सकता है।
बैठक में दिनकर कपूर, राजेश सचान, सविता गोंड, राजेंद्र प्रसाद गोंड, इंद्रदेव खरवार, रूबी सिंह गोंड, राम किशुन गोंड, दया शंकर गोंड, बलबीर सिंह गोंड, मंगरू प्रसाद श्याम, देवकुमार खरवार, मनोहर गोंड, बेचन गोंड, महावीर गोंड, राम विचार गोंड, गम्भीरा गोंड, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड ने अपनी बात रखी।

रन्नू गाँव में शिक्षा मित्र पर कथित हमला, पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को भेजा शिकायती पत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के रन्नू गाँव के शिक्षा मित्र विजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 28 मई 2026 की रात लगभग 11:30 बजे गाँव के ही कुछ लोग मिलकर उन पर जानलेवा हमला करने आए। शिकायती पत्र में कहा गया है कि आरोपितों के पास चाकू, लाठी-डंडा और भाला बलुआ जैसे हथियार थे। आरोप है कि आरोपितों ने विजय के घर में घुसकर उन्हें और उनके परिजनों को गालियाँ दीं तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायती पत्र के अनुसार , रंजन पुत्र बिंदु, प्रदीप पुत्र बिंदु, ललनी देवी पत्नी बिंदु, पूनम देवी पत्नी मंजीत कुमार और आरती पत्नी रंजन ने रंजिश के चलते मिलकर हमला किया। उन्होंने विजय को जमीन पर पटक कर बुरी तरह पीटा और उनके गले से सोने की चैन जबरन छीन ली, जिसकी कीमत लगभग 50,000 बताई गई है। घायल विजय और उनके परिवार के लोग घटना के बाद भयभीत हैं।
विजय ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी, जिसका सीडी उनके पास उपलब्ध है। जब आस-पास के लोग आवाज सुनकर मदद के लिए पहुँचे तो आरोपित मौके से भाग गए और धमकी देते हुए बोले कि इस बार तो बच गए, आगे तुम लोगों को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। विजय ने आरोप लगाया है कि आरोपितों की आपराधिक प्रवृत्ति है और वे भविष्य में और भी संगीन अपराध कर सकते हैं।
विजय ने कहा कि उन्होंने घटना के अगले दिन थाना दुद्धी दिया लेकिन प्रार्थी का कोई बात नहीं सुना गया और उक्त लोगो के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं किया गया जिससे उक्त लोग का मनोबल काफी बढा हुआ है तथा अभी भी जान माल की धमकी दे रहे है।
इस पर चिंता व्यक्त करते हुए विजय ने 5 जून 2026 को डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र को शिकायती पत्र भेजकर त्वरित और कड़ी कार्रवाई, आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

डुमरा कोरगी में बिजली संकट गहराया, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की उठी मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

लो वोल्टेज से सिंचाई प्रभावित, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

दुद्धी(सोनभद्र)। विढमगंज थाना क्षेत्र के डुमरा कोरगी गांव में लंबे समय से बनी विद्युत समस्या अब ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट का रूप लेती जा रही है। गांव में लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार के कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए गांव में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थापित वर्तमान ट्रांसफार्मर बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रहे विद्युत उपभोक्ताओं के दबाव को वहन करने में सक्षम नहीं है। ट्रांसफार्मर पर अधिक भार पड़ने के कारण अधिकांश समय लो वोल्टेज की स्थिति बनी रहती है, जिससे किसानों के विद्युत चालित पंपसेट और मोटरें सुचारु रूप से नहीं चल पा रही हैं। कई किसानों की मोटरें खराब हो चुकी हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि इस समय खेती-किसानी का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है और सिंचाई के लिए बिजली की आवश्यकता सबसे अधिक है। लेकिन पर्याप्त वोल्टेज न मिलने के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों की उत्पादकता पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। वहीं ग्रामीण उपभोक्ताओं को पंखा, कूलर, फ्रिज एवं अन्य विद्युत उपकरणों के संचालन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में गांव में तत्काल 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने, अतिरिक्त विद्युत पोल लगाने तथा विद्युत लाइन विस्तार का कार्य कराने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन देने वालों में छोटेलाल मौर्य प्रमुख रूप से शामिल रहे। उनके साथ गांव के अनेक किसानों एवं ग्रामीणों ने भी हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो किसानों की खेती और ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग से जनहित में तत्काल पहल करने की मांग करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गांव की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

दुद्धी पुलिस ने अवैध जुआ फड़ पर मारा छापा, 6 जुआरी गिरफ्तार, नकदी व ताश के पत्ते बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में स्थानीय थाने को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व वाली टीम ने 08 जून को डूमरडीहा रेलवे लाइन पुलिया के नीचे नहर के पास छापेमारी कर अवैध जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया।
पुलिस द्वारा दबिश के दौरान छह जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 52 पत्ता ताश, ₹12,320 नगद, चार मोबाइल फोन तथा 11 लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किए गए। जुआ खिलाने-संबंधित इस घटना के मामले में थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 167/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पीर मोहम्मद पुत्र स्व. अहमद निवासी वार्ड नं. 09 कस्बा दुद्धी, असलम पुत्र अजीम शाह निवासी ग्राम डूमरडीहा, बृजेश कुमार पुत्र दयाशंकर कुशवाहा निवासी ग्राम रजखड़, मकसूद अहमद पुत्र स्व. साबिर शाह निवासी वार्ड नं. 09 कस्बा दुद्धी,लवकुश कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी ग्राम खजुरी और जितेन्द्र सोनी पुत्र सत्यनारायण सेठ निवासी वार्ड नं. 09 कस्बा दुद्धी शामिल हैं।
पकड़ने वाले पुलिस टीम में उ0नि0 अमित कुमार सिंह, उ0नि0 हरिकेश राम आजाद, हे0का0 सर्वेश कुमार सिंह, हे0का0 महताब, हे0का0 मोहम्मद खालिद तथा रि0का0 शिवम् द्विवेदी व रि0का0 धर्मपाल शामिल रहे। पुलिस ने बरामद सामान व वाहनों की जाँच-पड़ताल जारी रखी है और मामले की तहकीकात की जा रही है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा और अपराधियों को किसी भी सूरत बख्शा नहीं जाएगा।

दुद्धी में 25 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या, सिर पर धारदार हथियार, पत्थर से कूचकर उतारा मौत के घाट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र मुरता गाँव में मंगलवार को 25 वर्षीय समा पुत्र मोहन निवासी महुअरिया की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खून से लथपथ हालत में पड़े युवक का शव देखकर पुलिस को सूचना दी।प्राथमिक जांच में शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। घटनास्थल पर कई बड़े पत्थर खून से सने मिले हैं और साथ ही धारदार हथियार के निशान भी पाए जाने का संकेत मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पत्थरों और धारदार हथियार दोनों से हमला कर युवक की हत्या की है।सूचना पाकर दुद्धी क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए और शव को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेस्टिंग टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा कर वापस लौट गई है।सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से हत्या के सही कारण और घटनाक्रम का खुलासा होगा।

सरकार आपके द्वार स्वरूप में जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून 2026 से 21 जून 2026 के मध्य, प्रदेश में समेकित जन-कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत 08 जून 2026 से 14 जून 2026 तक विशेष जन सम्पर्क एवं जन-जागरूकता कार्यकम करने हेतु प्रस्तावित है, दिनांक 09.06.2026 को उपायुक्त उद्योग के अध्यक्षता में उपायुक्त सभागार में जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें जनपद के सम्मानित उद्यमी/व्यापारीगण / बैंकर्स सम्मलित हुये। उपायुक्त उद्योग द्वारा विभाग के द्वारा संचालित योजनाये जैसे मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण सहायता योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना, तकनीकी उन्न्यन योजना आदि की जानकारी उपस्थित उद्यमियों को दी गयी। शासन द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जनपद के विशिष्ट परम्परागत व्यंजनों को राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश के जनपदों के परम्परागत व्यंजनों के विकास हेतु हाल ही में एक जनपद एक व्यंजन योजना दिनांक 05.05.2026 को प्रख्यापित की गयी है। एक जनपद एक व्यंजन योजनान्तर्गत प्रदेश के प्रत्येक जनपद के विशिष्ट पराम्परागत व्यंजनों का चिन्हांकन किया गया है। जनपद-सोनभद्र हेतु गुलाब जामुन व्यंजन का चिन्हांकन किया गया है। परम्परागत व्यंजनों की पहचान को सुरक्षित एवं संरक्षित करने, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, व्यंजनों की शेल्फ लाईफ बढ़ाने एवं इन व्यंजनों को स्केलेवल बनाने के उद्देश्य से जनपदवार व्यंजनवार स्टैण्डर्ड रेसिपि मैन्युअल विकसित किये जायेंगे के सम्बन्ध में भी चर्चा किया गया। जिसमें अधिशाषी अभियन्ता विद्युत वितरण, रावर्ट्सगंज के द्वारा व्यापारियो/ उद्यमियों को विद्युत विभाग के कनेक्शन, लोड क्षमता, नये पॉवर कनेक्शन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। बैठक में श्री राजेश गुप्ता (जिलाध्यक्ष उ०प्र० उद्योग व्यापार मण्डल), श्री कौशल शर्मा (जिलाध्यक्ष उ०प्र०उद्योग व्यापार संगठन), श्री ओ०पी० गुप्ता अधिशाषी अभियन्ता विद्युत वितरण, रावर्ट्सगंज, श्री विनय जायसवाल, श्री शरद जायसवाल, श्री आनन्द प्रताप जायसवाल, विमल अग्रवाल, एवं श्री कृष्ण कुमार (सहायक आयुक्त उद्योग) श्री नितिन प्रकाश सिंह (उद्यमी मित्र) आदि उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने किया आपदा जागरूकता पोस्टर का विमोचन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका
विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे पोस्टर

सोनभद्र
जनपद में आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने आपदा जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से होने वाली जनहानि और संपत्ति की क्षति को कम करने के लिए नागरिकों का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आपदा जागरूकता पोस्टरों को जनपद के विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सरकारी उचित दर (राशन) की दुकानों, नगर निकायों, विकास खंडों एवं तहसील परिसरों सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि पोस्टरों के माध्यम से लोगों को भूकंप, आंधी-तूफान, बाढ़, बिजली गिरने तथा अन्य आपदाओं से बचाव के उपायों, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जागरूक एवं प्रशिक्षित नागरिक आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों की सहायता कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी ओंकार नाथ, जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण यादव, आपदा सहायक शिवमूरत भीमराव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज का किया औचक निरीक्षण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश कुमार मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज का औचक निरीक्षण किया गया, इस दौरान मेडिसिन, पैथोलॉजी, एक्स-रे , प्रसव वार्ड, ओपीडी में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर और कर्मचारियों की उपस्थिति का क्रमशः निरीक्षण किये। मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश कुमार मिश्रा दोपहर 1ः30 बजे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज पहुंचे सबसे पहले ओपीडी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सौरभ सिंह सहित सभी कर्मचारियों का उपस्थिति का निरीक्षण किया।इसके बाद मौजूद मरीज, तथा सभी वार्डाे का बारी-बारी से निरीक्षण किया, प्रसव वार्ड में मौजूद दिव्या सिंह से जानकारी लेने के बाद पैथोलॉजी में अत्याधुनिक मशीन और कार्य करते हुए कर्मचारियों को देखकर काफी प्रभावित हुए, बावजूद इसके एक्सरे मशीन के टेक्नीशियन मनीष कुमार सिंह ने बताया आपात स्थिति में मरीजों का एक्सरे किया जाता है, जो स्क्रीनिंग के माध्यम से मोबाइल पर वस्तु स्थिति भेजा जाता है मेडिसिन विभाग में अनिल कुमार से दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी प्राप्त की, खुद भी एक दो दवाइयां को उठाकर निरीक्षण किया वास्तव में दवाई की तिथि प्रयुक्त करने योग्य है अथवा नहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्य करने वाले डॉक्टर अशोक कुमार, अमित कुमार एवं शिव मूरत मौके पर मौजूद मिले, पैथोलॉजी में विनोद श्रीवास्तव अंकित द्विवेदी, विनय कुमार , विमलेश पटेल, कृष्ण कुमार कमला वार्ड ब्वॉय मौजूद रहे।

अमेरिका के लिए खड़ी हुई नई आफत, होर्मुज स्ट्रेट के पास क्रैश हुआ सैन्य हेलीकॉप्टर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

अमेरिका और ईरान के बीच आज भी तनाव है. शांति की बातचीत की जा रही है, इसके बावजूद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है. इसी बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे गनशिप हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि इसमें सवाल दोनों सैन्यकर्मियों को बचा लिया गया. हेलीकॉप्टर कैसे गिरा? ये स्थिति फिलहाल साफ नहीं हो पाई है.।

भगवंत मान सरकार के पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ एक्शन, ईडी ने सुबह-सुबह यूपी से पंजाब तक मारी रेड

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

पंजाब की भगवंत मान सरकार के पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक्शन तेज कर लिया है. ईडी ने सुबह-सुबह यूपी से पंजाब तक छापेमारी की है. संजीव अरोड़ा को ईडी ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था वो अभी गुरुग्राम की जेल में बंद हैं.

ईडी ने संजीव अरोड़ा से जुड़े जिस मामले में देश के अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की है, वो दुबई को मोबाइल फोन के फर्जी एक्सपोर्ट से जुड़ा है. कई जगहों पर सुबह से छापेमारी चल रही है. यूपी के नोएडा और बरेली, दिल्ली और पंजाब के जालंधर शहर में ईडी की कार्रवाई जारी है.

अधिकारियों के अनुसार, जिन परिसरों में सर्च ऑपरेशन चल रहा है, उनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड मामले में जांच के दायरे में आए व्यक्तियों और संस्थाओं से जुड़े आवास और व्यावसायिक कार्यालय दोनों शामिल हैं.

केजरीवाल बोले- हिंदू व्यापारियों पर ईडी की रेड

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने ईडी को ईडी पार्टी बताते हुए कहा, ‘ED पार्टी आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ED की रेड कर रही है. ED पार्टी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है. मेरी सभी व्यापारियों से अपील है- घबराने की कोई बात नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ED पार्टी का मुकाबला करेंगे.’

संजीव अरोड़ा के खिलाफ एक्शन क्यों?

संजीव अरोड़ा को ED ने 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था, जिसमें उनसे जुड़ी कुछ इकाइयां शामिल हैं. अरोड़ा से जुड़ी कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड (HSRL) ने फर्जी दस्तावेजों और फर्जी निर्यात के जरिए करीब ₹102.5 करोड़ की अवैध कमाई की और GST रिफंड लेकर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया. बता दें कि HSRL को पहले रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम से जाना जाता था.।

TMC प्रमुख ममता बनर्जी से बगावत पर सांसद काकोली घोष का बड़ा बयान, बोलीं – ‘मेरा सिर कटेगा लेकिन…’

तेज एक्सप्रेस न्यूज़ –

पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली हार के बाद से ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. टीएमसी में पड़ी दरार अब खुलकर सामने आ रही है. विधायकों की बगावत के बाद सांसदों के एक गुट के भी एनडीए को समर्थन देने की खबरें हैं. इन सबके बीच टीएमसी की बागी गुट की नेता और लोकसभा सांसद काकोली घोष का एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर मौकापरस्ती के लगने वाले आरोपों का जवाब दिया.

‘मैंने बहुत सह लिया…’

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान घोष ने बताया कि टीएमसी से अलग होने का उनका फैसला पश्चिम बंगाल में पार्टी की मौजूदा स्थिति और गवर्नेंस संबंधी मुद्दों से गहरी असंतुष्टि के कारण है. उन्होंने बंगाल के लिए अपनी दशकों पुरानी जिम्मेदारी और एक स्वतंत्र रास्ते को अपनाने के अपने संकल्प पर जोर दिया और पश्चिम बंगाल में ‘कुप्रशासन, अराजकता और बेरोजगारी’ को दूरियों की प्रमुख वजह बताया.

अवसरवादिता के आरोपों को किया खारिज

अवसरवादिता के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरा सिर कटेगा लेकिन झुकेगा नहीं. मैंने बहुत सह लिया. मैं 2011 में ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यहां नहीं आई, मैं यहां 40 वर्षों से संघर्ष कर रही हूं और जैसा कि मैंने कहा ऐसे लोगों के शब्दों का मुझ पर बिल्कुल भी असर नहीं होता.’

‘राष्ट्र का मुद्दा हमारे लिए सर्वोपरि’

आंतरिक राजनीतिक अटकलों को दरकिनार करते हुए उन्होंने आगे कहा कि उनका पहला फोकस राष्ट्रीय हितों और देश की सुरक्षा पर है. उन्होंने कहा, ‘हम देखेंगे कि आगे क्या होता है. फिलहाल, क्या यह पर्याप्त नहीं है कि हम बंगाल के लिए, देश के लिए और भारत को सुरक्षित रखने के लिए काम करना चाहते हैं? यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है; राष्ट्र का मुद्दा हमारे लिए सर्वोपरि है.’

‘मुझे दरकिनार किया गया’

चुनाव में मिली हार के बाद जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद भी घोष ने अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, ‘मैंने खराब नतीजों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी ली, यह सोचते हुए कि शायद मैंने अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से नहीं निभाई और इसलिए मैंने पद छोड़ दिया. इसके बाद भी मुझसे कोई मिलने नहीं आया और न ही किसी ने फोन किया. मुझे बस दरकिनार कर दिया गया.’

टीएमसी की बागी सांसद काकोली घोष ने सोमवार (8 जून) को घोषणा की कि 20 सांसदों के एक गुट ने लोकसभा अध्यक्ष से अलग बैठने की व्यवस्था के लिए औपचारिक रूप से अनुरोध किया है और कहा कि वह राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकेंगी.।

RBI ने फ‍िर क‍िया बड़ा ऐलान, ब्‍याज दर में बदलाव नहीं; चौथी बार रेपो रेट 5.25% पर ही बरकरार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

अगर आप भी हर महीने होम लोन की ईएमआई (EMI) का भुगतार करते हैं तो यह खबर आपके काम की है. र‍िजर्व बैंक ने म‍िड‍िल ईस्‍ट की टेंशन के बीच आम आदमी को बड़ी राहत दी है. रिजर्व बैंक ऑफ इंड‍िया (RBI) ने लगातार चौथी बार करोड़ों ग्राहकों को राहत देते हुए रेपो रेट में क‍िसी तरह का बदलाव नहीं क‍िया है. र‍िजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्‍होत्रा ने FY 2027 की दूसरी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा (MPC) का ऐलान कर द‍िया. उन्‍होंने अपने संबोधन में रेपो रेट को पुराने ही लेवल 5.25 प्रत‍िशत पर बरकरार रखने का ऐलान क‍िया है. लगातार चौथी बार आरबीआई की तरफ से एमपीसी (MPC) में क‍िसी तरह का बदलाव नहीं क‍िया गया.

ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख को सौंपा ज्ञापन:गड्ढों से भरी सड़क पर आए दिन हो रहे हादसे, बच्चों-बुजुर्गों को आवागमन में परेशान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

म्योरपुर/सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खैराही और किरवानी को जोड़ने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड को पत्र सौंपा। पूर्व प्रधान शिवप्रसाद एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे ने बताया कि ईंटों से निर्मित यह सड़क वर्षों पुरानी है और वर्तमान में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग हादसों में घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।
पूर्व प्रधान शिवप्रसाद ने बताया कि खैराही में स्वर्गीय शोभनाथ के घर से शुभलाल के घर तक सड़क की हालत अत्यंत दयनीय है। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण लगभग 15 वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन उसके बाद से इसकी मरम्मत या नवीनीकरण नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने जनहित का हवाला देते हुए ब्लॉक प्रमुख से सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की है। पत्र सौंपने वालों में शिवप्रसाद, प्रशांत दुबे, राजेश, राकेश, लालचंद्र, रामगति सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

संदिग्ध परिस्थितियों में 75 वर्षीय वृद्ध ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

म्योरपुर/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के देवरी गांव में एक 75 वर्षीय वृद्ध ने अबूझ परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरी निवासी रामदेव (75) पुत्र धीरपाल ने अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर एक पलास के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सोमवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल म्योरपुर थाना पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक गुलाब शंकर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया।
मृतक के बड़े पुत्र महावीर सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद परिजनो में आक्रोश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

ब्रेकिंग: सोनभद्र….

– ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

– मृतक की पहचान 24 वर्षीय सत्यम उर्फ राहुल सोनी के रूप में हुई

– हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया

– पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

– परिजनों ने बिना सूचना शव भेजने का आरोप लगाया

– आक्रोशित ग्रामीणों का थाने पर प्रदर्शन, रामगढ़ में चक्का जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

– पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक व चालक के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज, जांच जारी

– पन्नूगंज के सोनवट पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा।

बेलहत्थी ग्राम पंचायत के कोडरी टोला में बंधी में डूबने से बुजुर्ग की हुई मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

डाला/सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के बेलहत्थी ग्राम पंचायत के कोडरी टोला में बंधी में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, कोडरी टोला निवासी रामदुलारे (72) पुत्र स्व. मानरूप शनिवार को घर से नहाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चले गए होंगे। जब देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका।रविवार सुबह परिजन और ग्रामीण खोजबीन करते हुए गांव से करीब 700 मीटर दूर स्थित कोडरी बंधी पहुंचे। वहां किनारे पर रामदुलारे के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। कुछ दूरी पर उनका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।परिजनों के अनुसार, नहाने के दौरान पैर फिसल जाने से रामदुलारे गहरे पानी में चले गए, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मदद की तथा हाथीनाला पुलिस को घटना से अवगत कराया।सूचना पर पहुंची हाथीनाला थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत से सनसनी, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप,पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र)।जनपद के कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरखाड़ ग्राम पंचायत के सिद्धवादामर टोला में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान श्याम बिहारी उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
परिजनों का आरोप है कि श्याम बिहारी उरांव के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसके कारण उनकी मौत हुई है। परिवार का कहना है कि यह कोई सामान्य मृत्यु नहीं है, बल्कि इसके पीछे गंभीर आपराधिक घटना छिपी हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
मृतक के भाई प्रमोद कुमार उरांव ने कोन थाना में लिखित तहरीर देकर कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच की जाए और जिन लोगों पर मारपीट का आरोप है, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। परिजनों का यह भी दावा है कि घटना से संबंधित कुछ वीडियो फुटेज उनके पास मौजूद हैं, जो जांच में अहम सबूत साबित हो सकते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार श्याम बिहारी उरांव अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी अचानक और संदिग्ध मौत से पूरा परिवार टूट गया है। घर में मातम का माहौल है और परिजन न्याय की मांग को लेकर लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। गांव के लोग भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, स्थानीय प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषी कानून की पकड़ से बच न सकें।

जिलाधिकारी के पहले तहसील दिवस पर अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर के तात्कालिक सुधारों की माँगें पेश कीं

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । बीते शनिवार आयोजित तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गोड़ के दुद्धी तहसील में पहले दिन पहुंचने पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर व बार सभागार में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराए जाने की मांगों वाला ज्ञापन सौंपा है। बार अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कचहरी परिसर के उत्तर दिशा में टीन शेड हटाकर पक्का, संसाधनयुक्त वादकारी कक्ष, सुरक्षा के लिए चारदीवारी व सीसीटीवी, शीतल जल संयंत्र, बंदीगृह, सभागार की मरम्मत फॉल सीलिंग, वॉल पैनलिंग, मार्बल सीट व एसी सहित पूर्ण विद्युत वायरिंग, वाहन पार्किंग स्टैंड, पुस्तकालय व प्राचीन कुएँ की मरम्मत व सफाई जैसी कई मांगें बताईं।
अधिवक्ताओं ने बताया कि वर्तमान खुले व असुरक्षित टीन शेड में बैठकर काम करने से गर्मी,बरसात व ठंड के कारण मुश्किल होती है। बच्चों व महिला वादकारियों की सेहत प्रभावित होती है तथा फाइल व सामान चोरी की घटनाएँ भी हो चुकी हैं। ज्ञापन में शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का निवारण करने का आग्रह किया गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गोड़ ने अधिवक्ताओं की समस्याएँ सुनकर पत्र की समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बार एसोसिएशन ने त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है और कहा कि सुधार न होने पर आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।

बोलेरो अनियंत्रित होकर बिजली के जर्जर पोल से टकराई, बाइक सवार को बचाते समय हादसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। नेशनल हाइवे-39 पर रविवार शाम लगभग 4 बजे श्री संकटमोचन मंदिर के तरह से अमवार मोड़ मां काली मंदिर की ओर जा रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने बिजली के जर्जर पोल से टकरा गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो चालक का वाहन संतुलन खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर मार्ग जाम रहा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना पर कस्बा प्रभारी अमित कुमार सिंह व कांस्टेबल सर्वेश सिंह मौके पर पहुंचे और बोलेरो हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस घटना में पहले से जर्जर स्थिति में मौजूद बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया है।

वन विभाग की मेहरबानी और सफेदपोशों के संरक्षण में दिन-रात छलनी हो रहा कुदरत का सीना

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)रेणुकूट वन प्रभाग का जरहा वन रेंज इन दिनों खनन माफियाओ की मधुशाला बन चुका है।प्रतिबंधित नदी-नालों से बालू का अवैध खनन इस कदर हावी है कि अब माफियाओं को न तो कानून का डर है और न ही वर्दी का खौफ।जो काला कारोबार कभी रात के अंधेरे में छिपकर होता था वह अब वन विभाग की नाक के नीचे दिन दहाड़े डंके की चोट पर चल रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और टीपर नदियों का अस्तित्व मिटाने में लगे हैं लेकिन पूरा प्रशासनिक अमला आंखें मूंदकर बैठा है।क्षेत्र की जीवनदायिनी मानी जाने वाली बिच्छी नदी,वरन नदी,अजिर नदी, डीगुल नदी, सिंदूर नदी और रिहंद जलाशय इस वक्त माफियाओं के सबसे बड़े निशाने पर हैं।अंधाधुंध और अनियंत्रित खुदाई के कारण इन नदी-नालों का स्वरूप पूरी तरह बिगड़ चुका है।पर्यावरणविदों की मानें तो यदि कुदरत के साथ यह खूनी खेल ऐसे ही जारी रहा तो पूरा क्षेत्र जल्द ही भीषण जल संकट और विनाशकारी पर्यावरणीय असंतुलन की चपेट में आ जाएगा।इस महालूट के पीछे की सबसे कड़वी सच्चाई यह है कि जिसे कानून ने जंगलों और नदियों की रखवाली का जिम्मा दिया वही इस सिंडिकेट का सबसे बड़ा साझीदार है।स्थानीय जनचर्चाओं और ग्रामीणों के गंभीर आरोपों के मुताबिक क्षेत्र के रसूखदार सफेदपोश ग्राम प्रधान इस अवैध खेल में बराबर के हिस्सेदार हैं।

ग्रामीणो ने बताया कि पहले गाड़ियां सिर्फ रात में चलती थीं अब तो दिन के उजाले में भी ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट से गांवों में रहना दूभर हो गया है।चौंकाने वाला और सबसे शर्मनाक तथ्य यह है कि नदियों को खोखला कर निकाला जा रहा यह अवैध बालू और बोल्डर कहीं और नहीं बल्कि गांवों में चल रहे सरकारी विकास कार्यों में ही धड़ल्ले से खपाया जा रहा है।अवैध बालू परिवहन में लगे वाहनों के शोर ने स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है।रात-दिन सड़कों पर दौड़ते भारी वाहनों के कारण ग्रामीणों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। इसका सबसे घातक असर मासूम बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।भारी शोरगुल के कारण बच्चे न तो रात में सो पा रहे हैं और न ही दिन में एकाग्रता से पढ़ाई कर पा रहे हैं।
खनन माफिया अपने चंद रुपयों के मुनाफे के लिए न सिर्फ कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं बल्कि मासूमों की जिंदगी को भी दांव पर लगा रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर नाबालिग बच्चों से तेज रफ्तार ट्रैक्टर चलवाए जा रहे हैं।अभी महज दो दिन पहले ही पड़ोसी क्षेत्र बभनी में अवैध खनन के कारण एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो चुका है। इसके बावजूद जरहा रेंज के जिम्मेदार अधिकारी गहरी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।सड़कों पर दौड़ते इन नाबालिग चालकों की वजह से राहगीर और ग्रामीण हर वक्त किसी बड़ी अनहोनी के साए में जीने को मजबूर हैं।खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों और वन विभाग की इस आपराधिक उदासीनता से त्रस्त होकर अब ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले से जिलाधिकारी सोनभद्र को अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।