नशे में धुत युवक की बाइक अनियंत्रित, सिर में गंभीर चोट,सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली तहरिया टोला निवासी मुन्ना (35) पुत्र कामेश्वर, शनिवार शाम करीब 4 बजे बाइक से घर लौटते समय महुअरिया रेलवे स्टेशन रोड पर रेलवे गेट के पास हादसे का शिकार हो गए। नशे की हालत में बाइक के अचानक अनियंत्रित होकर गिरने से उन्हें सिर सहित शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मार्ग से गुजर रहे परिचित ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाई, जो मौके पर पहुंचकर घायल मुन्ना को सीएचसी दुद्धी ले गई।
जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने मुन्ना का प्राथमिक परीक्षण में बताया कि युवक नशे की हालत में है, जिससे इलाज में कठिनाई हो रही है। सिर में गंभीर चोट के अलावा शरीर पर मामूली चोटें हैं। स्थिति स्थिर होने पर आगे का उपचार किया जाएगा।फिलहाल उनका इलाज जारी है।

सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की तिथियां घोषित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। आज शुक्रवार को एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने सिविल बार संघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दिया है ।इससे बार संघ चुनाव की सरगर्मी कचहरी परिसर में बढ़ गई है।स्थानीय मुंसिफ कोर्ट कचहरी परिसर में सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। एल्डर कमेटी के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन फॉर्म 7 अप्रैल 2026 से 8 अप्रैल 2026 तक शाम 4 बजे तक चुनाव अधिकारी के पास से प्राप्त एवं भरने होंगे।
चुनाव अध्यक्ष (1 पद), वरिष्ठ उपाध्यक्ष (1 पद), उपाध्यक्ष (2 पद), कनिष्ठ उपाध्यक्ष (1 पद), सचिव (1 पद), कोषाध्यक्ष (1 पद), सह सचिव पुस्तकालय (1 पद), सह सचिव प्रशासन (1 पद), सह-सचिव प्रकाशन (1 पद), सदस्य गर्वनिंग काउंसिल (6 पद) तथा सदस्यगण गर्वनिंग काउंसिल (6 पद) के लिए होंगे।
श्रीवास्तव ने कहा कि नामांकन फॉर्म के साथ निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। नामांकन वापसी के समय शुल्क वापस नहीं होगा। नामांकन फॉर्म की जांच 9 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे तक पूरी होगी, जबकि नामांकन वापस करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे तक है। आवश्यकता पड़ने पर 13 अप्रैल 2026 को पूर्वाहन 11 बजे से मतदान शाम 3 बजे तक होगा, तत्पश्चात मतगणना एवं विजेताओं की नाम की घोषणा की जाएगी।
बार सदस्यों में चुनाव को लेकर काफी उत्साह है।

भाजपा ओबरा मण्डल में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान ”  के प्रथम सत्र का शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा, सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी ओबरा मण्डल में आज भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार और भाजपा ओबरा मण्डल के मण्डल अध्यक्ष की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान २०२६ के तहत ” मण्डल प्रशिक्षण वर्ग ” के प्रथम सत्र का उद्घाटन ओबरा राम मंदिर के प्रांगण में स्थित मानस भवन में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड, विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी अनिल सिंह, चोपन ब्लॉक प्रमुख लीला देवी गौंड और जिला उपाध्यक्ष विशाल पाण्डेय द्वारा पंडित दीन दयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के आरंभ में मंडल अध्यक्ष ने प्रशिक्षण कर रहे सभी जिला कार्यसमिति के सदस्यों, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र के संयोजकों, मण्डल के पदाधिकारियों, मण्डल कार्य समिति के सदस्यों एवं प्रशिक्षण वर्ग में रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी कार्यकर्ताओं का परिचय कराते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

तत्पश्चात मण्डल अध्यक्ष ने कार्यक्रम के विशिष्ट अतथि एवं मुख्य वक्ता अनिल सिंह को प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया। मुख्य वक्ता ने प्रथम सत्र में ” भाजपा का इतिहास और विकास ” टॉपिक पर प्रशिक्षण सत्र में अपने कार्यकर्ताओं को जन संघ की स्थापना से लेकर भाजपा पार्टी अभ्युदय तक पूरी यात्रा के बारे में पूरी जानकारी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा ये प्रशिक्षण वर्ग २४ घंटे का है जिसमें अलग-अलग वक्ताओं द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस इस अवसर पर भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण मौजूद रहे।

रजिस्ट्रेशन नहीं तो पैसा बंद सोनभद्र में फार्मर रजिस्ट्री पर प्रशासन सख्त गांव-गांव चलेगा महाअभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
अब किसानों के लिए समय आ गया है सतर्क होने का। प्रदेश सरकार ने साफ संकेत दे दिया है फार्मर रजिस्ट्री कराओ, नहीं तो सरकारी योजनाओं का फायदा भूल जाओ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री अभियान युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है और सोनभद्र जिला प्रशासन ने इसे लेकर पूरी ताकत झोंक दी है।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अप्रैल 2026 तक रजिस्ट्री पूरी नहीं कराने वाले किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित सभी कृषि योजनाओं की धनराशि रोक दी जाएगी। यानी अब एक छोटी सी लापरवाही सीधे जेब पर भारी पड़ सकती है।
फार्मर रजिस्ट्री: खेती का ‘डिजिटल पासपोर्ट’
सरकार इस नई व्यवस्था को किसानों के लिए डिजिटल क्रांति के रूप में लागू कर रही है। फार्मर रजिस्ट्री के जरिए हर किसान को एक यूनिक आईडी मिलेगी, जिसमें उसकी जमीन, फसल, बैंक और योजनाओं से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज होगी।
इससे फायदा ये होगा कि:बार-बार कागजों के चक्कर खत्म
योजनाओं का लाभ सीधे और तेज मिलेगा
फर्जीवाड़ा और गड़बड़ी पर लगेगी रोक
अब किसान सिर्फ एक पहचान से पा सकेंगे:
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
फसल बीमा योजना
कृषि सब्सिडी
अन्य सरकारी योजनाएं
प्रशासन का प्लान: गांव-गांव कैंप, हर किसान तक पहुंच
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि:
हर ग्राम पंचायत में विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जाएंगे
मौके पर ही किसानों का डेटा दर्ज कर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा
कोई भी पात्र किसान छूटने न पाए, इसकी जिम्मेदारी तय की गई है
सोनभद्र प्रशासन का लक्ष्य है—“एक भी किसान छूटे नहीं”।
आधार लिंक अनिवार्य, रिकॉर्ड में गड़बड़ी भी होगी दुरुस्त
कई बार किसानों को योजनाओं का लाभ सिर्फ छोटी-छोटी गलतियों की वजह से नहीं मिल पाता। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने साफ किया है कि:
नाम, खाता या जमीन में गलती
योजना में असंगति
पुराने रिकॉर्ड की त्रुटि इन सभी को आधार से लिंक कर तुरंत सुधारा जाएगा।
साथ ही हर किसान का किसान पहचान पत्र भी तैयार किया जाएगा, जिससे भविष्य में कोई दिक्कत न हो।
डेडलाइन फिक्स: सरकार ने कसा शिकंजा
सरकार ने इस अभियान के लिए सख्त टाइमलाइन तय कर दी है: 01 मई 2026 तक कृषि विभाग का पोर्टल पूरी तरह चालू
31 मई 2026 तक उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और लघु सिंचाई विभाग जुड़ेंगे
इसके बाद सभी योजनाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर आ जाएंगी और पूरी व्यवस्था डिजिटल हो जाएगी।
सीधी चेतावनी: रजिस्ट्री नहीं तो लाभ नहीं प्रशासन ने दो टूक शब्दों में संदेश दिया है:
अप्रैल 2026 के बाद बिना फार्मर रजिस्ट्री कोई भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा”
यानी अब यह सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसानों के लिए जरूरी शर्त बन चुकी है।
जमीनी हकीकत: अब किसान को खुद आगे आना होगा
सोनभद्र जैसे जिले में जहां बड़ी संख्या में किसान सरकारी योजनाओं पर निर्भर हैं, वहां यह अभियान बेहद अहम हो गया है। प्रशासन जहां हर स्तर पर तैयारी कर रहा है, वहीं किसानों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है कि वे समय रहते रजिस्ट्री कराकर अपने हक का पैसा सुरक्षित करें। निष्कर्ष: देर की तो नुकसान तय
फार्मर रजिस्ट्री अब विकल्प नहीं, मजबूरी बन गई है।
जो किसान समय पर रजिस्ट्रेशन करा लेंगे, वही योजनाओं का पूरा लाभ उठा पाएंगे।
इसलिए अलर्ट रहें, कैंप में पहुंचें और तुरंत अपनी रजिस्ट्री कराएं—वरना बाद में पछताना पड़ सकता है।

अनपरा लूटकांड का बड़ा खुलासा: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश ढेर, घायल मास्टरमाइंड समेत 5 शातिर दबोचे

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र के अनपरा इलाके में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। तेज तर्रार कार्रवाई करते हुए अनपरा और शक्तिनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एसओजी के साथ मिलकर बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।दरअसल, यह मामला 27 मार्च 2026 का है, जब भारत फाइनेंस कंपनी के एक कलेक्शन एजेंट को निशाना बनाते हुए चार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने एजेंट से ₹63,000 की नकदी, एक टैबलेट, बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज छीन लिए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ताबड़तोड़ जांच शुरू की। सर्विलांस, मुखबिर नेटवर्क और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने बदमाशों की लोकेशन ट्रेस कर ली। इसके बाद जब पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और हालात मुठभेड़ तक पहुंच गए। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया गया है, जिसमें नकदी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य जरूरी चीजें शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात की साजिश पहले से रची गई थी और मास्टरमाइंड ने ही पूरी प्लानिंग कर टीम तैयार की थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है और अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इस सफल ऑपरेशन के बाद पुलिस टीम की जमकर सराहना हो रही है और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, मासूम बच्ची समेत तीन घायल – हालत गंभीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले के डाला क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। डाला सेक्टर बी में दया चौधरी के घर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर अचानक दोनों बाइक आमने-सामने आ गईं, जिससे जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं एक मासूम बच्ची को भी गहरी चोटें आई हैं, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही डाला पुलिस और डायल 112 की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क को सुचारु रूप से चालू कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

दुद्धी के रजखड़ घाटी मोड़ पर बोलेरो से बचाव में बाइक अनियंत्रित,बाइक सवार दो घायल ,सीएचसी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ घाट के अंतिम मोड पर विंढमगंज थाना क्षेत्र के जामपानी निवासी कमलेश कुमार 18 पुत्र जगधारी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया ।हादसे में युवक को सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उनके साथ बाइक पर सवार पड़ोसी मित्र कृष्णा कुमार 18 पुत्र रत्तू गोड़ को हल्की चोटें ही आईं।
घटना आज दोपहर करीब ढाई बजे की बताई गई। दोनों जामपानी से बाइक पर एक रिश्तेदार को हाथीनाला छोड़ने गए थे। रिश्तेदार को छोड़कर दुद्धी लौटते समय हाथीनाला साइड के रजखड़ घाट के पहले मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार बोलेरो से बचने के चक्कर में बाइक सड़क किनारे अनियंत्रित हो गई।हादसे में कमलेश को सिर और बाया पैर में गंभीर चोटें लगीं, जबकि कृष्णा को मामूली चोटें आईं।
राहगीरों की सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस के ईएमटी कुसुम यादव और चालक हीरालाल ने दोनों घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां डॉ. मनोहर की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

चांगा गांव में करम के पेड़ से महिला का शव लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र व लीलासी चौके क्षेत्र अंतर्गत के चांगा गांव में गुरुवार की सुबह एक महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार चांगा निवासी 55 शिवकुमारी 55 पत्नी उदल भारती का शव गांव से लगभग 300 मीटर दूर एक करम के पेड़ पर साड़ी के सहारे लटका हुआ पाया गया। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गांव का एक चरवाहा वहीं नदी पर अपने पशुओं को पानी पिला रहा था, तभी उसकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। उसने तत्काल ग्रामीणों और मृतका के परिजनों को सूचना दी।
परिजनों से सूचना पाकर पहुंचे प्रधान राम प्यारे ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लिलासी चौकी इंचार्ज मनोज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया ।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य संकलित कर पंचनामा की औपचारिकता पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतका के दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं, सभी विवाहित हैं।दोनों पुत्र हैदराबाद में काम के सिलसिले में रहे है ।पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

दुद्धी में 5 वर्षीय दिव्यांग बच्ची ने खेलते हुए थिनर पी लिया, परिजनों में हड़कंप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।विंढमगंज थाना क्षेत्र के बोम गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांच वर्षीय दिव्यांग बच्ची चांदनी पुत्री राजेश ने खेलते-खेलते थिनर की बोतल पी ली, जिससे उसके परिजनों में हड़कंप मच गया।
घटना बृहस्पतिवार शाम साढ़े 6 बजे हुई, जब घर में खिड़की के कलर का काम चल रहा था। चांदनी अपने तीन वर्षीय छोटे भाई अमन के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अमन ने कुर्सी पर चढ़कर ताखे से थिनर की आधा लीटर की बोतल उतार ली। एक पड़ोसी के घर आने पर चांदनी के मुंह में बोतल देख पिता राजेश को सूचना दी।
पिता राजेश ने बताया कि बोतल में मात्र 100 ग्राम थिनर बचा था और कुछ जमीन पर भी गिरा हुआ था। बच्ची के थिनर पीने के आशंका पर उसे निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर ने चांदनी को अपनी निगरानी में रख लिया है।
डॉ. मनोहर ने बताया कि यहां सुविधाओं की कमी के कारण जांच में दिक्कत हो रही है। अभी तक कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन परिजनों को सांस लेने या किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है।
राजेश ने बताया कि चांदनी उनके पांच बच्चों में चौथी संतान है और दोनों पैरों से दिव्यांग है। फिलहाल अस्पताल में माता-पिता की धड़कनें तेज हैं।

वार्ड-5 में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का चेयरमैन कमलेश मोहन ने किया भूमिपूजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।नगरपंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में डूडा द्वारा स्वीकृत इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का बुधवार को चेयरमैन कमलेश मोहन ने भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। डीआर फर्नीचर से पडडू खान के घर तक की यह कच्ची गली बरसात के दिनों में लोगों के लिए मुसीबत बन जाती थी। लंबे समय से इंटरलॉकिंग सड़क की मांग कर रहे निवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
चेयरमैन के प्रयासों से करीब साढ़े छह लाख रुपये की लागत से यह कार्य शुरू हो गया। कमलेश मोहन ने कहा कि नगर में दर्जनों विकास योजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं। नगर का पूर्ण कायाकल्प हमारा लक्ष्य है और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
इस अवसर पर सभासद शाहनवाज खान सोनू, आनंद कुमार, ठेकेदार प्रदीप कुमार त्रिपाठी, अंकित जौहरी, सुनील जायसवाल सहित क्षेत्र के संभ्रांतजन मौजूद रहे।

बीर बाबा चौहरमल जयंती सह राह पूजा समारोह का आयोजन।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार: प्रखंड क्षेत्र के शीतला धाम स्थित बीर बाबा चौहरमल मंदिर परिसर में बीर बाबा चौहरमल जयंती सह राह पूजा महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।महोत्सव के मुख्य अतिथि राजेंद्र पासवान तथा विशिष्ट अतिथि धर्मराज पासवान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बृजनाथ आर्य ने की, जबकि संचालन संदीप कुमार ने किया। आयोजन में सचिव धनंजय पासवान और कोषाध्यक्ष महेंद्र पासवान की अहम भूमिका रही।इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बाहरी तथा स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।धर्मराज पासवान,एवं अनिल पासवान ने कुछ इतिहास और महत्व को साझा किया।कहा कि
बीर बाबा चौहरमल को समाज में एक महान लोकनायक, वीर योद्धा एवं सामाजिक न्याय के प्रतीक के रूप में माना जाता है। विशेषकर पासवान (दुसाध) समाज में उनकी गहरी आस्था है। मान्यता है कि उन्होंने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर समाज को एक नई दिशा दी थी।
उनकी जयंती एवं राह पूजा का आयोजन वर्षों से परंपरागत रूप से किया जाता रहा है, जिसमें लोग श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर उनसे साहस, एकता और समृद्धि की कामना करते हैं। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।आयोजकों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मुखिया सह संरक्षक अनिल पासवान, पूर्व मुखिया गुड्डन पासवान, रामनारायण राम, निर्मल पासवान, लालन पासवान, संदीप पासवान, मुखलाल पासवान, विश्वनाथ पासवान, बिहारी पासवान समाजसेवी तथा मुखिया प्रतिनिधि खोनहर मनोरंजन प्रसाद, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मां चतुर्भुजी प्रीमियर लीग सीजन 2 नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट का विनर हुए केतार थाना की टीम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार। लोहिया समता हाई स्कूल के मैदान मे हो रहें मां चतुर्भुजी प्रीमियर लीग सीजन 2 नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबला खेला गया। केतार थाना टीम ने मोहम्मदगंज को 10 रनों से हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया। केतार थाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 14 ओवर में नव विकेट खोकर 142 रन बनाएं। राज ने 29 गेंद पर 52 रन और प्रिंस ने 16 गेंद पर 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मोहम्मदगंज के गेंदबाज गोलू ने 4 विकेट लिया। जवाबी पारी खेलने उतरी मोहम्मदगंज की टीम ने 7 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। इस तरह केतार थाना ने 10 रन से फाइनल मुकाबला जीत लिया। मोहम्मद गंज की ओर से अभिषेक ने तेज गेंदा पर 49 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार केतार थाना के गेंदबाज राबाडा को दिया गया। वीमेन ऑफ़ द सीरीज का पुरस्कार थाना टीम के बल्लेबाज राज को दिया गया। समाजसेवी पंकज सिंह ने विजेता टीम को 51 हजार रूपए व ट्राॅफी और उपविजेता टीम को 31 हजार रुपए व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान कमिटी की ओर से आयोजन कर्ता पंकज सिंह का भब्य स्वागत किया। वहीं रथ पर सवार होकर पंकज सिंह ने खेल मैदान का क्षेत्र रक्षण करते हुए दर्शकों एवं खिलाड़ियों को काफी उत्साह बढ़ाया। अंपायरिंग की भूमिका चंदन पासवान और ऐनुल परवेज ने की। मौके पर थाना प्रभारी अरूण कुमार, मुखिया प्रमोद कुमार,मुंगा साह, गौतम पाल, अध्यक्ष बिट्टू सिंह, रविन्द्र सोनी,हेमंत, रामाश्रय, श्याम बिहारी, सहित अन्य लोग मौजूद थे।

अप्रैल में बीमारियों पर बड़ा वार: 11 विभागों के साथ शुरू हुआ संचारी अभियान, हर घर तक पहुंचेगी जागरूकता की लहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले में बढ़ती गर्मी और उसके साथ फैलने वाली बीमारियों को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण जागरूकता गोष्ठी में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने संचारी रोगों के खिलाफ बड़े अभियान की शुरुआत की।
इस मौके पर अधिकारियों ने साफ किया कि यह कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे अप्रैल महीने तक चलने वाला एक व्यापक अभियान है, जिसमें 11 विभाग मिलकर मलेरिया, डेंगू, टीबी जैसी खतरनाक बीमारियों पर रोक लगाने के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे।
गोष्ठी में बताया गया कि अब जागरूकता सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी देंगी। इसका उद्देश्य है कि हर व्यक्ति समय रहते सतर्क हो सके।
विभागों को मिली जिम्मेदारियां:
पंचायत राज विभाग: गांवों में एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों व तालाबों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था
नगर विकास विभाग: शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई और स्वच्छता अभियान
शिक्षा विभाग: स्कूलों में बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, गर्मी में पानी पीने और धूप से बचाव की ट्रेनिंग
कृषि विभाग: चूहों व अन्य जीवों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूकता
पशुपालन विभाग: पशुओं से होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय और उन्हें घर से दूर बांधने की सलाह
मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि अप्रैल की तपती गर्मी और लू को देखते हुए पंचायत भवन, स्कूल, चौराहों और अस्पतालों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो।कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रेमनाथ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

आज से शराब महंगी: सरकार ने बढ़ाया टैक्स, उपभोक्ताओं की बढ़ी टेंशन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। प्रदेश में नई आबकारी नीति लागू होते ही आज से शराब की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 31 मार्च के बाद बचा हुआ स्टॉक भी अब नई दरों पर ही बेचा जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। सरकार ने इस बार लाइसेंस फीस, एक्साइज ड्यूटी के साथ-साथ आयात-निर्यात और परिवहन शुल्क में बदलाव कर राजस्व बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
नई व्यवस्था के तहत देसी और विदेशी शराब की आपूर्ति के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। इसके लिए आबकारी आयुक्त को विशेष अधिकार दिए गए हैं, जिससे समय-समय पर कीमतों और सप्लाई सिस्टम में बदलाव किया जा सके।
कितनी बढ़ीं कीमतें? जानिए नई रेट लिस्ट
नई दरों के अनुसार प्रमुख ब्रांड्स की कीमतों में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है—
ब्लेंडर प्राइड
180ml – ₹250
375ml – ₹490
750ml – ₹950
आर.एस. बैरल
180ml – ₹210
375ml – ₹410
750ml – ₹790
8 PM
180ml – ₹130
375ml – ₹250
750ml – ₹470
8 PM ब्लैक
180ml – ₹180
375ml – ₹350
आफ्टर डार्क
180ml – ₹160
375ml – ₹320
750ml – ₹620
आर.एस.
180ml – ₹190
375ml – ₹360
750ml – ₹690
VAT 69
180ml – ₹370
375ml – ₹750
750ml – ₹1470
वहीं देसी शराब (36% V/V) की नई कीमत ₹80 प्रति बोतल तय की गई है।
पैकेजिंग और सप्लाई में भी बड़ा बदलाव
नई नीति के तहत सिर्फ कीमतें ही नहीं बढ़ीं, बल्कि शराब की पैकेजिंग और सप्लाई सिस्टम में भी बदलाव किया गया है। अब रेडी-टू-ड्रिंक (RTD) पेय पदार्थ कांच की बोतलों के साथ-साथ कैन में भी उपलब्ध होंगे। इससे बाजार में विविधता बढ़ेगी और कंपनियों को भी नए विकल्प मिलेंगे।
उपभोक्ता पर बोझ, सरकार को फायदा
कीमतों में बढ़ोतरी से जहां आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, वहीं सरकार को इससे भारी राजस्व मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से राज्य की आय में वृद्धि होगी, लेकिन इसका असर उपभोक्ता खर्च पर साफ दिखाई देगा।
आगे और बदलाव संभव
आबकारी विभाग को दिए गए विशेष अधिकारों के चलते आने वाले समय में कीमतों और नियमों में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में शराब बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर, नई आबकारी नीति ने शराब के दामों में इजाफा कर दिया है, जिससे बाजार और उपभोक्ताओं दोनों पर असर पड़ना तय है। अब देखना होगा कि बढ़ी कीमतों के बीच मांग पर क्या असर पड़ता है और सरकार का राजस्व लक्ष्य कितना सफल होता है।

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच निखरी प्रतिभाएं, महुली का आदर्श इंटर कॉलेज बना उत्सव का मंच

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विकास खंड के महुली स्थित आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज का परिसर बुधवार को उस समय उल्लास, उमंग और गर्व के भाव से भर उठा, जब यहां वार्षिक उत्सव, प्रतिभा सम्मान समारोह एवं शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और सम्मान का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित हर व्यक्ति के मन को छू लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भुल्लुराम कन्नौजिया से.शिक्षक, विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार मिश्रा से. प्रधानाचार्य, राजकीय हाई स्कूल दीघुल एवं कलामुद्दीन सिद्दीकी द्वारा मां सरस्वती एवं संस्थापक स्व. डॉ. शफीक आलम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप की ज्योति के साथ ही पूरे वातावरण में ज्ञान और संस्कार की प्रकाश फैल गई।
कार्यक्रम में पारंपरिक नृत्य, गीत और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, अनुशासन, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। जब मंच पर चमकी मेहनत, खिल उठे चेहरे
प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। यूकेजी से कक्षा 11 तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जैसे ही बच्चों ने मंच पर कदम रखा, उनके चेहरे आत्मविश्वास और खुशी से चमक उठे और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
सम्मानित छात्र-छात्राओं में यूकेजी आदित्य 94.8, विराट कुमार 94.1, दिव्या 92.3%।एलकेजी आराध्य 92.8, गुंजा 91 प्रतिशत, रूहान सिद्दीकी 82 प्रतिशत । कक्षा 1 शिवाय 93 प्रतिशत , रिया 89.3, पवन कुमार 88 प्रतिशत ,वैदिक राज पुरोहित 88 प्रतिशत । कक्षा 2 गौरव रजक 94.2, कार्तिक गुप्ता 91 प्रतिशत, सूफियाना परवीन 90.5 ।कक्षा 3 अनन्या मिश्रा 97 प्रतिशत , प्रिया कुमारी 94.1, कृष राज पुरोहित 94.1, सलमा परवीन 93.3 प्रतिशत ।कक्षा 4 संकेत कुमार 95 प्रतिशत, अनुराधा 94प्रतिशत, आभास कुमार 93 प्रतिशत। कक्षा 5 सौरभ कुमार 93.3, रुद्रराज 90.8, राधा कुमारी 88.8 प्रतिष्ठा। कक्षा 6 पलक 95 प्रतिशत, स्नेहा 93 प्रतिशत, इस्तफाख 90 प्रतिशत, जोया 90 प्रतिशत। कक्षा 7 संगम 94 प्रतिशत , शिवानी 93 प्रतिशत, विक्की 91 प्रतिशत।कक्षा 8 रूबी 93.8, सोनाली 93 प्रतिशत, ज्योति 92 प्रतिशत ।
कक्षा 9 प्रिया गुप्ता 88 प्रतिशत, अनामिका 87.5, मौसम स्वराज शर्मा 87.5, सत्यम कुमार 86 प्रतिशत ।कक्षा 11 निधिमणि 91 प्रतिशत, रेशमा 88.6, शिवानी 88 शामिल रहे ।

खेल के क्षेत्र में मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 8 के छात्र देव पुरोहित को भी विशेष रूप से मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर को विद्यालय परिवार ने उत्सव में बदल दिया। पुष्पवर्षा कर छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का स्वागत किया गया। यह दृश्य भावनाओं से भरा हुआ था और सभी के लिए प्रेरणादायक बन गया।
मुख्य अतिथि भुल्लुराम कन्नौजिया ने कहा कि शिक्षा ही वह दीप है, जो जीवन के हर अंधकार को दूर कर देता है। इस विद्यालय में अनुशासन, संस्कार और गुणवत्ता का जो समन्वय है, वह इसे विशेष बनाता है।
विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि विद्यालय की प्रगति और बच्चों का आत्मविश्वास यह दर्शाता है कि यहां शिक्षा का स्तर उच्च है। शिक्षक और अभिभावक का तालमेल बच्चों की सफलता की असली कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों के बीच खुला संवाद हुआ, जिसमें बच्चों की प्रगति, उनकी क्षमताओं और सुधार के पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक महबूब आलम ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
संचालन प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया ने प्रभावशाली ढंग से किया।
इस अवसर पर कृष्ण मुरारी, जयप्रकाश शर्मा, अमित कुमार मिश्रा, शंभूनाथ गुप्ता, संतोष कुमार कन्नौजिया, कृष्णा कुमार, अवधेश कुमार, आलोक कुमार, मेराज अंसारी, विकास कुमार, अंजू कुमारी, रिंकी कुमारी, कविता कुमारी , अभिभावक दयाराम कन्नौजिया,दिलगज राम कन्नौजिया,लालमणि शर्मा,सुनील कुमार कन्नौजिया,अशोक कुमार कन्नौजिया,अखिलेश कुमार,अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र अभिभावक उपस्थित रहे।

मझौली गांव में 35 वर्षीय महिला ने लगाई फांसी, छोटे बेटे ने देखा लटकता शव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के मझौली गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने ग्रामीणों को सन्न कर दिया। लगभग 35 वर्षीय सितबिया पत्नी मुन्ना पठारी निवासी मझौली टोला मंडलीमहुआ, अपने ही कच्चे मकान के बड़ेर में साड़ी के फंदे से लटकती हुई मृत मिलीं।
घर के छोटे बेटे 13 वर्षीय रवि ने सुबह मां को बड़ेर से लटकते देख चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका के सबसे छोटे पुत्र रवि गर्मी के कारण घर के बाहर चबूतरा पर सोया हुआ था, जबकि वृद्ध सास दूसरे कमरे में थीं। बच्चों की पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली से वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतारा गया, पंचनामा भरकर पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
मृतिका के पति मुन्ना पठारी निजी अस्पताल में एम्बुलेंस चालक हैं। वे घटना के समय रघुनाथनगर, छत्तीसगढ़ गए हुए थे। फोन पर खबर मिलने पर घर लौटे। उन्होंने बताया कि हम घर पर नहीं थे ,पत्नी ने ऐसा क्यों किया यह समझ नहीं आ रहा है ।पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे जांच करेगी।
मृतिका के तीन अविवाहित पुत्र हैं। दो बड़े बेटे काम के सिलसिले में बाहर थे। पुलिस घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।

महुली हिराचक गांव में 18 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में खुद को ठहराया जिम्मेदार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली हिराचक-पोलवा गांव में मंगलवार देर रात को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। लगभग 18 वर्षीय किशोर देवानंद पांडेय का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। मरने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया।
मिली जानकारी के अनुसार देवानंद आनंद कुमार पांडेय का पुत्र था और पोलवा स्थित मॉडर्न आईटीआई में छात्र था। मंगलवार रात वह घर पर अकेला था। उसके पिता किसी काम से दूसरे गांव गए थे, मां आशा कार्यकर्ता होने के नाते बाहर थीं, जबकि बड़ा भाई पत्नी को लेकर ससुराल गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से देवानंद ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रात में जब मां घर लौटीं तो अंधेरे में लाइट जलाते ही बेटे को फंदे पर लटका देख चीख पड़ीं। शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण पहुंचे। सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव उतारा। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की गहन जांच की जाएगी।