तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर और कोयला लदे ट्रक के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची अनपरा थाना पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर में फंसे चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान मिर्जापुर निवासी 44 वर्षीय राकेश के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दुर्घटना के चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया जा सका। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर डटी रही।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। इलाके में हादसे को लेकर शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।






