दुद्धी में पिता की पुण्यतिथि पर सर्राफा व्यापारी का सराहनीय कार्य, वृद्धाश्रम में वितरित किए कंबल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। मां गायत्री ज्वेलर्स के संचालक अवधेश सोनी ने अपने पिता की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को कंबल वितरित कर मानवता की मिसाल कायम की। प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट दुद्धी के संस्थापक विकास कुमार अग्रहरि के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के संस्थापक सुरेंद्र अग्रहरि (गुरुजी) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रमुख उपस्थितजनों में गुड्डू गुप्ता प्रगति फाउंडेशन के सक्रिय संरक्षक मधुसूदन सोनी,अमित सोनी,कृपा शंकर सोनी मौजूद रहे ।

दुद्धी में किसानों का उग्र प्रदर्शन, जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम के नेतृत्व में रैली, तहसीलदार को सौंपा 6 सूत्री ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।आज सोमवार को जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम (बधाडू क्षेत्र) के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने सोमवार दोपहर बाद डीसीएफ कॉलोनी दुद्धी से रैली निकालकर तहसील परिसर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां थामे नारेबाजी करते हुए किसान मेन रोड और बस स्टैंड होते हुए तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने न्यायिक एस.डी. एम. अश्वनी कुमार को 6 सूत्री जनहित ज्ञापन सौंपा, । जिसमें धान खरीदी, खाद आपूर्ति, आदिवासी आरक्षण और वन भूमि जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि दुद्धी तहसील अति गरीब, दलित-आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। नवंबर 2025 से धान खरीदी कागजों पर चल रही है, लेकिन हाइब्रिड धान को ‘हाइब्रिड’ कहकर खरीदा नहीं जा रहा। किसान आढ़तियों को औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं, जबकि सरकारी कृषि केंद्रों से यही हाइब्रिड बीज बेचे गए। राइस मिलर्स की मनमानी और क्रय केंद्र प्रभारियों पर दबाव के कारण भी खरीदी रुकी हुई है। वहीं, यूरिया-डीएपी खाद की कमी से किसान भूखे-प्यासे धक्के खा रहे हैं।
आदिवासी आरक्षण पर भी ज्ञापन में अन्याय की शिकायत की गई। 2011 जनगणना के अनुसार सोनभद्र में प्रदेश के 20% से अधिक जनजातीय आबादी है, लेकिन 2021 पंचायत चुनाव में मात्र 28 प्रधान सीटें आरक्षित हुईं, जबकि 131 बननी चाहिए। नौकरियों, जिला-क्षेत्र पंचायतों में भी भेदभाव हो रहा। इसके अलावा धारा-20 वन भूमि पर बाप-दादा से काबिज मूल निवासियों का उत्पीड़न, अमवार-कनहर परियोजना से विस्थापितों को पैकेज न मिलना और नहर निर्माण में देरी जैसे मुद्दे उठाए।
मांगों में ‘ दुद्धी तहसील में धान खरीदी की बाधाएं तत्काल दूर कर शुरू कराएं।,हाइब्रिड सहित सभी धान खरीदा जाए, शोषण रोका जाए।,2026 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनजातीय आबादी के अनुपात में आरक्षण लागू करें, नौकरियों में भी।,खाद आपूर्ति समय पर और पर्याप्त करें।,धारा-20 वन भूमि पर आदिवासियों का उत्पीड़न रोका जाए।,कनहर-अमवार परियोजना विस्थापितों को पैकेज दें, नहर शीघ्र बनाकर सिंचाई सुनिश्चित करें।
जुबेर आलम ने कहा कि महामहिम राज्यपाल के माध्यम से ज्ञापन सरकार तक पहुंचे। त्वरित कार्रवाई न हुई तो बड़ा आंदोलन होगा, जिम्मेदारी प्रशासन की। न्यायिक एडीएम अश्वनी कुमार ने ज्ञापन स्वीकार कर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन किसानों में आक्रोश साफ झलक रहा था।
प्रदर्शन में किसान मोर्चा अध्यक्ष रामलोचन तिवारी , जनक धारी सिंह गौड,बुंदेल चौबे,कलामुद्दीन सिद्दीकी,राजू शर्मा ,अभिनव जायसवाल ,आशीष गुप्ता ,अविनाश यादव,सूर्यमणि यादव ,हरिहर प्रसाद,राजकुमार सिंह,रुपेश ,भगवानदास,रामनारायण गौड,ओमप्रकाश यादव ,राजाराम ,उमाशंकर मरकाम ,रामनाथ सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे ।

विहिप-बजरंग दल की बैठक, बांग्लादेश अत्याचारों पर चिंता, माघ मेला में सक्रिय भागीदारी का संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल काशी प्रांत रेणुकूट जिला की महत्वपूर्ण बैठक रविवार देर शाम म्योरपुर पंचायत भवन में संपन्न हुई। भगवान श्री राम-माता सीता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह की अध्यक्षता में शुरू हुई इस बैठक में काशी प्रांत के नौ प्रखंडों से सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक का मुख्य फोकस संगठन को और मजबूत बनाने पर रहा। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों, धार्मिक स्वतंत्रता के हनन और मानवाधिकार उल्लंघन पर गहन चर्चा हुई। विहिप जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह जी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे जुल्मों के खिलाफ संगठित रूप से आवाज उठाना हमारा कर्तव्य है। हमें एकजुट होकर इन मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर लाना होगा।
वक्ताओं ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।
बैठक में प्रयागराज माघ मेला में बढ़चढ़कर भाग लेने और सहयोग करने की अपील की गई। अब तक के कार्यों की समीक्षा की गई, नई रणनीति तैयार की गई। नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जबकि पुराने कार्यकर्ताओं को पदोन्नति दी गई। बजरंग दल प्रांत सह संयोजक संदीप गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप एकजुट होकर कार्य करें, ताकि हिंदू समाज की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

बैठक में मुख्य रूप से विहिप जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह, प्रांत सह समरसता प्रमुख राजेश सिंह, बजरंग दल प्रांत सह संयोजक संदीप गुप्ता , दुद्धी प्रखंड से जिला सह संयोजक आलोक जायसवाल,विकास जौहरी सुरक्षा प्रमुख ,प्रखंड संयोजक सोनू जायसवाल और प्रखंड सह संयोजक शनि कश्यप शामिल रहे। बैठक में चुने गए नए पदाधिकारियों को तत्काल कार्य की जिम्मेदारी सौंप दी गई। बजरंग दल के आनंद जी को प्रखंड मंत्री, पुनीत अग्रहरि (एडवोकेट) व सत्यम दीक्षित को प्रखंड सह मंत्री, शनि कश्यप व आदित्य कुमार को प्रखंड सह संयोजक बनाया गया। इसी क्रम में बालोपासन प्रखंड प्रमुख विवेक सिंह, राकेश कुमार को प्रखंड सत्संग प्रमुख व सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।बैठक में नौ प्रखंडों के काफी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

दुद्धी में क्रिसमस की धूम, विद्युत झालरों से जगमगाया गिरजाघर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। आगामी 25 दिसंबर को क्रिसमस के पावन पर्व के आगमन पर दुद्धी के प्रमुख गिरजाघर को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइट्स और चमकदार सजावट से पूरा परिसर जादुई आभा से नहा गया है, जिससे ईसाई समुदाय में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है।

गिरजाघर के पादरी मिथिलेश मसीह ने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से ऊर्जा-कुशल एलईडी झालरों का उपयोग किया गया है, जो पर्यावरण अनुकूल भी हैं। सजावट में क्रिसमस-आधारित लाइटिंग शामिल है। स्थानीय ईसाई समुदाय के अलावा अन्य धर्मों के लोग भी इस सजावट को देखने उमड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को विशेष प्रार्थना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
यह सजावट दुद्धी की सांस्कृतिक समरसता का सुंदर प्रतीक बन गई है।

दो दिवसीय दौरे पर सोनभद्र पहुंचे सूचना आयुक्त प्रदुम नारायण द्विवेदी ने आदिवासियों की सुनी समस्याएं

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल

सोनभद्र

सोनभद्र में आदिवासी अधिकारों को लेकर सूचना आयुक्त का दो दिवसीय दौरा, समस्याओं के समाधान के निर्देश
सोनभद्र जनपद में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे सूचना आयुक्त प्रद्युम्न नारायण द्विवेदी ने अनुसूचित जनजाति समुदाय से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुना और ठोस समाधान का भरोसा दिलाया। एसी/एसटी आयोग के सदस्य रामसेवक सिंह खरवार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के सानिध्य में जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।
बैठक में खतौनी, पट्टा, जंगल जमीन पर मलकाना हक, राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज होने जैसी वर्षों से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूचना आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र आदिवासियों को शीघ्र पट्टा उपलब्ध कराया जाए तथा प्रक्रियागत अड़चनों को दूर कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एसी/एसटी आयोग के सदस्य रामसेवक सिंह खरवार ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के आदिवासियों के हक के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और हर स्तर पर अधिकारियों से मिलकर समस्याओं को उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना आयुक्त ने आदिवासी समुदाय की प्रत्येक बात को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जंगल जमीन पर अधिकार और पट्टा दिलाने के मुद्दे पर वे मुख्यमंत्री से सीधे बात करेंगे। उनका लक्ष्य है कि सोनभद्र में अधिक से अधिक अनुसूचित जनजाति परिवारों को वैधानिक पट्टा मिले और कोई भी अपने अधिकार से वंचित न रहे। बैठक से आदिवासी समाज में नई उम्मीद जगी है।

शीतलहर का प्रकोप, धुंध ने बढ़ाई परेशानियाँ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

कोन-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)। कोन क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कड़ाके की ठंड और घनी धुंध के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। तापमान में आई भारी गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का प्रकोप सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह कोन क्षेत्र में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण दिनभर ठिठुरन बनी रही।
घनी धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय मुख्य मार्गों पर सामने से आने वाले वाहनों का सही अंदाजा नहीं लग पा रहा, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। कोन–खरौंधी, कोन–विंढमगंज और कोन–तेलगुड़वा मार्ग सहित ग्रामीण संपर्क सड़कों पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
ठंड का असर दैनिक जीवन पर भी साफ नजर आ रहा है। सुबह जल्दी निकलने वाले मजदूर, किसान और नौकरीपेशा लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। बाजारों में सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि दोपहर में धूप निकलने पर कुछ चहल-पहल देखने को मिलती है। ग्रामीण इलाकों में ठंड से बचाव के सीमित साधनों के कारण बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ी तो जनजीवन और अधिक प्रभावित होगा। लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त अलाव की व्यवस्था कराने और ठंड से बचाव के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है। हालांकि कुछ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड और धुंध से राहत मिलने के आसार कम हैं, ऐसे में क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

जनपद सोनभद्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे थाना रायपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल

सोनभद्र

अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में 09.200 किलोग्राम नाजायज गांजा बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 21 दिसंबर 2025 को थाना रायपुर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त के दौरान बैनी बाजार में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चौखड़ा से लगभग 100 मीटर आगे नौगढ़–चंदौली मार्ग पर झाड़ियों के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दो बैग लेकर खड़े हैं, जिनके पास मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की।
करीब 11:35 बजे पुलिस ने दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को झोला/बैग सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम यशवंत राव एवं इंद्रजीत यादव उर्फ चंदन यादव बताया। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनके पास मौजूद बैग में गांजा है, जिसे वे उड़ीसा से चंदौली ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से भूरे टेप से लिपटे कुल 09 बंडल बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 09.200 किलोग्राम पाया गया।
इस बरामदगी के आधार पर थाना रायपुर पर मु0अ0सं0-169/2025 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पैसों के लालच में आनंद कुमार बनिया एवं मनोज कुमार बनिया के कहने पर गांजा की तस्करी कर रहे थे। पुलिस द्वारा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

थाना रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है तीन लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल

सोनभद्र

जनपद सोनभद्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे
विशेष अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 16.515 लीटर नाजायज अंग्रेजी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 20 दिसंबर 2025 को थाना रायपुर में तैनात उपनिरीक्षक राहुल पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग तथा अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से डोरिया चौराहे से रायपुर की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि दो पुरुष और एक महिला दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बैनी की ओर से नाजायज अंग्रेजी शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की।
कुछ ही देर में दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक डोरिया गांव की ओर भागने लगे, लेकिन सतर्कता व तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने तीनों को मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान धीरेन्द्र कुमार सिंह, राहुल कुमार यादव तथा पिंकी देवी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 48 टेट्रा पाउच (180 एमएल) ब्रांड 8 PM कुल 8.640 लीटर तथा 21 शीशी (375 एमएल) रॉयल स्टैग कुल 7.875 लीटर, इस प्रकार कुल 16.515 लीटर नाजायज अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
अभियुक्तों के पास से दो मोटरसाइकिलें व तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश के शराब ठेकों से शराब खरीदकर बिहार में ऊँचे दामों पर बेचते थे। इस संबंध में थाना रायपुर पर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दुद्धी में बढ़ते चोरी के मामले और पुलिस के उदासीन रवैये को लेकर दुद्धी बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कस्बा और आसपास के थाना क्षेत्र में सरेआम चोरी की घटनाओं से स्थानीय जनमानस जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। दुद्धी बार एसोसिएशन ने इस मामले में जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र लिखकर पुलिस प्रशासन के उदासीन रवैये पर नाराजगी जताई है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में उल्लेख है कि पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इसी क्रम में विगत रात्रि रामनगर मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित एक सर्राफा दुकान पर चोरों ने धावा बोल दिया। इस घटना से आम जनता में आक्रोश व्याप्त है। एसोसिएशन ने मांग की है कि मामले का पर्दाफाश कराया जाए और कानून-व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
पत्र पर दुद्धी बार एसोसिएशन की ओर से प्रेमचंद ने हस्ताक्षर किए हैं। जिलाधिकारी कार्यालय से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही चोरियों से रात्रि में दुकानदार और निवासी भय के साये में जी रहे हैं।

दुद्धी बार एसोसिएशन ने एसडीएम पेशकार की विवादास्पद तैनाती पर जिलाधिकारी से की शिकायत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी बार एसोसिएशन ने दुद्धी एसडीएम कार्यालय के नवीन नियुक्त पेशकार राकेश नवीन की तैनाती को लेकर जिलाधिकारी सोनभद्र को एक ज्ञापन सौंपा है। एसोसिएशन ने मांग की है कि विवादास्पद पेशकार को हटाकर किसी योग्य और निष्पक्ष व्यक्ति को पदास्थापित किया जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राकेश नवीन को कुछ महीने पूर्व दुद्धी तहसीलदार के पेशकार पद से वादकारियों व न्यायहित में बार एसोसिएशन की शिकायत पर हटाया गया था। उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला भी दर्ज हुआ था। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा उन्हें पुनः दुद्धी एसडीएम पेशकार पद पर तैनात कर दिया गया है। इससे स्थानीय अधिवक्ताओं व वादकारियों में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ने कहा कि यह नियुक्ति न्याय प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल संज्ञान लेते हुए नया योग्य पेशकार नियुक्त करने की मांग की है।

दुद्धी में धान खरीदी ठप, हाईब्रिड फसल पर ठेंगा: किसानों ने एसडीएम को सौंपा 6 सूत्री ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

आदिवासी आरक्षण, खाद संकट व विस्थापन पर सवाल, आंदोलन की चेतावनी

दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गरीब किसान हाहाकार पर हैं। एक नवंबर से धान खरीदी कागजों पर चल रही है, लेकिन खरीद केंद्रों पर हाईब्रिड धान को ठुकरा दिया जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य बघाडू जुबेर आलम ने परगना मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को महामहिम राज्यपाल के नाम 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें धान खरीदी, खाद आपूर्ति, आदिवासी आरक्षण, वन भूमि विवाद और कनहर-अमवार परियोजना के विस्थापितों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि दुद्धी तहसील दलित-आदिवासी बहुल क्षेत्र है। किसानों ने सरकारी कृषि केंद्रों से बीज लेकर खून-पसीना एक कर हाईब्रिड धान उगाया, फिर भी खरीदी नाममात्र की हो रही। आढ़ती औने-पौने दाम दे रहे, जिससे लागत भी नहीं निकल पा रही। राइस मिलर क्रय केंद्र प्रभारियों से सांठगांठ कर कटौती कर शोषण हो रहा। यूरिया-डीएपी के लिए किसान लाइनों में धक्कम-धक्के खा रहे, आपूर्ति कम होने से फसल बर्बाद हो रही।
सोनभद्र में जनजातीय आबादी प्रदेश के 20 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन 2021 पंचायत चुनाव में 131 के बजाय सिर्फ 28 सीटें आरक्षित रहीं। नौकरियों व पंचायतों में भी अन्याय हो रहा। धारा-20 वन भूमि पर बाप-दादा से काबिज मूल निवासियों को वन विभाग बेदखल कर रहा। कनहर-अमवार परियोजना से उजड़े सुंदरि, कोरची, भीसुर आदि 108 गांवों के विस्थापित पैकेज के इंतजार में भटक रहे, नहर निर्माण रुका हुआ।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें दुद्धी में धान खरीदी की बाधाएं तत्काल दूर कर चालू करें, हाईब्रिड सहित सभी धान खरीदें, शोषण बंद करें।2026 पंचायत चुनाव में जनजातीय आबादी के अनुपात आरक्षण, नौकरियों में भी लागू करें।
यूरिया-डीएपी की पर्याप्त व समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें। धारा-20 वन भूमि पर मूल निवासियों का उत्पीड़न रोका जाए।कनहर विस्थापितों को पैकेज दें, नहर बनाकर सिंचाई सुविधा दें।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि त्वरित कार्रवाई न हुई तो जनआक्रोशित आंदोलन होगा, जिम्मेदारी प्रशासन की। एसडीएम ने कहा कि मामले का संज्ञान लिया गया है, उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। किसान संगठनों ने समर्थन जताया।

दुद्धी ज्वेलर्स चोरी के मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने दुकान का निरीक्षण कर दिया दिशा-निर्देश, दुकानदार को खुलासे का भरोसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।कस्बा रामनगर स्थित शिखा अलंकार ज्वेलर्स’ पर बीती रात हुई 3 लाख के आभूषण चोरी की घटना में रविवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। घने कोहरे का फायदा उठाकर चोरों द्वारा शटर तोड़कर लूटी गई डेढ़ किलो चांदी और 1 ग्राम सोने की इस घटना के बाद एपीएस ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दुकान मालिक पवन जौहरी के साथ मौके का जायजा लेते हुए एपीएस ने फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के सुरागों की जांच तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदार को भरोसा दिलाया कि चोरी का जल्द खुलासा होगा और चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।एपीएस ने गश्त बढ़ाने और ज्वेलर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान स्वर्णकार संघ के सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने शनिवार को तहसील परिसर पर प्रदर्शन कर चुके थे। एपीएस ने व्यापारियों की मांगों पर संज्ञान लेते हुए कहा, दुद्धी में बढ़ रही चोरियों पर अंकुश लगेगा। विशेष टीमें गठित की जा रही हैं।इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की लहर दौड़ गई है।

बिल्ली मारकुंडी में अलाव व कंबल वितरण की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे बिल्ली मारकुंडी क्षेत्र के जरूरतमंद और आदिवासी परिवारों की समस्याओं को लेकर शनिवार को स्थानीय तहसील परिसर में आवाज बुलंद की गई। ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के वार्ड संख्या 03 के सदस्य प्रतिनिधि एवं समाजसेवी गोविंद भारद्वाज के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अलाव जलवाने और गरीबों को कंबल वितरण कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी अंतर्गत बारी मस्जिद, सेवा सदन से मां वैष्णो देवी मंदिर तथा बारी गांव का क्षेत्र लंबे समय से विकास कार्यों से उपेक्षित है। अत्यधिक ठंड के इस मौसम में आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार ऐसे हैं जिनके पास ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कपड़े या जैकेट तक खरीदने की आर्थिक क्षमता नहीं है और वे किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं।
समाजसेवी गोविंद भारद्वाज ने बताया कि यदि शीघ्र राहत कार्य नहीं किए गए तो ठंड के कारण गरीब एवं असहाय लोगों की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि सेवा सदन, लंगड़ा मोड़, दाढ़ी होटल, कोल बस्ती, आकाश गंगा होटल, मां वैष्णो देवी मंदिर, खन्ना कैंप, शिक्टहवा टोला, कोल बस्ती, शिव मंदिर बारी गांव, गोरदाह श्मशान घाट सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर तत्काल अलाव के लिए लकड़ी गिरवाई जाए तथा जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण सुनिश्चित कराया जाए।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल, पीड़ित परिवार सदमे में

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने घर के आंगन से नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चुरा ली। यह घटना 19 दिसंबर 2025 की रात से 20 दिसंबर 2025 की भोर के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पीड़ित राकेश पुत्र नंदलाल ने चोपन थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP 64 BB 7572 उनके घर के आंगन में खड़ी थी। राकेश के अनुसार, 19 दिसंबर की रात करीब 11 बजे तक घर में दो मोटरसाइकिलें सुरक्षित खड़ी थीं। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए।सुबह करीब 4 बजे जब घर के आंगन में नजर गई तो नई अपाचे मोटरसाइकिल गायब थी। यह मोटरसाइकिल महज आठ महीने पहले ही खरीदी गई थी, जिससे परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का झटका लगा है।पीड़ित ने बताया कि चोरी के बाद आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मजबूरन चोपन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी होती, तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय पुलिस की गश्त न के बराबर रहती है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
पीड़ित राकेश ने प्रशासन से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह है कि क्या चोरों तक पुलिस पहुंच पाएगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?ग्रामीण अब पुलिस की कार्रवाई पर टकटकी लगाए बैठे हैं।

तीन दिन बाद खुला राज: ओबरा डैम में मिला युवक का शव

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जनपद के ओबरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब डैम के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि डैम के पास पिछले तीन दिनों से एक अपाची बाइक लावारिस हालत में खड़ी थी, जिसे लेकर ग्रामीणों के मन में शक गहराता जा रहा था।ग्रामीणों ने जब लगातार तीन दिन तक बाइक को उसी स्थान पर खड़ा देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल ओबरा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि बाइक राजीव कुमार शर्मा के नाम पर पंजीकृत है।पुलिस ने जब परिजनों से संपर्क किया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। परिजनों ने बताया कि राजीव कुमार शर्मा, उम्र लगभग 28 वर्ष, तीन दिन पहले घर से निकले थे और तभी से लापता थे। परिजनों द्वारा उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका था।इस जानकारी के बाद प्रशासन और पुलिस की चिंता और बढ़ गई। तत्काल डैम और नदी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों और पुलिस टीम की मदद से जब आसपास के इलाके में खोजबीन की गई तो बाइक खड़ी होने वाली जगह से लगभग 100 मीटर दूर पानी में एक शव बहता हुआ दिखाई दिया। शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान राजीव कुमार शर्मा निवासी बिल्ली स्कूल के पीछे, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई।शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओबरा पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या किसी दुर्घटना का। पुलिस आत्महत्या और हादसे—दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।फिलहाल ओबरा क्षेत्र में युवक की रहस्यमयी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।

सोनभद्र में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 23 दिसंबर को जारी होगी अनंतिम मतदाता सूची

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
जनपद सोनभद्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियाँ अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी हैं। इसी क्रम में पंचायतों की निर्वाचक नामावली के विस्तृत पुनरीक्षण का कार्य युद्धस्तर पर सम्पन्न कराया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सोनभद्र ने जनपदवासियों को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया जाएगा।
अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 23 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक जनसामान्य को सूची के निःशुल्क निरीक्षण का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस अवधि में समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे, ताकि नागरिक आसानी से अपने नाम एवं विवरण की जांच कर सकें।प्रशासन द्वारा पारदर्शिता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनंतिम मतदाता सूची की एक-एक प्रति उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील परिसर) तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय (विकास खंड मुख्यालय) में भी उपलब्ध कराई गई है। निरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए तहसील एवं विकास खंड मुख्यालयों पर विशेष रूप से कार्मिकों की तैनाती की गई है।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस निर्धारित अवधि में स्वयं तथा अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों के नाम मतदाता सूची में सही एवं त्रुटिरहित दर्ज हैं या नहीं, इसकी अनिवार्य रूप से जांच कर लें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटना, विवरण में गलती अथवा किसी अपात्र नाम की प्रविष्टि पाई जाती है, तो उसे तुरंत सुधरवाना प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है।उन्होंने जानकारी दी कि—नया नाम जोड़ने हेतु दावा प्रपत्र-2 के माध्यम से किया जाएगा।नाम, आयु, पता आदि में संशोधन के लिए प्रपत्र-3 निर्धारित है।किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-4 का प्रयोग किया जाएगा।संबंधित प्रपत्र प्राप्त कर उन्हें विधिवत भरने के पश्चात निरीक्षण के लिए नियुक्त कार्मिक अथवा संबंधित कार्यालय के प्राधिकारी के समक्ष जमा करना होगा, जिसकी रसीद प्राप्त करना अनिवार्य है।अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली लोकतंत्र की नींव होती है,और इसका सही व निष्पक्ष रूप से तैयार होना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के सक्रिय सहयोग पर निर्भर करता है। पंचायत चुनाव में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना अत्यंत आवश्यक है।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस अवसर को गंभीरता से लें, समय रहते जांच कर आवश्यक सुधार कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका ।

घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का उठाया फायदा, लगातार वारदातों से नगर में दहशत

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

दुद्धी/सोनभद्र।नगर पंचायत दुद्धी के रामनगर वार्ड नंबर–10 स्थित मुख्य मार्ग पर बीती 19/20 दिसंबर की रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे कस्बे में सनसनी फैला दी। घनी आबादी के बीच स्थित सीखा अलंकार ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण समेट ले गए। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
शनिवार की अल सुबह जब मोहल्ले के लोग रोज की तरह टहलने के लिए बाहर निकले तो उन्होंने ज्वेलरी शॉप का शटर संदिग्ध अवस्था में खुला देखा। यह दृश्य देखकर लोगों ने तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकानदार ने जब दुकान के भीतर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए—शटर का ताला टूटा हुआ था और अंदर की अलमारियां खुली पड़ी थीं, सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित दुकानदार ने बिना देर किए डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। महज एक सप्ताह पहले इसी इलाके में करीब 200 मीटर की दूरी पर एक घर का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के गहनों की चोरी की गई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने नगरवासियों के मन में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।नगरवासियों का आरोप है कि जब दुद्धी कस्बे में थाना स्थित था, तब रात्रि में पुलिस वाहन और पैदल गश्त नियमित रूप से होती थी, जिससे अपराधियों में भय बना रहता था। लेकिन थाना रजखड़ गांव स्थानांतरित होने के बाद रात्रि पैदल गश्त लगभग बंद हो गई है। इसी का फायदा उठाकर चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का दावा है कि दुद्धी कस्बे में अब तक एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में ठोस खुलासा या चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल, दुद्धी कस्बे में बढ़ती चोरी की घटनाएं और अपराधियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जबकि आम जनता रातों की नींद खोकर सुरक्षा की गुहार लगा रही है।

दुद्धी तहसील प्रांगण में हिंदू सम्मेलन,एकता का लिया दृढ़ संकल्प

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। शनिवार को स्थानीय तहसील प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में हिंदू समाजजन शामिल हुए। वक्ताओं ने सनातन धर्म की एकता, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में हिंदू समाज की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
सुबह 10 बजे नगर में बाइक प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर भ्रमण कर सीधे विशाल सम्मेलन में तब्दील हो गई।सभा का शुभारम्भ मां भारती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया ।तत्पश्चात महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और सरस्वती शिक्षा निकेतन की छात्राओं ने लव-कुश संवाद, वंदना गीत तथा धन्यवाद ज्ञापन की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के समरसता प्रमुख राजेश सिंह ने संबोधन में कहा कि 1984 में विहिप ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक आंदोलन शुरू किया। ‘जहां राम ने जन्म लिया, मंदिर वहीं बनाएंगे’ के संकल्प के साथ अयोध्या रैली निकाली गई। दिल्ली के रामलीला मैदान में अभूतपूर्व सभा हुई। हिंदू शक्ति जागृत हुई और 6 दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ध्वस्त कर रामलला विराजमान हुए। हाल ही आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत जी ने राम मंदिर के शिखर ध्वज का लोकार्पण किया।
राजेश सिंह ने चेताया कि जब तक हिंदू एक न रहेंगे, देश का भला नहीं होगा। कई प्रांतों में हिंदू अल्पसंख्यक होते जा रहे हैं। हमारी जनसंख्या घट रही है, जबकि अन्य बढ़ रही। आने वाला समय चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने संकल्प दिलाया ‘हम सब हिंदू एक हैं’। सभी धर्मों का आदर करेंगे, लेकिन भारत माता की धरती पर रहने वाले भारत को ही मातृभूमि मानें। वंदे मातरम का अधिकार सबका है।
परिवार संस्कार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आरएसएस और उसके विचार परिवार देश का नेतृत्व कर रहे हैं। माताएं-बहनें इच्छा करें तो परिवार संस्कारित हो सकता है। सप्ताह में एक दिन पूरे परिवार को स्नान कराकर मंदिर में सामूहिक आरती करें, एक साथ भोजन करें। इससे राष्ट्र परम वैभव की ओर अग्रसर होगा। बांग्लादेश में हिंदुओं की दयनीय स्थिति पर चिंता जताते हुए उनके अधिकारों व सुरक्षा के लिए एकजुट आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वर प्रसाद निराला ने की, जबकि संचालन अविनाश गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया ।
सभा में इस जिला प्रचारक योगेश कुमार, नगर प्रचारक वशिष्ठजी ,भाजपा नेता श्रवण गोड, नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन,रविंद्र जायसवाल ,योगेश कुमार ,वीर अभिमन्यु सिंह,नंदलाल अग्रहरि ,अरुणोदय जौहरी, अमरनाथ जायसवाल ,प्रेमचंद यादव कुलभूषण पांडे विष्णुकांत तिवारी ,डॉ विनय बालेश्वर चौरसिया ,विश्वकर्मा सहित काफी संख्या में हिन्दू समाजजन उपस्थित रहे ।

दुद्धी ज्वेलर्स चोरी के खिलाफ स्वर्णकार संघ का हल्लाबोल,दुकानें बंद, तहसील दिवस पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी, सोनभद्र।कस्बा स्थित रामनगर स्थित शिखा अलंकार ज्वेलर्स’ पर बीती रात घने कोहरे का फायदा उठाकर हुई सनसनीखेज चोरी से दहशत फैल गई। चोरों ने करीब तीन लाख रुपये के आभूषण चोर चोरी कर लिए। इस घटना के खिलाफ शनिवार दोपहर स्वर्णकार संघ ने पूरे कस्बे की दुकानें बंद कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
तहसील सभागार में दर्जनों ज्वेलर्स और स्थानीय व्यापारियों ने एकत्र होकर पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। तहसील दिवस के अवसर पर उन्होंने उपजिलाधिकारी निखिल यादव को प्रार्थना पत्र सौंपा। पत्र में चोरों की तत्काल गिरफ्तारी, व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि दुद्धी में हाल ही में एक दर्जन से अधिक चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की गश्त नदारद बनी हुई है। एक पदाधिकारी ने कहा कि हमारी दुकानें लगातार निशाने पर हैं। अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा।
एसडीएम निखिल यादव ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच चल रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस ने चोरी के मामले में जांच शुरू कर दी है।

तहसील समाधान दिवस पर 23 मामले आए, दो का मौके पर निस्तारण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस पर विभिन्न समस्याओं से जुड़े 23 जन शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम निखिल यादव ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण गंभीरता से करना होगा। यदि कोई लापरवाही बरती गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीओ राजेश कुमार राय, बीडीओ विशाल कुमार चौरसिया सहित तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

दुद्धी में ज्वेलर्स पर सनसनीखेज चोरी, 3 लाख के आभूषण उड़ा ले गए चोर, ठंड और घने कोहरे का लिया फायदा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कस्बे के रामनगर स्थित मुख्य मार्ग पर पवन जौहरी की’ शिखा अलंकार ज्वेलर्स’ दुकान पर बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का फायदा उठाकर चोरों ने शटर तोड़कर करीब 3 लाख रुपये के आभूषण चुरा लिए। बताया जा रहा है कि चोरों ने डेढ़ किलो चांदी और 1 ग्राम सोना चोरों ने चोरी कर लिया। इस घटना ने पूरे कस्बे में दहशत फैला दी है।
शनिवार सुबह मोहल्लेवासियों ने दुकान का शटर खुला देखा और दुकान मालिक पवन जौहरी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पवन ने टूटा ताला और बिखरा सामान देख स्तब्ध रह गए। दुकानदार की तहरीर पर डायल 112 की टीम के साथ प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह फोर्स सहित पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, साक्ष्य संग्रहित किए और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच तेजी से चल रही है और जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।
उधर, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि दुद्धी में हाल ही में एक दर्जन से ज्यादा चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गश्त की कमी इन घटनाओं को बढ़ावा दे रही है। किसी भी मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

शतचंडी महायज्ञ रामकथा में होगा 101 कन्याओं का विवाह

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – कन्हैयालाल

सोनभद्र

विकास खंड नगवां के वैनी बाजार में खेल मैदान पर 20 जनवरी से हो रहे श्री शतचंडी महायज्ञ और राम कथा की तैयारी को लेकर बैठक किया गया।
इस दौरान आयोजन समिति ने कार्यक्रमों को लेकर विचार विमर्श किया ।
बैठक कि अध्यक्षता यज्ञ समिति के अध्यक्ष सर्वजीत सिंह ने किया। उसके पश्चात कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा कि गयी जिसमें 20 जनवरी को कलश यात्रा रामसरोवर तालाब खलियारी से चलकर वैनी स्थित यज्ञ मंडप पर पहुंचेगी।
21 जनवरी से सुबह सतचंडी महायज्ञ एवं परिक्रमा वहीं 2 बजे से वृंदावन से पधारे कथावाचिका कनक पांडेय द्वारा राम कथा किया जाएगा वहीं रात्रि में मथुरा के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रासलीला का मंचन होगा।
यज्ञ की समाप्ति 30 जनवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 101 कन्याओं का विवाह एवं विशाल भंडारे के साथ होगी इस मौके पर समिति के संरक्षक ब्लॉक प्रमुख नगवां आलोक सिंह,पुर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, मनोज जायसवाल,मुरारी पटेल, रमेश सोनी,देवी सिंह,ओम प्रकाश जायसवाल,प्रदीप जायसवाल, हिरेश दुबे,राजेश चौरसिया, धीरेन्द्र पटेल, श्याम सुंदर, विजय,विजय पटेल,बाबुलाल विश्वकर्मा,संतोष दूबे, संतोष तिवारी,अरुण यादव,बुद्धिराम,मनोज गोड़,अजय पनिका,महेश खरवार,महेश पटेल,मुंशी खरवार,अशोक सिंह,महेन्द्र सिंह,बलिराम सिंह,रोहित यादव,परमानंद सिंह,रमेश सिंह,बंशीधर पटेल,लक्ष्मी नारायण पटेल,जोगेंद्र पासवान,चंद्रकांत सिंह,कविता,सलिता,दुर्गावाती, रुक्मिणी,श्रवण जायसवाल,रमन सिंह अनिल जायसवाल,विनय पटेल,प्रेमनाथ गुप्ता,सिनोद जायसवाल,अभिषेक सिंह,राजनाथ यादव,रमाकांत पटेल,राजेश प्रजापति,विमलेश,दिलीप,सुदामा,श्याम बहादुर जायसवाल,अनुपम आदि लोग मौजूद रहे।

उर्वरक वितरण पर प्रशासन सख़्त जिले में एक साथ दो बड़े आदेश

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।जिले के छात्रों और किसानों से जुड़ी दो अहम व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख़्त समय-सीमा और निर्देश जारी किए हैं। एक ओर दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तय कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर रबी सीजन में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और दुरुपयोग रोकने के लिए जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।

*छात्रवृत्ति में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त*

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत इन्स्टीट्यूट स्तर से छात्राओं द्वारा रजिस्ट्रेशन एवं ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसम्बर 2025 निर्धारित की गई है।छात्र-छात्राओं को आवेदन का फाइनल प्रिंट आउट 23 दिसम्बर 2025 तक निकालना अनिवार्य होगा, जबकि सभी वांछित संलग्नकों के साथ हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में 24 दिसम्बर 2025 तक जमा करनी होगी।सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शत-प्रतिशत पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन कराते हुए अपने स्तर से समस्त कार्यवाही 24 दिसम्बर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

*उर्वरक वितरण में पारदर्शिता, कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई*

इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने रबी फसलों की बुवाई के मद्देनज़र उर्वरक वितरण व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि उर्वरक विक्री केन्द्रों पर किसानों की बढ़ती भीड़ और निर्धारित मात्रा से अधिक उर्वरक न मिलने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसे गंभीरता से लिया गया है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन सचिवों के पास एक से अधिक सहकारी समितियों का प्रभार है, वे किस दिन किस विक्री केन्द्र पर उपलब्ध रहेंगे, इसकी सूचना स्पष्ट रूप से उर्वरक विक्री केन्द्रों के नोटिस बोर्ड पर अंकित कराएं और किसानों के बीच व्यापक रूप से प्रसारित करें, ताकि किसी भी किसान को भटकना न पड़े।उन्होंने स्पष्ट किया कि एक किसान को उसकी कृषि भूमि के प्रति हेक्टेयर आधार पर अधिकतम डीएपी 5 बैग और यूरिया 7 बैग ही उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अधिक मात्रा लेना या भंडारण करना उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन माना जाएगा, जिस पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी।
उर्वरक वितरण के समय किसानों से खतौनी/जोत बही की छायाप्रति लेना अनिवार्य किया गया है और सभी विवरण उर्वरक विक्रय रजिस्टर में दर्ज करना होगा।असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यूरिया डायवर्जन, कालाबाजारी, जमाखोरी या गैर-कृषि गतिविधियों में उर्वरक के दुरुपयोग की किसी भी कोशिश पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी एवं सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।स्पष्ट संदेश — समय और नियम दोनों का पालन जरूरी प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चाहे छात्रवृत्ति का मामला हो या किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने का, किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्र और किसान दोनों ही निर्धारित समय-सीमा व नियमों का पालन करें, यही प्रशासन की प्राथमिकता है।

वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण और स्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र ने शुक्रवार 19 दिसंबर 2025 को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के अधिकारों तथा संरक्षण हेतु विधिक जागरूकता को बढ़ावा दिया। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर सबसे पहले नए भवन में स्थापित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया, जबकि दूसरे कार्यक्रम में स्थानीय स्कूल में छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई। इन प्रयासों से जनपद में विधिक सशक्तिकरण को नई गति मिली है।नए वन स्टॉप सेंटर का विस्तृत निरीक्षण
अपर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र यादव ने नए भवन में स्थापित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया तथा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया। निरीक्षण के दौरान सेंटर प्रबंधक दीपिका सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सेंटर में तीन नवजात शिशुओं – बालक सूर्याश (3 माह 18 दिन), बालिका कात्यायनी (2 माह 18 दिन) तथा बालिका तन्वी (27 दिन) – को आवासित पाया गया। इनकी देखरेख, खान-पान तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। सभी पंजिकाएं अद्यतन स्थिति में प्रस्तुत की गईं, जो सेंटर की कार्यप्रणाली की ताकत दर्शाती हैं।शिविर में स्टाफ को नैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956, घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, गर्भ का चिकित्सीय समापन अधिनियम 1971, मातृत्व लाभ अधिनियम 1961 (26 सप्ताह तक), कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013, लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012, गर्भधारण एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994, समान पारिश्रमिक अधिनियम 1976, महिलाओं का अशिष्ट चित्रण (निषेध) अधिनियम 1966 तथा हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम 1956 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नालसा की सभी योजनाओं जैसे DWAN Unit, ASHA Unit, SAMVAD Unit एवं JAGRITI Unit पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर लगाकर इन कानूनों का प्रचार किया जाए तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अवगत कराया जाए।स्कूल में ‘मिशन शक्ति’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम
दूसरी ओर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जय प्रकाश (असिस्टेंट एल.ए.डी.सी. मध्यस्थ अधिवक्ता) एवं रामचंद्र सिंह ने ग्लेनहिल स्कूल छपका, राबर्ट्सगंज में ‘मिशन शक्ति विशेष अभियान’ एवं POSH Act 2013 (कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम) विषयक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 60 छात्र-छात्राएं तथा महिला स्टाफ उपस्थित रहे।कार्यक्रम में भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत ईव-टीजिंग, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013, सैनेटरी नैपकिन योजना, दहेज प्रतिषेध कानून, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, लैंगिक अपराधों से संरक्षण, गर्भ का चिकित्सीय समापन अधिनियम 1971, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, गिरफ्तारी पूर्व एवं पश्चात महिलाओं के अधिकार, पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम 1994, विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 (धारा 12 के तहत निःशुल्क सेवा), महिला हेल्पलाइन 1090, सेक्स सिलेक्शन एवं PCPNDT अधिनियम, LGBTQIA अधिकार, साइबर अपराध एवं हेल्पलाइन 1930, यौन उत्पीड़न, मौलिक अधिकार-कर्तव्य, नालसा टोल फ्री नंबर 15100, नशीली दवाओं के दुष्परिणाम, सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन अभियान, मानसिक बीमारी एवं बौद्धिक विकलांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवा योजना 2024 तथा नालसा की DWAN, ASHA, SAMVAD एवं JAGRITI यूनिट्स पर विस्तृत चर्चा की गई।इन कार्यक्रमों से सोनभद्र जनपद में विधिक जागरूकता का स्तर मजबूत होगा तथा महिलाएं-बच्चे अपने अधिकारों से अवगत हो सकेंगे। जानकारी अपर जनपद न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शैलेंद्र यादव ने दी।

ग्रामीण चौपाल में योजनाओं की बारिश, समस्याओं पर सीधे एक्शन का भरोसा

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र/घोरावल।ग्राम पंचायत में आयोजित भव्य ग्राम चौपाल के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। चौपाल में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी ग्रामवासियों को दी गई और मौके पर ही उनकी समस्याएं सुनी गईं।चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी। घुनिया पत्नी खटकधारी ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं सुरसति एवं संतरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक आवास न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। राजकुमार पुत्र तिलक ने जानकारी दी कि उन्हें पेंशन मिल रही है, जबकि लालता सिंह ने बताया कि उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत कार्य किया है और मजदूरी की धनराशि सीधे उनके खाते में प्राप्त हो चुकी है। श्री दशमी ने अवगत कराया कि उनका आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बन सका है। वहीं पूनम पाण्डेय ने बताया कि उन्हें अब तक शौचालय एवं आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।जल जीवन मिशन के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पाइपलाइन एवं टोटी लगाने का कार्य तो हो गया है, लेकिन पानी की आपूर्ति नियमित नहीं है, कभी-कभी ही पानी आता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।चौपाल में आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा बताया गया कि नवम्बर माह में पुष्टाहार का वितरण किया जा चुका है। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी महोदया श्रीमती जागृति अवस्थी ने ग्राम चौपाल में सामने आई सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।सीडीओ ने ग्रामीणों से गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने का संदेश भी दिया।ग्राम चौपाल में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी घोरावल, खण्ड शिक्षा अधिकारी घोरावल एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी घोरावल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिससे ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी।

Excluciv – इंस्टाग्राम दोस्ती बनी जिंदगी का सबसे बड़ा धोखा, सोनभद्र पुलिस ने राजस्थान से दबोचा शातिर आरोपी

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।सोशल मीडिया के चमकते चेहरे के पीछे छिपे अपराध के अंधेरे सच को उजागर करते हुए सोनभद्र पुलिस ने एक सनसनीखेज साइबर अपराध का खुलासा किया है। इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती से मित्रता कर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए फर्जी व आपत्तिजनक फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने, शादी के लिए रखे गए जेवरात हड़पने और लगातार धमकी देकर और अधिक धन व आभूषण मांगने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देश पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र पर मु0अ0सं0–13/2025 अंतर्गत धारा 318(4), 308(2) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

*AI तकनीक से रची गई ब्लैकमेलिंग की साजिश*

जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता से संपर्क स्थापित किया। धीरे-धीरे विश्वास जीतने के बाद उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पीड़िता की फर्जी/आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं और उन्हीं तस्वीरों के आधार पर मानसिक उत्पीड़न व ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू कर दिया। आरोपी ने पीड़िता से शादी के लिए रखे गए जेवरात हड़प लिए और लगातार धमकी देकर और अधिक जेवर व धनराशि की मांग करता रहा।चौंकाने वाली बात यह रही कि पीड़िता की शादी हो जाने के बावजूद आरोपी ब्लैकमेलिंग से बाज नहीं आया और फर्जी फोटो के सहारे मानसिक प्रताड़ना देता रहा।अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु साइबर क्राइम थाना सोनभद्र के निरीक्षक डी.के. चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर अभियुक्त वाशिम खान पुत्र नबाब खान, निवासी सांगानेर, राजस्थान को करीमनगर, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से उत्पीड़न में प्रयुक्त एप्पल मोबाइल फोन सहित अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनमें साइबर अपराध से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं।इस कार्रवाई से साफ है कि सोनभद्र पुलिस साइबर अपराध, विशेषकर महिलाओं के विरुद्ध किए जा रहे डिजिटल उत्पीड़न और AI तकनीक के दुरुपयोग को लेकर पूरी तरह सतर्क और सख्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और तकनीक के जरिए अपराध करने वालों तक कानून का शिकंजा जरूर पहुंचेगा।फिलहाल प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है और अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम।निरीक्षक डी.के. चौधरी, साइबर क्राइम पुलिस थाना, जनपद सोनभद्र।उ0नि0 धर्मनाथ यादव, साइबर क्राइम पुलिस थाना, जनपद सोनभद्र।का0 योगेश यादव, साइबर क्राइम पुलिस थाना, जनपद सोनभद्र।का0 अखिलेश यादव, साइबर क्राइम पुलिस थाना, जनपद सोनभद्र।यह मामला न सिर्फ एक अपराध की कहानी है, बल्कि समाज के लिए चेतावनी भी है—सोशल मीडिया पर अंधे विश्वास और AI तकनीक के गलत इस्तेमाल से कैसे जिंदगी तबाह की जा सकती है।

मिशन शक्ति फेज-5.0 का सख़्त इम्तिहान

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 को ज़मीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने के लिए जनपद सोनभद्र में पुलिसकर्मियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई।आज दिनांक 19 दिसम्बर 2025 को पुलिस लाइन चुर्क स्थित परेड ग्राउंड में सुबह 09 बजे से 10 बजे तक आयोजित इस परीक्षा में पूरे जनपद के प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात उप निरीक्षक, आरक्षी व महिला आरक्षियों ने भाग लिया।परीक्षा में महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं को त्वरित सहायता, मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0, SOP, पीड़िता-केंद्रित पुलिसिंग, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया तथा संवैधानिक व विधिक प्रावधानों से जुड़े 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न शामिल किए गए। आयोजन पूरी तरह अनुशासन, पारदर्शिता और सख़्त निगरानी के बीच संपन्न हुआ।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने स्पष्ट किया कि ऐसी परीक्षाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता, जागरूकता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं, ताकि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल मिले और पीड़िताओं को तुरंत व प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जा सके।

कैलाश कुंज मंदिर का व्यापक विकास, प्रसाद मानव सेवा आश्रम ट्रस्ट ने यूपी सरकार को भेजें प्रस्ताव

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।सोनभद्र जिले के तहसील दुद्धी अंतर्गत मल्देवा ग्राम सभा में बसा प्राचीन कैलाश कुंज शिवालय अब धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।प्रसाद मानव सेवा आश्रम ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (धार्मार्थ कार्य विभाग) एवं पर्यटन-संस्कृति मंत्री को मंदिर के समग्र विकास हेतु विस्तृत प्रस्ताव सौंपे हैं। ब्रिटिश काल से पूर्व बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तर प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक यह मंदिर रोजाना सैकड़ों पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है।

ट्रस्ट ने मांग की है कि मुख्य मार्ग से लगभग 1600 मीटर दूर स्थित मंदिर तक पहुंच मार्ग का पूर्ण जीर्णोद्धार हो। इसके अलावा सोलर लाइटिंग, सीसीटीवी निगरानी, कैफेटेरिया (भंडारा एवं पूजा स्थल), संत निवास और सत्संग भवन जैसी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। ट्रस्ट के प्रमुख एवं अध्यक्ष डॉ. लवकुश प्रजापति ने बताया कि शासन को औपचारिक पत्र भेजा गया है। इन सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालु और पर्यटक भारी असुविधा झेल रहे हैं। हम प्रदेश सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

बताया कि प्रस्तावों की प्रतियां निदेशक (धार्मार्थ निदेशालय) लखनऊ, मिर्जापुर मंडलायुक्त, सोनभद्र जिलाधिकारी एवं पर्यटन अधिकारी को भी भेजी गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने इन विकास कार्यों को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय आर्थिक उन्नति के लिए अनिवार्य बताते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की है। ट्रस्ट पदाधिकारियों का मानना है कि ये कदम मंदिर को राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बना देंगे।

दुद्धी में कलश यात्रा भव्य रूप से संपन्न, हिंदू सम्मेलन की तैयारी जोरों पर

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। हिंदू सम्मेलन के एक दिन पूर्व आज शुक्रवार को प्राचीन शिवाजी तालाब से कलश यात्रा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दर्जनों भक्तों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूर्वाह्न 11 बजे प्राचीन शिवाजी तालाब से दर्जनों कलशों में जल भरकर यात्रा की शुरुआत की गई। मेन रोड, तालाब रोड, तहसील तिराहा, संकट मोचन मंदिर, काली मंदिर होते हुए महावीर सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल वार्ड नंबर 1 में यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान जलपान आदि की व्यवस्था भी की गई।

यह कलश यात्रा कल 20 दिसंबर को तहसील प्रांगण में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन की पूर्व तैयारी का हिस्सा थी। नगर प्रचारक वशिष्ठ के अनुसार, शनिवार को सुबह 10 बजे प्रभात फेरी निकलेगी, उसके बाद दोपहर 1 से 3 बजे तक सम्मेलन होगा तथा 3 बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा। मुख्य अतिथि परम पूज्य बालव्यास श्री इंद्रभूषण दास जी महाराज (नया घाट, अयोध्या) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह (संस्थापक, नमन मातृभूमि विद्याश्रम,कादल दुद्धी) रहेंगे।
कलश यात्रा में दर्जनों की संख्या में सकल हिन्दू समाज के महिला पुरुष शामिल रहे ।

दुद्धी तहसील में पहुंचे 1000 कंबल, लेखपालों के जरिए जरूरतमंदों तक पहुंचेगी राहत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। कड़ाके की ठंड ने ग्रामीण इलाकों में लोगों को परेशान कर रखा है। इससे निजात दिलाने के लिए दुद्धी तहसील प्रशासन ने कमर कस ली है। क्षेत्रीय लेखपालों के माध्यम से कंबल वितरण का कार्य शुरू हो गया है।
रजिस्ट्रार खरपत्तू ने बताया कि पहली खेप में कुल एक हजार कंबल तहसील पहुंच चुके हैं। इन्हें क्षेत्र के सभी लेखपालों में वितरित किया जा रहा है। उन्होंने साफ निर्देश दिए हैं कि कंबल केवल जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचें, ताकि गरीब ग्रामीणों को सर्दी की मार से राहत मिल सके।
लेखपाल विनय कुमार गुप्ता ने अपनी रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र के टेढ़ा गांव में कुल 30 कंबल वितरित कर दिए गए हैं। इसी तरह अन्य लेखपाल भी अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे के आधार पर वितरण कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द सभी कंबल जरूरतमंदों तक पहुंच जाएं।

भूमाफिया सरगना व साथियों ने अनुसूचित जनजाति युवती को दी जान से मारने की धमकी, थाने में प्रार्थना पत्र

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी थाना क्षेत्र के ग्राम बघाडू निवासी अनुसूचित जनजाति की युवती रेनू कुमारी पुत्री मनोज कुमार सिंह गोंड ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी एवं परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पत्र में रेनू ने आरोप लगाया है कि 17 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 8 बजे वह घर से किराना दुकान पर सामान लेने जा रही थीं, तभी गांव के ही कुख्यात भूमाफिया सरगना बहादूर अली पुत्र अली मुहमद, नसीमुद्दीन उर्फ नजमुद्दीन पुत्र खजीमुद्दीन, अब्दुल सुमान पुत्र अली असगर, अजमत अली, वाजिद व असरफ पुत्रगण बहादूर अली समस्त निवासी बघाडू थाना दुद्धी, ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने रेनू को अपमानजनक शब्दों के साथ धमकाते हुए कहा कि हम लोग जेल से छूट चुके हैं। तुम और तुम्हारी मां चल रहे मुकदमों को तत्काल थाने व अदालत से वापस लो, वरना तुम्हें और पूरे परिवार को गुंडा लगाकर जान से मार देंगे और लाश को बास्कीज जंगल में फेंकवा देंगे। इस धमकी से भयभीत रेनू दुकान का सामान लिए बिना घर भाग आईं और घटना की जानकारी मां व रिश्तेदारों को दी।
रेनू ने पत्र में बताया कि आरोपी सरगना अपराधिक चरित्र के भूमाफिया हैं और कभी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इससे उनका पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने एसपी से सुरक्षा की मांग की है।पीड़िता युवती ने अमवार कनहर सिंचाई परियोजना दौरे पर आए अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार को पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित शिकायती प्रार्थना पत्र सौंप कर न्याय की गुहार लगाई है। आयोग के उपाध्यक्ष ने युवती को भरोसा दिलाया कि शिकायत पर एसपी को सौंपकर जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उधर, पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।

डीएवी में वार्षिक खेल उत्सव “स्पर्धा” का हुआ शुभारंभ

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – ‌श्रीकातं सिंह
बीजपुर, क्षेत्र की सर्वाधिक विश्वसनीय अंग्रेजी माध्यम की शिक्षण संस्था डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी, रिहंदनगर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आज दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव *”स्पर्धा”* का भव्य तरीके से शुभारंभ किया गया। सैकड़ों विद्यार्थियों, अभिभावकों के करतल ध्वनि के मध्य एनटीपीसी रिंहद के परियोजना प्रमुख श्री अनिल श्रीवास्तव ने खेल ध्वजारोहण के उपरांत मशाल प्रज्वलित कर दौड़ के प्रतिभागी शनि देवल को मशाल सौंप दिया। तत्पश्चात स्पोर्ट्स कैप्टन तनुजा त्रिपाठी ने सभी खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलवाई। प्राचार्य श्री राजकुमार के स्वागत संबोधन के बाद छात्राओं ने स्वागत नृत्य, योगा एवं राजस्थानी झूमड़ के द्वारा अतिथियों एवं अभिभावकों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। उसके बाद मुख्य अतिथि श्री अनिल श्रीवास्तव ने वार्षिक खेल उत्सव प्रारंभ करने की उद्घोषणा की।

इस अवसर पर धन्वंतरि चिकित्सालय की महाप्रबंधक मोनीषा कुलश्रेष्ठ, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अपर महाप्रबंधक श्री राजेश बोई पोई, सीआईएसएफ के एसिस्टेंट कमांडेंट श्री आलोक कुमार चौधरी, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री लालसा साह, श्रीमती ममता साह एवं संट जोसेफ विद्यालय के प्राचार्य श्री रोनाल्ड नरोरा एवं अभिभावक प्रतिनिधि श्रीमती स्नेहलता पाटिदार तथा विभिन्न अखबारों से संबंधित पत्रकारगण डीएस त्रिपाठी,रामबली मिश्रा, राम जियावान गुप्ता, राम प्रवेश गुप्ता, नीरज गुप्ता, विशाल गुप्ता, प्रवीण कुमार, सिद्धार्थ गुप्ता आदि की उपस्थिति में खेल उत्सव “स्पर्धा” का शुभारंभ हुआ। जलेबी दौड़ के विजयी प्रतिभागियों सईद खान, आयुष, सुजीत एवं स्पून दौड़ के विजयी प्रतिभागी अस्मिका, वंशिका, आराध्या गुप्ता तथा पचास मीटर दौड़ एलकेजी के विजयी प्रतिभागी अद्विका, अर्शिता, ऊर्वी एवं सौ मीटर दौड़ में कक्षा छठी से आठवीं तक के जेम गर्ल्स के विजयी प्रतिभागी रंजू कुमारी, काजल एवं सुमंती को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के द्वारा मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। *इस अवसर पर शनि देवल को लंबी कूद में सर्वश्रेष्ठ एथलीट आफ उत्तर प्रदेश चयनित होने पर परियोजना प्रमुख श्री अनिल श्रीवास्तव ने सम्मानित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर का एथलीट बनने का आशीर्वाद दिया।* हिंदुस्तान ओलम्पियाड में जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर प्रसिद्ध श्रीवास्तव को भी मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर मुख्य अतिथि ने आशीर्वाद दिया। सौ मीटर रेस, दो सौ मीटर रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, रस्सा कसी आदि के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अति आवश्यक है। इससे शारीरिक विकास के साथ साथ मानसिक विकास भी होता है। प्राचार्य श्री राजकुमार ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आने वाले समय में एनटीपीसी प्रबंधन के सहयोग से डीएवी रिंहदनगर के छात्र खेल के क्षेत्र में ओलंपिक में पदक लेंगे; ऐसा मेरा प्रयास है। प्राचार्य ने सभी अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों के साथ एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार प्रकट किया। आज के कार्यक्रम का संचालन शैलजा यादव एवं शिवम दुबे ने किया। खेल शिक्षक मनोज पांडे के साथ पूरा विद्यालय परिवार हर्षोल्लास एवं पूर्ण उत्साह के साथ इस खेल ‘स्पर्धा’ उत्सव में शामिल रहा ।

सेकेण्ड्री स्कूल ओबरा में शिक्षा व संस्कृति का संगम

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)।
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, सेक्टर–08 ओबरा सोनभद्र के प्रांगण में आज दिनांक 18 दिसम्बर 2025 को नवनिर्मित विद्यालय मंच का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबंधक स्वामी जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। मंच के उद्घाटन के साथ ही विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उल्लासपूर्ण वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से की गई, जिसके बाद बच्चों ने नेपाली नृत्य, योगा प्रदर्शन तथा विभिन्न मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की अनुशासित प्रस्तुति, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या गिरि ने कहा कि “नवीन विद्यालय मंच भविष्य की प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा। यह मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास—शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक—को नई दिशा देगा।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026 से विद्यालय में प्री-नर्सरी एवं कक्षा 12 की कला वर्ग की कक्षाएं सुचारू रूप से प्रारम्भ की जाएंगी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की और विद्यालय के प्रयासों को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम बताया। समारोह में उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से विद्यालय प्रबंधक श्री स्वामी जी, प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या गिरि, उपप्रधानाचार्य श्री इमतियाज अहमद, साथ ही अंजु गुप्ता, दुर्गावती, प्रियंका शुक्ला, राकेश कुमार, मनीष कुमार, रमेश, इन्द्रजीत, आशुतोष सोनी, रचना उपाध्याय, अम्बिका गिरि, सुधा पाण्डेय, नेहा, श्वेता, स्वाती, अदिती गुप्ता, सरस्वती, रंजना पाण्डेय, सुभाषिनी, आस्था, पूनम, प्रतीक्षा, दीपिका, रितेश कुमार, प्रभाकर, नितिन, दीपक, चंदन, शिवम, विजय, सुभांशु पाठक सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

धान खरीद में लापरवाही का ठीकरा अधिकारियों के सिर! सख्त चेतावनी जिम्मेदारी तय होगी, कोई नहीं बचेगा विधायक भूपेश चौबे का धमाका

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। विधायक सदर भूपेश चौबे ने धान खरीद की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीद में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।आज अपर जिलाधिकारी के कक्ष में आयोजित बैठक में मा0 विधायक ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार और मा0 मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्रय केंद्रों पर किसक भाइयों को जिला प्रशासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। क्रय केंद्रों पर नियमित रूप से धान की खरीद होनी चाहिए, ताकि किसकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मा0 मुख्यमंत्री की मंशा है कि किसकों द्वारा उत्पादित धान का क्रय समय पर हो और उन्हें कहीं भटकना न पड़े।मा0 विधायक ने आगे निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर समय से बोरे, तौल उपकरण एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, केंद्रों पर किसकों के लिए पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसक हित में कोई लापरवाही न बरती जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी।बैठक के दौरान डीप्टी आरएमओ अमित चौधरी ने बताया कि जनपद को 10 लाख 30 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से अब तक लगभग 3 लाख 47 हजार क्विंटल धान की खरीद पूरी हो चुकी है। प्रगति अच्छी है, लेकिन शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के लिए सभी अधिकारी सतर्क रहें।बैठक में अपर जिलाधिकारी विं/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, डीप्टी आरएमओ अमित चौधरी, जिला प्रबंधक पीसीएफ रोहित गुप्ता, जिला प्रबंधक पीसीयू रामकेश सरोज, एआर कोऑपरेटिव देवेंद्र कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक किसकों के हित में धान खरीद प्रक्रिया को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

नशेड़ियों और गुंडों को थानाध्यक्ष दुबे की खुली चुनौती: ‘धंधा बंद करो, वरना जेल की सैर तय

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र शक्तिनगर अपराधियों और अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए शक्तिनगर थाने के नवागत थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे ने पदभार संभालते ही कड़ा संदेश दे दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी जारी की कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। थानाध्यक्ष दुबे के सख्त तेवरों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग उम्मीद बांधे बैठे हैं कि अब नशे का कारोबार और अपराध की जड़ें उखड़ जाएंगी।अनुभवी अफसर को मिली संवेदनशील जिम्मेदारीकमल नयन दुबे कोई नया-नवेला नाम नहीं हैं पुलिस महकमे में। वे इससे पूर्व रॉबर्ट्सगंज चौकी प्रभारी रह चुके हैं, साथ ही रामपुर बरकोनिया (म्योरपुर) सहित कई थानों में एसएचओ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी कार्यकुशलता, सख्त कार्यशैली और अपराधियों पर अंकुश लगाने का लोहा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा को मालूम है। यही वजह है कि शक्तिनगर जैसे संवेदनशील क्षेत्र—जहां खनन माफिया, नशे के सौदागर और गुंडागर्दी के किस्से आम हैं—की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई। एसपी वर्मा ने कहा, “दुबे साहब का अनुभव इस क्षेत्र की चुनौतियों के लिए परफेक्ट है। अपराध पर लगाम लगाना उनका मिशन होगा।”शक्तिनगर थाना क्षेत्र खनन गतिविधियों, औद्योगिक इकाइयों और सीमावर्ती इलाकों से घिरा होने के कारण हमेशा अपराध का केंद्र रहा है। यहां नशे का कारोबार फल-फूल रहा था, जिससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही थी। हाल के वर्षों में चोरी, मारपीट और नशे से जुड़े दर्जनों मामले दर्ज हो चुके हैं। ऐसे में थानाध्यक्ष दुबे का आगमन इलाके के लिए संजीवनी बूटी जैसा है।मीडिया को दिए सख्त संदेश: ‘नशा बर्दाश्त नहीं, जेल की तैयारी कर लो!’पदभार ग्रहण करते ही थानाध्यक्ष दुबे ने थाना परिसर में मीडिया से रूबरू होकर खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा, “शक्तिनगर की जनता मुझसे कभी भी मिल सकती है। आमजन की हर समस्या का त्वरित समाधान होगा। पुलिस पूरी संवेदनशीलता से काम करेगी। लेकिन अवैध कार्य, खासकर नशे का धंधा, बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा। नशे में लिप्त लोग या कारोबार करने वाले या तो अपना काला कारोबार बंद कर दें, वरना जेल की हवा खाने के लिए तैयार रहें!”उनकी यह बातें सुनकर थाना परिसर गूंज उठा। उन्होंने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का ऐलान किया, जिसमें रैंडम चेकिंग, मुखबिरों का नेटवर्क मजबूत करना और युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया। “अपराधी चाहे कितना भी बड़ा हो, कानून के सामने सब बराबर हैं। कोई संरक्षण नहीं मिलेगा,” उन्होंने जोर देकर कहा।पुलिसकर्मियों को दिए सख्त निर्देश, बैठक में माहौल गंभीरनए थानाध्यक्ष के आगमन पर थाना परिसर में सभी पुलिस कर्मियों ने उनका हर्षोल्लास से स्वागत किया। स्वागत के ठीक बाद दुबे ने चार्ज लेते ही आपात बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना क्षेत्र में कानून का राज चलेगा। अपराध नियंत्रण, चौबीसों घंटे गश्त व्यवस्था, त्वरित कार्रवाई और जनता से बेहतर संवाद पर विशेष बल दिया।”हर पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ ड्यूटी करेगा। अपराधियों को किसी सूरत में छूट नहीं मिलेगी। गश्ती टीमें सक्रिय रहेंगी और हर शिकायत पर तुरंत एक्शन होगा,” उन्होंने कर्मियों को हिदायत दी। बैठक के बाद थाना स्टाफ में नई ऊर्जा का संचार हो गया। सूत्रों के अनुसार, पहले ही दिन कुछ संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।स्थानीय लोगों में उम्मीद की किरण, अपराध पर लगेगा ब्रेकथानाध्यक्ष दुबे के सख्त तेवरों और स्पष्ट संदेश से शक्तिनगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के सकारात्मक संकेत मिले हैं। स्थानीय व्यापारी नेता रामेश्वर प्रसाद ने कहा, “अब नशे और चोरी के डर से मुक्ति मिलेगी। दुबे साहब का स्वागत है।” एक युवा निवासी ने बताया, “नशे का जाल युवाओं को बर्बाद कर रहा था। अब उम्मीद है कि साफ-सुथरा माहौल बनेगा।”पुलिस विभाग के जानकारों का मानना है कि दुबे के नेतृत्व में अगले कुछ महीनों में नशे पर प्रभावी अंकुश लगेगा। खनन क्षेत्रों में गश्त बढ़ेगी और अपराध दर में कमी आएगी। सोनभद्र जिले में यह नियुक्ति एक मिसाल बनेगी। फिलहाल, पूरा इलाका थानाध्यक्ष दुबे की अगली कार्रवाई पर नजरें गड़ाए बैठा है।

विधायक ने पच्चास लाख की लागत से बनने वाली ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन का रखा आधार शिला

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

केतार से प्रदीप चन्द्रवंशी की रिपोर्ट

केतार विधायक अनंत प्रताप देव का प्रखंड क्षेत्र में हुआ आगमन। सैकड़ों की संख्या में झामुमो तथा इंडिया गठबंधन के नेता कार्यकर्ताओं ने राजघाटी से जोरदार स्वागत करते हुए काफिले के साथ हेमंत सोरेन जिंदाबाद अनंत प्रताप देव जिंदाबाद के नारे लगाते हुए झारखंड आवासीय विद्यालय पहुंचे जहां आवासीय विद्यालय को गोद लेते हुए चिर परिचित मंगो को पूरा करने का वादा किया। तत्पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाचाडूमर स्थित 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवन का विद्युत पूजा अर्चना और नारियल तोड़कर शिलान्यास किया इस अवसर पर होने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने और (बिपीएचयू) भवन के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगे और इलाज एवं जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें तीन बार विधायक बनाकर सेवा करने का अवसर दिया लेकिन उन्होंने प्रतिशोध की भावना रख राजनीतिक किए एवं जनता को ठगने का काम किया। विधायक श्री अनंत ने कहा कि मेरे पिता भइया संकर प्रताप देव ने भवनाथपुर टाउनशिप में एशिया का सबसे बड़ा क्रेशर पलांट स्थापित कर लगभग पचास हजार लोगों को रोजगार दिया विधायक ने दावा किया कि वह भवनाथपुर में पावर प्लांट स्थापित कर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार देने का कार्य करेंगे। ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। कार्यक्रम के दौरान आपदा राहत योजना के तहत सोन व पंडा नहीं में डूबने से चार मृतक को परिजनों को मुआवजा राशि चेक के माध्यम से वितरण किया गया। मृत के परिजन दीपक चौधरी को चार लाख रुपये, मुकुंदपुर निवासी चांदनी देवी को चार लाख तथा लोहरगड़ा गांव निवासी उपेंद्र चौधरी के परिजन को आठ लाख का चेक विधायक आनंद प्रताप देव,अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार, एवं प्रमुख चंद्रावती देवी के द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष लालेश्वर राम, संजय वर्मा, छोटन सिंह, कामेश्वर सिंह, बिंदु राम, सुरेन्द्र सिंह, जयमाल प्रसाद, महेंद्र पाल अन्य उपस्थित थे।

दुद्धी क्षेत्र में दो अलग-अलग बाइक हादसों में तीन लोग घायल, फरार बाइक सवारों की तलाश

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।क्षेत्र में आज बृहस्पतिवार शाम हुई दो अलग-अलग बाइक दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए।तेज रफ्तार बाइक सवारों ने टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गए।
पहली घटना आज शाम चार बजे विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह गांव के पास मोहम्मद अशद रजा (21), पुत्र मोहम्मद फारुख निवासी बघाडू विंढमगंज से दुद्धी आ रहे थे। सामने से आई तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में अशद रजा के पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी चाची नाजरा खातून (36), पत्नी एकलाख अहमद को हाथ में हल्की चोट लगी। उनके पुत्र अकमल राजा सुरक्षित रहे।
घायलों को एंबुलेंस से दुद्धी सीएचसी लाया गया ।जहां चिकित्सक बीके सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद अशद रजा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी घटना शाम पांच बजे कस्बा रेलवे स्टेशन रोड, सेंट मेरी स्कूल पत्ती गोदाम के पास शिवकुमार (50)पुत्र स्व. रामकिशन निवासी दुम्हान साइकिल से मजदूरी कर घर लौट रहे थे।की सामने से आई बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी,हादसे वे गिर पड़े और घायल हो गए। स्थानीयों की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दोनों मामलों में बाइक सवार टक्कर मारकर फरार हो गए।

अवैध शराब तस्करी का खुलासा, लुधियाना का वांछित आरोपी दुद्धी से गिरफ्तार

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र ।कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। लगभग 65 लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब के साथ एक ट्रक पकड़ा गया, जबकि पंजाब के लुधियाना निवासी वांछित शराब तस्कर बलजिंदर सिंह उर्फ हनी को आज दुद्धी से गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दे कि पांच दिसंबर को रजखड़ घाटी हाथीनाला दुद्धी मार्ग पर प्रथम मोड़ के पास ट्रक संख्या यूपी 63टी 6441 अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक से 326 पेटियों और 169 प्लास्टिक बोरियों में कुल 15,669 बोतलें (5,960.265 लीटर) मैकडॉवेल नंबर-1 व रॉयल चैलेंज व्हिस्की ब्रांड की अवैध शराब बरामद की। इस बरामदगी के आधार पर थाना दुद्धी में मुकदमा संख्या 308/2025 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS व 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह की टीम ने विवेचना की। इसमें ट्रक चालक योगेंद्र सिंह पुत्र परमजीत सिंह लुधियाना, ट्रक मालिक अजीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह लुधियाना, श्रीराम एंटरप्राइजेज दिल्ली, ट्रांसपोर्टर कृष्णा ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट दिल्ली और मुख्य तस्कर बलजिंदर सिंह उर्फ हनी पुत्र मलकीत सिंह जगरावो लुधियाना के नाम सामने आए।
आज बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:40 बजे मंजू जायसवाल पत्ता गोदाम रेलवे स्टेशन रोड के घर के पास से बलजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया।साथ ही उसके पास से मारुति ब्रेजा कार ,कीपैड फोन ,रेडमी फोन ,आईफोन 13 प्रो और 4,100 रुपये नगद बरामद हुए।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह, महताब अहमद, भागीचंद्र प्रसाद व मो. खालिद खान शामिल रहे। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कक्षा 5 की छात्रा ने खेलते हुए निगल लिया 10 रुपये का सिक्का, हालत बिगड़ी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के देवड़ी जाताजुआ गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे खेलते हुए कक्षा 5 की छात्रा कविता कुमारी (10 वर्ष) पुत्री महेंद्र ने गलती से मुंह में रखा 10 रुपये का सिक्का निगल लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई।
पिता महेंद्र ने आनन-फानन में निजी वाहन से कविता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. वी.के. सिंह ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए परामर्श दिया।

दुद्धी के तहसील प्रांगण में 20 दिसंबर को हिंदू सम्मेलन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय तहसील प्रांगण में आगामी 20 दिसंबर को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। नगर प्रचारक वशिष्ठ ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि 20 दिसंबर को शनिवार को सुबह 10 बजे नगर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 से 3 बजे तक हिंदू सम्मेलन होगा और उसके बाद 3 बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इसके एक दिन पहले 19 दिसंबर को शुक्रवार सुबह 10 बजे कलश यात्रा का कार्यक्रम रखा गया है। मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य बालव्यास श्री इंद्रभूषण दास जी महाराज (नया घाट, अयोध्या) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह (संस्थापक, नमन मातृभूमि विद्याश्रम, कदाल, दुद्धी, सोनभद्र) रहेंगे।

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने यातायात सुरक्षा जागरूकता रैली,नारों से गूंजी सड़कें

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज बृहस्पतिवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी में छात्राओं ने यातायात जागरूकता रैली निकाली । कॉलेज परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार तक निकली इस रैली में सैकड़ों छात्राओं ने नारे लगाते हुए जनता को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
रैली में छात्राओं ने ‘रेड लाइट का ध्यान रखो, वरना कट जाएगा आपका चालान’,’आपकी सुरक्षा आपके हाथ, हेलमेट हमेशा रखें साथ’ जैसे प्रभावी नारे लगाए। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग, तेज गति से बचने और पैदल यात्रियों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग का पालन जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी। इस प्रयास से स्थानीय निवासियों में सड़क सुरक्षा को लेकर उत्साह जगा।
कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. रितिका श्रीवास्तव ने बताया कि यह रैली छात्राओं को जिम्मेदार बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि छात्राएं ही समाज की भविष्य निर्माता हैं, इसलिए यातायात सुरक्षा से जुड़े संदेश को वे सबसे बेहतर तरीके से जन-जन तक पहुंचा सकती हैं।
इस अवसर पर प्रीति शर्मा, कुसुम, वर्षा, समायरा खान, राधा, आरती आदि शिक्षिकाओं ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। स्थानीय पुलिस सुरक्षा कर्मियों ने भी रैली में सहयोग किया और ट्रैफिक नियमों पर अतिरिक्त सलाह दी।

ठंड से बचने को जलाई गई आग बनीं वृद्ध महिला के मौत का कारण, चक चपकी कारीडांड में हादसा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी सोनभद्र।तहसील क्षेत्र के बभनी थाना अंतर्गत चक चपकी के कारीडांड गांव में ठंड से बचने के लिए जलाई गई आग बुधवार रात एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला के लिए काल बन गई। चारपाई पर सो रही राजकुंवर पत्नी स्व. जद्दू गोंड आग की चपेट में आ गईं और जिंदा जल गईं।
मृतिका के छोटे पुत्र करमजीत ने बताया कि दो दिन पहले उनकी मां को लकवा मार गया था। वे घर के अंदर चारपाई पर पुआल बिछाकर बिस्तर डाले सो रही थीं। ठंड से राहत के लिए चारपाई के पास लकड़ी की आग जल रही थी, जो अचानक भड़क उठी और बिस्तर तक फैल गई। घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। आग की आहट सुनकर वे दौड़े, लेकिन तब तक आग ने बहुत तबाही मचा ली थी। परिजनों ने आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु मां की मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दी, जिन्होंने गुरुवार सुबह बभनी पुलिस को सूचित किया। सूचना पाते ही प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर दुद्धी पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतिका के पुत्र रामजीत की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतिका के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्राम पंचायत चेरुई में जन चौपाल, समस्याओं पर सख्त रुख अपनाए – ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी

लोकेशन सोनभद्र यूपी रिपोर्ट कन्हैयालाल

सोनभद्र जनपद के नगवां विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत चेरुई में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पहली बार चेरुई पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से सीधे संवाद कर अपनी बात रखी।

जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने हर घर नल जल योजना में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि कई घरों तक अब तक नल कनेक्शन नहीं पहुंचा है, वहीं कुछ स्थानों पर पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही किसानों ने समय पर खाद उपलब्ध न होने और धान खरीद केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया शुरू न होने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। किसानों का कहना था कि इन समस्याओं के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं की जमीनी हकीकत की जांच की जाए और जिन स्थानों पर लापरवाही पाई जाए, वहां तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनता के लिए हैं और इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की सभी जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसका हक हर हाल में मिलेगा।

बगैर लाइसेंस नियम को ताख पर रख कर हो रहा कबाड़ कटिंग हादसा की आशंका

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – श्रीकांत सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)थाना क्षेत्र के सिरसोती जंगल में फारेस्ट चेक पोस्ट के पास एनटीपीसी रिहंद परियोजना से कबाड़ और राख वाली पाइप की निकाशी कर नियम विरुद्ध कटिंग आमजन सहित आवावमन करने वालों के लिए मुसीबत बना हुआ है।बताया जाता है कि परियोजना से भारी मात्रा में कबाड़ उठा कर गंतब्य तक ले जाने की बजाय कबाड़ी क्षेत्रीय कबाड़ चोरों की साठ गांठ से बगैर लाइसेंस जंगल मे कबाड़ कटिंग करा कर बैढन रेणुकोट बाईपास सड़क किनारे पत्थल और राख के ठोस अपशिष्ट का जखीरा खड़ा कर दिया है।

ग्रामीणों की माने तो घरेलू गैस को ब्यवसायिक सिलेंडरों में पलटी कर कबाड़ कटिंग में उपयोग किया जा रहा है।इतना ही नही फायर सेफ्टी से सम्बंधित कबाड़ कटिंग स्थल पर कोई सुरक्षात्मक उपाय नही हैं।लोहे के नुकीले टुकड़े सड़क पर फेंका जा रहा है जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जान का दुश्मन बना हुआ है।इस बाबत कबाड़ी अरविंद जायसवाल का पक्ष जानकारी लिया गया तो बताया गया कि सब कुछ का लाइसेंस है ।

वन दारोग़ा श्यामलाल ने सड़क किनारे कचड़ा और पत्थल फेकने के लिए कहा है इस लिए वहीं फेका जा रहा है।जब कि रेंजर सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि कबाड़ी झूठ बोल रहा है हमारे विभाग से कोई मतलब नही है।

बीजपुर में मवेशियों से भरी डीसीएम पकड़ाई बसंतपुर पुलिस कर रही थी पीछा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – श्रीकांत सिंह
कई बैरियरों को तोड़ पहुंची बीजपुर के अंजानी

.बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत अंजानी गांव के पास बीजपुर रेणुकूट मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह अचानक एक डीसीएम गाड़ी आकर रुकी जिसमे से चालक और खलासी गाड़ी से उतर कर भाग गए कुछ राहगीरों ने देखा तो मौके पर रुक गए धीरे धीरे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी।तब तक सायरन बजाती एक पुलिस की बुलेरो गाड़ी आकर रुक गयी उसमे से छत्तीसगढ़ पुलिस के चार जवान उतरे और डीसीएम को चारों और से घेर लिया गाड़ी में चढ़ कर देखा तो चालक और खलासी मौके पर नही थे तब तक मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने गाड़ी पर ढके तिरपाल को हटाया तो भैंसा तथा भैंस के मवेशी देखते ही भौचक रह गए तत्काल बीजपुर पुलिस को मामले की सूचना दी गयी मौके पर बीजपुर पुलिस भी पहुंच गयी देखा गया कि गाड़ी में कुल 17 मवेशी भरे गए थे मामला छत्तीसगढ़ से तस्करी होने और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा पीछा करने के कारण गाड़ी छत्तीसगढ़ पुलिस के हवाले कर दी गयी मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यवाही करेगी।छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाने के प्रधान आरक्षक पंकज पोर्ते ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे थाने के सामने बेरिकेडिंग कर पुलिस जांच कर रही थी तभी एक डीसीएम गाड़ी आती दिखी तो पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक बैरिकेड को तोड़ कर भाग गया। शंका होने पर बुलेरो गाड़ी द्वारा उसका पीछा किया गया लेकिन वो भागता रहा मामले की सूचना बभनी पुलिस को दी गयी तो बभनी पुलिस ने थाने के सामने बेरिकेडिंग कर दी लेकिन चालक बभनी की ओर जाने के बजाए बीजपुर की ओर भाग निकला। बताया कि जब हम लोग बुलेरो से पीछा कर रहे थे तो हमने गाड़ी से पास लेने की कोशिश की लेकिन डीसीएम चालक ने साइड से हमारी गाड़ी को धक्का मार दिया तो कुछ समय के लिए हमारी गाड़ी उससे पीछे रह गयी।अंजानी गांव के पास रास्ता खराब होने की वजह से चालक गाड़ी भगा नही पाया और पकड़ा गया। फिलहाल मामले की जांच बसंतपुर पुलिस कर रही है गाड़ी को बसंतपुर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।बसंतपुर टीआई जितेंद्र सोनी ने बताया कि पशु तस्करों पर लगाम कसने के लिए कठोर कार्यवाही की जा रही है वही बीजपुर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला छत्तीसगढ़ का था वही की पुलिस ने पीछा कर पकड़ा है।

33 वर्षीय युवक की आत्महत्या, परिवार पर टूटा कहर

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को शोक की लहर में डुबो दिया है। 33 वर्षीय युवक संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय भरत झा ने अचानक आत्महत्या कर ली। पिता की मृत्यु के बाद ओबरा परियोजना में नौकरी कर परिवार का एकमात्र सहारा बने संदीप की इस कदम ने परिजनों और पड़ोसियों को गहरा सदमा पहुंचाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।घटना की जानकारी मिलते ही ओबरा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि संदीप ने घर में ही जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संदीप ओबरा थर्मल पावर परियोजना में लंबे समय से कार्यरत थे और अपनी मेहनत से परिवार चलाने का प्रयास कर रहे थे। पिता भरत झा की मृत्यु के बाद उन्होंने मां और अन्य परिजनों की पूरी जिम्मेदारी संभाल ली थी।परिवार और पड़ोसियों का शोकाकुल चेहरा
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संदीप की मां ने बताया कि बेटा हमेशा परिवार के लिए चिंतित रहता था और कभी कोई शिकायत नहीं करता था। पड़ोसियों ने भी उनकी तारीफ की। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “संदीप बहुत ही मेहनती और जिम्मेदार युवक था। परियोजना में कड़ी मेहनत करता था और कभी किसी से झगड़ा नहीं किया। अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ के बाहर है।” परिवार के सदस्यों ने बताया कि संदीप पिछले कुछ दिनों से तनाव में दिख रहे थे, लेकिन कारणों का खुलासा नहीं कर पाए।पुलिस जांच में ये बिंदु उभर रहे
ओबरा थाना प्रभारी ने बताया कि शव को सोनभद्र जिला अस्पताल के लिए पोस्टमार्टम भेजा गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट में आर्थिक तंगी या कार्यस्थल पर दबाव जैसे कारण संदेह के घेरे में हैं, लेकिन कुछ भी पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी ने कहा, “हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। कोई भी कोण नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।”जिले में बढ़ रही ऐसी घटनाएं, उठी मांग
सोनभद्र जिले में हाल के महीनों में आत्महत्या के मामले बढ़े हैं, खासकर परियोजना क्षेत्रों में कार्यरत युवाओं में। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर काउंसलिंग सेंटर खोले जाएं और हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार किया जाए। स्थानीय एनजीओ ने भी परिजनों को सहायता देने का भरोसा दिलाया है।यह घटना इलाके के लिए एक सबक है कि तनावग्रस्त युवाओं को समय पर सहारा देना जरूरी है। पुलिस ने परिजनों को धैर्य रखने की सलाह दी है और जांच पूरी होने तक कोई टिप्पणी करने से इंकार किया। जिले भर में संदीप के निधन पर शोक व्यक्त किया जा रहा है।

सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत, बाइक सवार गंभीर घायल

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोठानी इलाके में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोठानी मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण एक ऑटो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी
वहीं इस दुर्घटना में बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया हादसे की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोठानी क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। संकरी सड़क, तेज रफ्तार वाहन और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण, संकेतक बोर्ड और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

वरिष्ठ पेंशनरों को जिलाधिकारी ने अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र –
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर तथा पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं का समय से समाधान किया जाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या पेंशनरों को न होने पाए, इसके लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी विशेष सतर्कता बरतें। पेंशन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपने सेवाकाल में शासन और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनकी सुविधाओं और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उपस्थित पेंशनरों की समस्याओं को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सेवानिवृत्त पेंशनर सहायक अभियंता एवं जिला मंत्री इं. अभय नारायण सिंह, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक रविन्द्रनाथ द्विवेदी तथा महंगी प्रसाद को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले पेंशनरों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पेंशनरों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, लेखाकार रामवृक्ष, इसरार अहमद, ललित कुमार दूबे, मनीष कुमार सिंह सहित सभी पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

पेंशनर दिवस के आयोजन से पेंशनरों में संतोष का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में पेंशनरों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनकी समस्याओं का समाधान इसी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाता रहेगा।

सोनभद्र पुलिस की बड़ी सफलता: ड्रग माफिया के मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ₹12 करोड़ का फर्जीवाड़ा उजागर

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम ने ड्रग माफिया एवं कफ सीरप तस्करी में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टीम ने कोलकाता से कफ सीरप तस्करी के मास्टर माइंड भोला प्रसाद जायसवाल (पुत्र रामदयाल, वाराणसी) को न्यायालय के आदेश पर चार दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर रांची ले गई।रांची में की गई जांच के दौरान 17 दिसंबर को सत्यम कुमार (पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, वाराणसी, आयु 28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सत्यम ने खुलासा किया कि उसने “माँ कृपा मेडिकल” के नाम से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सोनभद्र औषधि विभाग से ड्रग लाइसेंस प्राप्त किया था। इस फर्जी फर्म के माध्यम से शैली ट्रेडर्स (रांची) से लगभग 6 करोड़ रुपये का फेन्साडिल कफ सीरप कागजों पर खरीदा गया। फिर फर्जी फर्मों आयुष इंटरप्राइजेज, सनाया मेडिकल, दिलीप मेडिकल के नाम से बिक्री दिखाकर धनराशि को रोटेट किया गया। वास्तव में कोई सीरप का परिवहन नहीं हुआ।सत्यम ने आगे बताया कि उसके बुआ के लड़के रवि गुप्ता और भाई विजय गुप्ता ने “माँ कृपा मेडिकल” और “शिविक्षा फार्मा” स्थापित कर फर्जी लाइसेंस प्राप्त किए थे। इस फर्जीवाड़े में कुल लगभग 12 करोड़ रुपये की कागजी लेन-देन हुई।पिछले महीनों में सोनभद्र में 1,19,675 शीशी (मूल्य 3.5 करोड़ रुपये), रांची में 13,400 शीशी और कुल 3.40 करोड़ रुपये कीमत का कफ सीरप बरामद किया जा चुका है। इस गिरफ्तारी में निरीक्षक सदानंद राय, प्रणय प्रषून श्रीवास्तव, माधव सिंह, राजेश चौबे, रमेश कुमार और शिवम सिंह शामिल रहे।पुलिस ने इस प्रकरण में आगे की जांच जारी रखी है तथा अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है। यह कार्रवाई नशीली दवाओं की तस्करी पर लगाम कसने में मील का पत्थर साबित हो रही है।

सोनभद्र जेल में मासिक लोक अदालत: दो बंदियों के मुकदमे निपटे, न्याय की नई उम्मीद जगी

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र – उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश और जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के आदेश पर आज जिला कारागार, सोनभद्र में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जेल का निरीक्षण, महिला बंदियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर और मासिक जेल लोक अदालत का सफल आयोजन हुआ। अपर जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र यादव ने इस पूरे कार्यक्रम का संचालन किया।निरीक्षण के समय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक यादव, जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र, जेलर अरविंद कुमार सिन्हा, उप कारापाल गौरव कुमार, शशांक पटेल व जय प्रकाश तथा असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोनभद्र के सदस्य मौजूद रहे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कारागार में बंदियों को त्वरित न्याय प्रदान करना और उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराना था, जो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की नियमित पहल का हिस्सा है।मासिक जेल लोक अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक यादव द्वारा कुल आठ मामले चिन्हित किए गए थे। इनमें से चार अभियुक्तों ने जुर्म स्वीकार कर अपने मामलों का निपटारा कराया। अंततः दो मुकदमे पूर्ण रूप से निस्तारित हो गए, जिससे दो बंदी न्याय की प्रक्रिया से लाभान्वित हुए। यह कदम न केवल जेल में लंबित मामलों को कम करने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि बंदियों के परिवारों को भी राहत प्रदान की।कार्यक्रम के दौरान सिद्धदोष बंदियों से व्यक्तिगत बातचीत की गई। उनकी अपीलों और मुकदमों की जानकारी ली गई। विशेष निर्देश दिए गए कि जिन बंदियों के पास निजी वकील रखने की आर्थिक क्षमता नहीं है, उनके लिए निःशुल्क अधिवक्ता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जेलर को आदेश दिया गया कि ऐसे बंदियों के प्रार्थना पत्र एकत्र कर संबंधित न्यायालय या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को नियमों के अनुसार प्रस्तुत करें। महिला बंदियों के लिए आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में उनके अधिकारों, कानूनी सहायता और सुधार प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई।यह आयोजन सोनभद्र जिले में न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जेल लोक अदालत जैसी पहलों से न केवल मामलों का शीघ्र निपटारा होता है, बल्कि बंदियों में कानूनी जागरूकता भी बढ़ती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लगातार ऐसी गतिविधियों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को न्याय का द्वार खोलने का प्रयास कर रहा है। आने वाले महीनों में भी ऐसी लोक अदालतों का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे जेलों में बंदियों की संख्या में कमी आएगी।(शैलेंद्र यादव, अपर जनपद न्यायाधीश व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र)