अहरौरा थाना इलाके के कूदारन क्षेत्र में ट्रक का टायर भ्रष्ट होने से तीन की मौत दो घायल पुलिस से हुई नोक झोंक

मिर्ज़ापुर में ट्रक से कुचल कर तीन की मौत। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा। वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर जाम लगाया।पथराव किया, पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया!

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जम कर हंगामा किया।पुलिस पर पथराव किया।पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ भी किया।

अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे पर वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर ट्रक का टायर फटने के बाद अनियंत्रित हो कर ट्रक घर मे घुस गयी।जिसमे तीन लोगों की मौत हो गयी।घटना से नाराज ग्रामीणों ने जम कर हंगमा किया।

वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर जाम लगा कर शव को लाने और मुवाबजे कि मांग कर रहे थे। इस बीच पुलिस ने जब जाम खत्म करने की कोसिस किया तो ग्रामीण भड़क गये।पुलिस पर ही पथराव कर दिया। मौके पर खड़ी पुलिस की गाड़ी को तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस के सामने जम कर तांडव किया।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने लड़कियों और महिलाओ पर लाठीचार्ज किया। वही मौके पर पहुचे अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा के आश्वसन के बाद ग्रामीण माने जाम को समाप्त किया।

बतादे की रात 3 बजे के करीब वाराणसी से नमक लाद कर सोनभद्र की तरफ जा रही ट्रक का टॉयर फटने के कारण अनिंयत्रित होकर घर में घुस गयी। जिसमे घर मे सो रहे राजाराम 47 वर्ष,सुखिया 70 वर्ष और चाँदतारा 45 वर्ष की ट्रक से कुचलने से मौत हो गयी। वही हादसे में सुहानी 12 वर्ष और सुनील शर्मा 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गये।जिन्हें उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कर ईलाज कराया जा रहा है।

1:-राजकुमार मीणा-अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल ,मिर्ज़ापुर
(अहरौरा चौराहे पर एक ट्रक जो कि नमक लाद कर जा रहा था।उसके आगे का टायर फटने से ट्रक घर मे घुस गया।जिसकी वजह से तीन लोगो की मौत हो गयी। समझाया गया लोगो को अभी शांति है। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।लाठीचार्ज नही हुआ है)

2:- वही परिजन का कहना है कि यहां जवान लड़कियों और महिलाओ पर हाथ उठाया और लाठीचार्ज किया गया है।

नशे में धूत युवकों की बाइक अनियंत्रित, दो घायल ,एक को जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव में बुधवार शाम नशे में धूत दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस 108 टीम ने सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को गंभीर चोट होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, महुली निवासी रूपेश (28) पुत्र मिट्ठूराम और उनका पड़ोसी अखिलेश (30) पुत्र भरत किसी काम से पतरिहा गए थे और शाम लगभग 6 बजे लौट रहे थे। बताया गया है कि पतरिहा गांव में विजय गामा के घर के सामने अचानक एक बैल आ जाने से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस पर तैनात ईएमटी दीपक व चालक विजय राजभर ने दोनों घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. सुनील सिंह ने रूपेश के सिर पर गंभीर चोट देखी और उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जबकि अखिलेश को मामूली चोटें होने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।उधर चिकित्सकों ने बताया कि दोनों युवक नशे की अवस्था में थे, जिससे इलाज करने में परेशानी हुई ।

चकरिया में “पेड़ है तो प्राण” अभियान में सैकड़ों फलदार पौधे बांटे , आदिवासियों ने जंगल संरक्षण का लिया संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।जनपद के कोन ब्लॉक के चकरिया ग्राम पंचायत में “पेड़ है तो प्राण है” अभियान के तहत सैकड़ों फलदार पौधे आदिवासी परिवारों को वितरित किए गए। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा की अगुवाई में बुधवार को चकरिया में जल जंगल जमीन बचाने के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप मिश्रा ने कहा कि किसी भी आदिवासी परिवार का घर उजाड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह हाल है कि विन्ध्य पर्वतमाला और सोन नदी से दूर इलाकों में भी आदिवासी परिवारों को विस्थापित किया जा रहा है, जबकि ऐसे विकास कार्य वहीं किए जाएं जहाँ किसी को विस्थापित न होना पड़े और पेड़ न कटे। उन्होंने सरकारों से जनहित को प्राथमिकता देने की अपील की और कहा कि जन उत्पीड़न की नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पेड़ है तो प्राण है अभियान के जिला संयोजक रामसुरत सिंह खरवार ने कहा कि किसी भी कंपनी को जंगल काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि चाहे जान की कीमत ही क्यों न चुकानी पड़े, वे अपने जंगलों को कटने नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के दौरान क्षेत्र के औषधीय पौधों की वजह से यहाँ गंभीर फैलाव नहीं हुआ; इसलिए ऐसे औषधीय जंगलों को संरक्षित करना जरूरी है।
कार्यक्रम में राजू पासवान, जोगेंद्र यादव, राम बहाल खरवार, विन्दू अगरिया, गुलाब चेरो, मुनिया खरवार, प्रमिला खरवार, सत्रुधन बिन्द, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, सुरेश मौर्य सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के मुडिसेमर गांव में तेज बारिश के दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली से 32 वर्षीया मुन्नी देवी पत्नी आशीष कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर तब हुई जब वह खेत से मवेशियों को लेकर घर लौट रही थीं।
परिजनों के अनुसार अचानक आसमान से चमकीली बिजली गिरी और मुन्नी देवी उसी समय उसकी चपेट में आ गईं। आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुनील राय सहित पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
मृतक मुन्नी देवी चार बच्चों की माँ थीं जिनके सिर से मां का साया उठ गया ।घटना से परिजनों सहित पूरे गाँव में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीण बच्चे और परिजन की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता व आगे की मदद दिलाने की मांग की है।

पूर्णाहुति के साथ इंद्रदेव की मेहरबानी, झमाझम बारिश से गदगद हुए किसान,आज से खेतों में गूंजेगी धान रोपाई की रौनक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विकास खंड क्षेत्र के महुली एवं पोलवा गांव में बुधवार को सदियों पुरानी लोक आस्था और कृषि संस्कृति का अनुपम पर्व तीन साला पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। राजा बरियार शाह डिहवार एवं बूढ़ी माई की आराधना के लिए दोनों गांवों के श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गांव की सुख-समृद्धि, समय पर वर्षा, भरपूर पैदावार, पशुधन की रक्षा और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ आयोजित इस विशेष पूजा ने एक बार फिर ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की।
महुली गांव में ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल तथा पोलवा गांव में ग्राम प्रधान राकेश गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से दोपहर लगभग दो बजे पूजा-अर्चना संपन्न हुई। गांव के बैगा ने वैदिक एवं पारंपरिक विधि-विधान से राजा बरियार शाह डिहवार और बूढ़ी माई की पूजा कर गांव की खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की। पूजा में दोनों गांवों के प्रत्येक परिवार की सहभागिता ने इस आयोजन को सामाजिक समरसता का महापर्व बना दिया।
सबसे भावुक और रोमांचकारी क्षण तब आया, जब पूजा की पूर्णाहुति होते ही आसमान में काले बादल उमड़ पड़े और इंद्रदेव की कृपा से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश की बूंदों ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। ग्रामीणों ने इसे देव आशीर्वाद मानते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही मान्यता आज भी अक्षुण्ण है। बारिश के साथ ही गांव में खुशी का माहौल बन गया और किसानों ने खेतों की ओर रुख करने की तैयारी शुरू कर दी। अब गुरुवार से धान की रोपाई, मक्का की निराई-गुड़ाई एवं खरीफ फसलों के अन्य कृषि कार्य पूरे उत्साह के साथ प्रारंभ होंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि तीन साला पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की आत्मा, लोक संस्कृति और कृषि जीवन का सबसे बड़ा पर्व है। यह परंपरा गांव के लोगों को एक सूत्र में बांधती है और नई फसल के शुभारंभ का संदेश देती है। इस आयोजन में हर वर्ग, हर परिवार और हर आयु के लोग अपनी सहभागिता निभाकर गांव की एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
पूजा के दौरान बैगा, रामदेव गौड़, इंद्रदेव कन्नौजिया, दिलगज राम, मनोज कुमार, विनोद कुमार, बुधनाथ, राजबली कन्नौजिया सहित गांव के सम्मानित सदस्य एवं सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धा, आस्था, परंपरा और प्रकृति के अद्भुत संगम से पूरा महुली और पोलवा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

रेलवे पटरी किनारे मिला लावारिश शव, क्षेत्र में दहशत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र) ।क्षेत्र के ग्राम झारो खुर्द के पास रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के किनारे झाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का लावारिश शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे थाना दुद्धी के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस कर्मचारियों ने शव को देखा तो वह कई दिनों से वहीं पड़ा हुआ प्रतीत हुआ। शव की हालत काफी खराब गल सड़ चुकी थी। चेहरे पर कीड़े लगे हुए थे और शरीर की कुछ हिस्सों से हड्डी दिखने लगी थी। मृतक के कपड़ों से पता चलता है कि वह ग्रे पैंट और काले टी‑शर्ट पहने हुए था। रंग सावला बताया जा रहा है। शव का चेहरा पहचान योग्य नहीं रह गया है, जिससे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के उम्र का अंदाजा नहीं लग पा रहा है वैसे पहनावे से युवक की तरह लग रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के घरों और रेलवे अधिकारियों से भी संपर्क कर पहचान के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की हत्या या दुर्घटना का स्पष्ट संकेत नहीं मिला है, पुलिस सभी संभावनाओं को खंगाल रही है।
स्थानीय लोग भयभीत हैं और ग्रामीणों ने अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई व इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी का कहना है कि पहचान होने पर ही मौत के कारण का खुलासा संभव होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच जारी रहेगी।

खरीफ सीजन में किसानों को बड़ी सौगात सोनभद्र में यूरिया-डीएपी का बंपर आवंटन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। खरीफ अभियान-2026 के दौरान किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति पर जनपद की सहकारी समितियों एवं इफको केंद्रों को यूरिया और डीएपी उर्वरक का व्यापक आवंटन कर दिया गया है। इस निर्णय से जिले के हजारों किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जनपद की 70 सहकारी समितियों को कुल 1017.00 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराया गया है। वहीं 73 सहकारी समितियों तथा इफको के 12 केंद्रों को 1155.00 मीट्रिक टन डीएपी उर्वरक का आवंटन स्वीकृत किया गया है। स्वीकृत आवंटन के अनुरूप पीसीएफ ने संबंधित समितियों एवं उर्वरक बिक्री केंद्रों तक उर्वरकों की आपूर्ति शुरू कर दी है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन का कहना है कि खरीफ सीजन में उर्वरकों की मांग को देखते हुए पहले से ही आवश्यक तैयारियां की गई हैं। लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी क्षेत्र में खाद की कमी उत्पन्न न हो और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति अथवा अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र से संपर्क कर उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करें और केवल निर्धारित सरकारी दरों पर ही उर्वरक खरीदें। किसी भी प्रकार के बहकावे में आकर अधिक कीमत पर खाद खरीदने से बचें तथा अधिकृत केंद्रों से ही उर्वरक प्राप्त करें।
उधर प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग, जमाखोरी अथवा कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल जांच कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यदि किसी किसान से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है, खाद उपलब्ध होने के बावजूद बिक्री से इनकार किया जाता है या कालाबाजारी जैसी कोई शिकायत सामने आती है, तो किसान तुरंत सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9198788248 एवं 9451637073, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के मोबाइल नंबर 9452165778 अथवा अपर जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 8881173660 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी।
खरीफ सीजन में समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की यह पहल जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही है। इससे धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई सुचारु रूप से होने के साथ बेहतर उत्पादन की भी उम्मीद जताई जा रही है।

सोनभद्र में मतदान केंद्रों का नया खाका तैयार, 21 प्रस्तावों पर मंथन के बाद 8 मंजूर, 13 खारिज

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच सोनभद्र में मतदान केंद्रों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रकाशन के बाद प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर राजनीतिक दलों के साथ विस्तृत मंथन किया। इस दौरान विभिन्न दलों की ओर से मिले 21 प्रस्तावों की समीक्षा की गई, जिनमें से 8 प्रस्तावों को स्वीकार कर लिया गया, जबकि 13 प्रस्ताव निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों पर खरे न उतरने के कारण निरस्त कर दिए गए। अब 18 जुलाई तक जिले के सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र 400-घोरावल, 401-रॉबर्ट्सगंज, 402-ओबरा (अ.ज.जा.) तथा 403-दुद्धी (अ.ज.जा.) के मतदान स्थलों का आलेख्य 4 जुलाई को प्रकाशित कर जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। इसके साथ ही आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से 12 जुलाई तक लिखित रूप में सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं, ताकि मतदान केंद्रों की व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनाया जा सके।इसी क्रम में 15 जुलाई को आयोजित बैठक में सांसद, विधायकगण तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में जिले की वर्तमान चुनावी व्यवस्था का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस समय जनपद में 1,563 मतदान स्थल तथा 973 मतदान केंद्र निर्धारित हैं, जिन पर आगामी चुनावों के लिए मतदान कराया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि इससे पहले 1 जुलाई को भी राजनीतिक दलों के साथ प्रारंभिक बैठक आयोजित कर प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तथा आम आदमी पार्टी की ओर से कुल 21 प्रस्ताव प्राप्त हुए। सभी प्रस्तावों का स्थलीय निरीक्षण एवं निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षण कराया गया। जांच के बाद 8 प्रस्तावों को उपयुक्त मानते हुए स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 13 प्रस्ताव आवश्यक मानकों को पूरा न करने के कारण अस्वीकार कर दिए गए।बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा गया कि वे एक बार पुनः मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की सूची का अध्ययन कर लें। यदि किसी क्षेत्र में मतदाताओं की सुविधा, दूरी, भवन की उपलब्धता या अन्य किसी कारण से परिवर्तन आवश्यक प्रतीत होता है तो अगले दो दिनों के भीतर लिखित सुझाव जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रस्तुत करें। समय सीमा के भीतर प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण करने के बाद 18 जुलाई, 2026 तक मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मतदाता को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी मतदान सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सुझावों को गंभीरता से लिया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, व्यवस्थित और मतदाता हितैषी बन सके।

सरकारी कर्मचारियों के लिए सुनहरा मौका सिविल सर्विसेज खेल चयन ट्रायल का ऐलान, जिले से प्रदेश तक दिखा सकेंगे खेल प्रतिभा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। खेल प्रतिभा रखने वाले सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय, लखनऊ के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के सिविल सर्विसेज खेल चयन/ट्रायल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जनपद के पात्र सरकारी कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से जिले के खिलाड़ी सरकारी कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। चयनित खिलाड़ी पहले मंडल स्तर और फिर प्रदेश स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
जिला क्रीड़ा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता में केवल पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। भारत सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायतों के कर्मचारी, पुलिस विभाग के कुछ स्वायत्त निकायों तथा ऑटोनॉमस संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारी इस चयन प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे। इससे प्रतियोगिता की पारदर्शिता और पात्रता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल का आयोजन 6 अगस्त 2026 को जिला खेल कार्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम, सोनभद्र में किया जाएगा। यहां चयनित खिलाड़ी 12 और 13 अगस्त को मीरजापुर स्थित क्षेत्रीय खेल कार्यालय में आयोजित मंडल स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इसके बाद सफल खिलाड़ी 19 और 20 अगस्त को होने वाले प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
इस बार प्रतियोगिता में खेलों की लंबी श्रृंखला शामिल की गई है। प्रतिभागी टेनिस, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, पावरलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और योगासन सहित अनेक खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। इससे विभिन्न खेलों से जुड़े सरकारी कर्मचारियों को अपनी पसंदीदा स्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतिभागियों को अपने विभाग से निर्धारित प्रारूप पर अनुमति प्राप्त करनी होगी तथा आवश्यक विवरण के साथ आवेदन प्रस्तुत करते हुए तय तिथि और स्थान पर उपस्थित होना होगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह जिला स्तरीय चयन समिति की निगरानी में संपन्न होगी, जिससे निष्पक्ष और पारदर्शी चयन सुनिश्चित किया जा सके।
विशेष बात यह है कि चयन एवं ट्रायल में भाग लेने की अवधि को सरकारी ड्यूटी माना जाएगा। साथ ही यात्रा भत्ता एवं अन्य अनुमन्य भुगतान संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार की प्रशासनिक या आर्थिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिला क्रीड़ा कार्यालय ने जनपद के सभी पात्र सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि वे समय से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्धारित तिथि पर ट्रायल में शामिल हों और जिले का नाम मंडल एवं प्रदेश स्तर पर रोशन करने का प्रयास करें। यह प्रतियोगिता न केवल सरकारी कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को नई पहचान देगी, बल्कि उन्हें राज्य स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का भी महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगी।

गाजियाबाद: एटीएम बदलकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 50 एटीएम कार्ड, नकदी और आईफोन बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता
गाजियाबाद कमिश्नरेट की थाना खोड़ा पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 9,500 रुपये नकद तथा एक आईफोन बरामद किया गया है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि थाना खोड़ा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर एटीएम बदलकर धोखाधड़ी करने वाले मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम पर आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाता था।
आरोपी पहले लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड अपने कब्जे में ले लेता था और चालाकी से उसी बैंक जैसा दूसरा कार्ड उन्हें थमा देता था। इसके बाद वह पीड़ित का पिन जानकर उनके खाते से अलग-अलग एटीएम से नकदी निकाल लेता था। पुलिस का कहना है कि बरामद 50 एटीएम कार्ड विभिन्न लोगों के हो सकते हैं और इनके संबंध में जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 9,500 रुपये नकद और एक आईफोन भी बरामद किया है। आशंका है कि बरामद नकदी और मोबाइल का संबंध भी साइबर धोखाधड़ी से हो सकता है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके अन्य साथियों तथा इस गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि बरामद एटीएम कार्डों के वास्तविक धारकों की पहचान कर उनसे संपर्क किया जाएगा। यदि जांच में अन्य मामलों का खुलासा होता है तो संबंधित थानों में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें, अपना पिन किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

गाजियाबाद: नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 20 आरोपी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –
गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच और थाना साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे तथा नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का दावा करते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी मनी, प्रोसेसिंग चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से ऑनलाइन रकम वसूल लेते थे। पैसा मिलने के बाद आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर देते थे या पीड़ितों से संपर्क समाप्त कर देते थे।
पुलिस को इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच और थाना साहिबाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से गिरोह के ठिकानों की पहचान कर छापेमारी की गई, जिसमें 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि गिरोह के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा सके।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को ऑनलाइन भुगतान करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पूर्व प्रधान पर हमला में दो अभियुक्त फावड़े के साथ गिरफ्तार,भेजा न्यायालय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की शाम करीब 7:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर वांछित आरोपितों आशीष पुत्र लालचंद व लालचन पुत्र स्व जीवनाथ, दोनों निवासी ग्राम कादल को हथियार फावड़ा के साथ गिरफ्तार किया। इनके ऊपर पूर्व प्रधान और उसके भाई के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज था।
कोतवाली पुलिस की टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, आरक्षी सौरभ पांडेय व आरक्षी अमन पटेल शामिल रहे।

बघाड़ू रेंज में टेढ़ा, निमियाडीह, रन्नू व तुर्रीडीह में व्यापक वृक्षारोपण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। बघाड़ू रेंज की वन अधिकारी सरिता गौतम के निर्देशन में वन महोत्सव 2026 के तहत टेढ़ा, निमियाडीह, बघाड़ू, तुर्रीडीह और रन्नू गांवों में एक विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय ग्रामीणों, वन विभाग कर्मचारियों और स्कूल के बच्चों की भागीदारी के साथ चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना बताया गया।
कार्यक्रम में सरिता गौतम ने कहा कि पेड़ जीवन के लिए ऑक्सीजन देने, जल संरक्षण और मिट्टी कटाव रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन विभाग और ग्राम समाज के संयुक्त प्रयास से ग्रामभूमि और वन भूमि पर व्यापक स्तर पर पौधे रोपित किए गए। आयोजन में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारीयों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी शपथ ली कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और रखरखाव सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर ग्रामीणों को सुझाव दिया गया कि वे अपने प्रियजनों के नाम पर भी पेड़ लगाकर सकारात्मक पहल करें। अधिकारियों ने बताया कि बदलते जलवायु और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम सफल रहा और इलाके में हरियाली बढ़ाने के लिए आगे भी इसी तरह के अभियानों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।

राजकीय आईटीआई दुद्धी में रोजगार मेला का आयोजन, 244 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।निदेशक प्रशिक्षण निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष में राजकीय आईटीआई दुद्धी सोनभद्र में मंगलवार की सुबह 10:00 बजे से रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट, एमआरएफ, सुब्रोस लिमिटेड, कैशपर माइक्रोक्रेडिट, लक्ष्मी मिल्स एवं ए के इंटरप्राइजेज सहित कल 9 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार मेले में कुल 687 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जिसमे प्रथम दृष्टया कुल 244 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया एवं चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि चेयरमैन दुद्धी कमलेश मोहन एवं विशिष्ट अतिथि जिला मंत्री भाजपा मनोज सिंह बबलू के द्वारा नियुक्ति पत्र दिया गया। इस अवसर पर मनीष कुमार दिनेश कुमार गुप्ता, जिला प्रबंधक कौशल विकास मिशन, आकांक्षा जिला प्रबंधक डीडीयू जीकेवाई सोनभद्र एवं गोपाल दास प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई नकटू बीजपुर एवं संस्थान के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे

दुद्धी में 45 वर्षीय धर्मेंद्र का घर में लटका शव मिला,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कस्बा के वार्ड नंबर 4 निवासी धर्मेंद्र उर्फ़ सोनू अग्रहरी (45)पुत्र दिलीप अग्रहरि का शव मंगलवार दोपहर उनके घर में पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
घटना की जानकारी के अनुसार मृतक के पुत्र शिबू (रामनगर पेट्रोल पंप पर कंप्यूटर ऑपरेटर)मंगलवार दोपहर लगभग 02:30 बजे घर लौटे तो घर के दोनों गेट बंद मिले । परिजन बताते हैं कि घर के बाहर मृतक की पत्नी, जो चौका-बर्तन का काम करती हैं,दरवाजे के खुलने का इंतजार कर रही थीं।जब काफी समय तक गेट नहीं खुला तो शिबू ने साथी की मदद से पीछे की खिड़की का हिस्सा काटकर अंदर प्रवेश किया, तो पिता को पंखे से लेलून के रस्सी के सहारे लटकता हुआ देखा और चिल्लाकर अन्य परिजनों को बुलाया।
स्थानीय पुलिस और परिजनों की सहायता से धर्मेंद्र को तुरंत दुद्धी सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।पुलिस के अनुसार ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
परिजन बताते हैं कि मृतक के तीन संतान हैं जिसमें दो बेटियाँ और एक पुत्र शामिल है, जो सभी अविवाहित हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे और पिछले 7-8 वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे तथा इलाज चल रहा था। घटना के समय घर पर कोई सदस्य नहीं था ,दोनों बेटियाँ स्कूल गई हुई थीं जबकि पत्नी चौका-बर्तन के लिए घर बाहर थी और पुत्र रामनगर पेट्रोल पंप पर अपने-अपने काम पर थे।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई है, लेकिन अभी अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम व जांच के बाद ही बताएंगे। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

दुद्धी तहसील सभागार में एसडीएम निखिल यादव को भावुक विदाई, पत्नी सिविल जज शिवानी सिंह भी रहीं मौजूद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील दुद्धी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल यादव का मंगलवार को तहसील सभागार में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। शासन ने सोमवार को उन्हें भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण में स्थानांतरित कर दिया था, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन, वकील वर्ग, सहकर्मी और मीडिया कर्मियों ने उनके कार्यकाल और योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
कार्यक्रम में तहसील कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता, स्थानीय नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने कहा कि एसडीएम यादव ने टीम भावना के साथ सभी कर्मियों को एकजुट कर प्रशासनिक कार्यों व चुनौतियों को सहजता से पूरा किया। उन्होंने बताया कि दुद्धी तहसील भवन के कायाकल्प और आमजन की समस्याओं के निस्तारण में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। कई सहकर्मियों ने मिलकर अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दुद्धी व सिविल बार के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल जिसमें अध्यक्ष द्वय रामलोचन तिवारी, कुलभूषण पांडेय, पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह, प्रेमचंद यादव, जितेन्द्र श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार और दिलीप पांडेय शामिल थे , ने माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्रम व मोमेंटो भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन लेखपाल अरुण कनौजिया ने किया। इस अवसर पर मुंसिफ मजिस्ट्रेट सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शिवानी सिंह (पत्नी) भी उपस्थित रहीं और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अपने पति को बधाई दी।

विदाई के दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं और तहसील कर्मियों ने निखिल यादव के समर्पित और उत्तरदायी प्रशासनिक व्यवहार की सराहना की। निखिल यादव ने अपने संबोधन में सभी का आभार जताया, विशेषत: तहसील कर्मचारियों का धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ काम किया। भविष्य में भी लोगों का सहयोग बना रहने की आशा जतायी। समारोह के समापन पर उन्हें माला पहनाकर स्मृति चिन्ह भी सौंपा गया।

पिता का मोबाइल लेने जा रहे है बच्चे को सर्पदंश,सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय थाना क्षेत्र के जपला गांव में अपने पिता का मोबाइल लेने खेत के पाही पर गए बच्चे को अज्ञात सांप ने काट लिया।
परिजनों के अनुसार विजय शंकर के 12 वर्षीय पुत्र रामेश्वर यादव को आज मंगलवार शाम लगभग 7 बजे घर से करीब 5 मीटर दूर खेत के पाही पर अपने पिता का मोबाइल लेने जाते समय रास्ते में अचानक अज्ञात सांप ने बालक को दाहिना पैर काट लिया और भाग गया।
घटना के बाद परिजन तुरंत बच्चे को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुद्धी लेकर पहुंचे।सीएचसी में बच्चों की देखरेख कर रहे चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। चिकित्सकीय टीम ने बच्चे को निगरानी में रखा है और आवश्यक दवाइयों के साथ उपचार जारी है।चिकित्सकों के अनुसार,बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है

सोनभद्र में सर्किल रेट पर बड़ा फैसला, जनता से मांगे गए सुझाव और आपत्तियां

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में जमीन और भवन की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित नई मूल्यांकन सूची (सर्किल रेट) तैयार कर ली है। यह नई सूची 1 अगस्त 2026 से लागू होगी। इससे पहले जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, बिल्डरों, व्यापारियों एवं अन्य संबंधित पक्षों से एक सप्ताह के भीतर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं, ताकि अंतिम सूची को अधिक पारदर्शी, न्यायसंगत और जनहितकारी बनाया जा सके।
जिला प्रशासन के निर्देश पर जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों एवं उपनिबंधकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों का व्यापक सर्वेक्षण कर संशोधन, परिवर्तन और विलोपन संबंधी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों में गांवों, कस्बों एवं शहरी क्षेत्रों की भूमि का नवीनतम विवरण, खसरा संख्या आधारित अद्यतन अभिलेख, भूमि की वर्तमान उपयोगिता, व्यावसायिक एवं आवासीय विकास की स्थिति तथा प्रचलित बाजार दरों का गहन अध्ययन किया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि संपत्तियों का मूल्यांकन वास्तविक बाजार मूल्य के अनुरूप हो, जिससे रजिस्ट्री प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बने और राजस्व व्यवस्था भी सुदृढ़ हो सके। नई मूल्यांकन सूची तैयार करते समय उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है जहां पिछले वर्षों में तेजी से विकास हुआ है, नए व्यवसायिक प्रतिष्ठान स्थापित हुए हैं अथवा भूमि की उपयोगिता में बदलाव आया है।
प्रस्तावित सर्किल रेट सूची पर प्राप्त होने वाले सभी सुझावों और आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी क्षेत्र के नागरिक, जनप्रतिनिधि या संबंधित पक्ष यह महसूस करते हैं कि किसी भूमि का प्रस्तावित मूल्य वास्तविक स्थिति से अधिक या कम है, तो वे निर्धारित अवधि के भीतर अपना पक्ष प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। सभी आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद आवश्यक संशोधन किए जाएंगे और अंतिम मूल्यांकन सूची जारी की जाएगी।
नई मूल्यांकन सूची 1 अगस्त 2026 से प्रभावी होने के बाद जनपद में भूमि, मकान, दुकान, व्यावसायिक भवन तथा अन्य अचल संपत्तियों की रजिस्ट्री उसी के अनुसार की जाएगी। ऐसे में जिन लोगों की रजिस्ट्री प्रस्तावित है, उनके लिए नई सर्किल रेट सूची की जानकारी लेना बेहद महत्वपूर्ण होगा।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि प्रस्तावित मूल्यांकन सूची का अवलोकन कर यदि किसी प्रकार का सुझाव या आपत्ति हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य उपलब्ध कराएं, ताकि अंतिम सूची सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा सके। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से तैयार होने वाली मूल्यांकन सूची अधिक पारदर्शी, व्यावहारिक और विवाद रहित होगी।

सोनभद्र में बीमारी पर डबल अटैक घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीमें हजारों गांवों और स्कूलों में चला महाअभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। बरसात के मौसम में फैलने वाले संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनपद में स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 11 जुलाई से दस्तक अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, क्षय रोग, कुष्ठ, कालाजार तथा अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ समय रहते मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है।जिला प्रशासन के निर्देशन में स्वास्थ्य, पंचायतीराज, नगर निकाय, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीमें गांव-गांव और मोहल्लों में पहुंचकर साफ-सफाई, जनजागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य कर रही हैं। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के तहत अभियान चलाया जा रहा है, जहां संक्रमण फैलने की आशंका अधिक रहती है।
अभियान के दौरान सफाईकर्मी, आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, पंचायत सहायक और ग्राम प्रधान मिलकर नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, जलभराव समाप्त कराने, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत तथा शौचालय निर्माण जैसे कार्यों को तेजी से अंजाम दे रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, घर के आसपास साफ-सफाई रखने और संक्रामक रोगों से बचने के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है।
जनजागरूकता अभियान भी बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। अब तक 1,895 विद्यालयों में जागरूकता रैलियां निकाली जा चुकी हैं। 257 गांवों में प्रभात फेरियां और 266 ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बैठकें आयोजित कर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा 1,172 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 1,137 हैंडपंपों की मरम्मत, 468 हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत, 329 शौचालयों का निर्माण, 640 ग्रामीण एवं 676 शहरी नालियों की सफाई कराई गई। मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए 60 शहरी वार्डों में फॉगिंग कराई गई, जबकि 123 सूकर पालकों का संवेदीकरण तथा 264 स्थानों पर कृतंक नियंत्रण संबंधी गोष्ठियां भी आयोजित की गईं।
दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। बुखार, मलेरिया, डायरिया, कालाजार, कुष्ठ, क्षय रोग तथा आईएलआई (खांसी-जुकाम) के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर तत्काल जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जा रही है। बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की आरडीटी किट से जांच कराई जा रही है और मलेरिया के पॉजिटिव मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।अभियान के दौरान खांसी-जुकाम के लक्षण वाले 137 तथा क्षय रोग के संभावित 95 व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को भेजा गया है। इसके अलावा डायरिया और अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मरीजों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कहीं भी जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा बुखार, खांसी, जुकाम, डायरिया या किसी भी संक्रामक बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच और उपचार कराएं। विभाग का कहना है कि जनसहभागिता, स्वच्छता और समय पर उपचार ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण का सबसे मजबूत माध्यम है।

24 घंटे में ओबरा पुलिस का बड़ा एक्शन: बंद मकान में लाखों की चोरी का खुलासा 3 शातिर गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र ओबरा थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर ‘विधायक’ और ‘बाहुबली’ नाम से चर्चित दो आरोपियों समेत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी के जेवर बेचकर प्राप्त ₹31 हजार नकद बरामद किए गए हैं पुलिस के अनुसार चोपन रोड स्थित तिवारी भवन निवासी राजेश कुमार तिवारी के बंद मकान में 8 जुलाई को रेलवे लाइन की ओर से घुसकर चोरों ने सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना पर पुरानी पुलिस लाइन, नई बस्ती के पास तीनों आरोपियों को धर दबोचा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेचू उर्फ विधायक मल्लाह (24), कोमल (22) और सामू उर्फ बाहुबली (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि चोरी के सोने के जेवर एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए थे और बरामद नकदी उसी की हिस्सेदारी है। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी कर दी है बरामदगी में सामू उर्फ बाहुबली से ₹25 हजार, जबकि बेचू उर्फ विधायक और कोमल से ₹3-3 हजार नकद बरामद हुए हैं।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, अनिल गुप्ता तथा आरक्षी कुलदीप की अहम भूमिका रही।
ओबरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की इस उपलब्धि की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

महाआयोजन को भव्य बनाने की रणनीति तैयार, समिति ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

(सोनभद्र)। चोपन ग्राम पंचायत स्थित मेड़र माई मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विश्व कल्याण महायज्ञ एवं श्रीरामचरित कथा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। सोमवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।बैठक के दौरान आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए दो तरफा आवागमन मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, पेयजल, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के आयोजक शिवकुमार निषाद ‘पहाड़ी बाबा’ ने कहा कि यह महायज्ञ और रामचरित कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि विश्व शांति, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महाअनुष्ठान है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में विश्व हिंदू महासंघ (धर्माचार्य प्रकोष्ठ) के जिलाध्यक्ष एवं आयोजन संरक्षक नागेश्वर प्रसाद गोंड, निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव संतोष साहनी, अजय साहनी, राजकुमार साहनी, विश्व हिंदू महासंघ चोपन के नगर अध्यक्ष संदीप चौरसिया सहित आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समिति ने बताया कि महायज्ञ एवं श्रीरामचरित कथा में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर की जा रही हैं। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने का संकल्प लेते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।

पुलिस ने अमरोहा में हुए इनोवा व 24 लाख रुपए की चोरी का किया खुलासा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – अमरोहा
24 लाख रुपये और इनोवा चोरी का खुलासा

ड्राइवर ने भाई के साथ मिलकर रची थी साजिश

रजिस्ट्री के 23.90 लाख रुपए इनोवा की थी चोरी

पुलिस ने ड्राइवर मनोज उसके भाई कमल को किया गिरफ्तार

आरोपियों से चोरी की रकम व इनोवा बरामद

मालिक के भरोसे का ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड

थाना हसनपुर क्षेत्र में हुई थी घटना एसपी ने किया खुलासा

जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, शांति भंग की आशंका में चार का चालान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरहां के टोला पौतीपाथर में मंगलवार को जमीन के विवाद ने उस समय तनावपूर्ण रूप ले लिया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट की नौबत तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बीजपुर पुलिस ने काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य न होने पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी दुद्धी तथा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक दीनानाथ पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम जरहां के टोला पौतीपाथर में जमीन के विवाद की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष उग्र होकर एक-दूसरे के साथ अभद्रता करने लगे तथा मारपीट पर आमादा हो गए। कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने संत कुमार जायसवाल (38), श्यामलाल (38), सोनू कुमार (27) तथा रामेश्वर (48), सभी निवासी ग्राम जरहां टोला पौतीपाथर, को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट दुद्धी के न्यायालय भेज दिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीनानाथ के साथ आरक्षी निखिल उपाध्याय शामिल रहे।

रविवार को कानपुर शहर में गूँजेगा जय जगन्नाथ का उद्घोष !

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

रविवार को इस्कॉन कानपुर द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्यतम श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष की रथयात्रा सायं 4:00 बजे श्री राम दशानन धर्मशाला (रामलीला ग्राउंड के पास), गोविंद नगर से प्रारंभ होकर बर्रा बाईपास चौराहा (ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस) तक निकाली जाएगी।

श्री श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी का यह दिव्य स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज-विरह भाव का प्रतिनिधित्व करता है। रथयात्रा इस आध्यात्मिक सत्य का प्रतीक है कि ब्रजवासी भगवान श्रीकृष्ण को द्वारका के ऐश्वर्य से पुनः वृंदावन की मधुरता की ओर ले जाना चाहते हैं। इसी परम आनंदमय आध्यात्मिक भाव का अनुभव रथयात्रा के माध्यम से प्रत्येक श्रद्धालु कर सकेगा।

कलियुग के समस्त जीवों पर अपनी असीम कृपा बरसाने के लिए अखिल ब्रह्मांड नायक भगवान श्री जगन्नाथ अपने मंदिर से बाहर निकलकर रथ पर विराजमान होंगे तथा जन-जन को अपने दिव्य दर्शन एवं सेवा का दुर्लभ अवसर प्रदान करेंगे।

रथयात्रा के दौरान हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन, मृदंग, करताल एवं अन्य वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। भक्तों के आनंदमय नृत्य एवं संकीर्तन से ऐसा प्रतीत होगा मानो स्वयं श्री पुरी धाम की दिव्य रथयात्रा कानपुर में अवतरित हो गई हो। रथयात्रा में मनोहारी सांस्कृतिक झांकियाँ प्रस्तुत की जाएँगी तथा भगवान श्री जगन्नाथ का पावन महाप्रसाद सभी श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा।

इस्कॉन कानपुर के मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी के द्वारा कानपुर एवं आसपास के समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को अपने परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों सहित इस भव्यतम श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में पधारने का हार्दिक आमंत्रण किया गया है।

बसुहारी में जनचौपाल: आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई में निःशुल्क कानूनी सहायता का भरोसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।बसुहारी, सोनभद्र में जनसंवाद एवं जनचौपाल
दिनाँक 12 जुलाई को बसुहारी ग्राम, जनपद सोनभद्र में प्रस्तावित पम्प्ड स्टोरेज परियोजना (PSP) से प्रभावित आदिवासी एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण जनचौपाल एवं जनसंवाद का आयोजन अमन सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं अपना दल (एस) विधि मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अभिषेक चौबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही अपना दल (एस) सोनभद्र के जिलाध्यक्ष श्री अंजनी पटेल जी,प्रवीण त्रिपाठी, लक्ष्मण गोंड़, राकेश पटेल, नंदु पटेल, हरिप्रसाद धांगर, आलोक पांडेय, अखिलेश पटेल जोन अध्यक्ष राम कृष्ण गुप्ता,सुनेश पासवान समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
बैठक में ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण, विस्थापन, वनाधिकार, आजीविका, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रशासन एवं कंपनी की कार्यप्रणाली से संबंधित अपनी समस्याओं और आशंकाओं को विस्तार से रखा।
इस अवसर पर अधिवक्ता अभिषेक चौबे ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी भी आदिवासी या स्थानीय नागरिक के साथ कंपनी अथवा प्रशासन द्वारा अन्याय किया जाता है, तो वे उनके संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निःशुल्क कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन वह संविधान, कानून और स्थानीय लोगों के अधिकारों की कीमत पर स्वीकार्य नहीं हो सकता।
उन्होंने ग्रामीणों से संगठित एवं शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने का आह्वान करते हुए विश्वास दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में वे हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे। भाई अंजनी पटेल जी ने लोगों को संगठित होने का आव्हान करते हुए कहा कि
“जल, जंगल, जमीन और जनाधिकार की रक्षा हमारा संवैधानिक दायित्व है। विकास तभी सार्थक है जब उसमें स्थानीय लोगों का सम्मान, सहभागिता और न्याय सुनिश्चित हो।”
बसुहारी के सभी ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी समाज के भाइयों-बहनों का इस जनसंवाद में सक्रिय सहभागिता के लिए हार्दिक धन्यवाद।

दुद्धी पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को पकड़ा; वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी थाने के अंतर्गत हुई जमकर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पावर हाउस, गुलालझरिया के पास मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर देर शाम घेराबंदी कर करीब 8:15 बजे आरोपी दबोचे गए। तलाशी में घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गयी, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना का खुलासा करते हुए बताया गया कि थाना दुद्धी में दर्ज मुकदमा संख्या 192/2026 में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जानलेवा हमला और मारपीट का आरोप था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवप्रसाद पुत्र स्व. विंदेश्वरी, उमेश पुत्र रामप्रसाद तथा सुनील पुत्र रामप्रसाद, ग्राम गुलालझरिया के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर रविवार को तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में दुद्धी पुलिस टीम लगातार वांछित आरोपितों की तलाश कर रही थी। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक चन्दन गिरि, हेड कांस्टेबल खालिद खाँ व कांस्टेबल गणेश मिश्रा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मुखबिर से 11 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी पावर हाउस, गुलालझरिया के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर किसी भी तरह का मौका न देते हुए आरोपितों को धर दबोचा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।

दुद्धी के एसडीएम निखिल यादव हटाए गए, भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण में स्थानांतरण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील दुद्धी के उपजिलाधिकारी निखिल यादव को सोमवार को पद से हटाकर भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण में स्थानांतरित कर दिया गया। शासन ने यहां से हटाकर नया पदस्थापन आदेश जारी किया है।
सूत्रों के अनुसार निखिल यादव के कार्यकाल में धारा 80 से जुड़े कई मामलों के निस्तारण को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। मामला मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचने के बाद अपर जिलाधिकारी सोनभद्र ने इसकी जांच की, ऐसा माना जा रहा है कि जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
इस स्थानांतरण के बाद स्थानीय लोगों और अधिकारियों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हाल ही में शासन द्वारा जिले को तीन नए उपजिलाधिकारी दिए हैं, लिहाजा अब नगरवासियों की नजर प्रशासन में आने वाले नए अधिकारी पर टिकी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही नई पोस्टिंगों से प्रशासनिक कार्यकुशलता होगी।

भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय ने प्रवेश के लिए दूसरी वरिष्ठता सूची चस्पा की, 16-18 जुलाई तक साक्षात्कार एवं कागजात सत्यापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय दुद्धी के कालेज प्रशासन ने आज सोमवार को दो महत्वपूर्ण सूचनाएँ जारी की हैं। पहले नोटिस में बताया गया है कि बीए व बीएससी प्रथम वर्ष के प्रवेश हेतु वरिष्ठता क्रम की दूसरी सूची सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएँ अपनी सीट सुनिश्चित करने के लिए 16 जुलाई 2026 से 18 जुलाई 2026 तक प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संबंधित साक्षात्कार समिति के समक्ष उपस्थित होकर मूल प्रमाण पत्र एवं एक सेट छायाप्रति जमा कराएं।
प्रेषित सूची के अनुसार कागजात में हाईस्कूल अंकपत्र, इंटरमीडिएट अंकपत्र, टी.सी., सी.सी., जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, प्रवेश फॉर्म और समर्थन पोर्टल फॉर्म शामिल होना अनिवार्य है।
दूसरे नोटिस में कालेज प्रशासन ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति श्रेणी के उन छात्र छात्राओं के लिए सूचना जारी की है, जो बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक हैं। प्रशासन ने कहा है कि अनुसूचित जाति के छात्र छात्राएं जिन्होंने प्रवेश आवेदन फॉर्म भरा है अथवा जिनके द्वारा आवेदन नहीं भरा गया है, वे तत्काल प्रवेश समिति से संपर्क करें।
कालेज के प्रभारी प्राचार्य राजेश भारती ने कहा कि समय पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज़ जमा करने से प्रवेश की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जाएगी और आवेदकों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय का पालन अवश्य करना चाहिए।
संपर्क विवरण और अधिक जानकारी के लिए छात्र कालेज प्रशासन से सीधे संपर्क कर सकते हैं।

विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने मल्देवा में शुरू किया 1,100 पौधा लगाने का अभियान; आज लगभग 400 पौधे रोपे गए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल प्रखंड दुद्धी के कार्यकर्ताओं ने ग्राम पंचायत मल्देवा में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 1,100 पौधा लगाने का व्यापक लक्ष्य निर्धारित किया है। रविवार को पर प्रारंभिक रोपण में लगभग 400 पौधे लगाए गए, जिनमें शीशम, सागवान, इमली सहित विभिन्न प्रजातियाँ शामिल थीं। आयोजन में प्रखंड के कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता, बजरंग दल जिला सहसंयोजक आलोक, तथा प्रखंड संयोजक सोनू जायसवाल सहित समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह वृक्षारोपण केवल पर्यावरण बचाने का प्रयास नहीं है, बल्कि समुदाय में हरित चेतना फैलाने का भी प्रयास है।
प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बताया कि आज के कार्यक्रम में कुल मिलाकर लगभग 400 पौधे रोपे गए और शेष पौधों का रोपण अति शीघ्र कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मल्देवा व आसपास के ग्रामों में आगे भी पौधारोपण चलता रहेगा और रोपे गए पौधों की नियमित देख-रेख के लिए स्थानीय लोगों को भी जिम्मेवारी सौंपी जाएगी।
बजरंग दल के जिला सहसंयोजक आलोक ने संगठन से जुड़े अन्य सामाजिक कार्यों के साथ इस पहल को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया। प्रखंड संयोजक सोनू जायसवाल ने कहा कि ग्रामीणों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आगामी दिनों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल सहित मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अभियान का भागीदारी दिखाई और लोगों से अनुरोध किया कि वे पौधों की सुरक्षा, पानी उपलब्ध कराना और उनकी देखभाल में सहयोग दें, ताकि रोपे गए पौधे पनप सकें।

“वृक्ष धरा के भूषण,दूर करें प्रदूषण – श्रवण सिंह गोंड़

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवाह्न पर चल रहे 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत आज रविवार को दुद्धी में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड़ ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नगर पंचायत स्थित नंदन वन, ग्राम पंचायत रजखड़ वन रेंज और गौशाला परिसर में पौधे लगाए।
इस अवसर पर श्रवण गोंड़ ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि धरती हमें अन्न, जल, फल और जीवन जीने के लिए अनुकूल वातावरण देती है। पूर्व में प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा करना है, जिस पर पूरी मानव जाति आश्रित है।वही नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से जुड़े, तो आने वाले वर्षों में देश अधिक हरित और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनेगा जिससे आने वाले दिनों में हम सब के परिजनों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्राप्त होगा। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छ पर्यावरण को आवश्यक बताते हुए उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।इस दौरान पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र अग्रहरि पूर्व जिला मंत्री दिलीप पांडे मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेंद्र चन्द्रवँशी पूर्व मण्डल महामंत्री मनीष जायसवाल मण्डल महामंत्री प्रेमनारायण मोनू सिंह अंशुमान रॉय युवामोर्चा अध्यक्ष अजय चन्द्रवँशी सोशल मीडिया संयोजक पीयूष कसेरा बूथ अध्यक्ष धीरज जायसवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

सौ रुपये में एक लाख का मिलेगा का लाभ-ओम शंकर नारायण शर्मा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। अखिल भारतीय जन सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में रविवार को कस्बा के निजी होटल में प्रथम कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में संस्थापक ओम शंकर नारायण शर्मा ने अपने संयुक्त टीम के साथ कमलेश शर्मा को अखिल भारतीय जन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इस दौरान अपनी संस्था द्वारा चल रही योजनाएं को बताया। उन्होंने बताया कि मार्ग दुर्घटना में प्रति सदस्य 10 रुपये में 10,000 का मदद किया जाएगा। बेटी विवाह में 50 रुपये में 50,000 का मदद किया जाएगा। आकस्मिक निधन में 100 रुपये में 100000 का मदद किया जाएगा। कार्यकारिणी के प्रथम गठन के अवसर पर पदाधिकारीयों का मनोनीयन किया गया। जिसमें विनय कुमार ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष बिहार, विद्यालाल शर्मा प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ साथ में बाबूलाल शर्मा, रंजन,वरुण,वीरेंद्र यादव, अशोक प्रजापति, विजेंद्र नाथ श्रीवास्तव, रोहित आरती, मनसा देवी, राधिका, शांति देवी, प्रियंका कुमारी को ग्राम प्रभारी बनाया गया।संस्थापक मंडल पूनम कुमारी सह संस्थापक, सुरेश कुमार शर्मा सह संस्थापक, संदीप कुमार सह संस्थापक, श्रृंगी ऋषि सह संस्थापक, अजीत कुमार कनौजिया सह संस्थापक आदि मौजूद रहे।

विश्व युवा कौशल दिवस पर विशाल रोजगार मेला का आयोजन 14 जुलाई को, 900 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दुद्धी में आगामी 14 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में हिण्डालको, अल्ट्राटेक, एमआरएफ, सुब्रोस लिमिटेड, कैशपार माइक्रोक्रेडिट सहित 12 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करते हुए 900 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, कौशल विकास मिशन एवं राजकीय/निजी आईटीआई से प्रशिक्षित अभ्यर्थी, सेवायोजन विभाग में पंजीकृत बेरोजगार, उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो पॉवर्टी योजना के अंतर्गत चिन्हित परिवारों के सदस्य, दिव्यांगजन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) समूहों के पारिवारिक सदस्य प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी गूगल फॉर्म लिंक एवं विज्ञप्ति में उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। साथ ही आयोजन स्थल पर ऑफलाइन पंजीकरण की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थी अपने साथ बायोडाटा, पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड तथा शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की दो-दो प्रतियां अवश्य लेकर आएं।

दुद्धी बार अध्यक्ष कुलभूषण-पत्नी माधुरी व दिलीप पांडे ने मिलकर पौधरोपण किया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कुलभूषण पांडे ने रविवार को अपने आवास मल्देवा पर पौधारोपण किया। उनके साथ उनकी पत्नी माधुरी पांडे, जो कंपोजिट विद्यालय दुद्धी की प्रधानाध्यापिका हैं, तथा पूर्व जिला मंत्री के भतीजे अधिवक्ता दिलीप पांडे भी मौजूद रहे और उन्होंने संयुक्त रूप से विभिन्न किस्म के पौधे रोपे। आयोजन में परिवारजन और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कुलभूषण पांडे ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी स्थानीय स्तर पर बड़ा प्रभाव डालते हैं और यह जिम्मेदारी हर नागरिक की है कि वे वृक्षारोपण कर पर्यावरण को संरक्षित रखें। माधुरी पांडे ने स्कूल की ओर से विद्यार्थियों को पेड़-पौधे लगाने और उनकी रक्षा करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। दिलीप पांडे ने भी जनता से सामाजिक स्तर पर वृक्षारोपण की मुहिम में भागीदारी करने का आह्वान किया।

दुद्धी में दो बाइक की टक्कर, दो लोग घायल ,सीएचसी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। एनएच-39 दुद्धी-हाथीनाला मार्ग पर शनिवार देर शाम बढ़ानीनाला पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक ने दूसरी बाइक को तेज़ टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार दो ममेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से भाग गया।
घायकों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी। चिकित्सकों के अनुसार विकास शर्मा (20), पुत्र नागेन्द्र निवासी महुली, को सिर पर चोट आई थी, जबकि प्रदीप शर्मा (35), पुत्र सुरेश शर्मा निवासी खजुरी, के चेहरे पर हल्की चोटें आई थीं। दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों व मित्रों की भीड़ जमा रही। पुलिस से संपर्क कर आगे की जांच की जा रही है।

सोनभद्र में हरियाली का महायज्ञ: 6 बंजर पहाड़ियां बनेंगी हरे-भरे वन, 1.67 करोड़ पौधों से बदलेगी जिले की तस्वीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में रविवार का दिन सोनभद्र के लिए ऐतिहासिक बन गया। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जनपद में रिकॉर्ड स्तर पर 1 करोड़ 67 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य लेकर वृहद अभियान चलाया गया। इस अभियान की सबसे खास पहल रही जिले की छह बंजर पहाड़ियों को हरियाली की चादर ओढ़ाने की अनूठी योजना, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
प्रदेश सरकार के महाअभियान के तहत सोनभद्र ने सिर्फ पौधे लगाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि भविष्य की हरित विरासत तैयार करने का संकल्प लिया। वर्षों से सूनी और वीरान पड़ी पहाड़ियों पर अब लाखों पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले वर्षों में ये क्षेत्र घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य के नए केंद्र के रूप में विकसित होंगे।
चोपन विकासखंड के ग्राम जुगैल स्थित अंबेडकर पहाड़ी पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। करीब 10 बीघा भूमि पर पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और लगातार घटते जंगल मानव अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। यदि प्रकृति को सुरक्षित रखना है तो प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही मानव जीवन के सच्चे रक्षक हैं, जो बिना किसी भेदभाव के सभी को ऑक्सीजन, फल, छाया और जीवन प्रदान करते हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि इस बार वृक्षारोपण अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जन आंदोलन का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की छह प्रमुख बंजर पहाड़ियों—जुगैल की अंबेडकर पहाड़ी, चोपन के पनारी की जुड़वानी पहाड़ी, घटिहटा की गड़ई पहाड़ी, म्योरपुर के रासपहरी की रास पहाड़, गंभीरपुर की सरहद पहाड़ी तथा दुद्धी के नगवा की भवरहवा पहाड़ी—पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराया जा रहा है। आने वाले वर्षों में यही पहाड़ियां घने हरित आवरण से ढककर सोनभद्र की नई पहचान बनेंगी।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने इसके लिए विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की है ताकि पौधों की नियमित देखभाल हो सके।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला जब पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए ‘पौधों की बारात’ निकाली गई। बैंड-बाजों और उत्साह के बीच निकली इस अनूठी बारात ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही ग्रामीणों और उपस्थित नागरिकों को आम, अमरूद सहित विभिन्न फलदार पौधे वितरित किए गए और उन्हें अपने घरों एवं खेतों के आसपास पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने की शपथ दिलाई गई।
वहीं, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने म्योरपुर के आश्रम मोड़ के समीप आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधे लगाए। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता भी मौजूद रहे। सदर विधायक भूपेश चौबे ने चुर्क और रामगढ़ क्षेत्र में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने घोरावल रेंज के बेरदिया स्थित ग्राम वन वाटिका में एक हजार चिरौंजी के पौधों का रोपण कराया।
जनपद के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। हजारों की संख्या में लोगों ने पौधे लगाए और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। प्रशासन का लक्ष्य केवल पौधारोपण करना नहीं बल्कि आने वाले वर्षों में सोनभद्र को प्रदेश के सबसे हरित जनपदों में शामिल करना है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, ग्राम प्रधान जुगैल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

मारकुंडी घाटी की खाई बनी मौत का गवाह, कई दिन बाद मिले पति-पत्नी के सड़े-गले शव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी रविवार को एक दर्दनाक घटना की वजह से चर्चा का केंद्र बन गई। घाटी की गहरी खाई में एक महिला और पुरुष के सड़े-गले शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना जंगल की आग की तरह फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बताया जा रहा है कि सुबह घाटी से गुजर रहे कुछ लोगों को खाई की ओर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब लोगों ने नीचे झांककर देखा तो गहरी खाई में दो शव पड़े दिखाई दिए। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
गुरमा पुलिस चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्गम और गहरी खाई होने के कारण शवों तक पहुंचना आसान नहीं था। काफी मशक्कत और बचाव अभियान के बाद पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाया। शव कई दिनों पुराने होने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि मृतक सलखन निवासी बलवंत और उनकी पत्नी हैं, जो पिछले कई दिनों से घर नहीं लौटे थे। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाकर पहचान की प्रक्रिया पूरी कराई। प्रारंभिक स्तर पर दोनों की पहचान बलवंत और उनकी पत्नी के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है। सड़क दुर्घटना, आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से हुई मौत—सभी संभावनाओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दंपति बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान मारकुंडी घाटी के मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुनसान स्थान पर होने और खाई काफी गहरी होने के कारण कई दिनों तक किसी की नजर शवों पर नहीं पड़ी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर मारकुंडी घाटी की खतरनाक बनावट और वहां होने वाले हादसों की याद ताजा कर दी है। स्थानीय लोगों ने घाटी में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम, चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग मजबूत किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

ओबरा पीजी कॉलेज में हरित क्रांति की शुरुआत, एनसीसी कैडेट्स ने लगाया पौधों का ‘सुरक्षा पहरा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा/सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में रविवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई के तत्वावधान में भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ महाविद्यालय परिसर को हरियाली से आच्छादित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ओबरा नगर पंचायत की अध्यक्षा चांदनी देवी तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि चांदनी देवी ने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव जीवन की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसकी नियमित देखभाल करना है। यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य मिल सकता है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। ये केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।
एनसीसी अधिकारी एवं पर्यावरण प्रभारी प्रो. उपेंद्र कुमार के निर्देशन में कैडेट्स ने जामुन, आम, अमरूद, नींबू, मुसम्मी, सागौन, शीशम सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए। विशेष बात यह रही कि पौधरोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी कैडेट्स ने स्वयं ली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में जागरूकता संदेश भी दिए और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय का वातावरण पूरी तरह हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से सराबोर दिखाई दिया। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण को जनभागीदारी का स्वरूप दिया। सभी ने यह संकल्प भी लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल की जाएगी ताकि आने वाले वर्षों में यह अभियान स्थायी हरित विरासत में बदल सके।
इस अवसर पर प्रो. सुभाष राम, डॉ. संतोष कुमार सैनी, डॉ. मीरा यादव, डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. विनोद बहादुर सिंह, डॉ. आलोक यादव, डॉ. विकास कुमार, डॉ. विभा पाण्डेय, डॉ. वैशाली शुक्ला, डॉ. अंजलि मिश्रा, डॉ. संघमित्रा, डॉ. योगेंद्र लाल वर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी राजेश्वर रंजन, धर्मेंद्र कुमार, अरुण कुमार, महेश पाण्डेय, अभिषेक सिंह, सैफुद्दीन, कुंदन कुमार, मनीष कुमार, सभासद अजीत कनौजिया तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए संकल्प व्यक्त किया कि हरियाली बढ़ाने और प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण की दिशा में सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का प्रभावी प्रयास बताया।

प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल ने मनाया पौधारोपण दिवस, 500 छात्रों ने घरों में रोपण का संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में शनिवार को पौधारोपण दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विशिष्ट अतिथियों में नगर पंचायत स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चंद्रवंशी, अपना दल (एस) विधानसभा दुद्धी के अध्यक्ष निरंजन जायसवाल, बनवासी सेवा आश्रम छात्रावास दुद्धी के प्रबंधक चित्रांगद दुबे और विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति शामिल रहे।
समारोह के दौरान परिसर में छायादार व फलदार पौधे रोपे गए और विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत पेंटिंग कला ने सबका मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का मजबूत आधार बनेगी।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति ने कहा कि विद्यालय के 500 छात्र-छात्राएँ अपने घरों के आसपास पौधरोपण करने का संकल्प लेंगे और यह संकल्प जल्द मूर्त रूप लेगा। उन्होंने पर्यावरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि पौधे जीवन का स्रोत हैं।
स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय एवं प्रदेशीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार पौधारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा सिर्फ सरकारी जिम्मेदारी नहीं, हर नागरिक का व्यक्तिगत कर्तव्य है।
अपना दल (एस) के अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने प्रधानमंत्री के आह्वान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम पर एक पेड़ लगाना चाहिए ताकि यह मुहिम सफल हो सके।
प्रबंधक व मुख्य अतिथि ने इस संदर्भ में नंदनवन और कास्त की हेक्टेयरों पर पहले कराए गए बड़े पैमाने के पौधारोपण की सराहना की।
कार्यक्रम में छात्रों ने आकर्षक पेंटिंग प्रस्तुत की, जिसकी आगंतुक अतिथियों ने प्रशंसा की। अतिथियों और विद्यालय के अध्यापकों ने मिलकर पौधारोपण किया। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद शमीम ने किया। विद्यालय परिवार के मैनेजर जावेद अहमद, शिक्षक सुशांत क्षेत्री, यशस्वी कपूर, बलवंत सिंह, सेबेस्टिन सुब्बा, मोनिका सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बोधि पथ कार्यशाला में विद्यार्थियों को नशामुक्ति व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के तहत लखनऊ स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान द्वारा जया डिजिटल लाइब्रेरी में आयोजित सात दिवसीय बोधि पथ कार्यशाला का समापन प्रेरणादायक माहौल में हुआ। समापन समारोह में छात्रों को नशे से दूर रहने, सामाजिक बुराइयों का विरोध करने और पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, करुणा और अहिंसा का भाव विकसित करना बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने कहा कि तंबाकू, शराब व अन्य मादक पदार्थों की लत व्यक्ति तथा परिवार के साथ समाज के लिए घातक है और युवाओं को इससे बचने का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। वक्ताओं ने हिंसा, भेदभाव और असहिष्णुता जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने व जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के करुणा, अहिंसा, संयम और मध्यम मार्ग के सिद्धांतों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उनका कहना था कि ये जीवन-मूल्य युवा पीढ़ी को एक संवेदनशील और सजग समाज बनाने में मदद करेंगे।
कार्यशाला के संयोजक बी0 के0 जायसवाल ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षात्मक सफलता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके साथ अच्छे संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर छात्रों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग से बचने, कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने और स्वच्छ-हरित पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने आशा जताई कि यह कार्यशाला छात्रों में नैतिक चेतना व सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होगी।

विण्ढमगंज पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम व गोवध निवारण अधिनियम के तहत गिरोहबंद आरोपी को किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ अरुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी की निगरानी में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना विण्ढमगंज टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली। टीम ने वांछित आरोपी अजय मेहता को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अजय मेहता को कल बीती रात लगभग 09:20 बजे दशरथ मोड़ तिराहा, हरनाकछार थाना विण्ढमगंज क्षेत्र से दबोचा गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव, हेड कांस्टेबल ऐनुल होदा खां और हेड कांस्टेबल धीरेंद्र कुमार शामिल थे।
अजय मेहता पर पहले से थाना विण्ढमगंज में मु.अ. सं. 160/2025 में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 के तहत तथा मु.अ. सं. 95/2026 में उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 3(1) के तहत मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने के बाद उसे माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सोनभद्र जिले में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी ढंग से जारी है और ऐसी कार्रवाइयों के माध्यम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा। मामले से जुड़े और भी विवरण व छानबीन पुलिस कर रही है।

लेखपाल आवास के पीछे सरकारी भूमि पर गुमटी रखकर संचालित हो रहा जांच केंद्र, जांच की मांग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कस्बे में राजस्व विभाग के लेखपाल आवास के पीछे कुछ सप्ताह पहले एक गुमटी रखी गई है, जिसमें स्थानीय लोगों के अनुसार बिना किसी नाम‑पट्ट या बोर्ड के कथित रूप से स्वास्थ्य/चिकित्सा जांच केंद्र संचालित किया जा रहा है। यह मामला तब उलझन का विषय बना जब क्षेत्र में पहले से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इस गुमटी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी भूमि पर इस तरह गुमटी लगाकर गतिविधि करना अतिक्रमण के दायरे में आता है। यदि यह वास्तव में चिकित्सा जांच केंद्र है तो उसे आवश्यक पंजीकरण और वैधानिक अनुमति की जरूरत होती है, जिसका यहां कोई सबूत दिखता नहीं। लोग पूछ रहे हैं कि नियमित अतिक्रमण हटाने के बावजूद इस मामले पर क्यों नजर नहीं रखी जा रही।
स्थानीय निवासी और कारोबारियों ने जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग से निष्पक्ष जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में गुमटी को अवैध कब्जा पाया जाता है या बिना अनुमति के जांच केंद्र चलाया जा रहा है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

खेलते समय पागल कुत्ते ने 6 वर्षीय बालक को जांघ में काटा, सीएचसी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में आज शाम करीब 4 बजे एक पागल कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय नवीन पुत्र उदय प्रताप निवासी डुमरडीहा को जांघ में काट लिया। घटना दुद्धी–आश्रम मार्ग के पास नहर के किनारे की बताई गई।
परिजनों के अनुसार, अचानक बच्चे की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण व परिजन मौके पर दौड़े और तब जाकर कुत्ता बच्चे को छोड़ भागा। घायल बालक को तत्काल निजी साधन से परिजन सीएचसी दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर है और आवश्यक टीकाकरण व घाव की सफाई की जा रही है।जख्म के स्थिति के आधार पर आगे की जांच व इलाज की सलाह दी जा सकती है।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन व स्थानीय लोगों में रोष देखा गया है।

धरतीडोलवा प्राथमिक विद्यालय की छत पर गिरा विशाल महुआ का पेड़, स्कूल बंद होने से टला बड़ा हादसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।शनिवार को दुद्धी विकास खंड के विंढमगंज क्षेत्र स्थित ग्राम धरतीडोलवा के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की इमारत की छत पर एक विशाल महुआ का पेड़ गिर गया। घटना के समय स्कूल बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका धनेश्वरी ने शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचकर भवन की छत पर पेड़ गिरा हुआ देखा और तुरंत ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान को सूचित किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी।पेड़ गिरने से विद्यालय की छत को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि पेड़ विद्यालय संचालन के दौरान गिरता तो छात्रों और शिक्षकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने मांग की है कि गिरे हुए पेड़ को तुरंत हटाया जाए और विद्यालय परिसर व आसपास मौजूद अन्य बेकार सूखे ,जर्जर व जोखिमपूर्ण पेड़ों की कटान कराया जाए ।
विद्यालय प्रशासन ने सम्बन्धित अधिकारियों से शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा उपाय कराने का अनुरोध किया है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

ओबरा पुलिस की बड़ी पहल: मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल का शुभारंभ, महिलाओं की सुरक्षा होगी और मजबूत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

जनपद सोनभद्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। ओबरा थाना परिसर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को नई मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति केंद्र तथा बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साइबर सेल का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर दोनों केंद्रों का उद्घाटन किया और इसे आमजन के लिए समर्पित किया।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि बदलते समय में अपराधों का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। जहां एक ओर महिलाओं के प्रति अपराधों को रोकना प्राथमिकता है, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में थाना स्तर पर मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल की स्थापना आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, कानूनी सहायता, परामर्श, शिकायत दर्ज कराने तथा त्वरित पुलिस सहायता जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर बुलिंग और महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों में पीड़िताओं को बिना किसी असुविधा के तत्काल सहायता मिल सकेगी।
वहीं नवस्थापित साइबर सेल ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी निवेश, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, बैंक खाते से अवैध निकासी, फर्जी लिंक और अन्य साइबर अपराधों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करेगी। साथ ही लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे ताकि लोग डिजिटल अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाएं, स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और उन्हें न्याय के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से पुलिस और प्रशासन लगातार जनहित के कार्यों को धरातल पर उतार रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के माध्यम से पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल, फर्जी मैसेज या महिलाओं से संबंधित अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें तथा अफवाहों और लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर सेल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, कर्मचारीगण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद क्षेत्रीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मलिन बस्ती पहुंचे डीएम-एसपी, हाईकोर्ट के आदेशों से कराया अवगत, पैरवी का दिया अंतिम मौका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

डाला/सोनभद्र। डाला स्थित मलिन बस्ती में शनिवार को उस समय हलचल मच गई, जब जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा का संयुक्त काफिला अचानक बस्ती पहुंच गया। अधिकारियों के पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रशासन की ओर से लोगों को उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा पारित आदेशों की विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए समय रहते न्यायालय में अपनी पैरवी करने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि भूखंड गाटा संख्या 113 से 179 के संबंध में इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा आदेश पारित किए गए हैं। ऐसे में जिन लोगों का इस भूमि से किसी प्रकार का दावा या पक्ष जुड़ा हुआ है, वे निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय में अपनी बात अवश्य रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश सर्वोपरि हैं और जिला प्रशासन का दायित्व उनका विधिसम्मत पालन सुनिश्चित कराना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की मंशा किसी के साथ अन्याय करना नहीं है, बल्कि न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए सभी संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर देना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
पुलिस अधीक्षक ने भी उपस्थित लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेने या भ्रामक सूचनाओं के आधार पर कोई कदम उठाने से बचें। यदि किसी को किसी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो तो वह प्रशासन से सीधे संपर्क कर सकता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मलिन बस्ती की स्थिति का भी जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की प्रक्रिया पूरी तरह कानून के दायरे में और पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा। अधिकारियों के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बस्तीवासियों से एक बार फिर अपील की गई कि वे निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में अपनी पैरवी सुनिश्चित करें, क्योंकि समयसीमा समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन को न्यायालय के आदेशों का अनुपालन कराना अनिवार्य होगा।

ओबरा थाना दिवस में डीएम-एसपी का सख्त संदेश, फरियादियों की समस्याओं पर तुरंत एक्शन के निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान की मंशा को लेकर शनिवार को ओबरा थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस में प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ नजर आया। थाना दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुनीं और एक-एक प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, आपसी विवाद, कब्जे, सीमांकन तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण सामने आए। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात पूरी गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें, वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतों का स्थायी समाधान करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त सुनवाई उपलब्ध कराना है, ताकि विवादों का समय रहते समाधान हो सके और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचा जा सके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखें तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें।
थाना दिवस के दौरान कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। अधिकारियों ने दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। थाना दिवस के माध्यम से लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिससे फरियादियों में समाधान की उम्मीद और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होता दिखाई दिया।

राजस्व लापरवाही पर वकीलों का हल्ला , दुद्धी में रजिस्ट्रार से तत्काल बैनामा कराने का अनुरोध

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।तहसील मुख्यालय पर भूमि के अंश निर्धारण के अभाव में रजिस्ट्री कार्य बाधित होने पर शुक्रवार शाम दुद्धी बार संघ के अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक/रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंचकर विरोध जताया और तत्काल बैनामा कराने की मांग की।
बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडे के नेतृत्व में कई अधिवक्ता उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि राजस्व विभाग की ओर से किसानों की भूमि का अंश निर्धारण समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे जमीन की खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री प्रभावित हो रही है।अधिवक्ताओं ने कहा कि कुछ अधिकारियों के निर्देश होने के बावजूद कार्यालय में अंश निर्धारण नहीं हो रहा था। मौके पर दिखाए गए आदेशों में अंश निर्धारण का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल बैनामा शुरू कराने की मांग की।
प्रभारी रजिस्ट्रार से करीब एक घंटे की बातचीत के बाद कार्यालय में बैनामा कार्य शुरू हो गया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि तहसील में जल्द अंश निर्धारण नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे, क्योंकि देरी से राजस्व नुकसान और आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं प्रेमचंद यादव, विजय सिंह, रमेशचंद कुशवाहा, जयप्रकाश तिवारी, कृष्ण कुमार समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

अपना दल (एस) की मासिक बैठक, बूथ सशक्तिकरण और जनसेवा पर जोर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। अपना दल (एस) की विधानसभा दुद्धी (403) की मासिक बैठक उत्सव वाटिका कचहरी रोड पर आज शुक्रवार विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव एवं विधानसभा प्रभारी राकेश यादव रहे। विशेष अतिथि के तौर पर जिला महासचिव एवं विधानसभा सहप्रभारी मुकेश तरंग और हरि प्रसाद सलबंधी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य वक्ता राकेश यादव ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही आती है। उन्होंने प्रत्येक बूथ, सेक्टर और जोन को सशक्त करने तथा संगठन विस्तार के साथ जनसंपर्क अभियान को और तेज़ करने पर बल दिया। सभी पदाधिकारियों से अनुरोध किया गया कि बूथ‑स्तर पर लगातार कार्य कर पार्टी की आधारशिला को मजबूत करें।
मुकेश तरंग ने अनुशासन और सक्रियता को जनता का विश्वास जीतने का मूल सूत्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपने दायित्वों को निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करते हुए संगठन को कमेटी स्तर तक मजबूती से ले जाना चाहिए।

अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने कहा कि “संगठन का सम्मान ही कार्यकर्ता का सम्मान है। जब प्रत्येक कार्यकर्ता खुद को संगठन के प्रति जवाबदेह समझ कर समर्पण से कार्य करेगा, तब संगठन स्वतः मजबूत होगा और जनता का विश्वास बढ़ेगा। हमारा लक्ष्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सेवा और विश्वास के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पहुँच बनाना है।”
बैठक के दौरान लखनऊ में आयोजित “जन स्वाभिमान दिवस” कार्यक्रम में दुद्धी विधानसभा के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री दीदी अनुप्रिया पटेल को दुद्धी विधानसभा की ओर से आदिवासी संस्कृति का प्रतीक तीर‑धनुष और पारंपरिक आदिवासी टोपी भेंट किया गया, जिसे क्षेत्र की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक बताया गया।
बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहम्मद हसनैन, विधानसभा महासचिव रमेश कुमार गुड्डू, जोन अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, जोन उपाध्यक्ष रमेश पासवान, रवि कुमार गुप्ता, महेंद्र जायसवाल, सोहर लाल आयाम, भगवान दास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

साइकिल पर सवार दोस्तो को बैठा देख चलती साइकिल पर किया बैठने का प्रयास ,साइकिल अनियंत्रित,सवार बालक घायल ,दोनों हाथ फैक्चर, रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय थाना क्षेत्र के रन्नु गांव के गौरासिंघा में आज शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने दोस्त को साइकिल पर सवार होकर घूमता देख दूसरे दोस्त ने चलती साइकिल में चढ़ने का प्रयास किया जिसमें साइकिल अनियंत्रित हो गई और गिर गई ।हादसे में पहले से साइकिल पर सवार दोस्त का दोनों हाथ फैक्चर हो गया ।जिसे सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार,प्रिंस कुमार (12) पुत्र पिंटू निवासी रन्नु गौरासिंघा ,अपने दोस्त के साइकिल पर बैठकर गांव में ही घूम रहा था ।की इसी बीच चलती साइकिल पर ही प्रिंस का एक अन्य दोस्त सड़क पर ढाल पाते ही चढ़ने लगा जिसमें साइकिल अनियंत्रित हो गई । और तेजगति से सड़क किनारे उतर गई ।हादसे में प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया ।घटना की सूचना पर एंबुलेंस 102 टीम के ईएमटी पंकज और चालक विजय राजभर ने सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया ।जहां चिकित्सक डॉ वरुणा निधि के देख रेख में चले प्राथमिक उपचार के बाद बालक को बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।चिकित्सकों के अनुसार बालक का दोनों हाथ साइकिल के गिरने और पत्थर पड़ने से दब गए और फैक्चर की संभावना पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सांप के काटने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत: परिजनों ने झाड़-फूंक कराई, इलाज न मिलने से गई जान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।जनपद के कोन थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में करैत सांप के काटने से सात वर्षीय बच्ची खुशी की मौत हो गई। परिजनों द्वारा समय पर चिकित्सकीय उपचार के बजाय झाड़-फूंक कराने के कारण बच्ची की जान चली गई।
परिजनों के अनुसार, खुशी पुत्री ललन बीती रात भोजन के बाद अपनी नानी के साथ घर पर जमीन पर सो रही थी। देर रात करीब 1 बजे बिस्तर में घुसे करैत सांप ने उसकी पीठ और गर्दन पर दो बार काट लिया। बच्ची ने उठकर अपनी नानी को बताया, जिसके बाद परिजन घबरा गए।
घबराहट में परिजन बच्ची को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर गांव में मौजूद एक झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए। बताया गया है कि झाड़-फूंक का यह सिलसिला लगभग चार घंटे तक चला। सुबह करीब 5 बजे बच्ची की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। बच्ची के पिता ललन ने बताया कि तेज घबराहट और घर पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण वे कुछ समझ नहीं पाए और झाड़-फूंक कराते रहे, जिससे चिकित्सा सहायता नहीं मिल पाई।
खुशी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और कक्षा दो की छात्रा थी। बच्ची की मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों में डर और भय भी व्याप्त है। वे प्रशासन से जागरूकता अभियान चलाने और त्वरित आपात-चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
बता दे कि यह घटना क्षेत्र में बढ़ती सर्पदंश की घटनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की कमी को उजागर करती है।
स्थानीय लोगों ने ग्रामीण परिवारों से अपील की है कि बरसात के मौसम में सांप के काटने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से संपर्क करें।
उन्होंने झाड़-फूंक जैसे उपचार में फंसने के बजाए तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने को कहां ,ताकि समय पर समुचित इलाज मिल सके ।