दुद्धी को जिला बनाओ की मांग को लेकर संघर्ष समिति का जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।”दुद्धी को जिला बनाओ विकास कराओ चुनावी वादा पूरा करो ” के बैनर तले दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर करीब एक बजे कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर चुनावी वादे न निभाने का आरोप लगाया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वचन दिया था। उन्होंने मांग की कि इस वादे को पूरा कर दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित किया जाए ताकि क्षेत्र का विकास हो सके। पूरा क्षेत्र विकास की राह देख रहा है लेकिन विकास की राह कहीं बहुत दूर तक दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों के हाथों में काम नहीं बेरोजगार होकर घूम रहे हैं।
पदाधिकारियों का कहना था कि दुद्धी पिछले कई दशकों से जिला बनाने की मांग कर रहा है और सभी मानदंड पूरे करता है। इसके बावजूद भारी राजस्व देने वाले इस क्षेत्र को जिला का दर्जा नहीं मिला। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,जितेंद्र श्रीवास्तव,विष्णुकांत तिवारी ,वरुणोदय जौहरी जय प्रकाश अग्रहरि,,श्रीचंद ,अमरावती देवी,वीरेंद्र कुमार ,आदर्श कुमार ,राकेश अग्रहरि ,राजेंद्र चंद्रवंशी ,जीवनराम चंद्रवंशी,अभिनव जायसवाल सहित काफी संख्या में संघर्ष समिति के लोग व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

दुद्धी स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग,तीन प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे अलग‑अलग ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को दुद्धीनगर रेलवे स्टेशन पर कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के दुद्धी में ठहराव की मांग का ज्ञापन सौंपा गया। दुद्धी नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट कुलभूषण पांडेय और समाजसेवी अभय सिंह ने अलग‑अलग ज्ञापन सौंपे। प्रत्येक पत्र में दुद्धी स्टेशन पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें ठहराने की मांग की गई।तीनों प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से मंत्री को यह ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि दुद्धी विधानसभा क्षेत्र उत्तर प्रदेश के साथ-साथ झारखंड, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ की सीमाओं के निकट स्थित है और यहाँ आदिवासी आबादी अधिक है। दुद्धीनगर रेलवे मार्ग से कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन इनमें से किसी का भी दुद्धी स्टेशन पर ठहराव नहीं है। उच्च शिक्षा के लिए दुद्धी से कोटा (राजस्थान) और भोपाल (मध्यप्रदेश) में विद्यार्थियों का आवागमन रहता है, वहीं बेहतर चिकित्सा व व्यावसायिक कारणों से लोग दिल्ली भी जाते हैं। किन्तु दुद्धी से नजदीकी बड़ा रेलवे हब 175 किलोमीटर दूर होने के कारण यात्रियों को वाराणसी या पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर तक जाना पड़ता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में तत्काल ठहराव के लिए ट्रेनों में शामिल 12873/12874 रांची–आनंद बिहार (स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस),19607/19608 कोलकाता–अजमेर,13025/13026 हावड़ा–भोपाल,19413/19414 कोलकाता–अहमदाबाद,रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस प्रस्तावित ट्रेनें है।
अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि इन ट्रेनों को प्राथमिकता के आधार पर दुद्धी नगर स्टेशन पर ठहराव दिया जाए, ताकि आदिवासी प्रधान इस क्षेत्र की जनता विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ठहराव मिलने से छात्र-छात्राओं की शिक्षा, व्यवसायिक गतिविधियाँ और बेहतर चिकित्सा के लिए आवागमन सुगम होगा।
ज्ञापन प्राप्त करते ही केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसे ग्रहण किया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद रेलवे प्रशासन से समन्वय कर कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद दुद्धी की विधवा महिला अब भी जमीन पैमाइस के लिए दर-दर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।शासन के निर्देशों के बावजूद जमीन नाप-जोख (पैमाइस) के लिए दर-दर भटक रही एक विधवा महिला की शिकायत अब भी अनसुनी बनी हुई है। दुद्धी कस्बा निवासी ममता मौर्य ने जिलाधिकारी के समक्ष बताया कि उनकी स्वामित्व वाली दो बिस्वा भूमियों पर वे नया मकान बना रही थीं, लेकिन विरोधियों ने निर्माण रोक दिया है।
मामला जून माह के पहले शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष उठाया गया था। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद दुद्धी उप-जिलाधिकारी ने मामले के निस्तारण हेतु टीम गठित करने का आदेश दिया। हालांकि निस्तारण अवधि समाप्त होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। माह के तीसरे शनिवार को दूसरे समाधान दिवस पर पुनः शिकायत देने पर एसडीएम ने मामले को तहसीलदार को सौंप दिया।
ममता मौर्य का आरोप है कि जिलाधिकारी के आदेश पर नोडल अधिकारी ने मात्र टीम गठित दिखा दी, पर मौके पर निस्तारण नहीं कराया गया। इस कारण विरोधी पक्ष अब भी निर्माण में बाधा डाल रहे हैं और वे मानसिक रूप से तनाव में हैं। उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित नाप-जोख कराकर उनके निर्माण को बाधारहित कराया जाए और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मामले की उचित जांच और तेजी से निपटान के लिए स्थानीय प्रशासन से स्पष्ट कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

ग्रामीणों की भीड़ ने देखा आवास पात्रता सूची, सुधार के आश्वासन दिए गए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस सर्वेक्षण 2024 की स्थायी पात्रता सूची तैयार किए जाने के लिए अमवार में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व ग्राम प्रधान तथा वर्तमान प्रशासक गिरिजा देवी और ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष सूची पढ़कर सुनाई।
सूची में अपने नाम के शामिल होने की जानकारी सुनने के बाद ग्रामीणों ने सहमति व्यक्त की। अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम छूट गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए तो नियमानुसार संशोधन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जा रही है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और आवासहीन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना सुनिश्चित हो सके। खुली बैठक के माध्यम से ग्रामीणों की सहभागिता और वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुँचाना सुनिश्चित करना लक्ष्य था।

बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष कुमार भारती, पंचायत सहायक बैजन्ती देवी, रोजगार सेवक राजेशकुमार यादव, पूर्व ग्राम प्रधान निराला प्रसाद, सुखी सिंह, कोटेदार संदीप भारती के साथ देवंती देवी, रीना देवी, सुशीला देवी, सुनीता देवी, चंद्रदेव यादव, नंदकुमार, कल्लू यादव, रामकेवल, फुलवंती देवी, बसंती देवी एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

हथवानी मोड़ पर कोयला लदे ट्रेलर से टकराया डीजल टैंकर, चालक की इलाज के दौरान मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। हाथीनाला थाना अंतर्गत हाथवानी मोड़ के पास शनिवार सुबह वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर की जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए टैंकर चालक की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में इलाज के दौरान मौत हो गई। ट्रेलर चालक हालांकि सुरक्षित बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सवा दस बजे के लगभग डीजल लोड टैंकर हाथीनाला की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में टैंकर से टकरा दिया, जिससे टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान राजू यादव (34) पुत्र हृदय यादव, निवासी आर-16, इंदिरा नगर, हाजी बुंदर रोड, सेवड़ी (ई), मुंबई के रूप में हुई है। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना हाथीनाला थाना को दी। थाना प्रभारी उदयभान राव और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को एसीपी टोल वेज की एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया।जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान टैंकर चालक राजू यादव की मृत्यु हो गई।
दुर्घटना के बाद टैंकर से डीजल सड़क पर फैल गया। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण डीजल की बोतलें और बाल्टियों में भरते भी देखे गए। इस बीच, पुलिस ने मौके पर भीड़ नियंत्रित करवाई और यातायात बहाल की कार्रवाई करते हुए क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को साइड में हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराया।
हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव ने बताया कि प्राथमिक जांच में ट्रेलर के ओवरटेक प्रयास के कारण टक्कर लगने का मामला नजर आ रहा है। घटनास्थल पर निगरानी और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस टीम सतत छानबीन कर रही है।

उपजिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में की जनसुनवाई, अधिकारियों को सख्त निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। तहसील के सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने की और जनसुनवाई कर सभी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रार्थना पत्र का निस्तारण मौके पर जाकर, दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद ही किया जाए। पक्षपात की शिकायत मिलने व पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों/कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मामलों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण करने का आदेश दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर पुलिस उपाधीक्षक पिपरी हर्ष पांडेय, बीडीओ दुद्धी रामविशाल चौरसिया तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

बावनझरिया में तेज बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर गिरा, गांव की बिजली ठप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।क्षेत्र के बिडर ग्राम पंचायत के बावनझरिया गांव के वार्ड नंबर चार में शुक्रवार शाम तेज बारिश के दौरान 25 केवीए का ट्रांसफर्मर गिर गया। हादसे के समय ट्रांसफार्मर पर लगी बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण किसी मानव हानि की खबर नहीं है, लेकिन पूरा गांव बिजली रहित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर दो खंभों पर लगा था जो तेज हवाओं व बारिश की वजह से टूट गए और ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गिरा। इससे स्थानीय बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है ।
बिडर के कार्यवाहक प्रधान श्रवण कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक किसी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। उन्होंने कहा कि मैं घटनास्थल पर स्थिति की जानकारी लेकर बिजली विभाग को सूचित कर दूँगा ताकि शीघ्र मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने स्वच्छता अभियान चलाया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) । मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को दुद्धी मंडल भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुद्धी नगर पंचायत स्थित शिवाजी तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने तालाब, मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया और स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का आवाहन किया।
मंडल अध्यक्ष दीपक शाह और स्वच्छता अभियान के संयोजक मनीष जायसवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम संगठन के निर्देश पर प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ’12 साल बेमिसाल’ पखवाड़े के अंतर्गत किया गया। यह पखवाड़ा 5 जून से 21 जून तक प्रतिदिन सेवा कार्यों के माध्यम से चल रहा है। आज इसी कड़ी में तालाब पर सफाई अभियान किया गया। तालाब की सफाई के दौरान कार्यकर्ताओं को विभिन्न प्रकार का कचरा तथा कुछ शराब व बियर की बोतलें भी मिलीं। आयोजकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि तालाब के आसपास इस तरह के कृत्यों पर सख्त निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसे कृत्य न हों।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिलामंत्री मनोज सिंह (बबलू), मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रहरि (बुल्लू), स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर जितेंद्र चंद्रवंशी, मंडल महामंत्री अंशुमान रॉय, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय चंद्रवँशी, बूथ अध्यक्ष विकास मद्धेशिया, विकास सोनी, धीरज जायसवाल सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सोनभद्र को मिलेगी नई उड़ान नेटवर्क, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर केंद्रीय मंत्री का बड़ा फोकस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। देश की ऊर्जा राजधानी कहे जाने वाले सोनभद्र को विकास के नए शिखर पर पहुंचाने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सर्किट हाउस सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम तथा सांसद निधि से संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में नेटवर्क कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन विकास तथा आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।बैठक के दौरान मंत्री ने विशेष रूप से उन क्षेत्रों की जानकारी मांगी जहां आज भी मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में संचार व्यवस्था केवल सुविधा नहीं बल्कि विकास का आधार बन चुकी है। दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों तक बेहतर नेटवर्क पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जाए ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
सोनभद्र से भावनात्मक रिश्ता, विकास यात्रा पर जताया गर्व
समीक्षा बैठक में हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि जब वह लगभग आठ वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद के रूप में सोनभद्र से जुड़े थे, तभी से जिले के लोगों के साथ उनका एक विशेष और आत्मीय संबंध स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने जिस विश्वास और स्नेह के साथ उन्हें स्वीकार किया, वह रिश्ता समय के साथ और मजबूत होता गया।
मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद सोनभद्र लंबे समय तक विकास की अनेक चुनौतियों से जूझता रहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकारों की योजनाओं ने जिले की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है।पिछड़े जिले से देश का नंबर-1 आकांक्षी जनपद बनने तक का सफर उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में नीति आयोग द्वारा सोनभद्र को देश के 112 आकांक्षी जिलों में शामिल किया गया था। इसके बाद प्रशासनिक प्रयासों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। जुलाई 2020 में सोनभद्र ने नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में देश का पहला स्थान प्राप्त किया और अक्टूबर-दिसंबर 2025 की डेल्टा रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान हासिल करते हुए कृषि एवं जल संसाधन क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला बना।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं रेल संपर्क, बैंकिंग सेवाओं, आवास, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और हर घर जल जैसी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से जिले के विकास को नई गति मिली है। जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों और योजनाओं के प्रभावी संचालन की भी उन्होंने सराहना की।
37 करोड़ से अधिक की लागत से पूरे हुए 719 विकास कार्य
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2018-19 से 2025-26 के बीच सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) के तहत 37.80 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 719 विकास कार्य पूर्ण कराए गए हैं। इनमें विद्यालय भवनों का निर्माण, सोलर एवं हाईमास्ट लाइटों की स्थापना, यात्री प्रतीक्षालय, चिकित्सा उपकेंद्रों का सुदृढ़ीकरण, सड़क निर्माण, विद्युतीकरण तथा अन्य सामुदायिक परियोजनाएं शामिल हैं।
मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि जब दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावी प्रशासन और जनभागीदारी एक साथ मिलकर कार्य करते हैं तो बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव हो जाता है।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, शासन को भेजी जाएगी कार्ययोजना
बैठक में पर्यटन विकास को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। हरदीप सिंह पुरी ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को निर्देशित किया कि सोनभद्र के ऐतिहासिक, धार्मिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाए।
उन्होंने कहा कि सोनभद्र में प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम है। यदि इन स्थलों का सुनियोजित विकास किया जाए तो न केवल जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
मेडिकल कॉलेज में संसाधनों और डॉक्टरों की कमी दूर करने के निर्देश स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, आधुनिक संसाधनों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
साथ ही चिकित्सकों एवं अन्य मानव संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने और उसे शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सके।
सीएसआर के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को मिला नया बल
मंत्री ने बताया कि मार्च 2025 में पीएलएल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज सोनभद्र को अत्याधुनिक जीपीएस युक्त एडवांस्ड कार्डियोवैस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद जुलाई 2025 में मोबाइल ब्लड कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्टेशन वैन भी प्रदान की गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर हुई है।
तीरंदाजी में भी चमक रहा सोनभद्र
बैठक के दौरान मंत्री ने जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तीरंदाजी के क्षेत्र में सोनभद्र को नई पहचान दिलाने के लिए चार पीएसपीबी तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कराया गया तथा खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। आज सोनभद्र देश के उभरते हुए तीरंदाजी केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
‘मॉडल जिला’ बनाने के लिए समन्वय से करें काम समीक्षा के अंत में केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सोनभद्र निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसे देश के एक आदर्श और मॉडल जिले के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

निर्माण कार्यों, जल जीवन मिशन और राजस्व प्रगति पर विशेष जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र विंध्याचल मंडल मीरजापुर के आयुक्त श्री राजेश प्रकाश ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं जनसुनवाई शिकायतों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने एडीएम (नमामि गंगे) को 15 गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु प्रतिदिन प्रातः 10 से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करने को कहा। विकास कार्यों एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा में उपायुक्त उद्योग को कम ऋण वितरण करने वाले बैंक प्रबंधकों के साथ जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए आयुक्त ने एडीएम (राजस्व) को सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने तथा प्रतिदिन सायंकाल सभी उपजिलाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए। बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 21 जून को सलखन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री श्री संजीव गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा सभी ग्राम पंचायतों एवं अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित राजस्व, विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र मां अमिला भवानी धाम, फिर भी बिजली व्यवस्था से वंचित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)। जिले का प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां अमिला भवानी मंदिर जहां चैत्र नवरात्र के दौरान लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। हैरानी की बात यह है कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धार्मिक महत्व के बावजूद मंदिर परिसर एवं पहुंच मार्ग पर अब तक बिजली का एक स्थायी पोल तक नहीं लगाया जा सका है।
नवरात्र मेले के दौरान दूर-दराज के जिलों और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। लेकिन शाम ढलते ही मंदिर क्षेत्र और मार्गों पर अंधेरा छा जाता है, जिससे श्रद्धालुओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से मंदिर क्षेत्र में बिजली और प्रकाश व्यवस्था की मांग उठती रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की।
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार साहनी ने कहा कि मां अमिला भवानी धाम पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र है। लाखों श्रद्धालु यहां माथा टेकने आते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब अन्य धार्मिक स्थलों पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, तब इतने महत्वपूर्ण धाम की उपेक्षा समझ से परे है। प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेते हुए मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर विद्युत पोल और स्थायी प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था करनी चाहिए।
वहीं मंदिर समिति के अध्यक्ष नवलेश कुमार गौड़ ने कहा कि मंदिर की ख्याति लगातार बढ़ रही है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसके बावजूद आज तक बिजली जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति की ओर से कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने कहा, “मां अमिला भवानी धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। सरकार और प्रशासन को इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए।”
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि मंदिर परिसर और संपर्क मार्गों पर बिजली एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो जाए तो श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि आखिर कब आस्था के इस प्रमुख केंद्र से अंधेरे का साया हटेगा।

सेवानिवृत्त शिक्षक के घर से चोरी, दो लाख नकद व जेवरात चोरी कर ले गए चोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।बभनी थाना क्षेत्र के चक चपकी गांव में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर में सेंधमारी कर करीब दो लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये के आभूषण व अन्य कीमती सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिलने पर पूरा क्षेत्र दहल उठा।
पुलिस के अनुसार, चक चपकी निवासी मगन राम तिवारी सेवानिवृत्त शिक्षक के परिजन गुरुवार रात सोए हुए थे। अज्ञात चोर घर के पीछे वाली खिड़की की सरिया तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर लगभग दो लाख नकदी, सोने-चांदी के जेवरात व अन्य बहुमूल्य वस्तुएं चोरी कर फरार हो गए। सुबह उठने पर परिवार ने कमरे में बिखरी हुई चीजें और टूटा हुआ ताला देखकर चोरी की सूचना पुलिस को दी।सूचना पाकर थाना प्रभारी मक्खन लाल अपने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि संदिग्धों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही आरोपियों का पता लगाया जाएगा और चोरी गई संपत्ति बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने भी पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने और सामान की बरामदगी की मांग किया है। मामले की छानबीन जारी है।

दुद्धी में केंद्र सरकार के 12 साल पर कौशल‑विकास पर विशेष कार्यक्रम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। केंद्र में बीजेपी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पूरे होने पर शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दुद्धी में यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति (यूआईएसएस) द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और छात्रों को केंद्र की उपलब्धियों और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें स्वरोजगार के अवसरों के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र‑छात्राएँ, शिक्षक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता और पूर्व दुद्धी विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला महामंत्री सुरेन्द्र अग्रहरी मौजूद थे। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 सालों को विकास, सुशासन और जनकल्याण की दृष्टि से सार्थक बताया और विभिन्न योजनाओं की सफलता का ज़िक्र किया।
श्रवण सिंह गोंड ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले बारह वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के क्षेत्रों में ठोस प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सरकार कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि युवा आत्मनिर्भर बनें और रोजगारपरक प्रशिक्षण से बेहतर अवसर पा सकें।
सुरेन्द्र अग्रहरी ने छात्रों से कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं; कौशल हासिल करना भी ज़रूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के विकल्प खोजने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने छात्र‑जनों के प्रश्नों का उत्तर दिया और उन्हें लिए जाने योग्य प्रशिक्षण व स्कीमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में अरविंद तिवारी, भूपेश चौबे, विष्णु अग्रहरी, मनीष जायसवाल, भोलू जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन युवाओं को लगातार सीखते रहने और देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश देकर किया गया।

आकाशीय बिजली के झटके से पांच लोग घायल, दुद्धी में अस्पताल में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब शाम साढ़े 4 बजे तेज आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली के झटके से पांच लोग घायल हो गए। घायलों को परिजनों व 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
परिजनों के अनुसार ग्राम डुमरडीहा की सुनीता देवी (38) पत्नी ओमप्रकाश, घर की खिड़की के पास बैठी थीं, तभी आकाशीय बिजली का झटका लगने से वह घायल हो गईं। वहीं ग्राम बघाडू की बेबी देवी (32) पत्नी विनय, अपने बच्चों के साथ घर के बाहरी कमरे में थीं; झटके के असर से वे अचेत हो गईं, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चे सुरक्षित रहे। उन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।
इसके अलावा ग्राम बरखोहरा में एक ही परिवार के तीन सदस्य नंदनी (8) पुत्री अमरनाथ, मनीषा देवी (28) पत्नी अमरनाथ व अमरनाथ की माता शकुंतला देवी (45) घर के अंदर भोजन कर रहे थे। आकाशीय बिजली के तेज झटके के कारण सभी घायल हो गए ।
सीएचसी दुद्धी में तैनात चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर व सामान्य बताई जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों से तूफान व आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने एवं खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

नाली में फँसी गाय को नगर पंचायत अध्यक्ष व कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा के वार्ड नंबर चार में सोमवार को एक भारी-भरकम गाय अचानक नाली में फँस गई। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गये। उन्होंने नगर पंचायत के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के समन्वय से गाय को सुरक्षित बाहर निकाले जाने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष कमलेश मोहन और देवेश मोहन के नेतृत्व में नगर पंचायत के कर्मचारी उमेश, धनश्याम, पाइप मिस्त्री अवधेश यादव सहित अन्य स्थानीय युवाओं ने मिलकर करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को नाली से बाहर निकाल लिया। बेसमेंट नाली गहरी होने के कारण काम में दिक्कतें आईं, परन्तु टीम ने सावधानी बरतते हुए पशु को कोई चोट पहुँचाए बिना निकालने में सफलता पाई।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष तथा कर्मियों की तत्परता की सराहना की और कहा कि समय पर सहायता मिलने से गाय की जान बच गई। नगर पंचायत प्रशासन ने आगे से नालियों पर ढक्कन व सुरक्षा प्रबंधों पर ध्यान देने तथा सम्भावित खतरे को दूर करने का आश्वासन दिया।

तीन ग्राम पंचायतों में खुली बैठक, पात्र लाभार्थियों की सूची ग्रामीणों ने अनुमोदित की

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत तैयार की गई पात्र लाभार्थियों की सूची के अनुमोदन के लिए गुरुवार को ब्लॉक क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत बघाडू, दिघुल और निमियाडीह में आयोजित इन बैठकों में ग्रामीणों की मौजूदगी में सूचियाँ पढ़कर सुनाई गईं और सर्वसम्मति से अनुमोदित की गईं।
एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में छूट गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसे नियमानुसार संशोधित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जा रही है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और आवासहीन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके। खुली बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है ताकि वास्तविक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

इस मौके पर ग्राम प्रधान अब्दुल्ला अंसारी, जगत नारायण, फकरुद्दीन अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। खुली बैठकों में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।

दुद्धी में मोहर्रम शांति‑सौहार्द से मनाए जाने को लेकर पीस कमेटी की बैठक ,ताजिया ऊँचाई 10 फीट तक निर्धारित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शुक्रवार शाम महिला थाना परिसर में पीस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी निखिल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीओ राजेश कुमार राय, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, धर्मगुरु, ताजियादार व क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया गया।
प्रशासन ने बैठक में ताजिया की अधिकतम ऊँचाई 10 फीट तक सीमित करने और नई परंपराओं को अपनाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। केवल पूर्व निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही ताजिया दफन की अनुमति रहेगी। किसी भी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूसों में डीजे व अन्य ध्वनि उपकरणों को निर्धारित ध्वनि स्तर में ही चलाने का आदेश भी दिया गया और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सीओ राजेश कुमार राय ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि सीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता से कानून-व्यवस्था व यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की गई। साथ ही प्रशासन ने सोशल मीडिया पर निगरानी तेज करने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने का ऐलान किया।
बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने ताजिया मार्ग पर पेड़ की टहनियों व विद्युत तारों से संभावित बाधा पर चिंता जताई। प्रशासन ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को समय रहते इन बाधाओं को दूर करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सुरक्षा व व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम करने के भी आदेश जारी किए गए हैं।
प्रतिनिधियों द्वारा जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारू रखने की मांग पर प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जुलूस के समय बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं की जाएगी। सुरक्षा, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था व यातायात प्रबंधन के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा की सूचना मिलने पर तत्काल निपटान किया जाएगा।
बैठक में एसएसआई संजय सिंह, एसआई अमित कुमार,केंद्रीय अखाड़ा समिति मुस्लिमीन अध्यक्ष मुजीब खान ,कलीमुल्ला खान, सदर कल्लन खान, तालीम अली, सैफुल्लाह एडवोकेट, जेबीएस अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र अग्रहरि, आरिफ खान व जोखन खलीफा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कनहर बांध में भारी जलसंग्रह, डूब क्षेत्र खाली कर पुनर्वास कॉलोनी में शिफ्ट करने का आदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कनहर सिंचाई परियोजना के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि इस वर्ष कनहर बांध में परीक्षण तथा जल संचयन के लिए जलस्तर 265.252 क्रेस्ट लेबल से ऊपर तक रोका जाएगा। इससे बांध के डूब क्षेत्र में आने वाले कई गांवों के विस्थापित परिवारों के घर खतरे में आ सकते हैं। वे गांवों में सुंदरी, भिसुर, कोरची, सुगवामान, रंदहटोला, गोहणा, बरखोहरा, अमवार, बघाडू, कुदरी और लाम्बी शामिल हैं जिनके परिवार अभी भी डूब क्षेत्र में निवासरत हैं।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने डूब क्षेत्र को पूरी तरह खाली करने का निर्देश जारी किया है। जिन विस्थापित परिवारों को पहले से पुनर्वास कॉलोनी में प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, उन्हें तुरंत अपने आवंटित प्लॉटों पर स्थानांतरित होने को कहा गया है। जिन परिवारों को अभी तक प्लॉट आवंटन नहीं हुआ है, उन्हें पुनर्वास कॉलोनी अमवार में अपना प्लॉट प्राप्त कराकर डूब क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया गया है।
पिछले साल बांध का क्रेस्ट लेवल अधिकतम 259.400 तक रहा था। इस वर्ष पहली बार इतना अधिक पानी रोका जाना तय किया गया है और सभी फाटक बंद करके जलस्तर बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इतने भार का पहले कभी बांध पर परीक्षण नहीं हुआ है, इसलिए यह परीक्षण भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विनोद कुमार ने यह आश्वासन दिया कि किसी भी विस्थापित परिवार का घर डूबने नहीं दिया जाएगा। जिन घरों में पानी घुसने की सूचना मिली है, उन्हें चिन्हित कर त्वरित मुआवजा दिया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि जल्द ही सभी विस्थापित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया जाएगा और आवश्यक राहत व व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी।
प्रशासन ने राज्य के मानसून आने से पहले फैले खतरे को देखते हुए डूब क्षेत्र के सभी निवासियों को नदी तथा बांध के पानी से सतर्क रहने का अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासनिक घोषणाओं पर ध्यान दें, डूब क्षेत्र में न रुकें और भविष्य के लिए निर्धारित पुनर्वासनिक स्थानों पर समय पर चले जाएं। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों या आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।

साइबर ठगी के शिकार ग्रामीण को मिली बड़ी राहत, बीजपुर पुलिस ने वापस कराए 5300 रुपये

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विजय सोनी
बीजपुर(सोनभद्र)। साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता और प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक ग्रामीण की पूरी धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है तथा क्षेत्र में साइबर जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बीजपुर क्षेत्र के ग्राम नेमना निवासी चन्द्र प्रकाश पुत्र भोलानाथ के साथ अज्ञात साइबर ठग ने मोबाइल पर स्कैनर भेजकर 5300 रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना बीजपुर की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए NCRP पोर्टल पर शिकायत का परीक्षण किया। जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित खाते में गई धनराशि को तत्काल होल्ड कराया गया।
इसके उपरांत एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक को रिफंड मनी रिक्वेस्ट भेजी गई। लगातार की गई प्रभावी पैरवी और तकनीकी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित की सम्पूर्ण 5300 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर चन्द्र प्रकाश ने बीजपुर पुलिस एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा किया ।
धनराशि वापस कराने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह
उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय
कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण, साइबर हेल्प डेस्क
महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय शामिल रहीं ।
पुलिस ने नागरिकों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, नजदीकी थाने में सूचना दें ।।

नकटू में पांच दिवसीय रात्रिकालीन क्रिकेट महाकुंभ का शुभारंभ, एनर्जियो प्रोजेक्ट हेड विद्याशंकर पाण्डेय ने किया उद्घाटन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विजय सोनी

बीजपुर ( सोनभद्र ) स्थानीय थाना क्षेत्र के नकटू में बुधवार को पांच दिवसीय भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की कई मजबूत टीमें हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एनर्जीयों के प्रोजेक्ट हेड विद्याशंकर पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथियों के साथ पिच का पूजन-अर्चन एवं फीता काटकर किया।
इससे पूर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष विकास सोनी, उपाध्यक्ष विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष लकी जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विद्याशंकर पाण्डेय ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं।

विशिष्ट अतिथि राम प्रवेश गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ परंपरा को बनाए रखने का आह्वान करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दिया ।

उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मुकाबले में बीसीसी और ब्लू स्टार टाइगर के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें ब्लू स्टार टाइगर ने मात्र 2 रन से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मैच में शांति नगर बॉयज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसजेके को 8 विकेट से हराकर एकतरफा जीत हासिल किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन धनंजय शर्मा ने किया ।
इस अवसर पर भाजपा नेता राम दयाल वैश्य, निशु जायसवाल, बृजेंद्र कुमार सिंह, अभिमन्यु जायसवाल, नीरज गुप्ता, संजय सिंह, उमेश पनिका सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गुरमा जेल में योग की गूंज: बंदियों के तन-मन को मिलेगा नई ऊर्जा का संचार, 5 दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में गुरमा स्थित जिला कारागार में गुरुवार को योग, स्वास्थ्य और आत्मचिंतन का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत धनवंतरी पतंजलि योग संस्थान एवं सेवा भारती, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान तथा जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बंदियों और जेल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कारागार के अधीक्षक आईपीएस अरुण कुमार मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व परिवर्तन और आत्मसुधार का केंद्र भी है। योग मनुष्य को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। ऐसे आयोजन बंदियों को तनावमुक्त जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा में पुनः सम्मानपूर्वक लौटने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
योग से मिलेगा आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच
शिविर के मुख्य योगाचार्य एवं विश्व रिकॉर्ड धारक आचार्य अजय कुमार पाठक ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित और संतुलित बनाने की कला है। उन्होंने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और मानसिक एकाग्रता की तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में तनाव, अवसाद और नकारात्मकता से बचने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम योग है। यदि व्यक्ति नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करे तो वह शारीरिक रोगों के साथ-साथ मानसिक विकारों से भी दूर रह सकता है।
बंदियों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
शिविर का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को मानसिक तनाव से राहत देना, उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना है। योग और ध्यान के माध्यम से उन्हें आत्मनिरीक्षण और आत्मसुधार का अवसर मिलेगा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो सकेगा।
धनवंतरी पतंजलि योग संस्थान के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। गुरमा जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह शिविर बंदियों के जीवन में नई उम्मीद और नई दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल बंदियों को निरोग, आत्मनिर्भर और समाजोपयोगी नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करेगी।
जेल प्रशासन और सामाजिक संगठनों का सराहनीय समन्वय
कार्यक्रम में जेल प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। आयोजन में जेलर अरविंद सिन्हा, डिप्टी जेलर शशांक पटेल, जितेंद्र तिवारी, अभिषेक जायसवाल, धनवंतरी पतंजलि योग संस्थान की जिला प्रभारी प्रिया पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
योग शिविर के पहले दिन ही बंदियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कारागार परिसर में गूंजते योग मंत्रों और ध्यान की शांति ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। आगामी दिनों में विभिन्न योग सत्रों के माध्यम से बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आत्मिक उन्नति की दिशा में प्रेरित किया जाएगा।
योग बनेगा बदलाव का माध्यम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अवसर पर आयोजित यह पांच दिवसीय शिविर न केवल बंदियों के स्वास्थ्य संवर्धन का माध्यम बनेगा, बल्कि उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गुरमा जेल में शुरू हुई यह पहल इस बात का संदेश देती है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने वाली एक सशक्त जीवनशैली है।

धमकी देकर चुप कराता रहा दरिंदा! गर्भवती होने पर सामने आया सनसनीखेज मामला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय तक घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दे सकी। मामला तब सामने आया जब पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी परिजनों को हुई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस से शिकायत की गई।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी भरतलाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में ओबरा पुलिस ने ग्राम परसोई टोला गाड़ापाथर में दबिश देकर आरोपी भरतलाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।

रात में गरजती मशीनें दिन में खामोशी आखिर किसके संरक्षण में चल रहा खनन

मशीनों की गड़गड़ाहट से कांप रही रातें, खनन पर क्यों खामोश है सिस्टम*

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के बर्दिया अली स्टोन खनन क्षेत्र में खनन नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी खनन गतिविधियां बेखौफ जारी रहती हैं। देर रात तक चलने वाली मशीनों की गड़गड़ाहट और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कथित तौर पर आंखें मूंदे बैठा है।
ग्रामीणों के अनुसार खनन पट्टों के संचालन के लिए शासन द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश और समय सीमा निर्धारित की गई है, लेकिन बर्दिया अली क्षेत्र में इन नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा। आरोप है कि रात के सन्नाटे में भी मशीनें लगातार चलती रहती हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ वातावरण में धूल का गुबार छाया रहता है। इससे आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि भारी-भरकम ट्रकों और डंपरों की दिन-रात आवाजाही से क्षेत्र की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि खनन कंपनियां मुनाफा कमाने में व्यस्त हैं, जबकि आम जनता की समस्याओं पर किसी का ध्यान नहीं है।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर जब नियम-कानून सबके लिए बराबर हैं तो फिर खनन क्षेत्र में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में खनन गतिविधियों को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं और प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पर्यावरणीय नुकसान के साथ-साथ जनजीवन पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। क्या जिम्मेदार अधिकारी खनन नियमों के उल्लंघन के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सख्त कदम उठाएंगे या फिर बर्दिया अली में खनन का यह कथित खेल यूं ही बेरोकटोक चलता रहेगा? यह सवाल फिलहाल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मजदूर की गुजरात में सड़क हादसे से मौत, परिजनों में रो-रोकर हाल बेहाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्रा)।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बिडर ग्राम पंचायत के बावनझरिया गांव में शुक्रवार देर शाम गुजरात में मजदूरी कर रहे 25 वर्षीय रामप्रसाद का शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रामप्रसाद करीब चार-पांच महीने पहले बड़ौदा (गुजरात) में काम करने गया था।
परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी को 15 जून 2026 को मोबाइल के माध्यम से सड़क दुर्घटना में रामप्रसाद के मारे जाने की सूचना मिली। सूचना के बाद मृतक के ससुर और गांव के ठेकेदार के कुछ लोग घर पहुंचे और रामप्रसाद के पिता को गुजरात लेकर गए।
रामप्रसाद के बड़े भाई शिवप्रसाद का कहना है कि वहां पहुँचने से पहले ही ठेकेदार के लोग रामप्रसाद का पोस्टमार्टम करा चुके थे। परिजन के अनुसार ठेकदार के लोग हादसे के समय और घटनाक्रम के बारे में ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं और दुर्घटना से जुड़ी संतोषजनक जवाब भी नहीं मिली।
रामप्रसाद का पार्थिव शरीर शुक्रवार, 17 जून को शाम लगभग 7 बजे एक निजी एम्बुलेंस से उनके पैतृक गाँव बावनझरिया पहुंचा। रामप्रसाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनका विवाह लगभग छह वर्ष पहले हुआ था और उनकी कोई संतान नहीं है। शव आने के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गईं है ।
गाँव के कार्यवाहक प्रधान श्रवण कुमार ने परिजनों के साथ दुख व्यक्त किया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गाँव में भारी भीड़ एकत्र हो गई और हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं।

रामनगर में आमने-सामने टकराकर तीन लोग घायल, एक को जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बा रामनगर वार्ड नंबर 10 मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय श्रीकांत मौर्य को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पाते ही स्थानीय लोग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया ,जहाँ चिकित्सक डॉ वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार के बाद श्रीकांत मौर्य पुत्र लवकुश निवासी दुम्हान को पैर में गंभीर चोट व फैक्चर को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।वहीं 18 वर्षीय गोविंदा पुत्र दयाशंकर निवासी कस्बा वार्ड नंबर 2 व 50 वर्षीय नसरुद्दीन अंसारी पुत्र नोकी अंसारी निवासी मेराल, झारखंड को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है ।

निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक का मौत का मामला गरमाया,नोडल टीम ने मौके पर जांच कर सख्त कार्रवाई का दिया संकेत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में कोन थाना क्षेत्र निवासी शिक्षा विभाग के संविदा कर्मचारी रामविचार गोड़ पुत्र भोला सिंह की 14 जून की देर रात हुई सड़क दुर्घटना के बाद उपचार और मौत को लेकर परिजनों की शिकायतों के बाद मंगलवार को सोनभद्र से भेजी गई नोडल अधिकारी की टीम दुद्धी पहुंची और घटनास्थल तथा संबंधित निजी अस्पताल व सीएचसी की जमीनी जांच की। टीम ने कहा कि मामले में तथ्यात्मक जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मामले के प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार मृतक के पिता भोला सिंह ने दुद्धी थाने में लिखित तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने स्थानीय एक निजी अस्पताल तथा वहां सक्रिय दलालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल रामविचार का प्रारम्भिक उपचार सीएचसी दुद्धी में चल रहा था। आरोप है कि रात के दौरान सीएचसी परिसर में मौजूद कुछ दलालों ने परिजनों को बेहतर इलाज का भरोसा देकर रामविचार को निजी वाहन से अपने निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान तड़के उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल के प्रबंधन और बिचौलियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शव वापस बाइक से सीएचसी लाकर प्रतीक्षालय में छोड़ दिया, जहां सुबह चिकित्सकों ने शव मृत पाया।
सीएमओ के निर्देश पर दुद्धी पहुंचे नोडल टीम के प्रतिनिधि गुलाब शंकर यादव ने बताया कि उन्होंने संदिग्ध निजी अस्पताल का जायजा लिया, पर अस्पताल बंद था और वहां कोई चिकित्सक या स्टाफ मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि सीएचसी से मरीजों को बिना प्राधिकारी जानकारी के निजी संस्थानों में ले जाना गैरकानूनी है और यह सरकारी इलाज व्यवस्था में बाधा डालने जैसा है।उन्होंने बताया कि डीएम चर्चित गोड़ के निर्देशानुसार सभी अस्पतालों की जांच की जाएगी, जो सुविधाएं मानक अनुरूप नहीं हैं या अवैध ढंग से संचालित हो रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
गुलाब शंकर यादव ने आगे कहा कि डीएम के निर्देश के अनुसार हर अस्पताल में चिकित्सक की उपस्थिति अनिवार्य है और मान्य अस्पतालों में तीन बार जांच में चिकित्सक अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दुद्धी सीएचसी में भी जांच करायी जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नोडल अधिकारी ने दुद्धी कोतवाली में तहरीर दे कर मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस से मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
प्रभारी निरीक्षक दुद्धी धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें तहरीर प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि प्राप्त तहरीर और जुटाई गई जानकारी के आधार पर जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बघाडू वन क्षेत्र में रात भर हो रहा अवैध बालू खनन, जिलाधिकारी से जांच की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) ।क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेणुकूट वन प्रभाग के बघाडू वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन व परिवहन किए जाने का मामला प्रकाश में आया हैं। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों के माध्यम से कनहर नदी से बालू निकाला जा रहा है और सुबह तक परिवहन किया जाता है।
सूत्रों का कहना है कि यह अवैध खनन रात लगभग 10 बजे शुरू होता है और सुबह 8 बजे तक लगातार जारी रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ फॉरेस्ट अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ये गतिविधियाँ खुलेआम हो रही हैं। इन मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों की चुप्पी लोगों में नाराज़गी का कारण बनी है। एक ओर प्रदेश सरकार अवैध खनन पर सख्त है वही इन दिनों बघाडू वन क्षेत्र में अवैध खनन का कार्य फल फूल रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की तुरंत संज्ञान लेकर ट्रैक्टरों के माध्यम से हो रहे अवैध खनन को रोका जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। शहर के कुछ निवासी कहते हैं कि खनन से वन्य जीवन और नदी का प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित हो रहा है तथा नदी तटों पर कटाव और बढ़ते प्रदूषण से स्थानीय किसानों को भी नुकसान हो रहा है।
जब इस मामले पर सेल फोन से वन क्षेत्राधिकारी बघाडू से संपर्क किया गया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

दुद्धी में चेयरमैन ने बच्चों के पार्क व ट्रैफिक पार्क का भूमि पूजन कर किया शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने आज शुक्रवार को वार्ड संख्या 6 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बन रहे चिल्ड्रेन पार्क व ट्रैफिक पार्क का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।निर्माण कार्य की अनुमानित लागत 89.42 लाख रुपये है और यह नगर पंचायत कार्यालय के बगल तथा टाउन क्लब के समीप बनाया जा रहा है ।
भूमि पूजन के अवसर पर चेयरमैन मोहन ने कहा कि टाउन क्लब के समीप नए पार्क के बनने से बच्चों के खेल-कूद और ट्रैफिक नियमों की समझ के साथ-साथ महिलाओं व परिवारों के लिए मनोरंजन एवं विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि पार्क में बच्चों के खेलने वाले उपकरण व ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने वाले सेटअप विशेष रूप से रखे जाएंगे जिससे छोटे बच्चों में अनुशासन और सुरक्षा की भावना विकसित होगी।
चेयरमैन ने आगे कहा कि वर्तमान में नगर के विभिन्न वार्डों में करोड़ों की लागत से मंदिरों का जीर्णोद्धार, तालाबों की सुंदरीकरण व अटल चौराहा का सौंदर्यीकरण तथा दर्जनों सीसी रोड व नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। ये सभी विकास कार्य स्थानीय जनता की जीवनशैली में सुधार और आवाजाही को सुगम बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
इस मौके पर भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि, दिलीप पांडेय, अमरनाथ जायसवाल, शिवशंकर प्रसाद, मनीष जायसवाल, सभासद प्रेमनारायण सिंह उर्फ मोनू , आमेश सिंह अग्रहरि, शाहिद आलम, सोनू खान, आनंद कुमार, मोहित अग्रहरि, अन्नू, अंका कुमार, पीयूष कसेरा, संजय जायसवाल, कौशल जौहरी सहित अन्य उपस्थित रहे ।

महुली में आवास योजना की खुली बैठक बनी पारदर्शिता की मिसाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

पात्र लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक वाचन, सैकड़ों ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से किया समर्थन

दुद्धी सोनभद्र । जनपद के दुद्धी विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस सर्वेक्षण में चयनित लाभार्थियों की स्थायी पात्रता सूची के अनुमोदन हेतु पंचायत भवन पर एक भव्य खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने योजना के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता को दर्शाया।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने की। इस दौरान नोडल अधिकारी, पंचायत अधिकारी दुद्धी आशुतोष श्रीवास्तव तथा ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश अहीर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों की सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया। सूची के वाचन के बाद उपस्थित ग्रामीणों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं।
ग्रामीणों ने सूची में शामिल लाभार्थियों के नामों पर सहमति जताते हुए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया। उपस्थित लोगों ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, इसके लिए इस प्रकार की खुली बैठकें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
बैठक में अधिकारियों ने योजना की पात्रता संबंधी शर्तों और लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक आवासविहीन एवं पात्र परिवार को पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर पंचायत सहायक बैजयंती शर्मा, सुधीर कुमार, बुधनाथ कन्नौजिया, अरुण कुमार गुप्ता, ईश्वरी प्रसाद यादव सहित लगभग पांच सौ ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और सर्वसम्मति के साथ बैठक शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
महुली पंचायत की यह पहल ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।

ताजिया की ऊंचाई 10 फीट तक सीमित, नई परंपरा पर रोक, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और अपर पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं, ताजियादारों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा कर कानून व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ताजिया की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी, किसी भी स्थिति में पेड़ों की शाखाओं की कटाई नहीं की जाएगी और नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ताजियों को पूर्व निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही दफन किया जाएगा। साथ ही जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी सख्त चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति भ्रामक सूचना, अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जुलूस मार्गों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को ढीले और लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए, जबकि उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

सोनभद्र में विकास का महाकुंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का भव्य प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को सोनभद्र में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी का शानदार शुभारंभ हुआ। पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विकास, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित लोगों को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ दिया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अब बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मातृ वंदना योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, स्मार्टफोन, आर्थिक सहायता के चेक तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। वहीं समाजसेवा और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सोनभद्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जनपद में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। तकनीकी नवाचारों और आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण से आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की उपलब्धियों, नवाचारों और विकास परियोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और सरकार की जनहितकारी पहलों की सराहना की।
इस अवसर पर घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
चार दिनों तक चलने वाली यह विकास प्रदर्शनी जिलेवासियों को सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प से रूबरू कराएगी, जहां आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई जाएगी।

न्यायालय के आदेश की अवमानना का आरोप, अधिवक्ताओं ने चेताया कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद ढाई वर्ष बीत जाने पर भी एक महिला को उसकी पैतृक भूमि की फाटबंदी नहीं मिल सकी है। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) और लेखपाल की लापरवाही तथा टालमटोल के कारण न्यायालय का आदेश आज तक कागजों में ही सिमटकर रह गया है। परेशान महिला ने जिलाधिकारी सोनभद्र एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम मधुपुर का है, जहां निवासी मंजू देवी पुत्री सदाफल चौहान अपनी पैतृक भूमि के सीमांकन और फाटबंदी के लिए पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रही हैं। महिला द्वारा 16 जून 2026 को जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि डिप्टी कलेक्टर रॉबर्ट्सगंज न्यायालय ने 31 अक्टूबर 2023 को मौजा मधुपुर स्थित आराजी संख्या 856/1, रकबा 0.2920 हेक्टेयर भूमि की फाटबंदी किए जाने का स्पष्ट आदेश पारित किया था। न्यायालय ने आदेश में राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सीमांकन और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।
महिला का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ढाई वर्ष बीत जाने के बावजूद जमीन की फाटबंदी नहीं कराई गई और बार-बार बहाने बनाकर मामले को लटकाया जा रहा है। इससे न केवल न्यायालय के आदेश की अवहेलना हो रही है, बल्कि पीड़ित परिवार को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
शिकायती पत्र के अनुसार, पीड़िता के पिता सदाफल चौहान द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद राजस्व निरीक्षक ने 1 जून 2026 को एक नोटिस जारी कर 8 जून 2026 की सुबह 8 बजे ग्राम प्रधान की उपस्थिति में मौके पर नापी कराने की सूचना दी थी। लेकिन निर्धारित तिथि और समय पर न तो राजस्व निरीक्षक पहुंचे और न ही लेखपाल। जब पीड़ित पक्ष ने फोन कर जानकारी ली तो अधिकारियों द्वारा विभिन्न बहाने बनाकर कार्रवाई टाल दी गई।
महिला ने बताया कि उनके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं, जिसके कारण उन्हें स्वयं एक महिला होकर सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बावजूद इसके उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण न्यायालय के आदेश का खुला उल्लंघन हो रहा है।बुधवार को पीड़िता मंजू देवी ने डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, सोनभद्र कार्यालय पहुंचकर भी एक शिकायती पत्र सौंपा और अधिवक्ताओं से न्याय दिलाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए बार एसोसिएशन ने पीड़िता को हरसंभव कानूनी सहायता देने का भरोसा दिलाया।
इस संबंध में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि महिला की शिकायत को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है और उसे न्याय दिलाने के लिए एसोसिएशन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि यह मामला न्यायालय के आदेश की खुली अवमानना का प्रतीक है। एक गरीब और असहाय महिला को उसके वैधानिक अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य एडवोकेट ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता समाज पीड़िता के समर्थन में लोकतांत्रिक एवं विधिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
बार एसोसिएशन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “न्याय में देरी, अन्याय के समान है” और किसी भी गरीब व्यक्ति को उसके अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा तत्काल फाटबंदी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस दौरान अधिवक्ता पवन कुमार सिंह, टीटू गुप्ता, मृगराज सिंह, अमित वर्मा, संतोष कुमार यादव, राकेश कुमार सिंह, विनीता, आकृति निर्भया, किरन सिंह, आदर्श देव पांडेय, शाहनवाज आलम खान समेत अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

सर्पदंश से बुजुर्ग महिला की मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहां के टोला हड़बड़िया में मंगलवार की सायंकाल सर्पदंश की एक दुखद घटना में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखमनिया (71 वर्ष) पत्नी नान्हक, निवासी टोला हड़बड़िया, मंगलवार की शाम स्नान करने के बाद अपने घर के आंगन में खड़ी थीं। इसी दौरान एक विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
परिजनों ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल उन्हें एनटीपीसी रिहंद स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार तथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को रात में मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। बुधवार की सुबह परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया।
मृतका के पुत्र राजा राम ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

मिशन शक्ति केंद्र’ का भव्य शिलान्यास, महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा, सम्मान और

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ -विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र) उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को बीजपुर थाना परिसर में ‘मिशन शक्ति केंद्र’ भवन का भव्य शिलान्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने विधिवत भूमि पूजन एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। केंद्र के माध्यम से उन्हें त्वरित सहायता, कानूनी परामर्श, सुरक्षा संबंधी सहयोग तथा अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध होगा। इससे महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकेंगी और उन्हें आवश्यक सहायता समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है, जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में एनटीपीसी रिहंद के लॉ ऑफिसर प्रदीप कुमार, प्रबंधक पवन कुमार मिश्रा, राजेंद्र शाह, मुकेश कुमार, पवन दुबे, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, महिला आरक्षी प्रियंका एवं निहारिका पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा तथा उपस्थित लोगों ने मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए एक सराहनीय एवं दूरगामी पहल बताया।

किसानों को उनके गैलन जर्किन मे दिया जाय डीजल संदीप मिश्रा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

फार्मर रजिस्ट्री में भारी गड़बड़ी, खाद आपूर्ति और डीजल-पेट्रोल नीति से किसान परेशान; किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने उठाई आवाज

सोनभद्र। जिले में किसानों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि एक ओर सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर फार्मर रजिस्ट्री, खाद आपूर्ति और डीजल-पेट्रोल वितरण व्यवस्था में सामने आ रही खामियों से किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

फार्मर रजिस्ट्री में बड़ी लापरवाही

मोर्चा ने आरोप लगाया कि फार्मर रजिस्ट्री के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की जमीनों का सही विवरण दर्ज नहीं किया जा रहा है। कई किसानों की तीन गाँवचार गाँव में अलग-अलग स्थानों पर स्थित भूमि में फार्मर रजिस्ट्री में मात्र एक गाँव का पोर्टल ले रहा है बाकी के रकबो की जमी की खाद कैसे मिलेगी इसलिए पोर्टल को ठिक कराया जाय

संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि समय रहते त्रुटियों का सुधार नहीं किया गया तो हजारों किसानों को प्रशासनिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों से विशेष अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री की जांच कराने की मांग की।

सोनभद्र में खाद रैक उतरने की मांग

मोर्चा ने किसानों की खाद समस्या को भी प्रमुखता से उठाया है। बताया गया कि किसानों के लिए आने वाली खाद की अधिकांश रैक वाराणसी और मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर उतारी जाती हैं, जिसके बाद उसे सोनभद्र पहुंचाया जाता है। इससे परिवहन लागत बढ़ती है और समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पाती।

किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने मांग की है कि खाद की रैक सीधे सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर उतारी जाए। इससे परिवहन खर्च कम होगा, समय की बचत होगी और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी। संगठन का कहना है कि इससे जिले के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

डीजल-पेट्रोल नीति पर उठे सवाल

मोर्चा ने डीजल-पेट्रोल वितरण को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि बड़े उद्योगपतियों और कंपनियों को बड़ी मात्रा में गैलन के माध्यम से डीजल-पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि छोटे और मध्यम किसान आवश्यक मात्रा में ईंधन प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

संदीप मिश्रा ने कहा कि खेती पूरी तरह डीजल आधारित संसाधनों पर निर्भर है। सिंचाई, जुताई और कृषि यंत्रों के संचालन के लिए किसानों को डीजल की आवश्यकता होती है, लेकिन नई व्यवस्थाओं और गाइडलाइन के कारण किसानों को अनावश्यक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

आज धधरौल डैम पर रेहडी पटरी पर जो हमारे किसान भाई साग सब्जी चाय पान की दुकान चला रहे हैं उनको कैनाल के लोग महिना माग रहे है न देने पर वहाँ से उजाडने की धमकी व नोटिस दे रहे है इस तरह का अत्याचार हमने पहले कभी नहीं देखा

उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में जारी की गई गाइडलाइन का लाभ बड़े उद्योग समूहों को अधिक मिलेगा, जबकि छोटे किसानों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। किसानों को आशंका है कि गैलन में डीजल प्राप्त करने की नई प्रक्रिया से कृषि कार्य प्रभावित होंगे और खेती की लागत में और वृद्धि होगी।

आंदोलन की चेतावनी

किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संगठन जल्द ही जिलाधिकारी, कृषि विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपेगा। यदि फार्मर रजिस्ट्री की त्रुटियां दूर नहीं की गईं, सोनभद्र में खाद रैक उतरवाने की व्यवस्था नहीं हुई और किसानों के लिए डीजल-पेट्रोल उपलब्धता आसान नहीं बनाई गई, तो संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।

उन्होंने कहा कि “सोनभद्र के किसान पहले ही महंगाई, मौसम की मार और लागत वृद्धि से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक लापरवाही और गलत नीतियां किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रही हैं। किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्ष हर स्तर पर जारी रहेगा।”
आज के कार्यक्रम में आकाश चौहान सत्रुधन बिन्द मनोज अग्रहरि राजेस मौर्य नन्दू जायसवाल सुरेस जायसवाल विजय चौहान सुरज कनौजिया सन्जय बियार सुजीत विश्वकर्मा विजय धागर नागेन्दर तिरकी प्रमोद तिरकी धीरज कनौजिया अवधेश जाटव बासमती चेरो कौशल्या बिन्द हेमा बिन्द दुलारी कुशवाहा राजू मौर्य व सैकड़ों किसान उपस्थित रहे

महिला को करैत सांप ने काटा, हैंडपम्प मरम्मत के दौरान घटना,सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में सोमवार सुबह हैंडपम्प की मरम्मत के दौरान समरसेबल निकालते समय करैत सांप के काटने से एक महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार की 27 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी सुबह करीब 8 बजे घर के पास के हैंडपम्प की मरम्मत करा रही थीं। बताया गया कि जब हैंडपम्प से समरसेबल बाहर निकाला जा रहा था, तभी उसमें छिपा करैत सांप अचानक निकल आया और महिला के दाहिने पैर में काट लिया। काटने के बाद महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी।परिजन घटना के तुरंत बाद उन्हें निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। सीएचसी दुद्धी के कर्मचारियों ने बताया कि महिला का इलाज चल रहा है और उन्हें आवश्यक एंटीवेनम व अन्य प्राथमिक उपचार दिए जा रहे हैं।महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है ।

दुद्धी में सड़क हादसे में संविदा कर्मी की मौत,परिजनों ने निजी अस्पताल और दलालों पर हत्या का लगाया आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में शिक्षा विभाग के संविदा कर्मचारी रामविचार गोड़ (30) की मौत हो गई, जबकि उनके साले तिलक राज गोड़ (25)मामूली रूप से घायल हुए। परिजनों ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पताल व दलालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात लगभग 11 बजे रामविचार अपने बहन के घर बभनी से अपने साले तिलक राज के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे,की गुलालझरिया प्रधान के घर के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गई। हादसे में बाइक चालक रामविचार गंभीर रूप से घायल हो गए और पीछे बैठे तिलक राज को मामूली चोटें आईं। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस बुलाई। एएमटी पंकज और चालक गौतम ने दोनों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू हुआ।परिवार का दावा है कि सीएचसी परिसर में सक्रिय कुछ दलालों ने रामविचार की गंभीर स्थिति का फायदा उठाकर उन्हें बेहतर इलाज का झांसा देकर रात करीब 1:30 बजे निजी वाहन से निजी अस्पताल ले जाया। वहां उपचार के दौरान लगभग 3:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। आरोप है कि निजी अस्पताल प्रबंधन और बिचौलियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मृतक का शव वापस सीएचसी लाकर प्रतीक्षालय में छोड़ दिया। सुबह चिकित्सकों ने शव मृत पाया और सीएचसी ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण स्पष्ट होंगे। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और तहरीर के आधार पर शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि आरोपों की सत्यता की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।परिजन लिखित तहरीर देकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है और आरोप लगा रहे हैं कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में दलालों का नेटवर्क ग्रामीण मरीजों को निजी क्लीनिकों में भटकाता है।परिजनों ने बताया कि रामविचार दो भाइयों में बड़े थे, उनकी शादी पिछले वर्ष मिर्जापुर में हुई थी और हाल ही में उन्हें शिक्षा विभाग में संविदा पद पर नौकरी मिली थी। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है। परिजन कहते हैं कि अगर पूरा उपचार मिला होता तो जान बच सकती थी।

डूबने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु व्यापक जनज

जिलाधिकारी ने नागरिकों से दिशा-निर्देशों का पालन कर सुरक्षित रहने की अपील की*

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र मानसून एवं आपदा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र एवं जिला पंचायत विभाग द्वारा जनपद में विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत ग्राम पंचायत सचिवालयों, सार्वजनिक स्थलों, नदी तटों, जलाशयों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में डूबने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा संबंधी संदेश, सावधानियां एवं “क्या करें, क्या न करें” संबंधी महत्वपूर्ण स्लोगन साइन बोर्ड एवं दीवार लेखन के माध्यम से प्रदर्शित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान नदी, तालाब एवं जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि होने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को जागरूक एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जनपद के विभिन्न स्थानों पर चेतावनी एवं जागरूकता संदेश प्रदर्शित कर आमजन को सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि नदी एवं जलाशयों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए संदेशों एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उनका अनुपालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा दुर्घटना से बचा जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

17 जून से 30 जून तक सभी ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष बैठकें, ग्रामीणों की सहभागिता पर रहेगा विशेष जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची को अंतिम रूप देने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 17 जून से 30 जून 2026 तक ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा, सूची में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे तथा प्राथमिकता क्रम निर्धारित कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ वास्तविक और पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, इसके लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित होगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम सभा आयोजित होने से पहले प्रत्येक मजरे और गांव में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। मुनादी, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों के जरिए ग्रामीणों को बैठक की जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर अपनी राय और सुझाव दे सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से ही पात्रता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।
बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक ग्राम सभा का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन कराया जाए। बैठक से संबंधित कम से कम दस छायाचित्रों के साथ विस्तृत प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) तैयार कर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया की निगरानी और मूल्यांकन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पात्रता सूची तैयार करने में पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता बरती जाए। यदि किसी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही अथवा पक्षपात की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कार्मिक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए निलंबन तक की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने उपजिलाधिकारियों, लेखपालों एवं अन्य राजस्व अधिकारियों को भी ग्राम सभाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा भूमि एवं आय से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ग्राम सभा के बाद तैयार की गई पात्रता सूची की वाल पेंटिंग ग्राम पंचायत सचिवालय, सार्वजनिक भवनों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण आसानी से सूची का अवलोकन कर सकें। इसके अतिरिक्त 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक लाभार्थियों से आपत्तियां और सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त शिकायतों एवं आपत्तियों का जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण कर निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए सभी ग्रामीण निर्धारित तिथियों पर आयोजित ग्राम सभा की बैठकों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और पात्रता सूची को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, समस्त खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लखनऊ मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग एवं ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक के मद्देनजर विभिन्न ट्रेनों के परिचालन के मार्ग में परिवर्तन किया जायेगा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ताउत्तरी रेलवे के लखनऊ मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग एवं ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक के मद्देनजर निम्नलिखित ट्रेनों के परिचालन के मार्ग में परिवर्तन किया जायेगा जिनका विवरण इस प्रकार है-क्र.सं. गाड़ी सं. गाड़ी का नाम परिवर्तित मार्ग स्थगित ठहराव अस्थायी ठहराव तिथि-1.- 12875 पुरी-आनंद विहार टर्मिनल नीलाचल एक्सप्रेस वाराणसी- जफराबाद- सुलतानपुर- लखनऊ भदोही, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, अमेठी, गौरीगंज, रायबरेली — 23.06.26, 26.06.26, 28.06.26, 30.06.262.- 04311 कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल वाराणसी- सुलतानपुर- उतरेटिया भदोही, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली आसलपुर जोबनेर- सुलतानपुर 28.06.263.- 04312 योग नगरी ऋषिकेश- कोलकाता स्पेशल उतरेटिया- सुलतानपुर- जफराबाद- वाराणसी रायबरेली, भदोही, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ सुलतानपुर- आसलपुर जोबनेर 26.06.264.- 15075 शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस उतरेटिया- ट्रांसपोर्ट नगर- आलमनगर — — 14.06.26 से 23.06.26 तक5.- 15073 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस6.- 15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस आलमनगर- ट्रांसपोर्ट नगर- उतरेटिया – 14.06.26 से 23.06.26 तक7.- 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेसप्राप्त जानकारी वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद
एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ द्वारा प्रदान की गई ।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय धनबाद में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – विष्णु गुप्ता

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र द्वारा वाणिज्य विभाग के 10 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, इन्होनें नवाचार, डिजिटलीकरण, यात्री सुविधा संवर्धन तथा राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पंकज भूषण, सुश्री अमृता भगत एवं सुश्री मुस्कान झा द्वारा रेलवे परिसंपत्तियों के प्रभावी निरीक्षण एवं प्रबंधन हेतु “रेल एसेट्स इंस्पेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम” वेब एप्लीकेशन के विकास में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है, जिससे कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित बनाने में सहायता मिली है।

इसी प्रकार, श्री कृष्ण कुमार कन्हैया द्वारा धनबाद मंडल के आरक्षण काउंटरों के उन्नयन, डिजिटलीकरण तथा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कार्य किए गए हैं ।उनके प्रयासों से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, आधुनिक एवं सुगम टिकटिंग सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं । इसके अतिरिक्त, श्री रूद्र नन्द झा (मुख्य वाणिज्य निरीक्षक), श्री नवीन कुमार, श्री बिपिन बिहारी लाल, श्री अविनाश कुमार, श्री मुकेश कुमार तथा श्री आशुतोष कुमार सिन्हा द्वारा टिकट जांच एवं टिकट आय वृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्चतम राजस्व अर्जित किया है तथा मंडल की आय में महत्वपूर्ण योगदान दिया है ।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि कर्मचारियों की उपलब्धियाँ उनके व्यक्तिगत परिश्रम के परिणाम के साथ-साथ उनके परिवारजनों के निरंतर सहयोग, त्याग, प्रोत्साहन एवं विश्वास का भी इसमें समान रूप से महत्वपूर्ण योगदान होता है | परिवार का सहयोग भी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ करने की प्रेरणा प्रदान करता है ।

धनबाद मंडल प्रशासन सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के योगदान की सराहना करता है तथा विश्वास व्यक्त करता है कि उनके संयुक्त प्रयास भविष्य में भी रेलवे की कार्यकुशलता, डिजिटल परिवर्तन, राजस्व संवर्धन एवं यात्री सुविधाओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे | इस सम्मान समारोह में मंडल के अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा सम्मानित कर्मचारियों के परिवारजन भी उपस्थित थे |

जंगल, जमीन और जल बचाने को आदिवासियों ने भरी हुंकार, सपा-कांग्रेस जिलाध्यक्षों को सौंपा ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में आदिवासी-बनवासी समुदाय का एक बड़ा जत्था सोमवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों दलों को ज्ञापन सौंपते हुए जंगल, जमीन और जल की रक्षा के लिए राजनीतिक समर्थन और हस्तक्षेप की मांग की। इस दौरान आदिवासी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि विकास के नाम पर उनके पूर्वजों की विरासत और प्राकृतिक संसाधनों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।

मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि सोनभद्र के वन क्षेत्रों में लगातार बढ़ते औद्योगिक और परियोजना आधारित दबाव से आदिवासी समाज की आजीविका, संस्कृति और अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि जंगल केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि लाखों लोगों के जीवन का आधार हैं। यदि जंगल खत्म हुए तो जलस्रोत, पर्यावरण और स्थानीय समुदायों का भविष्य भी खतरे में पड़ जाएगा।

“पेड़ हैं तो प्राण हैं” अभियान के सह-संयोजक गुलाब चेरो ने भावुक अंदाज में कहा, “एक भी पेड़ कटने नहीं दिया जाएगा, चाहे इसके लिए हमारी जान ही क्यों न चली जाए। पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। जंगल बचेंगे तो आने वाली पीढ़ियां बचेंगी।”

मोर्चा के नगवां ब्लॉक संयोजक विन्दू खरवार ने कहा, “जंगल हमारा घर है। हमारे पूर्वजों ने इसे संभालकर रखा है। हम किसी भी कीमत पर अपने घर और अपनी पहचान को उजड़ने नहीं देंगे। जंगल से ही हमारा जीवन, रोजगार, संस्कृति और परंपराएं जुड़ी हुई हैं।”

वहीं “पेड़ हैं तो प्राण हैं” अभियान के जिला संयोजक रामसूरत खरवार ने विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा, “आज तक जिले में जितने बड़े उद्योग और कल-कारखाने लगे हैं, उनमें कितने मूलनिवासी और आदिवासी युवाओं को स्थायी रोजगार मिला? जो लोग विकास की बात कर रहे हैं, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। विकास के नाम पर आदिवासियों को उनकी जमीन और जंगल से बेदखल करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने पूर्वजों द्वारा बसाए गए जंगलों, पहाड़ों और जलस्रोतों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। यदि जरूरत पड़ी तो गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ तथा दिल्ली तक आंदोलन की आवाज बुलंद की जाएगी।

ज्ञापन के माध्यम से आदिवासी प्रतिनिधियों ने राजनीतिक दलों से मांग की कि वन क्षेत्रों में प्रस्तावित परियोजनाओं, पेड़ों की कटाई और विस्थापन से जुड़े मामलों पर जनभावनाओं का सम्मान किया जाए तथा जंगल, जमीन और जल की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी, ग्रामीण, किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में “जंगल बचाओ, जीवन बचाओ” और “पेड़ हैं तो प्राण हैं” जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण और आदिवासी अधिकारों की जोरदार आवाज उठाई गई। आज के कार्यक्रम में प्रमुख रुप से रामसूरत खरवार विन्दू अगरिया रामहाल खरवार गुलाब चेरो दिनेश पनिका टहलराम माझि आकाश चौहान सत्रुधन बिन्द. सुरज कनौजिया सजय बियार सुजित विश्वकर्मा नागेन्दर धागर व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे

सोनभद्र के चुर्क में चंद्रिका मंदिर परिसर में प्रभारी मंत्री ने दिया स्वच्छ भारत का संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

ब्रेकिंग: सोनभद्र….

– प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने चलाया स्वच्छता अभियान

– स्वच्छ, सुंदर और हरित सोनभद्र बनाने का दिया संदेश

– मंदिर परिसर में कचरा साफ कर स्वच्छ भारत मिशन को किया प्रोत्साहित

– प्रभारी मंत्री ने किया वृक्षारोपण, मौजूद लोगों से हरियाली बढ़ाने का किया आह्वान

– अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल की अपील

– केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां जनता के बीच गिनाईं

– मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए की चर्चा

– गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में हुए कार्यों का किया उल्लेख

– जिलाध्यक्ष, सदर विधायक भूपेश चौबे समेत भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद।

– रॉबर्ट्सगंज तहसील के चुर्क स्थित चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में प्रभारी मंत्री ने दिया स्वच्छ भारत का संदेश।

कल्याण बनर्जी ने दिया था ममता बनर्जी को अल्टीमेटम तो BJP ने कसा तंज, कहा- ‘अभिषेक के बिल पेंडिंग इसलिए…’

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर चल रही गुटबाजी और आपसी विवाद अब खुलकर सामने आने लगे हैं. पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. इसी बीच टीएमसी नेता और पेशे से वकील कल्याण बनर्जी की तरफ से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिए गए अल्टीमेटम पर राज्य के मंत्री अर्जुन सिंह ने तंज कसा है. उन्होंने कल्याण बनर्जी की बयानबाजी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि उनके “फर्जी मामलों का बिल अभी भी पेंडिंग है” और भारतीय जनता पार्टी उन्हें बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लेती.

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान अर्जुन सिंह ने पूरे विवाद पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कल्याण बनर्जी काफी नाराज हैं. उन्होंने कहा, ‘उन्होंने इतने सारे फर्जी मुकदमे लड़े हैं और उनका बिल अभी तक बकाया है. अब उन्हें समझ आ गया है कि शायद वह बिल मिलने वाला नहीं है, इसलिए वह नई सरकार के सामने यह छवि बनाना चाहते हैं कि वह भी ममता बनर्जी के खिलाफ हैं.’ उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी कल्याण बनर्जी को गंभीरता से नहीं लेती.

सिग्नेचर फोर्जिंग मामले में सामने आया विवाद

यह विवाद उस समय खुलकर सामने आया जब कथित सिग्नेचर फोर्जिंग मामले में अपना वकील बदले जाने को लेकर कल्याण बनर्जी ने टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर खुलकर नाराजगी जताई. इसी मुद्दे पर उन्होंने ममता बनर्जी को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि उन्हें उनके और अभिषेक बनर्जी के बीच किसी एक को चुनना होगा. कल्याण बनर्जी ने कहा कि यदि पार्टी को लगता है कि वह यह मामला नहीं संभाल सकते, तो फिर अभिषेक बनर्जी खुद इसे संभालें.

उन्होंने कहा कि उनके साथ डस्टबिन यानी कूड़ेदान जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एक घंटे के भीतर इस बारे में जानकारी दी जाए. उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना चाहिए. उनके अनुसार, ‘मुझे यह अहंकारी व्यवहार बिल्कुल पसंद नहीं है. वरिष्ठ नेताओं की इज्जत होनी चाहिए. वह मेरा अपमान कैसे कर सकते हैं?’

कल्याण बनर्जी का बयान

कल्याण बनर्जी ने आगे कहा कि अभिषेक बनर्जी को यह समझना चाहिए कि आज पार्टी कई मुश्किलों का सामना कर रही है, लेकिन इसके बावजूद वह लोगों का अपमान करते हैं. उन्होंने ममता बनर्जी से कहा कि अगर वह अभिषेक बनर्जी पर ही भरोसा करना चाहती हैं तो उनके साथ रहें, लेकिन यदि वह अभिषेक से अलग होती हैं तो वह पूरी तरह उनके साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने साफ घोषणा की कि अब वह अभिषेक बनर्जी की ओर से किसी भी मामले में अदालत में पेश नहीं होंगे. साथ ही उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन से बातचीत हुई है, लेकिन ममता बनर्जी ने अभी तक उन्हें फोन नहीं किया है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस एक ही चीज नहीं हैं. ।

Fable 5 से साइबर हमले का खतरा…अमेरिका ने सबसे ताकतवर AI मॉडल पर लगाई रोक, भारतीय यूजर्स का भी एक्सेस बंद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

Anthropic ने 9 जून 2026 को Fable 5 और Mythos 5 लॉन्च किए थे. हालांकि, लॉन्च के महज तीन दिन बाद 12 जून की रात अमेरिकी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए कंपनी को निर्देश दिया कि इन मॉडल्स तक किसी भी विदेशी नागरिक की पहुंच तुरंत बंद की जाए. आदेश में यह भी कहा गया कि यह प्रतिबंध अमेरिका में रह रहे विदेशी नागरिकों पर भी लागू होगा यहां तक कि Anthropic के अपने विदेशी कर्मचारियों पर भी.

Anthropic ने कहा कि चूंकि वह यह पहचान नहीं कर सकती कि कौन यूजर विदेशी नागरिक है और कौन नहीं, इसलिए उसने दोनों मॉडल सभी के लिए बंद कर दिए. कंपनी के बाकी Claude मॉडल अभी भी काम कर रहे हैं.

जेलब्रेक का डर – Anthropic ने बताया गलतफहमी

अमेरिकी सरकार का कहना है कि एक कंपनी ने दावा किया था कि उसने Fable 5 को जेलब्रेक कर लिया है. जेलब्रेक का मतलब होता है कि AI से वो जानकारी निकलवा लेना जो वो सामान्य तौर पर देने से मना कर देता है. जैसे अगर आप किसी AI से बम बनाने का तरीका पूछें तो वो मना कर देगा, लेकिन जेलब्रेक के जरिए उसे इस तरह से उलझाया जाता है कि वो वो जानकारी भी दे दे जो उसे नहीं देनी चाहिए.

साइबर और रासायनिक हथियारों के लिए हो सकता है Fable 5 का इस्तेमाल

अमेरिकी सरकार को डर था कि Fable 5 का इस्तेमाल साइबर हमलों, जैविक या रासायनिक हथियारों की जानकारी हासिल करने के लिए हो सकता है. हालांकि Anthropic ने इस दावे को गलत बताया. कंपनी का कहना है कि उसने सरकार का डेमो देखा और पाया कि यह जेलब्रेक बहुत सीमित है और व्यापक खतरा पैदा करने वाला नहीं है. Anthropic ने अपने बयान में कहा कि हमें लगता है यह एक गलतफहमी है और हम जल्द से जल्द एक्सेस बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं. यह पहली बार है जब अमेरिकी सरकार ने किसी AI कंपनी के लाइव मॉडल को एक्सपोर्ट कंट्रोल के दायरे में लाकर बंद करवाया हो. अब तक ऐसे नियम चिप्स और हार्डवेयर पर लगते थे लेकिन अब AI सॉफ्टवेयर भी इसके दायरे में आ गया है. इसे AI नियमन के इतिहास में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है.

भारत पर असर और बड़ा सवाल

भारत के लिए यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि बड़ी संख्या में भारतीय स्टार्टअप, IT कंपनियां और डेवलपर्स Anthropic के API पर निर्भर हैं. जो भी Fable 5 पर आधारित प्रोडक्ट बना रहे थे उनका काम रातोंरात रुक गया. यह घटना इस बात की भी याद दिलाती है कि भारत जैसे देश अमेरिकी AI टेक्नोलॉजी पर कितने निर्भर हैं और अपना खुद का AI इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना कितना जरूरी है.।

अनियंत्रित होकर गिरी स्कूटी, पति गंभीर रूप से घायल, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ घाट पर आज शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे एक स्कूटी दुर्घटना में विजय कुमार (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार विजय, उनकी पत्नी, ससुर और लगभग चार वर्ष का एक बच्चा एक स्कूटी पर सवार होकर केवाल गांव से कोटा कोन उपचार संबंधी कार्य के लिए जा रहे थे।
रजखड़ घाट पर स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना में स्कूटी चालक विजय कुमार को गंभीर चोटें आईं। घटना स्थल से गुजर रहे राहगीर ने स्थिति देख कर तत्काल एम्बुलेंस नंबर 108 को सूचित किया। एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज और चालक गौतम फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को दुद्धी सीएचसी तक पहुंचाया।जहां डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में विजय कुमार का उपचार जारी है।वहीं स्कूटी पर सवार बाकी परिवार के सदस्य सुरक्षित बताए गए है ।

आदिवासी वीरांगना महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम 24 जून को

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । आदिवासी वीरांगना महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर 24 जून को मल्देवा स्थित बड़ा देव ठाना स्मारक पर सादगीपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। महारानी दुर्गावती सेवा समिति की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे शुरू होगा।समिति के संयोजक व वरिष्ठ समाजसेवी फौजदार सिंह परस्ते ने सभी सगे संबंधियों और स्थानीय जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महारानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया है। आयोजन स्थल बड़ा देव ठाना स्मारक मल्देवा दुद्धी में मण्डल के विभिन्न समाजिक और शैक्षणिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान महारानी दुर्गावती की शौर्यगाथा का स्मरण किया जाएगा और उनकी वीरता व बलिदान पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही हाईस्कूल और इंटरमीडियेट में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान भी महारानी दुर्गावती सेवा समिति द्वारा किया जाएगा। समिति ने कहा है कि इसका उद्देश्य युवाओं में शिक्षा के प्रति प्रेरणा बढ़ाना है।आयोजकों ने बताया कि आयोजन सादगीपूर्ण रूप से संपन्न होगा और प्रतिभागियों से कोरोना प्रोटोकॉल व सामाजिक अनुशासन का पालन करने का अनुरोध किया गया है।

दुद्धी में युवक की नृशंस हत्या: परिवार ने एस सी/एसटी एक्ट जोड़कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत महुअरिया ग्राम में बीते 9 जून को हुई एक युवक की नृशंस हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई की मांग की है। मृतक समा सिंह के बड़े भाई जय सिंह गोंड ने पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्किल क्षेत्र दुद्धी को एक लिखित तहरीर सौंपकर मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और एफआईआर में अनुसूचित जाति/जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाने की गुहार लगाई है।
पीड़ित जय सिंह गोंड निवासी महुअरिया द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 9 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे की है। आरोप है कि विपक्षी राजेंद्र विश्वकर्मा और उसके साथ 2-3 अन्य अज्ञात लोगों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत मृतक समा सिंह को फोन करके लिलासी नदी पुलिया के पास बुलाया। वहां घात लगाकर बैठे आरोपियों ने धारदार चाकू और अन्य हथियारों से हमला कर समा सिंह की निर्मम हत्या कर दी।
मामले में थाना दुद्धी में धारा 103(1) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मुकदमा पंजीकृत है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने अब तक केवल एक मुख्य आरोपी राजेंद्र विश्वकर्मा को ही गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में 2 से 3 अन्य आरोपी भी शामिल थे जो अभी तक फरार हैं।
चश्मदीदों के हवाले से पेट्रोल पंप और खून से लथपथ कपड़ों का जिक्र
तहरीर में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया गया है कि घटना वाले दिन ही दो आरोपी कुप्टी रोड पर स्थित लल्ला बनिया की परचून व पेट्रोल की दुकान पर पहुंचे थे। वे दोनों खून से लथपथ थे और उन्होंने हड़बड़ी में दुकानदार से यह कहते हुए पेट्रोल मांगा था कि “जल्दी पेट्रोल दीजिए, हमें भागना है।” इसके अलावा, मृतक समा सिंह का गायब मोबाइल फोन भी मुख्य आरोपी राजेंद्र विश्वकर्मा की पत्नी के पास से बरामद हुआ है, जो इस बात का पुख्ता सबूत है कि इस जघन्य अपराध में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पीड़ित जय सिंह ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि चूंकि वे अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से आते हैं, इसलिए इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वर्तमान एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट तथा अन्य सुसंगत धाराएं बढ़ाई जाएं। साथ ही, जनहित और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फरार चल रहे बाकी अपराधियों का शीघ्र खुलासा कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।

विंढमगंज में थाना समाधान दिवस: चार आवेदन, एक का मौके पर निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं लेकर पहुंचकर पुलिस से निस्तारण की मांग की। समाधान दिवस के दौरान कुल चार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक आवेदन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष तीन प्रार्थना पत्रों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया।थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लंबित मामलों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याएं समाधान दिवस में प्रस्तुत करें ताकि समय पर समाधान मिल सके।इसी दौरान थाना परिसर में पुलिस और राजस्व विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने जनता की सुनवाई की।

डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर खाड़पाथर जंगल में पलटा, ग्रामीणों ने जुटाए बर्तन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)।तहसील क्षेत्र अंतर्गत के पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में आज शनिवार दोपहर एक डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में सैकड़ों हजारों लीटर डीजल होने की बात सामने आई है, जो पलटने के बाद जंगल के अंदर बहने लगा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और बहते हुए डीजल को इकट्ठा करने की कोशिश करने लगे, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों को घटनास्थल से हटाया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। फायर ब्रिगेड ने डीजल रिसाव और आग लगने की आशंका को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के इलाके को भी खाली कराने की कार्रवाई की और आग लगने की स्थिति से निपटने के लिये निगरानी बढ़ा दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर मुगलसराय डिपो से मध्य प्रदेश जा रहा था। चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोकने का प्रयास किया, उसी दौरान नियंत्रण खोने से टैंकर पलटा। पलटने के कारण सड़क पर खड़े टैंकर के चलते पीछे से आ रही एक कार और एक ट्रक भी टकरा गईं।
हादसे में वाराणसी निवासी सौरभ घायल हो गया, जिसे घायलावस्था में हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सौरभ की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और आवश्यक प्राथमिक उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है तथा टैंकर ड्राइवर और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।