सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की छत का बारजा रात में गिरा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रशासनिक भवन और चिकित्सा अधीक्षक के चैंबर के बाहरी बल्ड बैंक भवन के सामने छत का बारजा रात करीब साढ़े आठ बजे भरभरा कर अचानक गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। यदि यह हादसा दिन के समय होता तो बड़ी दुर्घटना घट सकती थी।
आंखों देखा हाल बताते हुए सीएचसी कर्मचारियों ने बताया कि छत का बारजा अचानक भरभरा कर गिर गया। घलीमत रही कि घटना के समय वहां कोई नहीं था। जर्जर अवस्था में पहुंच चुके भवन का यह हिस्सा धराशायी होने से हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने बताया कि प्रशासनिक भवन की छत का जर्जर बारजा अचानक गिर गया। सौभाग्य से कोई हानि नहीं हुई। यहां प्रशासनिक स्टॉफ भवन सहित कई निर्माण जर्जर हो चुके हैं। हमने सीएमओ को पत्र देकर मरम्मत की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मेरे स्तर से जो संभव होगा, वह करेंगे।
स्थानीय निवासियों ने जर्जर भवनों की शीघ्र मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

ससुराल वालों पर विवाहिता को लाठी-डंडों से पीटने और जान से मारने की धमकी का आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजपुर बाजार से घरेलू हिंसा और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है।एक विवाहिता ने अपने पति,सास,जेठ और ननद पर मारपीटगाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।जानकारी के अनुसार बीजपुर कस्बा निवासी उर्मिला गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घटना 10 मई रात करीब 8:00 बजे की है।पीड़िता के अनुसार उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने एक राय होकर उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं और लात-घूसों सहित लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सूरज गुप्ता पति,चन्दन गुप्ता जेठ,सोनी ननद,कलावती सास के विरुद्ध मामला पंजीकृत कर लिया है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि वह दोबारा कस्बे में दिखाई दी तो उसे जान से मारकर फेंक देंगे।बीजपुर पुलिस ने पीड़ित महिला के मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है जिसमे स्वेच्छा से चोट पहुँचाना,शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना,जान से मारने की धमकी जैसी गम्भीर धाराएं शामिल है ।पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और पीड़िता को न्याय का भरोसा दिलाया है।

देशी शराब की खेप के साथ युवक गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर बाजार और आसपास के इलाकों से सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।मंगलवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक युवक को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में अपराधियों और अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने एमपी के बैढ़न-सिरसोती रोड पर रमाशंकर के मकान के पास एक संदिग्ध युवक को रोका।तलाशी लेने पर अभियुक्त के पास से एक सफेद रंग की बोरी बरामद हुई।बोरी खोलने पर उसमें से 35 पैकेट उत्तर प्रदेश निर्मित वाह ऑरेंज देशी मदिरा बरामद की गई।पूछताछ में पता चला कि यह शराब अवैध रूप से तस्करी कर मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी।पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान आशीष सिंह पुत्र स्व.हरि सिंह,निवासी मुनगहवां,थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।गौरतल हो कि यूपी के बीजपुर से बिदेशी शराब की मध्यप्रदेश में तस्करी का मामला अभी थमा नही था कि अब देशी शराब की खेप बीजपुर पुलिस द्वारा पकड़ा जाना जिला आबकारी विभाग के कार्रवाई और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं यहाँ शराब बिक्री नीति पर तरह तरह की चर्चाएं और विभागीय कार्रवाई पर लोग अंगुली उठाने लगे हैं।

चाँद पर पहुंचा देश, लेकिन गांव प्यासा सोनभद्र के चांची कला खोचा बैगा बस्ती में लोग मिट्टी खोदकर पी रहे पानी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।चांची कला खोचा बैगा बस्ती में आज भी लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। देश जहां अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं इस आदिवासी बस्ती के ग्रामीण मिट्टी खोदकर निकलने वाला पानी पीने को मजबूर हैं।
गांव में पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हैंडपंप खराब पड़े हैं और पाइपलाइन योजना का लाभ अब तक बस्ती तक नहीं पहुंच पाया है। मजबूरी में महिलाएं और बच्चे मिट्टी खोदकर रिसाव से जमा होने वाला पानी भरते हैं और उसी का इस्तेमाल पीने व घरेलू कामों में करते हैं।
ग्रामीण सुखाड़ी बैगा ने बताया,
“गांव में पानी की बहुत दिक्कत है। हैंडपंप खराब है, दूर-दूर तक पानी नहीं मिलता। मजबूरी में मिट्टी खोदकर जो पानी निकलता है, वही पीना पड़ता है। कई बार शिकायत किए, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गहरा गया है। गंदा पानी पीने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार की मौत, वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था घर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।म्योरपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। किरबिल-करहिया संपर्क मार्ग पर रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान करहिया निवासी 30 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र रामलखन के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल अनिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया, जहां चिकित्सक डॉ. धर्मराज मौर्य ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, अनिल हरियाणा के पानीपत में एक कपड़ा मिल में कार्यरत था। वह 15 दिन पहले गांव में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। रविवार को बभनी थाना क्षेत्र के जोराहाई गांव में लड़की की विदाई कराने गया था। लौटते समय किरबिल गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे अनिल बाइक समेत सड़क किनारे गड्ढे में गिर पड़ा। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को धर दबोचा। पीछे से बोलेरो से आ रहे अन्य परिजनों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया।
मृतक पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद का चचेरा भाई था। तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा होने के कारण वह परिवार की आर्थिक रीढ़ था। स्वास्थ्य कर्मियों ने मेमो के जरिए म्योरपुर थाने को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फुलवार खेल मैदान अतिक्रमण मुक्त करो, ग्राम प्रधान का एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील के उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सोमवार को ग्राम फुलवार के प्रधान दिनेश यादव ने स्थानीय खेल मैदान पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की सुविधा के इस महत्वपूर्ण मैदान पर पिछले पांच वर्षों से अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे हैं, जिससे युवाओं को खेलने की जगह नहीं मिल पा रही।
प्रधान दिनेश यादव ने कहा कि हमने तहसील के सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कई ज्ञापन दिए। एसडीएम व तहसीलदार ने पैमाइश का आश्वासन दिया, लेकिन कार्रवाई शून्य रही। प्रशासन की इस लापरवाही से गांव के बच्चे-युवा प्रभावित हो रहे हैं। जब तक मैदान पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। उनके साथ अन्य ग्राम वासी एवं पूर्व बार अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव एडवोकेट व अन्य लोग भी धरने पर प्रधान के साथ बैठे रहे।
इधर, दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने कहा कि दुद्धी कस्बे से लेकर गांवों में अवैध अतिक्रमण का बोलबाला है। अगर फुलवार गांव से लेकर शहर तक अवैध कब्जे नहीं हटाए गए तो बार संघ आंदोलन में कूद सकता है, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी निखिल यादव धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जांच तेज करने का भरोसा दिलाया। श्री यादव ने कहा कि जांच पूरी होते ही उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, ग्राम प्रधान ने कहा कि कई महीने से मामला चल रहा है, केवल आश्वासन मिल रहा है। अधिकारियों के आश्वासन पर कोई भरोसा नहीं है। जब तक मामले का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा।
जिले में भूमि अतिक्रमण के बढ़ते मामलों पर प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़ा करता है।

शादी समारोह से घर लौटते व्यक्ति पर हमला, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुम्हान निवासी मनोज (45) पुत्र चमरू सिंह पर रविवार रात शादी समारोह से लौटते समय अज्ञात चार-पांच बदमाशों ने भुरसा टोला के पास लात-घूंसे से हमला कर घायल कर दिया। चेहरे पर गंभीर चोटें लगने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल की पत्नी सरिता देवी ने बताया पति गांव में शादी कार्यक्रम में हल्दी चढ़ाने गए थे। रात करीब 1 बजे घर लौटते समय घर से महज 3 किमी दूर भुरसा टोला में चार-पांच शराबी युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी। हमले का कारण स्पष्ट नहीं।
रात 2 बजे एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी ले जाया गया।जहां इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक थाने में घायल परिजनों के तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है ।

पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम का फरार वारंटी को किया गिरफ्तार भेजा जेल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय पुलिस ने सोमवार को एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में वारंटियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में की गई।थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित वारंटी अभियुक्त उदयचंद शाह पुत्र स्वर्गीय गोकुल शाह को गिरफ्तार किया।पकड़ा गया अभियुक्त पड़ोसी राज्य एमपी के सिंगरौली थाना विंध्यनगर अंतर्गत ढोटी गांव का निवासी है।पुलिस टीम ने विधिक कार्यवाही पूरी करने के उपरांत अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।

जरहा रेंज में राजों के रास्ते नेमना तक अवैध बालू खनन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

रात भर ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट से ग्रामीणों की उड़ी नींद

बीजपुर(सोनभद्र)रेणुकूट वन प्रभाग के जरहा वन रेंज में प्रतिबंधित नदी-नालों से अवैध बालू खनन और परिवहन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कथित चुप्पी के चलते खनन माफिया प्राकृतिक संपदा को जमकर नुकसान पहुँचा रहे हैं।आलम यह है कि अब यह अवैध कारोबार सिर्फ रात के अंधेरे तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि दिनदहाड़े भी ट्रैक्टर और टिपर बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।क्षेत्र की बिच्छी नदी,डीघुल,अजिर नदी,राजो,मोहारे सहित विभिन्न छोटे-बड़े नदी-नालों से रोजाना भारी मात्रा में बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।रात हो या दिन इन शांत इलाकों में ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट लगातार जारी है।

इस शोर ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि भारी वाहनों के शोर के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है जिसका सबसे बुरा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है बच्चे एकाग्रता से पढ़ नहीं पा रहे हैं।सूत्रों की मानें तो इस काले कारोबार में कुछ सफेदपोश ग्राम प्रधान सीधे तौर पर शामिल हैं।चौंकाने वाला तथ्य यह है कि अवैध रूप से निकाला गया यह बालू और बोल्डर गांवों में चल रहे सरकारी विकास कार्यों में ही धड़ल्ले से खपाया जा रहा है।ताजा मामला नेमना गांव का है जहाँ बनाई जा रही सीसी रोड में बिना किसी डर के अवैध बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी धृतराष्ट्र बने हुए हैं।

लगातार हो रहे अवैध खनन से नदियों का स्वरूप बिगड़ रहा है और क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को अपूरणीय क्षति पहुँच रही है।जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में पर्यावरण और जल स्तर पर इसके गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं।जरहा गाँव के राजो निवासी कुछ चिन्हित खनन माफियाओं पर एक वन दरोगा की सरपरस्ती और बढ़ते हौसलों और अधिकारियों की उदासीनता से त्रस्त ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर तत्काल लगाम लगाई जाए और इस सिंडिकेट में शामिल सफेदपोशों तथा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

दुद्धी के मोहम्मद इसहाक खान को दिल्ली में काव्य सभा से सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। काव्य शक्ति फाउंडेशन व जश्न-ए-आवारगी के संयुक्त तत्वाधान में दिल्ली के कबीरा स्टूडियो सभा कक्ष हरि नगर आश्रम में शनिवार को आयोजित ‘पुरुष की पीड़ा-स्त्री का मन’ काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह में दुद्धी निवासी समाजसेवी व साहित्यकार मोहम्मद इसहाक खान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्त्री-पुरुष के भावनात्मक, सामाजिक व मानसिक संघर्षों पर गहन चर्चा हुई। विभिन्न कवियों व साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से पुरुषों की मौन पीड़ा व स्त्रियों के अंतर्मन को मार्मिक ढंग से उकेरा। इसहाक खान ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उन्हें प्रदान प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि मुहम्मद इसहाक खान जी ने पधार कर मंच का सम्मान बढ़ाया। आपने अपने काव्य पाठ से सभी को मंत्रमुग्ध किया। मंच आपको सम्मानित करते हुए गौरवान्वित है। हम आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेम सिंह ने की, जबकि संस्थापिका मधुबाला सिंह भी उपस्थित रहीं।
सम्मानित इसहाक खान ने कहा कि समाज तभी संतुलित बनेगा जब स्त्री-पुरुष एक-दूसरे की भावनाओं को समझें। संवेदनशीलता व संवाद ही परिवार व समाज को मजबूत बनाते हैं। आयोजकों ने सभी का आभार जताया और ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया।

नन्हें हाथों में मां की तस्वीर, भावुक प्रस्तुतियों ने जीत लिया सबका दिल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। मां सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि बच्चों की पूरी दुनिया होती है। इसी भाव को जीवंत करते हुए रविवार को परमहंस पब्लिक स्कूल एवं पंडित विद्याधर इंटर कॉलेज कबरी में “मदर्स डे” बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की खुशियों, मुस्कुराहटों और मां के प्रति सम्मान की भावनाओं से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी-अपनी माताओं के चित्र विद्यालय में लाकर उन्हें आदरपूर्वक सम्मान दिया। नन्हें बच्चों ने रंग-बिरंगे कार्ड, संदेश और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और श्रद्धा को व्यक्त किया। कई बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बच्चों ने अभिनय, कविता, गीत और संवाद प्रस्तुति के माध्यम से मां के त्याग, ममता और संघर्ष को मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों ने दिखाया कि किस तरह मां हर परिस्थिति में अपने बच्चों के लिए ढाल बनकर खड़ी रहती है। वहीं कुछ प्रस्तुतियों में बच्चों ने मां के प्रति अपने कर्तव्यों और सम्मान की भावना को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि “मदर्स डे” केवल एक उत्सव नहीं बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में संस्कार, संवेदनशीलता और पारिवारिक मूल्यों की भावना विकसित होती है।कार्यक्रम में अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को मां के महत्व से अवगत कराया। शिक्षकों ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है और बच्चों को हमेशा उनका सम्मान करना चाहिए।
विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने मां और बच्चों के रिश्ते को और अधिक मजबूत एवं भावनात्मक बनाने का कार्य किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर संरक्षक सुरेश तिवारी, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश चतुर्वेदी, श्रवण कुमार पाण्डेय, अनुराग त्रिपाठी, कृष्ण देव पाण्डेय, संदीप चौहान, अमिताभ बच्चन, राजू प्रसाद, मनीष दूबे, पूजा सिंह, पूजा पाण्डेय, पायल सोनी, पूजा भारती, प्रीति, श्वेता सिंह, निधि सिंह, श्रेया पाण्डेय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

मंत्री बने हंसराज विश्वकर्मा, एपेक्स हॉस्पिटल चेयरमैन बोले- प्रदेश विकास को मिलेगी नई रफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र/वाराणसी। उत्तर प्रदेश की सियासत में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है। विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा को योगी सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह ने शिष्टाचार भेंट कर नव नियुक्त मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।मुलाकात के दौरान गर्मजोशी का माहौल देखने को मिला। प्रो. डॉ. एसके सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कहा कि हंसराज विश्वकर्मा का मंत्री बनना सिर्फ एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं और आम जनता की आवाज को सरकार में मजबूत प्रतिनिधित्व मिलने जैसा है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज समेत पूर्वांचल के लाखों लोगों में इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर दौड़ गई है।प्रो. डॉ. एसके सिंह ने कहा कि हंसराज विश्वकर्मा वर्षों से सामाजिक सरोकार, संगठनात्मक मजबूती और जनसमस्याओं को उठाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी सादगी, व्यवहार कुशलता और जनता के बीच मजबूत पकड़ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री बनने के बाद हंसराज विश्वकर्मा प्रदेश सरकार की योजनाओं को गांव-गरीब, किसान, नौजवान और जरूरतमंदों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में अनुभवी और मेहनती नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से सरकार की कार्यक्षमता और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि हंसराज विश्वकर्मा के मंत्री बनने से पूर्वांचल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
राजनीतिक गलियारों में भी इस नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार ने संगठन और समाज के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं को आगे कर बड़ा संदेश देने का काम किया है। हंसराज विश्वकर्मा की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में रही है जो लगातार जनता के बीच सक्रिय रहते हैं और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
इस मौके पर एपेक्स ग्रुप के पदाधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह देखने को मिला। सभी ने नव नियुक्त मंत्री को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
संजीव शर्मा
हेड पीआर, एपेक्स ग्रुप
मो.- 9628614614

अधिक से अधिक शराब पीओ पिलाओ सरकार के राजस्व में बृद्धि बढ़ाओ–आबकारी निरीक्षक रबिनन्दन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)जनपद सोनभद्र के आदिवासी इलाके सहित चट्टी चौराहा गाँव गाँव में अधिक से अधिक देशी विदेशी शराब का सेवन लोग करें यही आबकारी विभाग की डियूटी है।हर हाल में अधिक शराब बिके एमपी हो या छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य तक यहाँ से अबैध शराब पहुचाई जाय इससे मेरा मतलब नही है बस एक बात है यूपी सरकार के राजस्व में बृद्धि होनी चाहिए।उक्त बातें जिला आबकारी निरीक्षक रबिनन्दन प्रसाद ने फोन पर बात करते हुए पत्रकार को नियम और कानून के पाठ पढ़ाए।कहा कि शराब का लाइसेंस सोनभद्र में कहीं का हो बिके कहीं इससे मेरा कोई मतलब नही है।सरकार के पास राजस्व जाएगा तो देश का विकास होगा और उस विकास के हिस्सेदार हम सब लोग होंगे।उन्हों ने बताया कि शराब पीना ठीक है इसी लिए सरकार बनाती है कि लोग अधिक से अधिक सेवन करें।मामला था बीजपुर बाजार में एक शराब दुकान से मध्य प्रदेश के बैढन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोभा तक अबैध अंग्रेजी शराब कि पेटी पहुँचाने पर सवाल दूसरा था सुबह 10 बजे से रात 10 बजे के बाद रात 12 बजे तक नियम विरुद्ध शराब बिक्री करने पर सवाल का लेकिन आबकारी निरीक्षक साहब तो खुद यह भूल बैठे की शराब बिक्री के लिए लाइसेंस के कुछ नियम और शर्ते भी हैं अगर ऐसा नही है तो विभाग को शराब से लाइसेंस शब्द हटा कर फ्री सेल कर देना चाहिए।

प्रयागराज में शनिवार कल्याणी देवी मोहल्ले में ब्यूटी पार्लर की आड़ में हो रहा अनैतिक देह व्यापार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

प्रयागराज। शहर में शनिवार रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। कल्याणी देवी मोहल्ले में ब्यूटी पार्लर की आड़ में अनैतिक देह व्यापार हो रहा था। अतरसुइया पुलिस ने वहां छापेमारी की तो महिलाएं और पुरुष आपत्तिजनक हालत में मिले।
कमरे की जांच में आपत्तिजनक वस्तु, शक्तिवर्धक दवाएं, मोबाइल और स्कूटी बरामद की गई। तक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार महिलाएं, एक ग्राहक और मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। तीन महिलाएं शहर की और एक प्रतापगढ़ की रहने वाली है। सभी के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है।

बताया गया है कि अतरसुइया थाना क्षेत्र के कल्याणी देवी मोहल्ला निवासी सुशील केसरवानी साड़ी की दुकान चलाता है। करीब तीन माह पहले उसी मोहल्ले में रहने वाली एक महिला ने 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर सुशील से मकान लिया था। इसके बाद वहां आंचल ब्यूटी पार्लर का बोर्ड लगाया गया।

स्थानीय लोग वहां अक्सर बाहरी युवकों को आते-जाते देखते थे, जिनकी गतिविधि संदिग्ध लगती थी। कुछ लोगों ने इसकी जानकारी अतरसुइया थाने के नवागत थानाध्यक्ष विवेक कुमार राय को दी तो उन्होंने गोपनीय टीम लगा दी। शनिवार शाम सटीक खबर मिलते ही अतरसुइया एसीपी निकिता श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष ने टीम के साथ पहुंचकर छापेमारी की। इससे खलबली मच गई।

पुलिस भीतर पहुंची तो वहां की हालत देख दंग रह गई। एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक हालत में थे। तब पुलिस ने वहां मौजूद चार महिलाओं और धूमनगंज के आशुतोष यादव को पकड़ लिया। ब्यूटी पार्लर की जांच में कंडोम, शक्तिवर्धक दवा समेत कई आपत्तिजनक वस्तु बरामद की गई।

सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि सेक्स रैकेट के संचालन में मकान मालिक भी शामिल है। वह ग्राहक को भेजता था। थानाध्यक्ष विवेक राय ने बताया कि पकड़ी गई तीन महिलाएं करेली, मुट्ठीगंज और प्रतापगढ़ की है। संचालिका अतरसुइया के कल्याणी देवी मोहल्ले की है। मामले में थानेदार की तहरीर पर अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत केस लिखा गया है।

सभी महिलाएं शादीशुदा, दो हजार था रेट

सेक्स रैकेट के मामले में पकड़ी गई चारों महिलाएं शादीशुदा हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला है कि करीब तीन महीने से अनैतिक देह व्यापार हो रहा था। डेढ़ से दो हजार रुपये का रेट था।

संचालिका अलग-अलग महिलाओं से ब्यूटी पार्लर की बात कहते हुए उनसे संपर्क करती थी। इसके बाद उन्हें पैसे का लालच देकर देह व्यापार कराती थी। एसीपी का कहना है कि विस्तृत पूछताछ और मोबाइल की जांच से नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता चल सकेगा।

कीडगंज में भी हुआ था भंडाफोड़

बीते साल कीडगंज थाना क्षेत्र में भी सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था। वहां के नई बस्ती मोहल्ले में एक आईएएस के मकान को किराए पर लेकर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। वहां से पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बैरहना से भी पांच लोगों को देह व्यापार के मामले में पकड़कर कार्रवाई की गई थी। सिविल लाइंस में स्पा सेंटर की आड़ में भी सेक्स रैकेट पकड़ा जा चुका है।

सोनभद्र में राष्ट्रीय लोक अदालत का बड़ा रिकॉर्ड, एक ही दिन में 88 हजार से ज्यादा मामलों का निस्तारण करोड़ों की समाधान राशि

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। न्याय व्यवस्था को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में शनिवार को सोनभद्र जनपद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ऐतिहासिक साबित हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के तत्वावधान में आयोजित इस महाअभियान में एक ही दिन में 88 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण कर नया रिकॉर्ड कायम किया गया। अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर करोड़ों रुपये की समाधान राशि तय हुई, जिससे हजारों लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायालय परिसर में विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रामसुलीन सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों तथा स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न बैंकों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण करने पर जोर दिया। लोक अदालत में पहुंचे लोगों को सरल न्याय प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा-138 एनआई एक्ट, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक विवाद, श्रम वाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी बिल, राजस्व विवाद तथा अन्य सिविल मामलों सहित प्री-लिटिगेशन मामलों का भी निस्तारण किया गया। अदालत में कई ऐसे मामले भी सुलझे जो वर्षों से लंबित थे।लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों द्वारा हजारों मामलों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण में लाखों रुपये की समाधान राशि तय हुई, जबकि बैंक मामलों में भी बड़ी संख्या में समझौते हुए। पारिवारिक विवादों के समाधान से कई परिवारों में फिर से आपसी सहमति और सौहार्द का माहौल बना।
आंकड़ों के अनुसार न्यायालयों में कुल 3,772 मामलों का निस्तारण किया गया, जिसमें लगभग 4 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक की समाधान एवं जुर्माना राशि तय हुई। वहीं राजस्व न्यायालयों, अन्य विभागों और प्री-लिटिगेशन मामलों में 83,780 मामलों का निस्तारण किया गया, जिसकी समाधान राशि 19 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक रही। इसके अलावा निजी एवं सार्वजनिक बैंकों के 474 मामलों का भी निपटारा हुआ, जिनमें करीब 2 करोड़ 54 लाख रुपये की समाधान राशि तय की गई।
इस प्रकार पूरे जनपद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 88,026 मामलों का अंतिम रूप से निस्तारण किया गया और कुल 26 करोड़ 44 लाख 64 हजार 438 रुपये की समाधान राशि तय हुई। यह उपलब्धि जनपद की न्यायिक व्यवस्था के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
इसके साथ ही 7 मई से 9 मई तक आयोजित विशेष लोक अदालत लघु अपराध (पेटी ऑफेन्सेज) में भी 26 मामलों का निस्तारण किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती रचना अरोड़ा, एमएसीटी कोर्ट के पीठासीन अधिकारी अशोक कुमार, प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश संदीप गुप्ता, विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी गोविंद मोहन, अपर जनपद न्यायाधीश विपिन कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायधीश पंकज सहित जनपद के तमाम न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी मौजूद रहे।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है, ताकि लोग लंबी कानूनी प्रक्रिया और अनावश्यक खर्च से बच सकें।

अनपरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का सामान और नगदी बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अनपरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, पूजा सामग्री और नगदी बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व थाना क्षेत्र के एक मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अनपरा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने मंदिर में चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी किए गए कीमती सामान, पूजा सामग्री और नगदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े चोरी गिरोह से जुड़े हैं या फिर पूर्व में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
थाना अनपरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहेगी।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

जमीन विवादों पर गरजा प्रशासन, थाना समाधान दिवस में पुलिस-राजस्व टीमों का ताबड़तोड़ एक्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के सभी थानों में शनिवार को आयोजित “थाना समाधान दिवस” जनता की भीड़ और अफसरों की सख्ती के बीच पूरी तरह हाई-वोल्टेज मोड में नजर आया। सुबह से ही थानों पर फरियादियों की लंबी कतारें लग गईं, जहां लोग जमीन कब्जा, मारपीट, पारिवारिक विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। प्रशासनिक अमले ने भी इस बार ढीला रवैया छोड़कर ताबड़तोड़ कार्रवाई का संकेत दिया।
थाना रॉबर्ट्सगंज में पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने खुद फरियादियों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में डटे रहे और एक-एक मामले की गंभीरता से सुनवाई करते नजर आए।
समाधान दिवस के दौरान सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन और सीमांकन विवादों से जुड़ी रहीं। कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि राजस्व और पुलिस विभाग के चक्कर काटते-काटते महीनों बीत गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। इस पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर विवाद निपटाने के निर्देश दिए। साफ कहा गया कि अब शिकायतकर्ता को दफ्तर-दफ्तर भटकना नहीं पड़ेगा और मामलों का समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।
थानों में चल रही सुनवाई के दौरान कई मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझौता कराया गया, जबकि कुछ मामलों में मौके पर ही कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर कब्जा, जबरन निर्माण और दबंगई की शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
आंकड़ों पर नजर डालें तो समाधान दिवस से पहले पुलिस विभाग से जुड़े 3 और राजस्व विभाग से संबंधित 84 मामले लंबित थे। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग से जुड़े 9 नए प्रार्थना पत्र सामने आए, जिनमें से 2 मामलों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। वहीं राजस्व विभाग से जुड़े 157 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 79 मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को बड़ी राहत दी गई।
बाकी लंबित मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जनता की शिकायतों को अब हल्के में लेने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में आयोजित यह थाना समाधान दिवस आम जनता के लिए राहत भरा साबित हुआ, वहीं अफसरों के तेवर देखकर साफ संकेत मिल गया कि अब शिकायतों को दबाने या टालने वालों की खैर नहीं

मोबाइल विवाद के बाद महिला ने कुएं में कूदकर दी जान, 3 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा ग्राम पंचायत स्थित देवी धाम के समीप शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यहां एक विवाहिता ने कथित रूप से कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पूजा देवी (25)पत्नी अर्जुन गोंड निवासी धूमा ग्राम पंचायत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 4 बजे पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन को लेकर आपसी विवाद हुआ था। विवाद के बाद पूजा देवी घर से निकलकर देवी धाम के बगल स्थित सरकारी कुएं के पास पहुंचीं और कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, हेड कांस्टेबल महफूज अली एवं हेड कांस्टेबल सियाराम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। कुएं में लगभग 25 फीट गहरा पानी होने के कारण शव को बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका।
बताया गया कि मृतका का मायका केवाल, थाना विंढमगंज क्षेत्र में है। मृतका के पिता भीम सिंह तथा भाई रामलाल भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मोर्चरी हाउस भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी स्कूटी को टक्कर, वार्ड-2 में 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा वार्ड संख्या 2 में शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक स्कूटी को जोरदार धक्का मार दिया, जिससे स्कूटी सवार 40 वर्षीय अनिल कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अनिल कुशवाहा पुत्र सुखलाल कुशवाहा निवासी बीडर अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी वार्ड संख्या 2 में पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कॉर्पियो को हल्का नुकसान हुआ। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है ।
स्थानीय लोगों ने ऐसी लापरवाह ड्राइविंग पर चिंता जताई है और प्रशासन से लापरवाह चालक पर सख्ती की मांग की है।

कचहरी गेट पर दुद्धी जिला बनाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।”दुद्धी को जिला बनाओ विकास कराओ चुनावी वादा पूरा करो ” के बैनर तले दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर करीब एक बजे कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर चुनावी वादे न निभाने का आरोप लगाया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वचन दिया था। उन्होंने मांग की कि इस वादे को पूरा कर दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित किया जाए ताकि क्षेत्र का विकास हो सके।
पदाधिकारियों का कहना था कि दुद्धी पिछले कई दशकों से जिला बनाने की मांग कर रहा है और सभी मानदंड पूरे करता है। इसके बावजूद भारी राजस्व देने वाले इस क्षेत्र को जिला का दर्जा नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर अरुणोदय जौहरी,सत्यनारायण गुप्ता ,राकेश अग्रहरि अभिनव जायसवाल अमरावती देवी श्रीचन्द कुमार आदर्श कुमार पीयूष अग्रहरि बड़ी संख्या में अधिवक्ता और मोर्चा के समर्थक मौजूद रहे।

बिच्छी नदी के सीने को चीर रहे अवैध बालू माफिया दिन-रात खनन परिवहन जारी खनन विभाग चुप्पी समझ से परे

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

सोनभद्र(बीजपुर)क्षेत्र में बहने वाली बिच्छी नदी इन दिनों अवैध बालू खनन का मुख्य केंद्र बन गई है। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब रात के अंधेरे के साथ दिनदहाड़े भी नदी का सीना चीरकर बालू निकाला जा रहा है।

आश्चर्यजनक बात यह है कि इस अवैध कारोबार में कथित तौर पर कई ग्राम प्रधानों और सत्ता पक्ष से जुड़े नेताओं की संलिप्तता सामने आ रही है।अवैध बालू की ढुलाई के लिए बिच्छी नदी से सेवकाडाँड,पिपरहर और जरहा जैसे क्षेत्रों के लिए ट्रैक्टरों का अवैध रास्ता भी बना दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार नदी से जोड़ने वाले इन रास्तों को इस तरह तैयार किया गया है कि ट्रैक्टर आसानी से मुख्य मार्ग तक पहुँच सकें पिंडारी-ठेकुआ रोड और सेवका मोड़ से बूढ़ा होते हुए बिच्छी नदी तक का पूरा मार्ग अवैध खनन परिवहन की गवाही दे रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे खेल में चार स्थानीय ग्राम प्रधानों के ट्रैक्टर सीधे तौर पर शामिल हैं।कुछ ट्रैक्टर जहाँ दिन में सक्रिय रहते हैं वहीं कुछ पूरी-पूरी रात नदी से बालू ढो रहे हैं।ठेकुआ रोड पर खुलेआम दौड़ते बालू लदे ट्रैक्टर स्थानीय पुलिस और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।

क्या शासन स्तर इन सफेदपोश खनन माफियाओं पर लगाम लगाएगा या बिच्छी नदी का अस्तित्व इसी तरह मिटाया जाता रहेगा यह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।जानकारी लेने पर बताया गया कि रेंजर सुधीर सिंह ने टीम भेज कर मौका मुआयना कराया लेकिन तब तक क्षेत्रीय वन दरोगा की कृपा पर नदी से ट्रैक्टर निकल कर भाग चुके थे।

कटौली में मोबाइल विवाद से भिड़े युवक, गोलू बैगा पर चाकू से हमला,पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव में बृहस्पतिवार देर शाम मोबाइल को लेकर दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना भड़का कि एक युवक ने गोलू बैगा (20) पुत्र देवमूरत निवासी कटौली पर चाकू से हमला कर दिया। गोलू को सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि हमलावर को हल्की चोटें लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही कटौली पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया। सीएचसी में उपनिरीक्षक ने दोनों से घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विभिन्न ट्रेनों के ठहराव को लेकर पलामू झारखण्ड सांसद बी डी राम से दुद्धी का प्रतिनिधि मण्डल मिला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। आदिवासी व औद्योगिक बाहुल्य क्षेत्र तथा सर्वाधिक राजस्व देने वाला दुद्धीनगर रेलवे स्टेशन, जो चार प्रांतों से घिरा है, से हजारों यात्री दिल्ली, लखनऊ, भोपाल, मुंबई व अहमदाबाद जाते हैं। सरकारी-अर्द्धसरकारी संस्थाओं के कर्मचारियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए दुद्धी नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन के नेतृत्व में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पलामू (झारखंड) सांसद विष्णु दयाल राम उर्फ बी.डी. राम से विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, दिनेश कुमार गुप्ता (सचिव), भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ मंडल दुद्धी संयोजक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी, अधिवक्ता प्रदीप सिंह व राजीव रंजन आदि शामिल थे। उन्होंने सांसद के निज निवास डालटनगंज (झारखंड) में शिष्टाचार भेंट कर रांची-दिल्ली राजधानी (12453/12454), स्वर्ण जयंती (12873/12874), हावड़ा-भोपाल (13025/13026), त्रिवेणी (14369/14370), धनबाद-मुंबई LTT (13379/13380), कोलकाता-मदार वाया अजमेर (19607/19608), कोलकाता-अहमदाबाद (19413/19414) सहित अन्य प्रस्तावित ट्रेनों के दुद्धी स्टेशन पर ठहराव की मांग रखी।
सांसद बी.डी. राम ने प्रतिनिधिमंडल की जनहित मांग पर तत्काल रेल मंत्रालय से दूरभाष पर बात की और इसे पटल पर रखने का आश्वासन दिया।

एनटीपीसी रिहंद में पर्यावरण की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियाँ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

पेड़ कटिंग,पहाड़ कटिंग,राख फिलिंग से प्रदूषण मय महुआबारी,शांतिनगर बस्ती ग्रामीणों में गुस्सा

बीजपुर(सोनभद्र)एनटीपीसी रिहंद के राख बांध से राख निस्तारण के नाम पर क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप के साथ बड़ा खिलवाड़ शुरू हो गया है।बीजपुर पुनर्वास के समीप सिरसोती गाँव के महुआबारी में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा न केवल नियमों को ताक पर रखा जा रहा है बल्कि पहाड़ों को छलनी कर पर्यावरण को अपूरणीय क्षति पहुंचाई जा रही है।ताजा मामले में महुआबारी इलाके के बड़े-बड़े पहाड़ों को काटकर पहले वहां से मिट्टी निकाली जा रही है जिससे गहरे गड्ढे और खाइयां बन गई हैं।अब इन्हीं कृत्रिम गड्ढों को एनटीपीसी की राख से भरा जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि राख निस्तारण की आड़ में पहाड़ों का अस्तित्व ही मिटाया जा रहा है।

पहाड़ों की कटिंग के दौरान वहां स्थित दर्जनों पुराने और हरे-भरे पेड़ों को जेसीबी मशीनों से जमींदोज किया जा रहा है।हैरत की बात यह है कि इस विनाश पर वन विभाग पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है।इस संबंध में जब वन विभाग के अधिकारियों से बात की जाती है तो एनटीपीसी की निजी जमीन बताकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।अब सवाल उठता है कि जमीन किसी की भी हो क्या उस पर लगे हरे पेड़ों की बलि देने और प्राकृतिक पहाड़ों को काटने की अनुमति दी जा सकती है क्या?राख के इस अंधाधुंध भराव और पहाड़ों के कटान से क्षेत्र में धूल और राख के कण हवा में घुल रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि राख उड़ने से सांस की बीमारियां बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।बिना मानक के राख भरने से भूगर्भ जल प्रदूषित हो सकता है।

स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्राकृतिक पहाड़ों और पेड़ों को नष्ट करना बंद नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।विकास के नाम पर प्रकृति का विनाश स्वीकार्य नहीं है।राख निस्तारण के लिए पहाड़ों को काटना और पेड़ों को गिराना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की इस मामले में चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े करती है।

नोएडा में जनगणना की हुई शुरुआत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

स्व गणना की शुरुआत नोएडा के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा से हुई,*

इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण के सीईओ करुणेश कुमार ने भी की स्व गणना।

इस दौरान नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश , सांसद प्रतिनिधि संजय बाली और सिटी मजिस्ट्रेट रहे मौजूद

सांसद डॉक्टर महेश शर्मा के द्वारा डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरा गया और जनगणना का एक रेफरेंस नंबर लिया गया।

शिक्षा विभाग की आँखों पर पट्टी अवैध विद्यालयों का फैला माया जाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

जनपद में महज 45 विद्यालय चिन्हित होने पर उठे सवाल

बीजपुर(सोनभद्र)जनपद में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है।विभाग ने समूचे जिले भर के महज 45 अवैध विद्यालयों को नोटिस जारी कर अपनी कागजी खानापूर्ति तो कर ली लेकिन जमीनी हकीकत इससे कहीं ज्यादा भयावह है।अकेले म्योरपुर ब्लॉक की बात करें तो यहाँ 70 से अधिक अवैध विद्यालय और कोचिंग सेंटर धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं जो नौनिहालों के भविष्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ कर रहे हैं।जिले में शिक्षा के नाम पर चल रहे इस गोरखधंधे का आलम यह है कि कई विद्यालयों के पास केवल प्राइमरी कक्षा तक की मान्यता है लेकिन वहाँ कक्षा 12 वीं तक का संचालन किया जा रहा है।जरहा न्याय पंचायत में कई विद्यालय बिना किसी वैध मान्यता के ही मानक के विपरीत बनाए कमरों में चल रहे हैं।कुछ स्थानों पर तो कोचिंग सेंटरों की आड़ में बाकायदा स्कूल चलाए जा रहे हैं।चेतवा और पिंडारी जैसे क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है।यहाँ टीन शेड की छतों के नीचे बिना किसी बुनियादी सुविधा के इंटर कालेज तक की कक्षाएं चलाई जा रही हैं।इन छोटे अवैध स्कूलों को कुछ रसूखदार मान्यता प्राप्त इंटर कॉलेजों से अटैच कर दिया गया है।कागजों पर बच्चे बड़े कॉलेजों में नामांकित दिखाए जाते हैं जबकि वास्तविकता में इन्हीं अवैध संस्थानों में घटिया स्तर की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।इस पूरी प्रक्रिया में अभिभावकों और छात्रों का आर्थिक व मानसिक शोषण चरम पर है।जिले के सभ्रांत नागरिकों ने शिक्षा विभाग की कड़ी आलोचना करते हुए इसे विभाग की मिलीभगत करार दिया है।लोगों का कहना है कि विभाग को पूरे जिले में केवल 45 स्कूल ही अवैध दिख रहे हैं जबकि हकीकत में इनकी संख्या 500 के पार है।यह महज कोरम पूरा करने जैसी कार्रवाई है ताकि ऊपर के अधिकारियों को गुमराह किया जा सके और नीचे से पूर्व की भाँति संरक्षण और सेटिंग मिलता रहे।अकेले म्योरपुर ब्लॉक में 70 से अधिक अवैध विद्यालयों का संचालन हो रहा है जहाँ टीन शेड के नीचे बच्चों की जान जोखिम में डालकर कक्षाएं चल रही है।नोटिस की प्रक्रिया को लोगो ने बताया गया महज दिखावा है।अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इन आंकड़ों की बाजीगरी से बाहर निकलकर क्या वास्तव में इन शिक्षा माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई करता है या मासूमों का भविष्य इसी तरह दांव पर लगा रहेगा।

चोपन पुलिस का बड़ा एक्शन चोरी की बाइक संग शातिर चोर गिरफ्तार, डाला-ओबरा रोड पर दबोचा गया आरोपी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी के मामले में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोपन थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ एक संदिग्ध युवक डाला-ओबरा रोड की ओर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और विकासनगर कोठा टोला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोक लिया।पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम प्रिंस कुमार निवासी जनपद बलिया बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से होंडा HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसका नंबर JH03L 8729 बताया गया। कागजात मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस द्वारा वाहन की जांच की गई तो पता चला कि बाइक चोरी की है और संबंधित मामले में आरोपी पहले से वांछित चल रहा था।
पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। सूत्रों की मानें तो पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। साथ ही अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल बना है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि चोरी, लूट और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

ओबरा में रहस्यमयी मौत से हड़कंप, झाड़ियों में कई दिन पुरानी लाश बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा, सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के बघबनवा स्थित वैष्णो मंदिर के सामने झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली हालत में शव मिलने से गुरुवार को पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर आग की तरह फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, वहीं लोगों में दहशत और भय का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए।जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बघबनवा क्षेत्र में वैष्णो मंदिर के सामने रेलवे क्रॉसिंग के पार अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी। पहले लोगों ने इसे सामान्य बात समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन बदबू लगातार बढ़ने लगी तो स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुछ ग्रामीण और राहगीर आसपास के इलाके में तलाश करने पहुंचे। रेलवे लाइन पार झाड़ियों के बीच जब लोगों की नजर एक शव पर पड़ी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव बुरी तरह सड़ चुका था और हालत इतनी खराब थी कि मृतक की पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका। घटना की सूचना तुरंत ओबरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को खाली कराते हुए जांच शुरू कर दी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आसपास की झाड़ियों, जमीन और अन्य स्थानों से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी एकत्र की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस शव को करीब चार से पांच दिन पुराना मान रही है। लंबे समय तक खुले स्थान पर पड़े रहने और गर्मी के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।ओबरा पुलिस आसपास के थानों और गांवों से गुमशुदा लोगों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। शव मिलने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

सोनभद्र में बिछेगा गैस पाइपलाइन का जाल: हर घर तक पहुंचेगी PNG, विकास की नई रफ्तार पर प्रशासन का फोकस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।जनपद में आधुनिक ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम बढ़ाया है। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क की स्थापना को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में गैस पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार, घरेलू गैस कनेक्शन, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में गैस आपूर्ति तथा परियोजना के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और गेल कंपनी के प्रतिनिधियों से जनपद में चल रही सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने गैस पाइपलाइन बिछाने, उपभोक्ताओं तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पहुंचाने, औद्योगिक इकाइयों को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह योजना केवल गैस आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनपद के विकास, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के जीवन स्तर में सुधार से भी सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराएं।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क, जलनिकासी, विद्युत और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान न पहुंचे। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने तथा आवश्यक अनुमति प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना लागू होने के बाद लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन उपलब्ध होगा। इससे पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम होगी, पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी और आमजन को रसोई गैस सिलेंडर की परेशानियों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचने से उपभोक्ताओं को निरंतर आपूर्ति मिलेगी और सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह योजना औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। गैस आधारित ऊर्जा उपलब्ध होने से उद्योगों को बेहतर विकल्प मिलेगा, जिससे उत्पादन लागत कम होने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। माना जा रहा है कि इससे निवेश और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
बैठक के दौरान परियोजना से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जहां कहीं भी भूमि, अनुमति या समन्वय से जुड़ी समस्याएं सामने आएं, उनका तत्काल समाधान कराया जाए ताकि परियोजना की गति प्रभावित न हो।
जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की स्थापना को लेकर लोगों में भी उत्सुकता बढ़ रही है। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी पाइप्ड गैस सुविधा मिलने की उम्मीद से लोग इसे बड़ी राहत के रूप में देख रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में यह योजना सोनभद्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा गेल कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

11 वर्षीय बालिका से छेड़खानी , पीड़िता के पिता ने थाने में दी तहरीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में एक 11 वर्षीय नाबालिक बालिका के साथ छेड़खानी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर गांव के एक युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 6 मई 2026 को रात करीब 9 बजे की है। पीड़िता बारात देखकर घर लौट रही थी, तभी आरोपी युवक ने सुनसान जगह पर उसे छेड़ना शुरू कर दिया। गलत नियत से उसने बालिका के कपड़े फाड़ दिए और रास्ते से अलग ले जाने के लिए खींचने लगा। बालिका के चिल्लाने पर आरोपी भाग गया और धमकी देते हुए बोला कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देंगे।
पीड़िता घर पहुंचकर परिजनों को घटना की पूरी जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने बताया कि वह शांतिप्रिय और सम्मानित परिवार से हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

विंढमगंज पुलिस की सतर्कता ,गोवंश तस्करों को धर दबोचा, 6 गोवंश बरामद, 2 गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। जिले में इन दिनों अवैध गोवंश तस्करी पर पुलिस की सख्ती जारी है। थाना विंढमगंज की टीम ने बुधवार को कोन मोड़, वहद ग्राम सलैयाडीह के पास एक पिकअप वाहन से 6 गोवंश बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त झारखंड के रास्ते गोवंशों को बिहार ले जा रहे थे, जहां उन्हें वध के लिए बेचा जाता।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष शिव कुमार सिंह के नेतृत्व में उ0नि0 जयप्रकाश यादव की टीम ने कार्रवाई की। संदिग्ध पिकअप यू.पी. 64 एच 6540 की तलाशी में एक गाय और 5 बछियां क्रूरता से लदी मिलीं। अभियुक्तों के खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मु.अ.सं. 61/2026 दर्ज कर उन्हें कोर्ट भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों अरविंद कुमार गुप्ता निवासी बरवे टोला झुझवा थाना बभनी और राजनारायण गोड़ निवासी पोखरा थाना बभनी ने बताया कि वे सोनभद्र के विभिन्न इलाकों से गोवंश इकट्ठा कर बभनी, म्योरपुर, दुद्धी और विंढमगंज होते हुए झारखंड ले जाते, फिर बिहार भेजते। बरामद सामान में पिकअप वाहन, 2 मोबाइल फोन और 1590 रुपये नकद शामिल हैं।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष शिव कुमार सिंह, उ.नि. जयप्रकाश यादव, का. भूपेंद्र पांडेय, का. अजय और चालक फिरोज अहमद रहे।
पुलिस ने कहा कि गोवंश तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई होगी।

45 बिद्यालय अबैध चिन्हित सात दिन में बंद करने का नोटिश शिक्षा माफियाओ में मचा हड़कंप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)जनपद सोनभद्र के विभिन्न ब्लाक में शिक्षा क्षेत्र के गाँव मुहल्ले चट्टी चौराहा पर अभी तक संचालित कुल 45 मानक बिहीन अबैध बिद्यालय चिन्हित किए गए है।सभी विद्यालयों को एक सप्ताह के अंदर बन्द करने की नोटिश भेजी गयी है।इसके बावजूद शासन के निर्देश पर अबैध विद्यालयों को चिन्हित करने का अभियान और तेजी से जारी है अभी भी कुछ बिद्यालय दूर दराज के छूट गए है उनकी भी सूची बनाई जा रही है जल्द ही ऐसे विद्यालयों को भी कारवाई की जद में शामिल किया जाएगा।उक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला बिद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि सम्भवतः हम लोग अभी तक हर जगह नही पहुँच पाए हैं इस लिए कुछ विद्यालयों के नाम सूची में नही है बावजूद बिद्यालय संचालित हैं उनको भी सूची में शामिल करने और बन्द करने के लिए नोटिश भेजने का कार्य चल रहा है।उन्हों ने बताया कि अगर अबैध बिद्यालय सात दिन में बंद नही किया गया तो उनके खिलाफ प्रशासनिक कारवाई और सम्बन्धित थाना में मुकदमा भी दर्ज कराने की प्रक्रिया अमल में लायी जाएगी।शासन के निर्देश पर अबैध विद्यालयों के खिलाफ चल रहे अभियान से शिक्षा माफियाओं में हड़कम्प मचा हुआ है।बताया जाता है कि कक्षा कुछ 05 से 08 तक के मान्यता पर मानक बिहीन संचालित ऐसे बिद्यालय मनमाना फीस कॉपी किताब जूता ड्रेस सहित अनेक जरूरी फीस का सरोकार बता कर शिक्षण कार्य के नाम पर अबैध वसूली का सेंटर बन गया था।बताया जाता है कि इन विद्यालयों को चलाने वाली प्रबन्ध समितियां अमरबेल की तरह केवल बच्चों और अभिभावकों का आर्थिक मानसिक शारीरिक शोषण कर खून चूसने में लगे हुए थे।क्षेत्र में चाय पान की दुकानों पर बस एक ही चर्चा चल रही है कि अगर शासन स्तर पर सार्थक कारवाई हुई तो सोनभद्र में लाखों बच्चों की जिंदगी बर्वाद होने से बच जाएगी।

भाजपा नेता व दुद्धी बार के वरिष्ठ सदस्य रामअंजोर भारती का आकस्मिक निधन, कचहरी परिसर में शोक की लहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। भाजपा के वरिष्ठ नेता , दुद्धी बार के सम्मानित सदस्य एवं सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रामअंजोर भारती(67) कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। जिला अस्पताल राबर्ट्सगंज में हृदय गति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे कचहरी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
दोपहर में उनका पार्थिव शरीर खजुरी गांव पहुंचा, जहां ठेंमा नदी के तट पर दाहसंस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों व बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए।
इससे पूर्व दुद्धी बार सभागार एवं कचहरी के राजेंद्र प्रसाद सभागार में शोक सभाएं आयोजित की गईं। अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
शोक सभाओं में दुद्धी बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय एडवोकेट, जितेंद्र श्रीवास्तव, नंदलाल, मनोज मिश्रा, योगेंद्र रवानी, दिनेश कुमार, राकेश श्रीवास्तव, अंजनी सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। शासकीय अधिवक्ता दिलीप जायसवाल, राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, प्रेमचंद यादव, कैलाश कुमार गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता, सिविल बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव, सचिव अंजनी सिंह, कार्यक्रम संचालक दिनेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, रामपाल जौहरी आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की।
अधिवक्ताओं ने रामअंजोर भारती के सामाजिक व विधिक क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। शोक सभाओं का वातावरण गमगीन रहा।

बस स्टैंड क्षेत्र में नाली निर्माण की मांग, व्यापार मंडल अध्यक्ष ने ईओ को सौंपा प्रार्थना पत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 के निवासियों और व्यापारियों ने दक्षिणी दुद्धी-म्योरपुर मार्ग पर बरसाती पानी की निकासी के लिए पक्की नाली निर्माण की मांग की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, दुद्धी के अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल ने बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि दुद्धी-म्योरपुर मार्ग पर उत्तरी बस स्टैंड के किनारे नाली का निर्माण कराया गया है, लेकिन दक्षिणी बस स्टैंड क्षेत्र में पिछले करीब 40 वर्षों से नाली न होने के कारण हल्की बारिश में भी दुकानों और घरों में पानी घुस जाता है। इससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों का कहना है कि पान, फल, चाय, मोबाइल, इलेक्ट्रिक, किराना और श्रृंगार की दुकानों में पानी भरने से सीलन की समस्या बढ़ गई है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि जानलेवा बीमारियों और संक्रामक रोगों का भी खतरा बना हुआ है। इलाज पर अतिरिक्त खर्च भी लोगों के लिए बोझ साबित हो रहा है।
अमरनाथ जायसवाल ने मांग की है कि बचनू पान दुकान से अनिल कुमार हलवाई के मकान तक तथा तहसील दुद्धी मोड़ तक तत्काल पक्की नाली का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण होने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

दुद्धी में दो नाबालिक पुत्रीयो की रचाई जा रही थी शादी चाईल्ड हेल्प लाइन की सतर्कता से रुका मासूमो का बाल विवाह- सुधा गिरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।आज बुधवार को जिले के दुद्धी थाना क्षेत्र में बाल विवाह किये जाने की सूचना प्राप्त हुई जिस पर चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक नाबालिग बालिका की शादी रुकवा दी परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने संबंधित थाने से समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर पहुंची बालिका के परिजनों से आयु संबंधी दस्तावेज मांगे। प्रस्तुत प्रमाण पत्रों की जांच में बालिका नाबालिग पाई गई, चाइल्ड हेल्प लाइन से सुपरवाइजर सुधा गिरी द्वारा मौके पर उपस्थित लोगो को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की बारीकियों को समझाते हुए कहा कि क़ानून के अंतर्गत निर्धारित आयु विवाह के लिए लड़की की 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष होना अनिवार्य है। इससे कम उम्र में किया गया विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। इस अधिनियम के तहत बाल विवाह कराने वाले माता-पिता, विवाह संपन्न कराने वाले पंडित/काजी और इसमें शामिल अन्य वयस्कों को 2 साल तक के कठोर कारावास और जुर्माने से दंडित किया जा सकता है।साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि यदि किसी बच्चे का विवाह जबरन कम उम्र में कर दिया जाता है, तो बालिग होने पर वह बच्चा उस विवाह को 2 वर्ष में भीतर शून्य घोषित करवा सकता है। बाल विवाह को बढ़ावा देना या उसमें शामिल होना एक गैर-जमानती और संज्ञेय अपराध है। आवश्यक सलाह दी। उसके उपरांत नियमानुसार कार्यवाही करते हुए दोनो नाबालिक बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया और समिति के आदेश से बाल गृह बालिका रावर्टसगंज मे आवासित कराया गया मौके पर चाइल्ड हेल्प लाइन यूनिट से परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह सुपरवाइजर सुधा गिरी, सत्यम चौरसिया केसवर्कर बजरंग सिंह सहित अन्य लोग रहे उपस्थित रहें।

बैंक से घर लौटते समय बाइक अनियंत्रित, सहायक अध्यापक की मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के अमवार रोड स्थित डीएलसी पब्लिक स्कूल के समीप मंगलवार दोपहर बाइक अनियंत्रित होने से गंभीर रूप से घायल हुए प्राथमिक विद्यालय पगडेवा खोखा के सहायक अध्यापक मोहम्मद मोबिन अहमद की बुधवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी उम्र लगभग 60 वर्ष थी। वे अंबेडकर नगर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाजिदपुर गांव के निवासी थे और दुद्धी में परिवार सहित किराए के मकान में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, मोबिन अहमद बैंक संबंधी कार्य से दुद्धी गए थे। कार्य निपटाने के बाद जब वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अमवार रोड पर डीएलसी पब्लिक स्कूल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों को अवगत कराया।
परिजन उन्हें तत्काल दुद्धी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिटी स्कैन के लिए राबर्ट्सगंज रेफर किया गया। जांच के उपरांत उन्हें पुनः दुद्धी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार सुबह उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबिन अहमद की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजन समेत शिक्षकों में शोक की लहर है।

कुएं से निकली सड़ी-गली लाश, इलाके में हड़कंप पहचान बनी पहेली, मौत पर उठे कई सवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन

चोपन/सोनभद्र। नगर क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट में उस वक्त सनसनी फैल गई जब रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।

बुधवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि अग्रवाल मार्केट स्थित सत्यदेव पाण्डेय के कुएं से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए—कुएं में एक व्यक्ति का शव पड़ा था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड व स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया है।

मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है और वह पैंट-शर्ट पहने हुए था।

पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है, जो अब पहचान का अहम सुराग बन सकता है। पुलिस इस मोबाइल के जरिए मृतक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं—हत्या या हादसा? यह सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। तब तक इलाके में दहशत और रहस्य का माहौल बना हुआ है।

विवेचना के दौरान आपस में भिड़े दो पक्ष पुलिस ने सगे भाइयों को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय बीजपुर पुलिस ने बुधवार को शांति भंग करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में उप-निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ ग्राम लीलाडेवा पहुँचे थे।पुलिस टीम यहां एक मामले की विवेचना और बयान दर्ज करने गई थी।पूछताछ के दौरान ही मुकदमे के वादी और प्रतिवादी पक्ष पुराने विवाद को लेकर आपस में उलझ गए।देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और वे मारपीट पर उतारू हो गए।मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराने और समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर दी।शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने द्वितीय पक्ष के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार
अनिल कुमार व छोटे पुत्रगण रामअधीन को पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायालय दुद्धी के समक्ष पेश किया।

बीजपुर मे कृषि कार्य के लिए पास ट्रैक्टरों का ब्यवसायिक इस्तेमाल हादसे की आशंका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

मिट्टी,बोल्डर,बालू,परिवहन में लगे कई ट्रैक्टर पुलिस को चकमा देकर सड़क पर लगा रहे फर्राटा

बीजपुर(सोनभद्र)थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचल सहित बाजार चट्टी चौराहे पर कृषि कार्य के लिए रजिस्टर्ड ट्रैक्टरों के व्यावसायिक उपयोग का मामला चर्चा में है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीजपुर पुनर्वास सिरसोती डोडहर गाँव में कई ट्रैक्टर मिट्टी बोल्डर और बालू ढुलाई में लगे हुए हैं।नाम न छापने की शर्त पर कई ग्रामीणों ने बताया कि बीजपुर तथा आसपास स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकानों में भी कृषि कार्य में पास ट्रैक्टरों से दिनभर बाजार तथा स्कूल बिद्यालय के रास्ते से बगैर सुरक्षा मानक के सरिया सीमेंट बालू-मिट्टी लेकर गुजरते हैं।इनमें से कई के पास लाइसेंस,इंश्योरेंस और फिटनेस यहाँ तक की कोई कागजात नहीं है।आए दिन ट्रॉली पलटने अथवा मकान-दीवार से रगड़ खाने की घटनाएं आम हो गयी हैं।इस के बावजूद लापरवाही के कारण बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है।लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से संचालित ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़कें भी खराब हो रही हैं तो स्कूली बच्चों के समय मुख्य बाजार में इनके गुजरने से जाम और सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग किया है कि कृषिकार्य के लिए पास ट्रैक्टरों की जांच कर व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाई जाए।लोगों ने कहा कि बिना कागजात और लाइसेंस के चल रहे ऐसे वाहनों पर जुर्माना व सीज की कार्रवाई भी होनी चाहिए।इस संबंध में एआरटीओ सोनभद्र से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर का व्यावसायिक उपयोग मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है।शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस गम्भीर समस्या को लेकर एसडीएम दुद्धि को एक ज्ञापन देकर बड़े पैमाने पर सरकार के राजस्व की हो रही चोरी के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।

रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक से गिरा युवक, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में मंगलवार शाम साढ़े छह बजे रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार ज्वाला (22)पुत्र विफम निवासी धनौरा, अपने एक साथी के साथ बाइक पर गांव में कहीं जा रहे थे। तभी धनौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में ज्वाला को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका साथी सुरक्षित रहा।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने 102 एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार और चालक अजीत कुमार ने घायल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में ज्वाला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

दुद्धी में प्राचीन पंचदेव मंदिर का 1.65 करोड़ से भव्य जीर्णोद्धार, सड़क निर्माण भी शुरू

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।दुद्धी कस्बे में धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र प्राचीन पंचदेव मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने जा रहा है। एक करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से वार्ड नंबर 9 कचहरी रोड स्थित इस मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर से सटे गली मार्ग से पंडित राम लोचन तिवारी के मकान तक नई सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे स्थानीयों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने बताया कि कस्बा वासियों द्वारा लंबे समय से मंदिर मरम्मत और सड़क की मांग उठ रही थी। कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है, टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी होगी।
प्राचीन पंचदेव मंदिर दुद्धी के धार्मिक-सांस्कृतिक इतिहास का अभिन्न अंग है। जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सड़क निर्माण से व्यापारियों व निवासियों का दैनिक यातायात आसान होगा।यह विकास कार्य नगरपंचायत के विकास योजनाओं का हिस्सा है ।

दुद्धी में रसोइया संघ की बैठक व न्यूनतम मानदेय की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। मंगलवार को दुद्धी के सिविल बार एसोसिएशन मीटिंग हॉल में रसोइया संघ की महत्वपूर्ण बैठक उषा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक से पहले बीआरसी दुद्धी परिसर में रसोइया बहनों ने मई माह का बकाया मानदेय देने और न्यूनतम वेतन 13,690 रुपये के बराबर मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
बैठक में ब्लॉक स्तर पर हर ब्लॉक में रसोइया संघ की अलग-अलग मीटिंगें आयोजित करने और सभी सदस्यों को जोड़ने का फैसला लिया गया। साथ ही, दुद्धी तहसील स्तर पर विशाल प्रदर्शन के बाद अपनी मांगों को जिलाधिकारी सोनभद्र तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
भारतीय प्रगतिशील समिति की अध्यक्ष ममता मौर्या ने कहा कि महिलाओं का हर स्तर पर शोषण रोकना होगा। न्यूनतम मानदेय दिलाने के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी के पूर्व अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा एडवोकेट ने भी रसोइयाओं के संघर्ष को समर्थन देते हुए महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर राजकुमारी देवी, निर्मला सगमरिया, फूलवंती देवी, मानती देवी, विमला देवी, निर्मला, अंजली, मीना देवी, दुर्गावती, सरस्वती देवी, कलावती देवी, भवानी देवी, उर्मिला देवी, शकुंतला देवी आदि बड़ी संख्या में रसोइया बहनें उपस्थित रहीं।

म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र के जरहां न्याय पंचायत में अवैध स्कूलों का साम्राज्य विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर से बकरिहवा तक दर्जनों स्कूल इंटर कॉलेज कक्षा 5 और 8 कि मान्यता पर बेख़ौफ़ संचालित

बीजपुर(सोनभद्र)शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सरकारी दावों के बीच म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र के जरहां न्याय पंचायत में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत बेहद चौंकाने वाली सामने आ रही है।यहां दर्जनों विद्यालय और इंटर कॉलेज बिना मान्यता के धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं जो न केवल नियमों की खुली अवहेलना है बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में कई ऐसे निजी विद्यालय संचालित हैं जिनके पास न तो कोई मान्यता है और न ही बुनियादी सुविधाएं।इसके बावजूद विद्यालय प्रबन्धन अभिभावकों से मोटी फीस वसूल कर शिक्षा का कारोबार चला रहे हैं।हैरानी की बात यह है कि कुछ स्कूलों ने दूसरे मान्यता प्राप्त विद्यालयों से ‘अटैचमेंट’ का सहारा लेकर अपने अवैध संचालन को वैधता का जामा पहनाने का प्रयास किया है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिक्षा विभाग द्वारा निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तो बीजपुर से बकरिहवा तक गली मोहल्ले गाँव गाँव कई ऐसे विद्यालयों की पोल खुल जाएगी और बड़े स्तर पर कार्रवाई संभव है। लेकिन विभागीय अधिकारियों की चुप्पी और निष्क्रियता कई सवाल खड़े कर रही है।लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इतने बड़े पैमाने पर अवैध स्कूलों का संचालन संभव नहीं है।एक ओर सरकार सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार अभियान चला रही है वहीं दूसरी ओर उसी सरकार के नुमाइंदे निजी अवैध विद्यालयों को अप्रत्यक्ष संरक्षण देकर सरकारी मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं।इससे सरकारी स्कूलों में नामांकन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।अभिभावकों की गरीबी मजबूरी का फायदा उठाते हुए स्कूल प्रबन्धन बच्चों को बेहतर शिक्षा का झांसा देते हैं लेकिन इनके पास न तो प्रशिक्षित शिक्षक उपलब्ध हैं और न ही उचित शैक्षणिक वातावरण।ऐसे में बच्चों का भविष्य अधर में लटकता नजर आ रहा है।क्षेत्रीय नागरिकों ने नवागत जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।बताया गया कि क्षेत्र में आधा दर्जन ऐसे विद्यालयों को विभागीय नोटिश तो दी गयी है लेकिन उसपर कब तक अमलीजामा पहनाया जाएगा यह साहब की कृपा पर निर्भर करता है।सम्भ्रांत जनो ने डीएम से ऐसे विद्यालयो में तत्काल ताला बन्दी कर कानूनी करवाई की मांग की है।बीईओ म्योरपुर सुनील कुमार ने कहा कि ऐसे कुछ विद्यालयों को नोटिश भेजी गई है करवाई के लिए बीएसए को पत्र भी गया है कुछ और नोटिश भेजी जा रही है सम्भवतः एक सप्ताह के भीतर ऐसे विद्यालयों पर ताला बन्दी और एक एक लाख जुर्बाना की करवाई होनी है।

पुलिस ने दो वारंटियों को किया गिरफ्तार भेजा न्यायालय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय बीजपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे वारंटियों को उनके घर से गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम सोमवार की रात गश्त और संदिग्धों की तलाश में निकली थी।

मुखबिर की सूचना और अभियान के तहत टीम ने डोड़हर गांव में दबिश दी।चोरी के मामले से संबंधित अभियुक्त अनिल कुमार पाल पुत्र दयाराम पाल को उसके घर टोला बेलहवा से सोमवार की रात हिरासत में लिया गया।वही आबकारी अधिनियम के पुराने मामले में वांछित चल रहे रामकृपाल पुत्र रामचरित्र पाल को भी सोमवार की रात गिरफ्तार किया गया।कोर्ट की करवाई से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने विधिक करवाई के उपरांत सम्बन्धित न्यायालय में हाजिर किया है।

दो माह से फरार चल रहा दहेज उत्पीड़न का दम्पति गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)अपराधियों और वांछितों के विरुद्ध चलाए जा रहे जनपद पुलिस के विशेष अभियान के तहत बीजपुर पुलिस ने मंगलवार को दहेज उत्पीड़न और बी.एन.एस की विभिन्न धाराओं में पिछले दो महीनों से फरार चल रहा एक दम्पति को थाना क्षेत्र के महुली गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान गिरदावल पुत्र गंगाराम नगेसरी देवी पत्नी गिरदावल निवासी महुली के रूप में की गयी।उक्त अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बीजपुर में भारतीय न्याय संहिता एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत था।आरोपी पिछले दो महीने से गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस से बच कर फरार चल रहे थे।मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने उनके निवास स्थान से दोनों को हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सभीदिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया गया।गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह,उपनिरीक्षक शिवमोहन, आरक्षी कृष्णकुमार गुप्ता,महिला आरक्षी प्रियंका शामिल थे।

जीजा पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले साले को पुलिस ने दबोचा,भेजा न्यायालय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।बीते शनिवार देर शाम बहनोई सीताराम भुइयां पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर घायल करने वाले आरोपी साले को अमवार चौकी पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। घटना के बाद पीड़ित पत्नी की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश पुत्र पांचू निवासी ग्राम सिधवादामर ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कृत्य किया। शनिवार को देर शाम अमवार चौकी क्षेत्र के ग्राम सिधवादामर में बहनोई सीताराम पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी कि आज सोमवार को अमवार चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में वारदात कबूल की। आरोपी को न्यायालय में भेज दिया गया है ।

दुद्धी नगर पंचायत में राज्यपाल मनोनीत तीन सभासदों ने ली शपथ,उपजिलाधिकारी ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। सोमवार को स्थानीय नगर पंचायत के बहुउद्देशीय हाल में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्यपाल मनोनीत तीन नए सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने वार्ड 1 से धनंजय रावत, वार्ड 5 से सुमित सोनी और वार्ड 7 से पूजा चंद्रवंशी को शपथ दिलाई।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी, मनोज मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, जिला मंत्री मनोज सिंह उर्फ बबलू सिंह, दिलीप पांडे, संजीव तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीयजन उपस्थित रहे। अध्यक्ष कमलेश मोहन ने नए सभासदों से शासन की योजनाओं को गति देकर नगर विकास में योगदान देने की अपील की तथा उन्हें बधाई दी।
उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने कहा, “नामित सभासद नगर पंचायत के विकास और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी को एकजुट होकर स्थानीय विकास कार्यों को गति देनी चाहिए।स्थानीय लोगों ने भी नए सभासदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, देवेश मोहन, सभासद निरंजन मोनू सिंह, शाहिद अहमद, सोनू खान, निरंजन राकेश, आजाद धीरज जायसवाल, सभासद प्रतिनिधि मोहित अग्रहरि, आमेश कुमार अग्रहरि, अन्नू आदि मौजूद रहे।इसके पूर्व आगंतुक अतिथियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र से स्वागत किया गया।

हाथीनाला में खूंटी पर बैठे विषैले सर्प ने वृद्ध महिला को काटा ,मौत ,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।हाथीनाला थाना क्षेत्र के ग्राम डाला पिपर निवासी 60 वर्षीय वृद्धा फूलकुंअर देवी की रविवार रात करीब 8 बजे विषैले सर्प के काटने से मौत हो गई। भोजन पकाने के लिए खूंटी से झोला उतार रही महिला को पहले से छिपे सर्प ने हाथ पर काट लिया।
परिजनों के अनुसार, फूलकुंअर देवी रविवार रात भोजन बनाने हेतु खूंटी पर लटकाए झोले से आटा निकाल रही थीं। तभी खूंटी पर बैठे अज्ञात विषैले सर्प ने उनको दाहिने हाथ पर काट लिया। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पति जीतलाल दौड़े, लेकिन तब तक सर्प आंखों से ओझल हो चुका था।
जीतलाल ने बताया कि सांप के काटने के आधे घंटे बाद ही मेरी पत्नी की सांसें थम गईं। शरीर में तेजी से विष फैल गया।परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वृद्धा ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह घटना की सूचना थाना हाथीनाला पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया गया और शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतिका के तीन पुत्र व चार पुत्रियां हैं, जिसमें एक पुत्र अविवाहित है।
वृद्ध महिला के मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है ।

दुद्धी ब्लॉक की रसोइया बहनों ने बीईओ को सौंपा पत्र, न्यूनतम मजदूरी व पूरे 11 माह का मानदेय दिलाने की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।ब्लॉक दुद्धी के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइया बहनों ने सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को एक स्मरण पत्र सौंपकर न्यूनतम मजदूरी लागू करने व 11 माह के कार्य के बदले पूर्ण मानदेय दिलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर 5 मई 2026 से आंदोलन और प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगी।
रसोइया बहनों का कहना है कि वे वर्ष में 11 माह विद्यालयों में काम करती हैं, लेकिन केवल 10 माह का ही मानदेय मिलता है। इसके अलावा, सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी 13,690 रुपये प्रतिमाह होने के बावजूद उन्हें मात्र 2,000 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है, जो आर्थिक शोषण का रूप है।
रसोइया संघ की अध्यक्ष ऊषा साहू व भारतीय प्रगतिशील महिला समिति की अध्यक्ष ममता मौर्या के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र सौंपा गया है । प्रदर्शन में बासमती, चिंता देवी, अकबरी बानो, मानती देवी, विमला देवी, निर्मला, अंजली, मीना देवी, दुर्गावती, सरस्वती देवी, कलावती देवी, भवानी देवी, उर्मिला देवी, शकुंतला देवी, जमुनी, मजबून, निशा, सविना, रीना, राधिका आदि रसोइया बहनें शामिल रहीं।
रसोइया बहनों ने बीईओ से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, अन्यथा बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है।

गुमटी से चोरी का सामान बरामद, भागते चोर को दुद्धी पुलिस ने दबोचा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय कस्बे के रामनगर कृषि मंडी के समीप भाग रहे एक चोर को सोमवार दोपहर में कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सब्बल, नमकीन, बिस्किट, तेल, मसाला, गुटखा सहित चोरी का सामान बरामद हुआ। आरोपी को न्यायालय में चालान कर दिया गया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि शनि कुमार पुत्र रमल राम निवासी कस्बा वार्ड नंबर 02 ,को रेलवे गेट के पास कृषि मंडी के समीप संदिग्ध अवस्था में देखा गया। वह कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो वह गुमराह करने लगा। तलाशी लेने पर उसके पास गुमटी से चुराया गया सामान मिला।
कोतवाली पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। इलाके में चोरी की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है।