दुद्धी में पहुंचे प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री एवं जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के प्रथम दुद्धी आगमन पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बुधवार 22 जुलाई को मंत्री का पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया और उन्हें भगवान शिव का चित्र भेंट किया।
विश्व हिंदू परिषद दुद्धी के प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने मंत्री को भगवान शिव की चित्र सौंपते हुए उनके कार्यकाल में हिंदू समाज के हितों की रक्षा और क्षेत्र के विकास की अपेक्षाएं व्यक्त कीं। इस मौके पर बजरंग दल के जिला कार्यकर्ता पीयूष, प्रखंड संयोजक सोनू जायसवाल सहित बजरंग दल और वीएचपी के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रभारी मंत्री के आगमन से दुद्धी क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है और हिंदू संगठनों की आवाज सरकार तक और मजबूती से पहुंचेगी।

विद्यालय तक जाने वाला रास्ता बना मुसीबत,कच्चे मार्ग पर कीचड़ से बच्चों का स्कूल पहुँचना दूभर, खड़ंजा निर्माण की उठी मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विकास के दावों के बीच दुद्धी तहसील के ग्राम फुलवार स्थित प्राथमिक विद्यालय महुआरिया तक जाने वाला लगभग 500 मीटर लंबा कच्चा मार्ग आज भी बदहाल स्थिति में है। बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगभग एक वर्ष पूर्व इस मार्ग की सफाई कराई गई थी और जल्द ही खड़ंजा निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। नतीजतन बरसात में यह मार्ग दलदल में बदल जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार कीचड़ और फिसलन के कारण छोटे-छोटे बच्चों का विद्यालय आना-जाना जोखिम भरा हो गया है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। वहीं किसी भी आकस्मिक स्थिति में एंबुलेंस भी इस मार्ग से होकर नहीं पहुँच पाती, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राथमिक विद्यालय महुआरिया तक जाने वाले इस 500 मीटर मार्ग पर शीघ्र खड़ंजा निर्माण कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मरीजों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग केवल विद्यालय तक पहुँचने का रास्ता ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान प्रेमशंकर यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे तथा सभी ने एक स्वर में मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

झारोकला गांव में करैत ने सात वर्षीय बालक को डसा, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के झारोकला गांव में गुरुवार की सुबह धान की बोरी हटाते समय करैत सांप के डसने से सात वर्षीय बालक गोलू पुत्र मुकेश घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार सुबह लगभग 10 बजे घर के लोग धान की बोरियां एक कमरे से दूसरे कमरे में शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान गोलू बोरी हटने के बाद बची हुई ईंटों को उठाकर दूसरी जगह रख रहा था। तभी ईंटों के नीचे छिपे विषैले करैत सांप ने अचानक हमला कर उसके बाएं हाथ में डंस लिया।
सर्पदंश होते ही बालक दर्द से चीख उठा। परिजन उसे तत्काल लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। चिकित्सकों का कहना है कि समय से अस्पताल पहुंच जाने से स्थिति नियंत्रण में है, फिलहाल बच्चे पर निगरानी रखी जा रही है।
परिजनों ने बताया कि सांप को उन्होंने ईंटों के पास किसी वस्तु से ढक कर रखा और इसके बाद तत्काल अस्पताल की ओर दौड़ पड़े।घर पर मौजूद परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद सांप वहां से निकल चुका था और उन्हें चकमा देकर भाग गया। घटना के बाद परिवार के साथ ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

भवनाथपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौके पर मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज- प्रदीप चन्द्रवंशी

भवनाथपुर :- भवनाथपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सिंधिताली निवासी आर्यन चौबे पिता– बुचुन चौबे, धनगरडीहा मकरी निवासी प्रभात सिंह उर्फ पप्पू सिंह पिता– छतरी सिंह तथा टंडवा निवासी छतरी सिंह के साले के पुत्र रोहित सिंह के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही दोनों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन तथा एएसआई आशुतोष सिन्हा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

दुद्धी में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने की अधिकारियों से समीक्षा, कहा जनहित की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी दौरे पर पहुँचे जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (स्वतंत्र प्रभार) विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मंगलवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा व विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान मंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक दायरों में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को कहा कि गॉव-चौपाल संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों से मिले मुद्दों का त्वरित समाधान कर लोगों को राहत दी जाए। मंत्री ने अधिकारियों को न केवल शिकायतें सुनने बल्कि उनका निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निदान कराने पर जोर देने को कहा।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, श्रवण कुमार गौड़, अपना दल (एस) के अंजनी पटेल, उप जिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने जिले में जारी विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर मंत्री को विस्तृत ब्रीफिंग दी।
मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बैठक के बाद गॉव चौपाल कार्यक्रम में भाग लेते हुए दुद्धी तहसील के ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सक्रियता से जनता की शिकायतों का समाधान होने पर ही विकास की वास्तविक दिशा तय होगी।

दुद्धी में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से नवविवाहिता की मौत, पति गंभीर रूप से घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ तिराहे के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तेज रफ्तार ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना विंढमगंज बैरखड़ निवासी 24 वर्षीय सुनील कुमार अपनी 22 वर्षीय पत्नी सुखवंती देवी को बाइक पर बैठाकर गुरमुरा स्थित उनके मायके ले जा रहे थे। तभी रजखड़ तिराहे के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को बुरी तरह टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर तक जा गिरी और सुखवंती घटनास्थल पर ही मृत हो गईं, जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर तड़पने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जल्दी से दोनों घायलों को एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने सुखवंती को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया।वहीं घायल पति सुनील का इलाज जारी है।
परिजनों ने बताया कि सुनील और सुखवंती की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। घटना के बाद एसएसआई संजय सिंह, कस्बा प्रभारी हरिकेश राम आजाद व उनके हमराह पुलिस टीम मौके पर पहुँचे। ट्रक चालक व वाहन को पकड़कर थाने ले जाया गया। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की तफ्तीश और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

कनहर सिंचाई परियोजना के स्थलीय निरीक्षण के दौरान विस्थापित परिवारों से भी किया संवाद, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण पर जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. हंसराज विश्वकर्मा बुधवार को दुद्धी क्षेत्र के दौरे पर पहली बार पहुंचे। उन्होंने अमवार स्थित बहुप्रतीक्षित कनहर सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
परियोजना स्थल पर पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने मुख्य नहर, बांध तथा अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कनहर सिंचाई परियोजना का कार्य अति शीघ्र और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को जल्द सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना दुद्धी क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और आश्वासन दिया कि शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं प्रत्येक लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाई जाएंगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा और अन्य लाभों की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
प्रभारी मंत्री के दौरे को क्षेत्रवासियों ने परियोजना की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। स्थानीय किसानों ने उम्मीद जताई कि कनहर सिंचाई परियोजना के समय से पूर्ण होने पर दुद्धी क्षेत्र सहित आसपास के गांवों की असिंचित भूमि में हरियाली लौटेगी और रबी-खरीफ दोनों फसलों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।
इस मौके पर परियोजना के अधिकारी कर्मचारी के अलावा दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन भी मौजूद रहे।

दुद्धी सीएचसी पर प्रभारी मंत्री का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। जनपद के दुद्धी में पहले दौरे पर आए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। सीएचसी में गंदगी, इमरजेंसी की अव्यवस्था और मरीजों के लिए मूलभूत सुविधाओं के अभाव को देखकर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान टीकाकरण केंद्र बंद मिला। इमरजेंसी वार्ड और अन्य वार्डों में कई मरीजों के बेड पर चादर तक नहीं थी। प्रभारी मंत्री ने मरीजों से सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली, जिस पर कई मरीजों ने नाराजगी जाहिर की। ऊपरी तल का निरीक्षण करते वक्त भी साफ-सफाई की दुर्दशा और रखरखाव की कमी सामने आई। इस पर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी से कड़ा असंतोष प्रकट किया और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा नेता भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते नजर आए। भाजपा नेता कृष्ण कुमार अग्रहरि ने आयुष विभाग में विगत कई वर्षों से दवाओं के अभाव में सेवाएं ठप रहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग की दवाएं न मिलने से वर्षों से यहां उपचार व्यवस्था लगभग बंद पड़ी है, जिससे सैकड़ों गांव के मरीज प्रभावित हैं।
दुद्धी नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने अस्पताल में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र पदों को भरने की मांग की।
भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के संयोजक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने प्रभारी मंत्री के समक्ष बाहरी दवा लिखे जाने, बाहरी जांच कराए जाने और चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस के आरोपों को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि सीएचसी सैकड़ों गांवों के लिए प्रमुख अस्पताल है, ऐसे में मरीजों को मजबूरन बाहरी दवा और जांच करानी पड़ रही है, जो गरीबों के साथ बड़ी ज्यादती है।उन्होंने अस्पताल के अधिकांश कक्ष देखा और तत्काल सुधार की बात कही।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने अल्ट्रासाउंड सुविधा तत्काल शुरू कराने, मशीन और तकनीशियन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व भाजपा जिला मंत्री दिलीप पांडे,उपजिलाधिकारी रवि पासवान,विनय प्रभारक साहनी क्षेत्राधिकारी (सीओ) दुद्धी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह,बीपीएम संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गरीब आदिवासी लोग इलाज हेतु आते हैं उनकी समुचित इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को साफ चेतावनी दी कि तय समय सीमा में व्यवस्थाएं सुधारें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी मंत्री के दुद्धी आगमन पर बार एसोसिएशनों ने सौंपा ज्ञापन, घूसखोर लेखपालों पर कार्रवाई से लेकर न्यायालय परिसर में सुविधाओं की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। बुधवार को दुद्धी पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दुद्धी बार एसोसिएशन एवं सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की आठ प्रमुख समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन दुद्धी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर दिया गया, जिसमें राजस्व, न्यायिक, स्वास्थ्य, विद्युत, संचार और वित्तीय सुविधाओं से जुड़ी मांगें प्रमुख रहीं।
ज्ञापन में सबसे गंभीर आरोप तहसील दुद्धी के कई लेखपालों पर लगाया गया है, जिन पर भूमि क्रय-विक्रय में दलाली, रिश्वतखोरी और पेशेवर बिचौलियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए गए हैं। बार पदाधिकारियों ने सुद्दन पासवान, विशाल वर्मा, विकास यादव, विनय गुप्ता, मनोज कन्नौजिया, राकेश वैसवार, मंजेश यादव और वेद प्रकाश नागर आदि लेखपालों के नाम गिनाते हुए इन्हें आय से अधिक बेनामी संपत्तियां अर्जित करने और धारा 80 की फाइलों को अवैध तरीके से पास कराने का आरोप लगाते हुए अन्य तहसीलों या अन्य जनपदों में स्थानांतरण एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।इसके अलावा दुद्धी स्थित वाह्य दीवानी एवं फौजदारी न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं व वादकारियों के लिए बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि कचहरी परिसर के गेट के दोनों ओर अधिवक्ता और वादकारी भीषण गर्मी, बरसात और सर्दी में टिनशेड के नीचे खुले में बैठने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियां और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं ।इसलिए पक्का, संसाधन युक्त वादकारी कक्ष बनवाने, चहारदीवारी, गेट, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, पार्किंग स्टैंड, कुएं की मरम्मत और पर्याप्त सोलर पैनल के माध्यम से निर्बाध बिजली की व्यवस्था की मांग की गई है। दुद्धी बार ने यह मुद्दा भी उठाया कि थाना दुद्धी के नजदीकी आठ गांव गडदरवा, चक गडदरवा, डाला पीपर, खोखा, पगडेवा, हथवानी, बहेराडोल और साउडीह को थाना हाथीनाला से संबद्ध किए जाने के बाद इनके आपराधिक मामलों की विवेचना रिपोर्ट और चार्जशीट अब रॉबर्ट्सगंज स्थित जिला न्यायालय भेजी जा रही है। अधिवक्ताओं ने कहा कि पहले इन गांवों के मामलों की रिपोर्ट दुद्धी स्थित वाह्य न्यायालय में प्रस्तुत होती थी और आज भी इनके राजस्व व दीवानी मामले दुद्धी में ही चलते हैं, ऐसे में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को आदेश देकर इन गांवों के आपराधिक मामलों की चार्जशीट दुद्धी न्यायालय में ही भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीण न्याय से वंचित न हों।
ज्ञापन में एक अन्य प्रमुख बिंदु में तहसील मुख्यालय दुद्धी स्थित उपकोषागार को हटाने का विरोध किया गया। बार एसोसिएशन का कहना है कि दुद्धी उपनिबंधक कार्यालय में वर्ष 2018–19 के दौरान लगभग 15.62 करोड़ रुपये के स्टाम्प से रजिस्ट्री हुई, जबकि करीब 11 करोड़ से अधिक के स्टाम्प जिला कोषागार रॉबर्ट्सगंज से उठाने पड़े, क्योंकि दुद्धी उपकोषागार को पर्याप्त स्टाम्प नहीं दिए गए। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि गलत आंकड़े दिखाकर और कमीशनखोरी में लिप्त अधिकारियों की साजिश के तहत उपकोषागार हटाया गया, जबकि दुद्धी आजादी के समय से उपकोषागार युक्त पुराना तहसील मुख्यालय है और औद्योगिक, व्यावसायिक व न्यायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसलिए उपकोषागार को पुनः दुद्धी में स्थापित करने की मांग की गई।
दिए ज्ञापन में थाना हाथीनाला परिक्षेत्र के जंगलों में रहने वाले आदिवासी लोगों और राहगीरों के लिए मोबाइल कनेक्टिविटी की कमी को भी गंभीर समस्या के रूप में सामने रखा गया है। ज्ञापन में कहा गया कि मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण सड़क दुर्घटना, अपराध या अन्य आपात स्थितियों में 112 नंबर की पुलिस या एम्बुलेंस जैसी सेवाएं समय से नहीं पहुंच पातीं, जिससे कई बार जानमाल का नुकसान होता है, इसलिए आवश्यकतानुसार जगह-जगह मोबाइल टावर लगाए जाने की मांग की गई।मांग पत्र में विद्युत समस्या पर बार एसोसिएशन ने कहा कि दुद्धी नगर को 33 केवीए लाइन के माध्यम से पिपरी रिहंद पावर हाउस से जंगल और पहाड़ी रास्ते होकर बिजली आपूर्ति होती है, जो बरसात के मौसम में मामूली आकाशीय बिजली या खराब मौसम में बार-बार ठप हो जाती है। इससे व्यापारिक गतिविधियां बाधित होती हैं और आम जनता को बिजली व पानी के अभाव में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है,ऐसे में दुद्धी से 10 किलोमीटर के दायरे में 132 केवीए का ट्रांसमिशन स्थापित करने की मांग की गई।दिए ज्ञापन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी की बदहाल व्यवस्था भी ज्ञापन का हिस्सा रही। बार पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र होने, तहसील मुख्यालय और ब्लॉक कार्यालय होने के बावजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में अब तक न तो अस्थि रोग विशेषज्ञ नियुक्त है और न ही अल्ट्रासाउंड/सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध है। इसका सीधा असर गरीब और दूरदराज के मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें इलाज के लिए जिले या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, इसलिए तत्काल अस्थि रोग विशेषज्ञ की तैनाती और सोनोग्राफी मशीन की व्यवस्था की मांग की गई।
ज्ञापन पर दुद्धी बार एसोसिएशन दुद्धी के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय एडवोकेट और सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी एडवोकेट दोनों बार संघों ने मंत्री के जनपद भ्रमण को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि दुद्धी तहसील, न्यायालय, स्वास्थ्य केंद्र, उपकोषागार, विद्युत और संचार से जुड़ी समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हंसराज विश्वकर्मा का भव्य स्वागत, हरिशंकरी वृक्षारोपण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।स्थानीय कृषि मंडी में बुधवार को भारी बारिश के बीच भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में सोनभद्र के जिला प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का भारी गाजे बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की ओर से पुष्पवर्षा व तिलक कर मुख्यमंत्री स्‍वरूप में अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह बबलू ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और मां भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन व वन्दे मातरम् से हुई। मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने बूथ अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकारों के प्रयासों से एक भारत श्रेष्ठ भारत के लक्ष्यों को साकार कर भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के क्षेत्र में भारत अग्रणी बन चुका है, भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और ऑक्सीजन उत्पादन में भी भारत ने अग्रणी स्थान हासिल किया है। विश्व स्तर पर देश का मान प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाया है।
हंसराज ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के निर्देश दिए और बूथ स्तर पर समितियों का गठन, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को शत प्रतिशत पूरा करने, 26 जुलाई को प्रधानमंत्री की मन की बात सुनने तथा पन्ना प्रधान की जिम्मेदारियों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, कृषि, व्यापार, रोजगार, हर घर पक्का मकान, शौचालय व प्रधानमंत्री मुफ्त अन्न योजना जैसी योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया और किसानों व जनता तक सरकार की उपलब्धियों को पहुँचाने पर जोर दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री जीत सिंह खरवार ने केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताया। भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने संगठनिक अनुशासन व निर्देशों का शत प्रतिशत पालन करने का आग्रह किया। निवर्तमान विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गौड़ ने कहा कि बूथ अध्यक्षों व समितियों की मजबूत भूमिका के बिना चुनाव जीत पाना सम्भव नहीं है।
समारोह के बाद मंडल अध्यक्षों ने भव्य माला पहनाकर भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, वंदे मातरम् व भारत माता की जय के नारे लगवाए। मंचस्थ अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्रम व मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में परिसर में देव वृक्ष हरिशंकरी (पाकड़, बरगद, पीपल) आदि का संयुक्त वृक्षारोपण किया गया, जिसमें दर्जा प्राप्त मंत्री ने भी पौध रोपण किया। मौके पर नंदलाल गुप्ता जिला अध्यक्ष, जीत सिंह खरवार दर्जा प्राप्त मंत्री, श्रवण सिंह गौड़ निवर्तमान प्रत्याशी, कमलेश मोहन नगर पंचायत चेयरमैन, अनिल सिंह गौतम, मनोज मिश्रा जिला उपाध्यक्ष भाजपा, सुषमा सिंह गौड़, बी.एन. गुप्ता, दीपक शाह, प्रेम नारायण सिंह, अंशुमान राय, जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, अजय चंद्रवंशी, पीयूष कसेरा, आयुष कुमार, मीरा सिंह गौड़, पूजा चंद्रवंशी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ट्रेन से उतरने के प्रयास में गिरा यात्री , पीएचसी से सीएचसी दुद्धी रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की दोपहर लगभग 2 बजे भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौट रहा एक 20 वर्षीय युवक विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर उतरने के प्रयास में रेलवे ट्रैक किनारे पर कूद गया ।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरज (20) पुत्र रामरूप भुइयां निवासी ग्राम सुखड़ा धुमा भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर आ रहा था। विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की गति धीमी होने पर उसने उतरने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म के वह रेलवे पटरी किनारे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से युवक को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विढ़मगंज पहुंचाया।जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी रेफर कर दिया।सीएचसी दुद्धी में युवक का उपचार जारी है।

चोरों के सब्जी दुकानों को बनाया निशाना, हजारों रुपये का सामान चोरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय कस्बे के वार्ड संख्या-5 स्थित डीसीएफ एवं कन्हैया कॉलोनी से मलदेवा गांव जाने वाले मार्ग के किनारे सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले तीन दुकानदारों की दुकानों में सोमवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान में लगी जाली खोलकर लहसुन, प्याज, अदरक, टमाटर सहित अन्य सब्जियां तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू चोरी कर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह रोज की तरह जब तीनों दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो जाली खुली देख हैरान रह गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
पीड़ित दुकानदार वासिम खान वार्ड संख्या-6, दुद्धी ने बताया कि उनकी दुकान से इलेक्ट्रॉनिक तोल मशीन, अदरक, लहसुन, गरम मसाला समेत अन्य सामान चोरी हो गया, जिससे उन्हें लगभग 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं, दुकानदार सूरज कुमार ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 10 किलो अदरक, 8 किलो लहसुन, 5 किलो प्याज और 5 किलो टमाटर सहित अन्य सब्जियां चोरी हो गईं। इस घटना में उन्हें लगभग 7 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
तीसरे दुकानदार मधुसूदन की दुकान से भी करीब 5 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद तीनों दुकानदारों में मायूसी है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ितों द्वारा पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। हालांकि स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

टूटे तार में फंसने से किसान को लगी करेंट, बेटे ने बचाकर रोक दिया बड़ा हादसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के दुम्हान गांव निवासी मुन्नीलाल (60) पुत्र स्व. दुखीराम, आज मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे खेत के पाही पर कुएं में लगे मोटर पंप की मरम्मत के लिए जा रहे थे। रास्ते में कुएं से लगभग 40 मीटर पहले बिजली का लंबा तार टूटकर गिरा हुआ था। अचानक टूटे तार के संपर्क में आने से मुन्नीलाल करंट के चपेट में आ गए।
घटना के समय मुन्नीलाल के साथ उनके छोटे पुत्र संजीव कुमार भी थे। संजीव ने बताया कि वे दोनों मोटर की मरम्मत के लिए जा रहे थे तभी पिता टूट कर जमीन पर गिरे हुए तार के साथ छू गए और करंट लग गया। पिता को करंट में देख संजीव ने तार को अपने हाथों से हटाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट के झटके से प्रभावित हो गया। सौभाग्य से करंट के जोरदार झटके से संजीव वहीं जमीन पर फेंका गया और सुरक्षित बताए गए ।
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से संजीव ने कुल्हाड़ी के डंडे लाकर करंट से पिता को अलग किया। आनन-फानन में परिजनों ने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शाह आलम की देखरेख में मुन्नीलाल का उपचार जारी है। चिकित्सकों ने मरीज की स्थिति स्थिर बताई है।
संजीव ने कहा कि वह बिजली का तार कई दिनों से ऊपर से टूटा पड़ा हुआ था और जमीन पर गिरा हुआ था ,कल सोमवार को भी उन्होंने इसे जोड़वाने के लिए पट्टीदारों से कहा था, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई।कहां की अगर तार समय रहते जुड़वा दिया जाता तो यह गंभीर हादसा नहीं होता। संजीव ने कहा कि अगर वे मौके पर नहीं होते और सूझबूझ नहीं दिखाते तो आज बड़ा हादसा हो जाता जिसमें जान का खतरा बन सकता था।
संजीव ने बताया कि पिता की हालत स्थिर होने के बाद वह पुलिस की मदद लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।

अडानी एसीसी सीमेंट कंपनी के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 10 सूत्रीय मांगों पर कंपनी गेट पर अनशन शुरू

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

डाला/सोनभद्र। डाला क्षेत्र स्थित अडानी एसीसी सीमेंट कंपनी के मुख्य द्वार पर मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। पंकज यादव के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से स्थानीय लोगों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगें रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी दस सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा।
आंदोलन स्थल पर ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, प्रभावित परिवारों को उचित सुविधाएं, क्षेत्रीय विकास कार्यों में तेजी, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि उद्योग स्थापित होने के बाद भी आसपास के गांवों के लोगों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत क्षेत्र में विकास कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए तथा स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की होगी।
क्रमिक अनशन के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों की आवाजाही के बीच आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और स्थानीय जनता के अधिकारों की लड़ाई है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच सकारात्मक वार्ता कराने की मांग की, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान निकल सके और क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। अब सभी की निगाहें कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की आगामी पहल पर टिकी हैं कि आखिर ग्रामीणों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

छात्रों पर लाठीचार्ज से सुलगा सियासी संग्राम! केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला, सपा ने भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की घटना को लेकर मंगलवार को जिले की राजनीति गरमा गई। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर सड़क पर संघर्ष करने को मजबूर है। पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से छात्र-युवा पहले ही परेशान हैं। ऐसे में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने वाले छात्रों पर कथित लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज को बल प्रयोग से दबाने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार विरोध करने वालों पर कार्रवाई कर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर कर रही है।सपा नेताओं ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं करती और युवाओं के साथ अन्याय जारी रहता है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने मांग की कि छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर छात्र हितों की रक्षा, रोजगार उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया गया।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी छात्र हितों से जुड़े हर मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि युवाओं की समस्याओं की अनदेखी की गई तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सरकार विरोधी नारों से माहौल गूंजता रहा और छात्र हितों को लेकर सपा नेताओं ने अपनी आवाज बुलंद की।

सोनभद्र पुलिस का साउंड स्ट्राइक ऑपरेशन: 620 अवैध हॉर्न-साइलेंसर चकनाचूर, सड़क पर मचा रहे थे शोर का आतंक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों की लगातार हो रही अनदेखी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की गहन जांच कर कुल 620 अवैध ध्वनि उपकरण जब्त किए गए। इनमें 70 मॉडिफाइड साइलेंसर, 450 प्रेशर हॉर्न और 100 हूटर शामिल रहे। जब्त किए गए सभी उपकरणों को बढ़ौली चौराहे पर सार्वजनिक रूप से नष्ट कर यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब किसी प्रकार की ढील नहीं होगी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा कई वाहन चालक सड़क पर अश्लील, अभद्र और भड़काऊ गीत तेज आवाज में बजाकर सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, राष्ट्रीय राजमार्गों, कस्बों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की। जिन वाहनों में नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे मिले, उन्हें मौके पर ही उतरवाकर जब्त कर लिया गया। इसके बाद बढ़ौली चौराहे पर सभी अवैध उपकरणों को नष्ट कर लोगों के बीच कानून पालन का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति हूटर का प्रयोग, प्रेशर हॉर्न लगाना और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में अश्लील, अभद्र या भड़काऊ गाने बजाने से बचें। यदि भविष्य में कोई ऐसा करते पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, ध्वनि प्रदूषण से बचें और सुरक्षित एवं शांत वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून व्यवस्था के साथ-साथ नागरिकों को शांत और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

दो अलग घटनाओं में तीन लोग घायल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।क्षेत्र में आज दो सड़क दुर्घटनाओं में कुल तीन लोग घायल हो गए। दोनों घटनाएँ अलग-अलग समय व स्थानों की बताई गई। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना बघाडू बारहपान में घटी ।आज सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे बघाडू बारहपान के पास मुड़गुड़ी पहाड़ी के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन सामने से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।हादसे में बाइक पर सवार अवध कुमार (28)पुत्र रमेश कुमार, निवासी सुंदरी अमवार को मामूली चोटें आई हैं। वहीं दया (22), पुत्र नारायण, जो पड़ोसी बताए जाते हैं वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को निजी वाहन से तुरंत सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अवध कुमार ने बताया कि पिकअप चालक घटना के बाद मौके से भाग गया।
दूसरी घटना कस्बा से लगे एनएच-39 मार्ग की बताई गई ।आज दोपहर लगभग 2:30 बजे जाबर पेट्रोल पंप के समीप,दिवाकर (18) पुत्र नन्दू, निवासी बोम थाना विंढमगंज, जो अपने बाइक से अपने ससुराल ग्राम खजुरी से अपने घर की ओर लौट रहे थे, एक सामने से आ रही बाइक के द्वारा जोरदार टक्कर का शिकार हो गए। घटना के बाद बाइक पर तीन सवार भाग निकले।घायल गंभीर रूप से घायल दिवाकर को निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी पहुँचाया गया और उनका इलाज जारी बताया गया है।

महाविद्यालय बीए/बीएससी प्रथम सेमेस्टर तीसरी सूची जारी, नामित छात्र छात्राएं 21–23 जुलाई तक प्रवेश सुनिश्चित करें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी ने बीए व बीएससी प्रथम सेमेस्टर प्रवेश के लिए वरिष्ठता क्रम की तृतीय सूची सूचना पट पर चस्पा कर दी है। महाविद्यालय के प्राचार्य कार्यवाहक राजेश भारती ने बताया कि जिन छात्र छात्राओं के नाम सूची में शामिल हैं, वे अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों के साथ एक सेट छायाप्रति लेकर साक्षात्कार समिति के समक्ष उपस्थित होकर अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लें।
प्रवेश के लिए तय तिथि 21 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक हैं। उपस्थित होने का तय समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्राचार्य ने कहा कि निर्धारित समय के बीच ही साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन कराए जाएंगे, अतः छात्राएं समय पर पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएँ।
अधिक जानकारी या किसी स्पष्टीकरण के लिए छात्र छात्राएं महाविद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

दहेज प्रतिषेध अधिनियम में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार,दुद्धी पुलिस ने किया न्यायालय में पेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना दुद्धी को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल व क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह दुद्धी के नेतृत्व में टीम ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
थाना दुद्धी पुलिस ने मु0नं0-2786/2023 के अंतर्गत दर्ज संबंधित मुकदमे में, धारा 323, 504, 506, 498ए भा.द.वि. एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में वांछित चल रहे अभियुक्त शिवप्रसाद को उसके आवास नवजीवन थाना विन्ध्यनगर जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर अभियुक्त को सोमवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार सिंह और महिला आरक्षी सुमन सरोज प्रमुख रूप से शामिल रहे। पुलिस के अनुसार ,सोनभद्र पुलिस अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखे हुए है और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाकर उन्हें शीघ्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई अदालत निर्देशानुसार की जाएगी।

ई-ग्राम स्वराज में बदलाव, जीपीडीपी बनाना सिखाया गया, दुद्धी में पारदर्शिता व जनभागीदारी पर मार्गदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।जनपद में ग्रामीण विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनभागीदारी पर आधारित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को दुद्धी ब्लॉक सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में करीब 60 पंचायत सहायकों और ग्राम पंचायत सचिवों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने कहा कि मजबूत ग्राम पंचायत के लिए योजनाओं का सटीक निर्माण और उनका पारदर्शी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पंचायत की विकास योजनाएँ तभी सफल होंगी जब ग्रामसभा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत सहायकों और सचिवों को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने की प्रक्रिया के साथ ही ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के नए प्रावधानों और सुविधाओं से अवगत कराया गया। ट्रेनर प्रशांत कुमार ने वर्ष नय सत्र के लिए पोर्टल में किए गए बदलावों का विस्तृत परिचय दिया और बताया कि पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन को और अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है।
प्रशांत कुमार ने योजना निर्माण प्रक्रिया के आठ प्रमुख बिंदुओं को उदाहरणों समेत समझाया, ताकि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों का सुगम और प्रभावी संचालन हो सके। अधिकारियों ने यह भी जोर दिया कि तैयार की गई योजनाएँ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ प्रत्यक्ष रूप से ग्रामीणों तक पहुँचाना सुनिश्चित करना जरूरी है।
प्रशिक्षकों ने कर्मचारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पंचायत सचिव सुरेंद्र कुमार, मानसी अग्रहरि सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान अपने सवालों के समाधान भी प्राप्त किए।

सहायक अभियंता तीर्थराज का भदोही स्थानांतरण ,विदाई समारोह का भावुक पल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानांतरण के बाद आज बिजली विभाग के सहायक अभियंता तीर्थराज का दुद्धी कार्यालय से स्थानांतरण भदोही के लिए कर दिया गया। उनके सदभावपूर्ण और परिश्रमी कार्यों को लेकर कर्मचारियों व स्थानीय लोगों ने कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह के दौरान गर्मजोशी और भावुकता के साथ उन्हें विदाई दी।
विदाई के मौके पर बोलते हुए सहायक अभियंता तीर्थराज के सहकर्मियों ने उनके समर्पण और जनता के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। कर्मचारियों ने कहा कि तीर्थराज ने विभागीय कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखी और आम जनता की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित निदान के लिए हमेशा तत्पर रहे। उनका नेतृत्व और समस्याओं के समाधान का तरीका दोनों सराहनीय रहे।कार्यक्रम में सभी ने एक के बाद एक बोलकर तीर्थराज के योगदान को सराहा और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कुछ कर्मचारियों ने उनसे कामकाजी अनुभव और यादगार घटनाओं को भी साझा किया, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।
तीर्थराज ने अपने संबोधन में दुद्धी में मिली सहयोगपूर्ण टीम और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहाँ के लोगों की समस्याओं को जल्दी से सुलझाने में सहयोग मिला तथा विभागीय नियमों का पालन करते हुए कार्य किया गया।
पद्यक्रम में कर्मचारियों ने उन्हें माला पहनाकर,पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अवर अभियंता अहमद अली, भोला कुशवाहा, कृष्ण कुमार, गंगा समेत बिजली विभाग के तमाम कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि व नगरवासी मौजूद रहे।

स्वच्छ भारत मिशन की खुली पोल! बजट आया, सफाई गायब, बदबू में दम तोड़ रहा सामुदायिक शौचालय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

कोन (सोनभद्र)। केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत गांव-गांव में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए सामुदायिक शौचालयों का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक शौच सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन विकासखंड कोन की ग्राम पंचायत पीपरखाड़ के टोला केवाल में बना सामुदायिक शौचालय सरकारी दावों की हकीकत उजागर करता दिखाई दे रहा है। वर्षों से उपेक्षा और बदहाल व्यवस्था के कारण यह शौचालय अब सुविधा केंद्र कम और गंदगी का अड्डा ज्यादा बन चुका है।
शौचालय के अंदर प्रवेश करते ही चारों तरफ फैली गंदगी, बदबू, टूटे हुए दरवाजे, जाम शौच सीटें, बंद पड़े नल और पानी की पूरी तरह अनुपलब्ध व्यवस्था लोगों को इसका उपयोग करने से रोक रही है। हालत इतनी खराब है कि ग्रामीण मजबूरी में आज भी खुले में शौच जाने को विवश हैं। इससे स्वच्छता अभियान के साथ-साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीण ब्रह्म प्रकाश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग पांच वर्षों से इस सामुदायिक शौचालय की नियमित सफाई नहीं कराई गई। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। हाल ही में सोशल मीडिया पर शौचालय की बदहाली का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में तो आया, लेकिन केवल बाहर की सफाई कर औपचारिकता निभा दी गई। अंदर की स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण बच्चा चंद्रवंशी, चंद्रशेखर तिवारी, जितेश तिवारी, जादूनी बैगा और राममिलन चेरो सहित अन्य लोगों ने बताया कि शौचालय के अंदर चारों ओर गंदगी फैली हुई है। नलों में पानी नहीं आता, सफाई का कोई इंतजाम नहीं है और दुर्गंध के कारण वहां कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि जब उपयोग ही नहीं हो सकता तो करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए ऐसे शौचालयों का क्या औचित्य है।
सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक शौचालय के बाहर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शौचालय के संचालन और रखरखाव के लिए सहायक की नियुक्ति की गई है, जिसे हर महीने मानदेय दिया जाता है। इसके अलावा सफाई और रखरखाव के लिए अलग से बजट भी जारी होता है, लेकिन धरातल पर उसका कोई असर दिखाई नहीं देता। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद सुविधा बदहाल क्यों है और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल पीपरखाड़ तक सीमित नहीं है। रामगढ़, बरवाखाड़, खेतकटवा समेत विकासखंड के कई गांवों में बने सामुदायिक शौचालय या तो वर्षों से बंद पड़े हैं, या जर्जर हो चुके हैं अथवा उपयोग के लायक ही नहीं बचे हैं। कहीं पानी नहीं है तो कहीं ताले लटके हैं, जबकि कई स्थानों पर नियमित सफाई न होने से शौचालय पूरी तरह गंदगी से भर चुके हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी सामुदायिक शौचालयों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, रखरखाव पर खर्च हुए बजट का सामाजिक ऑडिट कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर तक निगरानी की व्यवस्था मौजूद है, नियमित निरीक्षण के निर्देश जारी होते हैं और रखरखाव के लिए हर वर्ष बजट भी स्वीकृत किया जाता है, तो आखिर इन सामुदायिक शौचालयों की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार कौन है? करोड़ों रुपये की सरकारी योजना की यह तस्वीर न केवल स्वच्छ भारत मिशन की जमीनी हकीकत उजागर करती है, बल्कि व्यवस्था की जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है।

मारकुंडी से बलुई तक आवागमन बाधित होने का दावा, महिलाओं-बच्चों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट, पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

गुरमा/सोनभद्र। सदर विकासखंड के न्याय पंचायत सलखन क्षेत्र में कथित रूप से सार्वजनिक आवागमन मार्ग पर हुए अतिक्रमण को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया। मारकुंडी समेत आसपास के कई गांवों के महिला-पुरुष ग्रामीण ग्राम प्रधान उद्यम सिंह यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस रास्ते से वर्षों से ग्रामीणों का आवागमन होता रहा है, उसी मार्ग पर अवैध रूप से पक्की बाउंड्री बनाकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग केवल एक गांव नहीं, बल्कि मारकुंडी, बलुई, बजरटोला, मधुबन, महुअरिया, गुरुदह सहित कई बस्तियों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। उनके अनुसार पीढ़ियों से लोग इसी रास्ते का उपयोग स्कूल, अस्पताल, बाजार, खेत और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करते रहे हैं, लेकिन रास्ता बंद होने के बाद लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रास्ता अवरुद्ध होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ रही है। बच्चों को विद्यालय पहुंचने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, मजदूरी करने वाली महिलाओं का समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं, जबकि किसी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन, कृषि कार्य और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर पहले भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, चकबंदी विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने रास्ता बंद किए जाने का विरोध किया तो कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकियां भी दीं।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि विवादित भूमि की राजस्व विभाग से निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए। यदि जांच में यह स्पष्ट हो कि सार्वजनिक मार्ग अथवा नाले की भूमि पर अतिक्रमण किया गया है तो उसे तत्काल हटाया जाए और मारकुंडी मुख्य मार्ग से बलुई गांव तक आवागमन को पहले की तरह सुचारु कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को विवश होंगे।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में सार्वजनिक रास्ता बहाल कराने की मांग दोहराई।
नोट: इस समाचार में लगाए गए सभी आरोप प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों अथवा आरोपित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच और राजस्व पैमाइश के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट का मामला पहुंचा देश के सर्वोच्च स्तर तक, राष्ट्रपति समेत सात प्रमुख संस्थाओं को भेजा गया ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित किए जाने के आरोप को लेकर अब मामला राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन (पंजीकृत), सोनभद्र के जिलाध्यक्ष अमान खान ने इस प्रकरण में राष्ट्रपति सहित देश की सात प्रमुख संवैधानिक एवं वैधानिक संस्थाओं को स्पीड पोस्ट के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि हाल के दिनों में कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों पर इस्लाम धर्म, पवित्र कुरआन, पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम), उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा (रज़ियल्लाहु अन्हा) तथा मुस्लिम समुदाय से संबंधित कथित रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री साझा की गई है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि ऐसी सामग्री से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और समाज में आपसी भाईचारा एवं सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो सकती है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की साइबर विशेषज्ञों की निगरानी में उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। जिन सोशल मीडिया अकाउंट, पेज या डिजिटल चैनलों से कथित रूप से विवादित सामग्री प्रसारित हुई है, उनकी तकनीकी जांच कर वास्तविक संचालकों की पहचान की जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संगठन ने यह भी अनुरोध किया है कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध कथित आपत्तिजनक सामग्री को तत्काल हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए तथा भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और अन्य साइबर जांच एजेंसियों की मदद से पूरे नेटवर्क की जांच कर भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म, आस्था या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पर समय रहते कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमान खान ने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तथा भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) को स्पीड पोस्ट के माध्यम से अलग-अलग ज्ञापन भेजे गए हैं। उन्होंने संबंधित संस्थाओं से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
नोट: इस समाचार में उल्लिखित आरोप ज्ञापन भेजने वाले संगठन द्वारा लगाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक संबंधित सोशल मीडिया खातों, आरोपित पक्ष अथवा संबंधित सरकारी संस्थाओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी। मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घिवही में बारिश के दौरान दीवार गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल,सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घिवही निवासी राधा देवी (45) पत्नी महेंद्र प्रसाद, तेज बारिश के बीच अपने कच्चे मकान में बकरियों की सुरक्षा कर रही थीं, तभी आज रविवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे मकान की एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से राधा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जोरदार आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर राधा देवी को बाहर निकाला। परिजनों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज व चालक सुभाष ने उन्हें त्वरित इलाज के लिए सीएचसी दुद्धी पहुँचाया। यहाँ चिकित्सक डॉ. सुनील सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया।
डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि राधा देवी को प्राथमिक जांच में बायीं टांग में फ्रैक्चर की आशंका और शरीर के विभिन्न हिस्सों में अंदरूनी चोटों के लक्षण नजर आ रहे हैं। हमने दर्द निवारक और प्राथमिक बंदोबस्त कर दिया है एवं हालत स्थिर करने के बाद उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है।

आदिवासी समाज 9 अगस्त को मनाएगा आदिवासी दिवस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। रानी दुर्गावती स्थल मलदेवा गांव में रविवार को आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाने को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता हरिकिशन सिंह धर्माचार्य ने की। धर्माचार्य ने बताया कि बैठक में दिवस के कार्यक्रम की रूपरेखा और विचार गोष्ठी के आयोजन पर चर्चा की गई।
बैठक में आस-पास के हर गांव से समाजसेवी और ग्रामीण प्रतिनिधि मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने सुझाव दिए। निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त को प्रत्येक गांव में अपने-अपने बड़े देव की पूजा-अर्चना की जाएगी, उसके बाद सभी लोग सामूहिक रूप से दुद्धी के टीसीडी मैदान में जुटेंगे। वहाँ पर विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
बैठक में रामपाल सिंह, कुबेर सिंह, आनंद कुमार, फौजदार सिंह, परस्ते, सुरेंद्र पोया और विजय सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

नवागत एसडीएम ने सीएचसी का किया औचक निरीक्षण,गंदगी पाई तो कड़ी चेतावनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।रविवार को नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रवि कुमार पासवान ने दुद्धी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अचानक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी ड्यूटी रूम और आईपीडी वार्ड का दौरा कर वहां मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ से मरीजों की स्थिति व उपचार संबंधी जानकारी ली।
एसडीएम ने संचारी रोगों के नियंत्रण को लेकर कड़े निर्देश दिए और अस्पताल परिसर में गंदगी देख कर नाराजगी जताई। उन्होंने अपने मोबाइल फोन से गंदगी की तस्वीरें भी लीं और कहा कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना था कि संचारी माह के दौरान गंदगी को बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा।
रवि कुमार पासवान ने चिकित्सकों को आदेश दिए कि सेंट्रल स्टॉक की दवाइयां पर्ची पर लिख कर दी जाएँ और बाहरी मेडिकल स्टोर की दवाइयों के उपयोग में लापरवाही मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अस्पताल में किसी भी मरीज को निजी दवाइयों की पर्ची दी जाती पाई जाती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित चिकित्सक की मानी जाएगी।

दुद्धी में बूथ सम्मेलन की तैयारियां तेज, प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा करेंगें आगमन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी मण्डल की संगठनात्मक बैठक एवं 22 जुलाई को होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के लिए तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। शनिवार को नगर पंचायत के सभागार में आयोजित बैठक में संगठनात्मक पहलुओं पर चर्चा की गई और प्रभारी मंत्री सोनभद्र हंसराज विश्वकर्मा के आगमन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में भव्य बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है और इसी के अंतर्गत दुद्धी विधानसभा में भी बूथ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में प्रभारी मंत्री सोनभद्र हंसराज विश्वकर्मा उपस्थित रहेंगे और कार्यक्रम कृषि मंडी में आयोजित होगा। उन्होंने दुद्धी विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारी सहित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की अनिवार्य उपस्थिति पर बल दिया।
प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने बैठक में कहा कि बैठक का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना तथा 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देना है।
बैठक की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह ने की। कार्यक्रम में नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन, मण्डल प्रभारी विशाल पांडे, जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा ,मनीष जायसवाल सहित स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“दुद्धी को जिला बनाओ” को लेकर प्रदर्शन, अधिवक्ताओं ने कचहरी के मुख्य गेट पर किया प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने शनिवार को कचहरी के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन कर दुद्धी को जिला बनाने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता और आंदोलनकारी न्यायिक कार्य से विरत रहकर मुख्य गेट पर इकट्ठा हुए और “दुद्धी को जिला बनाओ, विकास कराओ” के नारे लगाए।
मोर्चा के वक्ता प्रेमचंद यादव और रामपाल जौहरी ने कहा कि जनता की भावना और जनमत का सम्मान करते हुए सरकार को दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आवाज़ पिछले दो दशकों से उठ रही है, बावजूद इसके 2017 से 2025 तक भाजपा सरकार ने इस विषय पर केवल आश्वासन दिए और कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। वक्ताओं का कहना था कि प्रदेश में कई ऐसे जिले हैं जिनकी जनसंख्या दुद्धी से भी कम है, फिर भी दुद्धी को मानकों का बहाना बनाकर स्थायी जिला नहीं बनाया जा रहा है।
प्रदर्शन में उपस्थित अधिवक्ता समूह ने नारेबाजी की और आगामी दिनों में अपनी मांगों को तेज करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन उग्र बना रहेगा और अन्य प्रकार की कानूनी व जनआंदोलनात्मक लड़ाइयाँ की जाएँगी।

इन्हरव्हिल क्लब की नयी टीम ने ली शपथ, लीना जायसवाल बनीं अध्यक्ष

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी( सोनभद्र)। शनिवार को कस्बे के एक निजी होटल में आयोजित बैठक में इन्‍हरव्हिल क्लब की नई कार्यकारिणी का चुनाव और शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से लीना जायसवाल को अध्यक्ष तथा माधवी जायसवाल को सचिव चुना गया। स्वाति झा को एडिटर, विनीता मसीह को कोषाध्यक्ष और वंदना गुप्ता को आईएसओ की नई जिम्मेदारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अणिमा यादव ने क्लब द्वारा सामाजिक स्तर पर किए जा रहे कामों की सराहना की और कहा कि महिलाओं द्वारा आगे बढ़कर इस तरह के आयोजन करना सुखद तथा प्रेरणादायी है। उन्होंने संगठन को शुभकामनाएँ दीं।
शपथ ग्रहण के बाद क्लब ने सिलाई केंद्र के लिए कपड़े, बच्चों के ओरल हेल्थ चेकअप के आयोजन का उल्लेख और रोजगार के उद्देश्य से ठोंगा बनाने के लिए पेपर वितरण जैसे सामाजिक कार्य भी किए। कार्यक्रम का संचालन स्वाति झा ने किया।
इस अवसर पर तारा जायसवाल, राखी जायसवाल, लता, चिंता, अनिता, आभा जायसवाल, कृष्णा, अनुपमा, रेखा, कुसुम, सुमन, ज्योति जायसवाल, कृति सिन्हा, प्रियंका, उमा गुप्ता और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

पिकअप में क्षमता से अधिक सवारियां, स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों की हुई जोखिमभरी यात्रा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।तहसील क्षेत्र अंतर्गत के दुद्धी से महुली व जोरकाहू मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक पिकअप वाहन में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी से लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ कई ग्रामीण यात्रियों को भी क्षमता से अधिक संख्या में बैठाकर ले जाया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन के पीछे कई छात्र और ग्रामीण लटककर सफर कर रहे थे, जबकि महिलाओं और अन्य सवारियों को भी असुरक्षित तरीके से बैठाया गया था। मौके पर ली गई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि ड्राइवर नियमों की अवहेलना कर लोगों को खतरे में डाल रहा था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर मालवाहक वाहनों में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भरकर भेजा जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह नियमित व्यवहार बनता जा रहा है और इससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उठते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले की जांच कर चालक एवं वाहन संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक ऐसी लापरवाही पर रोक नहीं लगेगी, तब तक यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पाएगी।

तहसील समाधान दिवस पर 65 शिकायतें, 3 मामलों का निपटान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। शनिवार को स्थानीय तहसील परिसर में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रवि कुमार पासवान ने की। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जारी इस कार्यक्रम में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएँ लेकर पहुंचे और कुल 65 शिकायतें पंजीकृत की गईं।
तहसील समाधान दिवस के दौरान मौके पर उपस्थित अधिकारी लोगो की शिकायतों को सुनकर त्वरित कार्रवाई करने में जुटे रहे। कार्यक्रम के दौरान दो मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया जबकि एक मामले का समाधान टीम के द्वारा किया गया। इस प्रकार कुल तीन शिकायतों का निपटारा समाधान दिवस में तत्काल किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी सीओ विनय प्रभारक साहनी, तहसील के अन्य अधिकारियों और स्टाफ भी मौजूद रहे। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से बात कर समस्याओं का ब्योरा लिया ।
उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान ने कहा कि जिन मामलों का मौके पर निपटारा नहीं हो सका, उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हर शिकायत की समय से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने नागरिकों से कहा कि समस्याओं को समय से रखें विलंब न हो। जिन मामलों में कानूनी या तकनीकी जटिलताएँ हैं, उन पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान किया जाएगा।

अरब देशों में हिरासत में लिए गए भारतीय शिया मुसलमानों की रिहाई के लिए केंद्र सरकार करे हस्तक्षेप: मौलाना यासूब अब्बास

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड (AISPLB) ने केंद्र सरकार से अरब देशों में हिरासत में लिए गए भारतीय शिया मुसलमानों की सुरक्षित रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए तत्काल कूटनीतिक हस्तक्षेप करने की मांग की है। बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने शुक्रवार को अपने लखनऊ स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में इस मुद्दे को गंभीर मानवीय विषय बताते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपील की,प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मौलाना यासूब अब्बास ने बताया कि ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भेजा है, जिसमें विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित देशों की सरकारों से तत्काल संवाद स्थापित कर हिरासत में लिए गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

घर में अकेली महिला के ऊपर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला हुई गंभीर घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

आजमगढ़

आजमगढ़ के पवई कस्बे में घर में अकेली महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला।

48 वर्षीय दुर्गावती पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हुईं।

महिला की गर्दन और हाथ पर कई बार धारदार हथियार से वार किए गए।

घटना के समय महिला घर में अकेली थीं और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर महिला को बाहर निकाला।

महिला दूसरी मंजिल पर खून से लथपथ हालत में मिलीं।

उन्हें पहले सीएचसी पवई ले जाया गया, जहां चिकित्सक नहीं मिले।

बाद में परिजन उन्हें शाहगंज के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

भाई बृजेश कुमार ने सुजीत मौर्य पर हमले का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की।

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बी.डी.सी. सदस्यों ने अंतिम बैठक का किया बहिष्कार, बकाया भत्ते के न मिलने पर मुख्यमंत्री व डीएम को ज्ञापन भेजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)। क्षेत्र पंचायत संघ के अध्यक्ष प्रेमचन्द गुप्त की अगुवाई में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) के सदस्यों ने आज 17 जुलाई को प्रस्तावित अंतिम बैठक का बहिष्कार किया। सदस्यों का आरोप है कि गत पांच वर्ष के कार्यकाल में हुई अधिकांश आधिकारिक बैठकों के दैनिक व यात्रा भत्ते का भुगतान खंड विकास कार्यालय से नहीं किया है। इस बात से वे गंभीर रूप से आहत और विवश हैं।
प्रेमचन्द गुप्त एडवोकेट द्वारा खण्ड विकास अधिकारी दुद्धी को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पूरे कार्यकाल के दौरान केवल 4 से 5 बैठकों के भत्ते ही दिए गए, जबकि बाकी बैठकों के वैध भुगतान आज तक लंबित हैं। कई मौकों पर मौखिक और लिखित रूप से मांग उठाने के बावजूद प्रशासन ने इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं की, इसलिए सदस्यों ने यह कड़ा कदम उठाया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने अपने गाँवों से दूर आकर जनहित के मामलों की चर्चा हेतु बैठकों में भाग लेते हैं और व्यक्तिगत खर्च उठाते हैं। ऐसे में भत्तों का भुगतान न होना उनके लोकतांत्रिक और विधिक अधिकारों का उल्लंघन है। अतः सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक सभी बकाया भत्तों का पूर्ण और न्यायसंगत भुगतान नहीं किया जाता, तब तक बैठक का बहिष्कार जारी रहेगा।
बकाया भत्तों के मुद्दे को लेकर यह ज्ञापन जिला प्रशासन को भी भेजा गया है और साथ ही इसकी प्रति मुख्यमंत्री कार्यालय व जनपद के जिलाधिकारी को भी प्रेषित कर दी गयी है, ताकि प्रशासन समय रहते मामलों का निपटारा कराकर सदस्यों को आंदोलन के मार्ग पर न आना पड़े।
सभागार में बैठक के एजेंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), स्वच्छ पेयजल, पंचम व पंद्रहवाँ वित्त, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, विद्युत समस्या, पेंशन योजनाएँ, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, बाल विकास व पुष्टाहार, सर्व शिक्षा अभियान, पशुपालन, कृषि व कृषि रक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। हालांकि प्रतिनिधि भेजना प्रतिबंधित बताया गया था, लेकिन सदस्यों ने बकाया भत्तों के भुगतान तक बैठक में शामिल न होने का निर्णय लिया।
खण्ड विकास अधिकारी दुद्धी से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक टिप्पणी प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो बी.डी.सी. सदस्य आगे के कदम (न्यायिक या आंदोलनात्मक) पर विचार कर सकते हैं। इसके पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक कार्यालय के समक्ष मांग पत्र लेकर प्रदर्शन कर रहे थे अधिकारियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मनाने के लिए तमाम प्रयास किया लेकिन क्षेत्र पंचायत सदस्य नहीं माने और अपने मांगों पर अड़े रहे। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की संख्या काफी कम रही और कोरम का अभाव रहा।प्रदर्शन में गोविंद ,राजेंद्र प्रसाद,श्रवण कुमार, विमला देवी ,विंदा देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) के सदस्य रहे ।

दुद्धी सीएचसी में हुई महिला चिकित्सक की तैनाती, क्षेत्र में खुशी का माहौल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में लंबे समय से रिक्त महिला चिकित्सक के पद पर डॉ. ऐमन अंसारी को दो वर्ष की संविदा नियुक्ति दी गई। समाचार मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया। यह पद डॉ. स्मिता के पीजी की पढ़ाई के लिए चले जाने के बाद पिछले छह माह से खाली था।
उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग ने 30 जून 2026 को लखनऊ में एमबीबीएस चिकित्सकों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया था। 7 जुलाई को घोषित परिणाम में डॉ. ऐमन अंसारी का चयन हुआ और उन्हें सोनभद्र जनपद आवंटित किया गया। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार चयनित चिकित्सकों से ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सहित सभी चिकित्सकीय कार्य नियमित डॉक्टरों की भांति अपेक्षित होंगे।
डॉ. ऐमन ने 8 जुलाई को मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र के समक्ष अपना योगदान पेश किया।आज शुक्रवार 17 जुलाई को सीएमओ की ओर से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में तैनाती का ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किया गया। आदेश के अनुसार ही उन्होंने उसी दिन सीएचसी दुद्धी पहुंचकर अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी के समक्ष कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा जनता ने आभार प्रकट किया। टूटी-फूटी स्वास्थ्य सेवा की कमी दूर होने का विश्वास जताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जुलाई माह के प्रथम शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील मुख्यालय पहुंचे जिलाधिकारी से भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक साह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने भी सीएचसी में महिला चिकित्सक की नियुक्ति की मांग उठाई थी।
डॉ. ऐमन अंसारी इससे पूर्व 11 जून 2026 को एनएचएम गाजीपुर द्वारा आयोजित चिकित्सक भर्ती प्रक्रिया में भी प्रतिभाग कर चुकी थीं। 21 जून को घोषित परिणाम में उनका चयन चिकित्साधिकारी पद के लिए हुआ था और 26 जून को उन्होंने गाजीपुर के सीएमओ कार्यालय में दस्तावेज़ सत्यापन भी कराया था। बाद में उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की भर्ती में चयन होने पर उन्हें उनके गृह जनपद सोनभद्र आवंटित कर दिया गया।
बता दे कि डॉ. ऐमन की छोटी बहन डॉ. एरम अंसारी (एमबीबीएस) ने हाल ही में आयोजित ऑल इंडिया विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) उत्तीर्ण कर दुद्धी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 8 जुलाई को घोषित परिणाम में उनकी सफलता से परिवार व क्षेत्र में उत्साह है। दोनों बहनों की उपलब्धियों को स्थानीय समाज और शिक्षा जगत में सराहना मिल रही है।

दुद्धी में आदिवासी किसानों ने कहा चौकी प्रभारी की मिलीभगत से खेतों पर अवैध कब्जा, एसपी को सौंपा ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड के ग्राम गोहड़ा के आदिवासी कृषक आज जिला मुख्यालय में पहुंचे और पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय चौकी अमवार के प्रभारी ने विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर उनके खेतों पर अवैध कब्जा कराने और उन्हें धक्का-मुक्की व जातिसूचक गाली देने का काम किया।
प्रार्थियों में रमेश व प्रेमचंद सहित कई ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने बताया कि वे अपनी पुश्तैनी ज़मीन पर जोत-कोड़ कर खेती करते आए हैं और कुछ स्थानों पर परिवार के पुराने मकान भी हैं।जोत कोड़ के दौरान भगवत यादव पुत्र रामवृक्ष, शिवलोचन पुत्र सोहन, रामदेव पुत्र भिखारी, प्रेम व जयप्रकाश पृथ्वीपाल , दुलार चन्द पुत्र रामदेव सहित ग्राम गोहड़ा व राधेश्याम यादव व राजीव यादव पुत्रगण बालकेश्वर यादव निवासी कोलीनडूबा थाना विण्ढमगंज मौके पर आ गए और उनके बैलों को हल से हटाकर खेतों में बांध डाली।
जब ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर पुलिस बुलवाई तो चौकी अमवार के बुलावे पर केवल प्रार्थीगण ही चौकी पहुंचे, वहीं दूसरे पक्ष वहां नहीं आया।
प्रार्थियों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने कहा कि विरोधियों को छोड़ने के लिए 50,000 रुपये लाओ ।बाद में प्रार्थीगण ने परेशान होकर 30,000 रुपये दे दिए। पैसे देने के बाद भी विरोधी पक्ष ने उनके बोए हुए खेतों की फसल उलटवा कर पुनः बुआई करा दी। जब प्रार्थीगण ने पुनः शिकायत की तो चौकी प्रभारी ने धमकी दी कि यदि ज्यादा विरोध किया तो उनके खिलाफ गंभीर धाराएँ लगाकर जेल भेज दिया जाएगा। प्रार्थी के अनुसार विपक्षी पक्ष ने सर्वे के दौरान कुछ भूमियों पर अपने परिजनों के नाम करवा लिए हैं, जबकि आदिवासी पीड़ित वहीं लंबे समय से जोतकर आबाद हैं।
प्रार्थियों ने बताया कि यही जमीन उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है और अगर इसे उनसे छीन लिया गया तो वे बेघर हो जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि चौकी प्रभारी अमवार व आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर कब्जे हटवाए जाएं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कारवाही की जाए।

नवागत एसडीएमने संभाली कमान, किया व्यापक निरीक्षण,नवागत उपजिलाधिकारी (न्यायिक) ने भी पदभार संभाला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रवि कुमार पासवान ने आज पदभार संभालने के बाद तहसील कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर दफ्तरी कार्यवाही तथा जनता के सेवाग्राहक प्रावधानों की जानकारी ली। उन्होंने तहसील के विभिन्न कक्षों जैसे कक्षा/पटल, जाति प्रमाण पत्र कक्ष, निवास प्रमाण पत्र कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, खतौनी कक्ष, राजस्व अमीन कक्ष, उपजिला न्यायालय, रजिस्ट्रार कार्यालय तथा रिकॉर्ड आपूर्ति कक्ष का औपचारिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों तथा कर्मचारियों को तहसील में सेवाओं का समयनिष्ठ और नियमबद्ध ढंग से प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी और कामकाज समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। आवश्यक प्रक्रियाओं में सुधार और रिकॉर्ड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए।
पत्रकारों से बातचीत में रवि कुमार पासवान ने बताया कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में भूमि से संबंधित मामलों की संख्या अधिक है और उन मामलों का निस्तारण गंभीरता से एवं शीघ्रता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर आ सकता है और उसे हर संभव मदद दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार आज ही नवागत उपजिलाधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार गुप्ता ने भी अपना पदभार ग्रहण की है।

बकरियों को लेने गए अधेड़ को सर्प ने काटा, सीएससी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझौली के गोपी मोड़ के समीप बकरियों को घर के अंदर कर रहे एक अधेड़ को विषैले सर्प ने काट लिया। अधेड़ का इलाज सीएससी दुद्धी में चल रहा है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रामटहल (55)पुत्र शीतू निवासी मझौली ,देर शाम चर रहे बकरियों को घर के तरफ ला रहे थे। इसी बीच रास्ते में घास में छिपे कोबरा सांप ने उन्हें काट लिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया लेकिन एम्बुलेंस मिलने में आधे घंटे का विलंब बताए जाने पर गांव के वार्ड 10 के सभासद रामकुअर ने सेवा भाव दिखाई और अपने निजी बाइक से रामटहल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ वरुणा निधि के देख रेख में उनका इलाज चल रहा है।
चिकित्सक ने बताया कि रामटहल को एंटीवेनम और आवश्यक दवाइयाँ दी जा रही हैं। हालत फिलहाल स्थिर है और उपचार जारी है।

दुद्धी में सीएचसी से मोबाइल-लैपटॉप चोरी का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी पुलिस ने केवल 24 घंटे में सीएचसी दुद्धी में हुई मोबाइल व लैपटॉप चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद किए गए। पुलिस की तेज़ कार्रवाई और तकनीकी जांच की सफलता के कारण क्षेत्र में राहत और पुलिस की प्रशंसा देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सरकारी अस्पताल (सीएचसी) में चोरी की घटना की सूचना मिलने पर दुद्धी थाना की टीम ने तत्क्षण जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अध्ययन कर संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास तेज किए गए। जांच में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए एआई-संचालित यक्ष ऐप की मदद से संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई। प्राप्त सुरागों और मुखबिर की ताजा सूचना के आधार पर पुलिस ने रजखड़ तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीडर निवासी सुन्दरेश कुमार उर्फ़ बमबम (जादूगर)पुत्र स्व नंद लाल के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सभी 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद कर लिए। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उसके क्रिमिनल रिकार्ड और पिछले मामलों को देखते हुए पुलिस उसे अन्य संभावित वारदातों के सिलसिले में भी पूछताछ कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वह किसी संगठित गिरोह का सदस्य तो नहीं है। बरामदगी के आधार पर दुद्धी पुलिस ने मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएँ भी जोड़ दी हैं।
अंतिम कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दुद्धी पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध सूचना के बारे में तुरंत स्थानीय थाने को सूचित करें और कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान अनवरत जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होती रहेगी।

फिरोजाबाद में इटावा STF और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दो बदमाश हुए ढेर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

फिरोजाबाद में इटावा STF और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर हो गए। इस कार्रवाई के दौरान STF के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। एक जवान के कंधे और दूसरे के पेट में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घंटों चले इस ऑपरेशन के दौरान बदमाशों ने एक स्कूल में घुसकर एक बच्चे को बंधक भी बना लिया था।

जानकारी के मुताबिक 3 जुलाई को इटावा में एक व्यापारी से हुई लूट की वारदात के बाद से STF इन बदमाशों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और भागते हुए कन्हाई का नगला गांव की ओर निकल गए। पीछा करते हुए STF जब उनके करीब पहुंची तो बदमाश एक स्कूल में घुस गए और एक मासूम बच्चे को गन पॉइंट पर बंधक बना लिया। कुछ देर बाद बच्चे को छोड़कर बदमाश एक बाइक लूटकर गांव की ओर फरार हो गए।

बाइक से भाग रहे बदमाशों का STF लगातार पीछा करती रही। इसी दौरान बदमाशों ने फिर पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी, जिसमें STF के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। बावजूद इसके टीम ने जवाबी कार्रवाई जारी रखी। खेतों की ओर भाग रहे एक बदमाश को मौके पर ही मार गिराया गया, जबकि दूसरा करीब दो किलोमीटर तक पुलिस को छकाता रहा और लगातार फायरिंग करता रहा। आखिरकार STF ने उसे भी जवाबी कार्रवाई में ढेर कर दिया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एडीजी आगरा जोन, डीआईजी आगरा, एसएसपी इटावा, एसएसपी फिरोजाबाद समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मारे गए दोनों बदमाशों पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वे लंबे समय से वांछित चल रहे थे। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल गाजियाबाद दौरे पर,स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, कांवड़ यात्रा की तैयारियों की करेंगे समीक्षा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों ही दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सबसे पहले मुरादनगर पहुंचेंगे, जहां गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजीत पाल त्यागी के पिता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के मौजूद रहने की संभावना है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारियां की हैं।

सूत्रों के अनुसार, मुरादनगर कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद स्थित जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वह आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में मंडल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि 30 जुलाई से सावन माह की शुरुआत होने जा रही है। इस दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। उत्तराखंड से शुरू होकर यह यात्रा मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब तक पहुंचती है। ऐसे में गाजियाबाद प्रशासन के लिए यह यात्रा चुनौतीपूर्ण मानी जाती है।

समीक्षा बैठक में कांवड़ मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, बिजली आपूर्ति, आपदा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे गाजियाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावना भी व्यक्त की जा रही है कि मुख्यमंत्री गाजियाबाद के प्रसिद्ध दूधेश्वर नाथ मंदिर मठ भी जा सकते हैं

नवागत रवि पासवान को उप-जिलाधिकारी दुद्धी पद पर तैनात, उप-जिलाधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार गुप्ता की भी पोस्टिंग; जिलाधिकारी के निर्देश पर फैसला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) ।प्रशासनिक फेरबदल के तहत नवागत रवि पासवान को दुद्धी तहसील का उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बनाया गया है, जबकि उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के रूप में अशोक कुमार गुप्ता की भी नई तैनाती कर दी गई है।
जिले के जिलाधिकारी चर्चित गोड़ ने प्रशासनिक सुचारुता और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से इन तैनातियों को मंज़ूरी दी है तथा दोनों अधिकारियों को क्षेत्र में बेहतर शासन, समयबद्ध राजस्व कार्यवाही और जनसुनवाई पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए हैं।प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि दोनों अधिकारियों का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जनसुविधाओं के समुचित समन्वय को सुनिश्चित करना है। रवि पासवान अपनी पिछली तैनाती में जनसमस्याओं के समाधान तथा विकास परियोजनाओं पर निगरानी के लिए जाने जाते रहे हैं। वहीं, अशोक कुमार गुप्ता का न्यायिक प्रशासन में अनुभव क्षेत्रीय विवादों के त्वरित निपटारे और न्यायिक प्रबंधों को मजबूत करने में सहायक माना जा रहा है।
वहीं क्षेत्रवासियों द्वारा इस फेरबदल से दुद्धी क्षेत्र में प्रशासनिक ढांचा और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

दुद्धी सीएचसी में चोर सक्रिय,तीन एंबुलेंस व परिजन के एक मोबाइल चुरा लिए,सीयूजी गायब होने से एम्बुलेंस सेवा प्रभावित, मरीजों को हुई परेशानी,पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि और सुबह चोरों ने हड़कंप मचा दिया। रात के लगभग एक से दो बजे के बीच अज्ञात युवक ने एम्बुलेंस 108 व 102 की टीम के रेस्ट रूम में घुसकर दोनों टीमों के सीयूजी (CUG) मोबाइल और 102 एम्बुलेंस चालक अजीत का निजी सैमसंग मोबाइल चोरों ने चुरा लिया।चोरी की घटनाओं से एम्बुलेंस सेवाओं पर भी असर नजर आया है।चोरी हुए सीयूजी नंबरों के गायब होने से एम्बुलेंस सेवा संचालन में बाधा आई। एंबुलेंस टीम ने बताया कि सीयूजी मोबाइल में सेवाओं का रूटिंग और कॉल डिस्पैचिंग जुड़ा होता है, जो अचानक बंद होने से कई आपात कॉल रूकीं या डिले हुईं। कुछ मामलों में रूट ऑफिस द्वारा सीधे संपर्क कर केवल चुनिंदा मरीजों को ही सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन आम मरीजों को तत्काल सहायता मिलने में कठिनाइयां हो रही है ।
रात्रि में ही चोरी की सूचना 108 एम्बुलेंस चालक विजय राजभर व अन्य ने 112 को सूचना दी। पुलिस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
एंबुलेंस टीम के मुताबिक लखनऊ ऑफिस को चोरी की सूचना दी गई थी और मोबाइल के लोकेशन के अनुसार डीसीएफ कालोनी वार्ड नंबर 5 जाकर देखा गया, लेकिन चोर ने सिम निकाल दिया था जिससे ट्रेस करना कठिन हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कई घरों में जाकर तस्वीर दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया गया।इसी बीच स्थानीय एक युवक द्वारा पहचान करने पर एक संदेहित युवक के घर ग्राम बिड़र भी जाकर तलाशी ली गई, पर वह वहां नहीं मिला।जिसके बाद दुद्धी कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
उसी दिन सुबह करीब 6 बजे वही चोर पुन: सीएचसी में घुस आया और जनरल वार्ड से एक मरीज के परिजन का नया OPPO A79 5G मोबाइल चार्जर से हटाकर चोरी कर ले गया। मोबाइल स्वामी चंद्र प्रकाश निवासी ग्राम बैना तेंदुअल थाना बभनी, ने बताया कि वह मोबाइल चार्ज लगाकर थोड़ी देर के लिए वार्ड से बाहर गया था, लौटकर देखा तो मोबाइल गायब था। वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों के परिजनों ने भी मोबाइल ले जाते देखा बताया, पर तब तक आरोपी नजरों से ओझल हो चुका था।
इस मामले में वार्ड बॉय रोहित, एम्बुलेंस चालक हीरालाल, विजय राजभर, ईएमटी दीपक व चालक बृजेश समेत कई लोग दुद्धी कोतवाली में तहरीर देने के समय मौजूद रहे। पुलिस ने तहरीर मिलते ही आरोपियों की गिरफ्तार करने व मोबाइल बरामद करने का आश्वासन दिया है। दुद्धी कोतवाली पुलिस ने सीसी फुटेज की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवक की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।

प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल ने 500 विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए,”एक पेड़ माँ के नाम” पहल को बढ़ावा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में गुरुवार को “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के तहत 500 फलदार सहित विभिन्न किस्मों के पौधों का वितरण किया गया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति और स्कूल परिवार की ओर से ये पौधे प्रत्येक छात्र-छात्रा को उनके घर के आसपास सुरक्षित स्थान पर रोपण हेतु दिए गए।
मुख्य अतिथि चेयरमैन कमलेश मोहन ने कार्यक्रम में पौध वितरण कर कहा कि सूखा, अकाल,घटता जलस्तर और ग्लेशियर पिघलने जैसी समस्याओं के कारण बढ़ती वैश्विक ऊष्मा पर अंकुश लगाने के लिए पौधारोपण अति आवश्यक है। नगर पंचायत दुद्धी के स्वच्छता मिशन ब्रांड एम्बेसडर जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी ने भी उपस्थित रहे और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस पहल को साकार करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। सेवानिवृत्त क्रय-विक्रय सचिव विंध्यवासिनी प्रसाद ने पर्यावरण पर बढ़ते संकट के प्रति आगाह करते हुए बड़े पैमाने पर पौधारोपण को समाधान बताया।
डॉ. लवकुश प्रजापति ने 500 विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे पौधरोपण संकल्प की सफलता के लिए अतिथियों व विद्यालय टीम का धन्यवाद किया और कहा कि सामूहिक प्रयास से सरकारी दिशा निर्देशों का पालन कर प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकता है। उन्होंने कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार, उपेन्द्र कुमार तिवारी, अशोक कनौजिया के अलावा विद्यालय के उप-प्रबंधक मोहम्मद जावेद, अभिषेक, यशस्वी कपूर, पी. एन. सिंह, रेशमा सुब्बा, मोनिका, निशि और हिना सहित अन्य शिक्षक व स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।

तहसील दुद्धी में कई लेखपालों का स्थानांतरण, दुद्धी के लेखपाल भी हटाए गए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। प्रशासनिक आधार एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए तहसील दुद्धी के कई लेखपालों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। उप-जिलाधिकारी दुद्धी के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार ये तैनातियाँ तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
आदेश में विनय कुमार गुप्ता को दुद्धी से हथवानी दिया गया है।इसके अलावा विशाल वर्मा को किरबिल (पूर्वी) से दुद्धी और अतिरिक्त प्रभार टेढ़ा सौंपा गया है।
संतोष कुमार सिंह को जाबर से महुली का कार्यभार में लगाया गया है।
सुनील कुमार को महुली से किरबिल (पूर्वी) का दायित्व दिया गया है।
आकाश को राजासरई के साथ बनमहरी का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।मणिन्द्र तिवारी के पास घिवही के साथ बोम का अतिरिक्त प्रभार रहेगा ।पंकज चौबे को कुदरी से कुलडोमरी (पूर्वी) भेजा गया है साथ ही अतिरिक्त प्रभार बेलवादह मकरा से भी जोड़ा गया है।
राकेश सिंह को कुलडोमरी (पूर्वी) से कुदरी भेजा गया इसके साथ गोहड़ा भी उनके अतिरिक्त क्षेत्र में शामिल है।
आदेश के अन्तर्गत संबंधित राजस्व निरीक्षकों व कार्मिकों को तत्काल फर्दचार्ज कराकर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि यह स्थानांतरण नियमित प्रशासनिक जरूरतों एवं क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के चलते किए गए हैं। दुद्धी तहसील के कुछ लेखपालों के हटने से इलाके में पारदर्शिता और बेहतर शासकीय सेवाओं पर असर की संभावना बताई जा रही है, जबकि कुछ ग्रामीण गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि तैनाती से संबंधित जानकारी समय पर साझा करने की आवश्यकता है ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निमियाडीह में मोबाइल चार्ज निकालते समय बिजली की चपेट में आए व्यक्ति सीएचसी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निमियाडीह गांव निवासी मुमताज (62) पुत्र स्व. अलाउद्दीन, अपने घर में मोबाइल चार्जर निकालने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आ गए।
घटना के जानकारी के बाबत परिजनों ने बताया कि मुमताज बिस्तर से उठकर मोबाइल को चार्जिंग पोर्ट से निकाल रहे थे तभी विद्युत बोर्ड के पास स्थित पहले से झूलते कटे हुए मेन तार से संपर्क हो गया। तेज बिजली का झटका लगने से वे कुछ दूर फेंका गए और जोरदार धड़ाम की आवाज से परिजन दौड़े ।
घटना की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुँचे और गंभीर स्थिति के देखते ही डायल 108 से एम्बुलेंस बुलाकर मुमताज को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया।जहां पर उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। परिवार वालों ने बताया कि मुमताज को बिजली के तेज झटकें और गिरने से उन्हें चोटें आई हैं, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, पर डॉक्टरों की निगरानी जारी है।

प्रखंड बीडीसी सदस्यों ने बकाया भत्ते न मिलने पर 17 जुलाई की अंतिम बैठक बहिष्‍कार का ऐलान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड दुद्धी के समस्त क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्यों ने प्रशासन के द्वारा बैठक भत्तों का भुगतान न किए जाने के विरोध में 17 जुलाई 2026 को होने वाली अंतिम बैठक का सामूहिक बहिष्कार करने का ऐलान किया है। यह निर्णय ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमचन्द गुप्त एडवोकेट की अगुवाई में लिया गया।
बी.डी.सी. संघ की ओर से खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि वर्तमान क्षेत्र पंचायत का पांच वर्षीय कार्यकाल अब पूरा हो चुका है, लेकिन कार्यकाल के दौरान आयोजित अधिकांश आधिकारिक बैठकों के दैनिक व यात्रा भत्ते अब तक भुगतान नहीं किए गए। सदस्यों ने दावा किया कि प्रशासन ने केवल 4–5 बैठकों के भत्ते ही दिए और शेष बैठकों के विधिक भत्ते आज तक अप्राप्त हैं। कई बार मौखिक और लिखित शिकायत के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
पत्र में शाखकृत किया गया है कि सुदूर ग्रामीण एवं आंचलिक क्षेत्रों से आने वाले सदस्य अपने समय व व्यक्तिगत संसाधन लगा कर बैठकों में भाग लेते हैं और अंतिम दौर में भी उनके वैध भत्तों का भुगतान न होना उनके अधिकारों का हनन है। इसी कारण बी.डी.सी. सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि जब तक विगत सभी बैठकों के बकाया भत्ते का पूर्ण एवं न्यायसंगत भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक वे 17 जुलाई की अंतिम बैठक का बहिष्कार करेंगे।
पत्र में खण्ड विकास अधिकारी से अनुरोध किया गया है कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लोकतांत्रिक और विधिक अधिकारों का सम्मान करते हुए बकाया भत्तों का अविलंब भुगतान कराया जाए ताकि सदस्यों को भविष्य में आंदोलन या विधिक रास्ता अपनाने के लिए मजबूर न होना पड़े।

चकबंदी वाले किसानों को बड़ी राहत बिना फार्मर आईडी भी मिलेगा डीएपी-यूरिया, जिलाधिकारी ने जारी किए नए निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। चकबंदी और सर्वे कार्य के चलते फार्मर आईडी नहीं बन पाने से उर्वरक लेने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था लागू की है। अब ऐसे किसान, जिनकी फार्मर आईडी तकनीकी अथवा राजस्व संबंधी कारणों से तैयार नहीं हो सकी है, वे प्रमाणित खतौनी और आधार कार्ड के आधार पर सहकारी समितियों एवं अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्रों से निर्धारित मानकों के अनुसार डीएपी और यूरिया प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन की व्यवस्था के तहत मई 2026 से उर्वरक वितरण, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल खरीद तथा कृषि विभाग की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं में किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) और फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य किया गया है। लेकिन जिन गांवों में चकबंदी अथवा सर्वेक्षण की प्रक्रिया चल रही है, वहां अनेक किसानों की फार्मर आईडी अभी तक तैयार नहीं हो सकी है। ऐसे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चकबंदी प्रभावित राजस्व ग्रामों के सहकारी समिति के सदस्य किसान संबंधित लेखपाल से प्रमाणित खतौनी प्राप्त कर आधार कार्ड के साथ निकटतम सहकारी समिति अथवा अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र पर प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद उन्हें शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार प्रति हेक्टेयर अधिकतम 5 बैग डीएपी और 7 बैग यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी तो बन चुकी है, लेकिन उसमें भूमि का अंश निर्धारण (शेयर निर्धारण) नहीं हुआ है, वे भी प्रमाणित खतौनी, फार्मर आईडी और आधार कार्ड प्रस्तुत कर उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। वहीं जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है और वे सहकारी समिति के सदस्य भी नहीं हैं, उनके लिए भी राहत दी गई है। ऐसे किसान शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निजी क्षेत्र के अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं से नियमानुसार उर्वरक खरीद सकेंगे।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे फार्मर आईडी, फार्मर रजिस्ट्री और अन्य आवश्यक दस्तावेज जल्द से जल्द पूर्ण करा लें, ताकि भविष्य में उर्वरक वितरण, एमएसपी पर खरीद तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त किया जा सके।प्रशासन का कहना है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी पात्र किसान को केवल तकनीकी कारणों से उर्वरक से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

सोनभद्र विकास की नई उड़ान, डीएमएफ से करोड़ों की परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के खनिज प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सड़क, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और गोसंरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए सोनभद्र के समग्र विकास का व्यापक रोडमैप तैयार किया गया। इन योजनाओं के लागू होने से जिले के हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खनिज प्रभावित क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि जिले के सरकारी अस्पतालों और राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े फैसले लिए गए। परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में नए भवनों का निर्माण, अतिरिक्त कक्ष, आधुनिक प्रयोगशालाएं, शौचालय, चहारदीवारी तथा अनुरक्षण कार्य कराए जाएंगे। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा।
बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण ओबरा में खनन प्रशिक्षण विद्यालय की स्थापना को मिली स्वीकृति रही। यह संस्थान स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीक से खनन संबंधी प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक मिनी स्टेडियम विकसित किए जाएंगे, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और ग्रामीण युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए दुर्गम क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। नगर क्षेत्रों में वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित कर जलभराव की पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किसानों की सिंचाई व्यवस्था सुधारने हेतु विभिन्न स्थानों पर चेकडैम बनाए जाएंगे। वहीं स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ऑयलसीड प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की जाएगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
बैठक में बेसहारा गोवंश की समस्या के समाधान के लिए बड़े गोसंरक्षण केंद्र विकसित करने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए मंगलेश्वर महादेव मार्ग तथा सलखन फॉसिल पार्क तक बेहतर संपर्क मार्ग विकसित किए जाएंगे। इन मार्गों के किनारे व्यापक वृक्षारोपण कर पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि डीएमएफ की धनराशि का उपयोग केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, खेल, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि खनिज प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
बैठक में सांसद छोटेलाल खरवार, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वगीश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।