दुद्धी में गैस लीकेज जांचते हुए माचिस जलाने पर जली महिला, जिला अस्पताल रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र व कस्बा रामनगर निवासी इंद्रावती देवी (55) पत्नी स्व. राजकुमार शुक्रवार शाम करीब सात बजे गैस लीकेज की जांच करते हुए बुरी तरह झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने वार्ड सभासद आमेश सिंह को सूचित किया। आमेश सिंह ने पड़ोसी सियाराम की मदद से तत्काल निजी साधन से इंद्रावती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि महिला काफी जल चुकी हैं, इसलिए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।
घायल इंद्रावती ने बताया कि वे शाम को मंदिर जाने की तैयारी कर रही थीं। तभी गैस लीकेज की दुर्गंध आने पर माचिस जलाकर लीक का पता लगाने की कोशिश की, जिससे आग लग गई और वे चपेट में आ गईं। किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तड़पने लगीं और चीखने-चिल्लाने लगीं।
वार्ड सभासद आमेश सिंह ने बताया कि इंद्रावती के पति का देहांत हो चुका है। उनके दो पुत्र बीजपुर कंपनी में कार्यरत हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। बेटों के पहुंचने तक महिला सीएचसी दुद्धी में ही तड़पती रहीं।

विंढमगंज में चोरी की वारदात, घर व होटल से नगदी व सामान पार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बुटबेढ़वा निवासी अजय कुमार गुप्ता के घर में बीती रात्रि लगभग 11:30 बजे अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अजय कुमार गुप्ता का आवास रेलवे स्टेशन विंढमगंज के समीप स्थित है, जहां उनके घर में ही एक छोटा होटल भी संचालित होता है।
घटना के समय घर के सभी सदस्य पास ही आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने होटल की दिनभर की बिक्री की नगदी के साथ-साथ खाने-पीने की सामग्री भी चुरा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही अजय कुमार गुप्ता की पुत्री आर.सी. गुप्ता ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

महुली में अज्ञात कारणों से कच्चे मकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।दुद्धी विकास खण्ड के विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में रेलवे स्टेशन के समीप आज बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अजय बियार पुत्र स्व. भोला बियार के कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घरेलू सामान को जलाकर राख कर दिया।
घटना की आहट मिलते ही आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े।बाल्टी डब्बे की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। आग बुझाने के दौरान किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
घर स्वामी अजय बियार ने बताया कि इस आगलगी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से घटना की जांच कराने और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

मालगाड़ी पटरी से उतरी, रेल यातायात प्रभावित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। म्योरपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास वानर झूला ब्रिज संख्या 242 पर मंगलवार शाम मालगाड़ी के एक डिब्बे के बेपटरी होने से रेल यातायात बुरी तरह बाधित हो गया।
म्योरपुर रोड से रेणुकूट जा रही मालगाड़ी शाम करीब चार बजकर 57 मिनट पर मुर्धवा-बीजपुर रेलवे क्रॉसिंग पार करने के तुरंत बाद पटरी से उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटरी उतरते ही जोरदार धमाका हुआ, लेकिन क्रॉसिंग पार होने के कारण सड़क यातायात पर असर नहीं पड़ा। आसपास के लोग दहशत में भागे, किंतु हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना पर चोपन, रेणुकूट आदि स्टेशनों से रेलवे अधिकारी व तकनीकी दल मौके पर पहुंचे। विशेष क्रेन से डिब्बे को पटरी पर चढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है। फिलहाल एकल ट्रैक से ट्रेनें चल रही हैं, जिससे कई गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई और समय में बदलाव किया गया। यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रैक पूरी तरह ठीक होने तक मार्ग प्रभावित रहेगा। घटना के कारणों की जांच शुरू हो गई है।

दुद्धी महाविद्यालय में बीए-बीएससी द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय में बीए तथा बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के समस्त छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है।
प्राचार्य ने जारी सूचना में कहा है कि सभी छात्र-छात्राएं यथाशीघ्र अपना परीक्षा फॉर्म भरकर इसकी हार्ड कॉपी महाविद्यालय में जमा कर दें। इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से शीघ्रता बरतने का आग्रह किया है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सोनभद्र में बद्री नाथ सिंह की विदाई: 22 महीने का कार्यकाल बना मिसाल, भावुक माहौल में हुआ सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के 40वें जिलाधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने वाले श्री बद्री नाथ सिंह का लगभग 22 माह का कार्यकाल विकास, पारदर्शिता और टीमवर्क के लिए याद किया जाएगा। उनके विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के पद पर स्थानांतरण के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य और भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
समारोह के दौरान पूरे माहौल में सम्मान और भावनाओं का संगम देखने को मिला। वक्ताओं ने श्री सिंह के नेतृत्व, कार्यशैली और जनहित में लिए गए निर्णयों की खुलकर सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में टीम भावना मजबूत हुई और कई महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री बी. एन. सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन सोनभद्र में बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में शामिल रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर कार्यों को समयबद्ध तरीके से किया जाए तो न केवल परिणाम बेहतर आते हैं, बल्कि मानसिक दबाव भी नहीं बनता।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन का सबसे बड़ा दायित्व है कि पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव और समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी।
समारोह के अंत में अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई के इस अवसर पर कई कर्मचारी भावुक भी नजर आए, जो यह दर्शाता है कि श्री सिंह ने न केवल एक अधिकारी के रूप में बल्कि एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में भी सभी के दिलों में जगह बनाई।
उनकी कार्यशैली और निर्णय क्षमता लंबे समय तक सोनभद्र प्रशासन के लिए एक प्रेरणा बनी रहेगी।

मीटर चालू या जेब चालू? कॉलिनडूबा पेट्रोल पंप पर ग्राहकों का फूटा गुस्सा

कम तेल, पहले से चल रहा मीटर और बिना बिल—ग्रामीणों ने कहा यह सेवा नहीं सीधी लूट है*

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

विंढमगंज (सोनभद्र)
थाना क्षेत्र के कॉलिनडूबा स्थित पेट्रोल पंप एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। यहां लगातार मिल रही गड़बड़ियों की शिकायतों ने स्थानीय लोगों का पारा चढ़ा दिया है। ग्राहकों का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर न केवल कम तेल दिया जा रहा है, बल्कि मीटर में भी पहले से राशि सेट कर दी जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को चुपचाप चूना लगाया जा रहा है।
मामला तब उजागर हुआ जब एक जागरूक ग्राहक ने अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पेट्रोल भरवाना शुरू किया तो मीटर पहले से ही 160 रुपये दिखा रहा था। विरोध करने के बावजूद कर्मचारी ने जल्दबाजी में पेट्रोल भरकर मीटर को 200 रुपये तक पहुंचा दिया। ग्राहक का आरोप है कि इस दौरान वास्तविक पेट्रोल की मात्रा काफी कम थी।
इतना ही नहीं, कई अन्य ग्रामीणों ने भी इसी तरह की शिकायतें दोहराईं। उनका कहना है कि पंप पर अक्सर कम पेट्रोल दिया जाता है और बिल देने से भी कतराया जाता है। कुछ लोगों ने बताया कि जब वे बिल मांगते हैं, तो कर्मचारियों द्वारा बहाने बनाकर टाल दिया जाता है।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले को उपभोक्ता अधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए इसे “जेब पर डकैती” करार दिया है। उनका कहना है कि पेट्रोल पंप जैसे जरूरी सेवा केंद्र पर इस तरह की लापरवाही और धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पेट्रोल पंप की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर शिकायत पर कब तक संज्ञान लेते हैं और क्या कार्रवाई सामने आती है, या फिर यूं ही ग्राहकों की जेब कटती रहेगी।

घोरावल पुलिस का बड़ा एक्शन: तिलौली मार्ग पर घेराबंदी दो तस्कर धराए

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तिलौली मार्ग पर रणनीतिक तरीके से घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान पुलिस के होश उड़ गए, जब आरोपियों के पास से करीब 23.70 ग्राम हेरोइन, ₹1300 नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी लंबे समय से इलाके में हेरोइन की पुड़िया बनाकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई कर रहे थे, जिससे युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेला जा रहा था।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। साथ ही, आरोपियों के पास मिली बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक को भी सीज कर दिया गया है।
घोरावल पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, वहीं पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है, ताकि इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

सिविल बार एसोसिएशन संघ का शपथ ग्रहण समारोह 27 अप्रैल को

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। सिविल बार एसोसिएशन संघ का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 27 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामलोचन तिवारी ने यहां दी है।
उन्होंने बताया कि पहले निर्धारित 24 अप्रैल की तिथि को कुछ कारणों से आगे बढ़ाकर 27 अप्रैल कर दिया गया है। समारोह के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड होंगे। समारोह की अध्यक्षता एमएलसी स्नातक निर्वाचन आशुतोष सिन्हा करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में अरुण कुमार पांडे (बार काउंसिल सदस्य), विधायक भूपेश चौबे, अपर कमिश्नर विंध्याचल मंडल डॉ. विश्राम तथा भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता आदि संभ्रांत व्यक्ति शामिल होंगे।

बारात में आए 14 वर्षीय किशोर की बस की चपेट में दर्दनाक मौत, बाइक सवार गंभीर घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर सोमवार रात असनहर गांव में बारात में शामिल 14 वर्षीय किशोर बस की चपेट में आ गया। मध्य रात्रि डीजे की धुन पर नाचते समय छत्तीसगढ़ जा रही बस ने पटरी पर खड़े किशोर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर व पैरों में गंभीर चोटें आईं।बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव निवासी रंजीत कुमार उर्फ बच्चू पुत्र बाबूलाल अचेत अवस्था में बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि चेतवा गांव से आई बारात तिलक के लिए घर पहुंची थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है। पुलिस ने मेमो के आधार पर पंचनामा कराया।वहीं दूसरी घटना मंगलवार सुबह कोगा गांव के पास एक बाइक सवार रिश्तेदारी की शादी से लौटते समय पुलिया पर गिर गया। मचबन्धवां निवासी कृष्णा पुत्र देवसरन (15) बाइक अनियंत्रित होने से गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस से उसे बभनी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दुद्धी में बड़ी बहन के शादी की तैयारी में जुटी बहनों की बाइक पानी टंकी से टकराई,सीएचसी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी अंशु (20) पुत्री रामरती अपनी चचेरी बहन अंशिका (12) पुत्री विजय के साथ बाइक पर सवार होकर दुद्धी आ रही थीं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दुद्धी कस्बे के रामनगर पोस्टमार्टम हाउस के पास सड़क किनारे लगे पानी टंकी से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में दोनों चचेरी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों के अनुसार, घर में विवाह कार्यक्रम चल रहा है और बुधवार को बारात आने वाली है। अंशु अपनी बड़ी बहन की शादी की तैयारियों में जुटी हुई थीं। वैवाहिक सामग्री खरीदने के लिए दोनों बहनें बाइक से गढ़िया से दुद्धी आ रही थीं। रास्ते में रामनगर पोस्टमार्टम हाउस के समीप अंशु को नींद की झपकी आ गई, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
अंशु ने बताया कि मेहंदी वाले दिन पूरी रात जागने से नींद अधूरी रह गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया। डॉ. विनोद सिंह के नेतृत्व में उनका इलाज जारी है। अंशु को सीने में आंतरिक चोट का संदेह है, जबकि अंशिका को सिर पर हल्की चोट लगी है। घटना की सूचना पर सीएचसी में परिजनों की भीड़ जुटी रही।

ऑटो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, चार अन्य गंभीर रूप से घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के नधीरा गांव में मंगलवार तड़के ऑटो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार धर्म (35), लोखमन (33), अजय (34) और आरके कुमार (35), सभी निवासी डोडहर थाना बीजपुर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो में सवार चंपा देवी (30)निवासी नधीरा, भी गंभीर रूप से जख्मी हुईं। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया।जहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार चारों युवकों की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल दिया।रास्ते में ही धर्म की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार चारों युवक परनी गांव में शादी समारोह में शामिल होकर डोडहर लौट रहे थे। इसी क्रम में नधीरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। घायल चंपा देवी जरहा से नधीरा अपने घर लौट रही थीं। ऑटो के अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। स्वास्थ्य विभाग ने मेमो के जरिए पुलिस को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट गुरुग्राम में बॉलीवुड के मशहूर कलाकार मीका सिंह ने बिखेरा अपने सुरों के जादू का जलवा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – त्रिभुवन कुमार

बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह ने वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, गुरुग्राम में बिखेरा अपने सुरों का जादू

गुरुग्राम – बेहतरीन पढ़ाई व बेस्ट प्लेसमेंट से सफलता का परचम लहराने वाले वर्ल्ड कॉलेज ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के प्रांगण में जेनिथ 2026 सेलिब्रिटी नाईट का धमाकेदार अंदाज में आयोजन हुआ ।

वर्ल्ड कॉलेज के रजिस्ट्रार युद्धवीर सिंह लांबा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेलिब्रिटी नाईट कार्यक्रम में बॉलीवुड के मोस्ट फेमस और लविंग सिंगर मीका सिंह ने जेनिथ 2026 सेलिब्रिटी नाईट में अपनी सुरीली आवाज व एक्टिंग के दमदार परफॉर्मेंस में ‘ढिंका चिका’, ‘जुम्मे की रात,’ ‘आंख मारे ओ लड़की आंख मारे’, ‘मौजा ही मौजा, ‘आपका क्या होगा जनाबे आली’, ‘जिसको चाहे पागल कर दे’, और ‘ये शाम मस्तानी’ जैसे सुपरहिट गानों से दर्शकों को पूरी तरह समा बांधे रखा। मीका सिंह के फिल्मी गीतों पर दर्शक थिरकते रहे।

पंडाल में उपस्थित कॉलेज के एमसीए, एमबीए, एम.टेक, बी.टेक, बीबीए, बीसीए और डिप्लोमा इंजीनियरिंग के छात्रों और कॉलेज स्टाफ ने बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह के मंच पर पहुंचने पर तालियों से उनका स्वागत किया।

वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री कुंवर निशांत सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि समय-समय पर इस तरह सेलिब्रिटी नाईट के आयोजन में बॉलीवुड के फेमस सिंगर और रैपर जैसे यो यो हनी सिंह, इक्का सिंह, सिंगर बोहेमिया, मोहित चौहान, पंजाबी सुपरस्टार सिंगर गिप्पी ग्रेवाल, बॉलीवुड के लोकप्रिय डीजे अकील, मशहूर पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा, बॉलीवुड सिंगर बी प्राक, बॉलीवुड अभिनेत्री और डीजे उदिता गोस्वामी व बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम आदि को बुला चुके हैं क्योकि विद्यार्थियों के सर्वांगिक विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद और मनोरंजन भी जरूरी होता है ।

आपको बता दें कि वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से एफिलिएटेड कॉलेज है और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अप्रूव्ड कॉलेज है जो बी.टेक के रोबोटिक्स एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मैकेनिकल और ऑटोमेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड
इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड डिजाइन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, सिविल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग आदि और एम.टेक के सिविल में कंप्यूटर एडेड स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, सिविल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग आदि मार्केट्स और इंडस्ट्री सेक्टर की डिमांड के अनुसार रोजगारयुक्त नए कोर्सेज का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है ।

झूठी एफ आई आर और झूठी गवाही के मामले में हाइकोर्ट के लखनऊ खंडपीठ से आया बड़ा फैसला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विष्णु गुप्ता

उत्तर प्रदेश के लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां यूपी पुलिस मुख्यालय ने झूठी एफआईआर दर्ज कराने और झूठी गवाही देने वालों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े पहले जारी सर्कुलर को फिलहाल वापस ले लिया है. यह कदम सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के कुछ निर्देशों पर रोक लगा दी गई है.

डीजीपी राजीव कृष्ण ने 14 मार्च 2026 को जारी किए गए उस सर्कुलर को निरस्त कर दिया है, जिसमें यह व्यवस्था दी गई थी कि झूठी एफआईआर पाए जाने पर शिकायतकर्ता और गवाहों के खिलाफ अनिवार्य रूप से कोर्ट में परिवाद दाखिल किया जाएगा. साथ ही, कार्रवाई न करने पर संबंधित विवेचक, थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारी को भी जिम्मेदार ठहराने का प्रावधान रखा गया था.

नए सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने ‘उम्मे फरवा बनाम राज्य सरकार’ मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के कुछ हिस्सों पर रोक लगाई है. कोर्ट ने अपने 9 फरवरी के आदेश में साफ कहा है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के पैरा 45 से 48 तक की व्यवस्था अगली सुनवाई तक स्थगित रहेगी. इन्हीं निर्देशों के आधार पर पहले जारी सर्कुलर को लागू किया गया था, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के स्टे के बाद उसे वापस ले लिया गया है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद फिलहाल झूठी एफआईआर और गवाही को लेकर पहले जैसी सख्त प्रक्रिया लागू नहीं होगी और आगे की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के अंतिम निर्णय के बाद तय की जाएगी.
#UttarPradesh #UPPolice

सोनभद्र में लू से बच्चों को बचाने को डीएम ने जारी किया आदेश, कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का बदला समय सारिणी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।तेज धूप और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने तत्काल प्रभाव से कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों तथा सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के हिंदी-अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक करने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित स्कूलों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। गर्मी के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि दोपहर की तपिश से छात्र-छात्राएं सुरक्षित रहें।
आदेश की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

रोजगार संकट में मनरेगा को बहाल करे सरकार – एआईपीएफ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।नई वैश्विक परिस्थितियों के कारण आए जबरदस्त रोजगार के संकट व भीषण महंगाई ने शहरों से बड़ी संख्या में ग्रामीण गरीबों को वापस लौटने के लिए मजबूर किया है। इन स्थितियों में सरकार को तत्काल मनरेगा को बहाल करना चाहिए और 200 दिन काम व 600 रूपए मजदूरी दर व बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान करना चाहिए। यह मांग आज म्योरपुर ब्लॉक में आयोजित ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के धरने में जोरदार तरीके से उठी। धरने के बाद जिलाधिकारी को मांग पत्र बीडीओ के माध्यम से भेजा गया।

धरने में कहा गया कि नोएडा श्रमिक आंदोलन के बाद अपनी गलती को स्वीकार करते हुए सरकार ने मजदूरों की मजदूरी दर में वृद्धि करने का नोटिफिकेशन जारी किया। लेकिन मनरेगा मजदूर और कृषि मजदूरों की मजदूरी में कोई भी बढ़ोत्तरी नहीं की गई। यह बेहद अन्यायपूर्ण है और इस महंगाई में मजदूरी न बढ़ने और मजदूरी का महीनों से भुगतान होने व रोजगार संकट के कारण जनपद के अति पिछड़े आदिवासी बाहुल्य दुध्दी क्षेत्र में भुखमरी की हालात पैदा हो गई है।
वक्ताओं ने कहा कि दरअसल केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के बजट में बड़े पैमाने पर कटौती करने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी कई-कई महीनों से बकाया पड़ी हुई है। संविधान के अनुसार काम करा कर मजदूरी बकाया रखना बंधुआ प्रथा है और मनरेगा के प्रावधानों के खिलाफ है। केंद्र सरकार आधुनिक गुलामी को फिर से थोप देने में लगी हुई है जिसका प्रतिवाद किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि हर घर नल योजना मजाक बनकर रह गई है। आज तक यह योजना जमीनी स्तर पर लागू नही हुई। नल तो लगे पर उनमें पानी नदारद है। इसके नाम पर वैकल्पिक जल स्रोतों हैंडपंप, कुंआ आदि के लिए आवंटित बजट खत्म कर दिया गया। परिणाम स्वरूप इस भीषण गर्मी में पूरे इलाके में पेयजल का भी भीषण संकट खड़ा होगा। इसलिए तत्काल हर घर नल योजना को चालू करने, कुआं व हैंडपंप के लिए बजट आवंटित करने और म्योरपुर ब्लॉक के जितने भी आरो प्लांट खराब पड़े हुए हैं उन्हें तत्काल बनवाने की मांग भी की गई।
धरने में एआईपीएफ के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, जिला सचिव इंद्रदेव खरवार, मजदूर किसान मंच के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोंड, जिला प्रवक्ता मंगरु प्रसाद श्याम, युवा मंच जिला संयोजक सविता गोंड, रूबी सिंह गोंड, शंखलाल खरवार, मनोहर गोंड, रामखेलावन गोंड, कौशल्या देवी, सुरेश गोंड, राजू यादव, अमित भारती, सिंहलाल गोंड, महावीर गोंड, राम लखन, मोहरलाल, बुध्दिनारायण,
श्याम सिंह लाल, मायाराम आदि सैकड़ो लोग मौजूद थे।

महुली में खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ संपन्न, नन्हे खिलाड़ियों ने बिखेरा हुनर का जलवा,मिला सम्मान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।विकास खंड के महुली स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा में आयोजित चार दिवसीय अंतर विद्यालयी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन सोमवार हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन दिवस पर नन्हे-मुन्ने प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन यूकेजी एवं एलकेजी वर्ग के बैलून रेस में बालक खिलाड़ियों में एलेंश कुमार एवं शशिभूषण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। आरिश एवं आयुष ने द्वितीय तथा आर्यन यादव एवं सूर्य प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी विजेता राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा के छात्र रहे।

वहीं बालिका वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली की खुशनुमा एवं सलमा ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा की अनुष्का एवं अनुष्का ने द्वितीय तथा शैरिश फातमा एवं प्रियांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
म्यूजिकल चेयर (कुर्सी दौड़) प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 के बालक वर्ग में एलकेजी के छात्र श्रेयांश गुप्ता ने अद्भुत संतुलन और चपलता का परिचय देते हुए सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में शैरिश फातमा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वाटर बॉल गेम में बालक वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के नैतिक सोनी विजेता रहे, जबकि बालिका वर्ग में राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा की सारा खान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम एवं प्रधानाचार्य केडी त्रिपाठी द्वारा मेडल पहनाकर तथा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिभावकों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों के प्रेरणादायी उद्बोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन मकसूद आलम ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास की आधारशिला होती हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा की भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करता रहेगा।
प्रधानाचार्य केडी त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेल का संतुलन ही विद्यार्थियों को सफल और सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में सभी बच्चों ने जिस उत्साह और लगन से भाग लिया, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन भागीदारी ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका राकेश कुमार कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली), रविंदर कुमार, कृष्णा जायसवाल एवं अंशुमान ने निष्पक्षता एवं कुशलता के साथ निभाई।
कार्यक्रम में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के प्रबंधक महबूब आलम, डायरेक्टर मंसूर आलम, मनोज कुमार, आलोक कुमार कन्नौजिया, कृष्णा कुमार, मेराज अंसारी, विकास कुमार, कमलेश कुमार पासवान, शिरीन मसीह, दिव्या अग्रहरि, आशा गुप्ता, पूसा, गुंजा, प्रतिमा, प्रियांशी, राकेश, अंजू कुमारी, कविता कुमारी, मोनिका कुमारी एवं नवनीत मिश्रा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन समारोह में उत्साह, उमंग और उपलब्धियों की गूंज साफ झलक रही थी। नन्हे खिलाड़ियों की प्रतिभा ने यह सिद्ध कर दिया कि ग्रामीण अंचल में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।

बारात जाते युवक की बाइक खाई में गिरी, रात भर पड़े रहने से मौत,परिजनों में कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुंआ गांव स्थित भुक्कू पहरी के पास रविवार रात एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और खाई में गिर गई। बाइक सवार 25 वर्षीय सुनील कुमार की रात भर घटनास्थल पर पड़े रहने से सोमवार सुबह मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक सुनील कुमार पुत्र मिठाईलाल निवासी बलियरी मजदूरी करता था। वह रविवार रात साले की बाइक लेकर नौडिहा गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहा था। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोमवार सुबह करीब 6 बजे राहगीरों ने खाई में बाइक और युवक को देखा तो लीलासी चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सुनील की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जाबर से इलाज कराने आ रहे ससुर-दामाद व नातिन की बाइक से टक्कर, तीन घायल, सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के जाबर पेट्रोल पंप के समक्ष एनएच-39 पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।जिसमें बाइक सवार ससुर ,दामाद व नातिन घायल हो गए ।तीनों का इलाज सीएचसी दुद्धी में चल रहा है ।
मिली जानकारी के अनुसार,दोपहर करीब 12 बजे जाबर पिपरडीह निवासी दशरथ (52) को उनके दामाद जयप्रकाश (32) पुत्र केशव निवासी धोरपा इलाज कराने बाइक पर ले जा रहे थे। साथ में तीन वर्षीय नातिन शिवानी भी थी ।दुद्धी जाबर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में दशरथ को पैर व शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि जयप्रकाश व शिवानी को हल्की चोटें आईं।स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम की देखरेख में उनका इलाज जारी है।मामूली रूप से घायल जयप्रकाश ने बताया कि ससुर दशरथ की तबीयत ठीक नहीं थी। हम बाइक से दुद्धी आ रहे थे, बेटी शिवानी भी साथ थी। पेट्रोल पंप के सामने तेज बाइक ने टक्कर मारी और भाग गई। ससुर को गंभीर चोटें आई हैं।

दुद्धी का रक्तवीर चमकेगा राष्ट्रीय पटल पर, अफसार रज़ा को ‘नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026’

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र । रक्तदान के प्रति समर्पण की मिसाल पेश करने वाले दुद्धी निवासी अफसार रज़ा ‘रक्तवीर’ को प्रतिष्ठित ‘नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026’ से नवाजा जाएगा। साई वेलफेयर डेवलपमेंट ट्रस्ट (एसडब्ल्यूडीटी) का यह सम्मान कोलकाता के सोनदेपुर में आगामी 14 जून 2026 को होने वाले भव्य समारोह में दिया जाएगा। मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली।
उम्मीद फाउंडेशन के संस्थापक अफसार 2017 से रक्तदान जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में सैकड़ों शिविर आयोजित हो चुके, खुद 27 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनकी प्रेरणा से 1500 से ज्यादा जिंदगियां बचाई गईं। पहले भी 25 राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके अफसार को एसडब्ल्यूडीटी ने ‘सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक’ बताया है।
शहीद भगत सिंह शहादत दिवस जैसे मौकों पर शिविर लगाकर युवाओं को जोड़ने वाले अफसार का नारा है “रक्तदान महादान, इससे बड़ा न कोई दान”। दुद्धी से निकलकर कोलकाता के मंच पर चमकने वाले यह सपूत पूर्वांचल का गौरव बढ़ाएंगे। स्थानीय स्तर पर उनकी उपलब्धि से उत्साह की लहर है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करके सोनभद्र भाजपा जिलाध्यक्ष को बदनाम करने की हो रही साजिश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – त्रिभुवन कुमार

जनपद सोनभद्र में भाजपा जिलाध्यक्ष को बदनाम करने की नीयत से संगठन के अंदरूनी खाने से रची जा रही है साजिश

वही भाजपा जिलाध्यक्ष को लेकर सोशल मीडिया के विभिन्न हैंडलर द्वारा भ्रामक पोस्ट वायरल किया जा रहा है ।

सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष को लेकर संगठन में इन दिनों सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतरखाने से जिलाध्यक्ष को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है वही जब से इस तरह का मामला प्रकाश में आया है जनपद सोनभद्र में सियासी हलचल तेज हो रही है । बताया जा रहा है कि पूर्व में भाजपा के संगठन में पदों पर आसीन रहे कुछ पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां वापस लेकर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारी सौंपे जाने से नाराज लोगों द्वारा यह साजिश रची जा रही है। चुकी संगठन में बदलाव एक संगठनात्मक प्रक्रिया है जो सदैव फेर बदल के साथ संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाता है ।
वही सूत्रों के अनुसार पदों में बदलाव के बाद से आहत पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं के इशारे पर सोशल मीडिया पर जिलाध्यक्ष नन्द लाल गुप्ता के खिलाफ भ्रामक और गलत पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे संगठन की मर्यादा और छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है, ताकि संगठन में भ्रम और असंतोष का माहौल बनाया जा सके। वहीं, पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में समय-समय पर बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है और इसे व्यक्तिगत तौर पर लेने के बजाय पार्टी हित में स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसे कृत्यों की निंदा करते हुए कहा कि इससे पार्टी की एकजुटता पर असर पड़ता है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पार्टी के अधिकृत पदाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अंदरखाने इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

वही इस पूरे प्रकरण पर भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन गढ़ने का काम जो प्रदेश नेतृत्व ने भरोसा जताकर दिया है उसे पूरी निष्ठा के साथ संपूर्ण किया जाएगा और जो भी जिलाध्यक्ष नन्द लाल जी को सोशल मीडिया पर गलत तथ्यों के साथ गलत प्रचार प्रसार कर रहे है उनके मनसूबे कभी पूरे भी होंगे ।

सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर्व पर शिवमय हुआ सोनभद्र, कैलाश मंदिर से गूंजा हर-हर महादेव; सीएम ने दिखाई आस्था की नई राह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर्व के पावन अवसर पर जनपद सोनभद्र पूरी तरह शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। जिले के प्राचीन एवं विख्यात श्री कैलाश मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों में घंटों की गूंज, हर-हर महादेव के जयकारे और धूप-दीप की सुगंध ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजन-अर्चन कर प्रदेश व जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों ने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग में अद्भुत उत्साह देखने को मिला।
इसी क्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से तीर्थ यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया। इस ऐतिहासिक पहल को देखने और सुनने के लिए अधिकारी, कर्मचारी और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन को सभी ने गंभीरता से सुना। उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, तीर्थ स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई। जनपद स्तर पर इस पहल को एक नई दिशा देने वाला कदम बताया गया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चंद, सहायक पर्यटन अधिकारी श्री राजेश कुमार भारती, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यदोष मिश्रा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस तरह की योजनाएं न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करती हैं, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन और आर्थिक विकास को भी नई गति देती हैं।
कार्यक्रम के समापन पर जनमानस में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। सोनभद्र में इस आयोजन ने न केवल आस्था की अलख जगाई, बल्कि जनपद को एक नई सांस्कृतिक ऊर्जा भी प्रदान की।

सब कुछ सही है तो मजदूर अब भी बेबस क्यों ओबरा की जमीनी सच्चाई ने खोली सिस्टम की परतें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा/सोनभद्र।
अगर व्यवस्था सच में मजबूत है, तो फिर मजदूर आज भी असुरक्षित और असमंजस में क्यों है? यह सवाल अब केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आवाज बनता जा रहा है। ओबरा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की स्थिति एक ऐसी सच्चाई को उजागर कर रही है, जो कागजों और हकीकत के बीच की गहरी खाई को सामने लाती है।
यहां काम करने वाला मजदूर सिर्फ एक कर्मचारी नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार की उम्मीदों का सहारा है। रोजगार की तलाश में महीनों भटकने के बाद जब उसे काम मिलता है, तो वह नौकरी नहीं बल्कि जीवन की एक नई उम्मीद होती है। लेकिन यह उम्मीद कब बोझ बन जाती है, इसका एहसास तब होता है जब उसे अपने ही अधिकारों के लिए भटकना पड़ता है।
स्थानीय परियोजनाओं की स्थापना के समय यह दावा किया गया था कि क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे उनका जीवन स्तर सुधरेगा। लेकिन वर्तमान हालात इस वादे को धीरे-धीरे कमजोर करते दिख रहे हैं। स्थानीय युवाओं की भागीदारी घट रही है और जो लोग काम कर भी रहे हैं, वे भी अपने अधिकारों को लेकर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं।
सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरी है आउटसोर्सिंग और ठेका प्रणाली। इस व्यवस्था में सबसे नीचे खड़ा मजदूर ही सबसे ज्यादा असुरक्षित है, जबकि ऊपर तक मुनाफे की परतें फैली हुई हैं। दिन-रात मेहनत करने के बावजूद मजदूर को यह तक पता नहीं होता कि उसकी मजदूरी किस आधार पर तय की गई है।
ओवरटाइम का भुगतान कितना होना चाहिए?
छुट्टी के दिन काम करने पर क्या अधिकार हैं?
सालाना बोनस कितना बनता है?
PF और EPF में कितना पैसा जमा हो रहा है?
ये सभी सवाल आज भी अधिकतर मजदूरों के लिए अनसुलझे हैं।
जब कोई मजदूर इन सवालों को उठाता है, तो उसे अक्सर एक ही जवाब मिलता है—
“काम करना है तो करो, नहीं तो बाहर बहुत लोग खड़े हैं।”
यह सिर्फ एक वाक्य नहीं, बल्कि उस डर और मजबूरी की तस्वीर है, जिसमें आज का श्रमिक जी रहा है।
इस मुद्दे को लेकर जब शिकायतें तहसील दिवस, IGRS पोर्टल और संबंधित विभागों में की गईं, तो उम्मीद थी कि निष्पक्ष जांच होगी और वास्तविक सुधार दिखेगा। श्रम विभाग और परियोजना स्तर से निरीक्षण और नियमों के पालन की बात जरूर सामने आई, लेकिन शिकायत के मुख्य बिंदुओं पर स्पष्ट और ठोस जवाब नहीं दिया गया।
यहीं से सवाल और गंभीर हो जाता है—
अगर सब कुछ नियमों के अनुसार हो रहा है, तो फिर समस्याएं खत्म क्यों नहीं हो रहीं?
यह स्थिति एक ऐसे सिस्टम की ओर इशारा करती है, जहां नियम तो हैं, लेकिन उनका सही क्रियान्वयन नहीं हो रहा। यह वैसा ही है जैसे सुरक्षा के सारे इंतजाम होने के बावजूद घटना हो जाए—तो जिम्मेदारी व्यवस्था पर ही आती है।
इस पूरे मुद्दे का सबसे बड़ा समाधान है—पारदर्शिता।
जब तक हर मजदूर को यह स्पष्ट नहीं होगा कि उसे कितना वेतन मिलना चाहिए, ओवरटाइम कैसे तय होता है, बोनस और PF का क्या हिसाब है, और शिकायत कहां करनी है—तब तक बदलाव अधूरा रहेगा।
यह लड़ाई केवल पैसे की नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन की है।
अब यह विषय समाज के सामने इसलिए लाया गया है, ताकि लोग इसे समझें और अपनी राय दें। अगर व्यापक सहमति बनती है, तो आगे की दिशा में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से कदम उठाए जाएंगे।
1 मई—मजदूर दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उस संघर्ष की याद है जिसने श्रमिकों को अधिकार दिलाए। आज जरूरत है उसी भावना को फिर से जागृत करने की।
क्योंकि—
जब जानकारी जागरूकता बनती है,
तो आवाज आंदोलन बनती है।
और जब आवाज एकजुट होती है,
तो बदलाव निश्चित होता है।
अभिषेक अग्रहरी
📞 7268058182

महुली में राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा को CBSE 10+2 की मान्यता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।सोनभद्र जनपद के दुद्धी–विंढमगंज मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल, पोलवा (महुली) ने शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई ) से 10+2 (इंटरमीडिएट) की मान्यता प्राप्त कर ली है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और इसे ग्रामीण शिक्षा के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
इस मान्यता के बाद अब क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट स्तर तक अंग्रेजी माध्यम (CBSE बोर्ड) की शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों को दूर शहरों में भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, साथ ही आर्थिक बोझ में भी कमी आएगी। शिक्षा के क्षेत्र में यह कदम दुद्धी–विंढमगंज क्षेत्र को नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
जश्न में डूबा विद्यालय परिवार: लड्डू बांटे, पटाखे फोड़े, हर तरफ बधाइयों की गूंज
शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने मनाया उत्सव, उपलब्धि को बताया ऐतिहासिक मान्यता की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम के नेतृत्व में शिक्षक, कर्मचारी और क्षेत्रवासी एकत्र हुए और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान पटाखे फोड़े गए और विभिन्न स्थानों पर मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि को साझा किया गया।
इस अवसर पर आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक महबूब आलम, डायरेक्टर मंसूर आलम, मनोज कुमार कन्नौजिया, नवनीत कुमार मिश्रा, हृदय नारायण (प्रधानाचार्य, मॉडर्न आईटीआई हिराचक), राकेश कुमार कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली), सतीश कुमार, कृष्णा कुमार, मेराज अंसारी, विकास कुमार कन्नौजिया, कृष्ण मुरारी, जयप्रकाश शर्मा, रविंदर कुमार, तामरस पूरी, कमलेश कुमार, कृष्णा मेम, शिरीन चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सभी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के शैक्षिक विकास को नई दिशा देगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगा।

विंढमगंज थाना क्षेत्र के जामपानी गांव में मां की फटकार से नाराज कक्षा 9 के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जामपानी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को सन्नाटे में डुबो दिया। मां की डांट से आहत सूरज देव कुमार (15)पुत्र रामलखन यादव ने घर से करीब 300 मीटर दूर नीम के पेड़ पर फंदा लगा लिया।
जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल जाने को लेकर मां ने किशोर को फटकार लगाई। इससे गुस्से में वह घर से निकल गया और पास के नीम के पेड़ पर रस्सी बांधकर आत्महत्या कर ली। घटना की भनक तब लगी, जब आसपास मवेशी चरा रहे चरवाहों ने पेड़ पर लटका शव देखा और चिल्लाना शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर किया गया और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
परिजनों ने बताया कि मृतक कक्षा नौ का छात्र था और अपने दो भाइयों व एक बहन में सबसे बड़ा था। पिता रामलखन यादव रोजगार के सिलसिले में महीनों से बाहर हैं। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

तहसील दिवस पर 31 शिकायतों में एक का मौके पर निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। आज शनिवार को दुद्धी तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों से जुड़े कुल 31 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से एक मामले का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।तहसील दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने की। उन्होंने शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। एसडीएम निखिल यादव ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है।इस अवसर पर तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें एसडीएम दुद्धी निखिल यादव, सीओ दुद्धी राजेश राय, सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, तहसीलदार अंजनी सिंह दुद्धी,खंड विकास अधिकारी दुद्धी विशाल चौरसिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दुद्धी के प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी, ‘स्वच्छ-विकसित भारत’ पर केंद्रित चर्चा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में शनिवार को छात्र विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य थीम ‘विजन स्वच्छ भारत, विकसित भारत, उन्नत भारत’ और ‘ग्लोबली-विज्ञान, रक्षा अनुसंधान एवं कंप्यूटर एआई में भारत की भूमिका’ रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निरंजन जायसवाल विधानसभा अध्यक्ष आपनादल-एस, सीता जायसवाल ग्राम प्रधान मल्देवा, रामेश्वर राय, सर्वेश कुमार सिंह, विजय कुमार यादव तथा उप प्रबंधक गणेशदत्त आईटीआई उपस्थित रहे। प्रबंधन की ओर से डॉ. लवकुश प्रजापति, डॉ. जयवर्धन प्रजापति, डॉ. प्रीति प्रजापति एवं जावेद ने अतिथियों का स्वागत किया।

डॉ. लवकुश प्रजापति ने कहा कि यह प्रदर्शनी छात्रों में वैज्ञानिक सोच जगाने का माध्यम है। स्वच्छ और विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए छात्रों को प्रौद्योगिकी और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
प्राचार्या यशश्वी कपूर के नेतृत्व में प्रभुनारायण जायसवाल, बलवन्त यादव, सुशान्त क्षेत्री, सबस्टीन सुब्बा, रेशना सुब्बा, रॉबर्ट ब्रूस, मोनिका सिंह मेराडोना, निशि गुरूंग, सुप्रिया पाण्डे, सुप्रिया गुप्ता, राहुल गुरूंग, हिना खान, श्रुति पाण्डे तथा समस्त नॉन-टीचिंग स्टाफ ने सहयोग किया।

छात्रों ने पर्यावरण, स्वच्छता, विकास एवं उन्नत प्रौद्योगिकी पर आधारित विज्ञान मॉडल प्रदर्शित कर जागरूकता फैलाई।इस आयोजन ने युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पीएचडी की उपाधि से सम्मानित हुए अमर सिंह ,शिक्षकों व क्षेत्रवासियों में हर्ष

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देने वाले राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के आंग्ल भाषा शिक्षक अमर सिंह को बीते 17 अप्रैल को नई दिल्ली में पीएचडी (PhD) की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है, बल्कि पूरे दुद्धी क्षेत्र और जनपद सोनभद्र के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।
अमर सिंह ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत मार्च 1999 में राजकीय इंटर कॉलेज, दुद्धी से की थी। तब से लेकर अब तक उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, समयनिष्ठा और नियमितता की एक अद्वितीय मिसाल कायम की है। अपने सौम्य स्वभाव, मृदुभाषिता, अनुशासनप्रियता और व्यवहारिक सोच के कारण वे विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे हैं।
गृह जनपद औरैया (पूर्व में इटावा) के निवासी अमर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में न केवल अध्यापन कार्य को उत्कृष्ट बनाया, बल्कि नवीन विद्यालयों के सुचारु संचालन और शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी गहन समझ, अनुभव और नवाचार की सोच ने शिक्षा जगत को निरंतर नई दिशा दी है।
उनकी इस उपलब्धि से जनपद सोनभद्र के शिक्षा क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रीय नागरिकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. अमर सिंह की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई राह दिखाएगी।

कचहरी गेट पर दुद्धी को जिला बनाओं की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।आज शनिवार की दोपहर लगभग 1 बजे दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज पिछले कई दशकों से उठ रही है। समिति द्वारा अब तक 30 घंटे का आमरण भूख हड़ताल, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। उनका कहना रहा कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को भारी भरकम राजस्व की प्राप्ति भी होती है। इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई मंत्री और राजनीतिक नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। लोगों का कहना है कि चुनावी वायदे को निभाते हुए अब सरकार को विकास की राह प्रशस्त करने के लिए दुद्धी को जिला घोषित करना चाहिए।
प्रदर्शन में सिविल बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामलोचन तिवारी,प्रेमचन्द यादव,जितेंद्र श्रीवास्तव,पूर्व सिविल बार संघ अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,आनंद कुमार,रामपाल जौहरी,रामजी पांडे, ओम प्रकाश मिश्रा, सन्नो बनो ,शिवशंकर प्रसाद,आशीष गुप्ता,राकेश अग्रहरि,अमरावती देवी,आदर्श कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ और मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।नारेबाजी के दौरान कचहरी परिसर में माहौल पूरी तरह आंदोलनी रंग में दिखाई दिया।
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पोलवा के मैदान पर प्रतिभाओं का विस्फोट, हर मुकाबले में दिखा जुनून और जज़्बा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

पोलवा स्कूल और आदर्श इंटर कॉलेज के बीच कांटे की टक्कर, पेनल्टी शूटआउट में गूंजी जीत की गर्जना

दुद्धी सोनभद्र।विकासखंड के महुली स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा के भव्य खेल मैदान पर आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का तीसरा दिन खेल प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा। मैदान में जहां एक ओर खिलाड़ियों का जोश चरम पर था, वहीं दूसरी ओर दर्शकों का उत्साह हर मुकाबले को और भी रोमांचक बना रहा था। हर खेल में जीत की चाह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की होड़ ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उमंग से भर दिया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा के शिवम एवं कृष्णा की जोड़ी ने शानदार तालमेल और तेजतर्रार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में मुस्कान एवं प्रिया ने अपने सटीक शॉट्स और बेहतर रणनीति के दम पर प्रथम स्थान हासिल कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
खो-खो के जूनियर बालिका वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली की टीम ने अपनी फुर्ती, चपलता और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल के बाद द्वितीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की तेजी और टीम वर्क ने मैदान में रोमांच का अलग ही माहौल बना दिया।
सीनियर बालक वर्ग के क्रिकेट मुकाबले में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली की टीम ने अपने शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए जीत दर्ज की। बल्लेबाजों की आक्रामकता और गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया, जिससे टीम ने प्रभावशाली विजय हासिल की।
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला जूनियर बालक वर्ग का फुटबॉल रहा, जहां राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा और आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों ही टीमों ने पूरे समय तक जोरदार संघर्ष किया और निर्धारित समय के दोनों हाफ में कोई भी टीम बढ़त नहीं बना सकी। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली ने 3-1 से जीत हासिल कर दर्शकों को रोमांच से भर दिया। हर गोल पर गूंजती तालियों और उत्साह ने माहौल को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राकेश कुमार कन्नौजिया, रविंदर कुमार, शिरीन चक्रवर्ती एवं कृष्णा ने निष्पक्षता और कुशलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिससे सभी मुकाबले पारदर्शिता और खेल भावना के साथ संपन्न हुए।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम, प्रबंधक महबूब आलम, मनोज कुमार, आलोक कुमार, नवनीत कुमार मिश्रा, विकास कुमार कन्नौजिया, मेराज सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
यह चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम बन रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचान और मंच देने का कार्य भी कर रही है। महुली का यह आयोजन अब क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान और जागरूकता का प्रतीक बनता जा रहा है।

जपला गांव में बकरी चराते घायल हुए गंभीरा यादव, सिर पर गंभीर चोट,इलाज जारी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के जपला गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। 40 वर्षीय गंभीरा यादव पुत्र स्व. रामखेलावन घर से करीब सात किलोमीटर दूर जंगल में बकरियां चरा रहे थे। इस दौरान बकरियों को दबाते समय पत्थर पर चोट लगने से वे बुरी तरह घायल हो गए।
खून से लथपथ हालत में किसी तरह घर पहुंचे गंभीरा यादव को देखकर परिजन घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस 102 के ईएमटी पंकज कुमार और विजयलाल तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाकर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज जारी है। हादसे में गंभीरा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों ने बताया कि गंभीरा का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

तुर्रीडीह में दो बाइकों की जोरदार टक्कर, तीन घायल,नशे में तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के तुर्रीडीह गांव में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे टिपका नाला के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने नशे की हालत और तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया।
पहली बाइक पर सवार 50 वर्षीय कामेश्वर पुत्र सोना बच्चा निवासी रन्नू अपने रिश्तेदार के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मूर्ता गांव जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर नगवा गांव निवासी 27 वर्षीय रविशंकर पुत्र पुरुषोत्तम और उनका चचेरा भाई 22 वर्षीय देव सिंह पुत्र रामधनी सवार थे। दोनों बहन के घर से नशे की हालत में लौट रहे थे।
टक्कर के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर 102 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार और चालक विजय राजभर ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद रविशंकर और कामेश्वर के गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविशंकर को मुंह व जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कामेश्वर के सिर पर चोटें हैं। देव सिंह को सीने में आंतरिक चोटें हैं, जिनका इलाज जारी है।
घायल देव सिंह ने बताया कि हम चार भाई थे और बहन के घर से नगवा अपने घर लौट रहे थे। दो चचेरे भाई बाइक पर पहले ही निकल गए थे, उसके बाद पीछे हम दोनों निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविशंकर की बाइक तेज गति से चल रही थी और दोनों नशे में धुत बताएं गए।

बरहपान गांव में तेज रफ्तार बाइक ने 13 वर्षीय बालक को कुचला, बायां पैर फैक्चर,रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र के बरहपान गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।जहां एक 13 वर्षीय बालक को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घायल बालक का नाम गोलू (13) पुत्र सुभाष निवासी मधुपुर बताया गया है। वह अपने नानी के घर के बाहर खेल रहा था, तभी अज्ञात बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गोलू का बायां पैर बुरी तरह फैक्चर हो गया।
परिजनों की सूचना पर 102 एंबुलेंस तत्काल पहुंची। ईएमटी पंकज कुमार और चालक विजय राजभर ने बालक को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दुद्धी विधानसभा में भाजपा का नारी शक्ति सम्मेलन, आंबेडकर जयंती पर संगोष्ठी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत विधानसभा दुद्धी में सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर विशेष संगोष्ठी भी आयोजित हुई, जिसमें महिलाओं के सम्मान और सामाजिक समरसता पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि दुद्धी ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उनका सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें पूर्ण अधिकार प्राप्त हो चुके हैं।

जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने आंबेडकर संगोष्ठी में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक समरसता व समानता के लिए समर्पित कर दिया। भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर चलते हुए सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को पीछे की पंक्ति से आगे लाकर खड़ा किया है, जिससे समाज व देश को नई दिशा मिलेगी। सह-संयोजक बर्फी लाल ने बताया कि बाबा साहब का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। उन्होंने ‘मूकनायक’ व ‘बहिष्कृत भारत’ जैसी पत्रिकाओं से शोषित वंचित वर्ग की आवाज बुलंद की तथा 1927 के महाड़ सत्याग्रह जैसे आंदोलनों का नेतृत्व किया।
जिला महामंत्री शारदा सिंह खरवार व जिला मंत्री मनोज सिंह बबलू ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है और यह करोड़ों महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुद्धी मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने की। संचालन जिला मंत्री सुषमा सिंह गोंड़ व पूर्व मंडल महामंत्री मनीष जायसवाल ने किया। इसमें मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, रणजीत पंनिका, जिला कार्यसमिति सदस्य मीरा सिंह गोंड़, मंडल उपाध्यक्ष बृजेश कुशवाहा, मंडल महामंत्री प्रेमनारायण, मोनू सिंह, रिंकी जायसवाल, संजय गुप्ता, युवामोर्चा अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी, पीयूष कसेरा, विकास सोनी, प्रवीण जायसवाल, हिमांशु चौरसिया, धर्मेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खेल महाकुंभ में महुली के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, दूसरे दिन दिखी प्रतिभा की चमक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

खो-खो, कबड्डी, दौड़, जूडो, चेस व कैरम में जोरदार मुकाबले, 18 अप्रैल को होंगे और रोमांचक इवेंट

दुद्धी सोनभद्र ।विकास खंड के अंतर्गत महुली-पोलवा स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल में चल रहे चार दिवसीय अंतर विद्यालयी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेल मैदान में जोश, जुनून और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
खो-खो की सीनियर बालिका वर्ग प्रतियोगिता में आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया, जबकि राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं जूनियर बालिका कबड्डी में राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
सीनियर बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में आदर्श इंटरमीडिएट कालेज के देव पुरोहित ने अपनी तेज रफ्तार से सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। जूडो प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में भी आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा द्वितीय स्थान पर रहा।
इसके अलावा जूनियर बालिका लूडो प्रतियोगिता में राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा प्रथम एवं आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली द्वितीय रहा। चेस जूनियर बालक वर्ग में राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल ने बाजी मारी और आदर्श इंटरमीडिएट कालेज द्वितीय स्थान पर रहा। कैरम प्रतियोगिता में आदर्श इंटर कॉलेज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें राकेश कुमार कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली), मेराज अंसारी, कृष्ण विश्वकर्मा एवं रवींद्र कुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर कमलेश कुमार पासवान, विकास कुमार कन्नौजिया, तामरस पुरी, कृष्ण, शिरीन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि 18 अप्रैल को प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट एवं खो-खो की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ेगा।

ओबरा में नारी शक्ति का जोश हाई महिला आरक्षण’ के समर्थन में निकली भव्य पदयात्रा गूंजे सशक्तिकरण के नारे

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र):
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में बुधवार को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023” के प्रचार-प्रसार को लेकर ऐसा उत्साह देखने को मिला, जिसने पूरे नगर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महिला सशक्तिकरण और उनकी सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर से भव्य नारी शक्ति पदयात्रा और दीवार हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० डॉ० प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में हुई। सबसे पहले नारी शक्ति वंदन हस्ताक्षर दीवार पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने हस्ताक्षर कर इस ऐतिहासिक अधिनियम के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके बाद जो नजारा सामने आया, वह बेहद प्रेरणादायक था—हाथों में बैनर और तख्तियां लिए छात्र-छात्राओं का कारवां महाविद्यालय से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा।
पदयात्रा के दौरान गूंजते नारों
नारी का सम्मान देश का अभिमान
महिलाओं को अधिकार तभी होगा विकास साकार
ने पूरे वातावरण को जागरूकता और उत्साह से भर दिया। राहगीरों और नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को समर्थन दिया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ० विभा पाण्डेय ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में समान भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान समानता और अधिकारों की भावना विकसित करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
इस मौके पर डॉ० बीना, डॉ० संघमित्रा अंजलि मिश्रा सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
यह भव्य पदयात्रा न केवल जागरूकता का संदेश देने में सफल रही, बल्कि समाज में महिलाओं के अधिकारों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में उभरी।

सड़क पर मौत का मोड़! अनियंत्रित बाइक ने ली जोरदार टक्कर युवक-बच्चा गंभीर घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। बभनी-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर स्थित नधिरा जंगल गुरुवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठा, जब तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बड़ा हादसा कर दिया। सड़क पर दौड़ती एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक और उसके साथ बैठा मासूम बच्चा बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, झारों कला निवासी रामनारायण (30 वर्ष) पुत्र मनोहर सुबह के समय अपनी बाइक से नधिरा गांव स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही वह नधिरा जंगल के समीप पहुंचे, अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बाइक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में रामनारायण के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। वहीं बाइक पर सवार बच्चा भी इस भीषण टक्कर में घायल हो गया। दोनों को दर्द से कराहते देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को संभाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नधिरा जंगल के इस हिस्से में सड़क की स्थिति और तीखे मोड़ अक्सर दुर्घटनाओं को न्योता देते हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है

डॉक्टरों की कमी से जूझता मेडिकल सिस्टम हर घर जल पर उठे सवाल सड़कों पर उतरी सपा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जनपद में बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था और पानी की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर स्वास्थ्य विभाग और जलापूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता प्रमोद यादव ने स्वास्थ्य विभाग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। खासकर गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो सरकार के दावों की पोल खोल रहा है।
प्रमोद यादव ने कहा कि “सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत यह है कि अस्पतालों में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिना इलाज लौटना पड़ता है।”
सपा कार्यकर्ताओं ने ‘हर घर जल’ योजना को भी पूरी तरह फेल बताते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पानी की सप्लाई अनियमित है। कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, जबकि सरकार कागजों में योजना को सफल दिखा रही है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जल निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण आम जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही स्वास्थ्य और पानी की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो सपा कार्यकर्ता बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर हालात में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

दुद्धी में भाजपा का डॉ. अंबेडकर सम्मान अभियान ,कल ब्लॉक सभागार में संगोष्ठी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा दुद्धी इकाई द्वारा भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में विशेष अभियान के तहत कल एक संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।इस कार्यक्रम में दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के काफी संख्या में भाजपा नेता कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी ।
सूत्रों के अनुसार, संगोष्ठी 17 अप्रैल (शुक्रवार) को दोपहर 1 बजे से ब्लॉक सभागार दुद्धी में शुरू होगी। पार्टी ने सभी कार्यकर्ता बंधुओं से ससमय उपस्थित होकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। यह अभियान डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

दुद्धी रामनगर रेलवे क्रासिंग पर भयंकर सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक उछलकर 100 मीटर दूर गिरा,राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर रेलवे क्रासिंग पर बुधवार रात करीब 10 बजे भयावह सड़क हादसा हो गया। बघाडू से डुमरडीहा लौट रहे तेज रफ्तार बाइक सवार राजमिस्त्री उमाशंकर (45) पुत्र सीताराम निवासी डुमरडीहा, की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्रासिंग पार करते हुए करीब 100 मीटर दूर उछलकर जा गिरी। फिलहाल टक्कर किस वाहन या वस्तु से हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों और पुलिस सूत्रों के अनुसार उमाशंकर बघाडू गांव से शादी समारोह से निमंत्रण देकर अकेले बाइक पर घर लौट रहे थे,की रामनगर रेलवे क्रासिंग के पास घटना का शिकार हो गए ।घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से 102 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज और चालक गंभीर हालत में युवक को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया ,जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूचना पर परिजन और डुमरडीहा के ग्रामीण सीएचसी पहुंचे। परिजनों ने बताया कि उमाशंकर दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिसमें बड़ा पुत्र विवाहित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। हाई स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलकर 100 मीटर दूर गिरी, जबकि शव रेलवे पटरी पर मिला। कोतवाली पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
बता दे कि दुद्धी क्षेत्र में इन दिनों सड़क हादसों का सिलसिला बढ़ गया है। अधिकांश मामले शराब के नशे से जुड़े हैं, जबकि संकरी सड़कें मुख्य कारण बताई जा रही हैं। बुधवार को ही तीन हादसे हुए। पहला कस्बे के एसबीआई बैंक के पास, जहां तीन लोग घायल हुए। दूसरा डीआर पैलेस के समीप, जहां दो बाइकों की टक्कर से चार घायल हुए ,जिसमें एक को गंभीर हालत में रेफर किया गया। तीसरा यही रामनगर क्रासिंग वाला हादसा था।लगातार बढ़ते हादसों से स्थानीय लोग सहमे हैं।

पोलवा के खेल मैदान में खेल प्रतिभाओं का भव्य संगम, चार दिवसीय प्रतियोगिता का शानदार आगाज़

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।विकास खंड दुद्धी क्षेत्र के राष्टीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा के खेल मैदान पर गुरुवार को अंतर विद्यालय चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे तक चले पहले सत्र में खेल मैदान खिलाड़ियों की ऊर्जा, दर्शकों की तालियों और प्रतिस्पर्धा के रोमांच से सराबोर नजर आया। आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली, राष्टीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा, मॉडर्न आईटीआई हिराचक एवं एम.एस. डिग्री कॉलेज पोलवा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को खेल पर्व में बदल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन मकसूद आलम, विशिष्ट अतिथि प्रबंधक महबूब आलम एवं डायरेक्टर मंसूर आलम द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद कक्षा 1 व 2 के नन्हें धावकों की 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मकसूद आलम ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है, जिससे अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। विशिष्ट अतिथि महबूब आलम ने कहा कि प्रतियोगिता में भागीदारी ही सबसे बड़ी उपलब्धि है और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची जीत है। डायरेक्टर मंसूर आलम ने कहा कि खेल जीवन में संघर्ष करना सिखाते हैं और यही संघर्ष सफलता की राह खोलता है।
सुबह आयोजित 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में शिवाय (आदर्श महुली), अनिकेत एवं देव पुरोहित ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर सबसे तेज धावक बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में सविता (राष्टीय), सुहानी एवं अनामिका ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सबसे तेज धाविका का खिताब अपने नाम किया। इन धावकों के प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और पूरे मैदान में तालियों की गूंज सुनाई दी।

प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ कक्षा 1-2 में शिवाय (आदर्श महुली) प्रथम, अथर्व (राष्टीय) द्वितीय एवं लक्ष्य तृतीय रहे। कक्षा 3-5 में अनिकेत प्रथम, शिवांश गुप्ता द्वितीय एवं कृष राज पुरोहित तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में देव पुरोहित प्रथम, तेजबली द्वितीय एवं अंकुश तृतीय रहे। बालिका वर्ग कक्षा 3-5 में सविता (राष्टीय) प्रथम, रिया द्वितीय एवं अनुप्रिया तृतीय रहीं, जबकि जूनियर वर्ग में सुहानी प्रथम, अंशु (राष्टीय) द्वितीय एवं दिव्यांशु तृतीय रहीं। सीनियर बालिका वर्ग में अनामिका प्रथम, अक्षरा द्वितीय एवं आकृति (राष्टीय) तृतीय रहीं। 200 मीटर दौड़ कक्षा 1-2 में वैदिक राज पुरोहित प्रथम, अर्जुन (राष्टीय) द्वितीय एवं शिवाय तृतीय रहे, जबकि कक्षा 3-5 में रेहान (राष्टीय) प्रथम, कृष राज पुरोहित द्वितीय एवं आरो तृतीय स्थान पर रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका जूनियर वर्ग में राष्टीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा प्रथम तथा आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली द्वितीय रहा, जबकि बालक वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली प्रथम एवं राष्टीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा द्वितीय रहा।

आयोजन के दूसरे दिन 17 अप्रैल को जूनियर एवं सीनियर वर्ग की 200 मीटर दौड़, खो-खो (बालक-बालिका), कैरम एवं लूडो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें खिलाड़ियों के बीच और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राकेश कुमार कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली) एवं रविंद्र कुमार (राष्टीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा) ने निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
इस अवसर पर कमलेश कुमार पासवान, तामरस पुरी, राकेश सिंह, आलोक कुमार, विकास कुमार, कृष्ण, दिव्य, शिरीन चक्रवर्ती, आशा, प्रतिमा, पूजा, प्रियांशी, रिंकी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि पूरे क्षेत्र में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार भी किया।

बाबा साहब की आदम कद प्रतिमा लगाने को लेकर विधायक अनंत प्रताप देव ने किया भूमि पूजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

रिपोर्ट – केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार प्रखंड अंतर्गत बलिगढ़ पंचायत के चेचरिया गांव में डॉ.भीमराव अंबेडकर विचार मंच के तत्वावधान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापना को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब एवं गौतम बुद्ध के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसके बाद विधायक अनंत प्रताप देव ने विधिवत आधारशिला रखी। इस दौरान पूरा क्षेत्र “जय भीम” और “बाबा साहेब अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि आज वे जिस पद पर हैं, वह संविधान की ही देन है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब केवल एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे समाज के पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने सभी सरकारी संस्थानों में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि चेचरिया में स्थापित होने वाली यह प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश का प्रतीक बनेगी।
इस अवसर पर विधायक ने भूमि दाता सेवानिवृत्त हवलदार कपिल देव राम एवं उनकी पत्नी मीना देवी को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी, धर्मराज पासवान, शैलेन्द्र सिंह उर्फ छोटन, नगर जिला परिषद सदस्या बाला रानी, केतार प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी, उप प्रमुख शंभु सिंह, मुखिया मुगा साह, मुखिया प्रतिनिधि मनोरंजन प्रसाद गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद, छोटन कुमार सिंह, लल्लू राम, सुरेश गुप्ता, संजय वर्मा, योगेन्द्र राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लालेश्वर राम एवं संचालन रमेश राम ने किया।
इसी क्रम में विधायक अनंत प्रताप देव ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए परसोडीह गांव निवासी 6 वर्षीय प्रिंस कुमार, जो गर्म पानी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है, के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता की अनुशंसा की तथा तत्काल राहत स्वरूप 30 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

भरहरी में गूंजा ‘जय भीम महादेवी वर्मा शोध संस्थान में सामाजिक न्याय का भव्य महासंग्राम, 14 विभूतियाँ सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। चोपन विकास खंड के ग्राम पंचायत भरहरी स्थित महादेवी वर्मा साहित्य शोध संस्थान मंगलवार को उस समय विचारों की क्रांति का केंद्र बन गया, जब भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती ‘सामाजिक न्याय दिवस’ के रूप में पूरे जोश, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम ने न सिर्फ बाबा साहेब के विचारों को जीवंत किया, बल्कि समाज में समानता और न्याय के संदेश को नई ऊर्जा भी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के संरक्षक डॉ. बृजेश महादेव एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। जैसे ही कार्यक्रम आगे बढ़ा, पूरा परिसर ‘जय भीम’ और ‘बाबा साहेब अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह सामाजिक चेतना से सराबोर हो गया।
मुख्य वक्ता डॉ. बृजेश महादेव ने अपने ओजस्वी संबोधन में बाबा साहेब के जीवन संघर्षों और उनके अद्वितीय योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि मानवता, समानता और ज्ञान के ऐसे वैश्विक प्रतीक हैं, जिनके विचार आज भी हर पीढ़ी को दिशा देते हैं। उन्होंने इस आयोजन को संस्थान के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि पहली बार इतने बड़े और संगठित रूप में जयंती समारोह का आयोजन किया गया है, जो भविष्य के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
डॉ. महादेव ने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के मूल मंत्र—‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’—को अपने जीवन में उतारें और समाज में व्याप्त भेदभाव व कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रहा 14 प्रमुख समाजसेवियों का सम्मान, जिन्हें उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए संस्थान द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राज कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार सिंह, बलन्दर सिंह, नागेश्वर डॉक्टर, ललित कुमार सिंह, हिस्पति राम सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, कृपा शंकर शर्मा, श्याम सुंदर भारती, बब्बू भारती, विजय कुमार सिंह, लाल कुमार सिंह एवं आयुश सिंह शामिल रहे। इस सम्मान समारोह ने समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बाबा साहेब का जीवन एक खुली किताब की तरह है, जिससे हर व्यक्ति धैर्य, संघर्ष और आत्मविश्वास की प्रेरणा ले सकता है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित जनसमूह ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करते हुए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
समारोह के भव्य समापन के साथ ही यह संदेश स्पष्ट हो गया कि भरहरी की धरती से उठी यह सामाजिक चेतना की लहर दूर-दूर तक समाज को जागरूक और संगठित करने का काम करेगी।

ओबरा में गरजा ‘जय भीम’ का हुंकार, बाबा साहब की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब शोभा यात्रा से लेकर बिरहा मुकाबले तक रहेगा जश्न का धमाका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)। पूरे नगर में इन दिनों नीले रंग की छटा और “जय भीम” के गगनभेदी नारों की गूंज सुनाई दे रही है। अवसर है भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती का, जिसे लेकर ओबरा में इस बार कुछ खास और भव्य करने की तैयारी ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया है। हर गली-मोहल्ले में सजावट, बैनर और जोश—मानो पूरा नगर बाबा साहब के विचारों में रंग गया हो।
14 अप्रैल: जब सड़कों पर उतरा ‘जय भीम’ का सैलाब
जयंती के मुख्य दिन 14 अप्रैल को ओबरा की सड़कों पर ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। रविदास नगर (वार्ड नं. 1, बिल्ली पोखरा) से शुरू हुई विशाल शोभा यात्रा ने जैसे-जैसे नगर के प्रमुख मार्गों को पार किया, वैसे-वैसे भीड़ का कारवां बढ़ता चला गया।
मोतीचंद चौराहा, अनुप मेडिकल और गजराज नगर से गुजरती हुई यह यात्रा जब बुद्ध बिहार पहुंची, तब तक यह एक जनसैलाब का रूप ले चुकी थी।
हजारों की भीड़, हाथों में नीले झंडे, और “जय भीम” के गूंजते नारे—पूरा माहौल सामाजिक एकता, जागरूकता और सम्मान का प्रतीक बन गया। आयोजकों के मुताबिक, इस ऐतिहासिक यात्रा में 5 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।
20 अप्रैल: जब मंच पर उतरेगा ज्ञान और मनोरंजन का संगम
जयंती समारोह का दूसरा और सबसे दिलचस्प चरण 20 अप्रैल को गजराज नगर (मनिष सूद पेट्रोल पंप के सामने, वार्ड नं. 3) में आयोजित होगा, जहां दिन से लेकर रात तक कार्यक्रमों की झड़ी लगेगी।
वैचारिक संगोष्ठी:
बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और आधुनिक भारत में उनके योगदान पर विद्वानों की गूंजती आवाजें लोगों को नई दिशा देंगी।
सांस्कृतिक धमाका – बिरहा मुकाबला:
शाम ढलते ही मंच पर बिरहा का जादू चलेगा। मशहूर गायिका रविना रवि रंजन अपनी दमदार आवाज से समां बांधेंगी, वहीं उनके साथ शिवचरण दीवान भी रंग जमाएंगे। यह मुकाबला दर्शकों के लिए यादगार बनने वाला है।
आयोजन में जुटी टीम, दिन-रात बहा रही पसीना
इस पूरे महोत्सव को सफल बनाने के लिए ओबरा की एक मजबूत टीम पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत कर रही है। आयोजन समिति में जितेन्द्र कुमार भारती, चन्द्रकान्त राव, तेरस भारती, राजेश कुमार, मुकेश भारती समेत कई समर्पित लोग जुटे हैं।
वहीं व्यवस्था संभालने में ज्ञान सिंह उर्फ बुल्लू पटेल, विकास भारती, मुकुन्द राव और अन्य सहयोगी भी पूरी ताकत लगा रहे हैं। मंच संचालन की कमान मशहूर उद्घोषक शिवचरण दिवाना के हाथों में रहेगी, जो अपने अंदाज से कार्यक्रम में जान डाल देंगे।
नगरवासियों से खास अपील
आयोजन समिति ने ओबरा के सभी नागरिकों, युवाओं और प्रबुद्धजनों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
कुल मिलाकर, ओबरा में इस बार अंबेडकर जयंती सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक रंग और जनएकता का विराट उत्सव बन चुकी है—जहां हर दिल से बस एक ही आवाज उठ रही है जय भीम!

बाबा साहब की जयंती पर ओबरा बना उत्सव स्थल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा, सोनभद्र। भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मंगलवार को ओबरा में भव्य रूप से मनाई गई। पूरा नगर इस अवसर पर उत्सव में डूबा नजर आया और “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम का मुख्य केंद्र डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम रहा, जहां सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आमजन से लेकर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान ताप विद्युत गृह ओबरा के मुख्य महाप्रबंधक इं. आरके अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी, अधीक्षण अभियंता इं. चंद्रमा प्रसाद, प्राचार्य प्रमोद कुमार, एससी/एसटी शिक्षक महासभा के जिलाध्यक्ष रवीश कुमार सहित अन्य अतिथियों ने बाबा साहब को नमन किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित संविधान देकर देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
जयंती समारोह में शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्टेडियम से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अम्बेडकर चौक पहुंचा।
जुलूस के दौरान “जय भीम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। चौक पर पहुंचकर यह जुलूस एक सभा में बदल गया, जहां वक्ताओं ने बाबा साहब के संघर्षों, उनके व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अधिवक्ता, इंजीनियर, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
पूरे आयोजन ने यह दर्शाया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी जन-जन के दिलों में जीवित हैं और समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।

एक ही बाइक पर सवार तीन रिश्तेदार हुए सड़क हादसे का शिकार,किशोर का पैर ट्रैक्टर के पहिए तले आया, चालक फरार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कस्बे के रांची रीवां राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-39 पर अमवार मोड़ के पास एसबीआई बैंक के समीप बुधवार दोपहर करीब एक बजे सड़क हादसा हो गया।परनी गांव से जाबर गांव रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने जा रहे तीन रिश्तेदारों की बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
घायलों से मिली जानकारी के अनुसार ,सनझरिया देवी (60)पत्नी स्व चत्रगुन निवासी परनी थाना म्योरपुर और कृष्णा 17 पुत्र स्व रमेश निवासी जाबर दुद्धी को उनके रिश्तेदार प्रेम (34)पुत्र परमानंद निवासी भलपहरी थाना बभनी बाइक पर बैठाकर कर जाबर गांव जा रहे थे कि दुद्धी पहुंचने पर सीबीआई बैंक के समीप एक अज्ञात वाहन से टक्कर लगने पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर के चपेट में कृष्णा का बायां पैर आ गया और ट्रैक्टर का मध्य पहिया उसके पैर पर चढ़ गया।
कृष्णा के चीखने पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर को रोका और चालक को आवाज लगाई, तब जाकर ट्रैक्टर पीछे किया गया। हालांकि, कुछ देर बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में किशोर कृष्णा को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य दो को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस 102 के ईएमटी पंकज कुमार और चालक ने सनझरिया देवी को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जबकि अन्य दोनों को निजी साधन से अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है।घायलों ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है । समाचार लिखे जाने तक इलाज जारी रहा ।

दुद्धी में अंबेडकर जयंती पर खजुरी से निकला विशाल जुलूस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बुधवार को क्षेत्र में उत्साह का दौर दिखा। खजुरी से निकाली गई विशाल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में बाबा साहब के अनुयायी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकला यह जुलूस प्रमुखों मार्गो व विभिन्न वार्डों व मुख्य चौराहों से गुजरा। रास्ते भर नीले झंडों, बाबा साहब की प्रतिमाओं से सजा जुलूस लोगों का आकर्षण बना रहा। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

प्रशासन और आयोजन समिति के अनुसार, जुलूस का समापन वार्ड नंबर दो, रामनगर में होगा। यहां सभा आयोजित कर बाबा साहब के जीवन संघर्षों व सिद्धांतों पर प्रकाश डाला जाएगा।
जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस बल ने यातायात सुचारू रखा और शांति सुनिश्चित की।

दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में चार घायल,बहन का तिलक चढ़ाने आए भाई की हालत गंभीर ,रेफर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कस्बे में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुद्धी में चल रहे तिलक कार्यक्रम में पहले से पहुंचे दो युवकों की अपाची बाइक बाजार से होकर तिलक स्थल पर लौट रही थी, तभी एनएच-39 मार्ग पर डीआर पैलेस के समीप सामने से आ रही होंडा साइन बाइक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार पहले बाइक के सवार दिलीप कुमार (32) पुत्र रामभजन और रंजीत कुमार (28)पुत्र रमेश दोनों करौदा राजगढ़, मिर्जापुर के निवासी हैं। दोनों मित्र दुद्धी तिलक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे,और किसी जरूरी काम से बाजार गए थे और बाजार से तिलक कार्यक्रम में वापस लौट रहे थे।वहीं दूसरी बाइक पर सवार मुकेश कुमार (18), स्व. बाललेश्वर का पुत्र और सूरज (16), पुत्र राजेश, दोनों पतरिहा के निवासी थे,जो दुद्धी के तरफ आ रहे थे ।दोनों बाइकों की आमने सामने की जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई । घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट हो गई।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रंजीत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष तीनों घायलों दिलीप कुमार, मुकेश कुमार और सूरज का इलाज सीएचसी दुद्धी में ही जारी है। चिकित्सक ने बताया कि रंजीत को सिर पर गंभीर चोटे आई है जिसे बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर किया गया है जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है ।
इधर, हादसे की जानकारी पाते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दुद्धी में धूमधाम से मनाई डॉ.आंबेडकर की 135वीं जयंती, स्कूलों व अम्बेडकर नगर में भव्य आयोजन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती आज मंगलवार को क्षेत्र में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, तहसील परिसर तथा कस्बा वार्ड नंबर 3 स्थित अम्बेडकर नगर में आयोजित कार्यक्रमों में बाबासाहेब के जीवन संघर्ष, दलित उत्थान, संविधान निर्माण और सामाजिक न्याय में उनके योगदान को याद किया गया।
कस्बा स्थित प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में प्रबंधन की अगुवाई में समारोह आयोजित हुआ। प्रबंध निदेशक डॉ. लवकुश प्रजापति ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर ने अपने जीवन में अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अथक संघर्ष किया तथा भारतीय संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और न्याय की नींव रखी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि बाबा साहब के आदर्शों को ग्रहण कर शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन लाएं, संगठित होकर अन्याय के विरुद्ध खड़े हों तथा उनके नारे “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को जीवन का आधार बनाएं। डॉ. प्रजापति ने यह भी जोर दिया कि आज के दौर में बाबासाहेब के विचारों का पालन कर दलितों और वंचित वर्गों का उत्थान ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता भी किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य यशश्वी कपूर, जावेद, सुशान्त क्षेत्री, बलवन्त यादव, सबस्टीन सुब्बा, रेशमा सुब्बा, निशि गुरूंग, राहुल गुरूंग, रॉबर्ट ब्रूस, मैराडोना मसीह, अभिषेक, सुप्रिया पाण्डे, श्रुति पाण्डे, हिना खान व सुप्रिया गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी शामिल हुए। वक्ता बलवन्त यादव, यशश्वी कपूर, सुशान्त क्षेत्री, इंजीनियर सेतलाल व हेमन्त कुमार ने बाबासाहेब के आदर्शों पर विचार रखते हुए छात्रों को समानता और न्याय का संदेश दिया।
इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी में छात्राओं ने भावपूर्ण भाषण, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। प्रभारी प्रधानाचार्या डॉ. रीतिका श्रीवास्तव व अन्य शिक्षिकाओं ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान शोभा कुमारी यादव, डॉ. प्रीति शर्मा, वर्षा, संचिता श्रीवास्तव, समायरा खान, राधा कुमारी, आरती कुमारी, मंजूलता, अंजली राय, रूमन राय, महिमा यादव, आकांक्षा आदि उपस्थित रहीं ।
तहसील परिसर में तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर तहसील स्तर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बाबासाहेब के आदर्शों को नमन किया। इसके अलावा भाऊराव देवरस राजकीय महाविद्यालय दुद्धी ,राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी और बीआरसी परिसर दुद्धी सहित अन्य सरकारी गैरसरकारी संस्थाओं में भी अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनके योगदान को स्मरण किया ।
इसी क्रम में कस्बा वार्ड नंबर 3 आंबेडकर नगर में स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी,इससे एक दिन पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया था, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

दुद्धी के जंगल में पेट्रोल टैंकर से 2.27 क्विंटल गांजा बरामद, गोरखपुर एंटी-नारकोटिक्स ने चालक को दबोचा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। झारखंड से रायबरेली के लिए रवाना पेट्रोल-डीजल टैंकर में छिपाकर ले जाए जा रहे 2.27 क्विंटल गांजे को गोरखपुर एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ ) ने दुद्धी कोतवाली के रजखड़ घाटी जंगल क्षेत्र में पकड़ लिया। करीब 34 लाख रुपये कीमत का यह माल नौ बोरियों में टैंकर के अंदर ठूंसकर ले जाया जा रहा था। चालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मुखबिर की टिप पर टीम प्रभारी रमेश राम और उप निरीक्षक शशिकांत राय की अगुवाई में पुलिस ने संदिग्ध सफेद टैंकर यूपी 75 एम 8553 को घेर लिया। तलाशी लेने पर टैंकर में गांजा भरी बोरियां बरामद हुईं। चालक रियाज अहमद पुत्र मोहम्मद वसीर निवासी पूरेदुलम अमावा थाना रायबरेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने कबूल किया कि माल झारखंड से रायबरेली भेजा जा रहा था।पुलिस अब पूरे तस्करी गिरोह का खुलासा करने में लगी हुई है। टैंकर में नौ बोरी नशीला पदार्थ छिपाने का यह अनोखा तरीका देखकर अधिकारी हैरान हैं, लेकिन लगातार निगरानी से तस्करों की साजिशें नाकाम हो रही हैं।