दुद्धी में तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर जोरदार जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटा मिष्ठान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।सोमवार को कस्बे में तीन राज्यों- पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में भाजपा की शानदार जीत पर हर्षोल्लास का माहौल रहा।भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मुंह मिठा कराकर बधाइयां दीं तथा लोगों में मिठाइयों का वितरण किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का किला ढह गया। भाजपा को 197 सीटें मिलीं, जबकि टीएमसी को 90 पर सिमटना पड़ा। असम में मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा का जादू बरकरार रहा, जहां भाजपा को 100 सीटें हासिल हुईं और कांग्रेस को महज 20 सीटें मिली। पांडुचेरी में भी भाजपा गठबंधन ने 22 सीटों के साथ कमाल किया, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं।

इस जश्नपूर्ण अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला मंत्री मनोज सिंह बबलू, पूर्व जिला मंत्री दिलीप पांडे, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, मनीष जायसवाल, सुमित सोनी, अजय चंद्रवंशी, प्रेमनारायण मोनू, धीरज, अंशुमान रॉय, पीयूष कसेरा, आयुष केशरी, विकास सोनी, निरंजन गुप्ता और विकास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की सराहना की।

जपला रोड पर बाइक के टक्कर से शंखलाल गंभीर रूप से घायल, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । कोतवाली क्षेत्र के जपला रोड पर पिपराही चौराहे से लगभग 50 मीटर आगे सोमवार शाम करीब 6 बजे एक बाइक की आमने-सामने टक्कर में शंखलाल (45) पुत्र स्व. मोतीलाल निवासी बघाडू गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि पिपराही चौराहे के पास एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर दुद्धी से जपला की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक के पीछे बैठे शंखलाल सड़क पर गिर पड़े और उन्हें सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बाकी बाइक चालक समेत सवार दो लोग व दूसरा बाइक सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस की टीम में शामिल ईएमटी पंकज व चालक विजय राजभर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी दुद्धी ले गए।जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

दुद्धी में आकाशीय बिजली से किसान की मौत, तीन घंटे एंबुलेंस का इंतजार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ा गांव में सोमवार दोपहर तेज हवा, गरज-चमक और बारिश के दौरान 62 वर्षीय किसान धनधारी यादव आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। घर से करीब एक किलोमीटर दूर पशुओं को चराने गए धनधारी अचेत हो गए।
खेत में मौजूद अन्य चरवाहों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें घर लाए और एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन तीन घंटे तक न मिलने पर शाम करीब छह बजे निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले जाया गया। जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने उन्हें देखने के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे संजय कुमार ने बताया कि 13 मई को उनकी नातिन की बारात आनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने खुशियां मातम में बदल दीं। समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो शायद जान बच सकती थी।उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन घंटे तक एंबुलेंस मिलने के इंतजार ने सब कुछ छीन गया।
मृतक के दो पुत्र और पांच विवाहित पुत्रियां हैं। समाचार लिखे जाने तक शव सीएचसी दुद्धी में रखा रहा।

भाजपा की जीत पर मंत्री का अनोखा अंदाज ओबरा में निकला भव्य विजय जुलूस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा, सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी की बंगाल, असम और पांडिचेरी में प्रचंड जीत की गूंज अब ओबरा तक सुनाई दी, जहां जीत का जश्न कुछ अलग ही अंदाज में मनाया गया। ओबरा मण्डल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऐसा उत्साह दिखाया कि पूरा क्षेत्र ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूम उठा।
मण्डल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य रोड शो में समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। वीआईपी गेस्ट हाउस से सुभाष तिराहे तक निकाले गए विजय जुलूस में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में झंडे लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय श्रीराम” के नारों से माहौल को जोश से भर दिया। जुलूस का सबसे खास और चर्चित पल तब देखने को मिला, जब सुभाष तिराहे पर डीजे की धुन पर खुद मंत्री संजीव गौंड थिरक उठे। उनके ठुमकों ने कार्यकर्ताओं में दोगुना उत्साह भर दिया और पूरा माहौल जश्न में डूब गया। यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
मंत्री ने इस मौके पर कहा कि भाजपा की यह जीत देश की जनता के विश्वास का प्रतीक है और आने वाले चुनावों में भी पार्टी पूरे देश में कमल खिलाने का काम करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर एनडीए पूरे देश में विजय पताका फहराएगा।
मिठाइयां बांटकर जताई खुशी
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे रोड शो के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
शपथ ग्रहण समारोह भी बना खास
इसी अवसर पर राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासदों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। एसडीएम ने उमेश सिंह पटेल, सतीश पाण्डेय और मनोज सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्री संजीव गौंड ने सभी नव-निर्वाचित सभासदों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस आयोजन में आलोक भाटिया, विशाल गुप्ता, हेमलता, सुनीता पाण्डेय, पंकज गौतम, संदीप सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विकास सिंह, सुनील सिंह, सरिता सिंह, दशरथ शुक्ला, अमित मित्तल, उमेश शुक्ला और मीडिया प्रभारी शिशिर शर्मा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

गोवंश आश्रय से पेयजल योजना तक मैदान में उतरे मण्डलायुक्त बोले व्यवस्थाएं दुरुस्त करो लापरवाही नहीं चलेगी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश खुद मैदान में उतर गए। ग्राम पंचायत नई में स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल और पेयजल समूह योजना का उन्होंने औचक निरीक्षण कर जिम्मेदारों को साफ संदेश दे दिया कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोवंश आश्रय स्थल में व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने आश्रय स्थल में गोवंश के रख-रखाव, चारा, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति को करीब से देखा। उन्होंने पशुओं की हालत, चारे की उपलब्धता और पानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी और पोषक चारा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके।
साफ-सफाई को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि आश्रय स्थल पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे बीमारियों का खतरा न बढ़े।
पेयजल योजना पर भी कड़ी नजर
मण्डलायुक्त ने इसके बाद पेयजल समूह योजना का निरीक्षण कर जलापूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी लेते हुए कहा कि हर घर तक स्वच्छ और नियमित पेयजल पहुंचाना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जहां भी कोई तकनीकी समस्या या आपूर्ति में बाधा हो, उसे तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
“सुधार दिखना चाहिए, सिर्फ कागजों में नहीं”
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त का रुख पूरी तरह सख्त नजर आया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर नजर आना चाहिए।
साफ संदेश:
गोवंश की देखभाल में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए
पेयजल आपूर्ति हर हाल में नियमित और स्वच्छ हो लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय कुल मिलाकर, मण्डलायुक्त का यह दौरा प्रशासनिक सक्रियता का संकेत है, जिसमें साफ दिख रहा है कि अब योजनाओं की हकीकत जमीन पर परखी जा रही है और जिम्मेदारों से सीधा जवाब मांगा जा रहा है।

सोनभद्र में अफसरों की क्लास मण्डलायुक्त का अल्टीमेटम—ढिलाई हुई तो होगी कार्रवाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई हाई-लेवल समीक्षा बैठक में उस वक्त सख्ती का माहौल दिखा, जब मण्डलायुक्त विन्ध्यांचल मण्डल राजेश प्रकाश ने सीएम डैशबोर्ड के तहत चल रही योजनाओं की गहराई से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ चेतावनी दी—अब लापरवाही नहीं चलेगी!
उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समयसीमा में, वो भी गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए।
हर घर जल” पर फोकस, गड्ढों पर तुरंत मरम्मत का आदेश
मण्डलायुक्त ने हर घर नल से जल योजना की समीक्षा करते हुए खासतौर पर सड़कों पर खोदे गए गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि जहां-जहां पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई हुई है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों और अधूरे कार्यों से जनता को हो रही परेशानी को गंभीरता से लिया जाए और इसे प्राथमिकता में सुधार किया जाए।
जल जीवन मिशन पर निगरानी के लिए टीम गठित
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा हुई। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां उसकी गुणवत्ता और नियमितता की जांच के लिए जिला स्तरीय टीम बनाई जाए।
यह टीम गांव-गांव जाकर हकीकत परखेगी और रिपोर्ट सौंपेगी।
निरीक्षण से पहले जनप्रतिनिधियों को सूचना देना भी अनिवार्य किया गया है।
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी अब मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी, जिसमें अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जल निगम के अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी शामिल रहेंगे।
एक भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए”
मण्डलायुक्त ने साफ कहा कि पेयजल से जुड़ी कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। हर शिकायत का त्वरित और संतोषजनक समाधान जरूरी है।
पेंशन योजनाओं पर भी सख्ती
पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच की जाए।यदि किसी आवेदन में कमी हो तो लाभार्थी को तुरंत सूचित किया जाए, ताकि वह समय पर सुधार कर सके।
उन्होंने दोहराया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। “जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता जरूरी”
सभी विभागों को निर्देश देते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें। जन शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी का भरोसा
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मण्डलायुक्त को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएंगे और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, संयुक्त विकास आयुक्त, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।मण्डलायुक्त की सख्ती के बाद अब साफ संकेत है—सोनभद्र में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी, लापरवाह अफसरों की खैर नहीं और जनता को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

रसूखदारों के अवैध विद्यालयों पर कारवाई से बच रहा शिक्षा महकमा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र के जारहा न्याय पंचायत में संचालित रसूखदारों के अवैध विद्यालयों पर कानूनी करवाई से शिक्षा महकमा बच रहा है।दर्जन भर गाँवो में डेढ़ दर्जन से अधिक संचालित बगैर मान्यता के इण्टर कालेज हाईस्कूल जूनियर तक संचालित विद्यालयों को महज विभागीय नोटिश तामिला के बाद करवाई धीरे धीरे ठंडे बस्ते में धूल फांकने लगी है हलाकि अधिकारियों की बातों पर गौर करें तो करवाई होनी है पर थोड़ा वक्त लगेगा।बताया जाता है कि क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में गिनती के कुछ विद्यालय छोड़ कर अधिकांश विद्यालय धड़ल्ले से मान्यता बिहीन संचालित हैं।सूत्रों पर भरोसा करें तो ऐसे भी विद्यालय है जिनके पास मान्यता के नाम पर कुछ कागजात केवल कक्षा पांच और आठ तक तो कुछ के पास वह भी नही है।लेकिन शिक्षण कार्य के नाम पर बड़े बड़े प्रलोभन लिखे डिजिटल बोर्ड लगा कर इण्टर तक के विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।मजेदार बात तो यह है कि क्षेत्र के तमाम बेरोजगार अप्रशिक्षित नवयुवक युवतियों को इन बच्चों का भविष्य संवारने का जिम्मा पाँच हजार से छह हजार रुपये महीना के वेतन पर इन्ही के कंधों पर दिया गया है जो खुद जिस विषय को पढ़ाते हैं उन्हें खुद भी उसका मायने तक नही पता है।महज लूटखसोट और शोषण के नाम पर आदिवासी क्षेत्र के बच्चों अभिभावकों का शोषण कर रहे बिद्यालय प्रबन्धन को हर वर्ष नोटिश भेजने का कोरम किया जाता है लेकिन किसी कारण बस होता कुछ नही है।उसके पीछे कारण बताया जाता है कि वक्त वक्त पर शासन और सत्ता का दामन थामने वाले सफेद पोश संचालक संरक्षण देने वालों के साथ अपना पाला भी बदल देते हैं यही कारण है कि सरकार किसी की भी हो पर कारवाई की बजाय प्रत्येक वर्ष बिद्यालय का सत्र समाप्त होते ही पुरानी नोटिश बता कर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।सूत्रों पर विश्वास करें तो लम्बे वर्षो से चेतवा में संचालित एक इण्टर कालेज रजमिलान गाँव मे संचालित एक बिद्यालय के मान्यता पर संचालित है नियम विरुद्ध बनाए गए कुछ कमरे के बावजूद वहाँ पर परीक्षा सेंटर तक आयोजित होता है इससे जाहिर है कि इतने बड़े रैकेट के पीछे महकमा भी कही हमाम में नंगा हैं।

कम्बख़्त आधीरात को आती है सुबह होने से पहले चली जाती है बिजली

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)नधिरा उपकेंद्र की बिजली पिछले सप्ताह से कम्बख़्त आधीरात को ही रोज आती है और सुबह होने से पहले चली जाती है।जर्जर उपकरण के मरम्मत और रखरखाव तथा देखभाल एंव पेट्रोलिंग के अभाव में सरकार की गाइड लाइन के तहत गाँवो में 18 घण्टा बिजली आपूर्ति की बजाय महज 6 से 7 घण्टा ही बिजली मिल रही है।बिजली बितरण निगम की लापरवाही का आलम यह है कि म्योरपुर उपखण्ड के चार उपकेंद्रों से पोषित लगभग एक लाख की आबादी भीषण गर्मी और उमस में ब्याकुल है।पेयजल की किल्लत बिजली से संचालित उपकरण लोगों घरो के दैनिक कार्य बच्चों की पढ़ाई लिखाई बीमार बुजुर्ग आदि पर प्रतिकुल असर पड़ रहा है।जर्जर उपकरण के कारण आयेदिन फाल्ट तार पोल मैनपावर का अभाव विभाग के लिए मुसीबत बना हुआ है।कभी 33 केवीए में फाल्ट का रोना तो कभी 11 केवीए तार गिरना आम बात हो गयी है।जानकारी लेने पर वितरण निगम के अधिकारी नव निर्मित उपकेंद्र किरबिल को चालू होने के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठे है जब कि किरबिल को चालू होने में सम्भवतः 5 साल से अधिक लग चुके हैं और अभी इतना समय लगने की उम्मीद जताई जा रही है।ऐसे में आगामी मानसून में बिजली सप्लाई की तैयारी बितरण निगम के लिए हवाहवाई ही रहने वाला है।

देवर्षि नारद को नमन: दुद्धी में पत्रकारों का भव्य संगम दिखा सम्मान और संस्कार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

दुद्धी, सोनभद्र।
रविवार का दिन दुद्धी तहसील मुख्यालय के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में खास बन गया, जब ‘दुद्धी प्रेस क्लब’ के बैनर तले देवर्षि नारद जी की जयंती पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। सृष्टि के प्रथम पत्रकार माने जाने वाले ब्रह्मा जी के मानस पुत्र देवर्षि नारद की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, परंपरा और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दुद्धी सर्किल के सीओ राजेश कुमार राय, दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय, समाजसेवी डॉ. लवकुश प्रजापति एवं नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
आयोजन में उपस्थित पत्रकारों, अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने देवर्षि नारद के जीवन और उनके पत्रकारिता में योगदान को याद करते हुए कहा कि वे न केवल देवताओं और असुरों के बीच संवाद के सेतु थे, बल्कि सत्य और सूचना के पहले वाहक भी थे। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता को नारद जी के सिद्धांतों से सीख लेकर निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
अतिथियों का पारंपरिक अंदाज में अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई। इस मौके पर कई पत्रकारों और समाजसेवियों ने अपने विचार रखे और वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज में सकारात्मक संवाद और सच्ची पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन ने न सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश दिया, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

दुद्धी तहसील में तड़ित चालक यंत्र लगाने की उठाई मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने डीएम, एनएचआरसी और मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

• आकाशीय बिजली से हो रही मौतें सरकारी उपेक्षा का नतीजा

दुद्धी सोनभद्र।आकाशीय बिजली से हो रही है आकस्मिक मौतों पर रोक के लिए दुद्धी तहसील में तत्काल बड़े पैमाने पर तड़ित चालक यंत्र लगाने के संबंध में कार्रवाई हेतु आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री और अध्यक्ष, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को ईमेल से पत्र भेजा है।
एआईपीएफ के जिला सचिव इंद्रदेव खरवार ने भेजे पत्र में कहा है कि बभनी क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दो बच्चियों की मौत की दर्दनाक घटना बेहद दुखद है। चौना गांव की 9 वर्षीय अर्चना पुत्री विष्णु दयाल तथा 8 वर्षीय आस्था पुत्री राजेश कुमार की आकाशीय बिजली से मृत्यु हो गई। वहीं कुछ दूरी पर खड़े गांव के ही 12 वर्षीय बालक हर्ष पुत्र देवनारायण घायल हो गया। यह इस क्षेत्र की पहली और इकलौती घटना नहीं है। इस पहाड़ी- पठारी क्षेत्र में हालत इतनी बुरी है कि प्रत्येक वर्ष आकाशीय बिजली के प्रकोप के कारण निरीह ग्रामीणों की आकस्मिक मौतें होती रहती हैं और उनके परिवारजन इस त्रासदी को झेलते हैं। इस संबंध में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की तरफ से दुद्धी तहसील के पहाड़ी-पठारी अंचल में आकाशीय बिजली से बचाने के लिए तड़ित चालक यंत्र लगाने की उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से लगातार मांग की गई है। लेकिन दुखद यह है कि आज तक समुचित कार्रवाई नहीं हुई और ना ही तड़ित चालक यंत्र लगाए गए। स्पष्टत: यह नागरिकों के जीवन की रक्षा के भारतीय राज्य के दायित्वों का खुला उल्लंघन है और इस क्षेत्र के प्रति सरकार की गैर जवाबदेह व उपेक्षित रवैए को प्रदर्शित करता है।
अतः निवेदन किया गया है कि दुध्दी तहसील के पठारी-पहाड़ी अंचल में आकाशीय बिजली के प्रकोप से रक्षा के लिए तत्काल तड़ित चालक यंत्र लगाने का आदेश देने का कष्ट करें ताकि आम लोगों के जीवन की रक्षा हो सके। साथ ही चौना गांव में मृत व घायल बच्चों के परिवार जनों को समुचित मुआवजा दिलाने का निर्देश देने का भी कष्ट करें।

सिधवादामर में भाई ने कुल्हाड़ी से बहन के पति पर किया वार, गंभीर घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय थाना क्षेत्र के अमवार चौकी के सिधवादामर गांव में शनिवार रात भाई ने अपनी बहन के पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी इलाज हेतु भर्ती कराया गया है।
पीड़िता रजवंती देवी ने अपने सगे भाई राजेश पुत्र पांचू राम पर गाली-गलौज, मारपीट और कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार , 2 मई शनिवार रात करीब 11 बजे आरोपी राजेश पीड़िता के घर पहुंचा और बेवजह विवाद करने लगा। विरोध पर उसने रजवंती के साथ मारपीट की तथा उनके पति सीताराम को भी पीटा।
शोर सुनकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर आरोपी को भगा दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह कुल्हाड़ी लेकर लौटा और सीताराम की गर्दन पर वार कर दिया। घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। एम्बुलेंस से सीताराम को सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने आरोपी भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दुद्धी में ग्रामीण ने तहसील दिवस पर वाटर टैंक हटाने की मांग की, खेती प्रभावित होने का आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विकास खंड अंतर्गत के ग्राम हीराचक निवासी राकेश कुमार तिवारी ने तहसील दिवस में प्रभारी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ब्लॉक दुद्धी द्वारा लगाए गए वाटर टैंक को हटाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पिता सरन प्रकाश तिवारी के नाम दर्ज भूमि पर बिना अनुमति के यह टैंक लगाया गया, जिससे मुख्य मार्ग से पतरिहा जाने वाले रास्ते पर पानी जमा हो रहा है।
प्रार्थी के अनुसार, मूल रूप से यहां हैण्डपम्प लगा था, लेकिन अब वाटर टैंक के कारण रोड किनारे पानी भरा रहता है। इससे लिंक मार्ग खराब हो रहा है, ग्रामीण पानी का दुरुपयोग कर रहे हैं, और भूमि पर साल भर जलजमाव के कारण खेती करना असंभव हो गया है। उन्होंने बताया कि टैंक के आसपास लोग वाहन धोते हैं और पानी बहाते रहते हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है।
राकेश कुमार ने कहा कि यह विधि संगत नहीं है। वाटर टैंक हटाना जरूरी है ताकि खेती और मार्ग सुधर सके। अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया है।

घर के बाहर खेल रही 5 वर्षीय बच्ची को बाइक ने मारी टक्कर, कूल्हे की हड्डी टूटी, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुली के कोरगी में रविवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय बच्ची सपना, पुत्री ओमप्रकाश, को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के ईएमटी अभिषेक और चालक विजय राजभर ने बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया।
डॉ. निधि ने बताया कि बच्ची के बाएं पैर के कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। दाएं पैर में भी गंभीर चोटें हैं, जहां फ्रैक्चर की आशंका बनी हुई है।
बाइक सवार युवक हादसे के बाद घायल बच्ची को लेकर इलाज में जुटा रहा।वहीं घटना से परिजन सहमे हुए है ।

रोक के बावजूद यूपी में स्मार्ट मीटर का खेल जारी, UPPCL पर जबरन इंस्टॉलेशन के आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

पर प्रदेश में प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि सरकार की सख्त मनाही और जांच जारी होने के बावजूद प्रदेश भर में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, UPPCL द्वारा रोज़ाना ऑनलाइन कैंपेन के जरिए प्री-पेड स्मार्ट मीटर को प्रमोट किया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर सरकार और ऊर्जा विभाग की तरफ से इस पर रोक और जांच की बात कही जा रही है। ऐसे में विभाग के भीतर ही विरोधाभासी स्थिति सामने आ रही है।

प्रदेश के कई जिलों में स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और आंदोलन भी जारी हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बैकडोर तरीके से मीटर लगाने का “सिंडिकेट” सक्रिय है, जो UPPCL के जरिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।

वहीं, की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विभाग के शीर्ष अधिकारी इस मुद्दे पर स्पष्ट कार्रवाई करने से बच रहे हैं, जबकि ऊर्जा मंत्री लगातार बयान दे रहे हैं कि स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे।

सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच इस अंतर ने पूरे मामले को और विवादित बना दिया है। अब देखना होगा कि जारी जांच के बाद सरकार इस पर क्या ठोस कदम उठाती है।

प्रयागराज: गंगा स्नान के दौरान हादसा, शिवकुटी में डूबने से दो प्रतियोगी छात्र लापता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

प्रयागराज। संगम नगरी में गंगा की लहरें एक बार फिर काल बन गईं। शनिवार शाम शिवकुटी थाना क्षेत्र के कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास स्नान करने गए दो प्रतियोगी छात्र गहरे पानी में जाने के कारण लापता हो गए। देर रात तक पुलिस और जल पुलिस की टीमें सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं, लेकिन छात्रों का कोई सुराग नहीं लग सका।

लखीमपुर खीरी के रहने वाले अधीर रंजन सिंह (17 वर्ष) और हिमांशु पांडे प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वे अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ शिवकुटी स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे।
अचानक हुआ हादसा: स्नान के दौरान अधीर और हिमांशु पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक तेज धारा की चपेट में आ गए।
दोस्तों की कोशिश रही नाकाम: घाट पर मौजूद उनके साथियों ने उन्हें डूबता देख बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते दोनों आंखों से ओझल हो गए।

प्रयागराज में हर साल दर्जनों लोगों की मौत डूबने से होती है, लेकिन इसके बावजूद घाटों पर न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही खतरनाक पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की पुख्ता व्यवस्था है।

अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चला पुलिस का चाबुक दो गिरफ्तार 20 लीटर शराब बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कुल 20 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में स्थानीय पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है।जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ रविवार को क्षेत्र में गश्त पर थे।इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई में कोडार जंगल के आगे ग्राम नकटू सिरसोती के पास से विष्णु दयाल (30 वर्ष)निवासी ग्राम नेमना को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।वहीं दूसरी कार्रवाई में नेमना जंगल के पास से ओमप्रकाश (35 वर्ष)पुत्र रामाशंकर को भी 10 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।दोनों अभियुक्तों के खिलाफ क्रमशः मु0अ0सं0 46/2026 व 47/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।दोनों मामलों में अपराध जमानतीय होने के कारण आरोपियों को मुचलका भरवाकर रिहा कर दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह कांस्टेबल निखिल उपाध्याय शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

दुद्धी में आंधी-बारिश से एनएच-39 पर पेड़ गिरा, बिजली गुल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।शनिवार सायं करीब छह बजे दुद्धी में तेज आंधी के साथ लगभग आधा घंटे चली मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। बस स्टैंड टाउन क्लब मैदान के निकट एनएच-39 पर ब्लॉक के समीप एक बड़ा पेड़ 11 हजार वोल्टेज की तारों पर गिर पड़ा। इससे एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया और तारें टूट गईं।
तार गिरने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी मरम्मत में लगे हैं। पेड़ सड़क पर गिरने से रांची-रीवा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू किया। बिजली विभाग को शीघ्र बहाली के निर्देश दिए गए हैं।

दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं का कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। ‘दुद्धी को जिला बनाओ’ की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय अधिवक्ताओं ने शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे मुंसिफ कोर्ट के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने दुद्धी तहसील की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति पर जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र तीन प्रांतों से घिरा हुआ है और आदिवासी बाहुल्य, पिछड़ा तथा नक्सल प्रभावित इलाका है। सोनभद्र जिला मुख्यालय से दुद्धी तहसील की दूरी करीब 150 किलोमीटर है, जिससे प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचना आम लोगों के लिए बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने बताया कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानदंड पूरे कर चुका है और क्षेत्र से सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है, फिर भी इसे जिला का दर्जा नहीं दिया गया। मांग उठी कि सरकार को तत्काल इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग पिछले तीन दशकों से लगातार की जा रही है। चुनावी दौरान प्रदेश और केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने इसकी घोषणा की थी, लेकिन वादे अब तक अधर में लटके हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि चुनावी वादों को पूरा कर दुद्धी को जिला बनाया जाए, ताकि क्षेत्र में तेजी से विकास हो सके और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस प्रदर्शन में पूर्व दुद्धी बार संघ अध्यक्ष प्रेमचंद यादव,राकेश श्रीवास्तव ,पूर्व सिविल बार संघ अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, रामपाल जौहरी,सिविल बार सचिव अंजनी कुमार सिंह,शिव शंकर प्रसाद, आशीष गुप्ता,दुद्धी बार सचिव दिनेश प्रसाद,सुखसागर , अमरावती अमरावती आदर्श कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, मोर्चा के पदाधिकारी और अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

तहसील दिवस पर 53 शिकायतें, महज दो का निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय तहसील में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न मामलों से जुड़े कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें केवल दो मामलों का ही निस्तारण हो सका। एक शिकायत का समाधान मौके पर और दूसरी के लिए टीम भेजकर निपटारा किया गया।
तहसील दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बागेश शुक्ला ने की। उन्होंने शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। एसडीएम निखिल यादव ने कहा जनता की शिकायतों का त्वरित निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल ऋषभ बारवाल, सीओ दुद्धी राजेश राय, सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, बीडीओ दुद्धी विशाल चौरसिया सहित तहसील स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

पंचायत चुनाव में देरी की स्थिति में निर्वाचित प्रधानों को बनाएं प्रशासक: सीता जायसवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।आज बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत मल्देवा की प्रधान सीता जायसवाल ने ग्राम पंचायतों के कार्यकाल समाप्ति के बाद उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक रिक्तता को रोकने के लिए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन विकासखंड दुद्धी के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) आशुतोष श्रीवास्तव को दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि 26 मई 2026 को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों का निर्वाचित कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। नई पंचायतों के गठन तक अंतरिम अवधि में विकास कार्य, मजदूरी भुगतान और अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
प्रधान सीता जायसवाल ने मांग की है कि कार्यकाल समाप्ति के बाद वर्तमान निर्वाचित प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए। उन्हें सीमित वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार दिए जाएं ताकि पूर्व स्वीकृत कार्य बिना रुकावट चलते रहें। नए कार्यों के लिए सक्षम प्राधिकारी की अनुमति अनिवार्य हो।
ज्ञापन में उल्लेख है कि निर्वाचित प्रधान स्थानीय समस्याओं से परिचित होते हैं, जबकि बाहरी व्यवस्था में समन्वय की कमी हो सकती है। राज्य सरकार द्वारा प्रशिक्षित महिला प्रधानों का उपयोग अंतरिम काल में जनहित में आवश्यक है। यह कदम ग्रामीणों को प्रशासनिक असुविधा से बचाएगा।

दुद्धी में सब रजिस्ट्रार बाबू श्यामधर को बार संघ ने दी भावपूर्ण विदाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त हो रहे सब रजिस्ट्रार बाबू श्यामधर यादव को कचहरी स्थित उनके कार्यालय में भावभीनी विदाई दी।
बार संघ के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, प्रेमचंद यादव, नंदलाल गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता विजय सिंह, राहुल बाबू, शशि गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने बाबू श्यामधर को स्मृतिचिन्ह भेंट कर उनके लंबे सेवा-काल की सराहना की तथा सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ, सुखी जीवन की कामना की।
अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने कहा कि बाबू श्यामधर ने निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य कर सब रजिस्ट्रार कार्यालय को मजबूत बनाया। उनका योगदान दुद्धी की विधिक व्यवस्था के लिए अविस्मरणीय है।
सेवानिवृत्त अधिकारी ने सभी अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि बार बंधुओं का सहयोग ही उनके कार्यकाल को सफल बनाया। भविष्य में सामाजिक कार्यों से जुड़े रहेंगे।

दुद्धी कोर्ट का समय बदला, 1 मई से सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक चलेगा मॉर्निंग कोर्ट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। तेज धूप व बढ़ती गर्मी को देखते हुए दुद्धी न्यायालय के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। 1 मई से 30 जून तक दो महीने के लिए कोर्ट सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगा। यह फैसला इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर लिया गया है।
सोनभद्र की भौगोलिक स्थिति के कारण मई-जून में यहां असहनीय गर्मी पड़ती है, जो न्यायिक कार्यों को प्रभावित करती है। सोनभद्र बार एसोसिएशन और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त प्रस्ताव पर हाईकोर्ट ने मॉर्निंग कोर्ट चलाने का आदेश दिया। जनपद न्यायाधीश सोनभद्र ने इसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सिविल बार संघ के सचिव अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि यह बदलाव वकीलों , स्टॉपो और वादकारियों की सुविधा के लिए है। सभी अधिवक्ता समय से उपस्थित होकर न्याय प्रक्रिया को सुगम बनाएं। उन्होंने अपील की कि कोई ढिलाई न बरती जाए ताकि मामलों की सुनवाई निर्बाध चले।
स्थानीय वकील समुदाय ने इस निर्णय का स्वागत किया है, क्योंकि इससे गर्मी में कार्य करने की परेशानी कम होगी।

दुद्धी के आर्यन सिंह ने आईसीएसई में लहराया परचम,आईआईटी का सपना संजोया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय कस्बा रामनगर निवासी आर्यन सिंह ने आईसीएसई (ICSE)बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और इलाके का नाम रोशन किया है। दुद्धी के आर्यन सिंह सुपुत्र भोला नाथ अग्रहरि ने इस वर्ष आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में 87 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
आर्यन ने अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उनका लक्ष्य आईआईटी की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर देश की सेवा करना है। उन्होंने कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से यह मुकाम हासिल किया। पिता भोला नाथ अग्रहरि ने पुत्र की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आर्यन हमेशा से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है और भविष्य में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में देश के लिए योगदान देगा।
दुद्धी क्षेत्र के युवाओं के लिए यह उपलब्धि प्रेरणादायक है। स्थानीय शिक्षाविदों ने आर्यन को बधाई देते हुए अन्य छात्रों से मेहनत करने का आह्वान किया है।