मकान के विवाद ने पकड़ा तूल डोडहर-जरहां से दो पक्षों के पांच लोग शांति भंग की आशंका में चालान ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र)थाना क्षेत्र के डोडहर और जरहां गांव के दो पक्षों के बीच मकान में जबरन रहने और कमरा खाली न करने को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को उस समय बढ़ गया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।सूचना पर पहुंची बीजपुर पुलिस ने काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष शांत होने को तैयार नहीं हुए।इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों से कुल पांच लोगों को हिरासत में लेकर न्यायालय भेज दिया।बताया गया कि थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक दीनानाथ अपने टीम के साथ विवाद की जांच कर रहे थे इसी बीच पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर आमादा हो गए।पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए प्रथम पक्ष के अयोध्या प्रसाद (41) एवं उनकी पत्नी नीता देवी (36)निवासी ग्राम डोडहर तथा द्वितीय पक्ष के राधेश्याम (43), उनकी पत्नी सविता देवी (40)एवं सपना कुमारी(20)निवासी ग्राम जरहां,थाना बीजपुर को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय दुद्धी भेज दिया।पुलिस के अनुसार सभी आरोपितों को शुक्रवार को थाना गेट से कुछ दूरी पर दोपहर करीब 12:30 बजे गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीनानाथ,महिला कांस्टेबल हिना सरोज तथा महिला कांस्टेबल रागिनी श्रीवास्तव शामिल रहीं।

2.93 करोड़ की विकास सौगात रॉबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे ने 10 विकास कार्यों का किया शिलान्यास, बदलेगी शहर की तस्वीर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के नगरीय विकास को नई गति देते हुए विधायक भूपेश चौबे ने गुरुवार को डूडा विभाग की मुख्यमंत्री अल्पविकसित शहरी विकास योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से होने वाले 10 विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
शिलान्यास किए गए कार्यों में रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद में 5, चुर्क नगर पंचायत में 3 तथा डाला नगर पंचायत में 2 विकास कार्य शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं के तहत सीसी रोड, इंटरलॉकिंग मार्ग एवं नाली निर्माण कराया जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही जलनिकासी और खराब सड़कों की समस्या का समाधान होगा।
विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से होता है और उनकी पूरी कोशिश है कि विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नगर और वार्ड विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, कानून व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है। इसी विकास यात्रा में रॉबर्ट्सगंज भी लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में शहर को और अधिक आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए कई नई योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि बेहतर सड़कें, मजबूत नालियां और सुव्यवस्थित आधारभूत ढांचा किसी भी शहर के विकास की पहली आवश्यकता होती है। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, जलभराव की समस्या कम होगी और नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड नंबर-01 की महिलाओं एवं बच्चों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका अभिनंदन किया। स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए खुशी व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।
इस अवसर पर डूडा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, नगर निकाय के जनप्रतिनिधि, सभासद, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
स्थानीय लोगों का कहना था कि लंबे समय से जिन क्षेत्रों में सड़क और नाली की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वहां अब विकास कार्य शुरू होने से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और नगर क्षेत्र की तस्वीर बदलने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

सोनभद्र की अर्थव्यवस्था ने भरी रफ्तार: जीडीपी में 12.10% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी, विकास की नई इबारत लिख रहा जिला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। ऊर्जा नगरी के रूप में अपनी पहचान रखने वाला सोनभद्र अब आर्थिक विकास के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छूता नजर आ रहा है। जिले की अर्थव्यवस्था ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में उल्लेखनीय छलांग लगाते हुए 12.10 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है। यही नहीं, जिले का सकल जिला घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़कर 46,929 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5,084 करोड़ रुपये अधिक है। इन आंकड़ों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सोनभद्र तेजी से उत्तर प्रदेश की ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रहा है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला वन ट्रिलियन डॉलर (ओटीडी) सेल की समीक्षा बैठक में विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले के आर्थिक प्रदर्शन, उत्पादन क्षमता, निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024-25 में जिले का सकल घरेलू उत्पाद 46,929 करोड़ रुपये रहा, जबकि वर्ष 2023-24 में यह 41,845 करोड़ रुपये था। एक वर्ष में 5,084 करोड़ रुपये की वृद्धि यह दर्शाती है कि जिले में कृषि, उद्योग, ऊर्जा और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं।प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी बढ़ा सोनभद्र का योगदान
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में सोनभद्र की हिस्सेदारी 1.55 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं जिले की प्रति व्यक्ति आय 1,69,563 रुपये रही, जो उत्तर प्रदेश की औसत प्रति व्यक्ति आय से अधिक है। इसे जिले की आर्थिक मजबूती और बेहतर विकास का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
कृषि से उद्योग तक हर क्षेत्र की हुई समीक्षा
बैठक में प्राथमिक क्षेत्र के अंतर्गत कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा वन विभाग की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक खेती को बढ़ावा देने, बागवानी एवं पशुपालन गतिविधियों का विस्तार करने तथा प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
औद्योगिक विकास पर विशेष फोकस
द्वितीयक क्षेत्र की समीक्षा के दौरान औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण, विद्युत उपभोग, औद्योगिक निवेश और स्थानीय निकायों द्वारा भवन मानचित्र स्वीकृति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। पिछले दो वर्षों में भवन मानचित्र स्वीकृतियों में आई गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को प्रक्रिया में तेजी लाने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
व्यापार और सेवा क्षेत्र को मिलेगी नई गति
तृतीयक क्षेत्र के अंतर्गत जीएसटी संग्रह, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण, होटल उद्योग, वाहन पंजीकरण, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि निवेश, रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देने वाले सभी कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि जिले की आर्थिक विकास दर लगातार बनी रहे।
ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी में अहम भूमिका निभाएगा सोनभद्र
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में सोनभद्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऊर्जा उत्पादन, खनिज संपदा, औद्योगिक आधार और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध यह जिला प्रदेश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और तय समय सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने आर्थिक विकास से जुड़े सूचकांकों में और अधिक सुधार लाने तथा जिले को प्रदेश के अग्रणी विकासशील जिलों में शामिल करने के लिए समन्वित प्रयास करने का भरोसा दिलाया

सरकार दे रही मुफ्त कम्प्यूटर ट्रेनिंग, ओबीसी बेरोजगार युवा न चूकें यह मौका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। डिजिटल युग में रोजगार के बढ़ते अवसरों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए बड़ी सौगात दी है। वर्ष 2026-27 की निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के माध्यम से चयनित युवाओं को ओ-लेवल (O-Level) और सीसीसी (CCC) जैसे रोजगारपरक कम्प्यूटर पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क प्रदान किया जाएगा, जिससे वे निजी और सरकारी क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर ओबीसी वर्ग के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को विभिन्न सरकारी भर्तियों, निजी कंपनियों, कॉमन सर्विस सेंटर, बैंकिंग, डेटा एंट्री, ई-गवर्नेंस तथा अन्य डिजिटल सेवाओं में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
20 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
योजना का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 20 जुलाई 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी तथा सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ 25 जुलाई 2026 तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-37, विकास भवन लोढ़ी, सोनभद्र में जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा योजना का लाभ
योजना का लाभ केवल उन अभ्यर्थियों को मिलेगा जो इंटरमीडिएट या उससे अधिक शैक्षिक योग्यता रखते हों तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से संबंधित हों। साथ ही अभ्यर्थी के माता-पिता या अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों का चयन नियमानुसार किया जाएगा।
जिले के तीन संस्थानों में होगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के लिए जनपद में तीन संस्थानों का चयन किया गया है। इनमें कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर साइंस, सुकृत, कॉमन सर्विस सेंटर, नई बाजार (सोनभद्र) तथा अंसार इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, रामनगर उत्तरी, दुद्धी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को इन्हीं संस्थानों में आधुनिक कम्प्यूटर शिक्षा और डिजिटल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
रोजगार और स्वरोजगार दोनों में मिलेगा लाभ
विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान समय में कम्प्यूटर का ज्ञान लगभग हर नौकरी की बुनियादी आवश्यकता बन चुका है। ऐसे में यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोल सकती है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा सरकारी योजनाओं में डिजिटल सेवाएं देने के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे।
यहां मिलेगी पूरी जानकारी
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रक्रिया अथवा अन्य किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अभ्यर्थी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन लोढ़ी, सोनभद्र से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा जारी मोबाइल नंबर 9369963358 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

एनजीटी का आदेश का पालन कराने में विफल पुलिस और परिवहन* *पुलिस, परिवहन के उदासीनता से 60 से 70 किमी तेज़ गति से ट्रेलर चलने से हो रहे है दुर्घटनाएं

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन

ट्रेलर ट्रक, तीन युवकों की मौके पर ही गई जान, मचा कोहराम

सोनभद्र थाना पिपरी परिक्षेत्र के मड़ैया के पास तीव्रागति से ट्रेलर के चपेट में बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुप्रीम कोर्ट के द्वारा गठित गाइड लाइन के अनुसार शक्तिनगर वाराणसी मुख्य सड़क मार्ग पर गति सीमा 25 किमी होना चाहिए ऐसा कोयला परिवहन ट्रेलर के पीछे लिखा भी हुआ रहता हैं लेकिन चालक गाड़ी कि गति सीमा 65 से 80 किमी तेज़ रफ्तार से परिवहन होने के कारण आएं दिन शक्तिनगर से पिपरी तक सड़क दुर्घटनाएं घटित हो रही है जबकि स्थानीय पुलिस और परिवहन को चाहिए कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित गाइड लाइन गति सीमा 25 किमी रफ्तार से चले लेकिन 60 से 70 किमी तेज़ रफ्तार से चलती हैं ऐसे गाड़ियों पर कड़ी कार्यवाही करें लेकिन कार्यवाही न करने और शिथिलता बरतने से अक्सर सड़क दुर्घटनाओं में राहगीरों को मौत का सामना करना पड़ता हैं। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शिनाख्त कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। बृहस्पतिवार को भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। मड़ैया कुरलीहवा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई l
आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है, ताकि परिजनों को सूचना दी जा सके।दुर्घटना की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रेलर और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरु कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगीl

संदिग्ध परिस्थितियो मे युवती ने लगाई फांसी जांच मे जुटी पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – संजय चेतन

चोपन – जुगैल थाना क्षेत्र के नेवारी गांव मे गुरूवार की सुबह घर मे ही पंखे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियो मे एक युवती ने फासी लगाकर अपनी इहलिला समाप्त कर ली सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर अग्रीम कार्यवाही मे जुट गई | प्राप्त जानकारी के मुताबिक ज्योति पत्नी नितेश पाठक उम्र लगभग 35 वर्ष गुरुवार की सुबह घर मे ही पंखे के सहारे फांसी लगाकर अपनी ईहलिला समाप्त कर ली जैसे ही इस बात की जानकारी परिजनों को हुई तो अफरा तफरी मच गई परिजनों ने घटना की सुचना पुलिस को दी जिसके बाद जुगैल प्रभारी निरिक्षक सी पी वर्मा अपने मातहतो के साथ मौके पर पहुंच गये और शव को कब्जे मे लेकर अग्रीम कार्यवाही मे जुट गये |

डुमरडीहा में नशे में धूत युवक की बाइक पत्थर से टकराई,सीएचसी दुद्धी से जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में आज गुरुवार शाम करीब 4 बजे बाइक दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसे सीएचसी दुद्धी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यनारायण (25) पुत्र जंगी पासी निवासी डुमरडीहा ,बाइक लेकर घर से दुद्धी बाजार जा रहा था कि नहर के पास सरोजा देवी के घर के समीप उसकी बाइक एक पत्थर से टकरा गई ,जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया ।
ग्रामीणों ने 112 पर सूचना दी। 102 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज और चालक विजय राजभर उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में उसके सिर में गंभीर चोट और दायें पैर में फ्रैक्चर पाया और बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल के इलाज में गांव के प्रधान प्रतिनिधि सुभाष प्रसाद भी अस्पताल पहुंचे और मदद की। ग्रामीणों के मुताबिक युवक शराब के नशे में था तथा वह सड़क के दायें साइड से आ रहा था कि उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बाईं ओर जाकर पत्थर से टकरा गई।
पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है।

किरबिल से नई 33 केवी लाइन बिछने से दुद्धी व आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति सुधरेगी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । दुद्धी तहसील व आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति में जल्द ही सुधार होने की उम्मीद है। लंबे समय से बरसात के दिनों में पिपरी पावर हाउस से आने वाली 33000 वोल्ट लाइनें जंगली रास्तों से गुजरने के कारण टूट-फूट और पेड़ों की टूटने से बाधित हो जाती थीं, जिसके कारण कस्बा व आसपास के इलाके बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से जूझते रहे हैं।
समस्या का समाधान करने के लिए शासन व विद्युत विभाग ने किरबिल में स्थापित 132 केवी विद्युत परियोजना से नई 33 केवी लाइनें बिछाने का निर्णय लिया है। परियोजना के तहत किरबिल से दुद्धी, अमवार और डुमरडीहा सब-स्टेशनों तक नई 33 केवी आपूर्ति लाइनें डाली जा रही हैं। काम पहले चरण में शुरू हो चुका है और विभागीय स्रोतों के अनुसार यदि काम में तेजी बरती गई तो पूरा कार्य लगभग दो महीने में पूरा होने की संभावना है।
वर्तमान में इन क्षेत्रों को रिहंद बाँध स्थित पिपरी पावर हाउस से बिजली आपूर्ति मिलती रही है। नई लाइनें लगने के बाद न केवल पेड़ों के गिरने से होने वाले नुकसान और इंसुलेटर खराब होने जैसी समस्याओं में कमी आएगी, बल्कि लो-वोल्टेज की समस्या एवं बार-बार होने वाली कटौती में भी महत्वपूर्ण सुधार होगा। इससे आंचलिक व्यापार, स्कूल कॉलेजों तथा घरेलू उपयोग में स्थिर व भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
सूत्रों ने बताया कि लाइन ट्रेसिंग और खंभे लगाने का कार्य क्रमवार तरीके से किया जा रहा है। जहां आवश्यक होगा, वहां कृषि मार्गों व झाड़ियों से बचाव के लिए कटाई व मरम्मत का भी कार्य होगा।
क्षेत्रीय लोगों व दुकानदारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि बरसात के दिनों में बार-बार आने वाली बिजली कटौती से परेशान थीं; नई लाइनें लगने के बाद रोजमर्रा की जिंदगी व कारोबार पर इसका सकारात्मक असर पड़ेगा।

दुद्धी के गुलालझरिया में जमीनी विवाद में चार घायल,एक रेफर ,पुलिस जांच में जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलालझरिया में आज सुबह लगभग 9 बजे जमीनी विवाद के कारण दो पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार लाठी-डंडों से हुई इस मारपीट में पहले पक्ष की ललिता देवी (30) पत्नी शिवप्रसाद, शांति देवी (45) पत्नी रामप्रसाद और फुलवा देवी (85) पत्नी स्व. बिन्देश्वरी तथा दूसरे पक्ष के अजय यादव 28 पुत्र रामबरन घायल हुए हैं।
मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर 112 पुलिस ने 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी भेजा जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बताया कि अजय यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है और अन्य तीन मामलों में भी चोटें आई हैं।चिकित्सकों ने अजय यादव को बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर किया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार विवाद भूमि के इस्तेमाल और जोत कोड को लेकर लगभग 4–5 साल से चला आ रहा है। एक साल पहले मानसून के दौरान भी इसी विषय पर दोनों पक्ष आमने-सामने आए और मारपीट की घटना हुई थी, जिस पर थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। पिछले बुधवार को लेखपाल भी विवाद स्थल पर पहुंचे थे और दोनों पक्षों को जमीन का उपयोग न करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन आज की झड़प के बाद स्थिति बिगड़ गई।
पहले पक्ष के उमेश कुमार ने बताया कि मामला लंबे समय से चला आ रहा है और कई बार समाधान की कोशिशें असफल रही हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और मामले की जांच जारी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई और घायल से संबंधित रिपोर्टिंग के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

अधिवक्ताओं और वादकारियों को 10 जुलाई से निर्धारित पार्किंग स्थान पर ही वाहन खड़ा करने का निर्देश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी बार एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं व वादकारियों से अनुरोध किया है कि वे कचहरी परिसर में अपने वाहन अब से आर.ओ. प्लांट के पास स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। बार ने बताया कि पिछले माह आर.ओ. प्लांट के पास विशाल पीपल के वृक्ष व कुएं के पास सफाई कराकर पार्किंग हेतु पर्याप्त स्थान तैयार किया गया है।
अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने कहा कि पहले भी बार द्वारा अनुशंसा की जा चुकी थी कि सभी वाहन क्रम से पार्किंग स्थल पर ही लगाए जाएं, लेकिन कई बार निर्देशों की अवहेलना कर वाहनों को मनमानी जगहों पर खड़ा करने की शिकायतें मिल रही हैं। एसोसिएशन ने बताया कि न्यायाधीशों ने इस संबंध में बार से शिकायत भी दर्ज कराई गई है, जो खेदजनक है।
इसलिए दुद्धी बार ने सभी अधिवक्ताओं से विशेष अनुरोध किया है कि वे 10 जुलाई 2026 से आर.ओ. प्लांट के पास तैयार पार्किंग स्थल पर ही अपने-अपने वाहन हर हाल में खड़े करें और बार के निर्णय का पालन करें।
आदेश बार के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने जारी किया है।

दुद्धी में एबीवीपी की भव्य शोभा यात्रा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) दुद्धी जिला इकाई के नेतृत्व में गुरुवार को नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। टाउन क्लब दुद्धी मैदान से प्रारंभ हुई यात्रा का शुभारंभ दुद्धी कोतवाल धर्मेंद्र सिंह, मनीष गहलोत, अमन जायसवाल और राजेश्वर श्रीवास्तव ने हरि झंडी दिखाकर किया।
छात्रों ने “वन्दे मातरम” और “छात्र शक्ति ,राष्ट्र शक्ति” के नारे लगाते हुए मुख्य मार्गों से यात्रा निकाली। भगवा ध्वजों और देशभक्ति गीतों से सजी शोभा यात्रा के दौरान नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम में राधाकृष्ण सिंह, आयुष केशरी, दिलीप मौर्य व दुद्धी मंडल अध्यक्ष दीपक शाह सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अपराधियों पर करमा पुलिस का शिकंजा, गुण्डा एक्ट का अभियुक्त जनपद से बाहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।
जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में थाना करमा पुलिस ने एक ऐसे आरोपी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाबदर करा दिया है, जिसकी गतिविधियों को कानून-व्यवस्था के लिए लगातार चुनौती माना जा रहा था। न्यायालय से आदेश जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत नोटिस तामील कराते हुए निर्धारित अवधि तक जनपद की सीमा छोड़ने का निर्देश दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित आरोपी के विरुद्ध पूर्व में कई आपराधिक गतिविधियों के मामले दर्ज रहे हैं। उसके खिलाफ प्राप्त रिपोर्टों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने गुण्डा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिलाबदर का आदेश पारित किया। आदेश मिलते ही थाना करमा पुलिस ने बिना किसी देरी के आरोपी के घर पहुंचकर नोटिस तामील कराया और आदेश का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी भी दी।
पुलिस का कहना है कि जिलाबदर का उद्देश्य केवल एक व्यक्ति पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण स्थापित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। ऐसे तत्व जो लगातार अपराध कर शांति व्यवस्था प्रभावित करते हैं, उनके खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाबदर अवधि के दौरान यदि आरोपी जनपद की सीमा में पाया गया या आदेश का उल्लंघन करते हुए किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल मिला, तो उसके विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जनपद में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों, वांछित अभियुक्तों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। अपराधियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा लगातार कसता रहेगा और जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
थाना करमा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की ऐसी सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और कानून का भय कायम होगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रफ्तार का कहर: घर पहुंचने से पहले ट्रेलर ने छीनी 27 वर्षीय युवक की सांसें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रोज की तरह रेणुकूट से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे एक 27 वर्षीय युवक की जिंदगी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने पलभर में छीन ली। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कमलदेव यादव (27) पुत्र गोरख यादव, निवासी ग्राम सरडीहा महुअरिया, थाना दुद्धी के रूप में हुई है। वह रेणुकूट स्थित अपने कार्यस्थल से ड्यूटी पूरी कर अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक (UP 64 AP 4972) से घर लौट रहे थे। शाम लगभग चार बजे जब वह आश्रम मोड़ और रनटोला के बीच जंगल के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलदेव यादव कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही म्योरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। साथ ही दुर्घटना में शामिल फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संभावित मार्गों पर जांच-पड़ताल कर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे की खबर जैसे ही मृतक के गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संवेदना व्यक्त करने मृतक के घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने अज्ञात ट्रेलर चालक की जल्द गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात ट्रेलर की तलाश की जा रही है और मामले में सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बड़े इलाज में आर्थिक राहत: दुद्धी तहसील में 30 अध्यापकों को कैशलेस कार्ड,अधिकारियों ने किया शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी तहसील सभागार में बुधवार को दुद्धी, बभनी और म्योरपुर ब्लॉकों के 30 अध्यापकों को कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी और विशिष्ट अतिथि एसडीएम निखिल यादव ने संयुक्त रूप से किया।
ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने कहा कि यह योजना प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों तक भी पहुंचाया जाएगा। चौधरी ने कहा कि कैशलेस कार्ड से बड़े रोगों के इलाज में आए आर्थिक बोझ से परिवारों को राहत मिलेगी और कहीं भी इलाज कर करके बीमारी से राहत पा सकते हैं। शासन की योजना शिक्षा विभाग के परिवारों के लिए बहुत बड़ी राहत की सौगात लेकर आई है इससे उनके पूरे परिवार का इलाज हो सकेगा।
कार्यक्रम में दुद्धी, म्योरपुर और बभनी ब्लॉकों के प्रत्येक 10-10 अध्यापकों को कार्ड वितरित किए गए। इस मौके पर विवेक पांडेय, श्यामबिहारी, अवधेश कनौजिया, नीरज कनौजिया, आजम खान और मनोज जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अविनाश गुप्ता ने किया।

गोबर-गौमूत्र से जैविक खाद के लिए रजखड़ में नई गौशाला का उद्घाटन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। काफी लंबे समय से बनकर तैयार गौशाला का उद्घाटन का प्रतीक्षा था जो आखिरकार पूरा हुआ। आज विकास खंड अंतर्गत स्थित रजखड़ गांव में बुधवार को “गावो विश्वस्य मातरः” के तहत नवनिर्मित गौशाला का उदघाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्र रहे, जिन्होंने गौशाला का विधिवत उद्घाटन किया और उपस्थित लोगों को परियोजना के उद्देश्य से अवगत कराया।
डॉ. मिश्र ने कहा कि सरकार पशु कल्याण और गौशालाओं के विकास के लिए विशेष योजनाएँ चला रही है। उन्होंने बताया कि गौशाला से मिलने वाला गोबर और गौमूत्र से निर्मित जैविक खाद स्थानीय किसानों को लाभ पहुंचाएगा और जैविक खेती को बढ़ावा देगा। गौशाला में पशुओं को रखने के लिए पर्याप्त संख्या में शासन के द्वारा व्यवस्था की गई है।
गौशाला का संचालन प्रकृति संस्कृति संस्था को सौंपा गया है। उद्घाटन समारोह में संजय चंद्रवंशी, गणेश मिश्रा, सदानंद सोनी, ब्रजेश कुशवाहा, विंध्याचल कुशवाहा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मक्का के फसल बोआई के दौरान युवक को बिच्छू ने मारा डंक ,गंभीर हालत में सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।सोनभद्र जिले से लगे झारखंड राज्य के गढ़वा जिले के धुरकी थाना अंतर्गत के झुमका गांव निवासी राकेश 19 पुत्र अजय बैठा को मक्का फसल की बोआई के दौरान एक जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया ।जिसे इलाज हेतु दुद्धी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के मुताबिक युवक आज मंगलवार शाम करीब चार बजे अपने खेत में मक्का के फसल के बोआई के दौरान बीच को डाल रहा था इसी बीच मिट्टी में छिपे विषैले बिच्छू ने उसे डंक मार दिया ।डंक मारते ही युवक छटपटाने लगा और कुछ देर बाद बेहोश होकर गिरी गया।
परिजनों ने बिना समय गंवाए निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज चल रहा है ।
परिजनों के मुताबिक युवक को बोरी बिच्छू ने डंक मारा है जिसे उन्होंने मार दिया है।युवक की हालत पहले से बेहतर बताई गई है।

दुद्धी में नीम का विशाल पेड़ गिरा, एनएच-39 बाधित, यातायात एक घंटे बाद बहाल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।बीते सोमवार रात लगभग 10:30 बजे अमवार मोड़ स्थित मां काली मंदिर के समीप, डॉ राजकिशोर के मकान के सामने एनएच-39 विंढमगंज मार्ग पर एक विशाल नीम का पेड़ जड़ से उखड़ कर गिर गया। पेड़ गिरने से रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचित कर विद्युत आपूर्ति कटवायी और नगरपंचायत प्रशासन को घटना की जानकारी दी।स्थानीय लोगों ने बताया कि जब पेड़ गिरा उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था और कोई वाहन भी नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि बारिश के कारण यह पुराना नीम का पेड़ जर्जर होकर जड़ से कमजोर हो गया था और बारिश के कारण अचानक गिर पड़ा।
घटना की सूचना पर वार्ड सभासद निरंजन गुप्ता, धीरज जायसवाल, आमेश अग्रहरि व नगरपंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से कटर मशीन से पेड़ की टहनियों और लकड़ियों को काटकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजकीय मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति भी बहाल कर दी गयी।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने संबंधित प्रशासन से जर्जर पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

अज्ञात विषैले सांप ने युवक को काटा,सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।क्षेत्र में इन दिनों बरसात शुरू होते ही विषैले जंतुओं के हमले की घटनाएं बढ़ गई है हर दिन सीएचसी में कभी एक तो कभी दो तीन मामले आ रहे है ।आज मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे क्षेत्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के बैरखड़ गांव में सुरज (20) पुत्र रामकुमार, लकड़ी के ढेर के पास खड़े होकर कुछ लड़कियों को समेट रहा था। इसी दौरान लकड़ी में छिपे अज्ञात विषैले सांप ने अचानक उसके दाहिने पैर में काट लिया।
परिजनों ने तुरंत सुरज को निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उसका प्राथमिक इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि युवक की हालत पहले से बेहतर है और निगरानी जारी है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि इस साल बरसात शुरू होते ही क्षेत्र में विषैले जंतुओं का आतंक बढ़ गया है।सीएचसी दुद्धी में रोज़ाना एक-दो ऐसे सर्प काटने के मामले आने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में चिंताजनक माहौल है।

एन एच-39 पर बाइक व डिजायर कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर, छह घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र के पोलवा गांव के पास आज अपराह्न करीब 3 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-39 दुद्धी–विंढमगंज मार्ग पर एक बाइक और मारुति सुजुकी डिजायर सेडान कार में आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार कुल छह लोग घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार बाइक पर सवार दोनों लोग विंढमगंज के हरनाकछार गांव के निवासी हैं जबकि कार में सवार बताए गए लोग झारखंड के गढ़वा के रहनेवाले हैं। कार में सवारों की पहचान शिवराज (30) पुत्र रामकुमार, जीर्व (3)पुत्र प्रीतम, प्रीतम (32) व उनकी अनिमा (28) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायलों को घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया।
जहां सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया और उनकी हालत स्थिर बताई। बताया गया कि बाइक दुद्धी की ओर आ रहा था जबकि कार झारखंड की ओर जा रही थी।

जाबर में सड़क पार कर रही महिला को बाइक ने मारी जोरदार टक्टर,जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के जाबर एनएच-39 स्थित पुराने बैरियर के पास मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।परिजनों के अनुसार ,जाबर निवासी फूलपति पत्नी द्वारिका प्रसाद सड़क पार कर रही थीं, तभी महुली की ओर जा रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने आरोपी बाइक सवार को पकड़ लिया। घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने जांच में बताया कि महिला के बाएं पैर में फ्रैक्चर है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घर के बाहर खेलने निकले 6 वर्षीय बालक को सर्प ने काटा,सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में घर के बाहर खेलने निकले 6 वर्षीय बालक को अज्ञात सर्प ने काट लिया ।बालक को इलाज हेतु सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मो.जमील अहमद (6) पुत्र नसरुद्दीन अंसारी निवासी दीघुल ,शाम करीब 7 बजे दोस्तो संघ खेलने के लिए घर निकल रहा था कि घर के आंगन में ही अज्ञात सर्प ने काट लिया ।बताया गया कि बालक सांप पर चढ़ गया था जिसके बाद सांप ने उसे लपेट लिया और बाया पैर में दो स्थानों पर काट लिया ।बच्चे के चीखने पर दौड़ो परिजनों ने जब पहुंचा तो सांप बगल के ईट में जा घुसा ।
परिजन बिना समय गंवाए बालक को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ वरुणा निधि के देख रेख में इलाज जारी है।
फिलहाल परिजनों द्वारा बच्चे की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है ।

हरदोई निवासी कृष्ण मोहन बने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता
-चंपत राय व अनिल मिश्र के इस्तीफे मंजूर होने के बाद पूर्व आईएफएस अधिकारी कृष्ण मोहन को कमान
-वैज्ञानिक और कुशल प्रशासक रहे कृष्ण मोहन मूल रूप से हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र ग्राम सिकंदरपुर के निवासी
-उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से भूविज्ञान में एमएससी की डिग्री हासिल की है
-उन्होंने परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक के रूप में भी देश को अपनी सेवाएं दीं
-वे 1978 बैच के महाराष्ट्र कैडर के प्रतिष्ठित आईएफएस अधिकारी रहे हैं
-सेवानिवृत्ति के बाद से ही कृष्ण मोहन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग दे रहे हैं
-वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और अवध प्रांत में कई प्रमुख संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके
-जनवरी 2024 में आयोजित हुए भव्य श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान वे अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य यजमानों की सूची में भी शामिल थे
-कृष्ण मोहन को इस अत्यंत महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके गृह जनपद हरदोई में खुशी का माहौल है ।

रिहंद डैम में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत दलदल में फंसे शव को गोताखोरों ने निकाला बाहर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव स्थित रिहंद डैम में मछली पकड़ने गए एक 27 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार की देर शाम गोताखोरों ने शव को पानी के भीतर दलदल से बाहर निकाला। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरसोती गांव का निवासी कामेश्वर (27 वर्ष) पुत्र रामलछन रविवार की शाम को रिहंद डैम में मछली पकड़ने के लिए निकला था। जब वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसे ढूंढते हुए डैम के किनारे पहुंचे लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।परिजन रात भर डैम के आसपास उसकी तलाश करते रहे।
सोमवार सुबह ग्राम प्रधान के माध्यम से घटना की सूचना बीजपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को दी गई। मामला संज्ञान में आते ही थानाध्यक्ष बिना किसी देरी के पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए।शुरुआत में गांव के ही कुछ कुशल तैराकों को पानी में उतारा गया लेकिन सफलता नहीं मिली।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तुरंत मिर्जापुर से एनडीआरएफ की टीम को सूचित किया जो तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई।इस बीच पुलिस द्वारा मध्य प्रदेश के बैढ़न से विशेष गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया।बैढ़न से आए गोताखोरों ने पानी में उतरकर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार की देर शाम गोताखोरों ने पानी के अंदर करीब 10 फीट नीचे दलदल में फंसे हुए कामेश्वर के शव को ढूंढ निकाला और उसे बाहर लेकर आए।गोताखोरों ने बताया कि युवक का शव पानी के भीतर गहराई में दलदल में फंस गया था। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव मिलने के बाद रेणुकूट पहुंची एनडीआरएफ की टीम को रास्ते से ही वापस कर दिया गया है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दुखद घटना से पूरे सिरसोती गांव में शोक की लहर है। और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आकाशीय बिजली गिरने से 7 मवेशी ढेर, आठ माह गर्भवती भैंस भी मरी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के फूलवार और जोरूखाड़ गांवों में सोमवार दोपहर अचानक बदले मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ । अलग‑अलग घटनाओं में कुल छह गायों और एक आठ माह गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलवार निवासी पशुपालक रूपन यादव और जोरूखाड़ निवासी सुखाई गोंड अपने मवेशियों को चरा रहे थे। दोनों सुबह की तरह करीब पांच किलोमीटर दूर जंगल में चराने गए थे। दोपहर लगभग 2 बजे अचानक तेज हवा, बारिश और गरज‑चमक के साथ मौसम खराब हुआ। इसी दौरान जंगल में पेड़ के नीचे खड़े मवेशियों पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में रूपन यादव की चार तथा सुखाई गोंड की दो गायें वहीं दम तोड़ गईं।
वहीं जोरूखाड़ निवासी इंद्रजीत यादव के आँगन में बंधी भैंस भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इंद्रजीत ने बताया कि भैंस आठ माह की गर्भवती थी और लगभग दो माह में बच्चा देने वाली थी, जिससे उन्हें भारी मानवीय और आर्थिक क्षति हुई है।
घटनास्थल पर राजस्व और पुलिस विभाग की टीम पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। स्थानीय लोगों ने पशुओं के मुआवजे की मांग उठाई है।

दुद्धी की प्रगति फाउंडेशन व ब्लड डोनेट एक्सप्रेस को सासाराम में सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। पथ प्रदर्शक के संयुक्त तत्वावधान में सासाराम (बिहार )में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ-2 के समापन समारोह में दुद्धी की प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट और दुद्धी ब्लड डोनेट एक्सप्रेस ग्रुप को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन संस्थापक बामेन्द्र कुमार के पिता की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था और इसमें रक्तदान के फायदों तथा रक्तदान से जुड़ी मिथकों और भ्रांतियों पर व्यापक चर्चा हुई।
सम्मेलन में नेपाल और भूटान सहित देश के 23 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सीआईडी के निदेशक विपिन कुमार चौधरी उपस्थित रहे, जिन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक 53 बार रक्तदान किया है। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचयू हॉस्पिटल, वाराणसी के इंचार्ज डॉ. आशुतोष कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
समापन समारोह 5 जुलाई को हुआ, जिसमें आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट तथा दुद्धी ब्लड डोनेट एक्सप्रेस ग्रुप (सोनभद्र) को रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर सेवा और सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी के लिए विशेष मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र दिए गए।
प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक विकास अग्रहरि ने कहा कि यह सम्मान दुद्धी में रक्तदान जागरूकता और सेवा के प्रति उनकी टीम की नियमित मेहनत का प्रमाण है।

रजखड़ गांव में सोते समय करैत ने महिला को डसा, सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव की गौड़ बस्ती में सोमवार सुबह 45 वर्षीय चानो देवी को करैत (सांप) ने काट लिया। परिजन तुरन्त उन्हें दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ चिकित्सकीय देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, चानो देवी पत्नी बिंद कुमार, रविवार रात भोजन के बाद जमीन पर सो गई थीं। सोमवार तड़के सुबह लगभग 3:30 बजे उन्हें शरीर पर ठंडक का अहसास हुआ। उठकर देखने पर करैत उनके ऊपर था और झटका देने पर सांप ने उनके बाएं पैर को काट लिया।
घटना के बाद परिजन बिना विलंब किए उन्हें सीएचसी दुद्धी लाए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है और परिजन बता रहे हैं कि महिला की हालत अब पहले की तुलना में बेहतर है।
सीएचसी दुद्धी में मौजूद अन्य परिजनों ने कहा कि यदि रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल किया गया होता तो संभवतः यह घटना टली होती। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और रात में सोते समय सुरक्षित उपाय अपनाने की अपील की है।

ग्राम धूमा में लखनऊ के वरिष्ठ चिकित्सकों ने बृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्वास्थ्य विभाग सोनभद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी और धन्वंतरि सेवा न्यास लखनऊ के संयुक्त प्रयास से आज ग्राम सभा धूमा के पंचायत भवन पर बड़े पैमाने पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रतिष्ठित चेस्ट स्पेशलिस्ट व रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत तथा एसोसिएट प्रो. डॉ. अंकित कुमार ने विशेष सहभागिता की और निशुल्क परामर्श प्रदान किया।
शिविर में स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय सोनभद्र के चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर ऑफ्थामोलॉजी डॉ. राम चंद्र, जिला क्षय रोग केंद्र के चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. जगदीश पटेल, जिला पीपीएम के सतीश सोनकर व सीएचसी दुद्धी के अधीक्षक डॉ. शाह आलम, डॉ. गौरव सिंह व डॉ. दिलीप कुमार सहित कई अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। सभी डॉक्टरों ने मिलकर मरीजों की जांच की और आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क वितरित कीं।
कार्यक्रम आयोजकों के अनुसार लगभग 400 मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। 40 मरीजों से बलगम के नमूने लिए गए और 75 मरीजों के एक्स-रे किए गए। प्रो. सूर्यकांत ने टीबी से बचाव व टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनजागरूकता फैलाने, सही सलाह व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
शिविर के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता श्रवण गौड़ ने कहा कि लोगों की सेवा के लिए इस तरह के स्वास्थ्य कैंप भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामप्रसाद यादव, हरिहर यादव, प्रधान दिनेश यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन के सफल समापन पर आयोजक संस्थाओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभता बढ़ाने का संकल्प लिया।

दुद्धी तहसील दिवस में 85 शिकायतें आईं, 7 का निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्रा)। दुद्धी तहसील दिवस का आयोजन सोमवार को उप जिलाधिकारी निखिल यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस कार्यक्रम में कुल 85 मामलों की सुनवाई के लिए शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से केवल सात मामलों का निस्तारण किया गया।
तहसील दिवस में सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी, विकास खण्ड अधिकारी राम विशाल चौरसिया, खंड विकास अधिकारी पिपरी सहित तहसील के क्षेत्रीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आने वाले व्यक्तियों की समस्याओं को नोट किया और उन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि कुछ मामलों में तुरंत समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में विस्तृत जांच या संबंधित विभागों से समन्वय आवश्यक होने के कारण निस्तारण बाद में किया जाएगा। आयोजन में उपस्थित अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याएं तहसील दिवस पर समय पर रखें ताकि उन्हें शीघ्र राहत मिल सके।

फर्जी लिंक से उड़े थे ₹60 हजार, साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से होल्ड हुई रकम, न्यायालय के आदेश पर पहली किस्त वापस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच दुद्धी पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी का परिचय देते हुए साइबर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। फर्जी लिंक के जरिए ठगी का शिकार हुई महिला के बैंक खाते में ₹11,630 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता के चेहरे पर खुशी लौट आई।मझौली गांव निवासी मीना देवी के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी लिंक भेजकर ₹60 हजार की ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना दुद्धी की साइबर हेल्प डेस्क हरकत में आई और तकनीकी जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹46,902.23 की धनराशि होल्ड करा दी। इसके बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर होल्ड की गई राशि में से ₹11,630 पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक और साइबर हेल्प डेस्क की टीम का आभार जताते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मन्तोष तथा महिला कांस्टेबल साक्षी सिंह की अहम भूमिका रही।पुलिस की अपील: यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in⁠� पर शिकायत दर्ज करें। समय रहते शिकायत करने पर ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

21 साल से पुलिस को चकमा दे रहा वारंटी आखिरकार दबोचा, पिपरी पुलिस की बड़ी कामयाबी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। पिपरी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 21 साल पुराने चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त लगातार कानून की गिरफ्त से बचता रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना के चलते आखिरकार वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2005 में दर्ज चोरी और चोरी का सामान रखने के मामले में फरार चल रहा अलख सोनी (61 वर्ष), मूल निवासी चित विश्राम, थाना नगर उटारी (गढ़वा, झारखंड) तथा वर्तमान में रेनुकूट के शिवा पार्क क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस टीम ने उसे चितविश्राम, नगर उटारी से देर रात दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष पिपरी, चौकी प्रभारी रेनुकूट सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सोनभद्र में नकली शराब का सबसे बड़ा खेल बेनकाब 25 लाख का जखीरा जब्त, बिहार में ‘ब्रांडेड’ बनकर बिकनी थी फर्जी शराब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक ट्रेलर से करीब 25 लाख रुपये कीमत की नकली शराब बनाने की सामग्री बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रेलर में इतनी सामग्री थी कि उससे बड़ी मात्रा में नकली शराब तैयार कर उसे नामी-गिरामी कंपनियों के नाम से बाजार में उतारा जा सकता था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बट्ट गांव स्थित मामा ढाबा परिसर में खड़ा एक ट्रेलर संदिग्ध है और उसमें अवैध शराब बनाने का सामान लदा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए ट्रेलर की विधिक तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रेलर से 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, 46 किलोग्राम कैरेमल, फ्लेवरिंग एसेंस, यूनाइटेड स्पिरिट ब्रांड के 160 पैकिंग टेप तथा करीब 36 हजार विभिन्न आकार की खाली कांच की शराब की शीशियां बरामद हुईं। इसके अलावा पूरा ट्रेलर भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है।
मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान हरिओम पंवार और दिनेश पंवार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के झज्जर जिले के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि शराब बनाने की सामग्री पंजाब के खन्ना (लुधियाना) से लोड की गई थी और इसे बिहार-झारखंड सीमा के हरिहरगंज क्षेत्र पहुंचाया जाना था। वहां इस स्पिरिट, कैरेमल और एसेंस को मिलाकर नकली शराब तैयार की जाती थी। इसके बाद प्रसिद्ध शराब कंपनियों जैसी पैकिंग और बोतलों में भरकर उसे असली शराब बताकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। ट्रांसपोर्ट के लिए फर्जी बिल्टी और नकली दस्तावेज तैयार किए जाते थे ताकि जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके। गिरोह के सरगना अलग-अलग वाहनों में एक ही पंजीकरण संख्या का इस्तेमाल कर तस्करी करवाते थे। पूरे नेटवर्क का संचालन मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल के जरिए होता था, जबकि रास्ते के खर्च और टोल टैक्स के लिए ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर नकली शराब के इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। समय रहते खेप पकड़े जाने से बड़ी मात्रा में नकली शराब बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई, जिससे लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले गिरोह की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

गीत शंखनाद और कठिन योगासन से गूंजा मारवाड़ी धर्मशाला योग गुरुओं के सम्मान से बढ़ा सोनभद्र का मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। रविवार की सुबह सोनभद्र नगर स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जहां शंखनाद की गूंज, मधुर भजनों की स्वर लहरियां और कठिन से कठिन योगासनों का अद्भुत प्रदर्शन लोगों को मंत्रमुग्ध कर गया। पतंजलि योग परिवार सोनभद्र द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में योग के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए “करें योग, रहें निरोग” का संदेश पूरे उत्साह के साथ दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी भगवान सिंह तथा पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश (पूर्व) के राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं शंखनाद के साथ किया गया। इसके बाद सैकड़ों योग साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।समारोह का सबसे आकर्षक पल तब आया, जब लखनऊ में “योग गौरव सम्मान” प्राप्त कर लौटे राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी का अंगवस्त्र, पारंपरिक पगड़ी और स्मृति-चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन कर पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में दयानंद मौर्य एवं बहन पूनम ने भक्ति और योग से जुड़े प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए, जिन पर पूरा सभागार झूम उठा। वहीं योगी सूरज चौबे, राकेश साहनी और नन्हे योगी अमृत राज ने कठिन योगासन कर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके संतुलन और लचीलेपन को देखकर लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।
इसी दौरान योग के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाठक को भी राज्य प्रभारी भगवान सिंह और दुर्गेश योगी द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही उपस्थित योग साधकों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और योग साधकों को भी अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला एवं सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी आधार है।
जिला प्रभारी रबि प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि जनपद की सभी तहसीलों में इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें और संगठन मजबूत हो। भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी भगवान सिंह ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
समारोह में जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी, अरुण कुमार यादव, मयंक दुबे, पल्लवी, दिनेश लाल श्रीवास्तव, सुनील कुमार श्रीवास्तव, विमल कुमार सिंह, गोपाल दास केसरी, मोहर देव पांडेय, दिनेश कुमार पाठक, रामकुमार त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं योग साधक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक रबि प्रकाश त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और दूर-दराज से आए योग साधकों का आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ, लेकिन योग, सम्मान और सेवा का संदेश उपस्थित लोगों के दिलों में देर तक गूंजता रहा।

सोनभद्र में औद्योगिक क्रांति की दस्तक, 50 एकड़ में बनेगा रोजगार का मेगा हब

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। ऊर्जा नगरी के नाम से प्रसिद्ध सोनभद्र अब औद्योगिक क्रांति की नई इबारत लिखने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मारकुंडी में 50 एकड़ क्षेत्रफल में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र’ विकसित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए भूमि का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।
यह औद्योगिक क्षेत्र जिले के युवाओं के लिए रोजगार का नया केंद्र बनेगा। यहां आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। खास बात यह होगी कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को यहीं रोजगार उपलब्ध कराने की योजना भी तैयार की गई है।
परियोजना को प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिससे निवेशकों को तैयार बुनियादी ढांचा मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र में बिजली, पानी, चौड़ी सड़कें, हाई-स्पीड इंटरनेट, सीवरेज सिस्टम और तैयार फैक्ट्री शेड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे एमएसएमई, स्टार्टअप और बड़े उद्योगों को जिले में निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए गुरमा मोड़ से मारकुंडी तक 15.99 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे उद्योगों के लिए परिवहन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साकार होने के बाद सोनभद्र की पहचान केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह जिला पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक और रोजगार केंद्र के रूप में भी उभरकर सामने आएगा। हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा बल मिलेगा।

जमीन विवाद में खूनी संग्राम दंपती पर बरसे लाठी-डंडे महिला का सिर फूटा दो आरोपी गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी कला गांव में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जब दबंगों ने एक दंपती पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
पीड़ित चतुरगुन प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि जमीन के पुराने विवाद को लेकर गांव के चार लोगों ने उनके और उनकी पत्नी सुनैना देवी पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की, जिससे सुनैना देवी के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला का उपचार कराया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उनका चालान कर दिया गया। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में मतदान जागरूकता, वृक्षारोपण और सदस्यता अभियान का निर्णय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। समाजवादी पार्टी विधानसभा दुद्धी की मासिक बैठक आज रविवार डीसीएफ कॉलोनी स्थित सपा कार्यालय गोंडवाना भवन दुद्धी में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विधान सभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और पार्टी संचालन को लेकर रणनीति तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जाएगा तथा 1 जुलाई से 7 जुलाई तक व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही गांव-गांव में जन चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और उन्हें सपा से जोड़ने का काम तेज किया जाएगा, ताकि 2027 में सपा की सरकार बन सके।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता नरेंद्र प्रताप सिंह गौड़ ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार केवल वादे करके जनता को निराश कर रही है और प्रदेश के विकास के लिए सपा ही बेहतर विकल्प है।
बैठक में स्थानीय और क्षेत्रीय नेता भी उपस्थित रहे। इस मौके पर जगदीश यादव, अनवर अली, कल्लन खान,रामनारायण गौड़ ,सुमेर सिंह ,आइके प्रेमसागर पांडे,बिरझन पनिका,विनोद सिंह गौड़,गुलाब रब्बानी,गोविंद ,विश्व कर्मा ,सत्यनारायण यादव ,कौशल्या देवी ,रानी, हरिकेश्वर यादव सहित कई सेक्टर प्रभारी, जोन प्रभारी एवं वरिष्ठ नेतागण मौजूद थे। बैठक का संचालन नागेश्वर प्रसाद यादव ने किया।

15वां अंतर्राज्यीय कैनवश क्रिकेट टूर्नामेंट “समर कप” का भव्य उद्घाटन, उद्घाटन मैच में स्वास्थ्य विभाग ने मीडिया को हराया

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय टाउन क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में रविवार को 15वां अंतर्राज्यीय कैनवश क्रिकेट टूर्नामेंट “समर कप” का भव्य उद्घाटन टाउन क्लब मैदान पर हुआ। उद्घाटन मैच स्वास्थ्य विभाग और मीडिया टीम के बीच खेला गया जिसमें स्वास्थ्य विभाग ने मात्र 6 ओवर में 4 विकेट पर जीत दर्ज की। मीडिया टीम 10 ओवर में ऑल-आउट होकर 65 रन पर ही सिमट गई।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक हरीराम चेरो उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की जबकि संरक्षक सुमित सोनी थे। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
उद्घाटन सत्र में हरीराम चेरो ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बालसहित क्षेत्र के लिए सौभाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत और अनुशासन की अपील करते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने आयोजकों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और खिलाड़ियों को खेल के प्रति सजग एवं समर्पित रहना चाहिए।नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने आश्वासन दिया कि खेल मैदानों का व्यावसायिकीकरण नहीं होने दिया जाएगा और इन्हें जनता के लिए खुला रखा जाएगा।
अंत में कमल कुमार कानू ने खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सुरेन्द्र अग्रहरि, दीपक शाह, मुहम्मद जबी खान, जुबैर आलम, प्रेमनारायण सिंह, धमेन्द्र सिंह, विक्रमजीत सिंह, मनोज सिंह और जितेन्द्र सिंह मौजूद थे। टाउन क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष अजीत सिंह और सचिव अनुराग चौरसिया ने आगंतुकों व खिलाड़ियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन इरफान खान ने किया।

विंढमगंज में खेलते समय रसेल वाइपर सांप ने काटा,5 वर्षीय मासूम सीएचसी दुद्धी में भर्ती

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव निवासी पांच वर्षीय आरव पुत्र रवि सोनी, रविवार शाम करीब 6 बजे घर पर खेल रहा था तभी अचानक रसेल वाइपर सांप ने उसे काट लिया।सांप का हमला होने पर आरव के बाये पैर में जख्म हो गया। परिजन बच्चे को निजी वाहन से तुरंत सीएचसी दुद्धी भर्ती कराए ,जहाँ डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
घटना के संबंध में परिवार ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है और वे आगे की चिकित्सीय सलाह पर अमल करेंगे।
फिलहाल बच्चे का इलाज सीएचसी दुद्धी में चल रहा है ।

बाइक के सामने आया सियार , दंपति और 11 साल के बच्चे सहित तीन घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में रविवार शाम करीब 7 बजे एक सियार के अचानक बाइक के सामने आने से तीन लोग घायल हो गए। घायल बच्चे सहित दम्पति की पहचान निर्मला देवी (35) पत्नी अशर्फीलाल (37) निवासी मलदेवा दुद्धी और उनका पुत्र आदित्य (11) के रूप में हुई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, परिवार घिवही गांव से अपने खेत से वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जोरुखाड़ के निकट बाइक के सामने अचानक सियार आ गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और तीनों गिर गए। गंभीर हालत में निजी वाहन से इन्हें सीएचसी दुद्धी ले जाया गया।
सीएचसी दुद्धी की डॉक्टर वरुणा निधि के देखरेख में तीनों का इलाज चल रहा है। निर्मला को चेहरे तथा सिर पर चोटें आई हैं, जबकि उनके पति और पुत्र को मामूली चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति स्थिर है और आवश्यक चिकित्सीय देखरेख जारी है।

15वां अंतर्राज्यीय कैनवश क्रिकेट टूर्नामेंट “समर कप” का भव्य उद्घाटन कल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय टाउन क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित 15वां अंतर्राज्यीय कैनवश क्रिकेट टूर्नामेंट “समर कप” का भव्य उद्घाटन कल 5 जुलाई रविवार अपराह्न 3 बजे टाऊन क्लब के ग्राउंड पर होगा। उद्घाटन समारोह में समाज और राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।
मुख्य अतिथि के रूप में दुद्धी के पूर्व विधायक हरीराम चेरो उपस्थित रहेंगे। समारोह के अध्यक्ष नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष कमलेश मोहन होंगे जबकि संरक्षक के रूप में सुमित सोनी मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने अतिथियों से टूर्नामेंट की सफलता के लिए आशा और समर्थन व्यक्त किया।
समारोह के वरिष्ठ संरक्षकों में सुरेन्द्र अग्रहरि, दीपक शाह, मुहम्मद जबी खान, जुबैर आलम, प्रेमनारायण सिंह, धमेन्द्र सिंह, विक्रमजीत सिंह, मनोज सिंह और जितेन्द्र सिंह शामिल हैं। टाउन क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष अजीत सिंह और सचिव अनुराग चौरसिया ने बताया कि तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
आयोजकों ने बताया कि कई टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी और खेल के साथ-साथ युवाओं में क्रिकेट के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। समिति ने दर्शकों से आयोजनों में अनुशासन बनाए रखने का अनुरोध भी किया।
क्रिकेट प्रेमियों के अनुसार यह आयोजन क्षेत्रीय खेल गतिविधियों को गति देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। टूर्नामेंट का मैच निर्धारित समयानुसार खेले जाएंगे।

संचारी रोग अभियान में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन अवैध मीट दुकानों पर मुकदमा मानकविहीन खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ऐसा अभियान चलाया कि नियमों की अनदेखी कर खाद्य सामग्री बेचने वालों में हड़कंप मच गया। सड़कों से लेकर बाजारों तक विभागीय टीम ने ताबड़तोड़ निरीक्षण करते हुए कटे फल, गन्ने का जूस, खुली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों की गहन जांच की। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को खुले में न रखने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, खाद्य सामग्री को ढककर बेचने तथा प्रतिबंधित रसायनों का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। टीम ने कहा कि बरसात के मौसम में जरा सी लापरवाही भी संक्रामक रोगों को बढ़ावा दे सकती है, इसलिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।
अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई थाना कोन क्षेत्र के ग्राम कचनरवा में देखने को मिली, जहां दो अवैध मीट दुकानों पर छापेमारी की गई। जांच में दोनों दुकानों पर बिना खाद्य पंजीकरण और लाइसेंस के मीट बिक्री किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत दोनों कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में बिना लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दो टूक कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान पूरे जनपद में इसी तरह लगातार छापेमारी, निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी। उद्देश्य केवल एक है—जनता की थाली तक सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना तथा नियम तोड़ने वालों पर सख्त शिकंजा कसना। अब खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करना ही होगा, वरना विभाग की कार्रवाई से बच पाना आसान नहीं होगा।

सरकारी अस्पतालों में हाई अलर्ट अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जनपद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पतालों में आग जैसी आकस्मिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक सरकारी चिकित्सालय में अग्निशमन उपकरण पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें, उनकी नियमित जांच हो तथा जहां उपकरणों की कमी हो, वहां तत्काल नई व्यवस्था कराई जाए।
उन्होंने विद्युत सुरक्षा को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए वायरिंग, विद्युत पैनल और अन्य उपकरणों की समय-समय पर जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पतालों में आपातकालीन निकासी मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट) पूरी तरह सुगम और सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी अस्पतालों में नियमित अंतराल पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाए, जिससे डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और कर्मचारियों को आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई का प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल औपचारिकता नहीं बल्कि मरीजों की जिंदगी से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी राम साहनी, प्रभारी अधिकारी करन सिंह यादव, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, एसीएमओ डॉ. गुलाब शंकर यादव तथा स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।

15 करोड़ से ज्यादा के नशे का ‘दहन सोनभद्र पुलिस ने 1.89 टन गांजा-हेरोइन को आग के हवाले कर तस्करों को दिया बड़ा संदेश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत विभिन्न एनडीपीएस मामलों में जब्त किए गए भारी मात्रा में गांजा और हेरोइन का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण (नष्ट) कराया गया। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 145 एनडीपीएस मामलों में बरामद 1,897.811 किलोग्राम गांजा एवं हेरोइन को अधिकृत समिति की निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15.24 करोड़ रुपये आंकी गई है।
विनिष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित मानकों और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और सभी आवश्यक औपचारिकताओं का पालन सुनिश्चित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।
सोनभद्र पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। लोगों के सहयोग से नशा मुक्त और सुरक्षित समाज बनाने की दिशा में अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

सड़क या दलदल अल्ट्राटेक-बिल्ली मार्ग पर हर सफर बन रहा जानलेवा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। डाला नगर में अल्ट्राटेक फैक्ट्री से बिल्ली जंक्शन तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, धंसी हुई सतह और जलभराव ने राहगीरों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। हालत यह है कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब में बदल जाती है। पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
नागरिकों का आरोप है कि इस मार्ग से लगातार भारी वाहन गुजरते हैं, जिसके कारण सड़क तेजी से टूटती जा रही है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है और सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था बनाई जाए तथा भारी वाहनों के आवागमन को नियमबद्ध किया जाए, ताकि भविष्य में सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त न हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। अब क्षेत्र की जनता की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

बीजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 साल पुराने मामले में चार वारंटी गिरफ्तार ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीजपुर पुलिस को शनिवार को महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस ने वर्ष 2021 के एक मामले में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर चार वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष के निर्देशन में उपनिरीक्षक दीना नाथ राम ने पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम नेमना में दबिश देकर न्यायालय अपर सिविल जज (जू.डि.) मजिस्ट्रेट, दुद्धी, सोनभद्र के वाद संख्या 560/21, धारा 427 भादवि से संबंधित चार वारंटी अभियुक्तों को शनिवार सुबह लगभग 8:36 बजे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहन राम उर्फ महेन्दर राम (42 वर्ष), राजलाल गुर्जर (56 वर्ष), लल्लूराम गुर्जर (45 वर्ष) तथा चिंतामणि देवी (53 वर्ष) शामिल हैं। सभी ग्राम नेमना, थाना बीजपुर, जनपद सोनभद्र के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीना नाथ राम, हेड कांस्टेबल भानू प्रताप यादव, आरक्षी मनीष कुमार, महिला आरक्षी प्रियंका तथा चालक कांस्टेबल कृष्ण कुमार गुप्ता शामिल रहे।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपदभर में चला व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद के समस्त विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया, जिसमें सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी रही। अभियान के दौरान लोगों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के 207 विद्यालयों में संचारी रोग जागरूकता रैली निकाली गई। 55 ग्रामों में नालियों की सफाई, 102 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 19 शौचालयों का निर्माण तथा नगर पंचायत क्षेत्रों में 117 स्थानों पर नालियों की सफाई कराई गई। इसके अतिरिक्त 102 हैंडपंपों की मरम्मत, 3 नगरीय वार्डों में फॉगिंग, 21 पशुपालकों को जागरूक करने तथा कृंतक नियंत्रण के लिए 14 बैठकों का आयोजन किया गया।

प्लांट में CISF जवान पर मजदूर से मारपीट का आरोप! पैर में डंडा लगने से मजदूर घायल प्लांट परिसर में मचा हड़कंप

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिले के सी प्लांट में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मजदूर ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात एक CISF जवान ने उसके पैर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद प्लांट परिसर में मौजूद अन्य मजदूरों में भी नाराजगी देखने को मिली और काफी देर तक मामले को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर मजदूर और CISF जवान के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि जवान ने मजदूर के पैर पर डंडे या किसी कठोर वस्तु से वार कर दिया। चोट लगने के बाद मजदूर दर्द से वहीं बैठ गया। साथी मजदूर तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा अधिकारियों में भी हलचल मच गई। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जाने लगी। मजदूर पक्ष का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी सुरक्षा कर्मी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक प्रबंधन भी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद कैसे शुरू हुआ और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल घायल मजदूर का उपचार जारी है। इस घटना ने प्लांट में काम करने वाले मजदूरों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अभी तक CISF या प्लांट प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शहीदों की धरती करारी में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का स्वर, काव्य संध्या में होगा साहित्य के दो नक्षत्रों का भव्य सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। शहीदों की अमर गाथाओं को नमन करने और साहित्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने के उद्देश्य से करारी शहीद स्थल एक बार फिर ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। शहीद स्थल प्रबंधन ट्रस्ट, करारी के तत्वावधान में रविवार, 5 जुलाई की शाम “राष्ट्र वंदन काव्य संध्या एवं अभिनंदन समारोह” का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति, साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण वह होगा, जब वाराणसी के प्रख्यात साहित्यकार सीताराम राय और विक्रांत बनारसी को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित “साहित्य शिरोमणि अलंकरण” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार रामनाथ शिवेन्द्र करेंगे। कार्यक्रम में देशभक्ति और ओजपूर्ण रचनाओं से वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगने के लिए कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान, धर्मेश चौहान, प्रभात सिंह चंदेल, सुशील मिश्रा, अशोक तिवारी, दिलीप सिंह ‘दीपक’, सुधाकर पांडेय ‘स्वदेशप्रेम’ तथा दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ सहित कई प्रतिष्ठित कवि अपनी प्रभावशाली कविताओं का पाठ करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत करारी शहीद स्थल पर स्थापित अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत काव्य संध्या का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।
संस्था प्रमुख एवं कवि प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने बताया कि यह आयोजन केवल साहित्यिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने सभी साहित्य प्रेमियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

तेज रफ्तार बाइक टेंपो से जाकर टकराया, युवक के सिर पर गंभीर चोट

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोमभद्रा)। कस्बा के वार्ड नंबर 6 में शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे एक सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 6 में धीरज किराना दुकान के पास तेज रफ्तार से आ रही बाइक और सामने से अचानक आ रही एक वाहन के कारण आगे चल रही टेंपो अचानक रुक गई। उसी कड़ी में पीछे से आ रही बाइक टेंपो से टकराकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में 18 वर्षीय राम कुमार पुत्र गोविंदग्राम निवासी पिपराही घायल हो गए ।युवक गंभीर चोटें आने के कारण आसपास के लोगों ने उन्हें निजी वाहन से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया ,जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज चल रहा है। राम कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

रजखड़ गाँव में शुक्रवार शाम सर्पदंश से युवक जख्मी, सीएचसी में उपचार जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे एक युवक को सर्प ने काट लिया। घटना तब हुई जब युवक दुकान से घर लौट रहा था और सड़क किनारे उसका पैर सांप पर पड़ गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।
घायल युवक रजखड़ निवासी अजीत (26)मौर्या पुत्र मिश्रीलाल मौर्या बताया गया है। परिजनों ने बताया कि अजीत शाम को अपने चाचा की दुकान पर बैठा हुआ था। घर लौटते समय अचानक बायाँ पैर सांप पर पड़ गया और सांप ने उसे काट लिया, जिससे वह घबरा गया। साथी और परिजन उसे निजी वाहन से सीएचसी लेकर पहुँचे।
सीएचसी की चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने बताया कि अजीत का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चिकित्सक ने कहा कि प्राथमिक उपचार देकर आवश्यक दवाई व निगरानी शुरू कर दी गई है। परिजनों का कहना है कि युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

तहसील के सामने अतिक्रमण हटाया गया, बुलडोजर से सुधार कार्य,व्यापारी और विक्रेता निकाले गए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील परिसर के सामने स्थित स्टेट की खाली भूमि पर चल रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने आज शुक्रवार दोपहर बुलडोजर जेसीबी से कार्रवाई कर दी। उपजिला अधिकारी दुद्धी निखिल कुमार यादव और पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में अतिक्रमण मुक्ति अभियान के अंतर्गत भूमि पर लगे सैकड़ों अवैध ढाँचे व दुकानें ध्वस्त कर दी गईं।
जानकारी के अनुसार उक्त भूमि को कुछ माह पूर्व राजस्व विभाग द्वारा पार्किंग स्थल के रूप में विकसित कर तार से घेराबंदी कराई गई थी, लेकिन बाद में वहां‌ पर कई व्यापारी और क्षेत्र स्थानीय लोग सब्जी की दुकानें व अन्य ठेले-ठेलियां लगा चुके थे। प्रशासन की ओर से कई बार चेतावनी देने के बावजूद वे नहीं हटे, जिससे अतिक्रमण निरंतर बढ़ता गया। शिकायतों के आधार पर आज कार्रवाई कर उन्हें हटाया गया और भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।
कार्यवाही के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी धर्मेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल, नगर पंचायत कर्मचारी तथा पुलिस जवान मौजूद रहे। उपजिला अधिकारी ने बताया कि खाली भूभाग पर रहने वाले कुछ गरीब परिवार स्थल पर रोज़मर्रा की कमाई के लिए दुकानें लगाते थे, उन्हें पहले भी चेतावनी दी जा चुकी है और आज कार्रवाई के जरिए अवैध रूप से जमा सामान व ढाँचे हटाए गए।

सूत्रों के अनुसार लेखपालों के आवास के पीछे भी काफी स्टेट भूमि है, जिस पर आगे क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी कार्यालय के लिए जमीन चिन्हित किए जाने की चर्चा चल रही है। इस दौरान हल्का लेखपाल व अन्य लेखपाल भी मौके पर मौजूद रहे और आगामी भूमि चिन्हांकन व आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी गई।
प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक संपत्ति व खाली भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।