आपदा अलर्ट पर सरकार सख्त: गांव-गांव पहुंचेगी चेतावनी, हर जान की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

लखनऊ/सोनभद्र। प्रदेश में लगातार बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार ने आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट मोड पर लाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के अधिकारियों के साथ राजस्व, आपदा प्रबंधन और अर्ली वार्निंग सिस्टम की व्यापक समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जनहानि नहीं होनी चाहिए और हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मौसम विभाग की अत्याधुनिक तकनीकों — डोपलर वेदर रडार, एडब्ल्यूएस एवं एआरजी स्टेशन, सेटेलाइट इमेजिंग, लाइटनिंग सेंसर और अर्ली वार्निंग सिस्टम — के माध्यम से मौसम में हो रहे बदलावों और संभावित खतरों की जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय रहते चेतावनी आम लोगों तक पहुंचना बेहद जरूरी है, ताकि लोग सुरक्षित स्थानों पर जा सकें और जान-माल की हानि को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं से हुई जनहानि, पशु हानि और मकानों के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन तंत्र को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जमीन पर पूरी सक्रियता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि “आपदा मित्र” गांव-गांव में पूरी तरह सक्रिय रहें और पूर्व चेतावनी प्रणाली को पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाए।
सरकार ने साफ किया कि अब गांव स्तर तक सूचना पहुंचाने के लिए व्यापक नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके तहत ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, सचिव, चौकीदार, सफाई कर्मी और लेखपालों को अलर्ट मोड में रखा जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम मजबूत करने, लोगों को लाउडस्पीकर और मोबाइल मैसेज के जरिए समय-समय पर चेतावनी देने और राहत आयुक्त व मौसम विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य में देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिया जाए। भूमिहीन प्रभावित परिवारों को पट्टा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
इधर मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद सोनभद्र में भी प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सूचना तंत्र को सक्रिय रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने तालाब, पोखरों, झीलों और कुओं के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाने, स्कूलों और सरकारी राशन दुकानों में “क्या करें और क्या न करें” संबंधी जागरूकता अभियान चलाने तथा लोगों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग और अग्निशमन विभाग को संयुक्त रूप से सतर्क रहने को कहा गया।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम में अचानक बदलाव, आंधी-तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने जैसी घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। सरकार का फोकस अब केवल राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समय रहते चेतावनी देकर हर संभव नुकसान को रोकने पर रहेगा।

20 हजार के छोटे ऋण से खड़ा किया लाखों का कारोबार, फर्नीचर के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस भी चमका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।कभी घर चलाने के लिए मजदूरी करने को मजबूर रहने वाली सोनभद्र की एक साधारण महिला आज दर्जनों परिवारों की रोजी-रोटी का सहारा बन चुकी है। करमा ब्लॉक के सरौली गांव की रहने वाली 27 वर्षीय हेमा कुमारी ने संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जिसकी मिसाल अब पूरे जिले में दी जा रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं की मदद से हेमा ने न केवल अपनी जिंदगी बदली, बल्कि गांव की महिलाओं और युवाओं के लिए भी नई उम्मीद की किरण बन गई हैं।
गरीबी और आर्थिक तंगी से जूझते परिवार में पली-बढ़ी हेमा के लिए जिंदगी आसान नहीं थी। घर की जिम्मेदारियों के बीच उन्हें मजदूरी तक करनी पड़ी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। परिवार को बेहतर जिंदगी देने का सपना लेकर उन्होंने “सत्य आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह” से जुड़कर अपने नए सफर की शुरुआत की। यहीं से उनकी जिंदगी ने नई दिशा पकड़ ली।
हेमा को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत फर्नीचर निर्माण का प्रशिक्षण दिलाया गया। साथ ही 20 हजार रुपये का ऋण भी उपलब्ध कराया गया। इस छोटी सी मदद ने हेमा के सपनों को उड़ान दे दी। उन्होंने अपने पति धर्मेन्द्र प्रजापति के साथ मिलकर लकड़ी के फर्नीचर बनाना शुरू किया और स्थानीय बाजारों में बेचने लगीं। शुरुआत छोटी थी, लेकिन मेहनत बड़ी थी। धीरे-धीरे उनके बनाए फर्नीचर की गुणवत्ता और डिजाइन लोगों को पसंद आने लगे और बाजार में मांग बढ़ती चली गई।
जैसे-जैसे कारोबार बढ़ा, वैसे-वैसे हेमा का आत्मविश्वास भी मजबूत होता गया। एनआरएलएम की ओर से उन्हें समय-समय पर व्यवसाय प्रबंधन, विपणन और कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया गया। वित्तीय सहयोग भी लगातार मिलता रहा। यही वजह रही कि कुछ ही वर्षों में हेमा ने अपने छोटे काम को बड़े कारोबार में बदल दिया।
आज स्थिति यह है कि हेमा के यहां तैयार होने वाले फर्नीचर की बाजार में भारी मांग है। बढ़ते ऑर्डर को पूरा करने के लिए उन्होंने 20 कारीगरों को रोजगार दे रखा है। गांव की यह महिला उद्यमी अब सालाना करीब 20 लाख रुपये का कारोबार कर रही हैं। उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए खुद की दुकान भी खोल ली है, जहां अब फर्नीचर के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की बिक्री भी हो रही है।
हेमा बताती हैं कि कारोबार बढ़ने के बाद उन्हें एनआरएलएम के माध्यम से 5 लाख रुपये का ऋण मिला। समय पर ऋण चुकाने के बाद दोबारा 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, जिससे उन्होंने अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाया। आज उनकी दुकान क्षेत्र में लोगों के लिए भरोसेमंद केंद्र बन चुकी है।
हेमा का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन वे अपने गांव में रोजगार देने वाली महिला बनेंगी। लेकिन सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता, समय पर मिली मदद और खुद की मेहनत ने उनकी जिंदगी बदल दी। अब वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला रही हैं और पूरे परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर पा रही हैं।
ग्रामीण महिलाओं के लिए हेमा आज प्रेरणा बन चुकी हैं। गांव की कई महिलाएं अब स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी अधिकारी सरिता सिंह ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रशिक्षण, ऋण और विपणन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उनका कहना है कि यदि महिलाएं आगे बढ़ने का संकल्प लें तो सरकार और एनआरएलएम हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है।

तालाब बना मौत का गड्ढा: नहाने गए 7 साल के मासूम की डूबकर दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत बघाडू गांव के बोलताकरम टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर से चुपचाप नहाने निकला सात वर्षीय मासूम तालाब के गहरे पानी में समा गया। काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई और गांव में खोजबीन शुरू हुई। कुछ ही देर बाद तालाब में उतरकर तलाश करने पर मासूम का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बोलताकरम टोला निवासी सात वर्षीय नितेश रविवार दोपहर घर से बिना बताए गांव के तालाब की ओर चला गया था। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते वह नहाने के लिए तालाब पहुंचा था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की। परिवार के लोग और ग्रामीण अलग-अलग जगहों पर बच्चे को तलाश रहे थे। इसी दौरान बच्चे के चाचा की नजर तालाब में उतराए शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चाचा तुरंत तालाब में कूदे और बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही अमवार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में गांव के बच्चे अक्सर तालाबों में नहाने चले जाते हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम न होने से हादसों का खतरा बना रहता है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक पल की लापरवाही ने परिवार से उसका मासूम चिराग छीन लिया।

न सड़क बनी न घरों में पहुंचा पानी बीजपुर में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में हर घर जल योजना लोगों के लिए राहत की बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। करीब एक वर्ष पूर्व पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदी गई सड़कें आज तक बदहाल पड़ी हैं, जबकि अधिकांश घरों तक अब तक पानी की सप्लाई भी शुरू नहीं हो सकी है। अधूरे निर्माण और उखड़ी सड़कों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
बीजपुर बाजार, राय कॉलोनी, शांति नगर सहित कई मोहल्लों में सड़कें जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के बाद विभाग और कार्यदायी संस्था ने सड़क मरम्मत की ओर ध्यान ही नहीं दिया। बरसात और तेज धूप के कारण सड़कें और अधिक खराब हो गई हैं, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बाइक और साइकिल सवार आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन घरों तक कनेक्शन नहीं पहुंचा। कहीं पाइप खुले पड़े हैं तो कहीं सड़क किनारे मिट्टी के ढेर जमा हैं। लोगों का कहना है कि एक साल बीतने के बाद भी न तो सड़क बनी और न ही नलों में पानी आया। ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि उखड़ी सड़कों और धूल-मिट्टी के कारण बाजार की स्थिति खराब हो गई है। ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है और पूरी सड़क कीचड़ में बदल जाती है। कई मोहल्लों में रात के समय हादसे का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाए और जिन घरों में अब तक पानी का कनेक्शन नहीं पहुंचा है वहां तत्काल सप्लाई शुरू कराई जाए। लोगों का कहना है कि “हर घर जल” योजना का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना था, लेकिन बीजपुर में यह योजना अब लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है।

100 साल पुरानी कंपनी अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही थी, प्रधानमंत्री ने दुनिया की सबसे चर्चित ब्रांड बना दिया – वो भी मात्र 12 सेकेंड्स में

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

100 साल पुरानी एक कंपनी जो अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही थी, उसे प्रधानमंत्री ने दुनिया की सबसे चर्चित ब्रांड बना दिया – वो भी मात्र 12 सेकेंड्स में।

मैंगो बाइट, किस्मी, पॉपिन्स, मेलोडी… मुंबई के विले पार्ले से निकली पार्ले हमारा बचपन है। बहुत कम लोगों को पता है कि ‘पार्ले’ मुंबई का ही एक उपनगर है, जिसके नाम पर कंपनी का नाम पड़ा। नब्बे वर्ष के विजय चौहान फ़िलहाल पार्ले प्रोडक्ट्स का संचालन कर रहे परिवार के मुखिया हैं।

इसी परिवार के मोहनलाल दयाल ने 1928 में इस कंपनी की स्थापना की और 1939 में Parle-G नाम की क्रान्ति हुई। उनके पोते विजय चौहान ₹83 हजार करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं, भारत के 31वें सबसे अमीर व्यक्ति। विजय चौहान के दादा मोहनलाल दयाल ने इस कंपनी स्थापना की थी, कोविड-19 के दौरान कंपनी ने 3 करोड़ बिस्किट पैकेट्स दान दिया। विजय चौहान MIT से मेकैनिकल इंजीनियर हैं, गोल्फ के शौक़ीन हैं और JRD टाटा के साथ खेल चुके हैं।

आज विजय चौहान के बेटे अजय, भतीजे समर और भतीजी अंबिका कंपनी को सँभाल रहे हैं। विदेशों में इनके मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं। मध्य-पूर्व से लेकर मंगोलिया तक इनके उत्पादों की माँग है। 50+ ब्रांड्स हैं इनके। कंपनी ने अपना विज्ञापन बजट भी तीन गुना बढ़ाया है हाल में। भारत में इनके 7000+ डिस्ट्रीब्यूटर्स और 75 लाख आउटलेट्स हैं। उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखी है, लगातार नए एक्सपेरिमेंट्स करते रहते हैं और इसीलिए आज भी प्रासंगिक बने हुए हैं।

पार्ले हर साल 12 लाख मीट्रिक टन से अधिक बिस्किट हर साल बेचता है, बाजार में भले ही ब्रिटानिया की हिस्सेदारी ज़्यादा हो लेकिन मात्रा के मामले में पार्ले भारी है। ये दुनिया का सबसे अधिक बिकने वाला सिंगल बिस्किट ब्रांड है। कन्फेक्शनरी उद्योग पर कभी यूरोप का दबदबा था, 1929 में 75 हज़ार रुपए में ख़रीदी गई एक फैक्ट्री ने अगले वर्ष ऑरेंज कैंडी लॉन्च किया और 1936 तक अपना टर्नओवर 50 हजार रुपए तक पहुँचा दिया। 3000 रुपए का मुनाफा उस वक़्त बड़ी बात थी।

विजय चौहान के भाई भी हैं – राज और शरद। 1970 के दशक में कंपनी बँटी तो पार्ले प्रोडक्ट्स की ज़िम्मेदारी इन्हीं तीनों ने सँभाली। जयंतीलाल के बेटे प्रकाश ने पार्ले एग्रो और रमेश ने पार्ले बिसलेरी का प्रबंधन सँभाला। पिछले ही साल इसने डार्क बिस्किट्स लॉन्च की। 2017 में भी प्रीमियम प्लैटिना रेंज लॉन्च किया गया था।

और हाँ, आज जिस पार्ले के शेयर्स बढ़ रहे हैं वो ये वाली कंपनी नहीं है। पार्ले समूह तो अबतक पब्लिक हुआ ही नहीं है। परिवार को अतिरिक्त फंडिंग की आवश्यकता नहीं है। 125 से अधिक कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर्स के साथ साझेदारी करके पार्ले ने लागत बचाने का भी जुगाड़ कर लिया।

पार्ले-जी खाइए, मोनाको खाइए, मैरी खाइए, रस्क खाइए, हाइड एन्ड सीक खाइए, मैंगो बाइट खाइए – पार्ले ने पीढ़ियों के साथ रिश्ता बनाया है, उसके ग्राहक वफादार हैं ब्रांड के प्रति।

#copiedposted
#GoodMorningEveryone
#parlegbiscuits

यूपी पुलिस ने रोमांचक मुकाबले में रेलवे पुलिस को हराया, सत्यम बने मैन ऑफ द मैच.

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन

चोपन/सोनभद्र

चोपन खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में यूपी पुलिस और रेलवे पुलिस (आरपीएफ) के बीच खेले गए नॉकआउट मुकाबले में यूपी पुलिस ने रोमांचक जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली एवं विशिष्ट अतिथि ईसीआरकेयू रेलवे यूनियन चोपन शाखा के अध्यक्ष वीकेडी द्विवेदी रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। टॉस जीतकर आरपीएफ टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 10 ओवरों में 56 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी पुलिस टीम को अंतिम 12 गेंदों में 10 रन की जरूरत थी, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। मैदान में मौजूद दर्शकों की भारी भीड़ और टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी एवं कमेंटेटर शाकिब खान की शानदार कमेंट्री ने मैच का रोमांच और बढ़ा दिया। अंतिम क्षणों में कोन थाना प्रभारी एवं टीम कप्तान अखिलेश मिश्रा की सूझबूझ और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर यूपी पुलिस ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। हार के बावजूद आरपीएफ कप्तान महेश और कोच इंस्पेक्टर प्रशांत ने विजेता टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर गुर्मा थाना प्रभारी अतुल पटेल, एससी/एसटी सचिव मनीष कुमार, सेबेस्टियन बारला, सुनील तिवारी, प्रदीप अग्रवाल, सत्य प्रकाश तिवारी, अमित सिंह, डी.एन. महतो, अखिलेश सिंह यादव, दिनेश जैन, सद्दाम कुरैशी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच के शानदार प्रदर्शन के लिए यूपी पुलिस टीम के खिलाड़ी सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में ग्राउंड इंचार्ज विनीत शर्मा, अमलेश सोनकर, अंपायर सुजीत यादव व पप्पू, स्कोरर सोनू व प्रमोद तथा वालंटियर लालू यादव सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भाजपा महामंत्री की गाड़ी की सीज; तो रितेश दास को दी गाली और छीना मोबाइल लक्ष्मण घाट चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर इन लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – अयोध्या
अयोध्या के लक्ष्मण घाट चौकी क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग व्यवस्था को लेकर उपजा विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। बीती रात चेकिंग के दौरान हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। इस विवाद के केंद्र में भाजपा मंडल महामंत्री राजन पांडेय हैं, जिनकी गाड़ी पुलिस ने सीज कर दी। राजन पांडेय ने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए मामले की जानकारी भाजपा महानगर अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, मेयर और स्थानीय विधायक को दी है। राजन पांडेय ने बताया कि इस प्रकरण पर सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने गंभीरता से चर्चा की है। विधायक जी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अगले दो दिनों के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही सीओ ने भी संज्ञान लिया है और राजन पांडेय के अनुसार, सीओ ने सोमवार को गाड़ी छुड़वा देने की बात कही है।इस दौरान राजन पांडेय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इस मामले में सोमवार तक उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे स्वयं एसपी साहब को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे। राजन पांडेय का कहना है कि जब भारतीय जनता पार्टी का एक कार्यकर्ता ही आज इस व्यवस्था से परेशान है, तो आम जनता के साथ ये लोग कैसा व्यवहार करते होंगे, यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि लक्ष्मण घाट चौकी इंचार्ज के खिलाफ प्रतिदिन कई शिकायतें आती रहती हैं।इसी बात को दोहराते हुए समाजसेवी रितेश दास ने भी चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। रितेश दास ने आरोप लगाया कि पूर्व में चौकी इंचार्ज ने उनके साथ गाली-गलौज की थी और मोबाइल भी छीन लिया था। जिसकी जानकारी कोतवाल और सीईओ को भी दी गई थी

प्रयागराज जिलाधिकारी ने स्वरूपरानी चिकित्सालय व मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, व्यवस्थाएं एवं मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से सयमसीमा के अन्तर्गत पूर्ण कराने के दिए निर्देश ।

निर्माणाधीन चिल्डेªन हॉस्पिटल में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराते हुए माह-सितम्बर तक पूर्णतः क्रियाशील करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने मेडिकल कालेज में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल, जिमनेजियम सहित अन्य कार्यों की भौतिक प्रगति का जायजा लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण कराये जाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने कालेज व चिकित्सालय में अनुशासन बनाये रखने तथा उसकी लगातार मानीटरिंग करने के लिए कहा

चिकित्सालय परिसर में आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें-जिलाधिकारी

चिकित्सक व अन्य स्टॉफ का व्यवहार मरीजों के प्रति विनम्र हो तथा उनके इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये-जिलाधिकारी

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह के साथ स्वरूपरानी चिकित्सालय व मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण कर वहां पर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, चिकित्सालय की व्यवस्थाएं एवं मरीजों को उपलब्ध हो रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सालय में और क्या बेहतर किया जा सकता है, के बारे में स्वास्थ्य विभाग व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं सयमसीमा के अन्तर्गत पूर्ण कराने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों, वार्डों एवं आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा कार्य प्रगति को देखा तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो तथा कार्य मानक के अनुरूप पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम स्वरूपरानी चिकित्सालय परिसर में कार्यदायी संस्था यूपीसिडको द्वारा निर्माणाधीन चिल्डेªन हॉस्पिटल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कार्यो की धीमी प्रगति होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य पूर्ण होने के बारे में जानकारी ली, जिसपर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कार्य चल रहा है तथा सभी अवशेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जायेगा, जिसपर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराते हुए जल्द से जल्द हैण्डओवर की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाये। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के द्वारा चिल्डेªन हॉस्पिटल में कराये जा रहे गैस पाइप लाइन, ऑक्सीजन पाइलन लाइन एवं बेड हेड पैनल का कार्य प्रत्येक दशा में जून माह तक पूर्ण कर हस्तांतरित कराने के लिए कहा है। उन्होंने प्राचार्य व मुख्य अधीक्षक से चिल्डेªन हॉस्पिटल में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराते हुए माह-सितम्बर तक चिल्डेªन हॉस्टिपल को पूर्णतः क्रियाशील करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लेट-लतीफी नहीं होनी चाहिए।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम के द्वारा कार्डिंयोलॉजी विभाग के विस्तार के कार्य का निरीक्षण किया, जिसमें कार्डियोंलॉजी बिल्डिंग में द्वितीय तल का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा प्रथम तल के हैण्डओवर की कार्यवाही पूर्ण है, लेकिन अभी उपयोगिता में नहीं है। कार्यदायी संस्था के द्वारा बताया गया कि कार्य प्रगति पर है तथा 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष सभी कार्यो को अगस्त माह तक पूर्ण करा लिया जायेगा और कार्य की धीमी प्रगति होने के कारण कांट्रैक्टर पर 4 प्रतिशत की एलडी आरोपित की गयी है। जिलाधिकारी ने द्वितीय तल के सभी कार्यों को माह अगस्त तक पूर्ण कराने के साथ-साथ प्रथम तल के अवशेष कार्यों को भी पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही किए जाने तथा प्रथम तल व सीढ़ियों पर रखे गये निष्प्रयोज्य सामानों की नीलामी कराकर भवन को खाली कराने के निर्देश दिए है। उन्होंने निष्प्रयोज्य सामानों को हटवाकर प्रथम तल के दरवाजें, खिड़कियों व फिनिशिंग के कार्य को पूर्ण कराने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराते हुए उपयोगिता में लाए जाने के निर्देश दिए है।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने गायनोलॉजी के विस्तारीकरण का कार्य, जिसमें भूतल व प्रथम तल का निर्माण हुआ है और उसके ऊपर द्वितीय तल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है एवं मानसिक रोग विभाग के भवन के ग्राउंड फ्लोर के ऊपर प्रथम तल का निर्माण हो रहा है, का निरीक्षण किया और प्राचार्य से दोनो निर्माणाधीन कार्यों के पूर्ण होने के पूर्व ही सभी आवश्यक उपकरण तथा सामग्रियां क्रय किए जाने के निर्देश दिए है, जिससे कार्य पूर्ण होते ही भवन की उपयोगिता प्रारम्भ हो सके। उन्होंने क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के निर्माण की भौतिक प्रगति की जानकारी ली, जिसपर बताया गया कि इसके अन्तर्गत 30.18 करोड़ की लागत से दो भवन- ग्राउंड प्लस 3, ग्राउंड प्लस-2 बनाया जा रहा है, जिसका 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा अवशेष कार्य को अक्टूबर-2026 तक पूर्ण कर लिया जायेगा, जिसपर उन्होंने अवशेष बजट की मांग करने तथा अवशेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राचार्य व कार्यदायी संस्थाओं को पूरे चिकित्सालय परिसर का विस्तृत लेआउट बनाये जाने के लिए कहा है, जिसमें सभी मौजूदा बिल्डिंग व प्रस्तावित भवन स्पष्ट दर्शित हो, जिससे अन्य कार्यों एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग किए जाने हेतु विस्तृत योजना बनायी जा सके। उन्होंने चिकित्सालय परिसर के विस्तार हेतु डीपीआर बनाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने ट्रामासेंटर को दूसरे उचित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने हेतु प्रजोजल बनवाये जाने तथा उसे माननीय उच्च न्यायालय के संज्ञान में लाते हुए ट्रामासेंटर निर्माण के लिए अनुमति प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा है। ट्रामासेंटर व हॉस्टल के निर्माण हेतु चिन्हित भूमि का आज ही उपजिलाधिकारी सदर के माध्यम से मूल्यांकन कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने क्रिटिकल केयर यूनिट के सामने मल्टीलेवल पार्किंग का प्रपोजल बनवाये जाने तथा उसके निर्माण हेतु माननीय उच्च न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी के द्वारा मेडिकल कालेज परिसर में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल, न्यू स्पोटर्स काम्पलेक्स, जिमनेजियम व योग ध्यान केन्द्र निर्माण कार्य, टाइप-4 के 18 आवास, 50 यूजी तथा 49 पीजी सीट वृद्धि हेतु भवन निर्माण सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्य की भौतिक प्रगति का जायजा लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है।

जिलाधिकारी ने प्राचार्य व मुख्य अधीक्षक से कालेज व चिकित्सालय में कड़ा अनुशासन बनाये रखने तथा उसकी लगातार मानीटरिंग करने के लिए कहा है। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के साथ-साथ उनके साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने चिकित्सक व अन्य स्टॉफ की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए उनका व्यवहार मरीजों के प्रति संवेदनशील व विनम्र हो तथा उनके इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये, के निर्देश दिए है। उन्होंने प्राचार्य से मरीजों के देखरेख की एक एसओपी बनाये जाने और उसी के अनुसार इलाज की व्यवस्थायें किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने प्राचार्य से चिकित्सालय व कालेज में साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सकीय सेवाएं, दवाएं तथा आवश्यक उपकरणों को क्रियाशील रखने सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ व सुचारू बनाते हुए चुस्त-दूरूस्त रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 ए0के0 तिवारी, नगर मजिस्टेªट श्री विनोद कुमार सिंह, प्रधानाचार्य मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज डॉ0 वी0के0 पाण्डेय, मुख्य अधीक्षक स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, परियोजना निदेशक श्री भूपेन्द्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री जी0पी0 कुशवाहा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री संतोष कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

गांव हो या नगर, भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

बढ़ती बिजली मांग के बीच उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सभी इकाइयों को पूरी दक्षता से संचालित करने के निर्देश*

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की ऊर्जा विभाग समीक्षा, कहा बिलिंग और कलेक्शन क्षमता बढ़ाने की जरूरत

ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत व भरोसेमंद बनाने पर मुख्यमंत्री का जोर

फीडर वाइज मॉनीटरिंग करके जवाबदेही तय हो, शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री

इस वर्ष 30,339 मेगावाट तक पहुंची प्रदेश की पीक बिजली मांग, निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

*वर्ष 2026 में बढ़ी बिजली मांग के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था मजबूत रखने पर मुख्यमंत्री का जोर*

*आंधी-तूफान के बावजूद विद्युत व्यवस्था बहाल रखने के लिए त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश*

*हेल्पलाइन कॉल सेंटर का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्था की पड़ताल करें : मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री व राज्य मंत्री को दिए निर्देश*

*आम जन को बिजली आपूर्ति के बारे में सही जानकारी दें, समाधान कब तक, यह भी बताएं: मुख्यमंत्री*

*स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को समय पर और सही बिल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए : मुख्यमंत्री*

*प्रदेशवासियों को बेहतर, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री*

अधिवक्ता टीम को पछाड़ कर पत्रकार टीम ने की शानदार जीत की दर्ज क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन

चोपन/सोनभद्र

ऑल इंडिया एससी-एसटी रेलवे एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AISC/STREA) चोपन की खेल शाखा द्वारा आयोजित फोर बाउंड्री नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को अधिवक्ता और पत्रकार टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में पत्रकार टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

रेलवे ग्राउंड चोपन में आयोजित इस मुकाबले के मुख्य अतिथि रेलवे के वरीय अनुभाग अभियंता (कार्य) आर.बी. पाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि डी.डी. न्यूज के जिला सवांददाता सुनील तिवारी उपस्थित रहे। मैच शुरू होने से पहले राष्ट्रगान का आयोजन किया गया, जिसके बाद खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर खेल का शुभारंभ किया। आयोजन समिति की इस पहल की खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों ने सराहना की। समिति के सदस्यों का कहना है कि राष्ट्रगान के साथ खेल की शुरुआत खिलाड़ियों में देशभक्ति और अनुशासन की भावना को मजबूत करती है। मुकाबले में अधिवक्ता टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 76 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ता टीम ने जीत के लिए भरसक प्रयास किया, लेकिन पत्रकार टीम के अनुशासित गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के सामने लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और टीम आल आउट हो गईं, परिणामस्वरूप पत्रकार टीम ने मैच जीतकर अगले चरण में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।

मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जॉनी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें मुख्य अतिथियों और आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चीफ टीएलसी वी.के.डी. द्विवेदी, एससी-एसटी सचिव मनीष कुमार,महेंद्र प्रसाद ,संतोष राम , सीएलआई अलीमुद्दीन, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अवधेश, समाजसेवी संजय जैन, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष महफूज आरिफ, सीएलआई सतेंद्र, डी.एन. महतो, हेल्थ इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह यादव, मनोज चौबे, बृजभान, विनीत ,, सोनू, विजय विश्वकर्मा, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी कमेंटटेटर शाकिब खान ने बताया कि प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और विभागों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों को शामिल किया गया है। यही वजह है कि यह आयोजन जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है और खेल प्रेमियों का भरपूर समर्थन प्राप्त कर रहा है। अंपायर की भूमिका में वाहिद हुसैन और रुपेश पासवान रहे, जबकि स्कोरर की सोनू ने भूमिका निभाई। वही पत्रकार टीम की जीत की ख़ुशी के पल को यादगार बनाते हुए डीडी न्यूज़ सवांददाता सुनील तिवारी ने खिलाडियों को लस्सी पिलाकर खुशी को दुगना कर दिया, सुनील तिवारी ने कहा चौथा स्तम्भ कहे जाने वाले पत्रकार लेखनी में माहिर होने के साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बता दिया की टीम के तौर पर एक साथ मेहनत करने का नतीजा सकारात्मक ही होता है। उन्होने अगले चरण के लिए शुभकामनायें भी दी।

बसपा सुप्रीमो मायावती की अध्यक्षता में लखनऊ में प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर… बहुजन समाज पार्टी ने आगामी चुनावों और संगठन को लेकर बड़ा मंथन शुरू कर दिया है। बसपा सुप्रीमो Mayawati की अध्यक्षता में लखनऊ में प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है, जिसमें प्रदेश भर के पदाधिकारी शामिल हुए हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और नई जिम्मेदारियों को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

लखनऊ में आयोजित बहुजन समाज पार्टी की अहम बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से आए पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का नेतृत्व स्वयं बसपा सुप्रीमो Mayawati कर रही हैं। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर गहन मंथन किया जा रहा है।

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी इसे और भी महत्वपूर्ण बना रही है। प्रदेश स्तरीय इस बैठक में राष्ट्रीय महासचिव Satish Chandra Mishra, राष्ट्रीय संयोजक Akash Anand और उत्तर प्रदेश अध्यक्ष Vishwanath Pal सहित कई प्रमुख नेता मौजूद हैं। पार्टी के भविष्य के कार्यक्रमों और संगठनात्मक ढांचे को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर अहम दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। साथ ही संगठन में फेरबदल करते हुए कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं। पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का संदेश देने की तैयारी में है।

कुल मिलाकर लखनऊ में हो रही बसपा की यह बैठक आने वाले राजनीतिक समीकरणों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व कौन से बड़े फैसलों और नई रणनीति का ऐलान करता है।

उत्तर प्रदेश में बढ़ती विद्युत डिमांड को देखते हुए सीएम आवास पर हाई लेवल मीटिंग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सरकार अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई है।
प्रदेश के कई जिलों से बिजली आपूर्ति बाधित होने और अघोषित कटौती की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। भीषण गर्मी के बीच जनता को हो रही परेशानियों के कारण कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले हैं। वहीं सत्ता पक्ष के कई विधायकों ने भी अपने क्षेत्रों में बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है।
इन्हीं शिकायतों और जनसमस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक बुलाई है। बैठक में ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा समेत बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
बताया जा रहा है कि बैठक में प्रदेशभर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था, ट्रिपिंग की समस्या, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हो रही कटौती तथा उपभोक्ताओं को राहत देने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
सरकार का फोकस साफ है—भीषण गर्मी के दौरान जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जहां कहीं भी लापरवाही या तकनीकी खामियां हैं, उन्हें तत्काल दूर किया जाए।
फिलहाल सभी की निगाहें इस हाई लेवल बैठक पर टिकी हैं, क्योंकि इसके फैसलों का सीधा असर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ने वाला

सड़क दुर्घटना:अनियंत्रित पल्सर मोटरसाइकिल खाई में कूदी, दुर्घटनास्थल पर ही बाइक सवार दोनों युवकों की मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन
सोनभद्र /चोपन

चोपन थाना क्षेत्र के सलखन-पटवध स्थित वाराणसी शक्ति-नगर मुख्य राजमार्ग से लगे तारा पेट्रोल टंकी के समीप शनिवार की शाम तकरीबन 8:00 बजे गुरमा कालोनी से चोपन की ओर जाते समय तेज घुमाव तथा तीव्र गति होने के कारण पल्सर मोटरसाइकिल यू.पी. 64 बी.सी./ 3622 अनियंत्रित होकर खाई में कूद गई जिस पर सवार विकास गोंड़ (20वर्ष)पुत्र अजय सिंह गोंड तथा मनीष कुमार गोंड (22वर्ष)पुत्र मगरू गोंड़ निवासी गुरमा कालोनी मझियान बस्ती की तत्काल घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर चोपन पुलिस मौके- ए-वारदात दुर्घटना घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआवना करते हुए जांच पड़ताल कर शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय रावर्ट्सगंज भेज दिया।इस घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली,परिजनों में कोहराम मच गया तथा उनका रो-रो कर बुरा हाल था।

सोनभद्र में बीजपुर के एनटीपीसी पुनर्वास कालोनी में बिजली वितरण को लेकर त्राहि त्राहि शांतिनगर समेत कई इलाकों में ग्रामीण परेशान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय कुमार

सोनभद्र के बीजपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने भीषण गर्मी के बीच स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एनटीपीसी की बिजली वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बीजपुर, शांतिनगर, डोडहर और पुनर्वास क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि इन इलाकों में रोजाना आठ घंटे से भी कम बिजली मिल रही है। कई बार स्थिति ऐसी होती है कि महज पांच मिनट बिजली देने के बाद आधे घंटे तक कटौती कर दी जाती है। लगातार हो रही इस बिजली कटौती से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनटीपीसी ने पहले शांतिनगर के लिए अलग ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब प्रबंधन अपने वादे से पीछे हटता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि वर्ष 1992 में सुप्रीम कोर्ट ने एनटीपीसी को क्षेत्र में बिजली और पानी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन आज भी हालात संतोषजनक नहीं हैं।


बिजली संकट का सबसे ज्यादा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में प्राकृतिक जल स्रोत पहले ही खत्म होते जा रहे हैं और अधिकांश लोग बोरिंग के पानी पर निर्भर हैं। लेकिन लगातार बिजली कटौती के कारण पानी की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। 43 डिग्री तापमान में महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ती गर्मी और बिजली संकट के चलते कई परिवार अपने बच्चों और परिजनों को दूसरे शहरों में भेजने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

वहीं इस पूरे मामले पर जब एनटीपीसी परियोजना प्रमुख से टेलीफोनिक बात की गई, तो उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली कनेक्शनों की संख्या बढ़ने और ओवरलोडिंग की समस्या के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली वितरण व्यवस्था को बिजली विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है।

फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि भीषण गर्मी के इस दौर में बीजपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को नियमित बिजली और पेयजल की सुविधा कब मिलेगी? क्या प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाएंगे, या फिर क्षेत्रवासियों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना में रिश्वतखोरी का आरोप,युवा समाजसेवी ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड के ग्राम पंचायत गुलालझरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर पात्र लाभार्थियों से रिश्वत मांगे जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस बाबत दुद्धी विधानसभा के समाजवादी पार्टी छात्र सभा अध्यक्ष तथा युवा समाजसेवी अजय यादव ने उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को अलग-अलग प्रार्थना पत्र सौंपकर ग्राम प्रधान त्रिभुवन यादव के खिलाफ जाँच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र में आरोप है कि ग्राम पंचायत में पात्र और जरूरतमंद व्यक्तियों के नाम आवास सूची में जोड़ने तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के एवज में प्रत्यक्ष रूप से 5,000 रुपये वसूलने की मांग की जा रही थी। आरोप के मुताबिक जिस व्यक्ति ने यह अवैध मांग अस्वीकार की, उस पर बार-बार पैसे देने के लिए दबाव बनाया गया। अजय यादव का दावा है कि घटना का वीडियो प्रमाण भी मौजूद है जिसमें पैसे मांगते हुए सुना व देखा जा सकता है ।युवा समाजसेवी ने कहा कि यदि वीडियो की तकनीकी और निष्पक्ष जाँच कराई जाए तो वास्तविक स्थितियाँ उजागर होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना गरीब, मजदूर और असहाय लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाएँ हैं; ।

ऐसे में इनके नाम पर रिश्वत वसूलना सरकार की नीतियों और प्रशासनिक छवि को धूमिल करता है तथा गरीबों का प्रशासन पर से विश्वास उठ जाता है।यादव ने आरोप लगाया कि इस अवैध वसूली के कारण कई पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित रह गए हैं और गाँव में भय व आक्रोश का माहौल बना हुआ है। उन्होंने उच्च स्तरीय, पारदर्शी जाँच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने, पात्र लाभार्थियों को बिना किसी रिश्वत के लाभ सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों को निगरानी के निर्देश जारी करने की मांग रखी है।मामला सार्वजनिक होते ही गांव व आस-पास के क्षेत्रों में चर्चा गरम हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर निष्पक्ष जाँच कराई जाती है तो और भी तथ्य सामने आ सकते हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

संघर्ष समिति द्वारा दुद्धी को जिला बनाओ की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।”दुद्धी को जिला बनाओ विकास कराओ चुनावी वादा पूरा करो ” के बैनर तले दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर करीब एक बजे कचहरी गेट के मुख्य द्वार पर दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर चुनावी वादे न निभाने का आरोप लगाया। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वचन दिया था। उन्होंने मांग की कि इस वादे को पूरा कर दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित किया जाए ताकि क्षेत्र का विकास हो सके। पूरा क्षेत्र विकास की राह देख रहा है लेकिन विकास की राह कहीं बहुत दूर तक दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों के हाथों में काम नहीं बेरोजगार होकर घूम रहे हैं।
पदाधिकारियों का कहना था कि दुद्धी पिछले कई दशकों से जिला बनाने की मांग कर रहा है और सभी मानदंड पूरे करता है। इसके बावजूद भारी राजस्व देने वाले इस क्षेत्र को जिला का दर्जा नहीं मिला। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर कैलाश कुमार गुप्त,प्रेम चन्द्र यादव ,पूर्व सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,रामपाल जौहरी, मुरारी अग्रहरि ,सन्नोबनो,प्रेम चन्द्र गुप्ता,अमरावती देवी,आदर्श कुमार ,राकेश अग्रहरि,आशीष गुप्ता,अभिनव जायसवाल,सुरेंद्र यादव ,चंद्रमणि सहित काफी संख्या में संघर्ष समिति के लोग व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

दुद्धी में अनियोजित बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित, पेयजल आपूर्ति भी बाधित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। प्रदेश सरकार द्वारा शेड्यूल जारी होने के बावजूद दुद्धी और आसपास के अनेक क्षेत्रों में इन दिनों अनियोजित बिजली कटौती जारी है। दिन हो या रात, कस्बा व आसपास के मोहल्लों में चार से छह घंटे तक अघोषित रूप से बिजली चले जाने से छात्र, किसान, छोटे व्यापारी और अन्य नागरिक बेहाल हैं। गर्मी के मौसम में पंखे और कूलर न चल पाने के कारण परेशानी और बढ़ गई है।बिजली कटौती का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा है। जलकल विभाग की पाइपलाइन व मोटरों को विद्युत आपूर्ति अनियमित होने के कारण कई मोहल्लों में पानी समय पर नहीं मिल पा रहा है। लोगों को दूर जाकर हैंडपम्प से पानी भरना पड़ रहा है, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को कष्ट उठाना पड़ रहा है।छोटे व्यापारियों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। फ्रिज, डीप फ्रीज़र, वर्कशॉप उपकरण और अन्य बिजली निर्भर व्यावसायिक इकाइयों को रोज़ाना घाटा उठाना पड़ता है। ग्रामीण इलाकों में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल और पंप सेट पर्याप्त समय तक न चल पाने से खेतों की सिंचाई बाधित हो रही है, जिससे फसलों पर भी असर पड़ने की आशंका है।स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग और प्रशासन से त्वरित व स्थायी समाधान की मांग की है। अनेक लोग शिकायत कर रहे हैं कि विभाग के फोन नहीं उठते और उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहे। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या के हल न होने पर जन आंदोलन की नौबत आ सकती है।दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने कहा कि लंबे समय तक बिजली कटने से न सिर्फ सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि वरिष्ठ वकीलों के कार्यालयों में फाइलों, रिकॉर्ड और कार्यालयीय कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। पांडे ने प्रशासन व विद्युत विभाग से शीघ्र और स्थायी समाधान की मांग की और कहा कि उचित कार्रवाई न होने पर बार एसोसिएशन जनता के साथ मिलकर आवाज उठाने पर विचार करेगा।विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वितरण प्रणाली में तकनीकी खराबियाँ आ रही हैं और उन्हें दूर करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि समस्या जल्द ही सुलझा ली जाएगी, पर स्थानीय लोग विभाग के इस स्पष्टीकरण से असंतुष्ट हैं और तेज सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम सूची जारी,ग्रामवासियों ने सत्यापन में की भागीदारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विकास खंड के ग्राम पंचायत मल्देवा में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम सूची को खुले आम बैठक के माध्यम से सार्वजनिक कर ग्रामीणों से सत्यापन कराया गया। बैठक में उपस्थित लोगों को बताया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को आवास सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी योग्य व्यक्ति को वंचित नहीं रखा जाएगा।
ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश दुबे ने सार्वजनिक रूप से सूची पढ़कर सुनाई, जबकि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राम विशाल चौरसिया विशेष रूप से मौजूद रहे। राम विशाल ने कहा कि योजना के कार्यान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता तथा निष्पक्षता बरती जाएगी और सभी पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई होगी।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सीता जायसवाल ने की। ग्राम प्रधान सीता जायसवाल तथा प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल ने कहा कि ग्राम पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ काम कर के लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिये प्रतिबद्ध है।
बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गोंड़, खरवार, पनिका, पठारी तथा अन्य जनजातीय समाज के पात्र परिवारों को भी आवास मुहैया कराया जाएगा। साथ ही 50 वर्ष तक की विधवा महिलाओं को जाति या समुदाय से ऊपर उठकर पात्रता के आधार पर लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।
अंत में ग्राम सभा से अपील की गई कि वे सूची का निष्पक्ष सत्यापन कर कार्रवाई में सहयोग दें, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।

प्रयागराज के SRN अस्पताल के 20 डॉक्टर निलंबित, 3 दिन हड़ताल और बवाल के बाद बड़ी कार्रवाई; वकीलों का धरना समाप्त

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन हॉस्पिटल) में तीन दिन से चल रही डॉक्टरों की हड़ताल और बवाल के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर वीके पांडे ने घटना की जांच समिति की संस्तुति के बाद ट्रामा सेंटर के 20 डॉक्टरों को निलंबित कर दिया है।

ये डॉक्टर हुए निलंबित
निलंबित होने वाले डॉक्टरों में 10 जूनियर और शेष सीनियर रेजिडेंट आर्थो विभाग के हैं। बताया गया है महिला वकीलों से मारपीट के दौरान यही डाक्टर ड्यूटी पर तैनात थे। मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉक्टर मोहित जैन और जांच समिति के सदस्य प्रोफेसर डॉक्टर दिलीप चौरसिया ने बताया कि जांच अभी चल रही है। डॉक्टरों को निलंबित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद भी यह देखा जाएगा की किसकी क्या गलती थी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वकीलों का धरना-प्रदर्शन समाप्त
वहीं इस कार्रवाई के बाद अधिवक्ताओं का गुस्सा ठंडा पड़ गया और उनका धरना-प्रर्दशन समाप्त हो गया। वहीं डॉक्टर अभी काम पर नहीं लौटे हैं और वे अस्पताल परिसर में समूह में खड़े हैं। इस कार्रवाई के बाद डॉक्टर काम पर लौटेंगे या नहीं, इस पर अभी संशय है।

प्रशासन हर स्थिति से निपटने को तैयार
माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद डॉक्टरों का गुस्सा भड़क भी सकता है। प्रशासन हर स्थिति से निपटने पर विचार कर रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के साथ बैठक करने जा रहे हैं।

परीक्षा धाधली में बड़ा खुलासा 7 गिरफ्तार 50 लाख रुपए बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

ग्रेटर नोएडा में STF ने SSC, CAPF, SSF कांस्टेबल और असम राइफल्स भर्ती परीक्षा में धांधली करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़। मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान समेत 7 आरोपी गिरफ्तार किए गिरोह प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग एप के जरिए परीक्षा केंद्रों का सर्वर बायपास कर पेपर सॉल्व कराता था। अभ्यर्थियों से 4 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। आरोपियों के कब्जे से 50 लाख मोबाइल, लैपटॉप, प्रवेश पत्र और अभ्यर्थियों की सूची बरामद हुई*

पत्नी की हत्या करने वाले पति को 10 साल की सजा, अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के चर्चित ललिता हत्याकांड मामले में शुक्रवार को अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोषी पति को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह की अदालत ने सुनवाई पूरी करने के बाद आरोपी रामप्यारे को पत्नी की हत्या का दोषी मानते हुए 11 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया। अदालत ने स्पष्ट किया कि जुर्माना अदा न करने पर दोषी को तीन माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। साथ ही जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समाहित किए जाने का आदेश भी दिया गया।
मामला दुद्धी थाना क्षेत्र के कोरची टोला बियादामर गांव से जुड़ा है, जहां लगभग दो वर्ष पूर्व घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मृतका ललिता के देवर शिवकुमार पुत्र स्वर्गीय राम सहाय ने दुद्धी थाने में तहरीर देकर बताया था कि 1 अप्रैल 2023 की शाम करीब 7 बजे उसका बड़ा भाई रामप्यारे अपनी पत्नी ललिता (45) के साथ गाली-गलौज कर रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डंडे से हमला कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में ललिता के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों द्वारा घायल महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पति रामप्यारे के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने अदालत से दलील दी कि आरोपी का यह पहला अपराध है, इसलिए उसे न्यूनतम दंड दिया जाए। वहीं जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी ज्ञानेंद्र शरण रॉय ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कठोर सजा की मांग की।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों, गवाहों के बयान और पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों का गहन अवलोकन करने के बाद आरोपी को दोषी करार दिया। अदालत के फैसले के बाद न्यायालय परिसर में मामले की चर्चा होती रही। वहीं मृतका के परिजनों ने फैसले पर संतोष जताते हुए इसे न्याय की जीत बताया।

शक्तिनगर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, ₹2.40 लाख की चोरी की सरिया बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में लगातार बढ़ रही कबाड़ चोरी और अवैध कबाड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की लगभग 40 कुंतल लोहे की सरिया से लदे एक पिकअप वाहन को बरामद करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद सरिया की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं इस पूरे मामले में शामिल एक अन्य कबाड़ी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि जनपद में बढ़ती चोरी की घटनाओं और कबाड़ के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय थी। इसी क्रम में चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि चोरी की लोहे की सरिया को पिकअप वाहन में लादकर ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में लोहे की सरिया बरामद हुई। पूछताछ में वाहन सवार दोनों युवक सरिया के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ और पता चला कि बरामद सरिया चोरी की है, जिसे कबाड़ी के माध्यम से बेचने की तैयारी थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को भी कब्जे में ले लिया। मामले में शामिल एक अन्य कबाड़ी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जनपद में कबाड़ चोरी करने वाले गिरोहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध कबाड़ी कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कबाड़ माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
शक्तिनगर पुलिस की इस सफलता को जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसे गिरोहों पर लगातार सख्ती बरतने की मांग की है।

सोनभद्र में शुरू होगी जनगणना-2027 की बड़ी कवायद घर-घर पहुंचेगी टीम इन 34 सवालों के जवाब देने होंगे जरूरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में शामिल जनगणना-2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण ‘‘मकान सूचीकरण एवं मकान गणना’’ (हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस-HLO) के अंतर्गत जिले में जल्द ही घर-घर सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नियुक्त प्रगणक प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर मकानों, परिवारों तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां जुटाएंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया कि जनगणना का कार्य पूरी तरह शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया के अनुसार ही संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान प्रगणक केवल तयशुदा प्रश्न ही पूछेंगे और नागरिकों को भी केवल उन्हीं सवालों के जवाब देने हैं। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान एवं परिवार से जुड़ी कुल 34 प्रकार की सूचनाएं एकत्र की जाएंगी। इनमें भवन क्रमांक, मकान संख्या, भवन का उपयोग, मकान की स्थिति, स्वामित्व, दीवार, छत एवं फर्श की निर्माण सामग्री, परिवार द्वारा उपयोग किए जा रहे कमरों की संख्या, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम सहित अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल हैं।
इसके अलावा पेयजल का मुख्य स्रोत, बिजली कनेक्शन, शौचालय एवं स्नानघर की उपलब्धता, रसोईघर, खाना बनाने में प्रयुक्त ईंधन, एलपीजी अथवा पीएनजी गैस कनेक्शन, जल निकासी व्यवस्था, कचरा निस्तारण प्रणाली जैसी सुविधाओं की भी जानकारी दर्ज की जाएगी। वहीं मोबाइल फोन, इंटरनेट, कंप्यूटर या लैपटॉप, टेलीविजन, रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल, कार एवं बैंकिंग सुविधा जैसी आधारभूत परिसंपत्तियों का भी विवरण लिया जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक यह सर्वेक्षण केवल आंकड़े जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की रूपरेखा तय करने में इसकी अहम भूमिका होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, पेयजल, बिजली, शहरी एवं ग्रामीण विकास जैसी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जनगणना से प्राप्त आंकड़े आधार बनेंगे।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सही, स्पष्ट एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया ताकि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

ओबरा रॉबर्ट्सगंज, डाला और अनपरा में चला धूल नियंत्रण का महाअभियान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलाधिकारी ने मौके की स्थिति पर रखी पैनी नजर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद में लगातार बढ़ रहे धूल प्रदूषण और खराब होती वायु गुणवत्ता को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने डस्ट नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की कमान खुद संभालते हुए नगर पंचायत ओबरा, नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, नगर पंचायत डाला और अनपरा क्षेत्र में स्मोक गन के माध्यम से किए जा रहे छिड़काव कार्य की लाइव मॉनिटरिंग की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे मैदान से जुड़कर उन्होंने न केवल कार्यों की हकीकत देखी, बल्कि मशीनें चला रहे ड्राइवरों और मौके पर मौजूद अधिकारियों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं की पड़ताल भी की।
जिलाधिकारी ने स्मोक गन वाहनों के संचालन, छिड़काव के समय, प्रभावित क्षेत्रों और प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि जिन इलाकों में धूल और प्रदूषण की समस्या अधिक है, वहां नियमित और प्रभावी छिड़काव हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वातावरण स्वच्छ बनाया जा सके।
लाइव निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई स्थानों की वास्तविक स्थिति को गंभीरता से देखा और अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि डस्ट नियंत्रण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा जनपद में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि नगर निकाय, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करें। सड़कों, खनन प्रभावित क्षेत्रों, औद्योगिक इलाकों और अधिक धूल वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमित छिड़काव कराया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में उड़ती धूल लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए प्रशासन किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतेगा।
प्रशासन की इस सख्ती और सक्रिय निगरानी से नगर निकायों में भी हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर कार्यों की मॉनिटरिंग करने और प्रतिदिन की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जनपद में डस्ट नियंत्रण को लेकर और बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को प्रदूषण से राहत मिल सके और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो सके।

दुद्धी: मनबसा चौराहे पर अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, सीएचसी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के मनबसा गांव के चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार घायल की उम्र लगभग 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है और सिर पर गंभीर चोट के निशान मौजूद हैं।घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने सूचना पर पुलिस को अवगत कराया। पीआरडी टीम तथा एम्बुलेंस 102 की ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर ने घायल को प्राथमिक उपचार हेतु तत्काल दुद्धी सीएचसी पहुंचाया। जहां उसे फिलहाल अचेतावस्था में qà कर आवश्यक चिकित्सा प्रदान की जा रही है।कोतवाली पुलिस घायल की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, किंतु उसकी बेहोशी के कारण अभी तक पहचान संभव नहीं हो पायी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी के पास इस व्यक्ति की पहचान या घटना संबंधी कोई जानकारी हो तो वे तुरंत कोतवाली से संपर्क करें। मामले की आगे की जांच चल रही है। समाचार लिखे जाने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी।

सब्जी लेकर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर ,मौत,कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।तहसील क्षेत्र अंतर्गत के बभनी थाना क्षेत्र में बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक पिकअप की टक्कर से 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह हादसा महावीर ढाबा के पास हुआ। मृतका की पहचान करमहल टोला असनाडांड निवासी फूलमती पत्नी देवशाय (52) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार फूलमती बभनी कस्बे से सब्जी लेकर ऑटो से घर लौट रही थीं। अपने घर के पास ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रही थीं तभी बभनी से आसनडीह की ओर जा रही एक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से फूलमती सड़क पर गिर गईं और सिर में गंभीर चोटें आईं।परिजन तुरंत बभनी पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किए। सूचना पाकर सब-इंस्पेक्टर मक्खन लाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को एंबुलेंस से सी सीएचसी बभनी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद मौके से भाग रही पिकअप को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

ईदुल अजहा की तैयारियों पर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा-यातायात व्यवस्था पुख्ता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। आज शुक्रवार को ईदुल अजहा (बकरीद) को लेकर शांति समिति की विशेष बैठक महिला थाना परिसर में आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने की। समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों, धार्मिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर त्योहार की सुरक्षा, नमाज़ आयोजन और यातायात प्रबंधन पर गहन विचार-विमर्श किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी ईदुल अजहा का त्योहार गुरुवार, 28 मई को मनाया जाएगा। इस्लाहुल मुसलिमीन कमेटी ने जानकारी देते हुए बताया कि ईदगाह मक्तब जब्बारिया और रजा जामा मस्जिद में अपने निर्धारित समय पर नमाज़ अदा की जाएगी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने कहा कि प्रतिबंधित पशु क़ुरबानी पर रोक रहेगी तथा कटे हुए पशुओं के अवशेष नगर पंचायत दुद्धी के निर्देशानुसार निर्धारित गड्ढे में एकत्र कर दफन कराये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं।
यातायात प्रबंधन के मद्देनजर नगर में अक्सर जाम के स्थिति से भी समाधान की बात कही।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, फत्तेह मोहम्मद खान, कन्हैया लाल अग्रहरि, कलीमुल्ला खान,भाजपा मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, कमलेश सिंह कमल, सभासद सुमित सोनी, मनीष जायसवाल सहित दर्जनों नागरिक उपस्थित रहे ।पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत ने नागरिकों से अपील की है कि वह त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाएँ, सार्वजनिक स्थानों पर असंगठित क़ुरबानी से परहेज़ करें तथा किसी भी असामान्य घटना या स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

एनटीपीसी रिहंद में ‘सपनों की उड़ान’ बालिका सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ

विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र):
NTPC Limited रिहंद के सीएसआर विभाग द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक माह तक चलने वाले बालिका सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का भव्य उद्घाटन 21 मई को तरंग प्रेक्षागृह में मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख संजय असाटी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संदीप नायक, परियोजना प्रमुख (सिंगरौली), श्रीमती प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा वनिता समाज, श्रीमती नीलू असाटी, अध्यक्षा वर्तिका महिला मंडल समिति, प्रणय कुमार नायक, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), सतेन्द्र कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन, एनटीपीसी विंध्याचल), माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम, एनटीपीसी विंध्याचल), उप समादेष्टा सीआईएसएफ प्रकाश, विभागाध्यक्षगण, वर्तिका महिला मंडल समिति की वरिष्ठ सदस्याएं, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संजय असाटी ने बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सशक्तीकरण का अर्थ है किसी को आत्मनिर्भर, मजबूत और आत्मविश्वासी बनाना। यह अभियान बालिकाओं को शैक्षिक सहयोग, कौशल विकास, व्यक्तित्व निर्माण एवं जीवन कौशल प्रशिक्षण प्रदान करता है।

कार्यशाला में शामिल बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी शक्ति, साहस और आशा की प्रतीक हैं तथा यहां से प्राप्त सीख को अपने आसपास के समाज में भी साझा करें।

इस अवसर पर मानव संसाधन विभागाध्यक्ष राजेश बोयपाई ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष सात विद्यालयों से कुल 140 बालिकाएं इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान बालिका सशक्तीकरण अभियान की पूर्व प्रतिभागियों एवं डीएवी स्कूल की छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही पूर्व वर्षों की प्रतिभागी बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए एनटीपीसी रिहंद के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में डीएवी स्कूल की उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पूर्व कार्यशाला की ‘जेम’ बालिकाओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

जगह-जगह अवैध पैथोलॉजी सेंटर और क्लीनिक बाप-बेटे का सिंडिकेट और वीडियो कॉल पर अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय बीजपुर में स्वास्थ्य विभाग की नाक के नीचे गरीब मरीजों की जिंदगी और जेब से खिलवाड़ का एक खौफनाक खेल चल रहा है।यहाँ अवैध शब्द का धंधा इस कदर फल-फूल रहा है कि गली-कूचों में अवैध क्लीनिक फर्जी पैथोलॉजी सेंटर और फर्जी नर्सिंग होम खुले हुए है।भीषण गर्मी के इस मौसम में जहाँ सरकारी व्यवस्थाएं सुस्त हैं वहीं इन यमराज के एजेंटों के यहाँ मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है।प्राइवेट प्रैक्टिस और शर्तिया इलाज के नाम पर सीधे-सीधे गरीब मरीजों का खून चूसा जा रहा है।बाजार में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे।यहाँ प्रत्येक बीमारी का इलाज करने का ठेका लेने वाला एक क्लीनिक खुला है।इस क्लीनिक का नेटवर्क बेहद शातिर है।बेटा तो किसी बड़े नामी अस्पताल में डॉक्टर है लेकिन बाप बीजपुर में अवैध क्लीनिक की कमान संभाले बैठा है।खेल समझिए बेटे के पास जो भी मरीज पहुँचता है उसे कमीशन और सेटिंग के तहत सीधे बाप के अवैध क्लीनिक पर रेफर कर दिया जाता है।इसके बाद बाप मरीजों को देखने और नकली इलाज के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलता है।यह बाप-बेटे का गठजोड़ स्वास्थ्य सेवा के नाम पर सीधे डकैती है।हद तो तब हो गई जब बीजपुर बाजार में चल रहे एक अल्ट्रासाउंड केंद्र की सच्चाई सामने आई।यह केंद्र इस वक्त पूरे इलाके में चर्चा और खौफ का विषय बना हुआ है।यहाँ अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट कोई डिग्रीधारी डॉक्टर नहीं बल्कि पूरी तरह नौसिखिये लड़के तैयार कर रहे हैं।जब इस पर सवाल उठाया जाता है तो अल्ट्रासाउंड संचालक का बेहद बेतुका और हैरान करने वाला दावा सामने आता है कि हम वीडियो कॉल पर बनारस के डॉक्टर से रिपोर्ट बनवाते हैं।क्या वीडियो कॉल पर देखकर मरीजों के पेट और अंदरूनी अंगों की सही जांच संभव है यह सीधे-सीधे मरीजों की जान से खिलवाड़ है।इसके अलावा पुनर्वास प्रथम में अवैध रूप से धड़ल्ले से एक्स-रे केंद्र का संचालन किया जा रहा है जिसके पास न तो कोई मानक हैं और न ही सुरक्षा के उपकरण।बीजपुर में ड्रग विभाग और स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत का आलम यह है कि जो दुकानें सिर्फ दवा बेचने के लिए खुली थीं आज वह पूरे चिकित्सालय और नर्सिंग होम बन चुकी हैं।

मेडिकल स्टोर की आड़ में पीछे अवैध रूप से बेड लगाकर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है बोतलें चढ़ाई जा रही हैं और बिना डिग्री के धड़ल्ले से सर्जरी तक की जा रही है।दर्जन भर से ज्यादा पैथोलॉजी सेंटर ऐसे हैं जो बिना किसी क्वालिफाइड पैथोलॉजिस्ट के मरीजों को गलत और मनगढ़ंत रिपोर्ट थमा रहे हैं।जब भी इन अवैध क्लीनिकों की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाती है तो स्वास्थ्य विभाग कागजी खानापूर्ति के लिए जांच टीम का गठन तो जरूर कर देता है।लेकिन इस टीम का खेल तो और भी निराला है।जांच अधिकारी मौके पर पहुंचने से पहले ही इन अवैध चिकित्सकों पैथोलॉजी सेंटरों और अल्ट्रासाउंड संचालकों को फोन पर सूचित कर देते हैं।अधिकारियों के कदम बीजपुर में पड़ने से पहले ही सारे अवैध संचालक शटर गिराकर गायब हो जाते हैं।

जांच टीम आती है सब ठीक है का बोर्ड लगाती है अपनी जेब गर्म करती है और वापस लौट जाती है।स्वास्थ्य विभाग की इस नाकामी और भ्रष्ट रवैये से तंग आकर अब ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।ग्रामीणों ने सोनभद्र के जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि इस पूरे सांठगांठ की जांच स्थानीय स्वास्थ्य विभाग से न कराकर किसी गोपनीय टीम से कराई जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि गरीब मरीजों का शोषण करने वाले इन फर्जी डॉक्टरों अवैध पैथोलॉजी और वीडियो कॉल वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर तत्काल छापेमारी कर इन्हें सील किया जाए और इनके संचालकों को जेल भेजा जाए।

एनटीपीसी रिहंद में सपनों की उड़ान बालिका सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)एनटीपीसी रिहंद सीएसआर विभाग द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक माह के लिए बालिका सशक्तीकरण अभियान का आयोजन किया जा रहा है।बालिका सशक्तीकरण अभियान कार्यशाला का भव्य उद्घाटन दिनांक 21 मई को तरंग प्रेक्षागृह में मुख्य अतिथि संजय असाटी परियोजना प्रमुख (रिहंद) विशिष्ट अतिथि संदीप नायक, परियोजना प्रमुख (सिंगरौली), श्रीमती प्रज्ञा नायक,अध्यक्षा, वनिता समाज,श्रीमती नीलू असाटी, अध्यक्षा,वर्तिका महिला मण्डल समिति, प्रणय कुमार नायक, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सतेन्द्र कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन,एनटीपीसी विंध्याचल),माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक, (अनुरक्षण एवं एडीएम,एनटीपीसी विंध्याचल), उप समादेष्टा सीआईएसएफ़ प्रकाश, विभागाध्यक्षगाण, वर्तिका महिला मण्डल समिति की वरिष्ठ सदस्याओं,यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा एनटीपीसी गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख असाटी ने बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर ज़ोर देते हुए बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सीएसआर द्वारा आयोजित इस अभियान की सराहना की।उन्होंने कहा कि सशक्तीकरण का अर्थ है किसी को शक्ति देना या किसी को मजबूत और आत्मविश्वासी बनाना।उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं है अपितु यह एक समग्र विकास पहल है जो शैक्षिक सहायता,कौशल निर्माण,व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल प्रशिक्षण प्रदान करता है।कार्यशाला में भाग ले रही बालिकाओं को संबोधित करते हुए श्री असाती ने कहा कि आप सभी ताकत,लचीलापन और आशा की प्रतिमूर्ति हो।आपको यहाँ से जो सीख मिले उसे अपने आस-पास में भी बाटना है।इसके पूर्व मुख्य अतिथि सहित अन्य आमंत्रित गणमान्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।मानव संसाधन विभागाध्यक्ष राजेश बोयपाई ने सभी गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए उनकी उपस्थिति के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यशाला के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष सात विद्यालयों से कुल 140 बालिकाएं प्रशिक्षण में शामिल हुई हैं।इस सुअवसर पर बालिका सशक्तीकरण अभियान के पूर्व प्रतिभागियों तथा डीएवी स्कूल में अध्ययनरत बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए सभी का मन मोह लिया तथा पूर्व के वर्षों में आयोजित कार्यशाला के अनुभवों को साझा करते हुए एनटीपीसी रिहंद के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान डीएवी में अध्ध्य्यनरत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पिछले कार्यशाला की जेम बालिकाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

डॉ. गणेश सिंह का निधन,दुद्धी ने खोया जनसंघ‑युग का पत्रकार और समाजसेवी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। जनसंघ के दौर के प्रतिष्ठित पत्रकार, समाजसेवी और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गणेश सिंह का 20 मई की शाम लगभग छह बजे हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे 95 वर्ष के थे। डॉ. सिंह का 5 जुलाई 1931 को जन्म हुआ था और इन्होंने लखनऊ से बीएचएमएस की डिग्री हासिल कर जीवन भर गरीब एवं जरूरतमंदों का निशुल्क व किफायती इलाज करते रहे।डॉ. सिंह न केवल चिकित्सकीय सेवा के लिए जाने जाते थे, बल्कि पत्रकारों में भी उनकी अलग पहचान थी। वे अपने पत्रकार मित्र स्व. जगदीश प्रसाद उर्फ ब्रह्मचारी के साथ जनसंघ के समय से स्थानीय व प्रादेशिक स्तर पर समाचार व सूचनाओं के आदान‑प्रदान में सक्रिय रहे और दुद्धी में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका निभाई। उनके निधन से स्थानीय पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में एक युग का अंत माना जा रहा है।समाज‑धार्मिक कार्यों में भी डॉ. सिंह अग्रणी रहे। श्री पंचदेव मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने मंदिर के कायाकल्प और समुचित प्रबंध के लिए वर्षों तक प्रयास किए। उनके नेतृत्व में प्रस्तावित मन्दिर कायाकल्प का कार्य लगभग दो करोड़ रूपये अनुमानित लागत से चल रहा था।जनसंघ के स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय रहने के कारण उन्होंने स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों को मार्गदर्शन भी दिया। उनकी सामाजिक व धार्मिक सक्रियता के कारण भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा अन्य सामाजिक‑धार्मिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार आज बृहस्पतिवार कनहर‑ठेमा नदी के संगम तट पर कर दिया गया।जहां पंचतत्व में विलीन हो गए। शोक संतप्त परिवार के साथ स्थानीय समाज, प्रशंसक और मित्रगण उपस्थित रहे।दुद्धी की समाजसेवा व पत्रकारिता की दुनिया ने एक युगपुरुष को खो दिया है; उनके योगदान को लंबे समय तक स्मरण रखा जाएगा।

भागवत कथा का भव्य समापन, बाल व्यास मानस जी ने दिए जीवन-मूल्यों के संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय तहसील परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का बुधवार को भव्य समापन हुआ। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक बाल व्यास मानस जी महाराज के वशिष्ठ वक्तृत्व ने श्रद्धालुओं का हृदय स्पर्श किया और कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति तथा मानव जीवन के मूल्यों पर गहन संदेश दिए। समापन में बाल व्यास मानस जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह समाज को नैतिकता, सहिष्णुता और आदर्श जीवन की ओर प्रवृत्त करने का उपयुक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भगवद्भागवतम में निहित शिक्षाएँ आज के सामाजिक पहलुओं परिवारिक संबंधों, संघर्ष समाधान और आध्यात्मिक उत्थान के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

कथावाचक ने विशेषकर युवाओं से सच्चाई, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा पर टिके रहने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर होली भी खेली गई, जिससे वातावरण और उल्लासपूर्ण बन गया। कथावाचक और श्रद्धालु अंत में विदाई के समय भाव-विभोर हो उठे; आयोजकों व श्रद्धालुओं ने भावभीनी मुद्रा में कथावाचक को विदा किया। इस दौरान सनातनी किन्नर अखाड़ा के सोनभद्र महामंडलेश्वर किरण नन्द गिरी भी अपने सहयोगियों के साथ मौजूद रहे। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया और आशीर्वाद लिया।
आरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया, जिससे परिसर में कथा श्रवण और प्रसाद ग्रहण करने वालों की भारी भीड़ देखी गई।आयोजक मंडल अध्यक्ष निरंजन जायसवाल संदीप तिवारी कृष्णा कुमार भोला अग्रहरि राकेश आजाद,सोनू जायसवाल ,मनीष जायसवाल ,ओमकार व अन्य ने मिलकर आयोजन की समुचित व्यवस्था सफल बताई। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और श्रद्धालुओं के सहयोग के बिना यह आयोजन संभव नहीं था। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया था, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में आयोजक मंडल ने सहयोगियों व स्थानीय जनता का धन्यवाद व्यक्त किया।

दुद्धी में उप निबंधक के कार्यालय का सब रजिस्ट्रार ललितपुर स्थानांतरित, पद फिलहाल रिक्त

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय तहसील के उप निबंधक कार्यालय के सब-रजिस्ट्रार का जिले से बाहर ललितपुर स्थानांतरण हो गया है। प्रशासनिक हलकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभी तक उक्त पद पर किसी नए अधिकारी की तैनाती के संबंध में कोई आधिकारिक आदेश नहीं आया है।
बताया गया है कि स्थानांतरित सब-रजिस्ट्रार लगभग एक वर्ष से दुद्धी में पदस्थ थे। उनकी ट्रांसफर के बाद यह पद रिक्त हो गया है, जिससे कार्यालय में कार्यभार और दस्तावेज़ी प्रक्रियाओं पर असर पड़ने की संभावना बताई जा रही है। स्थानीय नागरिक और कार्यालय कर्मचारी जल्द से जल्द रिक्त पद पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं ताकि रजिस्ट्रेशन संबंधी कार्य बिना बाधा के चल सके।

इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले दो गिरफ्तार, साइबर सेल ने की कार्रवाई

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर महिला व बाल यौन शोषण संबंधी अपराधों पर रोक के उद्देश्य से चलाए गए अभियान में साइबर सेल और स्थानीय थानों ने सफलता प्राप्त की है। गृह मंत्रालय के NCMEC पोर्टल व साइबर ट्रिपलाइन से मिली सूचनाओं के आधार पर सोशल मीडिया पर चाइल्ड पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड करने के दो मामलों की पहचान हुई, जो सोनभद्र से संबंधित पाए गए।
जांच में साइबर सेल ने मोबाइल, आईपी और प्रोफाइल विवरणों के आधार पर दो आरोपियों के नाम उजागर किए। प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम तथा थाना दुद्धी व थाना ओबरा की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त सैफ, पुत्र खजमुद्दीन, वार्ड नं. 9 रामनगर, दुद्धी व राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन, गुरुद्वारा गली, चोपन रोड ओबरा है
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक सोशल मीडिया ग्रुप में थे जहां इंस्टाग्राम व फेसबुक के जरिए एक-दूसरे को वीडियो भेजते व साझा करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि अश्लील वीडियो अधिक व्यूज़ और आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अपलोड किए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों की डिवाइसें जब्त कर तकनीकी सत्यापन जारी रखा है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी टीम में सोनभद्र साइबर थाना साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी,दुद्धी प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह , प्र0नि0 सदानन्द राय थाना ओबरा,दुद्धी चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हे0का0 संतोष पटेल व साइबर टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री दिखने पर तुरंत साइबर सेल या नजदीकी थाने को सूचित करें।

दुद्धी में संयुक्त बार संघ की बैठक में वेलफेयर शुल्क बढ़ाने व सीपीओ नंबर न होने पर प्रैक्टिस प्रतिबंध पर फैसला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय कचहरी के डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में आज बृहस्पतिवार को संयुक्त बार संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सिविल बार संघ के अध्यक्ष पंडित राम लोचन तिवारी ने की। बैठक में अधिवक्ताओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
पंडित राम लोचन तिवारी ने बताया कि अधिवक्ता वेलफेयर शुल्क में वृद्धि की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन अधिवक्ताओं को (सीपीओ) CPO नंबर नहीं मिला है, वे कचहरी परिसर में आकर स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस नहीं करेंगे और किसी मुवक्किल के कार्य भी नहीं करेंगे ,ऐसे अधिवक्ता केवल अपने सीनियर अधिवक्ता के साथ चैंबर में मौजूद रह सकते हैं।
बैठक में अधिवक्ताओं ने पेशे से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी अपने-अपने विचार प्रकट किए और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में दुद्धी बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडे,नंदलाल गुप्ता,जितेंद्र श्रीवास्तव, विजय सिंह, राकेश कुमार श्रीवास्तव, रामपाल चौधरी, प्रभु सिंह, आशीष गुप्ता, अभिनव जयसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

रजखड़ में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से दो घायल, सीएचसी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) ।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव के नेशनल हाईवे-39 पर गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई ,जिससे बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में घायल हुए दोनों में भुनेश्वर केशरी (60)पुत्र हरिहर प्रसाद निवासी बड़गवा थाना चोपन और पन्ना लाल केशरी (65) पुत्र स्व. रामदेव निवासी जोरवा थाना जुगैल चोपन शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार दोनों लोग किराना संबंधित सामान लेने दुद्धी बाजार आ रहे थे ,की रजखड़ गांव में स्पीड ब्रेकर के पास बाइक की संतुलन बिगड़ गई और दोनों अचानक गिर गए। घटना में दोनों के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एम्बुलेंस 102 भेजी गई। ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर ने दोनों घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह के देखरेख में उनका उपचार जारी है। डॉ. सिंह ने बताया कि घायलों को सिर पर गंभीर चोटें हैं और उनकी स्थिति के अनुसार आगे का इलाज किया जाएगा।
घटना की सूचना एम्बुलेंस कर्मचारियों ने परिजनों को दी। घटना की सूचना पर सीएचसी में परिजनों की भीड़ जुटी रही ।

भदोही पार्ट 3 तो यहां से शुरू हुआ विजय मिश्रा का पतन?”

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

2009 मे प्रदेश मे बसपा की सरकार थी और एमएलसी का चुनाव होना था, मिर्ज़ापुर – सोनभद्र सीट पर निगाह थी बनारस के माफिया श्याम नारायण सिँह उर्फ़ विनीत सिँह की | विनीत सिँह मिर्ज़ापुर आये और मिर्ज़ापुर की राजनीती मे पहली बार स्कार्पियो का काफिला सड़को पर दिखना शुरू हुआ,गोरा लम्बा ब्लैक बेल्ट आदमी एक अलग चार्म बनने लगा विनीत सिँह के लिए | मिर्ज़ापुर के लोकल क्षत्रियों ने उनका जोरदार समर्थन किया क्यूंकि उन्हें खुद एक दबंग व्यक्ति की जरूरत थी | और उस समय विनीत सिँह की हनक भी खूब थी, साफ शब्दों मे कहे तो वो उस समय प्योर माफिया थे, एक किस्सा है की उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे एक पटेल केंडिडेट की गाड़ी उनके सामने आ गई, उनके आदमियों ने बहुत बुरी तरीके से इतना हड़काया की वो फिर पुरे मन से चुनाव ही नहीँ लड़ पाए, उनके समर्थको को उठाया जाने लगा और अंततः एमएलसी का चुनाव विनीत सिंह बहुत आसानी से जीत गए |
फिर 2010 मे जिलापंचायत अध्यक्ष के चुनाव मे विनीत सिँह ने अपनी पत्नी को चुनाव जितवाकर खुद को मिर्ज़ापुर की राजनीती मे स्थापित कर लिया |

2010 मे बसपा की सरकार थी, इलहाबाद मे केबिनेट मंत्री थे नंदगोपाल गुप्ता नंदी जो की आज बीजेपी सरकार मे केबिनेट मंत्री है,नंदी पर RDX से हमला हुआ जिसमे 3 लोग मारे गए 2 पत्रकार और 1 नंदी का सहायक, नंदी बुरी तरह घायल हुऐ और करीब 6 महीने हॉस्पिटलाइज रहे
हमले का आरोप दिलीप मिश्रा और उनके रिश्तेदार विजय मिश्रा पर लगा, विजय मिश्रा 2 साल फरार रहे और दिल्ली मे बड़े नाटकीय ढंग से साधु वेश मे गिरफ्तारी दिए | दिलीप मिश्रा पर फिर बात कभी होंगी क्यूंकि वो भी शख्स गज्जब नामी है |
विजय मिश्रा द्वारा ये कोई पहला हाई प्रोफ़ाइल कांड नहीँ था बल्कि इससे पहले वो भदोही के ही पूर्व सांसद गोरखनाथ पाण्डेय के छोटे भाई रामेश्वर पाण्डेय की चुनाव के दिन ह”त्या का आरोप लगा था | भदोही के ही पूर्व केबिनेट मंत्री राकेश धर त्रिपाठी के छोटे भाई धरनीधर त्रिपाठी की हत्या का भी आरोप था|
इसके पहले वो मुख़्तार अंसारी के साथ 1997 मे विश्व हिन्दू परिषद के बड़े नेता और बड़े व्यापारी नन्द किशोर रूंगटा की ह”त्या के नामजद आरोपी हो चुके थे |
कांस्टेबल महेंद्र मिश्रा की ह”त्या का आरोप उन पर लगा |एक ब्राह्मण ब्लॉक प्रमुख की ह”त्या का आरोप विजय मिश्रा पर लगा |

2012 मे वो तीसरी बार विधायक बने और सपा की सरकार बनी और अब विजय मिश्रा और ज्यादा ताकतवर हो चुके थे, धीरे धीरे इलाहबाद क्षेत्र मे भी उनका डंका बजने लगा |

फिर आया 2014 का समय और फिर आई नरेंद्र मोदी की आंधी और केंद्र मे बीजेपी की सरकार बनी | विजय मिश्रा ने भदोही लोकसभा से अपनी बेटी सीमा मिश्रा को चुनाव लड़वाया था और बीजेपी से चुनाव लड़ रहे थे वीरेन्द सिंह मस्त और वीरेंद्र सिँह मस्त लहर मे ये चुनाव बड़ी आसानी से जीत गए |

2015 मे एक ऐसी घटना घटी जिससे ये कयास लगाए जाने लगे की पूर्व विधायक उदयभान सिँह विजय मिश्रा की ह”त्या करवाना चाहते थे, दरअसल हुआ यू की 1999 गोपीगंज तिहरा हत्याकांड मे आरोपी संजय सिँह जो की उदयभान सिंह का साला थे और जेल काट रहे थे, उसने बीमारी का बहाना बनाकर इलाहबाद के हॉस्पिटल मे एडमिट हो गया और फिर पुलिस को चकमा देकर वो फरार हो गया |

पुलिस को मुखबिरी मिली की वो इलाहाबाद से भदोही जाकर विजय मिश्र की ह”त्या करना चाहता है, पुलिस एक्टिव हुई और 2दिन बाद संजय सिंह को झूंसी से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाता है |

2015 का आया फिर पंचायती चुनाव, पंचायती चुनाव और एमएलसी चुनाव तो वैसे सत्ता पक्ष का चुनाव होता है लेकिन हुआ यू की सपा सरकार होते हुऐ मिर्ज़ापुर से विनीत सिँह ने अपनी पत्नी को बसपा से जिलापंचायत अध्यक्ष बनवा दिया | ये बात मुख्यमंत्री अखिलेश जी को खटक गई और उन्हें सबक सिखाने की सोची |

फिर आया साल 2016 एमएलसी का चुनाव और इस साल विजय मिश्रा से ऐसी गलती हुई या कहे उन्होंने मधुमक्खी के छत्ते मे हाथ डाल दिया की वही से उनके पतन की कहानी की नींव पड़नी शुरू हो गई |

हुआ यू की अभी तक विजय मिश्रा इसलिए शांति से राज कर रहे थे क्यूंकि उन्होंने अत्यधिक महत्वकांशा नहीँ पाली थी और वो सारा ध्यान भदोही पर ही देते थे, उनके अपने जिले के नेताओं से भले रिश्ते खराब हो चुके थे लेकिन अगल बगल जिले के सभी बाहुबलीओ से मधुर संबंध थे चाहे वो राजा भैया हो अतीक अहमद हो करवरिया बंधु बृजेश सिँह हो या मुख़्तार अंसारी हो या धनंजय सिँह हो |
लेकिन 2016 मे अखिलेश जी का आदेश और दूसरा उनका खुद का मिर्ज़ापुर मे अपना दखल बढ़ाने की इच्छा क्यूंकि मिर्ज़ापुर सिर्फ मिर्ज़ापुर नहीँ बल्कि सोनभद्र का भी रास्ता खोलता है जहाँ पर खनन का अकूत पैसा है, जहाँ पर कई सालो से बृजेश सिंह और मुख़्तार अंसारी की ही जोर आजमाइश चलती थी क्यूंकि सोनभद्र बहुत शांत जिला है और यहां कभी कोई नामी दबँग हस्ती नहीँ हुआ |
अखिलेश जी ने मिर्ज़ापुर सोनभद्र एमएलसी पद के लिए विजय मिश्रा की पत्नी रामलल्ली मिश्रा को उम्मीदवार बना दिया और यही वो समय है ज़ब विजय मिश्रा के पतन की नींव पड़ गई…

जनरल स्टोर बने मिनी पेट्रोल पंप, सुरक्षा नियम ताक पर,140 रूपये लीटर बेचा जा रहा पेट्रोल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में इन दिनों बोतलों व डिब्बों में खुलेआम पेट्रोल बिक्री का कारोबार तेजी से चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में पेट्रोल पंप दूर नहीं होने के बावजूद कुछ दुकानदारों को सीधे पेट्रोल पंप से पेट्रोल सप्लाई किए जाने की चर्चा है। इसके बाद यही पेट्रोल गांवों की दुकानों पर आम लोगों को ₹140 प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेट्रोल पंप संचालकों और स्थानीय दुकानदारों की मिलीभगत से यह खेल लंबे समय से चल रहा है। लोग मजबूरी में अधिक कीमत देकर पेट्रोल खरीद रहे हैं। वहीं, बिना किसी सुरक्षा मानक के जनरल स्टोर और छोटी दुकानों में पेट्रोल का भंडारण किए जाने से आगजनी जैसी बड़ी दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षेत्र में पेट्रोल पंप उपलब्ध हैं, तो फिर खुलेआम महंगे दाम पर पेट्रोल बेचने की अनुमति क्यों दी जा रही है।
क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

केतार में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या पुलिस जांच में जुटी।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार थाना क्षेत्र के निवासी ठूरामन साह के 42 वर्षीय पुत्र ओमनारायण साह ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले गए।थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।और इसका अनुसंधान किया जाएगा।इसके बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगी। इधर जैसे ही घटना की जानकारी मिली घटना स्थल पर भारी संख्या मे लोग इकठा हो गए। मृतक अपने पत्नी सहित दो लड़का एवं दो लड़की को छोड़ गया जिनका रो रो कर बुरा हाल हुआ था।मौके पर सब इंस्पेक्टर चंदन शाह, एएसआई बैंकटेश शर्मा, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

हिंडालको जनसेवा ट्रस्ट की पहल से युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।हिंडालको जनसेवा ट्रस्ट ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दुद्धी ब्लॉक अंतर्गत आयोजित भर्ती प्रक्रिया के तहत विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में अभ्यर्थियों की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।
आयोजित दौड़ में कुल 13 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 11 अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर दौड़ पूरी कर अपनी योग्यता साबित की, जबकि 2 अभ्यर्थी निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं कर सके। सफल अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा में सम्मिलित किया जाएगा तथा लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण हेतु अलग से बुलाया जाएगा।
पूरे कार्यक्रम का संचालन हिंडालको के अधिकारी विजय व्यास के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल के संरक्षण में आयोजित हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रधान केवाल दिनेश कुमार यादव, ग्राम प्रधान धूमा रामप्रसाद, विजय शंकर यादव, सोमारू सिंह, संजय चौरसिया, डा मनोज तिवारी, केशव प्रसाद, रामविचार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्र में रोजगारोन्मुखी पहल को लेकर स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों ने हिंडालको जनसेवा ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की और इसे युवाओं के भविष्य के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

7 दिन से अंधेरे में 1500 की आबादी टूटे खंभों ने छीनी बिजली, पानी के लिए जूझ रहे ग्रामीण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।कोन विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांची कला के राजेश्व ग्राम नरहटी और चाची खुर्द में पिछले सप्ताह आए तेज आंधी-तूफान का असर अब ग्रामीणों के जीवन पर भारी पड़ने लगा है। बनखेता के पास बिजली लाइन के करीब पांच खंभे टूटकर गिरने के बाद से पिछले सात दिनों से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप पड़ी है।
बिजली संकट अब केवल रोशनी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पेयजल संकट में बदल चुका है। लगभग 1500 की आबादी वाले इन गांवों में मोटर और पानी सप्लाई बंद होने से लोगों को दूर-दराज से पानी ढोना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। फोन करने पर कर्मचारी कॉल तक रिसीव नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द बिजली बहाल करने की मांग उठाई। ग्रामीण अविनाश कुमार, रामआश्रय गुप्त, राकेश कुमार, सचिन कुमार, रितेश कुमार, राजमन और सुरेश बैगा ने कहा कि एक सप्ताह से अंधेरे और पानी संकट के बीच जीवन मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल टूटे खंभे बदलवाकर विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में पिपरी एसडीओ एस.के. सिंह से सेल फोन पर बात हुई तो उन्होंने बताया कि कल लाइनमैन और जेई को मौके पर भेजकर बिजली बहाल कराने का आश्वासन दिया गया है।

दुद्धी में श्रीमद् भागवत कथा में बाल व्यास मानस ने कृष्णभक्ति व संस्कृति रक्षा का संदेश दिया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय तहसील प्रांगण में श्री रामलीला मंच पर चल रहे सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर सोमवार शाम व्यास पीठ पर विराजमान लड्डू गोपाल की आरती के बाद अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक बाल व्यास मानस जी महाराज ने कथा वाचन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को गहन भावविभोर कर दिया। उन्होंने भगवान के गुणगान के साथ भक्तों से कृष्णभक्ति को अपने हृदय में स्थायी रूप से पोषित करने व संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बाल व्यास मानस जी महाराज ने कहा कि केवल जन्मोत्सव मनाना बड़ी बात नहीं, असली परख तब है जब व्यक्ति कृष्ण के वास्तविक प्राकट्य को समझकर उनकी भक्ति को जीवन में उतारे। उन्होंने बताया कि बच्चों का जन्म आसान है, पर उनकी सेवाभाव से पालन पोषण करना कठिन है। कथा में वेदनीया किस्सों के माध्यम से कृष्ण लीला का श्रवण कराते हुए पूतना वध, यमला-अर्जुन व वृक्षों की मुक्तिकथा जैसे प्रसंगों का वर्णन किया और कहा कि भगवान कितने दयालु व कृपालु हैं।
उन्होंने गौ-पालन, मानव रक्षा और संस्कृति की रक्षा को भी भगवान की लीलाओं के साथ जोड़कर समझाया तथा भक्तों से इन परम मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। मानस जी ने कहा कि भगवान बाहरी दिखावे को हटाकर मनुष्य को सत्य के मार्ग पर ले जाते हैं। इंद्र की पूजा रोककर गोवर्धन पर्वत की रक्षा करने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कृषक और ऋषि से जुड़ने का संदेश दिया तथा बताया कि इसी कारण भगवान को गोवर्धन रूप में प्रकट होना पड़ा।
भक्तों ने गोवर्धनपूजा में छप्पन भोग अर्पित कर मानसिक श्रद्धा व्यक्त की। कथा के दौरान सैकड़ों महिला, पुरुष व बच्चे श्रोताओं ने कथा श्रवण कर सकारात्मक आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोतागण उपस्थित रहे ।

दुद्धी में निर्माणाधीन मकान से ईंटें गिरने से 2 वर्षीय मासूम घायल,रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में मंगलवार शाम लगभग 5 बजे एक निर्माणाधीन मकान से गिरती ईंटों के नीचे दबने से 2 वर्षीय अनुप्रिया पुत्री श्रवण कुमार भारती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी किसी बच्चे के ऊपर चढ़ने से मकान की कच्ची जोड़ी कमजोर हो गई और ऊपर रखी ताज़ा लगी हुई ईटें नीचे आकर दीवार के पास खेल रही अनुप्रिया पर भरभराकर गिर गईं।
घटना में अनुप्रिया के सिर और शरीर के अन्य भागों पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से बच्ची को आनन-फानन निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बच्ची को घर ले गए, लेकिन कुछ देर बाद उसके मुंह से खून आने लगा। तब परिजनों ने एम्बुलेंस (108) को बुलाया और बच्ची को पुनःसीएचसी लाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ सुनील ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्राथमिक इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. सुनील ने बताया कि बच्ची की स्थिति नाजुक है और जिला अस्पताल में आवश्यक जांच व चिकित्सकीय मदद हेतु रेफर किया गया है।

किशोर को सांप ने काटा, इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।जनपद से लगे सीमावर्ती गाँव थाना धुरकी झारखंड निवासी नवनीत कुमार (19) पुत्र श्यामणरायण चंद्रवंशी को रविवार शाम खेत में काम के दौरान सांप ने काट लिया। बताया गया है कि नवनीत अपने घर पर गेहूं की फसल बेचने के लिए तैयार कर रहा था और ट्रक पर बोरे लादने से जुड़े कार्य कर रहा था।
घटनाक्रम के अनुसार शाम लगभग 4 बजे नवनीत बोरे उठाकर दूसरे बोरे पर रख रहा था तभी बोरे के नीचे छिपे हुए विषैले सर्प ने अचानक उसके दाहिने पैर में काट लिया। परिजन मौके पर मौजूद थे और घटना के तुरंत बाद किशोर को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सुनील ने बताया कि नवनीत का उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शांति भंग की आशंका और मारपीट के मामले में 8 लोगों को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र) पुलिस ने मंगलवार कार्रवाई करते हुए अलग-अलग विवादों में शामिल कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारियां दो अलग-अलग मामलों और स्थानों से की गई हैं।पहला मामला चेतवा टोला का है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम काचन थाना म्योरपुर निवासी अनिल कुमार विश्वकर्मा अपने एक रिश्तेदार की बारात में चेतवा आया हुआ था। वहाँ किसी बात को लेकर विपक्षी धर्मेंद्र और अनिकेत के बीच विवाद होने लगा। जब अनिल कुमार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो विपक्षियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।इस संबंध में बीजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने मुक़दमेबाज़ी को लेकर दोबारा विवाद और फौजदारी पर उतारू होने के आरोप में एक अभियुक्त अनिकेत विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।दूसरा मामला ग्राम पिण्डारी का है जहाँ एक आरओ प्लांट से पानी लेकर नहाने के विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से ‘तू-तू मैं-मैं’ और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच अत्यधिक तनाव व्याप्त थी और कभी भी कोई गंभीर अपराध या खूनी संघर्ष होने की प्रबल संभावना थी।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

कचरे के ढेर में लगी भीषण आग दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू टला बड़ा हादसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय बीजपुर बाजार के उत्तर पटरी पर सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां मौजूद कचरे के एक बड़े ढेर में अचानक आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे आस-पास के रहवासियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।बाजार क्षेत्र में अचानक उठीं आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए।चूंकि यह एक व्यस्त बाजार क्षेत्र है इसलिए आस-पास की दुकानों और घरों पर खतरा मंडराने लगा।अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना सीआईएसएफ के दमकल विभाग को दी।सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के फायर फाइटर तीव्र गति से दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गए।फायर फाइटरों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और आग पर पानी की बौछारें शुरू कर दीं।कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

बिजनौर का रहने वाला विशाल जिसे कश्मीर में धर्म परिवर्तन कर हमजा बना दिया गया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

यूपी के बिजनौर में रहने वाला विशाल कश्‍मीर के सैलून में काम करने गया था। आरोप है कि वहां उसका धर्म बदलवा दिया गया। इसके बाद गांदरबाल जिले की मरकजी जामिया मस्जिद में कलमा पढ़वाया गया। विशाल के पिता कृष्‍ण कुमार अपनी शिकायत लेकर एसपी से मिले। एसपी के आदेश पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

अपने शिकायती पत्र में कृष्‍ण कुमार ने बताया कि वह गांव खानजहांपुर के रहने वाले हैं। तीन साल पहले उनका बेटा विशाल गांव काजीवाला के वसीम के साथ कश्‍मीर में सैलून पर काम करने गया था। आरोप है कि गत 15 मई को विशाल का धर्म परिवर्तन करा दिया गया। इस संबंध में एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में गांदरबल के मस्जिद में मौलवी विशाल को कलमा पढ़वाता दिख रहा है। इसके बाद विशाल को नया नाम मोहम्‍मद हमजा दे दिया गया।

लखनऊ : विराज खंड में बनेगा लेक व्यू अपार्टमेंट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

गोमती नगर में एलडीए बनाएगा अपार्टमेंट

646 प्रीमियम फ्लैट्स का निर्माण करेगा LDA

प्रत्येक फ्लैट करीब 2300 वर्गफीट का होगा

फ्लैट की कीमत लगभग 1.13 करोड़ रुपए तय

आज से 18 जून तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

60 मीटर ऊंचाई के 19 मंजिला 3 टावर बनेंगे

स्विमिंग पूल, क्लब हाउस और पार्क भी बनेगा

1000 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग, कॉमर्शियल शॉप्स

760 करोड़ की लागत से तैयार होगा प्रोजेक्ट

VC प्रथमेश कुमार ने परियोजना का आदेश जारी किया।

जब रथ की मां से मिलकर रोने लगे मुख्यमंत्री, कहा मैं हूं आपके पास चिंता नहीं मिलेगा इंसाफ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

शुभेंदु अधिकारी पहुंचे चांदीपुर के कुलप गांव, तो वहां का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं

– रोती हुई मां का हाथ थामकर ढांढस बंधाया और वहीं पर हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की एक बड़ी कसम खाई

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी रविवार को जब चांदीपुर के कुलप गांव पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईंमौका था उनके बेहद भरोसेमंद और कर्तव्यनिष्ठ आप्त सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ के परिजनों से मुलाकात का, जिनकी ठीक 11 दिन पहले मध्यग्राम में बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कोलकाता लौटने से ठीक पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक न होकर पूरी तरह से भावनात्मक था।जैसे ही मुख्यमंत्री ने चंद्रनाथ के घर के भीतर कदम रखा, 11 दिन पहले मिला वह गहरा ‘जख्म’ एक बार फिर ताजा हो गया। चंद्रनाथ की बूढ़ी मां और भाई को सामने देखकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी खुद पर काबू नहीं रख सके और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने रोती हुई मां का हाथ थामकर ढांढस बंधाया और वहीं पर हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की एक बड़ी कसम खाई। मौका था उनके बेहद भरोसेमंद और कर्तव्यनिष्ठ आप्त सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ के परिजनों से मुलाकात का, जिनकी ठीक 11 दिन पहले मध्यग्राम में बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कोलकाता लौटने से ठीक पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक न होकर पूरी तरह से भावनात्मक था. जैसे ही मुख्यमंत्री ने चंद्रनाथ के घर के भीतर कदम रखा, 11 दिन पहले मिला वह गहरा ‘जख्म’ एक बार फिर ताजा हो गया. चंद्रनाथ की बूढ़ी मां और भाई को सामने देखकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी खुद पर काबू नहीं रख सके और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. उन्होंने रोती हुई मां का हाथ थामकर ढांढस बंधाया और वहीं पर हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की एक बड़ी कसम खाई.
आखिर क्यों रो पड़े मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस तरह भावुक होने के पीछे चंद्रनाथ रथ के साथ उनका सालों पुराना गहरा और पारिवारिक रिश्ता था. चंद्रनाथ सिर्फ उनके पीए नहीं थे, बल्कि साए की तरह उनके साथ रहते थे. उनके पैतृक आवास चांदीपुर में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री का सामना जब चंद्रनाथ की रोती-बिलखती बुजुर्ग मां से हुआ, तो घर में चीख-पुकार मच गई. मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उनके आंसू बहने लगे. वहां मौजूद हर शख्स इस भावुक पल को देखकर स्तब्ध रह गया. मुख्यमंत्री ने काफी देर तक मां का हाथ अपने हाथों में थामे रखा और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने साफ कहा कि चंद्रनाथ की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन इस दुख की घड़ी में वह इस परिवार के साथ हमेशा एक बेटे की तरह खड़े रहेंगे.
मां के सामने खाई कौन सी कसम
मुख्यमंत्री के जाने के बाद चंद्रनाथ रथ की मां ने भरे गले से मीडिया को बताया कि सुवेंदु बाबू ने उनके आंसू पोंछे और उनका हौसला बढ़ाया. मां ने कहा, “यह हमारा बहुत बड़ा भाग्य है कि राज्य के मुख्यमंत्री हमारे घर आए. आज के दौर में लोग पद पर बैठकर अपनों को भूल जाते हैं, लेकिन उन्होंने मेरे बेटे को याद रखा. उन्होंने मेरा हाथ पकड़कर कसम खाई कि दोषियों को सजा मिलकर रहेगी.” चंद्रनाथ की मां ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उनका बेटा बेहद सीधा था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. मुख्यमंत्री ने परिवार को पूरा भरोसा दिया है कि कानून अपना काम पूरी कड़ाई से करेगा. इस मुलाकात के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी यह विश्वास जगा है कि अब इस मामले को दबाया नहीं जा सकेगा और असली गुनहगार जेल की सलाखों के पीछे होंगे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के खौफनाक खुलासे
‘News18 बांग्ला’ में छपी खबर के मुताबिक, गुरुवार को आई शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सुरक्षा एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए हैं. रिपोर्ट से साफ हुआ है कि हमलावरों ने बेहद करीब से चंद्रनाथ पर गोलियां बरसाई थीं. एक गोली सीधे उनके दिल के आर-पार निकल गई थी. गोली लगने के कारण शरीर के भीतर इतनी तेजी से और भारी मात्रा में रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) हुआ कि डॉक्टरों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. अत्यधिक खून बह जाने के कारण शरीर के मुख्य अंगों ने काम करना बंद कर दिया और चंद्रनाथ रथ की मृत्यु ‘मल्टी-ऑर्गन फेलियर’ की वजह से हुई. इस क्रूरता को जानने के बाद ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने तत्काल मुख्य आरोपियों की फांसी की मांग की है.
सीबीआई ने संभाली जांच की कमान
मामले की संवेदनशीलता, राजनीतिक रसूख और अंडरवर्ल्ड के कनेक्शन को देखते हुए इस हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है. सीबीआई ने स्थानीय पुलिस से मामला अपने हाथ में लेते हुए नए सिरे से केस दर्ज किया है. केंद्रीय एजेंसी इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है. जांच को तेज करने के लिए सीबीआई के डीआईजी पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक हाई-प्रोफाइल सात सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. यह स्पेशल टीम न केवल जमीनी स्तर पर सबूत जुटा रही है, बल्कि इस पूरी साजिश के पीछे छिपे सफेदपोश चेहरों को बेनकाब करने के लिए कड़ियां जोड़ रही है. सीबीआई की एंट्री के बाद से ही इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है.
बिहार अंडरवर्ल्ड और राज सिंह गैंग का हाथ
इस हत्याकांड के तार पश्चिम बंगाल की सीमाओं को पार कर बिहार के कुख्यात अंडरवर्ल्ड से जुड़ते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद तीन मुख्य आरोपियों को दबोचने में सफलता पाई है. पकड़े गए आरोपियों में बिक्की मौर्य और मयंक मिश्रा शामिल हैं, जो मूल रूप से बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं. इसके अलावा, इन्हें पनाह देने और मदद करने के आरोप में विशाल श्रीवास्तव को बिहार एसटीएफ ने अपनी हिरासत में लिया है. जांच में यह बेहद चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मुख्य आरोपी साल 2020 में बिहार के एक बड़े नामचीन कारोबारी की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपी था. वह अभी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने चंद्रनाथ रथ की सुपारी किलिंग को अंजाम दे डाला. जांच एजेंसियां अब राज सिंह गैंग और बिहार अंडरवर्ल्ड के बीच के कनेक्शन की गहराई से पड़ताल कर रही हैं.
मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी: सुरक्षा एजेंसियों का साफ मानना है कि गिरफ्तार किए गए बिक्की मौर्य और मयंक मिश्रा महज भाड़े के शूटर हैं, जिन्हें पैसे देकर इस वारदात को अंजाम देने के लिए भेजा गया था. लेकिन असली सवाल यह है कि चंद्रनाथ रथ को रास्ते से हटाने के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है और उसकी सुवेंदु अधिकारी के पीए से क्या दुश्मनी थी? वरिष्ठ पुलिस और सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, जब तक इस खूनी खेल के असली साजिशकर्ता को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता, तब तक हत्या के असली मकसद (मोटिव) का खुलासा होना नामुमकिन है।मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा चांदीपुर में खाई गई कसम और सीबीआई की ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद अब यह तय माना जा रहा है कि इस बड़ी साजिश का पर्दाफाश बहुत जल्द होने वाला है।

देसी शराब भट्टी के पीछे मौत की छलांग बंद खदान में कूदा युवक रातभर चला हड़कंप और रेस्क्यू

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के बिल्ली स्टेशन रोड क्षेत्र में रविवार की देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब नशे में धुत एक युवक ने देसी शराब भट्टी के पीछे स्थित बंद पड़ी गहरी खदान में अचानक छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में इधर-उधर लड़खड़ाते हुए घूम रहा था। इसी दौरान वह बंद पड़ी खदान के पास पहुंच गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसकी हरकतें देखीं तो उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, युवक अचानक खदान की ओर दौड़ा और गहरी खाई में छलांग लगा दी। युवक के नीचे गिरते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डायल 112 की टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। रात का अंधेरा और खदान की गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती बनी रही। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियां, टॉर्च और अन्य संसाधनों की व्यवस्था कर युवक की तलाश शुरू कराई।
बताया जा रहा है कि खदान काफी पुरानी और गहरी है, जिसके कारण नीचे उतरने में भी टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पूरे इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही। आसपास के लोग लगातार घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना के बाद प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि बिल्ली स्टेशन रोड के आसपास कई बंद पड़ी खदानें खुली हालत में मौजूद हैं, जहां सुरक्षा के नाम पर कोई इंतजाम नहीं है। रात के समय यहां असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने मांग की है कि बंद खदानों के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस युवक की पहचान, उसकी मानसिक स्थिति और घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर डटे रहे।